Friday, November 27, 2026
1:01 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

एनआरआई महिला की 20 करोड़ की संपत्ति कब्जाने में चार गिरफ्तार

Category Archives: उत्तराखंड

एनआरआई महिला की 20 करोड़ की संपत्ति कब्जाने में चार गिरफ्तार

सहारनपुर के शेरखान गैंग के शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने भेजा जेल

देहरादून। दून पुलिस ने एनआरआई महिला की 20 करोड़ की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी व खरीद- फरोख्त करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सहारनपुर के शेरखान गैंग के शातिर अभियुक्त मूंछ सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

यह गिरोह द्वारा शहर के खाली मकान/जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर व खरीद- फरोख्त कर कब्जा करते थे।

गौरतलब है कि बीते 21 नवंबर को थाना राजपुर में श्रीमती सुमन देवी, निवासी किशनपुर ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी सहेली श्रीमती रितु मेहता द्वारा किशनपुर स्थित उनके जमीन व बंगले की देखरेख हेतु उनको रखा गया था। शेरखान आदि लोगों ने उनकी उक्त जमीन व बंगले के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया ।
प्राप्त तहरीर पर थाना राजपुर पर मुoअoसo- 256/24 बनाम शेरखान आदि के विरुद्ध धारा 329(4)/62 BNS, 420/467/468/471/120(b) भादवी में अभियोग पंजीकृत किया गया ।

रजिस्ट्री कार्यालय , राजस्व विभाग व विभिन्न बैंकों से विवेचना से संबंधित दस्तावेज व साक्ष्य के आधार पर अभियुक्त विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ, विनोद कुमार उर्फ केडी, महेश चौहान व प्रमोद गिरी को गिरफ्तार किया गया।

नाम/पता अभियुक्तगण

(1)-विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ पुत्र किशन चंद निवासी अपर राजीव नगर थाना नेहरू कॉलोनी देहरादून उम्र 38 वर्ष ।
(2)-विनोद कुमार उर्फ KD पुत्र स्वर्गीय गुल चरण निवासी ऋषि नगर सहस्त्रधारा रोड थाना रायपुर देहरादून उम्र 44 वर्ष ।
(3)-मुकेश चौहान पुत्र स्वर्गीय गेंदा सिंह निवासी अजबपुर कला दीपनगर थाना नेहरू कॉलोनी देहरादून उम्र 56 वर्ष ।
(4)-प्रमोद गिरी पुत्र स्वर्गीय समुद्र गिरी निवासी दीप नगर थाना नेहरू कॉलोनी जनपद देहरादून उम्र 49 वर्ष।

पुलिस टीम

1-उप निरीक्षक पीडी भट्ट थानाध्यक्ष राजपुर
2-उप निरीक्षक प्रवेश रावत
3-कांस्टेबल सुशील
4-कांस्टेबल रविंद्र ,थाना राजपुर देहरादून


पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस मुख्यालय में शोक सभा

मनमोहन सिंह ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया- कांग्रेस

देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि डाक्टर मनमोहन सिंह ने न केवल भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को बुलंदियों तक पहुंचाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि भारत कि अर्थव्यवस्था की खिड़कियां दुनिया के लिए खोलने का काम आर्थिक उदारीकरण का दौर देश के वित्त मंत्री के रूप में किया। आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री के रूप में मनरेगा जैसी क्रांतिकारी स्कीम देश में लागू कर ग्रामीण भारत के युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता बनाया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दिवंगत डाक्टर मनमोहन सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश और दुनिया ने एक महान अर्थशास्त्री राजनेता को खो दिया है उन्होंने कहा कि डॉक्टर मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व काल में सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जैसे क्रांतिकारी कानून बनाय गए

शोक सभा का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने कहा कि डॉक्टर मन मोहन सिंह का भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अतुलनीय योगदान तो है ही लेकिन उनके पहले कार्यकाल में जो भारत अमरिका परमाणु संधि हुई वो भारत अमेरिका सबंधों को प्रगाढ़ बनाने में एक मील का पत्थर साबित हुआ। शोक सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखा गया।

शोक सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, महामन्त्री महेंद्र नेगी, महामंत्री नवीन जोशी, डाक्टर जसवंत सिंह गोगी , आनंद सिंह , सुनील जैसवाल, राजकुमार जैसवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


चकराता- मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैरापिट तोड़ते हुए खाई में गिरी कार, घायलों की हालत गंभीर, एक की मौत 

तीन युवक और दो युवतियां थी कार में सवार 

घायलों को ले जाया गया सीएचसी चकराता

देहरादून। दिसंबर माह के खत्म होने व नया साल शुरु होने से पहले उत्तराखंड में हादसे लगातार देखने को मिल रहे है। आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा देखने को मिल रहा है। आज चकराता की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार त्यूणी- चकराता-मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोखंडी के पास पैरापिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में गिर गई। कार में तीन युवक और दो युवतियां सवार थे। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। बाकी चार गंभीर घायल हैं।

आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकलकर 108 इमरजेंसी एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सीएचसी चकराता भिजवाया। सभी घायलों की हालत गंभीर है। थाना प्रभारी चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। बताया कि गाड़ी की रफ्तार तेज थी। बताया कि सभी कार सवार देहरादून के रहने वाले हैं। सुबह 3:00 बजे देहरादून से लोखंडी घूमने के लिए निकले थे।

घायलों और मृतक के नाम 

1. आकाश रावत पुत्र कुमार सिंह रावत, निवासी चंबा टिहरी (लक्ष्मीनगर, दिल्ली)

2. ऋषभ पुत्र राजेंद्र सिंह, चंबा, टिहरी (इंदिरापुरम, दिल्ली)

3. सपना पुत्री उदय सिंह, विजय कैंप रोड, रायवाला

4. वैशाली पुत्री प्रीतम सिंह, निवासी लक्ष्मी वाला लालतप्पड़

मृतक 

-करण रावत पुत्र प्रीतम सिंह रावत, निवासी चंबा, टिहरी

 

 

 


मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की

स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा – मुख्यमंत्री धामी 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वर्गीय मनमोहन सिंह का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा।

पूर्व प्रधानमंत्री का निधन हम सभी के लिए एक दुख भरा समाचार है। भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके सभी परिवारजनों, चाहने वालों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।


गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी उत्तराखंड के साहसिक खेलों की झलक

उत्तराखण्ड की ‘‘साहसिक खेल‘‘ पर आधारित झांकी का किया गया चयन

उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स को मिल रही पहचान- सीएम पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिये नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की जाने वाली झांकी में उत्तराखण्ड राज्य ‘‘साहसिक खेल‘‘ (एडवेन्चर स्पोटर्स) का भारत सरकार द्वारा अन्तिम चयन कर लिया गया है। यह जानकारी देते हुए महानिदेशक सूचना, बंशीधर तिवारी ने बताया कि माह अक्टूबर, 2024 में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन गठित विशेषज्ञ समिति को कुल 34 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों ने अपने-अपने प्रस्ताव भेजे थे, विभिन्न बैठकों में नोडल अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक, सूचना, के.एस.चौहान ने विशेषज्ञ समिति के सम्मुख उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के डिजायन, मॉडल तथा संगीत का प्रस्तुतीकरण किया था। भारत सरकार द्वारा अपने पत्र दिनांक 21 दिसम्बर, 2024 के माध्यम से उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के डिजायन, मॉडल तथा संगीत को उत्कृष्ट पाये जाने के उपरान्त अन्तिम चयन कर लिया गया है।

इस बार उत्तराखण्ड राज्य सहित कुल 15 प्रदेशों की झांकी का गणतंत्र दिवस परेड के लिये अन्तिम चयन हुआ है, जिसमें आन्ध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखण्ड, कर्नाटका, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित चण्डीगढ़ सहित दादर नागर हवेली एवं दमन व दिव केन्द्र शासित प्रदेश का चयन किया गया है।

उत्तराखण्ड राज्य की झांकी में इस बार झांकी के अग्र भाग में प्रसिद्ध एपण आर्ट को बनाते हुए उत्तराखण्डी परिधान में महिला को दिखाया गया है तथा झांकी के मध्य व पिछले भाग में साहसिक खेलों जैसे रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बन्जी जम्पिंग, हिल साइकलिंग, ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में जिप-लाइनिंग और रॉक क्लाइम्बिंग को दिखाया गया है। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखण्ड राज्य की झांकी आकर्षण का केन्द्र रहेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 से 2023 तक उत्तराखण्ड राज्य द्वारा निम्नलिखित झांकियों का प्रदर्शन कर्तव्य पथ पर किया गया है :-
1. वर्ष 2003 – फुलदेई
2. वर्ष 2005 – नंदा राजजात
3. वर्ष 2006 – फूलों की घाटी
4. वर्ष 2007 – कार्बेट नेशनल पार्क
5. वर्ष 2009 – साहसिक पर्यटन
6. वर्ष 2010 – कुम्भ मेला हरिद्वार
7. वर्ष 2014 – जड़ी बूटी
8. वर्ष 2015 – केदारनाथ
9. वर्ष 2016 – रम्माण
10. वर्ष 2018 – ग्रामीण पर्यटन
11. वर्ष 2019 – अनाशक्ति आश्रम (कौसानी प्रवास एवं अनाशक्ति)
12. वर्ष 2021 – केदारखण्ड (तृतीय स्थान प्राप्त)
13. वर्ष 2022 – प्रगति की ओर बढ़ता उत्तराखण्ड
14. वर्ष 2023 – मानसखण्ड (प्रथम स्थान प्राप्त)

इसके अतिरिक्त 2024 में भारत पर्व के लिये विकसित उत्तराखण्ड झांकी का प्रदर्शन लाल किले पर किया गया था।

“यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का चयन हुआ है। इस बार झांकी में उत्तराखंड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा राज्य न केवल अपने आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, बल्कि यह साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी है। मैं झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। हम इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ाएंगे।”– पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री


निकाय चुनाव के शोर के बीच कांग्रेस को लगा झटका, श्रीनगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भाजपा में हुए शामिल

देहरादून। निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बुरी खबर। कांग्रेस को गढ़वाल क्षेत्र में बड़ा झटका देते हुए भाजपा ने श्रीनगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष को पार्टी में शामिल किया है।

पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी को भाजपा की औपचारिक सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर पूर्व में कम अंतर से पालिका अध्यक्ष चुनाव हारने वाली निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय एवं ऋषिकेश से कांग्रेस पार्षद जगत नेगी और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पुष्कर बंगवाल ने भी भाजपा का दामन थामा।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी नए लोगों को बधाई देते हुए निकाय चुनावों में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लगातार विभिन्न दलों से लोगों के आने का क्रम बताता है कि प्रदेश में हवा का रुख भाजपा की तरफ हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली, कौस्तुभानन्द जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, विजय कपरवाण, सुषमा रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।


गंगा की जलधारा में फंसे तीन युवकों को एसडीआरएफ ने सकुशल निकाला बाहर 

देखें वीडियो, जल स्तर बढ़ने से फंस गए थे युवक

ऋषिकेश। फूलचट्टी गोल्फ रैपिड के पास गंगा नदी के बीच फंसे तीन युवकों को एसडीआरएफ व पुलिस ने सकुशल बचा लिया। गुरुवार को ऋषिकेश गुमानीवाला से घूमने आए आये तीन युवक गोल्फ रैपिड, फूलचट्टी के पास गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच फंस गए थे। तीनों युवक नदी के बीच में फंसे हुए थे।

बढ़ते जलस्तर को देखकर काफी घबराए हुए थे और मदद के लिए शोर मचा रहे थे। SDRF रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए युवकों तक पहुँच बनाई । उन्हें लाइफ जैकेट पहनाकर रोप की सहायता से एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू किये गए युवकों का विवरण
1. मनीष सेमवाल s /o दिनेश सेमवाल उम्र 25 वर्ष, R O अमित ग्राम गुमानी वाला ऋषिकेश।
2. गौरव सेमवाल s /o संदीप सेमवाल उम्र 21 वर्ष
3. शेखर कोटियाल s /o भास्कर कोटियाल उम्र 20 वर्ष


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी सप्ताह कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज आर्मी हॉस्पिटल (आर. आर. हॉस्पिटल) दिल्ली एवं मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व सैनिकों एवं परिवारजनों हेतु आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी सप्ताह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने जांच हेतु पहुंचे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से भी मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैन्य अधिकारियों से मुलाकात उनसे प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी कैंप लगाए जाने का सुझाव भी दिया। ताकि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अधिक लाभ मिल सके। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

यह शिविर 24 से 27 दिसम्बर तक सैन्य अस्पताल में चलेगा। जिसमें पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए अपनी तरह का पहला निःशुल्क मोतियाबिंद जांच और ऑपरेशन भी किया जाएगा। यह शिविर ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा और उनकी विशेषज्ञ टीम अत्याधुनिक मोतियाबिंद सर्जरी को अत्याधुनिक उपकरणों और आयातित इंट्राओकुलर लेंस के साथ कार्य करेंगे।

आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल, नई दिल्ली की एक प्रतिष्ठित टीम के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों के लिए मुफ्त चिकित्सा और शल्य चिकित्सा प्रबंधन प्रदान करना है। शिविर के दौरान मोतियाबिंद की जांच और उसके बाद योग्य मामलों के लिए शल्य चिकित्सा प्रक्रियाएँ की जाएँगी। आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल, नई दिल्ली के अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों के साथ मोतियाबिंद की सर्जरी भी जाएगी, जिसमें आयातित उन्नत प्रीमियम इंट्राओकुलर लेंस का प्रत्यारोपण भी शामिल है, जिससे उच्चतम गुणवत्ता वाला उपचार सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर कमाण्डेट मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून ब्रिगेडियर परीक्षित सिंह, ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा सहित अन्य सैन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी हिस्से में बढ़ने जा रहा बाघों का कुनबा, 5वें बाघ को लाने की मिली अनुमति 

नए साल में कार्बेट टाइगर रिजर्व से लाया जाएगा 5वां बाघ 

देहरादून। राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी हिस्से में बाघों की कमी के चलते शासन की ओर से अनुमति मिलने के बाद अब बाघ लाने की तैयारी की जा रही है। नए साल के मौके पर यहां बाघ लाया जाएगा। हालांकि बाघ नर होगा या फिर मादा इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। नए साल में राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी हिस्से में बाघों का कुनबा बढ़ने जा रहा है। अब तक पश्चिमी हिस्से में चार बाघ लाए जा चुके हैं। शासन की ओर से अब 5वें बाघ को लाने की अनुमति ली जा चुकी है। नया बाघ कार्बेट टाइगर रिजर्व से लाया जाएगा।

राजाजी टाइगर रिजर्व में कुल 54 बाघ हैं। लेकिन पश्चिमी हिस्सा बाघ विहीन हो गया था। पिछले दिनों कॉर्बेट नेशनल पार्क से चार बाघों को इस क्षेत्र में छोड़ा गया था। इसमें एक बाघ और तीन बाघिन थीं। अब पश्चिमी हिस्से में एक नया बाघ आने जा रहा है। एनटीसीए से इसकी अनुमति मिल चुकी है, लेकिन राजाजी में आने वाला नया बाघ नर होगा या मादा, इस पर कार्बेट की ओर से फैसला नहीं लिया गया है।

राजाजी नेशनल पार्क के निदेशक कोको रोसे ने बताया कि राजाजी टाइगर रिजर्व में कॉर्बेट से पांच बाघों को लाने की योजना थी, जिनमें से चार बाघ लाए जा चुके हैं और अब जल्द एक और बाघ लाने की तैयारी है। इससे पश्चिमी हिस्से में बाघों का नया आशियाना बनेगा।

राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन नेशनल पार्क के पश्चिमी हिस्से में बाघों की आबादी बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। बाघिन ने चार शावकों को जन्म दिया तो राजाजी प्रशासन को उम्मीदें भी जगीं, लेकिन इस कवायद को झटका तब लगा जब दो शावकों को गुलदार ने हमला कर शिकार बना लिया। हालांकि, दो शावकों का अभी भी पता नहीं चल सका है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शावकों के गले पर ठीक उसी तरह के निशान पाए गए जैसे लैपर्ड के शिकार पर हमले में बनते हैं। राजाजी प्रबंधन के अनुसार दो शावकों के शव तो बरामद हो गए, लेकिन यह माना जा रहा है कि दो शावकों को गुलदारों ने ऐसी जगह ले जाकर शिकार बनाया जहां वनकर्मियों की पहुंच नहीं है।


बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दी जाएगी 10 लाख रुपए की सहायता राशि 

गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दिए जायेंगे ₹3 लाख 

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसमें उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा ₹5 लाख जबकि सड़क सुरक्षा निधि से 2 लाख और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 3 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसी प्रकार गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ₹3 लाख एवं सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को ₹15- ₹25 हजार दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को राहत राशि के साथ ही सरकार के स्तर से उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने के भी निर्देश दिए।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp