Saturday, November 28, 2026
2:25 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

लगातार चलेंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम- मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Category Archives: उत्तराखंड

लगातार चलेंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम- मुख्य निर्वाचन अधिकारी

मतदाता जागरूकता में सभी वर्गों की भागीदारी के लिए हर महीने आयोजित होंगे कार्यक्रम, थीम तय की गईं

पीआरएसआई भी करेगा सहयोग, अपने प्लेटफार्म पर करेगा प्रचार

पीआरएसआई, देहरादून ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की भेंट, मतदाता जागरूकता पर चर्चा

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने कहा है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने ले लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सतत रूप से चलते रहेंगे। इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। हर महीने थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की थीम इस प्रकार बनाई गई है कि सभी वर्गों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जा सके।

पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), देहरादून चैप्टर ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम से शिष्टाचार भेंट कर मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए की गई नई पहलों की जानकारी देते हुए अपेक्षा की कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता में सक्रिय सहयोग करेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वर्ष 2025 के लिए प्रत्येक महीने की थीम की जानकारी दी।

थीम
जनवरी : नया साल, नए मतदाता लक्ष्य
फरवरी: मतदाता बनें, विजेता बनें
मार्च: सशक्त महिलाएं, सशक्त राष्ट्र
अप्रैल: “शिक्षा से जागरूकता, जागरूकता से मतदान”
मई: “मेरा काम, मेरी पसंद; मेरा वोट, मेरी आवाज़”
जून: हर बारिश की बूंद और हर वोट मायने रखता है
जुलाई: “हरेला का संदेश, वोट बने विशेष”
अगस्त: स्वतंत्रता और चुनावी कर्तव्य
सितंबर: “शिक्षक: चुनावी भागीदारी के स्तंभ”
अक्टूबर: आसान पंजीकरण, आसान सुधार
नवंबर: “संविधान, संकल्प और मतदान – उत्तराखंड के साथ नई उड़ान”
दिसंबर: “सुगम मतदान, सबका सम्मान”

मुख्य निर्वाचन अधिकारी “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का महत्व समझ आए और वह इसका उपयोग करें। इन थीम के माध्यम से, हम पूरे साल जागरूकता अभियान चलाएंगे।”

यह पहल न केवल मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने में सहायक होगी, बल्कि समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में भी योगदान देगी।

पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारणियां ने कहा कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता के लिए अपने स्तर पर प्रचार प्रसार करेगा। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर पीआरएसआई देहरादून के सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सदस्य प्रताप सिंह बिष्ट, दिनेश कुमार, प्रियांक वशिष्ठ उपस्थित थे।


यूएलएमएमसी ने बनाई यूपी के लिए डीपीआर

खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में हो रहे भूस्खलन की रोकथाम

यूएलएमएमसी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमान को सौंपी डीपीआर

देहरादून। उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केन्द्र, देहरादून (यूएलएमएमसी) उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के नियंत्रणाधीन खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (सहारनपुर, यूपी) के पिछले भाग में हो रहे भूस्खलन रोकथाम के लिए अहम सुझाव देगा।
इसके लिए डीपीआर बनाने का काम यूएलएमएमसी ने पूरा कर लिया है। यूएलएमएमसी इस पूरी परियोजना की सतत निगरानी भी करेगा।
शनिवार को यूएलएमएमसी के विशेषज्ञों ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास/महानिदेशक यूएलएमएमसी विनोद कुमार सुमन को डीपीआर सौंपी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के पिछले भाग में भूस्खलन हो रहा है।
परियोजना के प्रतिनिधियों ने डीपीआर बनाने के लिए उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केन्द्र से संपर्क किया। यूएलएमएमसी के वैज्ञानिकों ने भूस्खलन की रोकथाम हेतु संपूर्ण भूगर्भीय, भू-भौतिकी एवं भू-तकनीकी परीक्षण कर डीपीआर बना ली है। उन्होंने बताया कि यूएलएमएमसी इस परियोजना की निगरानी भी करेगा और भूस्खलन की रोकथाम के लिए उपाय भी सुझाएगा।

बता दें कि खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (सहारनपुर, यूपी) आसन नदी में ताजेवाला डैम के ऊपर स्थित है। सन् 1992 से विद्युत उत्पादन कर रहे इस डैम की विद्युत उत्पादन क्षमता 72 मेगावाट है। इसका स्वामित्व उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के पास है। खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट अतिसंवेदनशील पहाड़ियों के मध्य स्थित है, जिनकी भूगर्भीय संरचना संवेदनशील है, जिसमें समय-समय पर भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं।

इस मौके पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, वित नियंत्रक अभिषेक आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार, यू-प्रीपेयर के परियोजना निदेशक एसके बिरला आदि मौजूद थे।

बाजार से आधी दरों पर परामर्श देगा यूएलएमएमसी

आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत संचालित उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र (यूएलएमएमसी) अपने कार्यक्षेत्र में विस्तार करते हुए विभिन्न विभागों को कंसलटेंसी सर्विसेज यानी परामर्श सेवाएं प्रदान कर रहा है। यूएलएमएमसी द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की दरें बाजार की मौजूदा दरों से लगभग आधी होंगी। केंद्र विभिन्न विभागों के लिए डीपीआर निर्माण तथा अध्ययन, भूस्खलन प्रबंधन और न्यूनीकरण पर प्रशिक्षण, जलवैज्ञानिक सर्वेक्षण, भूभौतिकीय एवं भूतकनीकी सर्वेक्षण, न्यूनीकरण उपायों की डिजाइनिंग आदि कई अन्य कार्य करेगा। वर्तमान में जो भी कंसलटेंसी फर्में में हैं, उनकी सेवाएं काफी महंगी हैं और यूएलएमएमसी बाजार दरों से आधी दरों पर यह सेवाएं प्रदान करेगा।


उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को मुख्यमंत्री धामी ने दिलाई शपथ

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “इस समारोह में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। पत्रकार साथियों को मैं अपना सहयोगी मानता हूं और उनके योगदान को सलाम करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने हमेशा कलम को सशक्त माध्यम माना है। मेरी बचपन की इच्छा थी कि मैं कलम का सिपाही बनकर समाज का दर्पण बनूं। सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और शीघ्र ही प्रेस क्लब के लिए नए भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए मैंने सूचना महानिदेशक को आवश्यक निर्देश दिए हैं।”

नवनिर्वाचित पदाधिकारी
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, महामंत्री सुरेंद्र सिंह डसीला, संयुक्त मंत्री अभय सिंह कैंतुरा, रश्मि खत्री, कोषाध्यक्ष अनिल चंदोला, संप्रेक्षक शिवेश शर्मा समेत सदस्य कार्यकारिणी सदस्य कार्यकारिणी पद पर मो. असद, शूरवीर सिंह भंडारी, संदीप बड़ोला, पंकज भट्ट, योगेश रतूड़ी, रमन कुमार जायसवाल, मनबर सिंह रावत, किशोर रावत, दीपक बड़थ्वाल ने शपथ ग्रहण की।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुलोचना पयाल और सदस्य कार्यकारिणी के संदीप बड़ोला व्यक्तिगत कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सके।

पत्रकार गिरिश भंडारी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के दिवंगत पत्रकार गिरिश भंडारी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ साथी को खो दिया है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।” इस मौके पर गिरिश भंडारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का समापन उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने पत्रकारों के हित में लगातार प्रयास करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री सुरेंद्र सिंह डसीला ने किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजय राणा, कार्यवाहक महामंत्री मीना नेगी के साथ ही कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।


नेशनल गेम्स को ग्लोबल बनाने में जुटेंगे प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर

खेल मंत्री रेखा आर्या की पहल पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर सहयोग को तैयार, खेलों के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, प्रकृति, खान-पान का भी करेंगे चित्रण

देहरादून। प्रदेश के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर भी अब 38वीं राष्ट्रीय खेलों के प्रचार-प्रसार में जुटेंगे। खेल मंत्री रेखा आर्या की पहल पर प्रदेश भर के इनफ्लुएंसर और सोशल मीडिया क्रिएटर्स राष्ट्रीय खेलों को स्पेशल कवरेज देने के लिए जुट गए हैं ।

खेल मंत्री रेखा आर्या के निर्देशों पर विभाग नें खेल सचिवालय में प्रदेश के लोकप्रिय सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर को बुलाया था। बैठक में खेल मंत्री ने उन्हें कहा कि इन खेलों की औपचारिक कवरेज के अलावा आप सभी अपने-अपने ब्लॉग, फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम एकाउंट्स के जरिए भी कंटेंट तैयार करिए। खेल मंत्री का कहना था कि खेल के अलावा उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों, धार्मिक स्थलों, सांस्कृतिक रीति रिवाज, खानपान आदि को भी अपने कंटेंट में चित्रित करें, जिससे दुनिया भर में देवभूमि की सभी विशेषताएं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय खेलों को लोकप्रियता से मिलने के साथ-साथ दीर्घकाल में प्रदेश के पर्यटन में भी इजाफा होगा।

बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आगामी नेशनल गेम्स को जन आयोजन बनाना है और इसमें सिर्फ सरकार ही नहीं प्रदेश के हर नागरिक को उत्तराखंड के एंबेस्डर के रूप में अपनी भूमिका निभानी होगी। खेल मंत्री ने सभी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से पूछा कि उन्हें इस काम में खेल विभाग किस तरह से सहयोग कर सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को सभी जरूरी सूचना उपलब्ध करने का भी भरोसा दिलाया । बैठक में मौजूद सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स ने भी राष्ट्रीय खेलों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए।


राज्य सरकार ने इस साल 3100 मीट्रिक टन मंडुआ खरीदा

किसानों से 4200 प्रति कुंतल के मूल्य पर मंडुआ खरीदा

राज्य भर में 270 केंद्रों के जरिए हुई मंडुआ की खरीद

देहरादून। कुछ समय पहले तक उपेक्षित रहने वाला मंडुआ अब हाथों हाथ बिक रहा है। राज्य सरकार ने ही इस साल विभिन्न सहकारी और किसान संघों के जरिए उत्तराखंड के किसानों से 3100 मीट्रिक टन से अधिक मंडुआ खरीदा है। सरकार ने इस साल किसानों को मंडुआ पर 4200 प्रति कुंतल का समर्थन मूल्य भी दिया है।

उत्तराखंड के सीढ़ीदार खेतों में परंपरागत रूप से मंडुआ की खेती होती रही है। लेकिन कुछ साल पहले तक मंडुआ फसल उपेक्षा का शिकार रहती थी, जिस कारण किसानों का भी मंडुआ उत्पादन के प्रति मोह भंग होने लगा था। लेकिन केंद्र और उत्तराखंड सरकार द्वारा अब मिलेट्स फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिस कारण उत्तराखंड में मंडुआ उत्पादक क्षेत्र के साथ ही उत्पादन भी बढ़ रहा है। मौजूदा सरकार ने मंडुआ उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए सबसे पहले 2022 इसे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत के तहत, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदना शुरू किया। साथ ही उपभोक्ताओं तक मिलेट्स उत्पाद पहुंचाने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली से लेकर मिड डे मील और आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषण कार्यक्रम में इसे शामिल किया गया। इसी तरह सरकार ने स्टेट मिलेट मिशन शुरू करते हुए, उत्पादन बढ़ाने के साथ ही, मिलेट्स उत्पादों को अपनाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार, किसानों से खरीद से लेकर भंडारण तक की मजबूत व्यवस्था तैयार की। वहीं किसानों को बीज, खाद पर अस्सी प्रतिशत तक सब्सिडी दी गई।

270 केद्रों के जरिए खरीद
सरकार ने दूर दराज के किसानों से मंडुआ खरीदने के लिए बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से जगह – जगह संग्रह केंद्र स्थापित किए। इस प्रयोग की सफलता की कहानी यूं कही जा सकती है कि 2020-21 में जहां इन केंद्रों की कुल संख्या 23 थी जो 2024-25 में बढ़कर 270 हो गई है। इन केद्रों के जरिए इस साल उत्तराखंड के किसानों से 3100.17 मीट्रिक टन, मंडुआ की खरीद की गई, इसके लिए किसानों को 42.46 प्रति किलो की दर से समर्थन मूल्य दिया गया। सरकार ने मंडुआ खरीद में सहयोग देने के लिए किसान संघों को 150 रुपए प्रति कुंतल और बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को प्रति केंद्र 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही सुनिश्चित किया गया कि केंद्रों का भुगतान 72 घंटे में कर दिया जाए।

समर्थन मूल्य में 68 प्रतिशत का उछाल
प्रदेश में 2021-22 में मंडुआ समर्थन मूल्य कुल 2500 प्रति कुंतल था, जो 2024-25 में 4200 प्रति कुंतल हो गया है। इस तरह दो साल के अंतराल में ही समर्थन मूल्य 68 प्रतिशत बढ़ गया है। किसानों तक इसका लाभ पहुंचने से मंडुआ उत्पादन क्षेत्र भी बढ़ रहा है। इसके साथ ही सरकार ओपर मार्केट और हाउस ऑफ हिमालय के जरिए भी मंडुआ उत्पादों को प्रोत्साहन दे रही है।

उत्तराखंड में मंडुआ परंपरागत तौर पर उगाया जाता है। यह पौष्टिक होने के साथ ही आर्गेनिक भी होता है। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिलेट्स उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने के बाद भी मंडुआ की मांग बढ़ी है। इसलिए राज्य सरकार सीधे किसानों से मंडुआ खरीद करते हुए, उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री 


कांग्रेस को झटका- कई नेता भाजपा में शामिल

सीएम धामी की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा का दामन थामा

देहरादून। लोकसभा चुनाव की कहानी एक बार फिर दोहराई जा रही है। निकाय चुनाव में भी कांग्रेसी नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। शनिवार को भी कांग्रेस के नाराज नेता भाजपा में शामिल हो गए।

निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने व उपेक्षा से नाराज उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी , पूर्व दर्जाधारी मंत्री व कांग्रेस नेता बिट्टू कर्नाटक एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेश महामंत्री जगत सिंह खाती ने भाजपा का झंडा थाम लिया।

शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में सीएम धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में सभी कांग्रेसी नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली।

गौरतलब है कि मथुरा दत्त जोशी अपनी पत्नी के लिए पिथौरागढ़ से टिकट मांग रहे थे। कांग्रेस ने अंजू लुंठी को प्रत्याशी बना दिया।

इसके बाद जोशी ने कांग्रेस को जमकर कोसा था। अब भाजपा में कांग्रेस नेताओं के कई करीबी भाजपा में शामिल हो गए हैं। सोशल मीडिया में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है।


गांवों को संवारने के लिए आगे आएं प्रवासी उत्तराखंडी

विदेशों में रह रहे प्रवासियों ने चिन्हित किए गांव

कई प्रवासी अपने गोद लिए गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के क्षेत्र में कर रहे हैं काम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर विदेशों में रहने वाले प्रवासियों के लिए चलाए जा रहे, गांव को गोद लें (एडोप्ट ए विलेज) कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए, कई प्रवासियों ने अपने लिए गांव चिन्हित कर लिए हैं। साथ ही राज्य सरकार के सामने चिन्हित गांवों के लिए विकास का रोडमैप भी प्रस्तुत किया है।

गांव को गोद लें (एडोप्ट ए विलेज) कार्यक्रम का विचार, गत 05 मार्च, को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विभिन्न देशों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ हुए संवाद में निकल कर आया। जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से राज्य में एक या एक से अधिक गाँवों को गोद लेने की अपील की। इसके बाद कई प्रवासियों ने गांव चिन्हित करते हुए, राज्य सरकार के सामने यहां किए जाने वाले कार्यां का रोडमैप प्रस्तुत किया है।

चीन निवासी देव रतूड़ी ने टिहरी जिले में सुनार गांव और कमैरा सौड़ गांव में सोलर लाइट लगाने, युवाओं को चीन की होटल इंडस्ट्री में रोजगार प्राप्त और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करने की इच्छा जाहिर करते हुए, प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है।

इसी तरह वर्तमान में अमेरिका में निवासरत उद्यमी शैलेश उप्रेती ने अल्मोड़ा जिले में स्थित मनान गांव में अपनी कंपनी का इंडिया कॉरपोरेट ऑफिस खोलने और एनर्जी स्टोरेज सेंटर खोलने की दिशा में काम प्रारंभ कर दिया है।

सीमांत गांव का चयन
वर्तमान में यूएई में निवासरत टिहरी जिले के मूल निवासी विनोद जेठूड़ी ने उत्तरकाशी जिले के सीमांत ओसला गांव में स्किल ट्रेनिंग और पिथौरागढ़ निवासी गिरीश पंत ने बजेट और बरसायत गांवों में शिक्षा, कम्प्यूटर एजूकेशन के साथ ही स्थानीय उतपादों का बढ़ावा देने की दिशा में काम करने की इच्छा जाहिर की है।

पौड़ी जिले के निवासी डॉ एके काला, थाईलैंड में उद्यमी हैं, उन्होंने पौड़ी जिले के किसी एक गांव के मेधावी छात्रों की शिक्षा में मदद करने की इच्छा जाहिर है। जबकि वर्तमान में ब्रिटेन में निवारसत, नैनीताल जिले की नीरू अधिकारी ने नौकुचियाल के निकट एक्वा टोक में किवी उत्पादन, ध्यान योग केंद्र की स्थापना के साथ ही देहरादून जिले के सभावाला गांव कौशल विकास का प्रशिक्षण देने की योजना प्रस्तुत की है।

क्या है गांव को गोद लें कार्यक्रम
योजना का उद्देश्य प्रवासी उत्तराखंडियों की विशेषज्ञता, अनुभव और वित्तीय सहायता से गांव का सर्वागींण विकास करना है। यह प्रक्रिया पूर्ण रूप से स्वैच्छिक है, प्रवासीजन अपने या किसी भी गांव का चयन इसके लिए कर सकते हैं। राज्य सरकार प्रवासियों के साथ चर्चा कर आपसी सहमति के आधार पर गांव के विकास के लिए आरम्भिक 2-3 वर्षों के लिए एक रोडमैप तैयार करती है। इसके लिए प्रवासियों एवं स्थानीय प्रशासन के मध्य एमओयू भी सम्पादित किया जाने का प्रावधान है। प्रवासियों द्वारा चिन्हित गांव में शिक्षा, इंटरनेट कनैक्टिविटी, छात्रवृत्ति, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने जैसे कार्य किए जा सकते हैं। निर्माण गतिविधियाँ केवल अपरिहार्य एवं आवश्यक परिस्थितियों में ही किए जाने का प्रावधान है। जिलाधिकारी चिन्हित गांव में चल रहे कार्यक्रमों की निगरानी करते हुए, इसे मॉडल गांव के तौर पर विकसित करेंगे।

प्रवासी उत्तराखंडियों ने ‘गांव को गोद लें’, कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए, अपने प्रस्ताव सरकार के सामने प्रस्तुत किए हैं। चिन्हित गांवों के लिए प्रवासियों के सुझाव पर विस्तृत विकास योजना बनाई जा रही है। उक्त गांव, विकास के रोल मॉडल बनते हुए, दूसरे प्रवासियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेंगे।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की तिथियां की घोषित 

21 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी

कुल 1245 परीक्षा केंद्र बनाए गए

नैनीताल। 10वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने राहत दे दी है। अभी तक बच्चों और परिजनों में एक ही हल- चल देखने को मिल रही थी, कि आखिर किस दिन से परीक्षाएं शुरु होंगी। सभी का इंतजार खत्म हुआ। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की तिथियां घोषित करते हुए बताया कि 21 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी। शनिवार को बोर्ड कार्यालय सभागार में सभापति एसबी जोशी की अध्यक्षा में परीक्षा समिति की बैठक हुई।

बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 49 एकल व 1196 मिश्रित कुल 1245 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इस बार परीक्षा में 2,23,403 परीक्षार्थी देंगे। हाईस्कूल में 1,13,690 व इंटरमीडिएट में 1,09,713 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बताया कि 21 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होनी है। 11 मार्च तक परीक्षाएं चलेंगी। सुबह दस से एक बजे तक परीक्षाएं कराई जाएंगी।

 

 

 

 

 


इस साल समय पर बर्फबारी होने से फूलों की घाटी में अच्छे फूल खिलने की उम्मीद

दिसंबर में ही जमी चार फीट तक की बर्फ 

फूलों की घाटी में अच्छे फूलों के खिलने के लिए होती है अच्छी बर्फबारी की जरूरत 

चमोली। इस वर्ष दिसंबर माह में अच्छी बर्फबारी हुई, जिसका सीधा असर फूलों की घाटी में खिलने वाले फूलों पर देखा जाएगा। विश्व धरोहर फूलों की घाटी में फूलों को खिलने के लिए दिसंबर और जनवरी माह में अच्छी बर्फबारी की जरूरत होती है। इस साल घाटी बर्फ से ढकी हुई है। समय पर बर्फबारी होने से इस साल फूलों की घाटी में अच्छे फूल खिलने की उम्मीद है। पिछले साल जनवरी माह में भी घाटी में बर्फ नहीं थी, मगर इस साल दिसंबर में ही बर्फबारी से यहां तीन से चार फीट तक बर्फ जमा है।

घाटी का निरीक्षण कर लौटी वन विभाग की टीम ने वहां की स्थिति बताई है। भारतीय वन्य जीव के पूर्व निदेशक व फूलों की घाटी के विशेषज्ञ जीएस रावत का कहना है कि घाटी में कई ऐसी प्रजाति के फूल खिलते हैं, जिनके लिए बर्फबारी अत्यंत जरूरी है।

कहा, बर्फबारी कम होने से कई दुर्लभ प्रजाति के फूल खिल नहीं पाते हैं। इस साल समय पर बर्फबारी हुई, ऐसे में घाटी में अच्छी फ्लावरिंग की उम्मीद है। आने वाले दिनों में भी बर्फबारी की उम्मीद है जो फूलों और वनस्पति के लिए बहुत लाभदायक होगी।

फूलों की घाटी की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल का कहना है कि हाल ही में विभाग की टीम घाटी का निरीक्षण कर लौटी है। टीम ने बताया, घाटी में इस समय तीन से चार फीट तक बर्फ है। घाटी के लिए बर्फबारी बहुत लाभदायक है।


ग्लेशियर झीलों का होगा व्यापक सर्वे

एक साथ मिलकर काम करेंगे विभिन्न शोध संस्थान 

यूएसडीएमए वैज्ञानिकों को प्रदान करेगा आवश्यक सहयोग

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में बैठक में हुआ विचार-विमर्श

देहरादून। उत्तराखण्ड में स्थित ग्लेशियर झीलों के व्यापक अध्ययन और इनकी नियमित निगरानी के लिए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है। सचिवालय में विभिन्न केंद्रीय संस्थाओं के वैज्ञानिकों के साथ इस पर विचार-विमर्श किया गया। यूएसडीएमए समन्वयक की भूमिका निभाते हुए ग्लेशियर झीलों पर कार्य करने वाले विभिन्न शोध संस्थानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि उत्तराखण्ड में 13 ग्लेशियर झीलें चिन्हित की गई हैं, इनमें से पांच श्रेणी-ए में हैं। उन्होंने बताया कि बीते साल एक दल ने चमोली जनपद के धौली गंगा बेसिन स्थित वसुधारा झील का सर्वे कर लिया है। इस दल में यूएसडीएमए, आईआईआरएस, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा आइटीबीपी के प्रतिनिधि शामिल थे। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ जनपद में स्थित श्रेणी-ए की शेष चार झीलों का सर्वे 2025 में करने का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने बताया कि ग्लेशियर झीलों की निगरानी के लिए विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर एक फुलप्रूफ सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्लेशियर झीलों के अध्ययन के लिए विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों को जो भी सहयोग की जरूरत होगी, वह यूएसडीएमए उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यूएसडीएमए विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों को एक मंच पर लाना चाहता है ताकि ग्लेशियर झीलों पर व्यापक अध्ययन किया जा सके। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर झीलों के सर्वे के लिए वाटर लेवल सेंसर, ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन, थर्मल इमेजिंग आदि अन्य आवश्यक उपकरणों को स्थापित किया जाएगा।

यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी-प्रशासन आनंद स्वरूप ने कहा कि प्रथम चरण में ग्लेशियर झील की गहराई, चौड़ाई, जल निकासी मार्ग तथा आयतन का अध्ययन जा रहा है। इसके बाद अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही ऐसे यंत्र भी स्थापित किए जाएंगे जिससे पता चल सके कि ग्लेशियर झीलों के स्वरूप में क्या-क्या बदलाव आ रहा है। उन्होंने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों से इन झीलों की निगरानी की जाएगी और यूएसडीएमए इसके लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए तैयार है।

वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. डीपी डोभाल ने कहा कि ग्लेशियर झीलों के स्वरूप व प्रकृति का अध्ययन करना बहुत जरूरी है। अगर इनकी लगातार मॉनिटरिंग हो और सुरक्षात्मक उपाय भी साथ-साथ किए जाएं तो संभावित खतरे को न्यून किया जा सकता है। बैठक में वैज्ञानिकों ने इस बात पर जोर दिया कि इन झीलों में सेडिमेंट डिपॉजिट कितना है, इसका भी अध्ययन जरूरी है। साथ ही रिमोट सेंसिंग के माध्यम से भी इन झीलों की निगरानी की जानी आवश्यक है। वैज्ञानिकों ने इस बात पर भी बल दिया कि विभिन्न संस्थान अपने-अपने अध्ययनों को एक दूसरे के साथ साझ करें।

बैठक में आईजी एसडीआरएफ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, वित्त नियंत्रक अभिषेक आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, यू-प्रीपेयर के परियोजना निदेशक एसके बिरला, मोहित पूनिया, यूएसडीएमए के विशेषज्ञ रोहित कुमार, मनीष भगत, तंद्रीला सरकार, डॉ. वेदिका पन्त, डॉ पूजा राणा और हेमंत बिष्ट मौजूद थे।

एनडीएमए कर रहा है मॉनीटरिंग
देहरादून। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ग्लेशियर झीलों की मॉनीटरिंग कर रहा है। एनडीएमए द्वारा ग्लेशियर झील जोखिम न्यूनीकरण परियोजना संचालित की जा रही है ग्लेशियर झीलों का व्यापक अध्ययन किया जा सके और सुरक्षात्मक कदम समय रहते उठाए जा सकें।

13 ग्लेशियर झीलें चिन्हित की गई हैं उत्तराखण्ड में 
देहरादून। एनडीएमए द्वारा उत्तराखण्ड में 13 ग्लेशियर झीलें चिन्हित की गई हैं। इनमें बागेश्वर में एक, चमोली में चार, पिथौरागढ़ में छह, टिहरी में एक और उत्तरकाशी जिले में एक ग्लेशियर झील चिन्हित की गई है। इनमें से पांच झीलें ए-श्रेणी की हैं। सर्वप्रथम ए-श्रेणी की झीलों का अध्ययन किया जाएगा और उसके बाद बी तथा सी श्रेणी की झीलों का सर्वे होगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp