Wednesday, November 18, 2026
7:21 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

खाद्य निर्माण इकाईयों की जांच के निर्देश, फूड लाइसेंस पर दवा बनाने का प्रकरण आने से हरकत में विभाग

Category Archives: राष्ट्रीय

खाद्य निर्माण इकाईयों की जांच के निर्देश, फूड लाइसेंस पर दवा बनाने का प्रकरण आने से हरकत में विभाग

फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अपर आयुक्त ताजबर जग्गी बोले फूड लाइसेंस पर बन उत्पादों की होगी जांच, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

सभी जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर और खाद्य संरक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी

देहरादून। उत्तराखंड में फूड लाइसेंस पर साइकोट्रापिक दवाओं के के निर्माण का मामला सामने आने के बाद राज्यभर में खाद्य निर्माण इकाईयों की जांच का निर्णय लिया गया है। अपर आयुक्त एफडीए ताजबर सिंह जग्गी की ओर से इस संदर्भ में सभी जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर और खाद्य संरक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

बता दें कि औषधि विभाग, पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने लांघा रोड, सहसपुर में फूड लाइसेंस पर चल रही एक फैक्ट्री में छापा मारकर साइकोट्रापिक व अन्य दवाओं का जखीरा पकड़ा था। वहीं, बीते साल सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में फूड लाइसेंस पर मल्टीविटामिन बनती मिली थी। जिस पर फैक्ट्री सील कर दी गई थी। इससे पहले रुड़की में भी नकली दवा फैक्ट्री फूड लाइसेंस पर चल रही थी। फूड लाइसेंस पर दवाओं के निर्माण के लगातार मामले सामने आ रहे हैं।

जिसके बाद अब विभाग ने राज्य में फूड लाइसेंस के आधार पर चल रही तमाम निर्माण इकाईयों की जांच का निर्णय लिया है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि विभाग के सभी जिला स्तर के अधिकारियों को इसके निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी करने को कहा गया है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि सभी ड्रग इंस्पेक्टरों को भी अपने अपने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।


जरूरतमंदों को समय पर एंबुलेंस और एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो- सीएम धामी

वाहन की छत पर शव बांधकर घर ले जाने की घटना से सरकार ने उठाये कदम

एसओपी जारी होगी, डीएम करेंगे घर तक शव पहुंचाने व दाह संस्कार की व्यवस्था

देहरादून। हाल ही में हल्द्वानी में गरीब बहन अपने भाई के शव को मैक्स वाहन की छत पर बांधकर 195 किमी दूर अपने घर ले गयी। गरीब बहन के पास पैसे नहीं थे। कोई भी एम्बुलेंस वाला गरीब बहन की गुहार पर नहीं पसीजा।

दिल को झकझोर देने वाली इस ह्रदयविदारक घटना के बाद धामी सरकार हरकत में नजर आयी। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि जरूरतमंदों को समय पर एंबुलेंस और एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो। और यह सुनिश्चित करते हुए अविलम्ब इसकी एसओपी तैयार की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि अस्वस्थता के कारण किसी मृतक व्यक्ति के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारजनों के द्वारा मृतक के दाह संस्कार में कठिनाई व्यक्त करने पर इसके लिए आर्थिक सहायता अथवा मृतक व्यक्ति के दाह संस्कार की व्यवस्था संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने ऐसे परिवारों जिन्हें मृतक के शव को उनके घर तक पहुंचाने के लिए आर्थिक समस्या हो रही हो, ऐसे व्यक्ति के शव को एबुलेंस के माध्यम से घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी जिलाधिकारी अपने स्तर से करेंगे।

यह था मामला -वाहन की छत पर शव बांध ले गए घर

हल्द्वानी में एक कंपनी में काम करने वाले युवक ने विषैला पदार्थ गटक लिया। युवक के साथ ही उसकी बहन भी काम करती है। भाई के शव को एंबुलेंस में गांव लेकर जाने के लिए बहन के पास पैसे नहीं थे, इस वजह से बहन गाड़ी की छत पर शव को बांधकर ले गई।

बेटे को मां-बाप ने बुढ़ापे का सहारा बनेगा करके पाला, लेकिन उसने अज्ञात कारणों के चलते विषैला पदार्थ गटक लिया। बहन एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। उसके पास इतने पैसे नहीं थे कि वह शव को एंबुलेंस में लेकर जा सके। उसने गांव वाले टैक्सी मालिक से मदद मांगी। इसके बाद शव को रिश्तेदार और टैक्सी वाले की मदद से छत में बांधकर ले गई।

गरीबी के कारण तमोली ग्वीर बेरीनाग पिथौरागढ़ निवासी शिवानी हल्द्वानी में काम करने आई। वह हल्दूचौड़ में एक कंपनी में करीब छह महीने से काम कर रही थी। घर में माता-पिता एक भाई और एक बहन हैं। पिता बुजुर्ग होने के कारण पहाड़ में ही खेती बाड़ी करते हैं। उसने अपने भाई अभिषेक कुमार (20) पुत्र गोविंद प्रसाद को भी कंपनी में काम करने बुला लिया। दो महीने पहले ही अभिषेक हल्दूचौड़ पहुंचा। शिवनी हल्दूचौड़ में ही किराए के कमरे में रहती थी।

शिवानी ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह और भाई दोनों काम करने गए। एक घंटा काम करने के बाद अभिषेक ने सिर में दर्द होने की वजह से कंपनी से छुट्टी ली और घर गया। इसके बाद उसकी बहन ने उसे कई बार कॉल किया। लेकिन अभिषेक ने कॉल नहीं उठाई। दिन में खाना खाने के समय शिवानी घर गई, तो वहां दवाई की बदबू आ रही थी। लेकिन घर में कोई नहीं था।

करीब ढ़ाई बजे पुलिस ने शिवानी को सूचना दी कि उसका भाई रेलवे पटरी के पास बेसुध गिरा है। पुलिस की मदद से अभिषेक को सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घर पर सूचना के बाद रिश्तेदार भी बेरीनाग से हल्द्वानी पहुंच गए। उधर शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

उधर, शिवानी के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह शव को एंबुलेंस में घर ले जा सके। उसने एंबुलेंस वालों से पूछा तो किसी ने 10 तो किसी ने 12 हजार रुपये शव ले जाने के मांगे। उधर शिवानी ने पैसे की कमी के कारण अपने गांव के टैक्सी मालिक से संपर्क किया। इसके बाद शव को टैक्सी के उपर बांधकर बेरीनाग ले जाया गया। अभिषेक घर का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं।

शीतकालीन स्थलों के पौराणिक महत्व एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार पर जोर

मुख्यमंत्री ने शीतकालीन चारधाम यात्रा के तहत उनके शीतकालीन स्थलों के पौराणिक महत्व एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थलों का प्राचीन काल से ही अपना विशिष्ट महत्व रहा है और श्रद्धालु इन स्थलों पर देव दर्शन करते रहे हैं।
इन शीतकाल स्थलों के दर्शन से भी वही पुण्य प्राप्त होता है, जो नियमित यात्रा के दौरान होता है। शीतकाल में श्री केदारनाथ की ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में, बदरीनाथ की पाण्डुकेश्वर और नर्सिंग मंदिर ज्योर्तिमठ में, यमुनोत्री के खरसाली और गंगोत्री के मुखवा में पूजा अर्चना होती है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन और उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।


पहली बार नोएडा एयरपोर्ट में विमान ने सफल लैंडिंग कर रचा इतिहास

घने कोहरे और अंधेरे में भी होगी आसान लैडिंग
ग्रेटर नोएडा।  नोएडा एयरपोर्ट के लिए सोमवार को बड़ा दिन रहा। नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर विमान की सफल लैंडिंग हुई। नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर सोमवार दोपहर 1.31 बजे पहली बार विमान ने सफल लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। दिल्ली से उड़ान भरकर पहला व्यावसायिक 10 मिनट में नोएडा एयरपोर्ट के फ्लाइंग जोन में पहुंच गया था और उपकरणों सहित अन्य संसाधनों की जांच के लिए डेढ़ घंटे तक एयरपोर्ट के आसपास मंडराता रहा। इस सफल लैंडिंग के साथ ही एयरपोर्ट के इतिहास में ढाई दशक की कवायद के बाद एक और सफलता जुड़ गई। फिलहाल, इस बड़ी उपलब्धि से पहले रनवे को वाटर कैनन से सलामी दी गई। इंडिगो के ए 320 विमान ने रनवे पर सफल लैंडिंग के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के साथ प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे के ट्रायल के लिए डीजीसीए से 15 दिसंबर तक की समयसीमा तय की गई है। पहले 30 नवंबर को ट्रायल रन की तारीख नियत की गई थी। मगर, डीजीसीए टीम के निरीक्षण के चलते यह आगे बढ़ गई। कैलिब्रेशन ट्रायल के बाद रनवे का ट्रायल 9 दिसंबर को हुआ।  अबतक एयरपोर्ट पर कैट-1 और कैट-3 उपकरण स्थापित हो चुके हैं, जो कोहरे में विमान की ऊंचाई और दृश्यता की जानकारी देते हैं। एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) को स्थापित किया जा चुका है, जिसकी एयरक्राफ्ट बीच किंग एयर 360 ईआर के जरिए 10 से 14 अक्तूबर तक जांच की जा चुकी है।
एयरपोर्ट पर 3900 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा पहला रनवे बनकर पूरी तरह से तैयार है। रनवे पर मार्किंग और लाइटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा कैट-1 और कैट-3 उपकरण स्थापित हो चुके हैं, जो कोहरे में विमान की ऊंचाई और दृश्यता की जानकारी देते हैं।
एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) को स्थापित किया जा चुका है। नोएडा एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर में तैयार हो रहा है, इसकी यात्री क्षमता प्रति वर्ष 1.2 करोड़ होगी। लेकिन चार चरणों में इसका विस्तार किया जाएगा। 2050 तक एयरपोर्ट पूरी तरह संचालित होने पर हर साल सात करोड़ यात्रियों की आवाजाही क्षमता को पूरा करेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने छात्र– छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण यात्रा पर हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भारत दर्शन यात्रा पर उत्तराखंड की विशिष्टता के बारे में बताएं मेधावी युवा – मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल परीक्षा 2024 के टॉपर 157 छात्र – छात्राओं के दल को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण यात्रा पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी छात्र- छात्राएं भ्रमण कार्यक्रम के दौरान देशवासियों को उत्तराखंड की विशिष्टता से भी परिचित कराने का काम करेंगे।

मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में शिक्षा विभाग ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के ब्लॉक स्तर पर मेधावी छात्र छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम शुरु कर दिया है। इसके तहत हाईस्कूल परीक्षा 2024 के कुल 157 विद्यार्थियों के दल को सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड आज ऐसे निर्णय ले रहा है जो पूरे देश के लिए बेस्ट प्रैक्टिस साबित हो रहे हैं।

खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ नवंबर के संबोधन में इन निर्णयों का उल्लेख कर राज्य सरकार को प्रोत्साहित किया है। प्रधानमंत्री ने इसे उत्तराखंड में विकास का महायज्ञ करार दिया है। इसी क्रम में अब प्रदेश सरकार बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र – छात्राओं को देश के विभिन्न राज्यों के एतिहासिक, शैक्षिक महत्व वाले स्थलों के भ्रमण पर भेज रही है। पहला दल आज हिमाचल, पंजाब, चंड़ीगढ़, हरियाणा, दिल्ली के एतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये भ्रमण उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था में नया अध्याय जोड़ेगा। छात्र – छात्राएं इस दौरान जहां भी जाएंगे, वहां उत्तराखंड के ब्रांड अम्बेसडर के तौर पर खुद को पेश करें।

इसलिए सभी छात्र – छात्राएं उत्तराखंड की पवित्र नदियों, देवस्थानों, मौसम, पयर्टन स्थलों के बारे में जानकारी लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि शीतकाल के लिए चारधामों के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन प्रवास स्थल पर भगवान के दर्शन हो सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार शीतकालीन यात्रा प्रारंभ कर चुकी है। दल में शामिल छात्र – छात्राएं इस बात की जानकारी दे सकते हैं कि शीतकालीन गद्दी पर भी लोग दर्शन कर पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम छात्र – छात्राओं की सोच और व्यक्तिव विकास को नया आयाम देगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि बच्चों के भ्रमण से प्राप्त अनुभव भी लिए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय भाषा सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विविधता में एकता का उदाहरण पेश करता है। भारतीय भाषा सप्ताह हमारे अंदर भारतीयता का गौरव भाव पैदा करेगा। उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऐसे अनेक नायको से परिचित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड वासियों से जो नौ आग्रह किए हैं, उसमें अपनी क्षेत्रीय बोली भाषा का संरक्षण भी शामिल है। इसलिए सभी मेधावी अपनी बोली भाषा संस्कृति का भी संरक्षण करें। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विद्या समीक्षा केंद्र का दूसरे चरण करने और निदेशालय में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नाली निर्माण की भी घोषणा की है।

शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि पहली बार कोई राज्य सरकार अपने प्रदेश में ब्लॉक स्तर के टॉपर दो – दो बच्चों के लिए इस तरह का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम शुरू कर रही है। इस दौरान मेधावी आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम के साथ ही वहां के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों से भी मिलेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अपार आईडी तैयार करने में भी उत्तराखंड देश के टॉप 10 राज्यों में शामिल है। अब तक राज्य में 45 प्रतिशत छात्र –छात्राओं की अपार आईडी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षिक सत्र से सरकार सभी छात्र छात्राओं का निशुल्क पाठ्य पुस्तकों की तर्ज पर कॉपियां भी प्रदान करेगी।

इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ, राजपुर विधायक खजान दास, कैंट विधायक सविता कपूर के साथ ही विभागीय सचिव रविनाथ रमन, महानिदेशक झरना कमठान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


आज का भारत अपनी ज्ञान परंपरा को आधार बनाते हुए तेज गति से आगे बढ़ रहा – प्रधानमंत्री मोदी 

गुजरात।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में रामकृष्ण मठ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महान विभूतियों की ऊर्जा कई सदियों तक संसार में सकारात्मक सृजन को विस्तार देती रहती है, इसलिए स्वामी प्रेमानंद महाराज की जयंती के दिन हम इतने पवित्र कार्य के साक्षी बन रहे हैं। लेखंबा में नवनिर्मित प्रार्थना सभागृह और साधु निवास का निर्माण, ये भारत की संत परंपरा का पोषण करेगा। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक विज्ञान के बहुत बड़े समर्थन थे। स्वामी कहते थे कि विज्ञान का महत्व केवल चीजों और घटनाओं के वर्णन तक नहीं है, बल्कि विज्ञान का महत्व हमें प्रेरित करने और आगे बढ़ाने में है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज आधुनिक टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती धमक, दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में भारत की नई पहचान, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ते कदम… आज का भारत अपनी ज्ञान परंपरा को आधार बनाते हुए तेज गति से आगे बढ़ रहा है। आज हम अमृतकाल की नई यात्रा शुरू कर चुके हैं, हमने ‘विकसित भारत’ का अमोग संकल्प लिया है, हमें इसे पूरा करना है और तय समय सीमा में पूरा करना है।

उन्होंने कहा कि आज भारत, विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है। आज भारत का युवा, विश्व में अपनी क्षमता और  सामर्थ्य को प्रमाणित कर चुका है।  हमें राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में नेतृत्व के लिए युवाओं को तैयार करने की जरूरत है। आज जरूरत है कि राजनीति में भी हमारे युवा नेतृत्व करें।  अब हम राजनीति को सिर्फ परिवारवादियों के लिए नहीं छोड़ सकते, इसलिए हम नए वर्ष में, 2025 में नई शुरूआत करने जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर, युवा दिवस के अवसर पर दिल्ली में Young Leaders Dialogue का आयोजन होगा। इसमें देश से 2,000 चयनित युवाओं को बुलाया जाएगा। करोड़ों अन्य युवा भी technology के माध्यम से इससे जुड़ेंगे। युवाओं की दृष्टि से विकसित भारत पर चर्चा होगी। युवाओं को राजनीति से जोड़ने का रोड मैप बनाया जाएगा। हमारा संकल्प है, आने वाले समय में एक लाख प्रतिभाशाली युवाओं को राजनीति में लाएंगे और ये युवा देश का भविष्य बनेंगे।


पहाड़ी से मलबा गिरने से आवाजाही हुई बंद, वाहनों की लगी लंबी कतार

भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में बंद हुई आवाजाही 

रुक-रुककर गिर रहा मलबा 

पहाड़ के तीन जिलों की रफ्तार पर लगी रोक 

अल्मोड़ा। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे संवेदनशील क्वारब की पहाड़ी से मलबा गिरने से एनएच बंद हो गया। एनएच बंद होने से वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई। इस वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अल्मोड़ा, बागेश्वर, हल्द्वानी की तरफ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पहाड़ी में दरारे पड़ने के साथ रुक-रुककर मलबा गिर रहा है। संकरे स्थान पर सड़क फिर टूटने से सड़क संकरी हो चुकी हैं। इस बीच अल्मोड़ा की तरफ जाने वाले छोटे वाहन लौटकर काकड़ीघाट, बेड़गांव होते हुए चौसली की तरफ 26 किमी का अतिरिक्त सफर तय करके सफर कर रहे है। क्वारब पुलिस ने अल्मोड़ा जा रहे वाहनों को खैरना की तरफ लौटाया।

इधर हल्द्वानी की तरफ से अल्मोड़ा आ रहे वाहनों को खैरना पुलिस नें बाया रानीखेत होते हुए भेजा, इस कारण यात्रियों को 50 किमी अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा। बता दें कि, क्वारब में लगातार हो रहे भू-धंसाव से तीन जिलों की दस लाख से अधिक आबादी प्रभावित हो रही है। यहां लगातार पहाड़ी दरक रही हैं। सड़क संकरी हो चुकी है। पहाड़ी से छोटा सा पत्थर के गिरने से भी लोग सहम जा रहे हैं। सफर के दौरान यात्रियों को अनहोनी का डर सता रहा है। क्वारब पर शुक्रवार को भी रूक-रूक कर मलबा गिरा। इससे कुछ देर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा। क्वारब पर पहाड़ी से लगातार गिर रहे बोल्डर और मलबा जहां पहाड़ के तीन जिलों की रफ्तार को रोक रहा है, वहीं इससे आम आदमी भी परेशान है।

अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ तीन जिलों को आने जाने वाले वाहन अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच से ही आवाजाही करते हैं। क्वारब पर लगातार हो रहा भू धंसाव से तीन जिलों की 10 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। दरअसल मार्ग में मलबा गिरने से यातायात अवरुद्ध रहता है। हल्द्वानी से बागेश्वर पहुंचने में आम तौर पर बस से छह घंटे लगते हैं लेकिन क्वारब पर मलबा गिरने से आठ घंटे लग जा रहे हैं। मार्ग बंद होने पर बसों के रानीखेत रूट से जाने पर और अधिक समय लग रहा है। इससे तीनों जिलों के यात्री परेशान हैं। क्वारब पर दरकती पहाड़ी और तेज आंधी तूफान में पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की आवाज से क्वारब के लोग सहम जाते हैं। हल्की सी सरसराहट में लोगों का कलेजा कांप जाता है कि कहीं कोई अनहोनी ना हो जाए। खास कर रात में स्थानीय लोग चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं।

क्वारब पर अल्मोड़ा से हल्द्वानी और हल्द्वानी से अल्मोड़ा की तरफ आने जाने वाले वाहन रुकते हैंं। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक पूर्व में रोजाना करीब 70 से 80 वाहन क्वारब पर रुकते थे। यात्री और पर्यटक स्थानीय दुकानों में चाय, नाश्ता और दोपहर का भोजन करते थे। दरकती पहाड़ी के चलते अब क्वारब पर एक भी वाहन नहीं रुक रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर व्यापार बुरी तरह चौपट हो रहा है।


हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी, 87 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप

457 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित

अटल टनल रोहतांग की तरफ आवाजाही पर लगाई रोक

हिमाचल प्रदेश। लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली। रविवार को शिमला समेत हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है, जबकि कांगड़ा, कुल्लू और बिलासपुर के नयना देवी में बूंदाबांदी हुई है। शिमला, कुफरी, सिरमौर के चूड़धार, नौहराधार, हरिपुरधार, चंबा के किलाड़ और मंडी के शिकारी देवी, कमरूनाग और शैटाधार में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। सिरमौर के छितकुल और किन्नौर कैलाश, लाहौल-स्पीति में रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कोकसर, सिस्सू, दारचा, जिस्पा, कुंजुम दर्रा समेत ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है।

धर्मशाला के नड्डी और मैक्लोडगंज में फाहे गिरे। बर्फबारी के बाद सोमवार सुबह शिमला में हल्की धूप खिली, लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। ताजा बर्फबारी के बाद सोमवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में एक नेशनल हाईवे व 87 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। वहीं सोलन, शिमला, कुल्लू, मंडी, किन्नाैर, चंबा, सिरमाैर जिले में 457 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। रोहतांग सहित कोकसर में रविवार सुबह भी हल्की बर्फबारी हुई ऊपरी शिमला के लिए भी यातायात प्रभावित है। सड़क पर बर्फ जमने से फिसलन ज्यादा है। गाड़ियां स्किड हो रही हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने व जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। उधर, बर्फबारी के बाद अधिकतर क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। 10 स्थानों पर न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज किया गया है।

 उधर, रोहतांग सहित कोकसर में रविवार सुबह भी हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम को देखते हुए पर्यटकों की अटल टनल रोहतांग की तरफ आवाजाही को फिलहाल रोक दिया गया है।  ऊंची चोटियों पर एक दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद मनाली व केलांग के बीच बस सेवा बाधित है। फिलहाल निगम की बसें न तो लाहौल भेजी जा रही हैं, न ही लाहौल से मनाली की ओर बसें आई हैं। कुल्लू व लाहौल में सोमवार को भी मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है।

जनपद सिरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। हल्की बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई है। वहीं लंबे अरसे से बारिश और बर्फबारी की बाट जोह रहे किसानों और बागवानों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। गौरतलब है कि पिछले करीब ढाई महीने से जिले में बारिश नहीं हुई है। इसके चलते किसानों और बागवानों को परेशानियां झेलनी पड़ रहीं। बारिश नहीं होने से गेहूं, लहसुन और गुठलीधार फलों के बागीचे बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे। बहराल क्षेत्र के इन इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। इससे क्षेत्र के किसानों व बागवानों की आस जग गई है। उधर, बारिश से होने से लोगों को सूखी ठंड से होने वाली बीमारियों से भी राहत मिलेगी।


जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरे प्रोजेक्ट, कोई समझौता नहीं- डीएम सविन बंसल

समस्त स्मार्ट टाॅयलेट पब्लिक के लिए खोले,कोई भी न मिले बंद
देहरादून। जिलाधिकारी व मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी सविन बंसल ने चार्ज संभालते ही विकासभवन सभागार में आयोजित प्रथम बैठक में स्मार्ट सिटी लि0 के अन्र्तगत संचालित कार्यों की समीक्षा की। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया स्मार्ट सिटी परियोजना लि0 अन्तर्गत अधिकतर कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, तथा वर्तमान में ग्रीन बिल्डिंग का कार्य संचालित है। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में एसीओ स्मार्ट सिटी को स्पष्ट किया स्मार्ट सिटी के प्रति जनमानस में बनी धारणा को सकारात्मकता में बदलना लक्ष्य है जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरे प्रोजेक्ट इसी दिशा में कार्य करें पूरी टीम।
जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लि0 ने निमार्णधीन ग्रीन बिल्डिंग का वर्कप्लान लेबर प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को दिए, जिस पर सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारी बगले झांकते नजर आए तथा ठीक प्रकार से जानकारी नही दे। इस उन्होंने निर्देशित किया कि अगली बैठक में समस्त प्लान के उपस्थित रहें। साथ ही एजीएम स्मार्ट सिटी लि0 को प्रतिदिन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा की एक्सपर्ट तथा नाॅन की एक्सपर्ट की सूची प्रस्तुत करने तथा मोके पर प्रतिदिन अनुबन्ध के अनुसार श्रमिक है अथवा नही की रिपोर्ट तलब की ।
जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्मार्ट सिटी लि0 के अन्तर्गत संचालित समस्त कैमरों की अद्यतन स्थिति खराब कैमरों की लोकेशन/जीओ टैगिंग संग विवरण खराब रहने का पूर्ण कारण सहित रिपोर्ट मांगी। अधिकारियों ने कहा कि मालवेयर वायरस एटैक से कैमरे बाधित हुए है, जिस पर उन्हेांने कहा कि करोड़ो के प्रोजेक्ट मालवेयर एटैक से सुरक्षा के पूर्व में ही प्रभावी इंतजाम होने आवश्यक है। एजीएम वित्त एवं एजीएम आईटी को संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए खराबी के पूर्ण कारणों का विवरण देने हेतु किया निदेशित। पुलिस विभाग के सभी कैमरे इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एडं कन्ट्रोल सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक यातायात से समन्वय करने के निर्देश स्मार्ट सिटी लि0 के अधिकारियों को दिए। साथ ही एसीओ स्मार्ट सिटी लि0 को निर्देशित किया स्मार्ट सिटी लि0 अन्तर्गत बनाए गए स्मार्ट टाॅयलेट अच्छी कंडिशन में हो तथा जनमानस के लिए खुले हों निरीक्षण के दौरान कोई भी टाॅयलेट बंद न दिख यह सुनिश्चित कर लिया जााए तथा टायलेट की अद्यतन स्थिति के सम्बन्ध में फोटोग्राफी सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को निर्देशित किया।
शहर में यातायात प्रबन्धन एवं चैक चैराहों को स्थानीय लोक संस्कृति एवं पारम्परिक शैली में विकसित करने के महत्वाकांशी प्राजेक्ट को धरातल पर उतारने में आ रही धन की बाधा को डीएम की पहल से फंण्ड की व्यवस्था की गई अब स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जाएंगे विकसित। यातायात सुगमता तथा चैराहों के लोक संस्कृति एवं पारंपरिकता से जोड़ते हुए विकसित किये जाने के कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण के उपरान्त इस पर त्वरति कार्य होना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी की बसों का भुगतान एआरटीओ एवं एजीएम स्मार्ट सिटी की सत्यापन रिपोर्ट के बाद ही किया जाएगा इसके लिए उन्होंने बस का जीपीएस डेटा प्रस्तुत करने तथा बस संचालन की माॅनिटिरिंग करने को निर्देशित किया। साथ ही जनमानस से अनुरोध किया यदि निर्धारित रूट पर बस नही आती है तो स्मार्ट सिटी के टोलफ्री नम्बर पर इसकी सूचना देें। साथ ही निर्देशित किया कि स्मार्ट सिटी अन्तर्गत बने 66 बस स्टाॅप पर लगी 66×5 हाईटेक डिजीटल डिवाईस की क्रियाशीलता की एजीएम आईटी डीडीएमओ की संयुक्त सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करगें इसके बाद ही भुगतान की कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी ने अधिकारियों को निर्देशित किया मैक्स अस्पताल से मसूरी डायवर्जन तक, दिलाराम चैक, साईमंदिर तिराहा के सुधारी करण कार्य तथा घंटाघर के चारो ओर से आने वाली सड़कों पर स्टापेज साईन, जेब्रा क्रासिंग, स्पीड़ बे्रकर आदि कार्य स्मार्ट सिटी अन्तर्गत तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही पिं्रस चैक से लालपुल, आईएसबीटी, तक डेªनेज के शार्ट टर्म कार्य कराने के निर्देश दिए। लांग टर्म कार्य सम्बन्धित एजेंसियों द्वारा किये जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लि0 तीरथ पाल सिंह, एजीएम स्मार्ट सिटी कृष्णा चमोला, सहित स्मार्ट सिटी लि0 के अधिकारी कार्मिक एवं सम्बन्धित कम्पनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

टीबी जांच को डोर टू डोर जाएगी मोबाइल टेस्टिंग वैन- डॉ धन सिंह रावत

सूबे के पांच मैदानी जनपदों में चलाया जाएगा विशेष कार्यक्रम

कहा, अधिकारियों को निर्देश, प्रत्येक टीबी मरीज को मिले बेहतर ट्रीटमेंट

देहरादून। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत प्रदेश में टीबी रोगियों को खोजने प्रयास और तेज कर दिये हैं। इसके लिये शीघ्र ही पांच मैदानी जनपदों में मोबाईल टेस्टिंग वैन चलाई जाएगी, जो डोर टू डोर जाकर मरीजों के बलगम की जांच करेगी। रिपोर्ट में पाजीटिव आने वाले टीबी मरीजों को ट्रीटमेंट से जोड़ा जाएगा।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ रावत ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी रोगियों की जांच व उपचार युद्ध स्तर चल रहा है। यही वजह है कि टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्तराखंड देश के शीर्ष राज्यों में सुमार है। डॉ रावत ने बताया कि राज्य में टीबी मरीजों की जांच व उपचार अधिक से अधिक हो इसके लिये शीघ्र ही पीपीपी मोड़ में मोबाइल ट्यूबरक्लोसिस टेस्टिंग वैन चलाई जायेगी। इस योजना के तहत राज्य के पांच मैदानी राज्यों को कवर किया जायेगा जिसमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, नैनीताल व देहरादून जनपद शामिल हैं। मोबाइल टेस्टिंग वैन्स इन जनपदों के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर मरीजों की टीबी जांच करेगी। रिपोर्ट में पाजीटिव आने वाले मरीजों को ट्रीटमेंट से जोड़ा जाएगा।

जिससे इस बीमारी पर कंट्रोल किया जा सके। डॉ रावत ने बताया कि मोबाइल वैन में टीबी जांच के लिए सीबी नेट मशीन के साथ बलगम जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इन जनपदों में अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंच के लिये बकायदा रूट प्लान तैयार किया जाएगा साथ ही सम्बन्धित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा इस योजना की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी।

टीबी उन्मूलन में देश मे अव्वल उत्तराखंड
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि उत्तराखंड टीबी उन्नमूलन के क्षेत्र में देश के शीर्ष राज्यों में से एक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राज्य में 10,705 नि:क्षय मित्र बनाया गये हैं, जिनके द्वारा 23,819 टीबी मरीजों की सहायता की। जिनमें से 14,948 टीबी मरीज नि:क्षय मित्र की सहायता ले चुके हैं जबकि 8,871 टीबी मरीजों को नि:क्षय मित्रों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।

टीबी मुक्त पंचायत में अग्रणी उत्तराखंड
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत उत्तराखंड तेजी से टीबी उन्मूलन की ओर अग्रसर है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के नेतृत्व में अबतक प्रदेश के 1424 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत लगभग 3200 गॉंवों को भारत सरकार द्वारा टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। जो कि टीबी मुक्त उत्तराखंड की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति है।


चारों धामों में हुई सीजन की पहली बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश होने से बढ़ी ठंड

8 डिग्री दर्ज किया गया अधिकतम तापमान 

दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। रविवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज के साथ ही चारों धामों सहित हर्षिल घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। वहीं, निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई। वहीं, चकराता में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इस साल बारिश और बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। नवंबर माह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो जाता है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ, बल्कि इसकी जगह केवल सूखी ठंड पड़ने से बच्चे और बड़े सभी सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे थे। वहीं, काश्तकार भी सेब सहित अन्य फसलों के उत्पादन को लेकर चिंता जताने लगे थे। लेकिन रविवार दोपहर बाद मौसम बदलने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।

गंगोत्री धाम के तीर्थपुरोहित सुधांशु सेमवाल ने बताया कि हवा के साथ हल्की बर्फबारी हो रही है, रात को अच्छी बर्फबारी की उम्मीद है। वहीं यमुनोत्री धाम में कड़ाके की सर्दी की वजह से गरुड़ गंगा का पानी जम गया है। प्राकृतिक झरने भी बर्फ बन गए हैं। धाम से मोहन सजवाण ने बताया कि यमुनोत्री धाम सहित आसपास की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गयी हैं। निचले इलाकों में बारिश हो रही है।
उधर, केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को दोपहर बाद मौसम बदला और देर शाम को बर्फबारी शुरू हो गई। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य में जुटे सेवानिवृत्त कैप्टन सोवन सिंह बिष्ट ने बताया कि धाम में अधिकतम तापमान माइनस 8 और न्यूनतम माइनस 11 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।

वहीं, चमोली जनपद में बदरीनाथ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को देर शाम बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बूंदाबांदी होने से कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। चीन सीमा क्षेत्र के माणा पास, घस्तोली, बाड़ाहोती, सुमना क्षेत्र में देर शाम से बर्फबारी शुरू हो गई थी। यही हाल हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी रहा। पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार को सुबह चटक धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शहर में ठंडी हवा के साथ घने बादल छा गए। इससे शहर में कड़ाके की ठंड हो गई, तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर में साढ़े चार बजे अधिकतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने ऊंचाई वाले इलाकों में आठ और नौ दिसंबर को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार जताए हैं। इसके चलते प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान गिरने से ठिठुरन और भी बढ़ सकती है। हालांकि 10 दिसंबर के बाद प्रदेशभर में फिर मौसम शुष्क हो जाएगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन बढ़ सकती है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp