Wednesday, November 18, 2026
10:17 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

महिला आयोग की अध्यक्ष ने नारी निकेतन का किया निरीक्षण, संवासिनियों से की मुलाकात

Category Archives: राष्ट्रीय

महिला आयोग की अध्यक्ष ने नारी निकेतन का किया निरीक्षण, संवासिनियों से की मुलाकात

आयोग अध्यक्ष ने संवासिनियों को बांटी दैनिक उपयोग की वस्तुएं, मिष्ठान वितरण कर दी नए साल की बधाई

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने नारी निकेतन देहरादून का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान नारी निकेतन की संवासिनियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने इस दौरान महिलाओं को दिए जाने वाले प्रशिक्षण की जानकारी ली साथ ही उनके द्वारा तैयार सामग्री का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शिक्षा से शिखर तक संस्था के सहयोग द्वारा नारी निकेतन मे संवासिनियों के दिनचर्या हेतु आवश्यक सामग्री सैनेटरी पैड, डाइपर इत्यादि व मिष्ठान वितरण किया गया।

कुसुम कण्डवाल ने संवासिनियों को सम्बोधित करते हुए उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। तथा वहां रह रही बालिकाओं की दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने तथा आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनने हेतु दिए जाने वाले प्रशिक्षण को सीखने के लिए उन्हें प्रोत्साहित कर ट्रेनिंग लेकर उत्कृष्ट कार्य करने वालो की सराहना की।

कुसुम कण्डवाल ने कहा कि नारी निकेतन में विभिन्न आवश्यकता की जरूरी सामग्री हेतु सरकार बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है और यदि ऐसी सामाजिक संस्थाएं जो संवासिनियों के लिए आपसी सामंजस्य से सहयोग करने की इच्छा रखती है यह भाव अत्यंत गौरवपूर्ण है।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, नारी निकेतन की सुप्रिमटेन्डेन्ट सोनल राणा व पूजा खत्री संस्था अध्यक्ष रजनी ढौंडियाल जोशी, नरेंद्र पयाल, नारी निकेतन के समस्त कर्मचारी व महिलाएं बच्चियां व्यक्ति उपस्थित रहें।


मेडल हो चाहे स्टेशनरी हर चीज ई वेस्ट से तैयार- रेखा आर्या

खेल मंत्री ने ई वेस्ट से तैयार सभी सामान का निरीक्षण किया

देहरादून। आगामी 38वें राष्ट्रीय खेलों में चाहे खिलाड़ियों को दिए जाने मेडल हों या ट्रॉफी, या फिर स्टेशनरी, हर चीज ई वेस्ट से तैयार कर ली गई है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इन सभी चीजों का निरीक्षण किया और कुछ चीजों में सुधार के लिए निर्देश जारी किए। इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठक में राष्ट्रीय खेलों की तैयारी का जायजा भी लिया गया।

गौरतलब है कि प्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम्स रखी गई है और इसके लिए यह प्रयास किया जा रहा है कि खेलों के आयोजन के दौरान रीसाइकिल ई वेस्ट से बनी चीजों का ही इस्तेमाल हो। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि खिलाड़ियों को दी जाने वाले मेडल, ट्रॉफी, मोमेंटो, शॉल, टोपी या फिर खेलों के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले कप, प्लेट, बर्तन, थर्मस आदि सभी चीजें ई वेस्ट से तैयार किए गए हैं ।

राष्ट्रीय खेलों के निमंत्रण पत्र भी ई वेस्ट के जरिए ही बनाए गए हैं । खेल मंत्री रेखा आर्या ने इनके प्रस्तावित मॉडलों का निरीक्षण किया और जिन चीजों में सुधार की जरूरत थी उसके निर्देश दिए। इसके पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने खेल सचिवालय में उच्च अधिकारियों की बैठक बुलाई और राष्ट्रीय खेलों को लेकर चल रही तैयारी की समीक्षा की। अधिकारियों ने खेल मंत्री को अवगत कराया कि राष्ट्रीय खेलों में सभी इवेंट्स में जिन उपकरणों की जरूरत है उनमें से कुछ पहुंच चुके हैं और बाकी सभी खेल सामग्रियां 10 जनवरी तक पहुंचने की उम्मीद है। खेल मंत्री ने आयोजन में सहयोग कर रहे दूसरे विभागों के साथ समन्वय टीम बनाकर काम करने के निर्देश भी दिये।

बैठक में विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण प्रशांत आर्य समेत विभाग के आला अधिकारी उपस्थित रहे ।


वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी राजकीय औद्योगिक कृषि विकास मेले का शुभारम्भ

क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं

सच्चा शौर्य शक्ति में नहीं अपितु सेवा ओर समर्पण में निहित होता है- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मलेथा टिहरी गढ़वाल में वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी की स्मृति में आयोजित पांच दिवसीय राजकीय औद्योगिक कृषि विकास मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर विभिन्न स्कूलों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकाली गई मार्च पास्ट रैली को सलामी दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मलेथा में वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी के स्मारक में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनके द्वारा निर्मित ऐतिहासिक गूल का अवलोकन कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मलेथा चौराहे का नाम वीर शिरोमणि माधोसिंह भण्डारी के नाम पर किए जाने, वीर शिरोमणि माधोसिंह भण्डारी मेला स्थल का विस्तारीकरण किए जाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सिल्काखाल के भवन निर्माण, सूर्य देवी मन्दिर पलेठी बनगढ का सौन्दर्यकरण किए जाने, रैतासी सड़क का निर्माण तथा ललूडीखाल-फरस्वाणगांव मोटर मार्ग एवं भैंसकोट मोटर मार्ग का डामरीकरण करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने वीर शिरोमणि माधोसिंह भण्डारी के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह सामान्य मेला नहीं अपितु एक विशेष त्यौहार है, जो अपनी सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का काम कर रहा है तथा भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चा शौर्य शक्ति में नहीं अपितु सेवा ओर समर्पण में निहित होता है, जिसकी बानगी वीर शिरोमणि माधोसिंह भण्डारी के कार्यों से मिलती है। उनके द्वारा क्षेत्र की खुशहाली के लिए कठिन एवं विपरीत परिस्थितियों में जो सिंचाई गूल बनाई गई वह आज भी लोगों को लाभान्वित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, हर क्षेत्र में काम कर रही है। जनपद टिहरी गढ़वाल में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत 170 किमी. में क्रेश बैरियर निर्माण किया जा रहा है। मुयालगांव में आपदा में बहे पुल के स्थान पर 18 मीटर लंबा बेली ब्रिज बनाया गया। टिहरी झील रिंग रोड़ निर्माण किया जा रहा है। पलायन रोकने, पर्यटन, रोजगार और व्यापार बढ़ाने हेतु नौकरी सृजन के साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने हेतु किसानों को एक 3 लाख तक का ऋण बिना ब्याज दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। आज स्वयं सहायता समूह अपनी आजीविका को बढ़ाने के साथ ही अन्य को भी रोजगार देने का काम कर रहे हैं। हाउस ऑफ़ हिमालय ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया, जिससे प्रतिभावान नौजवानों का विश्वास बढ़ा है और वे अपनी क्षमता के अनुसार नौकरी पा रहे हैं। 19 हजार से अधिक नौकरी देने का काम राज्य सरकार ने किया है। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता कानून बनाने का काम किया जा रहा है। शीघ्र ही राज्य में सख्त भू कानून बनाने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अपना उत्तराखंड बहुत जल्द अग्रणीय राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

इस अवसर पर उद्यान, पशुपालन, राजस्व, बाल विकास, चिकित्सा, उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, पर्यटन, ग्राम्य विकास, पंचायत राज आदि विभागों द्वारा विभागीय स्टालों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार करने के साथ ही जन शिकायतों का निस्तारण किया गया। विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा भारतीय संस्कृति पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया।

विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए हुए क्षेत्र के विकास से संबंधित मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
इस अवसर पर निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक सोना साजवाण, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद देवप्रयाग ममता देवी, एसएसपी आयुष अग्रवाल, एएसपी जे.आर. जोशी, डीजीएम आरवीएनएल राजेश अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।


प्रथम अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में आएंगे 17 देशों से लोग

12 जनवरी को देहरादून में होने जा रहा है भव्य आयोजन

50 से अधिक प्रवासी उत्तराखंडियों ने अब तक किया रजिस्ट्रेशन

देहरादून।  उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रथम अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में 17 देशों में रहने वाले उत्तराखंडी पहुंच रहे हें। अब तक 50 से अधिक जाने माने प्रवासी उत्तराखंडियों ने सम्मेलन के लिए अपना पंजीकरण करवा लिया है।
12 जनवरी को आयोजित होने वाले एक दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सम्मेलन में उत्तराखंड में निवेश की संभावना, हॉस्पेटिलिटी – वेलनेस, कौशल विकास, विदेश में रोजगार और उच्च शिक्षा के साथ ही उद्यान जड़ी- बूटी में संभावना विषय पर चार अलग अलग सत्रों में पैनल डिस्कशन भी किया जाएगा।

शामिल हो रहे हैं कई दिग्गज
इस सम्मेलन में विदेश में रहते हुए अलग -अलग क्षेत्रों में नाम कमाने वाले कई प्रवासी उत्तराखंडी शामिल हो रहे हैं। इसमें प्रवासी भारतीय सम्मान प्राप्त दुबई निवासी गिरीश चंद्र पंत के अलावा चीन से देव रतूड़ी, अमेरिका से डॉ अनिता शर्मा, जापान से भुवन तिवारी, सिंगापुर से सुनील थपलियाल, मीनाक्षी डबराल, थाईलैंड से डॉ एके काला जैसे नाम शामिल हैं। कई प्रवासी, इससे पहले भारत सरकार की ओर से भुवनेश्वर में आयोजित किए जा रहे प्रवासी भारतीय दिवस में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट https://pravasiuttarakhandi.uk.gov.in/en/program भी शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी की पहल से हुई शुरुआत
विदेशों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने की पहल खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। दरअसल, दिसंबर 2023 में आयोजित इन्वेस्टर समिट से पहले सीएम धामी विदेश दौरे पर गए थे, जहां प्रवासियों ने उनका उत्तराखंड की रीति परंपरा से स्वागत किया। इस दौरान तमाम सफल लोगों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई। इसी के बाद मुख्यमंत्री ने ऐसे प्रवासियों के अनुभव का लाभ लेने के लिए, शासन में प्रवासी उत्तराखंडी सेल गठित किए जाने के साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन भी आयोजित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गत सात नवंबर को देहरादून में अपने देश के भीतर ही विभिन्न राज्यों में रहने वाले उत्तराखंडियों के बीच ऐसा ही एक सम्मेलन आयोजित किया जा चुका है।

विदेशों में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासी, हर क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। उनके पास ज्ञान, विज्ञान, तकनीकी, उद्यमशीलता का विपुल अनुभव है। सरकार चाहती है कि इस अनुभव से प्रवासीजन अपने प्रदेश और गांव का भी विकास करें। सरकार इस काम में हर संभव मदद देने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार प्रवासियों को अपने प्रदेशों के विकास में योगदान करने की प्रेरणा देते रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड


वाइब्रेंट विलेज मिशन में आईटीबीपी के प्रयासों को सराहा

देहरादून। नववर्ष पर मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से महानिरीक्षक आईटीबीपी संजय गुंज्याल एवं आईटीबीपी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात कर नव वर्ष की बधाई दी। मुलाकात के दौरान महानिरीक्षक आईटीबीपी ने समसामयिक विषयों पर चर्चा करते हुए हाल ही में सब्जियां/मांस व दूरस्थ वाइब्रेंट विलेज हेतु टेली मेडिसिन पहुंचाने हेतु उत्तराखण्ड सरकार के साथ हुए एम.ओ.यू. के बारे में जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुरक्षा/पर्यटन/वाइब्रेंट विलेज मिशन में आईटीबीपी के प्रयासों पर प्रसन्नता जताते हुए आगामी राष्ट्रीय खेलों में भी फोर्स की सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि शहीदों कि शहीदों के सम्मान लंबित कार्यो को तुरंत पूरा किया जायेगा।


राष्ट्रीय खेल हमारे लिए सौगात, रुकेगा खिलाड़ियों का पलायन’

द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित कोच सुभाष राणा ने कहा-यह बहुत बड़ा अवसर

‘खेल का जो ढांचा 10-20 वर्षों में बनना था, वो अब तुरंत बन जाएगा’

प्रशिक्षण के लिए हमारे बच्चों को बाहर नहीं जाना पडे़गाः सुभाष राणा

देहरादून। द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित कोच सुभाष राणा मानते हैं कि 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हमारे लिए किसी सौगात से कम नहीं है। इस आयोजन के दौरान खेलों के लिए इतना बड़ा आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में तैयार हो जाएगा, कि खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पडे़गा। स्थिति ऐसी बदलेगी कि अन्य प्रदेशों के खिलाड़ी प्रशिक्षण के लिए यहां आने शुरू हो जाएंगे। राणा का यह भी कहना है कि सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों के अन्य प्रदेशों से खेलने पर भी रोक लग जाएगी। इस तरह से यह आयोजन खेल पलायन को भी रोकेगा। राणा ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं भी दी।

द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलने पर राणा का कहना है-जब आपके काम को मान्यता मिलती है, तो स्वाभाविक तौर पर उत्साह बढ़ता है और खुशी मिलती है। 38 वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड की मेजबानी को वह खेल विकास के लिए बहुत बडे़ अवसर के तौर पर देखते हैं। राणा के अनुसार-राष्ट्रीय खेल जहां भी होते हैं, वहां खेल का बड़ा आधारभूत ढांचा तैयार हो जाता है। इससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और निखरने का अवसर मिलता है। खेल का जो आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में दस-बीस वर्षों बाद तैयार होना था, वह राष्ट्रीय खेलों की वजह से कुछ दिनों में ही तैयार मिलेगा। नई प्रतिभाओं को आगे आने में इससे बहुत लाभ मिलेगा। उत्तराखंड खेलों में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।

उत्तराखंड से खेलने के लिए कर रहे संपर्क
-विभिन्न खेलों में अन्य प्रदेशों का प्रतिनिधित्व कर रहे कई खिलाड़ी अब उत्तराखंड से खेलने के इच्छुक हैं। सुभाष राणा ने एक बातचीत में इस बात की पुष्टि की है। उत्तराखंड की शूटिंग फेडरेशन से जुडे़ सुभाष राणा के अनुसार-ऐसे कई खिलाड़ियों ने उनसे संपर्क किया है। कई खिलाड़ी खेलों की अन्य फेडरेशन से भी संपर्क कर रहे हैं।

खिलाड़ी/कोच बतौर ये हैं उपलब्धियां
-जाने-माने शूटर रहे सुभाष राणा के खाते में चार अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण और दो रजत पदक शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 1994 में इटली और वर्ष 1998 में स्पेन में हुई विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लिया था। एक कोच के तौर पर उनकी उपलब्धियों की चर्चा करें, तो वर्ष 2020 में टोक्यो पैरालंपिक में शामिल हुई शूटिंग टीम को उन्होंने प्रशिक्षित किया था। इस टीम ने पैरालंपिक में पांच मेडल जीते थे। भारतीय पैरा शूटिंग टीम के वह लंबे समय तक प्रशिक्षक रहे हैं।

द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित होने पर सुभाष राणा को हार्दिक बधाई। उन्होंने उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। खेल क्षेत्र में उत्तराखंड दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। अब राष्ट्रीय खेलों का आयोजन खेल विकास में एक नई इबारत लिखेगा। खेलों में उत्तराखंड और देश का नाम आगे बढ़ान वाले सभी खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से मेरी अपील है कि वे राष्टीय खेलों में अपनी भागीदारी निभाएं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री आवास परिसर में खिलेगी ट्यूलिप की क्यारी

मुख्यमंत्री आवास परिसर में विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप बल्ब का रोपण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में अपने पारिवारिक सदस्यों संग विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप बल्ब का रोपण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में फूलों की बहुत अधिक मांग बनी रहती है जिससे प्रदेश में भी पुष्प उत्पादन से स्वरोजगार अर्जित करने की बहुत अधिक संभावना है। अतः किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ पुष्प उत्पादन की व्यावसायिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री आवास परिसर में उन्होंने विभिन्न बागवानी कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा फूलों की विभिन्न प्रजातियों के कार्यों का अवलोकन कर ऐसे प्रयासों की सराहना की।


चुनावी मैदान में अंतिम प्रत्याशियों के नामों पर लगी मुहर, 47 चुनाव चिह्न किए गए निर्धारित

पार्टियों के टिकट से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को पार्टी का ही चिह्न मिलेगा

देहरादून। इन दिनों प्रदेशभर में निकाय चुनाव को लेकर बिगुल बजा हुआ है। जहां एक ओर पार्टियां चुनावी रणनीति में लगी हुई है, तो वहीं दूसरी ओर राज्य निर्वाचन आयोग ने भी अपनी कमर पूरी तरह से कस ली है। प्रदेश में नामांकन वापसी पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार को सभी निकायों के प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। अब शुक्रवार यानि आज प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से निकायों में नामांकन वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। शाम चार बजे तक सभी निकायों में नाम वापसी का मौका दिया गया। इसके बाद शाम को ही चुनावी मैदान में अंतिम प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लग गई।

पार्टियों के टिकट से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को पार्टी का ही चिह्न मिलेगा। निर्दलीय या गैर मान्य पंजीकृत दलों के प्रत्याशियों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तय चुनाव चिह्न शुक्रवार को आवंटित किए जाएंगे। आयोग ने इन प्रत्याशियों के लिए 47 चुनाव चिह्न निर्धारित किए हैं।


वित्तीय वर्ष 2025–26 से देसी मदिरा के पव्वों की जगह आएंगे टेट्रा पैक, जानिए वजह 

आबकारी विभाग ने देशी शराब के कांच के पव्वों पर लगाया प्रतिबंध 

शराब की दुकान से देसी मिलावटी शराब हुई बरामद

देहरादून। प्रदेशभर में मिलावटी शराब के मामले सामने आ रहे है, जिसको मद्देनजर रखते हुए आबकारी विभाग ने एक सख्त कदम उठाया है। विभाग ने देशी शराब के कांच के पव्वों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। वित्तीय वर्ष 2025–26 से देसी मदिरा के पव्वों की जगह टेट्रा पैक आएंगे।

आबकारी आयुक्त हरि चंद्र सेमवाल ने कहा है कि नववर्ष के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में समस्त शराब की दुकानों का सघन निरीक्षण किए जाने के लिए टीम का गठन किया गया था, जिसमें शीतला खेड़ा में एक शराब की दुकान से देसी मिलावटी शराब बरामद हुई। इसके बाद बृहस्पतिवार को भी लक्सर क्षेत्र में मिनी अवैध देशी शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई जिसमें भारी मात्रा में मिलावटी देशी शराब खाली कांच के पव्वों में भरी जा रही थी।

इन दोनों मामलों के दृष्टिगत मिलावट की आशंकाओं को देखते हुए पूरे प्रदेश में देसी शराब को कांच के बोतलों को प्रतिबंधित किया गया है, उसकी जगह टेट्रा पैक में शराब बिक्री होगी। लक्सर में मोनू के घर पर दविश देकर अवैध शराब से भर पव्वे, खाली कांच की बोतले ढक्कन सिरिंज आदि जब्त किए गए।

 

 

 


उत्तराखंड में मौसम की आंख मिचौली जारी, छह जिलों में मौसम एक बार फिर बदलेगा करवट 

शीतलहर ने बढ़ायी लोगों की परेशानी

ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भारी गिरावट

देहरादून। उत्तराखंड में सुबह- शाम कोहरा छाने से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है, वहीं मौसम की आंख- मिचौली भी जारी है। कभी धूप तो कभी बादलों के घेरों से आसमान घिरा हुआ नजर आ रहा है। वहीं पाला भी हो रहा है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। वहीं, दिन में हल्की धूप राहत भी दे रही है। राजधानी दून से लेकर कई मैदानी इलाकों में सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई। वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी, धनोल्टी और कैम्पटी में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भी भारी गिरावट आई है। शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

प्रदेश के छह जिलों में छह और सात जनवरी को मौसम एक बार फिर से करवट बदलेगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने सूचना जारी की है। छह जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि सात जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में मेघ के बरसने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों के देहरादून में फिलहाल मौसम शुष्क करने के साथ ही कोहरे छाए रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp