Wednesday, November 18, 2026
11:23 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नये साल में भी शराबियों के लिए जारी है पुलिस की बस सेवा

Category Archives: राष्ट्रीय

नये साल में भी शराबियों के लिए जारी है पुलिस की बस सेवा

पुलिस विभाग अपनी बस सेवा से शराबियों को पहुंचा रही थाने

देखें वीडियो

देहरादून। सड़क किनारे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने तथा हुड़दंग करने वालों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध दून पुलिस द्वारा लगातार व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विगत 10 दिनों में पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 585 व्यक्तियों को थाने लाया गया, थाने लाये गये सभी व्यक्तियों के पुलिस एक्ट में चालान कर 1,87,000 (एक लाख सत्तासी हज़ार ) ₹ का जुर्माना वसूला गया, साथ ही सभी व्यक्तियों को सख्त हिदायत दी गई।

विगत 10 दिनों के दौरान पुलिस द्वारा सार्वजनिक मार्गो पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 278 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, साथ ही उक्त सभी 278 वाहनों को सीज किया गया है।


सोशल मीडिया ने सूचनाओं को सत्यापित करने के तरीके खोलकर लोकतंत्र को किया मजबूत – प्रधानमंत्री मोदी 

प्रधानमंत्री ने जिरोधा के सह संस्थापक निखिल कामथ के साथ किया अपना पहला पॉडकास्ट 

मैं 2047 तक विकसित भारत के लिए सभी समस्याओं का समाधान चाहता हूं – प्रधानमंत्री मोदी 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिरोधा के सह संस्थापक निखिल कामथ के साथ अपने पहले पॉडकास्ट में कहा, मैं ऐसे राज्य से आता हूं जहां मैंने माताओं और बहनों को सिर पर घड़ा रखकर दो-दो, तीन-तीन किलोमीटर पैदल चलते देखा है…मेरी गतिविधियां सहानुभूति का परिणाम हैं। मैं लोगों के सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करता हूं। पीएम मोदी ने गलतियों के सवाल पर कहा, मेरे जैसे सभी मनुष्य, गलतियां करने के लिए प्रवृत्त होते हैं, लेकिन यह गलत इरादे से काम करने की कीमत पर नहीं होना चाहिए। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तो मैंने एक भाषण दिया, जिसमें मैंने कहा, मैं कड़ी मेहनत से पीछे नहीं हटूंगा। मैं अपने लिए कुछ नहीं करूंगा और मैं इंसान हूं जो गलतियां कर सकता है, लेकिन मैं कभी भी बुरी नीयत से कुछ गलत नहीं करूंगा। यही मेरे जीवन का मंत्र है।

पीएम मोदी ने कहा, पहले कार्यकाल में लोग मुझे और मैं दिल्ली को समझने की कोशिश कर रहा था। दूसरे कार्यकाल में मैं अतीत के नजरिये से सोचता था। तीसरे कार्यकाल में मेरी सोच बदल गई है, मेरा मनोबल ऊंचा है और मेरे सपने बड़े हो गए हैं। मैं 2047 तक विकसित भारत के लिए सभी समस्याओं का समाधान चाहता हूं। पीएम मोदी ने कहा, सरकारी योजनाओं की 100% डिलीवरी होनी चाहिए। यही असली सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता है। इसके पीछे प्रेरक शक्ति है ‘एस्पिरेशनल इंडिया’ मेरी प्रेरक शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी जिंदगी उन्होंने नहीं बल्कि परिस्थितियों ने बनाई है। बचपन में उन्होंने जिस तरह की जिंदगी जी है, उसने उन्हें कुछ सिखाया है। पीएम मोदी ने कहा, एक तरह से, यह मेरी सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी थी। मुसीबतों की यूनिवर्सिटी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और मैंने मुसीबतों से प्यार करना सीखा है।

उद्यमी और राजनेता के अंतर पर प्रधानमंत्री ने कहा, उद्यमी खुद को और अपनी कंपनी को आगे बढ़ाना चाहता है, जबकि राजनेता में समाज के लिए खुद को त्यागने की क्षमता होनी चाहिए। उद्यमी को सोचना है कि कंपनी को नंबर वन कैसे बनाया जाए। राजनीति में राष्ट्र पहले होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा,राजनीति में आने के लिए चुनाव लड़ना जरूरी नहीं है। समाज उन राजनेताओं को स्वीकार करता है जिनकी मानसिकता राष्ट्र पहले की होती है। पीएम मोदी ने कहा कि वह अपनी सफलता इस बात में देखते हैं कि वह किस तरह से एक ऐसी टीम तैयार करते हैं जो चीजों को कुशलता से संभाल सके, कई युवा राजनेता हैं जिनमें संभावनाएं हैं। मोदी ने कहा, जब मैं गुजरात में था, तो मैं कहता था कि मैं अगले 20 सालों के लिए (टीम) तैयार करके जाना चाहता हूं। मैं ऐसा कर रहा हूं। मेरे लिए यही मेरा बेंचमार्क है।

सोशल मीडिया के महत्व पर पीएम मोदी ने कहा, सोशल मीडिया ने सूचनाओं को सत्यापित करने के तरीके खोलकर लोकतंत्र को मजबूत किया है। पहले यह जानकारी बहुत कम स्रोतों से उपलब्ध थी और इसके लिए बहुत कम विकल्प थे। कुछ लोग ही घटनाओं की रिपोर्ट करते थे और उनके बयान को सच मान लिया जाता था। मोदी ने कहा, आप फंस गए थे क्योंकि सत्यापन की मांग करने का कोई अवसर नहीं था। लेकिन, आज आपके पास विभिन्न प्लेटफार्मों पर सूचनाओं को सत्यापित करने का विकल्प है। सब कुछ आपके मोबाइल फोन पर उपलब्ध है। अगर आप थोड़ा ध्यान दें तो सच्चाई का पता लगा सकते हैं। यही कारण है कि सोशल मीडिया लोकतंत्र को मजबूत कर सकता है।


प्रदेश के कई स्थानों पर तेज गर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना

बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है

मैदानी इलाकों में कोहरे से मिल सकती है राहत

देहरादून। उत्तराखंड में बीते दिन से मौसम अपना रुख बदल रहा है, वहीं मौसम के बदले रुख के बीच आज मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में तेज गर्जन के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। अभी तक बारिश और बर्फबारी ना होने से सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही थी, लेकिन आज प्रदेश के कई स्थानों पर तेज गर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। जबकि, मैदानी इलाकों में कोहरे से राहत मिल सकती है।

वहीं, शुक्रवार के तापमान की बात करें तो दून में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री की कमी के साथ 16.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, रात का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री इजाफे के साथ 9.1 डिग्री रहा। 11 जनवरी को दून का अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने के आसार हैं।

बीते कुछ दिनों से घना कोहरा और शीतलहर को देखते हुए जिलेभर में 31 जनवरी तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र साढ़े आठ बजे के बाद खुलेंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी सविन बंसल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है। पत्र में कहा गया है कि शीतलहर और कोहरे के साथ पाला पड़ने से सूखी ठंड खूब परेशान कर रही है। हालांकि, सर्दी के दिनों में अधिकतर विद्यालय नौ बजे के बाद ही संचालित किए जाते हैं, लेकिन कुछ विद्यालयों का समय सुबह साढ़े सात से आठ बजे तक है। ऐसे में इन विद्यालयों के संचालन का भी समय 31 जनवरी तक बदलना होगा।


चुनावी आचार संहिता के दौरान तबादलों व नियुक्ति पर मांगा स्पष्टीकरण

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जारी किया नोटिस

देहरादून। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्थानीय निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के दौरान तबादले एवं नियुक्ति प्रक्रिया जारी रखने पर पुलिस एवं वन विभाग से स्पष्टीकरण तलब किया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पुलिस विभाग को 46 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले एवं वन विभाग को 159 वन आरक्षी प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों नियुक्ति आदेश जारी होने संबंधी समाचार पत्रों में छपी खबरों का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस एवं वन विभाग दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

गौरतलब है कि हाल ही में इन दोनों विभागों ने नियुक्ति व तबादले आदेश जारी किए थे। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर हैरानी जताई थी।


भाजपा ने तय किए स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम, कर्णप्रयाग से मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुरुआत

प्रचार मे सीएम योगी के नाम पर मुस्लिमों को डरा रही कांग्रेस- भट्ट

देहरादून। भाजपा प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति ने प्रचार अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया है। जिसकी शुरुआत कर्णप्रयाग से सीएम धामी के कार्यक्रम से होगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने योगी को स्टार प्रचारक बनाने पर कांग्रेस की आपत्ति को उनकी मुस्लिमों को डराकर वोट बटोरने की कोशिश बताया है।

पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के सभी विभागों की प्रचार अभियान की रणनीति और गतिविधियों की विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी की मौजूदगी में हुई। इस बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देना शुरू किया गया। मुख्यमंत्री प्रचार अभियान का नेतृत्व करते हुए कल 11 जनवरी, कर्णप्रयाग से इसका आगाज करेंगे।

इसी क्रम में 13 जनवरी को देहरादून के अतिरिक्त 20 जनवरी तक के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष भी 12 जनवरी से राज्य निकायों में 40 से अधिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों और कैबिनेट मंत्रियों एवं अन्य स्टार प्रचारकों से बातचीत कर उनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के लिए अल्मोड़ा, देहरादून और श्रीनगर में राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी का भी समय लिया जा रहा है। वहीं बैठक में जानकारी दी गयी कि सभी 3 निर्विरोध और 6 समर्थन निकाय अध्यक्षों को छोड़कर शेष सभी 93 स्थानों पर चुनाव कार्यालय संचालित हो रहे हैं। साथ ही संवाद केंद्रों, प्रचार सामग्री, साहित्य वितरण, मीडिया रणनीति, रैली सभाओं, चुनाव आयोग से संपर्क आदि तमाम चुनाव संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। आने वाले दिनों की चुनाव सभाओं को प्रभावी बनाने और जनसंख्या की दृष्टि से सफल बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष  भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के अतिरिक्त यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का समय भी प्रचार के लिए लिया जाएगा। जिसके बाद हल्द्वानी, ऋषिकेश और रुड़की में उनकी जनसभा की जाएगी।

इस दौरान छोटे चुनाव बताकर योगी के दौरे पर सवाल खड़ा करने पर उन्होंने पलटवार किया कि भाजपा किसी भी चुनाव को छोटा या बड़ा मानकर नहीं चलती है। हम सभी चुनावों को समान भाव से पूर्णतया गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लड़ते हैं । हमारे लिए हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। कांग्रेस के लोग चुनाव को बड़ा मानते हैं वह उनके विषय है। हम चुनाव को प्रभावी रूप से लेते हैं गंभीरता से लेते हैं। हमारे स्टार प्रचारकों की सूची में योगी जी का नाम है क्योंकि उत्तराखंड की जनता और पार्टी के कार्यकता उन्हें सुनना चाहता है। वे यहां के मूल निवासी भी हैं ऐसे उनका स्वागत तो कांग्रेस को भी करना चाहिए।

उन्होंने योगी के आने से हिंदू मुस्लिम ध्रुवीकरण के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड में मुसलमान की अनावश्यक चिंता किस बात की है जबकि भाजपा की सरकार में वह सबसे अधिक सुरक्षित और खुशहाल है। अब योगी जी के आने से देवभूमि में सनातन संस्कृति और राष्ट्रीयता की भावना अधिक जागृत होती है तो कांग्रेस को दिक्कत क्यों होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल कांग्रेस योगी जी को लेकर भ्रम और झूठ फैलाकर मुस्लिम समाज को डराकर उनके वोट को कब्जाना चाहती है। लेकिन उत्तराखंड की जनता बेहद समझदार है, उनके झांसे में नहीं आने वाली है।

पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ अब तक मैदान में खड़े कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि एक-दो दिन में सभी लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कैटेगिरी में तीन प्रकार के कार्यकर्ता लिए गए हैं। पहले वह जो के पार्टी कैंडिडेट के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, दूसरे वो जिनकी पत्नी, माता पिता निर्दलीय प्रत्याशी हैं और तीसरे वह जो पार्टी के खिलाफ कार्य कर रहे हैं। सभी लोगों की तैयार सूची को संस्तुति दे दी गई है और एक दो दिन में सभी को जिला स्तर से 6 वर्ष के लिए पार्टी से बाहर निकाल दिया जाएगा। यहां उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने ऐसे सभी लोगों को पर्याप्त मौका दिया है। कल के दिन कोई भी व्यक्ति यह दोष नहीं दे सकता कि हमने चर्चा नहीं की या वार्ता नहीं की। उनसे हर स्तर पर वार्ता हुई है, उसके बाद भी जब पार्टी के खिलाफ कोई व्यक्ति प्रचार में लगा रहता है तो ऐसे लोगों को निकालना वैधानिक बाध्यता होती है।

बैठक में पार्टी मुख्यालय से प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती आशा नौटियाल, डाक्टर देवेंद्र भसीन, श्रीमती मधु भट्ट, नवीन ठाकुर, राजेंद्र नेगी, मानिक निधि शर्मा, श्रीमती गीता रावत, अभिमन्यु कुमार, ओ पी कुलश्रेष्ठ, करुण दत्ता, सत्यवीर चौहान, राजेंद्र ढिल्लो, हरीश डोरा समेत वर्चुअल माध्यम से प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, खिलेंद्र चौधरी, शशांक रावत प्रमुख रूप से शामिल रहे।


अबकी बार पिथौरागढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार- रेखा आर्या

कैबिनेट मिनिस्टर ने प्रचार में उतरकर बढ़ा दिया भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश

मंत्री ने घर-घर जाकर मतदाताओं से की समर्थन की अपील

पिथौरागढ़। प्रदेश में पहले ही भाजपा की डबल इंजन की सरकार काम कर रही है और अब पिथौरागढ़ में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है।यह कहना था भाजपा मेयर प्रत्याशी कल्पना देवलाल के प्रचार में पहुंची कैबिनेट मिनिस्टर रेखा आर्या का।

शहर की पुनेडी वार्ड में आयोजित जनसभा में महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण व खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पिथौरागढ़ को नगर पालिका से नगर निगम का दर्जा देकर यहां के लोगों की एक पुरानी मांग को पूरा किया है। उसके बाद फिर मेयर पद के लिए सशक्त महिला प्रत्याशी कल्पना देवलाल को मैदान में उतारकर महिला सशक्तिकरण को गति देने की कोशिश की है। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में महिलाओं के हाथ मजबूत करने के लिए आए दिन नए कदम उठा रही है। उन्होंने 23 जनवरी के चुनाव में बढ़-चढ़कर भाजपा का समर्थन करने की अपील की। इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला प्रभारी बलवंत सिंह भौर्याल, दर्जाधारी राज्य मंत्री दीपिका बोरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हरीश रावत आदि मौजूद रहे।

दीदी, एक सेल्फी मेरे साथ भी

मंत्री रेखा आर्या ने जनसभा के बाद डोर टू डोर कैंपेन भी किया। इस दौरान ग्रहणियों ने उनके साथ जमकर सेल्फी ली। मंत्री ने महिलाओं से कहा कि आपकी तरह ही मैं भी एक गृहणी हूं और अगर आप बीजेपी को कामयाब बनाते हैं तो आपके हाथ मजबूत करने में पार्टी कोई कसर बाकी नहीं रखेगी।


बॉक्सिंग की नर्सरी बनेगा पिथौरागढ़- रेखा आर्या

खेल मंत्री ने हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में बहुउद्देशीय हॉल का लोकार्पण किया

पिथौरागढ़। “पिथौरागढ़ ने पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बॉक्सर दिए हैं और अब मुझे उम्मीद है कि पिथौरागढ़ बॉक्सरों की नर्सरी बनकर उभरेगा।” यह बात हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर लेलू में बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल का लोकार्पण करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कही।

शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंची खेल मंत्री रेखा आर्या ने सबसे पहले पूजन करके बहुउद्देशीय क्रीडा हाल का लोकार्पण किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब खेलों और खिलाड़ियों का युग आ चुका है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमने ऐसी व्यवस्था कर दी है कि अगर आप खेलों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आपको अपने करियर की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश जल्द ही ओलंपिक का आयोजन की दावेदारी में जुटा है और ऐसे में पिथौरागढ़ के लिए राष्ट्रीय खेलों में बॉक्सिंग का इवेंट यहां होना गौरव की बात है। इससे यहां नई बॉक्सिंग प्रतिभाओं को निखरने की प्रेरणा मिलेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों से कहा कि हमने आधारभूत ढांचा खड़ा करके तैयारी पूरी कर दी है और अब जिम्मेदारी आपके कंधों पर है, आपको अपने हुनर को इस तरह निखारना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपके माता-पिता का नाम हो सके।

इस अवसर पर खेल मंत्री ने बॉक्सिंग आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया और बहुउद्देशीय हाल तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जाधारी राज्यमंत्री गणेश भंडारी, भगवान कार्की आदि मौजूद रहे।


राज्य के पंजीकृत मदरसों में पढ़ाई कर रहे 1500 छात्रों के भविष्य पर उठे सवाल

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला- मदरसों की कामिल- फाजिल डिग्रियां असंवैधानिक

सुप्रीम फैसले के बाद उत्तराखंड मदरसा बोर्ड परीक्षार्थियों की फीस वापस करेगा

देहरादून। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुस्लिम छात्रों के लिए मदरसों से दी जाने वाली कामिल और फाजिल की डिग्रियों को असंवैधानिक करार दिए जाने के बाद उत्तराखंड मदरसा बोर्ड ने इन परीक्षार्थियों की फीस वापस करने का निर्णय लिया है। मुस्लिम संगठनों में इस फैसले पर मतभेद दिखाई दे रहे हैं, लेकिन राज्य में पंजीकृत 415 मदरसों में पढ़ाई कर रहे 1500 छात्रों के भविष्य पर अब सवाल उठ गया है।

उत्तराखंड सरकार मदरसों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। हाल ही में सरकार ने 190 अवैध मदरसों को चिन्हित करके उन्हें बंद करने के आदेश दिए हैं। अब सुप्रीम कोर्ट ने मदरसों में कामिल-फाजिल कोर्स बंद कर दिए हैं। अदालत का कहना है कि UG और PG की डिग्रियां केवल विश्वविद्यालय से ही दी जा सकती हैं।

उत्तराखंड मदरसा बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए आलिम और फाजिल की डिग्री कोर्स तुरंत प्रभाव से बंद कर दिए हैं। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने “अविकल उत्तराखंड” को बताया कि “कामिल-फाजिल कोर्स के परीक्षा फार्म अब भविष्य में नहीं भरवाए जाएंगे। जिन लोगों ने अब तक फॉर्म भर दिया है, उनकी फीस वापस की जाएगी।”

कासमी ने कहा, “मदरसा बोर्ड से मिलने वाली कामिल डिग्री को ग्रेजुएट (UG) और फाजिल डिग्री को पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डिग्री के बराबर माना जाता है। इसके अलावा, तहतानिया (प्राथमिक), फौकानिया (जूनियर हाई स्कूल), आलिया (हायर सेकेंड्री) के बराबर मान्यता दी जाती है। आलिया स्तर के मदरसों में कामिल और फाजिल की डिग्री दी जाती है।”

बोर्ड अध्यक्ष कासमी ने यह भी बताया कि “निकाय चुनाव के तुरंत बाद आचार संहिता हटते ही बोर्ड द्वारा शिक्षाविदों की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें कामिल और फाजिल डिग्रियों की अनुपलब्धता से प्रभावित छात्रों के शैक्षिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय से संबद्धता की प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा।”

वहीं, जमीयत उलेमाए हिंद के जिलाध्यक्ष मौलाना अब्दुल मन्नान कासमी ने आलिम और फाजिल डिग्रियों को वैध कराने के लिए नया सुझाव दिया है। उन्होंने कहा, “इन दोनों कोर्सों को बंद करने से बेहतर है कि इन्हें बिहार की तर्ज पर किसी विश्वविद्यालय से एफिलिएट कराया जाए।”

मदरसा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव मोहम्मद शाह नजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि “लंबे समय से मदरसा समिति की बैठक न होने के कारण संबद्धता के कई मामले और अन्य मुद्दे लंबित हैं, जिनका तत्काल समाधान होना मुस्लिम छात्रों के हित में है।”


एनजीटी के आदेश के बाद मलिन बस्तियों पर राजनीतिक आरोप- प्रत्यारोप शुरू

13 फरवरी तक दून की मलिन बस्ती हटाने का आदेश

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा है कि सरकार मलिन बस्तियों के नियमितीकरण और पुनर्वास के प्रति गंभीर नहीं है । कांग्रेस पार्टी लगातार मलिन बस्तियों के लिए बिल लाने की मांग कर रही है जबकि भाजपा सरकार अध्यादेश अध्यादेश का खेल खेल कर मलिन बस्ती के लोगों को गुमराह कर रही थी। कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि खुद एनजीटी ने अपने हालिया आदेश में कर दी है।

एनजीटी ने अपने आदेश में मलिन बस्तियों के लिए राज्य सरकार के अध्यादेश को मानने से इनकार कर दिया है । इससे मलिन बस्तियों का भविष्य फिर अंधकार में लटक गया है। सरकार को मलिन बस्तियों के लिए अपनी नीति और मंशा स्पष्ट करनी चाहिए जिससे मलिन बस्ती निवासियों के मन में जारी संशय समाप्त हो सके।

शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि 16 दिसंबर को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेश की वजह से मलिन बस्तियों में गरीब परिवारों के घर खतरे में हैं। वही भारतीय जनता पार्टी जिसके हर मंत्री और प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि उनके अध्यादेश की वजह से तीन साल तक मलिन बस्तियों को बचाया गया। वही पार्टी और उनकी सरकार इस आदेश पर चुप बैठी है। जबकि इस आदेश में प्राधिकरण ने साफ कहा है कि वह इस अध्यादेश को मानते ही नहीं।

प्राधिकरण के आदेश के अनुसार 13 फरवरी तक रिस्पना नदी पर हजारों परिवारों को हटाने के लिए सरकार को कदम उठाना पड़ेगा। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि अगर यह आदेश जारी रहेगा तो, मलिन बस्तियों पर फिर ध्वस्तीकरण की तलवार लटक गई है इससे मलिन बस्ती वासी अपने भविष्य के प्रति चिंतित हो गए हैं । इसके अलावा सरकार मलिन बस्तियों के पुनर्वास और मुआवजे के बारे में कोई जिक्र ही नहीं कर रही हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि हमारा मानना है कि यह आदेश विधिविरुद्ध एवं गैर संवैधानिक है। आदेश सात जनवरी को सार्वजनिक हुआ था ।

सरकार को तीन सप्ताह से इस आदेश के बारे में पता था। इतना समय बीतने के बावजूद सरकार ने इस आदेश के खिलाफ कोई भी कदम क्यो नहीं उठाया है और उच्चतम न्यायालय में इसके खिलाफ कोई याचिका अभी तक नहीं डाली है। इसके विपरीत अभी भी निकाय चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी और नेता दावा कर रहे हैं कि किसी भी बस्ती के लिए कोई खतरा नहीं है, जबकि उनको पता है कि यह सरासर झूठ है।

उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट लग रहा है कि चुनाव के बाद इस आदेश के बहाने गरीबों के घरों पर फिर बुलडोजर चलाना सरकार की मंशा है। पहले पहाड़ी क्षेत्रों में भी इस सरकार ने ऐसे ही किया, बार बार कोर्ट के आदेश का बहाना बनाकर के लोगों के मकानों और दुकानों को तोड़ा गया हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा की हम मांग करते हैं कि सरकार तुरंत इस आदेश के खिलाफ कानूनी कदम उठा कर लोगों पर लटक रही ध्वस्तीकरण की तलवार पर रोक लगा दे, किसी भी हालत में गरीब लोगों को बेघर न करे, कांग्रेस सरकार के दौरान 2016 में मलिन बस्तियों के लिए जो कानून लाया गया था, भाजपा सरकार तत्काल उस अधिनियम पर अमल कर बस्ती में रहने वाले परिवारों का पुनर्वास या नियमितीकरण करे।


राजस्व वसूली में फिसड्डी विभागों के कसे पेंच

सीएस ने कहा, 2025-26 के राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य की रणनीति पर मंथन

देहरादून। चालू वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में मुख्य सचिव ने वर्ष 2025-26 हेतु राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य निर्धारित किये जाने तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व अवशेष राजस्व प्राप्ति को समय से पूरा करने के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की हिदायत दी है। सीएस राधा रतूड़ी ने राजस्व लक्ष्य प्राप्ति में अपेक्षाकृत पीछे रहने वाले विभागों को आन्तरिक समीक्षा एवं मंथन के निर्देश दिए हैं ताकि वे अपने राजस्व में समयबद्धता से वृद्धि के प्रयास कर सके।

मुख्य सचिव ने वन विभाग को राज्य के समान परिस्थिति वाले अन्य देशों एवं राज्यों के अध्ययन के निर्देश दिए हैं ताकि वन विभाग की राजस्व वृद्धि की संभावनाओं पर कार्य किया जा सके। एसजीएसटी के डाटा शेयरिंग के सम्बन्ध में सीएस ने सभी विभागों के लिए आईटीडीए को अगले वित्तीय वर्ष से पूर्व एक समेकित आईटी सोल्यूशन विकसित कर आरम्भ करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों को अगले बजट के प्रस्तावों पर तेजी से कार्य करते हुए ससमय भेजने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव नितेश झा, दिलीप जावलकर, पंकज कुमार पाण्डेय सहित सभी सम्बन्धित विभागों के सचिव, अपर सचिव एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp