Thursday, November 19, 2026
2:06 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हरिद्वार पुलिस की सख्ती से नहीं हो पाई सर्वसमाज की बैठक, विधायक उमेश कुमार समेत कईयों पर मुकदमा दर्ज

Category Archives: राष्ट्रीय

हरिद्वार पुलिस की सख्ती से नहीं हो पाई सर्वसमाज की बैठक, विधायक उमेश कुमार समेत कईयों पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। प्रस्तावित सर्वसमाज की बैठक को पुलिस की कड़ी कार्रवाई और सख्त रणनीति के चलते होने से पहले ही रोक दिया गया। एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था और मुस्तैद पुलिस बल के कारण जिले में किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई।

पुलिस की सख्ती के आगे नहीं टिके प्रदर्शनकारी
हरिद्वार पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड में थी। जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया था और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जब कुछ लोगों ने उत्तराखंड में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया।

विधायक उमेश कुमार समेत कईयों पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लक्सर और खानपुर में उपद्रव करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक 5-6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। इसके अलावा, अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसएसपी हरिद्वार का सख्त संदेश
एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोबाल ने साफ कहा कि हरिद्वार में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि उपद्रव करने वाले चाहे कोई भी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


एसडीआरएफ कमांडेंट ने महाकुंभ के एसडीआरएफ कैम्प का किया निरीक्षण 

सेनानायक ने दिए महत्वपूर्ण दिशा- निर्देश

प्रयागराज। एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र स्थित SDRF कैंप का निरीक्षण किया।
उन्होंने कंट्रोल रूम, आवासीय बैरक एवं मैस का निरीक्षण करने के बाद आयोजित सम्मेलन में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि SDRF की प्रमुख तैनाती संगम नोज पर की गई है, जो अखाड़ों और आम श्रद्धालुओं के स्नान का सबसे महत्वपूर्ण स्थान है। SDRF उत्तराखंड पुलिस का मुख्य कार्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान में सहयोग प्रदान करना और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाना है।

महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:

संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता: SDRF की सभी रेस्क्यू टीमें मेला कंट्रोल रूम से सतत संपर्क में रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

रेस्क्यू टीमों की तैनाती: मेला क्षेत्र के प्रमुख स्नान घाटों, संवेदनशील स्थानों एवं आपातकालीन रेस्क्यू प्वाइंट्स पर SDRF टीमें लगातार मुस्तैद रहेंगी।

24X7 रिज़र्व टीम अलर्ट: आपातकालीन परिस्थितियों के लिए SDRF कैंप में एक विशेष रिज़र्व टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।

जल-रेस्क्यू के लिए विशेष तैयारी: फ्लड-रेस्क्यू टीमें महत्वपूर्ण घाटों पर उन्नत उपकरणों के साथ तैनात की गई हैं, जो जल दुर्घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा: मेला क्षेत्र के स्नान घाटों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग एवं रस्सियों की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालु गहरे जल में न जाएं।

उत्तराखंड पवेलियन में सहायता केंद्र: श्रद्धालुओं की सहायता हेतु उत्तराखंड पवेलियन परिसर में विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

मुख्य स्नान पर विशेष व्यवस्था: मुख्य स्नान के दौरान अधिकतम जनशक्ति की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मेडिकल सुविधा: स्नान मार्ग पर मेडिकल कैंप एवं प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित कर आवश्यक दवाइयों एवं किट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

प्रशंसा एवं प्रोत्साहन:

सम्मेलन के बाद सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने सतर्कता और तत्परता से ड्यूटी कर रहे SDRF अधिकारियों एवं कर्मियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर जितेंद्र मेहरा, IPS, सहायक सेनानायक शांतनु पराशर, निरीक्षक  गजेन्द्र परवाल एवं अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

महाकुंभ में SDRF उत्तराखंड पूरी मुस्तैदी के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन में जुटी हुई है। परिसर में विशेष ड्यूटी लगाई गई है।


75 चीफ फार्मासिस्टों का प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला अस्पतालों में किया गया तबादला 

स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

देहरादून। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में 75 चीफ फार्मासिस्टों का प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला अस्पतालों में तबादला किया गया है। अपर सचिव स्वास्थ्य अनुराधा पाल ने तबादला आदेश जारी करते हुए सभी फार्मास्टिों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर सेवाएं देने के निर्देश जारी किए हैं। आपको अवगत करा दें कि फार्मेसी अधिकारी (फार्मासिस्ट) के पद से मुख्य फार्मेसी अधिकारी (चीफ फार्मासिस्ट) के पद पर पदोन्न किया गया है।

स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने में फार्मासिस्टों की बड़ी भूमिका होती है। पदोन्नत चीफ फार्मासिस्टों की तैनाती होने से प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों से लेकर जिला चिकित्सालयों में फार्मासिस्टों की कमी दूर होगी साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। उन्होंने कहा स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।


स्पीकर ने मुख्यमंत्री धामी से बजट सत्र देहरादून विधानसभा में आहूत करने का किया आग्रह 

देहरादून। स्पीकर ने राज्य सरकार से बजट सत्र देहरादून में आहूत करने का आग्रह किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि आगामी बजट सत्र को लेकर देहरादून स्थित विधानसभा सचिवालय पूर्णतः ई-विधानसभा हो गया है । गैरसैंण विधानसभा भवन में अभी कार्य प्रगति पर है इन परिस्थितियों के मध्य नजर बजट सत्र को विधानसभा भवन देहरादून में कराने का आग्रह सरकार से कर रहे हैं  शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि देहरादून विधानसभा सदन में ई-नेवा प्रणाली का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यह डिजिटल प्रक्रिया के लिए पूरी तरह सक्षम हो गया है। वहीं, गैरसैंण विधानसभा में ई-नेवा प्रणाली का कार्य प्रगति पर है।

विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री धामी से अनुरोध किया कि आगामी बजट सत्र देहरादून विधानसभा में आयोजित किया जाए ताकि सत्र की कार्यवाही ई-नेवा के माध्यम से सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि पेपरलेस सत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे विधानसभा की कार्यवाही अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी। ई-नेवा के माध्यम से विधायकों को डिजिटल रूप से सभी दस्तावेज और सत्र से संबंधित जानकारी सुलभ होगी, जिससे विधानसभा कार्यवाही अधिक दक्षता से संपन्न हो सकेगी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड विधानसभा डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए सतत प्रयासरत रहेगी। गौरतलब है कि सीएम धामी ने पूर्व में कहा था कि सशक्त भू कानून गैरसैंण विधानसभा में पारित करेंगे। इस विधानसभा सत्र में सरकार सशक्त भू कानून को लेकर ठोस कदम उठाएगी।


देश भर के खिलाड़ी देखें अल्मोड़ा की संस्कृति – रेखा आर्या

खेल मंत्री ने अल्मोड़ा में किया योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ

5 दिन चलेगी प्रतियोगिता, उत्तराखंड प्रबल दावेदार

अल्मोड़ा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा में योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि देशभर से आए खिलाड़ियों को अल्मोड़ा की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से जरूर परिचित कराया जाए। खेल मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यहां का प्रसिद्ध मंदिर जागेश्वर धाम जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गए थे, सभी खिलाड़ियों को वहां जाना चाहिए। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हर दिन किसी न किसी टीम को अधिकारी इस मंदिर के दर्शन कराएं। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से गोल्ज्यू देवता के मंदिर के दर्शन करने की अपील भी की। खेल मंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा में योगासन की प्रतियोगिता होना सांस्कृतिक नगरी के लिए गौरव की बात है। खेल मंत्री का कहना था कि उत्तराखंड योगासन की जन्म भूमि है इसलिए हम अपने प्रदेश की टीम से योगासन में कुछ अतिरिक्त अपेक्षाएं रखते हैं।खेल मंत्री ने बहुत कम समय के नोटिस पर योगासन का शानदार आयोजन करने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे की पीठ थपथपाई।

योगासन प्रतियोगिता 31 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी, जिसमें 22 राज्यों के 171 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता पांच श्रेणियों में आयोजित की जाएगी जिसमें ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योगासन सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर, रिदमिक पेयर और आर्टिस्टिक ग्रुप शामिल हैं। इन सभी श्रेणियों में कुल 66 पदक दिए जाएंगे, जिसमें 22 स्वर्ण, 22 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं।

इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान,भाजपा,जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा,महामंत्री धर्मेन्द्र बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, गणेश जलाल, अशोक जलाल, ललित तिवारी, आदि मौजूद रहे।


देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने किए ऐतिहासिक कार्य- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हुई बजट सत्र की शुरुआत 

वह दिन दूर नहीं जब भारत अपना मानव अंतरिक्ष उड़ान गगनयान लॉन्च करेगा – राष्ट्रपति मुर्मु

हमारी सरकार देश की महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी – राष्ट्रपति

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र शुरू हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को दोनों सदनों को संबोधित किया। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हुई। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्र प्रथम की भावना से आगे बढ़ रही। राष्ट्रपति मुर्मु ने देश के विकास के लिए मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,” देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं।” उन्होंने आगे कहा, वैश्विक अस्थिरता के वातावरण में भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक स्थिरता का स्तम्भ बनकर विश्व के सामने आदर्श प्रस्तुत कर रहा है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”वन नेशन वन टैक्स का फायदा देश के हर राज्यों को मिल रहा है। देश को ग्लोबल इनोवेशन पावर बनाना हमारी सरकार का लक्ष्य है। सरकार ने टैक्स व्यवस्था को आसान बनाया है। देश में मातृभाषा में शिक्षा के अवसर दिए जा रहे हैं। हमारी सरकार ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मजबूत बनाया।” राष्ट्रपति ने अभिभाषण में कहा,”हमारी सरकार देश की महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी है। सरकार का नारी सशक्तीकरण पर जोर है। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। सरकारी योजनाओं से गरीबों का सम्मान बढ़ रहा है। ड्रोन दीदी योजना से महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा,”देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। सरकार का लक्ष्य, विकसित भारत का निर्माण है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। सरकार ने कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग लागू करने का फैसला किया है।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”वक्फ बोर्ड और वन नेशन, वन इलेक्शन जैसे मुद्दों पर सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं। मेरी सरकार महिलाओं के नेतृत्व में देश को सशक्त बनाने में विश्वास करती है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया जा रहा है।”

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”वह दिन दूर नहीं जब भारत अपना मानव अंतरिक्ष उड़ान गगनयान लॉन्च करेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत के योगदान को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने ‘भारत AI मिशन’ शुरू किया है।” हाल ही में महाकुंभ में संगम हादसे का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”ऐतिहासिक महाकुंभ चल रहा है। यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जागृति का त्योहार है. भारत और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में पवित्र डुबकी लगाई है। मौनी अमावस्या के दिन हुई दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

रष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि समाज के पिछड़े वर्ग और सफाई कर्मचारियों को आसान लोन मुहैया कराने के लिए पीएम सूरज योजना का विस्तार किया गया है। पूरा देश नॉर्थ ईस्ट के आठ राज्यों की संभावनाओं को देख सके, इस दिशा में, पहले अष्टलक्ष्मी महोत्सव का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया गाया। कैंसर की दवाओं से कस्टम ड्यूटी खत्म किया गया। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है।”राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”मेरी सरकार ने Ease of doing business को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। दशकों तक हमारे देश के रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले भाई-बहन बैंकिंग व्यवस्था से बाहर रहे। आज उन्हें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है।”


सेब घोटाले की एसआईटी जांच की अनुमति, विभागीय मंत्री बोले- बख्शे नहीं जाएंगे आरोपित

विभागीय जांच में मिली करोड़ों की हेराफेरी

विभागीय मंत्री ने कहा, बख्शे नहीं जायेंगे घोटाले के आरोपी

देहरादून। एसआईटी नौगांव सेब सहकारी समिति के सेब घोटाले की जांच करेगी। विभागीय मंत्री ने इस प्रकारण की जांच एसआईटी को सौंपने की अनुमति दे दी है। कुछ समय पूर्व नौगांव सेब सहकारी समिति में सेब क्रय-विक्रय में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। मामले की विभागीय जांच कराई गई थी। जिसमें प्रथमदृष्टा करोड़ों की हेराफेरी सामने आने पर एसआईटी जांच की सिफारिश की गई थी। इसी आधार पर विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एसआईटी जांच की अनुमति दे दी है ।

एनसीडीसी प्रोजेक्ट के तहत उत्तरकाशी में सेब काश्तकारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2019-20 एवं वित्तीय वर्ष 2021-22 में अनामृत फार्म एज ऑनर्स कमंनी बीच एक संयुक्त उद्यम पार्टनरशिप के आधार पर किया गया था। जिसमें सेब काश्तकारों से सेब क्रय कर बाजार में बेचा जाना था। सेब की बिक्री एफएफटीएच से की गई थी जिसने समिति को बिक्री किये गये सेबों के बिल बाउचर उपलब्ध नहीं कराये । साथ ही बैंक खाते का विवरण भी उपलब्ध नहीं कराया। इस संबंध में समिति के संचालक मंडल द्वारा निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड एवं परियोजना निदेशक राज्य सहकारी विकास परियोजना को लिखित रूप से शिकायत उपलब्ध कराई थी। जिस पर विभागीय जांच बिठाई गई थी।

विभागीय जांच में सेब के क्रय-विक्रय में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां मिली। इस पूरे घोटाले की जांच के लिये विभागीय जांच समिति ने उच्च स्तरीय जांच की सफारिश की। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बड़ा एक्शन लेते हुये घोटाले की जांच एसआईटी को सौंपने की अनुमति दे दी है ताकि घोटाले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। डॉ. रावत ने कहा कि विभागीय जांच में सेब क्रय-विक्रय में बड़े पैमाने पर धांधली पाई गई। जिसको आधार बनाकर जांच एसआईटी को सौंपने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सेब क्रय-विक्रय के घोटालेबाजों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और एसआईटी की रिपोर्ट आने के पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने एनसीडीसी के माध्यम से लगभग चार करोड़ का बजट पायलट प्रोजेक्ट के लिये दिया था। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य सेब काश्तकारों को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।


मुहल्लों में शराब बेचने की स्कीम लेकर आए केजरीवाल – मुख्यमंत्री धामी 

मुख्यमंत्री धामी ने पटपड़गंज से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित जनसभा को किया संबोधित 

केजरीवाल दिल्ली में यूपी, बिहार और उत्तराखंडियों को बताते हैं बाहरी – मुख्यमंत्री धामी

सीएम धामी की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर भाजपा को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिल्ली में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 27 सालों तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पर शासन किया लेकिन, किसी ने भी दिल्ली के समग्र विकास की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां अंत्योदय को अपने जीवन का सिद्धांत मानकर सभी लोगों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं वहीं आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को सिद्धांत मानकर दिल्ली पर शासन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रोहिंग्याओं का समर्थन करने वाले केजरीवाल दिल्ली में यूपी, बिहार और उत्तराखंड से आने वाले लोगों को बाहरी बताते हैं। स्वच्छता और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की बात कर सत्ता में आए केजरीवाल ने जनता की गाढ़ी कमाई पर ही झाड़ू लगा दिया। मुहल्लों में स्कूल खोलने के नाम पर शराब बेचने की स्कीम शुरू की गई। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया पटपड़गंज से विधायक थे लेकिन यहां पर उन्होंने एक भी विकास का काम नहीं कराया, जिस कारण उन्हें इस बार के विधानसभा चुनाव में पटपड़गंज से मुंह छिपाकर भागना पड़ा। केजरीवाल जनहितों से ऊपर अपने एशो अराम को प्राथमिकता देते हैं। यही वजह है कि जिस धनराशि का इस्तेमाल दिल्ली के विकास में होना था, उससे शीशमहल बनाया गया।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली की जनता ने झूठ और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले कांग्रेस और आप जैसे मौसेरे भाइयों को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है।

इस अवसर पर कपकोट के विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर के विधायक मोहन सिंह माहरा, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहाकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, विजेंद्र धामा, अनिल शर्मा, शुभम शर्मा, आशीष पांडेय, नीरज शर्मा, आशीष गुप्ता, अजब सिंह,रोहित मल्होत्रा, नंदन सिंह रावत, हिमांशु मित्तल, रेनू चौधरी, शशि चांदना, भूपेश शर्मा, अरविंद राणा, प्रंशात बिष्ट, हरेंद्र टोलिया, ध्रुव शर्मा, राजेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


महाकुंभ – पुलिसकर्मी ने लोगों के लिए बनाए जा रहे भंडारे के प्रसाद में डाली राख और मिट्टी

थाना प्रभारी निलंबित 

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई वीडियो 

प्रयागराज। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे प्रसाद में राख और मिट्टी डालने पर सोरांव थाना प्रभारी ब्रजेश तिवारी को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया है। प्रसाद में मिट्टी डालने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौनी अमावस्या के दिन प्रतापगढ़-प्रयागराज मार्ग भीषण जाम लगा हुआ था। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सोरांव थाना क्षेत्र के मलाक चतुरी गांव मुख्य मार्ग स्थित मीना पटेल अस्पताल के सामने ग्रामीणों ने प्रसाद वितरण का आयोजन किया।

गांव निवासी आनंद द्विवेदी ने बताया कि स्नान के बाद वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए गुरुवार सुबह से ही सड़क किनारे प्रसाद बनाने कार्य शुरू किया गया। प्रसाद बनने के दौरान पुलिस आई और उनसे इसे हटाने को कहा गया। लेकिन, प्रसाद भट्टी पर चढ़े होने के कारण इसे हटाने में देरी हो रही थी। लेकिन, इतने में ही पुलिस आई और प्रसाद में राख और मिट्टी डाल दी। प्रसाद खराब होने पर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया। बृहस्पतिवार सुबह से ही नौ सेकेंड का वडियो वायरल हो गया। जिसमें दिख रहा है कि सोरांव थाना प्रभारी ब्रजेश तिवारी ने प्रसाद बनाने वाले छन्ने से पास में रखे राख और मिट्टी को उठाकर प्रसाद में डाल दिया और वहां से चले गए। इस हरकत के बाद पूरा प्रसाद बर्बाद हो गया।

वहीं, घटना के बाद आला अधिकारी हरकत में आए और मामले को संज्ञान में लेकर प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। मामला संज्ञान में आने के बाद सोरांव थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी खोल दी गई है। वहीं, जब तक नए प्रभारी का नाम सामने नहीं आता है, तब तक थाने का चार्ज कार्यवाहक एसएचओ के पास रहेगा।


खेल मंत्री रेखा आर्या ने देखे कबड्डी और कलारीपयट्टू के मैच

हरिद्वार। खेल मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार पहुंचकर कबड्डी और कलारीपयट्टू के मैच देखे। इस मौके पर सभी टीमों के खिलाड़ियों ने खेल मंत्री के साथ फोटो भी खींची। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से पूछा कि उन्हें कैसी सुविधा मिल रही है। देहरादून से हल्द्वानी जाते समय करीब 1 घंटे के लिए खेल मंत्री रेखा आर्या हरिद्वार के खेल आयोजन स्थलों पर पहुंची।

पुलिस लाइन में चल रही कलारीपट्टू प्रतियोगिता में खेल मंत्री रेखा आर्या ने मैच देखा इस दौरान उन्होंने खिलाडियों से कहा कि प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय खेलों में उनके सुख सुविधा और खेल सुविधाओं को उपलब्ध कराने में कोई कसर बाकी नहीं रखी है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं भी दी। खेल मंत्री ने धर्मनगरी के लोगों से भी मेहमान खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाफ की पूरी आवभगत करने की अपील की।

इसके बाद खेल मंत्री रेखा आर्या वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची और यहां पुरुष वर्ग का उत्तराखंड और सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की टीमों के बीच खेला जा रहा कबड्डी मैच भी देखा। इसके अलावा खेल मंत्री ने महिला वर्ग में पंजाब और उत्तराखंड की टीमों का मैच भी देखा और मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के पास जाकर उनसे एक-एक कर बातचीत की। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान, क्लारिप्यट्टू एसोसिएशन के महासचिव अंबु नायर, डीओसी सोमेश, जिला खेल अधिकारी हरिद्वार शवाली गुरुंग, प्रवीण गर्ग आदि मौजूद रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp