Thursday, November 19, 2026
9:12 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, दलित समाज पर टिप्पणी को लेकर आक्रोश

Category Archives: राष्ट्रीय

हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, दलित समाज पर टिप्पणी को लेकर आक्रोश

हल्द्वानी। नगर निगम के निर्दलीय मेयर प्रत्याशी मनोज कुमार मन्नू के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारी उनकी दलित समाज पर की गई टिप्पणी से बेहद आक्रोशित नजर आए और उन्होंने इस बयान की कड़ी निंदा की। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि राज्य के अधिकारी जनता की सेवा कर रहे हैं, ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना घोर अपमानजनक है।

प्रदेशभर में सड़कों पर उतरने की चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत से अपने बयान को तुरंत वापस लेने की मांग की। निर्दलीय मेयर प्रत्याशी मनोज कुमार मन्नू ने कहा कि यह केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने शब्द वापस नहीं लिए, तो इस विरोध को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर किया जाएगा और लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

विरोध प्रदर्शन के दौरान नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला भी फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह के बयान समाज में भेदभाव और असंतोष को बढ़ावा देते हैं, जो एक लोकतांत्रिक देश में किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

क्या करेंगे प्रदर्शनकारी आगे?

प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि यदि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो वह प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध को लेकर कई अन्य संगठनों ने भी समर्थन जताया है। अब देखना यह होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या इस विवाद को सुलझाने के लिए कोई कदम उठाते हैं या नहीं।


30 अप्रैल को खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, 29 अप्रैल को मां गंगा की विग्रह डोली मुखबा गांव से होगी रवाना 

उत्तरकाशी। चैत्र माह प्रतिपदा और हिन्दू नववर्ष के अवसर पर गंगोत्री धाम मंदिर समिति की ओर से गंगोत्री धाम के कपाटोद्धाटन की तिथि और समय निश्चित कर लिया गया है। आगामी 30 अप्रैल को गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर शुक्ल पक्ष में  सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि पंचांग गणना के अनुसार धाम के कपाट खुलने का समय और तिथि निर्धारित की गई है। मां गंगा की विग्रह डोली शीतकाली प्रवास मुखबा गांव से 29 अप्रैल को दोपहर में विधिवत पूजा पाठ के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। मां गंगा की विग्रह डोली पैदल करीब 15 किमी दूरी पर स्थिति भैरों घाटी में भैरव मंदिर पहुंचेगी। वहां पर रात्रि विश्राम के बाद 30 अप्रैल को सुबह गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी।


मुख्यमंत्री धामी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर – दौराई एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 

अब सप्ताह में 4 दिन चलेगी टनकपुर – दौराई एक्सप्रेस, किराया भी होगा कम

पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों, व्यवसायियों और आम जनमानस को मिलेगा लाभ

उत्तराखंड की कनेक्टिविटी मैं एक और स्वर्णिम अध्याय जुडने से राज्य की आर्थिकी को मिलेगा बल

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने (वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से) टनकपुर – दौराई एक्सप्रेस को नियमित ट्रेन का दर्जा देते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक पल है। कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों को अब लंबी दूरी तक बेहतर ट्रेन सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा सुगम होगी।

इस पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा, क्योंकि स्थानीय उत्पादों को अधिक बाज़ार मिलेगा और वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई गति मिलेगी। साथ ही, ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के तहत क्षेत्रीय हस्तशिल्प और विशेष उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।”

ऑल वेदर रोड परियोजना को और मजबूती दी जाएगी, जिससे सड़क संपर्क बेहतर हो और आवागमन अधिक सुगम हो सके

इस पहल से क्षेत्र के आर्थिक विकास को बल मिलेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री, भारत सरकार ने कहा, “आज हिंदू नव वर्ष के शुभारंभ के साथ ही इस ऐतिहासिक रेल सेवा की शुरुआत हो रही है, जो लोगों को लंबी दूरी की सुगम यात्रा का अवसर प्रदान करेगी। टनकपुर रेलवे स्टेशन को नई पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र का विकास तेज़ी से होगा।

हम पर्वतीय इलाकों तक ट्रेन सेवाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं। टनकपुर से बागेश्वर और रामनगर-चौकुटिया रेल लाइन का सर्वेक्षण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में पहाड़ी क्षेत्रों में भी रेल सुविधा का विस्तार होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर, ने जानकारी दी कि यात्रियों की सुविधा हेतु इस एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन 30 मार्च 2025 से टनकपुर से एवं 31 मार्च 2025 से दौराई से सप्ताह में चार दिन किया जाएगा।

15092 टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस नियमित रूप से 30 मार्च, 2025 से प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को (सप्ताह में चार दिन) टनकपुर से 18.20 बजे प्रस्थान कर खटीमा से 18.45 बजे, पीलीभीत जं0 से 19.27 बजे, भोजीपुरा जं0 से 20.05 बजे, इज्जतनगर से 20.45 बजे, बरेली सिटी से 21.10 बजे, बरेली जं0 से 21.20 बजे, चन्दौसी से 23.30 बजे, दूसरे दिन मुरादाबाद से 00.45 बजे, गाजियाबाद से 03.20 बजे, दिल्ली जं0 से 04.40 बजे, दिल्ली कैण्ट से 05.17 बजे, गुड़गांव से 05.35 बजे, रेवाड़ी जं0 से 06.47 बजे, नारनौल से 07.58 बजे, नीम का थाना से 08.56 बजे, श्री माधोपुर से 09.25 बजे, रिंगस जं0 से 09.40 बजे, फुलेरा से 11.35 बजे, किशनगढ़ से 12.22 बजे तथा अजमेर जं0 से 13.20 बजे छूटकर दौराई 13.55 बजे पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में 15091 दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस नियमित रूप से 31 मार्च, 2025 से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को (सप्ताह में चार दिन) दौराई से 16.05 बजे प्रस्थान कर अजमेर जं0 से 16.35 बजे, किशनगढ़ से 17.07 बजे, फुलेरा से 18.00 बजे, रिंगस जं0 से 18.55 बजे, श्री माधोपुर से 19.07 बजे, नीम का थाना से 19.47 बजे, नारनौल से 20.37 बजे, रेवाड़ी जं0 से 22.05 बजे, गुड़गांव से 22.32 बजे, दिल्ली कैण्ट से 22.52 बजे, दूसरे दिन दिल्ली जं0 से 00.35 बजे, गाजियाबाद से 01.27 बजे, मुरादाबाद से 04.10 बजे, चन्दौसी से 05.15 बजे, बरेली जं0 से 06.35 बजे, बरेली सिटी से 06.50 बजे, इज्जतनगर से 07.06 बजे, भोजीपुरा जं0 से 07.21 बजे, पीलीभीत जं0 से 07.58 बजे तथा खटीमा से 08.45 बजे छूटकर टनकपुर 09.35 बजे पहुंचेगी।

इस एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा हेतु 16 आधुनिक एल.एच.बी. कोच लगाए गए हैं, जिनमें 01 जनरेटर सह लगेज यान, 04 साधारण द्वितीय श्रेणी कोच, 05 शयनयान श्रेणी कोच, 03 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी कोच, 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच, 01 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी कोच तथा 01 एल.एस.आर.डी. कोच शामिल हैं।

टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस के संचालन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के बीच यातायात सुगम होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस दौरान गोविंद सामंत (जिला अध्यक्ष, भाजपा), विपिन कुमार (अध्यक्ष, नगर पालिका टनकपुर), दीपक रजवार (विधायक प्रतिनिधि), श्रीमती रेखा देवी (अध्यक्ष, नगर पालिका बनबसा), श्रीमती हेमा जोशी (प्रदेश मंत्री, भाजपा), शिवराज सिंह कठायत (पूर्व दर्जा राज्य मंत्री), रोहतास अग्रवाल (वरिष्ठ नेता), पूरन सिंह मेहरा (जिला महामंत्री, भाजपा), श्रीमती वीणा सिन्हा (DRM), संजीव शर्मा (S.R. DCM) सहित कई गणमान्य व्यक्ति सहित अन्य उपस्थित रहे।


मन की बात’ देश की जनता को जागरूक बनाने का प्रभावी माध्यम- महाराज

कैबिनेट मंत्री महाराज ने बूथ नंबर 59 पर सुनी मन की बात

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, पर सिंचाई, पंचायतीराज, जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 120वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश की जनता को जागरूक और सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, पर सिंचाई, पंचायतीराज, जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को नैशविला रोड़ स्थित नियर मोहन मंदिर बूथ नं. 59 पर पहुंच कर भाजपा कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 120वीं कड़ी सुनी। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम से देश को कई लाभ हैं। यह कार्यक्रम देश के नागरिकों को अपने विचार और सुझाव साझा करने का एक मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हैं और देश के नागरिकों को जागरूक और सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

महाराज ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश के नागरिकों को जागरूक और सशक्त बनाने में मदद करता है। यह कार्यक्रम देश के नागरिकों को विभिन्न मुद्दों पर जागरूक करता है और उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में बताता है। यह कार्यक्रम देश के विकास में योगदान करने के लिए देश के नागरिकों को प्रेरित करता है। महाराज ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश के नागरिकों को एकजुट करने में मदद करने के साथ-साथ देश के विकास में काम करने के लिए भी प्रेरित करता है।

मन की बात कार्यक्रम में पार्षद अशोक डोबरियाल, पूर्व पार्षद सतीश कपूर, भाजपा वार्ड-अध्यक्ष दिनेश सेमवाल, लक्ष्मी अग्रवाल, पीके अग्रवाल, रोहिला, अशोक सेठी, मनोज धीमान, भानु, सुनील सिंह, जगदीश यादव और मोहन लाल वर्मा आदि मौजूद थे।


स्थानीय लोगों के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सुना प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ का 120वां संस्करण

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 120वां संस्करण रविवार को देहरादून में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 09 आर्य नगर के बूथ संख्या 61 में पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के साथ सुना।
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में में बच्चों और उनके अभिभावकों से गर्मियों की छुट्टियों में #HolidayMemories के साथ अपने अनुभव साझा करने और संविधान और समाज के प्रति जागरूकता तथा जल संरक्षण, टेक्सटाइल वेस्ट के साथ ही प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए खेलो इंडिया पैरा गेम्स का भी जिक्र किया और इन खेलों में खिलाड़ियों द्वारा दिखाई गई उत्कृष्टता की सराहना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी लोगों को विभिन्न जानकारियाँ प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें नए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है और समाज के हित में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करने की ऊर्जा प्राप्त होती है। कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल सूचना का माध्यम है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और आमजन को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनें।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद योगेश घाघट सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शासनादेश जारी

खेल मंत्री ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

देहरादून। प्रदेश सरकार ने चंपावत के लोहाघाट में प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। पूर्व में मुख्यमंत्री ने इस कॉलेज के निर्माण की घोषणा एक कार्यक्रम में की थी।

शासनादेश जारी होने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हिंदू नव वर्ष के प्रथम दिन और नवरात्रि के पहले दिवस पर प्रदेशभर की बालिका खिलाड़ियों के लिए यह प्रदेश सरकार का एक उपहार है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस कॉलेज का संचालन शुरू होने के बाद प्रदेश की लड़कियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने खेल कौशल को संवारने में मदद मिलेगी। आधुनिक स्पोर्टस साइंस तकनीकों के साथ निश्चित रूप से प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों का प्रदर्शन आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय फलक पर सुधरेगा और यहां की लड़कियां भी देवभूमि को खेल भूमि बनाने में अपना अहम योगदान दे सकेंगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38 वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का यह एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों में लड़कियों की संख्या अच्छी खासी रही, लेकिन इसके बावजूद अभी तक प्रदेश में लड़कियों को एक खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के लिए समर्पित कोई बड़ा सरकारी संस्थान नहीं था। चंपावत में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज बनने के बाद यह कमी पूरी हो जाएगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने शासनादेश जारी होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और प्रदेश भर की महिला खिलाड़ियों को बधाई दी है।


गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को नई चीजें सीखनी चाहिए- पीएम मोदी

इस बार पहले से ज्यादा खिलाड़ी खेलो इंडिया पैरा गेम्स में में रहे हिस्सा – पीएम मोदी

नई दिल्ली।  पीएम मोदी ने कहा कि ‘आज चैत्र नवरात्र के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। आज से चैत्र नवरात्र की शुरुआत हो रही है। आज से भारतीय नववर्ष की भी शुरुआत हो रही है। यह विक्रम संवत 2082 की शुरुआत है। साथ ही आज गुड़ी पाड़वा का भी दिन है। यह बेहद पावन दिन है। ईद का त्योहार भी आ रहा है। यानी ये पूरा महीना त्योहारों और पर्वों का है। मैं इन त्योहारों की देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। ये त्योहार भारत की विविधता में एकता का अहसास कराते हैं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों के पास काफी समय होता है। इस समय में बच्चों को नई चीजें सीखनी चाहिए और इस समय का इस्तेमाल अपने स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए। ऐसे प्लेटफॉर्म की कमी नहीं, जहां वे काफी कुछ सीख सकते हैं। MY-Bharat के खास कैलेंडर की चर्चा करना चाहूंगा, जिसे गर्मियों की छुट्टियों के लिए तैयार किया गया है। इसके स्टडी टूर से आप ये जान सकते हैं कि जन औषधि केंद्र कैसे काम करते हैं। आप वाइब्रेंट विलेज अभियान का हिस्सा बनकर सीमावर्ती गांवों का अनोखा अनुभव ले सकते हैं। साथ ही वहां संस्कृति और खेल गतिविधियों का भी हिस्सा बन सकते हैं। वहीं आंबेडकर जयंती पर पदयात्रा में भागीदारी कर आप संविधान को लेकर जागरूकता फैला सकते हैं।’

लोगों से जल संरक्षण की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बारिश की बूंदों को संरक्षित करके हम बहुत सारा पानी बर्बाद होने से बचा सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इस अभियान के तहत देश के कई हिस्सों में जल संरक्षण के अभूतपूर्व काम हुए हैं। पिछले 7-8 साल में बने टैंक, तालाबों और अन्य जल रिचार्ज की तकनीक से 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी का संरक्षण हुआ है। प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के गडग जिले में सूख गईं झीलों को गांव के लोगों द्वारा पुनर्जीवित करने की बात बताई। उन्होंने कहा कि यह कैच द रेन अभियान का शानदार उदाहरण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स के बारे में बात की और बताया कि इस बार पहले से ज्यादा खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं, जिससे पता चलता है कि पैरा स्पोर्ट्स लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। खेलो इंडिया पैरा गेम्स में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिनमें से 12 महिला खिलाड़ियों ने बनाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में फिट इंडिया कार्निवाल का आयोजन हो रहा है, इसमें 25 हजार लोगों ने हिस्सा लिया है। इसके जरिए लोगों में फिटनेस के प्रति जागरुकता फैलाई गई।

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में मशहूर रैपर हनुमानकाइंड की भी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि हनुमानकाइंड ने अपने नए गाने में जिस तरह से भारत की पारंपरिक मार्शल आर्ट तकनीकों जैसे कलारिपयट्टू, गतका और थांग ता को शामिल किया है, वह काबिलेतारीफ है।

पीएम मोदी ने बीते दिनों मॉरिशस की यात्रा की थी। उस दौरान उनके स्वागत में गीत गवई की प्रस्तुति दी गई थी। गीत गवई भारतीय परंपरा का हिस्सा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 200 साल पहले जो भारतीय मजदूरों के रूप में मॉरिशस गए थे, वे समय के साथ वहां रच बस गए और उन्होंने मॉरिशस में अपनी पहचान बनाई। इसी तरह गुयाना में भी मुझे चौताल की प्रस्तुति ने बेहद प्रभावित किया था। सिंगापुर इंडियन फाइन आर्ट्स सोसाइटी नामक संगठन की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये संगठन भारतीय नृत्य, संगीत और संस्कृति को संरक्षित करने में जुटा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया की तीसरा सबसे ज्यादा टेक्सटाइल वेस्ट निकलता है, लेकिन अब इस चुनौती से निपटने के प्रयास किए जा रहे हैं और कई स्टार्टअप्स इस मामले में काम कर रहे हैं। हरियाणा के पानीपत की तारीफ की और बताया कि टेक्सटाइल वेस्ट के मामले में यह वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। कई लोग सतत फैशन प्रयासों से जुड़े हैं और पुराने जूते-चप्पलों को रिसाइकल कर लोगों तक पहुंचा रहे हैं। इसी तरह हैंडबैग, स्टेशनली और खिलौनों जैसी चीजें भी बनाई जा रही हैं।


मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते तीन वर्षों में लिए ऐतिहासिक फैसले- कुसुम कण्डवाल

चौबट्टाखाल। विकास खंड एकेश्वर में बोली महिला आयोग की अध्यक्ष, प्रदेश के समग्र विकास हेतु तेजी से कार्य कर रही धामी सरकार।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने जनपद पौड़ी गढ़वाल की चौबट्टाखाल विधानसभा में एकेश्वर विकास खंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जन समस्याओं के समाधान हेतु लगाए गए बहुउद्देशीय शिविर का अवलोकन किया।

अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि आज उत्तराखंड सरकार ने बीते तीन वर्षों में ऐतिहासिक फैसले लेकर प्रदेश को नए आयाम दिए हैं। समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, दंगारोधी कानून, नकल विरोधी कानून जैसे साहसिक कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के समग्र विकास हेतु तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टिहरी एक्रो फेस्टिवल, वाइब्रेंट विलेज योजना, केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं शुरू करते हुए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाएं हैं। आज प्रदेश भर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कों बिछाई जा रही है, वहीं पहाड़ों में रेल का सपना साकार करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में उड़ान योजना के माध्यम से हेली सेवाएं शुरू होने से राज्य की एयर कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है।

इस मौके पर स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न विभागों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीणों को सर्टिफिकेट एवं चेक दे कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष पौडी गढ़वाल कमल किशोर रावत, निवर्तमान ब्लाक प्रमुख प्रशासक नीरज पांथरी, सुमन लता ध्यानी, सुषमा रावत मंडल अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि व महानुभाव उपस्थित थे।


केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग के पड़ावों में किया जाएगा यात्रियों के प्रवास का इंतजाम 

केदारनाथ धाम में 15000 श्रद्धालुओं के रात्रि प्रवास की होगी व्यवस्था

प्रशासन ने यात्रा तैयारियों का खाका किया तैयार

रुद्रप्रयाग। आगामी 2 मई से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा में धाम में एक रात में अधिकतम 15000 श्रद्धालुओं के रात्रि प्रवास की व्यवस्था होगी। साथ ही पैदल मार्ग के पड़ावों पर भी दो हजार यात्रियों के प्रवास का इंतजाम किया जाएगा। प्रशासन ने यात्रा तैयारियों का खाका तैयार कर दिया है, जिसे धरातल पर जल्द उतारा जाएगा। इस वर्ष भी गढ़वाल मंडल विकास निगम को यात्रियों के भोजन और रात्रि प्रवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समुद्रतल से 11750 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण के तहत इस बार कई भवन बनकर तैयार हो गए हैं, जिससे प्रशासन को यात्री इंतजाम करने में कुछ मदद मिलेगी। साथ ही टेंट और अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे, जिससे धाम में एक रात में 15000 यात्रियों को रात्रि प्रवास कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को तीर्थपुरोहितों के आवासीय व व्यवसायिक भवनों के साथ ही जीएमवीएन के कॉटेज में भी ठहराया जाएगा। साथ ही यहां निजी टेंट की सुविधा भी होगी।

इसके अलावा गौरीकुंड से केदारनाथ तक जंगलचट्टी, भीमबली, छोटी लिनचोली, बड़ी लिनचोली, छानी कैंप, रुद्रा प्वाइंट, बेस कैंप में भी यात्रियों के रात्रि प्रवास के लिए इंतजाम किए जाएंगे। यहां 2000 यात्रियों को ठहराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि, पूरे यात्राकाल में यात्रियों को पड़ावों और धाम में किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसका प्रमुखता से ध्यान रखा जाएगा। साथ ही आगामी 25 अप्रैल तक सोनप्रयाग से केदारनाथ तक सभी यात्रा तैयारियां और व्यवस्थाओं को पूरा कर दिया जाएगा।

गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा से लिनचोली के बीच बर्फ सफाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब, लोनिवि के मजदूर लिनचोली से छानी कैंप के बीच बर्फ सफाई में जुट गए हैं। यहां संवेदनशील स्थानों पर तीन फीट से अधिक बर्फ है।


शिक्षा विभाग को मिले 25 उप शिक्षा अधिकारी 

उप शिक्षा अधिकारियों को पर्वतीय क्षेत्रों में मिली तैनाती

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग को 25 नये उप शिक्षा अधिकारी मिल गये हैं। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन उप शिक्षा अधिकारियों को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र के विकासखण्डों में प्रथम तैनाती दे दी गई है। इनकी नियुक्ति से विभागीय के कार्यों में तेजी आने के साथ ही प्रशासनिक कार्यों में भी सुधार हो सकेंगे।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में जुटी है, इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं में भी लगातार सुधार किये जा रहे हैं। जिसके तहत विभाग में शैक्षणिक, प्रशासनिक व शिक्षणेत्तर संवर्गों के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। जिसके क्रम में राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 25 उप शिक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र के विभिन्न विकासखण्डों में प्रथम तैनाती दे दी गई है। जिसमें अल्मोड़ा जनपद में सुश्री दीक्षा बेलवाल को धौलादेवी, प्रशांत कुमार को भैसियाछाना, प्रज्ञानंद पलिहा को स्याल्दे, राजा रजनीश कर्ण को ताकुला, सुश्री अंजली चंद को लमगड़ा विकासखण्ड में तैनाती दी गई है।

इसी प्रकार रूद्रप्रयाग जनपद में सुश्री तनुजा देवराड़ी को जखोली, अजीत सिंह कर्णवाल को ऊखीमठ, नैनीताल जनपद के तहत शुभम वर्मा को धारी, राशि बुधलाकोटी को बेतालघाट, चमोली जिले में भूपेन्द्र ढ़ौंडियाल को थराली, नेहा को पोखरी, योगेन्द्र प्रसाद को देवाल, बागेश्वर जनपद के अंतर्गत संजय कुमार भट्ट को कपकोट, हिमांशु बिष्ट को गरूड़, पिथौरागढ़ जिले में संस्कार त्रिपाठी को कनालीछीना, राजेश कुमार अटवाल को धारचूला, नीरज अधिकारी को गंगोलीहाट, उत्तरकाशी में सौरभ पाण्डेय को मोरी, पौड़ी में सुश्री भारती गैरोला को कोट, मनोज कुमार जोशी को पोखड़ा, रवि कुमार को नैनीडांडा, सुश्री किरन नेगी को रिखणीखाल, टिहरी जनपद में सुनील सिंह कार्की को भिलंगना, चम्पावत जिले में कमल भट्ट को बाराकोट और देहरादून जनपद में शिवानी कौशल को चकराता विकासखण्ड में उप शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनाती दी गई है। विभागीय मंत्री ने कहा कि नव नियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों की तैनाती से दूरस्थ क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी साथ ही विभागीय कार्यों में भी तेजी आयेगी।

उन्होंने सभी नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों को बधाई दी, साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्ति अधिकारी अपने कार्यों व दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ करेंगे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp