Tuesday, November 17, 2026
2:00 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्य सचिव ने किया आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्य सचिव ने किया आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन

विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर होंगे प्राप्त- मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने आईआईएम काशीपुर का कैंपस देहरादून में स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से प्रदेश के साथ ही इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से सम्बन्धित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से उन्हें अपनी क्षमताओं को विकसित करने तथा नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर निदेशक आईआईएम काशीपुर प्रो. नीरज द्विवेदी एवं कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता श्री देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।


आयुर्वेद हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण अंग- मुख्यमंत्री धामी

आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने की भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना 

देहरादून। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विभिन्न रोगों से बचाव में आयुर्वेद की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की समग्र दृष्टि भी प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान मिल रही है। उन्होंने आयुर्वेद की प्राचीन परंपराओं को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।


गंगा में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 लोग डूबे, चार को बचाया, एक का शव बरामद

छह लोग अब भी लापता

पटना। बिहार के पटना जिले में करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में अलग-अलग जगहों पर बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ अनुमंडल के बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। इनमें चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं, छह लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

बाढ़ में मूर्ति विसर्जन के बाद स्नान करना पड़ा भारी

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए।

लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पीयूष करमा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने के लिए घाट पर गया था। विसर्जन के बाद कुछ युवकों ने गंगा में स्नान करने का फैसला किया। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन पीयूष और सुजीत का पता नहीं चल सका। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को सूचना देने के साथ स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।

अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। यहां गंगा में मूर्ति विसर्जन करने के दौरान भाई-बहन डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है और नदी में रेस्क्यू अभियान जारी है।

बख्तियारपुर में छह युवक डूबे, एक का शव बरामद

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास भी करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में छह युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक पानी में लापता हो गए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का पुत्र था।

वहीं, नदी में लापता दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार, छह युवक मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा घाट पहुंचे थे। इनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक का शव बरामद हुआ है। दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।


MBECL पर ED का शिकंजा, तीन राज्यों में 16-17 ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़ी जांच के तहत कोलकाता की इंजीनियरिंग कंपनी मैकनेली भारत इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड (MBECL) से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की है। एजेंसी ने बुधवार को कोलकाता, दिल्ली और बंगलूरू में करीब 16-17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई कंपनी, उसके अधिग्रहण से जुड़े लोगों और संबंधित संस्थाओं के परिसरों में की गई। MBECL हाल ही में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) के जरिए कॉर्पोरेट दिवालियापन समाधान प्रक्रिया (CIRP) से गुजरी है। इस प्रक्रिया के तहत BTL EPC कंपनी की समाधान योजना को मंजूरी दी गई थी।

ईडी की जांच में FEMA के कथित उल्लंघनों के साथ-साथ MBECL का नियंत्रण हासिल करने में इस्तेमाल किए गए धन के स्रोत और उसके लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि कहीं दिवाला समाधान प्रक्रिया का इस्तेमाल ऐसे लोगों को कंपनी का अप्रत्यक्ष नियंत्रण दोबारा हासिल कराने के लिए तो नहीं किया गया, जो दिवाला और दिवालियापन संहिता (IBC), 2016 की धारा 29A के तहत कंपनी के अधिग्रहण के लिए अयोग्य हो सकते थे।

जिन लोगों और संस्थाओं से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली गई, उनकी ओर से फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ईडी की जांच में तलाशी के दौरान सामने आए दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।


निठारी कांड के पूर्व आरोपी सुरेंद्र कोली की मौत पर सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

देहरादून – हरिद्वार में निठारी हत्याकांड के पूर्व आरोपी सुरेंद्र कोली की मौत के चार दिन बाद भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार के कुछ सदस्यों ने उनकी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। रिपोर्ट अगले एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक, कोली के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उनकी नाक और मुंह के पास खून के निशान पाए गए। शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

बताया गया कि कोली ने हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में किराए की एक छोटी दुकान लेकर चाय बेचने का काम शुरू किया था। दुकान शुरू करने के लिए उन्होंने पांच हजार रुपये उधार लिए थे। पुलिस के अनुसार, वह आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हरिद्वार में रहने के दौरान उन्हें कम समय में चार बार कमरा बदलना पड़ा था।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार, कोली अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। आधार कार्ड या पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करा पाने के कारण उन्हें कई बार नौकरी भी छोड़नी पड़ी थी।

निठारी हत्याकांड वर्ष 2006 में सामने आया था। नोएडा के सेक्टर-31 स्थित कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर के बंगले के पीछे और आसपास की नालियों से कंकाल, खोपड़ियां और हड्डियां मिलने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। कोली पंढेर के घर पर घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था।

इस मामले में पंढेर भी लंबे समय तक जेल में रहे और बाद में अदालत से बरी होने के बाद 20 अक्टूबर 2023 को रिहा हुए। निठारी कांड से जुड़े 13 मामलों में कोली को पहले ही बरी किया जा चुका था। आखिरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2025 में उसे बरी कर दिया था। अब उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


नंदा-सुनंदा की भक्ति में सराबोर हुआ नैनीताल, मुख्यमंत्री धामी ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

“विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि को आगे बढ़ा रही सरकार: मुख्यमंत्री

धार्मिक पर्यटन से युवाओं को रोजगार, मातृशक्ति को अवसर और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार

नैनीताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नैनीताल में आयोजित माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने माँ नंदा-सुनंदा के श्रीचरणों में नमन कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने महोत्सव में उपस्थित माताओं-बहनों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं बच्चों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

नंदा देवी महोत्सव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं का उत्सव: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नैनीताल का नंदा देवी महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का उत्सव है। माँ नंदा-सुनंदा के स्वागत की परंपरा, लोकगीत, झोड़ा-चांचरी, ढोल-दमाऊं सहित लोक संस्कृति की विविध परंपराएं इस महोत्सव के माध्यम से जीवंत होती हैं। जिस समाज को अपनी जड़ों और संस्कृति पर गर्व होता है, वही समाज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि नैनीताल अपनी खूबसूरत झील, पहाड़ों और हरी-भरी वादियों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है, लेकिन यह केवल पर्यटन नगरी ही नहीं, बल्कि आस्था और अध्यात्म की भी भूमि है। यहां माँ नैना देवी का पावन धाम, हनुमानगढ़ी तथा कैंची धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। मुक्तेश्वर में देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त होता है। प्रकृति और अध्यात्म का यह संगम नैनीताल को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है।

“ विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश में प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संवारने का कार्य किया जा रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हुए विकास कार्यों से आस्था के प्रमुख केंद्रों को नई पहचान मिली है। इसी भावना के साथ उत्तराखंड सरकार भी “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि केदारखंड की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र में भी मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से प्रमुख पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही हमारी प्राचीन विरासत के मूल स्वरूप को संरक्षित रखना है। माँ नैना देवी, कैंची धाम और मुक्तेश्वर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, मातृशक्ति को स्वरोजगार के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा। इससे उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराएं देश-दुनिया तक पहुंचेंगी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और कनेक्टिविटी सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पहाड़ में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े और विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे।

देवभूमि की भूमि, संस्कृति और पहचान की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास के साथ देवभूमि की जमीन, संसाधनों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में भूमि संबंधी कानूनों को मजबूत किया गया है। वर्ष 2025 में किए गए संशोधन के तहत 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा कृषि एवं उद्यान श्रेणी की भूमि खरीद पर रोक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि की संस्कृति, पहचान और संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसी गतिविधियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।


राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर समिति की बैठक, डीएम ने दिए पारदर्शिता के साथ निस्तारण के निर्देश

देहरादून। राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित सभी प्रकरणों का परीक्षण शासन द्वारा निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों की विधिवत जांच के बाद ही नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने चिन्हीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर किया जाए। साथ ही लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समिति के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में समिति के सदस्यों ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव और विचार रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक अभिलेखों की जांच पूरी करते हुए शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। समिति के सदस्य राज्य आंदोलनकारी ओपी उनियाल, देवीगोदियाल, डीएस गुंसाई, विवेकानंद खण्डूड़ी, सरोज डिमरी, उर्मिला, निर्मला बिष्ट, पुष्पलता सिलमाना सहित अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।


नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवन का करें चयन- डीएम

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यूपीईएस में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

छात्र-छात्राओं से संवाद कर डीएम ने कहाः जागरूकता और सामूहिक प्रयास से रोकना होगा नशे का प्रसार

देहरादून। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग देहरादून एवं यूपीईएस के संयुक्त तत्वावधान में आज यू०पी०ई०एस० कैंपस, बिधोली, प्रेमनगर, देहरादून में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के पास अपने जीवन में कुछ समय और अवसर होते हैं, ऐसे में यह स्वयं तय करना आवश्यक है कि वह अपने जीवन में क्या चुनता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने भविष्य के लिए सकारात्मक, रचनात्मक एवं स्वस्थ विकल्पों का चयन करें और नशे से पूरी तरह दूर रहें।

जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति केवल स्वयं को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसका प्रभाव उसके परिवार और व्यापक रूप से समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स का नशा एक प्रकार का ‘डोपामेन ट्रैप’ बन सकता है, जिसमें व्यक्ति एक बार फंसने के बाद धीरे-धीरे इसकी गिरफ्त में उलझता चला जाता है। इससे बचने के लिए स्वयं का विश्लेषण, आत्म-अनुशासन और स्वयं पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज से नशे जैसी गंभीर समस्या को दूर करने के लिए सभी स्तरों पर प्रभावी एवं निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। सरकार, शासन, प्रशासन, पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों तथा आम नागरिकों को मिलकर इस दिशा में योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि युवा विशेष रूप से नशे के सौदागरों के निशाने पर होते हैं। ऐसे में युवाओं को जागरूक करना और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा विरोधी जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए जनपद के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।

कहानी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक नगर ने किया जागरूक
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर शेखर चन्द्र सुयाल ने प्रभावी कहानी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक समस्या को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह््वान किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, यूपीईएस के वाइस चांसलर मनीष मदान एवं विशेष अतिथि ललित जोशी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया नशा मुक्ति का संदेश
कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, नशे से होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं तथा नशा छोड़ने एवं दूसरों को भी नशे से बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान का सक्रिय सहभागी बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक नगर शेखर चन्द्र सुयाल, यूपीईएस के वाइस चांसलर मनीष मदान, विशेष अतिथि ललित जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रोहित गोंडवाल, डॉ0 प्रदीप राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यूपीईएस डॉ0 दीपा मेहरा रावत, डॉ0 रोहित रस्तोगी, यूपीईएस के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


हेरोइन तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में गौरव डावर गिरफ्तार, कोर्ट ने 5 दिन की ईडी कस्टडी दी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के हेडक्वार्टर ऑफिस ने ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गौरव डावर को गिरफ्तार किया है। गौरव डावर, अशोक डावर के पिता हैं। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी-लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है। मामले में आरोप है कि हेरोइन को सेमी-प्रोसेस्ड टैल्क पाउडर में छिपाकर बड़े पैमाने पर भारत लाया गया था। इस नेटवर्क से जुड़े नशीले पदार्थ दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी बरामद किए गए थे।

गिरफ्तारी के बाद गौरव डावर को नई दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट स्थित वेस्ट डिस्ट्रिक्ट में स्पेशल जज (पीएमएलए) के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को पांच दिन की ईडी कस्टडी में भेज दिया।

ईडी ने यह जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। एनआईए ने हरप्रीत सिंह तलवार और अन्य के खिलाफ यूएपीए, 1967, एनडीपीएस एक्ट, 1985 और आईपीसी, 1860 के तहत ड्रग तस्करी से संबंधित मामला दर्ज किया था। एनआईए इस मामले में पहले ही छह चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें आरोप लगाया गया है कि कई आरोपी अफगानिस्तान, पाकिस्तान और दुबई से संचालित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट के संपर्क में थे।

जांच में मास्टरमाइंड वितायश कोसर उर्फ राजू दुबई, पाकिस्तानी आईएसआई एजेंटों और अफगान नागरिकों के बीच कथित गठजोड़ की बात सामने आई है। ईडी के मुताबिक, ड्रग्स की अवैध बिक्री से हासिल 74 करोड़ रुपये की रकम हवाला के जरिए अफगानिस्तान भेजी गई। जांच एजेंसी के अनुसार इस रकम का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग में किया गया।

ईडी की जांच में प्रतिबंधित सामान की तस्करी, ड्रग्स से हुई कमाई के बंटवारे और हवाला लेनदेन के जरिए कुल 89 करोड़ रुपये की अपराध से हुई कमाई (पीओसी) का पता चला है। इसमें एनआईए द्वारा चिन्हित 74 करोड़ रुपये की हवाला रकम भी शामिल है। अपराध से हुई अन्य आय का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पीएमएलए के तहत मामले में कई बार तलाशी ली जा चुकी है। इनमें 15 जुलाई से 17 जुलाई के बीच की गई तलाशी भी शामिल है। जांच के मुताबिक गौरव डावर ने सह-आरोपी हरप्रीत सिंह तलवार के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की नशीले पदार्थों की खेप को आगे पहुंचाने में मदद की। इसके बदले कथित तौर पर उन्हें सामान और हवाला के माध्यम से भुगतान किया गया।

ईडी के अनुसार, इस भुगतान में मास्टरमाइंड राजू दुबई की ओर से भेजी गई प्रतिबंधित वस्तुएं शामिल थीं। इनमें “गुडांग गरम सिगरेट” और “सुपारी” की खेप बताई गई है, जिसमें सूखे खजूर और परफ्यूम आदि शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया कि गौरव डावर को दुबई जाने के दौरान कई बार राजू दुबई से एईडी में नकद रकम मिलने का भी आरोप है।

जांच एजेंसी के अनुसार ड्रग्स और प्रतिबंधित सामान की तस्करी से हासिल कथित अवैध रकम को कमर्शियल हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स, नाइट क्लबों और लग्जरी संपत्तियों में लगाया गया। ईडी का आरोप है कि गौरव डावर ने सह-आरोपियों के साथ मिलकर दिल्ली के “प्लेबॉय क्लब” और “व्हाइट क्लब” में नकद निवेश किया। ये क्लब न्यूएरा फीस्ट एंड हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के जरिए संचालित किए जाते थे।

ईडी के मुताबिक, गौरव डावर की गिरफ्तारी ड्रग तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेनदेन से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के तहत की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।


प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी आउट ऑफ टर्न नियुक्ति

जारी हुआ शासनादेश

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों के दी बधाई,कहा खेलेगा युवा तो आगे बढेगा युवा

प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का मिलेगा अवसर- रेखा आर्या

देहरादून। प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। खेल नीति-2021 के अंतर्गत पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति प्रदान किए जाने को लेकर शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी।

प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने इस महत्वपूर्ण निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को बधाई दी। खेल मंत्री ने कहा कि “खेलगा युवा तो आगे बढ़ेगा युवा” के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार लगातार खिलाड़ियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति से प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा।

खेल मंत्री ने बताया कि नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में 34 स्वर्ण, 115 रजत और 94 कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण, गृह, परिवहन, वन तथा शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में समायोजित किया जाएगा।

खेल मंत्री ने साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो ताकि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित कर सकें।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के सभी खेल प्रेमियों एवं पदक विजेता खिलाड़ियों को इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp