Friday, November 20, 2026
2:11 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में जिला अस्पतालों को सशक्त बनाने के दिए निर्देश

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में जिला अस्पतालों को सशक्त बनाने के दिए निर्देश

चारधाम मार्गों के अस्पतालों को किया जाएगा सशक्त, यात्रा के दौरान अन्य अस्पतालों पर निर्भरता घटेगी

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिला अस्पतालों एवं उप जिला अस्पतालों को चिकित्सकों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं उपकरणों से परिपूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अस्पतालों में मैनपावर, उपकरण एवं आधारभूत चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने की बात कही।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की मान्यता प्राप्त करने की दिशा में कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि NAAC की मान्यता के लिए पात्रता मापदंडों को पूर्ण किए जाने के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए इस दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जर्मनी और जापान में नर्सिंग के क्षेत्र में जॉब की अत्यधिक सम्भावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा कराए जाने वाले नर्सिंग कोर्स में जर्मन और जापानी भाषाओं को भी सिखाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय एवं अन्य भाषायी संस्थानों को जोड़ा जा सकता है।

मुख्य सचिव ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में भारतीय चिकित्सा पद्यति अत्यधिक महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एलोपैथिक चिकित्सा के साथ ही भारतीय चिकित्सा पद्यति को भी शामिल किया जाए। इसके लिए ऐलोपैथी और आयुष को मिलकर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।

मुख्य सचिव ने चारधाम मार्गों पर स्थित अस्पतालों के मजबूतीकरण पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पताल को आधारभूत चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों से पूर्णतः परिपूर्ण किया जाए। इन्हीं अस्पतालों को सक्षम बना कर चारधाम यात्रा के दौरान अन्य अस्पतालों से चिकित्सकों की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन कारगर सिद्ध हो रही रही है। इसे आगे भी जारी रखा जाए। उन्होंने इसके लिए डेडीकेटेड टीम लगाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए दूरस्थ क्षेत्रों में स्थिति स्वास्थ्य केन्द्रों में कनेक्टिविटी बढ़ायी जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। दो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों डाईवाला एवं भटवाड़ी को उप जिला अस्पतालों में अपग्रेड किया जा रहा है। रूद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का कार्य प्रगति पर है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्स और लैब तकनीशियनों की भर्ती के साथ ही स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य से अधिक सफलता प्राप्त किया गया है।

इस अवसर पर मिशन निदेशक श्रीमती स्वाति भदौरिया, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी एवं महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


चार दिनों में बाबा केदार के दर्शनार्थियों की संख्या पहुँची 1 लाख के पार

धामी सरकार के कुशल प्रबंधन से यात्रा बन रही सुविधाजनक और सुरक्षित

देहरादून। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। केदारनाथ में चौथे दिन दर्शनार्थियों का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया है। बता दें की विगत 30 अप्रैल को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो गया था। इसके बाद दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के बेहतर यात्रा प्रबंधन के चलते यात्रा दिनोंदिन जोर पकड़ रही है।

केदारनाथ धाम की यात्रा सबसे कठिन होने के बावजूद यहां बाबा के दर्शन को भक्तों का तांता लगा हुआ है। यहां चार दिनों में ही दर्शनार्थियों की संख्या एक लाख पांच हजार 879 पहुंच गई है। यात्रा के चौथे दिन सोमवार को 26180 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।

श्री केदारनाथ धाम सनातन धर्म का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। यहां हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। बाबा केदार के आशीर्वाद से इस वर्ष भी यात्रा नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का पुनर्विकास किया गया है। सरकार ने सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का हर प्रकार से ध्यान रखा गया है। तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पैदल यात्रा मार्ग में साफ सफाई से लेकर पानी, शौचालय और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत जरूरतों पर खास फोकस किया गया है।
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड


उत्तराखंड में कृषि और ग्रामीण विकास में हो रहा है बेहतरीन कार्य – चौहान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झंगोरा के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की पैरवी की

देहरादून। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में कृषि उत्पादन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की है।
सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मुख्यमंत्री आवास देहरादून में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य में खेती का रकबा कम होने के बावजूद उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए देशभर में वैज्ञानिकों की 2,000 टीमें बनाई जा रही हैं, जो जनपदों में जाकर स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुसार किसानों को प्रशिक्षित करेंगी। उन्होंने राज्य सरकार से दीर्घकालिक कृषि योजना तैयार करने और भारत सरकार को प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया।

चौहान ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को ग्रामीण विकास के लिए एक एंकर संस्था के रूप में स्थापित करने के सुझाव की भी सराहना की। उन्होंने राज्य के विशिष्ट उत्पादों जैसे लाल चावल, फिंगर मिलेट, जंगली शहद आदि के ब्रांडिंग व मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए एनआरएलएम के सहयोग की घोषणा की।

बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, ग्राम सड़क योजना और “लखपति दीदी” अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक विस्तृत सर्वे के माध्यम से कच्चे मकानों में रह रहे पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सड़क हादसे में घायल हुए ‘इंडियन आइडल’ 12 के विजेता पवनदीप राजन, हालत गंभीर

गजरौला में कैंटर से टकराई कार, दो अन्य लोग भी घायल

देहरादून।  टीवी रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ के विजेता और लोकप्रिय सिंगर पवनदीप राजन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। हादसा उस समय हुआ जब पवनदीप उत्तराखंड से नोएडा की ओर जा रहे थे। रास्ते में गजरौला के पास उनकी कार हाईवे किनारे खड़े एक कैंटर में पीछे से जा टकराई।

इस टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पवनदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद उनके मित्र अजय मेहरा और ड्राइवर राहुल सिंह भी इस दुर्घटना में जख्मी हो गए हैं। तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पवनदीप राजन उत्तराखंड के चंपावत जिले से हैं और अपनी सुरीली आवाज के लिए पूरे देश में मशहूर हैं। ‘इंडियन आइडल 12’ जीतने के बाद उन्होंने कई स्टेज शोज़ किए और म्यूज़िक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

उनकी अचानक हुई इस दुर्घटना से उनके प्रशंसक बेहद चिंतित हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्दी स्वस्थ होने की दुआएं की जा रही हैं।


केदारनाथ यात्रा से महिला समूहों को मिल रहा कारोबार

प्रसाद, सोवेनियर, स्थानीय उत्पाद के स्टॉल से लेकर होमस्टे का कारोबार

रुद्रप्रयाग।  केदारनाथ यात्रा से इस साल भी रुद्रप्रयाग जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों को काम मिल रहा है। जनपद के करीब डेढ़ सौ समूह, प्रसाद, जौ, तिल, कॉइन सोवेनियर, स्थानीय उत्पादों की बिक्री करने से लेकर होमस्टे और यात्रा मार्ग पर जलपान गृह तक संचालित कर रहे हैं। जिससे सैकड़ों महिलाओं की आजीविका को सहारा मिल रहा है। केदारनाथ प्रसाद की ऑनलाइन भी खरीद की जा सकती है। इसके साथ ही उद्योग विभाग के भटवाड़ीसैंण स्थित ग्रोथ सेंटर में केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति सोवेनियर के रूप में तैयार की जाती है। जिसे श्रद्धालु केदारनाथ मंदिर से स्मृतिचिह्न के रूप में अपने साथ ले जाते हैं। जिला उद्योग केंद्र रुद्रप्रयाग द्वारा संचालित इस ग्रोथ सेंटर का भी स्थानीय महिलाएं ही संचालन करती हैं। इस वर्ष अब तक पाँच हजार प्रतिकृतियाँ तैयार की जा चुकी हैं तथा यह क्रम जारी है।

जखोली – जखोली ब्लॉक में करीब 50 महिला स्वयं सहायता समूह यात्रा से जुड़ा कारोबार कर रहे हैं। इसमें 30 समूह प्रसाद तैयार कर रहे हैं, जबकि 10 समूह धूपबत्ती बनाने और 10 अन्य समूह पहाड़ी उत्पादों को बेचने का काम कर रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने इन्हें दुकानें भी आवंटित की हुई हैं, जहाँ बद्री गाय का घी 1200 रुपए प्रति किलो की दर पर उपलब्ध है।

अगस्त्यमुनि – अगस्त्यमुनि ब्लॉक में करीब 38 महिला समूह यात्रा कारोबार से जुड़े हैं। समूह सोवेनियर बनाने से लेकर, प्रसाद पैकेजिंग और स्थानीय उत्पाद यात्रा मार्ग पर बेच रहे हैं। कुछ समूह यात्रा मार्ग पर जलपान गृह भी संचालित कर रहे हैं। इससे करीब 90 महिलाओं को रोजगार मिला हुआ है।

उखीमठ – उखीमठ ब्लॉक में करीब 60 महिला समूह यात्रा से संबंधित व्यवसाय कर रहे हैं। 48 महिलाएं सीधे तौर पर प्रसाद तैयार कर रही हैं, जबकि शेष सोवेनियर निर्माण, जलपान गृह, यात्रियों को ठहराने के लिए टेंट संचालन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं।

चारधाम यात्रा महिला समूहों की आर्थिकी का आधार बन रही है। सरकार इसके लिए महिला समूहों को यात्रा मार्ग पर स्टॉल उपलब्ध कराने से लेकर हर तरह की सहायता दे रही है। महिलाएं स्थानीय उत्पादों की बिक्री कर वोकल फॉर लोकल के नारे को भी चरितार्थ कर रही हैं। सभी तीर्थ यात्रियों से अपील है कि वे स्थानीय समूहों के गुणवत्तापरक उत्पादों को खरीदने का प्रयास करें।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, विशेष पूजा कर विश्व कल्याण की करी कामना

डॉ. सौरभ गहरवार के निर्देशन में केदारघाटी में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रा व्यवस्था, टोकन प्रणाली के लिए जिला प्रशासन की सराहना की

उत्तराखंड के निरंतर विकास और नागरिकों की खुशहाली के लिए भी मांगा बाबा से आशीर्वाद

केदार घाटी का प्रत्येक कण शिवमय- राज्यपाल

केदारनाथ धाम। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा संपूर्ण विश्व, मानवता एवं उत्तराखंड के सतत विकास के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा। धाम आगमन पर जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने वीआईपी हैलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात राज्यपाल ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया और तत्पर सेवाभाव के लिए उनकी सराहना की।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने तीर्थ पुरोहित समाज से भी भेंट की, जिनके द्वारा पारंपरिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया गया। उन्होंने इस अवसर को अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक बताते हुए पुरोहित समाज के योगदान को सराहा। बाबा केदारनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के दौरान राज्यपाल ने शांतिपूर्ण विश्व, जनकल्याण, उत्तराखंड की प्रगति और मानवता की भलाई के लिए विशेष प्रार्थना की। पूजा संपन्न होने के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा, “शिवभक्त से बड़ा इस संसार में कोई नहीं है। केदारघाटी के कण-कण में भगवान शिव का वास है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की छवि स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होती है। इस दिव्य भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”

पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रा व्यवस्था, टोकन प्रणाली के लिए जिला प्रशासन की सराहना की

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस अवसर पर केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार ने राज्यपाल को बताया कि केदारनाथ में चल रहे अधिकांश पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने संगम घाट, संगम ब्रिज, सरस्वती ब्रिज एवं अन्य पुनर्निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के साथ साथ यात्रा प्रबंधन, विशेषकर इस वर्ष प्रारंभ की गई टोकन व्यवस्था को लेकर सम्पूर्ण प्रशासनिक टीम को बधाई दी। उन्होंने जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के नेतृत्व में लगातार 3 वर्षों से केदारनाथ यात्रा के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना की और कहा कि पिछले तीन वर्षों की यात्रा व्यवस्था एवं प्रबंधन में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जिला प्रशासन पर विश्वास जताते हुए कहा कि वर्तमान में जो भी पुनर्निर्माण कार्य शेष हैं उन्हें भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर लिया जाए।

राज्यपाल को यह भी अवगत कराया गया कि तीर्थ पुरोहितों के लिए बनाए जा रहे भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा भूमि एवं भवनों आवंटन जैसे मुद्दों का निराकरण कर लिया गया है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहितों एवं जिला प्रशासन की इस समन्वित पहल के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।
राज्यपाल ने यात्रा मार्ग पर चिकित्सा व्यावस्थाओं, सुरक्षा एवं अन्य जनसुविधाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, SDRF, NDRF और मंदिर समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में इन सभी विभागों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी पूरी निष्ठा से सेवा करें।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन और पुलिस दोनों पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे हैं तथा किसी भी श्रद्धालु को यात्रा के दौरान असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पुलीस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कौंडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, मेजर सुमित कुमार, प्रमोद चमोली तथा बद्री-केदार मन्दिर समिति से मुख्य प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी, युद्धवीर पुष्पवाण, अनिल शुक्ला, विक्रम रावत, ललित त्रिवेदी एवं अन्य उपस्थित रहे।


भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि, जीनोम संपादित धान की दो नई किस्में की विकसित

‘कमला’ और ‘पूसा डीएसटी राइस-1’ से होगा जलवायु परिवर्तन का सामना और बढ़ेगा उत्पादन

नई दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने जीनोम एडिटिंग तकनीक के माध्यम से धान की दो अत्याधुनिक किस्में विकसित की हैं, जो कम लागत, कम पानी और कम समय में अधिक उत्पादन देने में सक्षम हैं। इन किस्मों के जरिए भारत ने दुनिया में पहली बार जीनोम संपादित चावल की किस्में व्यावसायिक रूप से तैयार करने का कीर्तिमान रच दिया है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘कमला (डीआरआर-100)’ और ‘पूसा डीएसटी राइस-1’ नामक इन किस्मों को राष्ट्र को समर्पित किया।

चौहान ने इसे भारतीय कृषि शोध की “ऐतिहासिक छलांग” बताते हुए कहा कि ये किस्में दूसरी हरित क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेंगी और जल्द ही किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इनसे जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी मदद मिलेगी।

जलवायु-उपयुक्त और उच्च उत्पादकता वाली किस्में

कमला और पूसा डीएसटी राइस-1 किस्में जीनोम संपादन तकनीक से तैयार की गई हैं, जिसमें फसलों के डीएनए में सूक्ष्म परिवर्तन कर उन्हें अधिक उत्पादक और अनुकूल बनाया गया है। इन पर आईसीएआर ने 2018 से कार्य किया और इन्हें भारत के प्रमुख धान उत्पादक राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, यूपी, बंगाल, आंध्र, तमिलनाडु आदि की परिस्थितियों के अनुसार विकसित किया गया है।

इन किस्मों से देश में लगभग 45 लाख टन अतिरिक्त धान उत्पादन का अनुमान है, साथ ही ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में 20% की कमी और सिंचाई की संख्या में भी तीन बार तक की कटौती संभव होगी।

कमला और पूसा डीएसटी राइस-1 की विशेषताएं

कमला (DRR-100) को हैदराबाद स्थित भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान ने प्रसिद्ध सांबा महसूरी से विकसित किया है। यह किस्म 20 दिन पहले तैयार हो जाती है, कम पानी की जरूरत होती है और उपज 20–30% अधिक हो सकती है।

पूसा डीएसटी राइस-1 को पूसा (नई दिल्ली) द्वारा एमटीयू 1010 किस्म से विकसित किया गया है। यह खासकर दक्षिण भारत के रबी मौसम के लिए उपयुक्त है और 20% अधिक उपज देती है।

इन सफलताओं के पीछे वैज्ञानिकों की एक टीम का योगदान रहा है, जिनमें डॉ. सत्येंद्र मंग्राउथिया, डॉ. आर.एम. सुंदरम, डॉ. विश्वनाथन सी, डॉ. अर्चना वत्स और अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।


उत्तराखण्ड को केन्द्र सरकार की बड़ी सौगात- ज्योतिर्मठ पुनर्विकास के लिए 291 करोड़ मंजूर

मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार, बोले— सुरक्षित और सुनियोजित शहर बनेगा ज्योतिर्मठ

देहरादून। केन्द्र सरकार ने उत्तराखण्ड को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केन्द्र सरकार ने ज्योतिर्मठ को आपदा से सुरक्षित करने के लिए 291.15 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है।

मुख्यमंत्री ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ज्योतिर्मठ के सुनियोजित विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की देवतुल्य जनता के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से न केवल आपदा प्रभावित क्षेत्र को स्थिरता मिलेगी, बल्कि भगवान बदरीविशाल के दर्शनों हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, नरसिंह मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

भू-धंसाव से पुनर्निर्माण तक: कैसे बदलेगा ज्योतिर्मठ

2 जनवरी 2023 को ज्योतिर्मठ में भू-धंसाव के कारण कई घरों और संरचनाओं में दरारें आई थीं, जिससे लगभग 22 प्रतिशत संरचनाएं प्रभावित हुई थीं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की और विशेषज्ञ टीमों द्वारा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कराया गया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर एनडीएमए, यूएसडीएमएम, आईआईटी रुड़की, यूएनडीपी, सीबीआरआई, वाडिया इंस्टीट्यूट और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञों की 35 सदस्यीय टीम ने अप्रैल 2023 में क्षेत्र का दौरा किया और पीडीएनए (Post Disaster Need Assessment) किया। इस आकलन में पुनर्निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, सड़क और पुलों जैसी बुनियादी जरूरतों का विश्लेषण किया गया।

सुदृढ़ और सुरक्षित अवसंरचना का होगा निर्माण

उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित योजनाओं में प्रारंभिक चरण में अस्थिर क्षेत्रों को स्थिर करने, जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे कार्य शामिल हैं। अलकनंदा नदी के किनारे ‘टो प्रोटेक्शन’, ढलान स्थिरीकरण और जल एवं स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाओं की डीपीआर तैयार कर गृह मंत्रालय को भेजी गई थी।

मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार किए गए अनुरोधों और गृह मंत्रालय की सिफारिशों के फलस्वरूप यह धनराशि स्वीकृत हुई है। इससे योजनाबद्ध रूप से ज्योतिर्मठ को स्थिर और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

“भगवान बदरीविशाल के कपाट खुलने की पूर्व संध्या पर केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को बड़ी सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हार्दिक आभार। ज्योतिर्मठ के सुनियोजित विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। देवतुल्य जनता को भरोसा दिलाता हूं कि एक सुरक्षित, विकसित, सुनियोजित और सुंदर ज्योतिर्मठ शहर का सपना जल्द साकार होगा। इसके लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


यात्रा के दौरान “अतिथि देवो भव:” की परम्परा का ध्यान रखें- महाराज

बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

जीएमवीएन की बुकिंग पहुंची ग्यारह करोड़ चौरासी लाख के पार

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुलने पर समस्त सनातन धर्मावलंबियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री यमुनोत्री, श्री गंगोत्री, श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के प्रमुख चारधामों में से एक बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देने के साथ साथ हेमन्त द्विवेदी को श्री बद्रीनाथ श्री केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष बनने और ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कपरवाण को बीकेटीसी के उपाध्यक्ष बनाये जाने पर शुभकामनाएं दी हैं।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन से अपील करते हुए पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि “अतिथि देवो भव” की परम्परा का निर्वाह करते हुए चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रृद्धालुओं के स्वागत और सत्कार का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होंने श्रृद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन का सहयोग करते हुए सभी श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए यात्रा में आने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें और अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार यात्रा की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए आवश्यक दवाएं और उपकरण साथ रखें। यात्रा के लिए आवश्यक दस्तावेज़, जैसे कि पहचान पत्र और यात्रा अनुमति, साथ रखें। यात्रा के दौरान सरकार की गाईड लाईन और दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें।

उन्होने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर श्रृद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। 30 अप्रैल 2025 से प्रारम्भ हुई चारधाम यात्रा के पंजीकरण के तहत अभी तक 24,37, 444 (चौबीस लाख सैंतीस हजार चार सौ चवालीस) यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। जबकि डेढ़ लाख के लगभग श्रद्धालु अभी तक धामों में दर्शनों का लाभ उठा चुके हैं।

धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री  महाराज ने बताया कि फरवरी 2025 से शुरू हुई जीएमवीएन गेस्ट हॉउसों की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग के तहत अभी तक कुल 11,84,78,601 (ग्यारह करोड़ चौरासी लाख अट्ठहत्तर हजार छह सौ एक) रुपये से अधिक की बुकिंग भी की जा चुकी है।


भाजपा नेता और वरिष्ठ पत्रकार बीरेंद्र सिंह असवाल का 93 वर्ष की आयु में निधन

कोटद्वार में बीरेंद्र सिंह असवाल को अंतिम विदाई, हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष और प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के पौड़ी जिला संवाददाता रहे वरिष्ठ पत्रकार बीरेंद्र सिंह असवाल का लंबी बीमारी के बाद 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

बीरेंद्र सिंह असवाल ने अपने जीवन में कोटद्वार प्रेस क्लब के संरक्षक, भाजपा नगर अध्यक्ष और संयुक्त कर्मचारी संघ कोटद्वार मंडल के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से पत्रकारिता, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

रविवार को कोटद्वार के मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर कोटद्वार के महापौर शैलेंद्र रावत ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “बीरेंद्र सिंह असवाल जैसे समर्पित कार्यकर्ता का जाना अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भाजपा को समर्पित किया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।”

स्वर्गीय असवाल अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्रियाँ छोड़ गए हैं। उनके परिजनों और शुभचिंतकों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp