Friday, November 20, 2026
2:19 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जिन्होंने मांग का सिंदूर उजाड़ा, हमारी सेना नें उन्हें उजाड़ फेंका- रेखा आर्या

Category Archives: राष्ट्रीय

जिन्होंने मांग का सिंदूर उजाड़ा, हमारी सेना नें उन्हें उजाड़ फेंका- रेखा आर्या

कैबिनेट मंत्री बोली पराक्रम के साथ ही भारत ने महिला सशक्तिकरण का भी दिया संदेश

भगवानपुर में किया कामकाजी महिला छात्रावास का भूमि पूजन

भगवानपुर हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जिन आतंकियों और उनके आकाओं ने कुछ भारतीय महिलाओं की मांग का सिंदूर उजाड़ने का दुस्साहस किया था, भारत नें ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उन्हें ही मिट्टी में मिला दिया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बुधवार को भगवानपुर में कामकाजी महिला छात्रावास का भूमि पूजन किया।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह कामकाजी महिला छात्रावास 279.05 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा और यह लगभग 750 वर्ग मीटर के एरिया में फैला होगा। उन्होंने कहा कि छात्रावास के बनने से भगवानपुर और आसपास के क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं को आवास संबंधी समस्या से मुक्ति मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि आज हर भारतवासी के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि हमारी बहादुर सेना ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इसे ऑपरेशन सिंदूर का नाम भी इसीलिए दिया ताकि कोई आतायी भविष्य में ऐसी वारदात करने का दुस्साहस न कर सके।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस अभियान की सफलता के बाद इसकी जानकारी देने के लिए भी सेना की दो महिला अधिकारी सामने आई, जिससे पूरी दुनिया में संदेश गया कि भारत की नारियां कितनी सशक्त हैं।

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्याम वीर सैनी, विधायक ममता राकेश, उपनिदेशक विक्रम सिंह, डीपीओ सुलेखा सहगल, राज्य परियोजना अधिकारी आरती बलोदी, धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे

महालक्ष्मी किट और किशोरी किट का वितरण

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने पात्र महिला और किशोरियों को महालक्ष्मी किट और किशोरी किट का वितरण भी किया इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत छात्रावास निर्माण स्थल पर पौधा भी रोपा।


पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर जताई खुशी, कहा- आतंकवाद पर सटीक प्रहार

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने पहलगाम हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर पर खुशी का इजहार किया है। डा. अग्रवाल ने कहा है कि भारत की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास करती है। उन्होंने पीएम मोदी सहित सेना के जवानों को बधाई दी है।

डा. अग्रवाल ने कहा कि यह भारत की कुटनीतिक जीत है, जिसमें वहां की जनता को नुकसान पहुंचाए बिना आतंकवाद पर गहरा प्रहार किया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों और उनके समर्थकों को अपने यहां पनाह देता है, ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना ने जो साहसिक परचम देते हुए आतंकवाद पर चोट पहुंचाई है, वह सराहनीय है।

डा. अग्रवाल ने पहलगाम हमले की जवाब में की गई कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सेना के जवानों को बधाई दी है।


बीजापुर की पहाड़ियों में बड़ा ऑपरेशन, सुरक्षा बलों ने 18 से अधिक नक्सली किये ढेर

15 दिन से चल रहा अभियान बना निर्णायक, टॉप नक्सली निशाने पर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा क्षेत्र की कठिन पहाड़ियों में सुरक्षा बलों ने नक्सल-विरोधी अभियान को निर्णायक दिशा में मोड़ते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में 18 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह संख्या और भी बढ़ सकती है क्योंकि तलाशी अभियान अभी भी जारी है। मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

यह अभियान बीते 15 दिनों से लगातार चल रहा है और अब तक कई नक्सली मार गिराए जा चुके हैं। कर्रेगुट्टा की दुर्गम भौगोलिक स्थिति के बावजूद सुरक्षा बलों ने साहसिकता के साथ क्षेत्र में गश्त और सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में शीर्ष नक्सली नेताओं और बटालियन नंबर एक की मौजूदगी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद ऑपरेशन को और तीव्र कर दिया गया। अधिकारियों का मानना है कि यह मुठभेड़ नक्सल नेटवर्क को एक बड़ा झटका है, हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट में “हाउस ऑफ हिमालयाज” के स्टोर का किया शुभारंभ

हाउस आफ हिमालयाज के प्रमोशन को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाएगी केंद्र सरकार- केंद्रीय मंत्री

जॉलीग्रांट। अब देश – विदेश से उत्तराखंड आने वाले सैलानियों को एयरपोर्ट में ही उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों पर आधारित हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद मिल सकेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट में “हाउस ऑफ हिमालयाज” स्टोर का शुभारंभ किया। इस स्टोर के खुलने से राज्य के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री से राज्य की आर्थिकी भी सशक्त होगी।

राज्य सरकार को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के अथक प्रयासों से हाउस ऑफ हिमालयाज के स्टोर विभिन्न एयरपोर्ट में खोले जाने से उत्तराखंड के इस अंब्रेला ब्रांड को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा इन उत्पादों गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग भी सर्वश्रेष्ठ है। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों का लाभ उत्तराखंड के साथ देश को भी मिलेगा। उन्होंने कहा हाउस आफ हिमालयाज के प्रमोशन और अन्य कामों के लिए भारत सरकार, उत्तराखंड में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाएगी। इनसे एक ओर जहां गुणवत्तापूर्ण उत्पाद आम लोगों को मिलेंगे वहीं दूसरी ओर किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के स्टोर खुलने से राज्य के उत्पादों को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा यह स्टोर राज्य के किसानों, कारीगरों, महिलाओं और छोटे उद्यमियों के परिश्रम और हुनर का भी प्रतीक है। स्थानीय उत्पाद राज्य की संस्कृति, परंपरा और पहचान का भी हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाउस ऑफ हिमालयाज का शुभारंभ किया था। आत्मनिर्भर उत्तराखंड की भावना को साकार करने के लिए राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रही। इससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही हैं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सचिव श्रीमती राधिका झा, अपर सचिव श्रीमती अनुराधा पाल, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर आयुक्त ग्राम्य विकास राजेन्द्र सिंह रावत, मुख्य अभियन्ता वी.वी.एस रावत, अधीक्षण अभियन्ता अनिल कुमार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


ऑपरेशन सिंदूर- भारत का पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला, कई आतंकी ढेर

नई दिल्ली। भारत ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम उठाते हुए मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। इन हमलों में 70 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर और हाफिज सईद का बेटा ताल्हा सईद भी शामिल है।

भारतीय वायुसेना ने राफेल और सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के साथ प्रिसिशन गाइडेड हथियारों का इस्तेमाल करते हुए यह ऑपरेशन अंजाम दिया। हमले भारतीय क्षेत्र से ही संचालित किए गए और सभी लक्ष्यों को खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर सटीकता से निशाना बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित नियंत्रण कक्ष से पूरे अभियान पर नजर रखी।

निशाने पर थे ये ठिकाने:
पाकिस्तान में: मुरीदके (लश्कर का प्रशिक्षण केंद्र), बहावलपुर (जैश मुख्यालय)

PoK में: कोटली, मुजफ्फराबाद, भिंवर, निकियाल, खारीयां, दुलाई और अथमुकाम – सभी आतंकी लॉन्चिंग पैड, प्रशिक्षण और समन्वय केंद्र

रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस ऑपरेशन में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। यह केवल आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ की गई रणनीतिक कार्रवाई थी।

पाकिस्तान की प्रतिक्रिया:
पाकिस्तान ने भारत के हमलों को अपनी संप्रभुता का उल्लंघन और “युद्ध जैसी कार्रवाई” बताया है। उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने दावा किया कि हमलों में नागरिक क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है, जबकि भारत ने इन आरोपों को खारिज किया है।

पाकिस्तानी सेना ने इसके जवाब में नियंत्रण रेखा (LOC) पर भारी गोलीबारी शुरू की है, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। बहावलपुर में अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है और पंजाब प्रांत में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

जन प्रतिक्रिया:
भारत में इस कार्रवाई को आतंक के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है, वहीं पाकिस्तान में जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।


निर्बाध गति से चल रही है चारधाम यात्रा- महाराज

जीएमवीएन की बुकिंग पहुंची बारह करोड़ के पार

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि चारधाम यात्रा सुव्यवस्थित एवं निर्बाध गति से चल रही है। पहलगाम की घटना के बाद युद्ध के हालात बनने की संभावनाओं के कारण अभी फिलहाल मसूरी एवं प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं है लेकिन जैसे जैसे हालात सामान्य होंगे निश्चित रूप से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड का रुख करेंगे।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने होटल व्यवसायियों से अनुरोध किया है कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वह अपनी सभी सेवाओं को अतिथि देवो भव: की अपनी संस्कृति के अनुरूप गुणवत्ता युक्त रखें ताकि प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रृद्धालुओं और प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों के स्वागत और सत्कार का हम सभी को विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए।

महाराज ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर श्रृद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। 30 अप्रैल 2025 से प्रारम्भ हुई चारधाम यात्रा के पंजीकरण के तहत अभी तक 25,26, 866 (पच्चीस लाख छब्बीस हजार आठ सौ छियासठ) यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। जबकि ढाई लाख के लगभग श्रद्धालु अभी तक धामों में दर्शनों का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जीएमवीएन के गेस्ट हाऊसों के आधार पर कहा जा सकता है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम का रुख करेंगे। कहा कि फरवरी 2025 से शुरू हुई जीएमवीएन गेस्ट हॉउसों की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग के तहत अभी तक कुल 12,12,34,844 (बारह करोड़ बारह लाख चौंतीस हजार आठ सौ चवालीस) रुपये से अधिक की बुकिंग भी की जा चुकी है।


बीकेटीसी के नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने संभाला कार्यभार

कार्यभार ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति

देहरादून। बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के ( बीकेटीसी ) नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी,उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने बीकेटीसी के देहरादून स्थित कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया जबकि उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती 12 मई को जोशीमठ में कार्यभार ग्रहण करेंगे । इससे पहले मंदिर समिति कार्यालय देहरादून में हवन यज्ञ तथा पूजा-अर्चना संपन्न हुई । इस अवसर पर बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल भी हवन तथा पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें बीकेटीसी अध्यक्ष के रूप में देवभूमि की सेवा का मौका मिला है।उत्तराखंड में पर्यटन तीर्थाटन का बेहतर प्रबंधन उनकी प्राथमिकता है।

कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड चार धामों के कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहे तथा प्रदेश सरकार ने सुगम तथा सुरक्षित तीर्थयात्रा का संदेश दिया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने धामों की पौराणिक महत्ता, परंपरा तथा पहचान अर्थात थ्री “पी” पर फोकस कर अपनी बात रखी। कहा हमारे तीर्थस्थल पौराणिक है सदियों से आध्यात्मिक उर्जा के स्रोत है ।

दूसरा हमारी परंपराओं‌ के वाहक साथ ही हमारी पहचान भी है उन्होंने कहा कि कपाट खुलने के बाद श्री बदरीनाथ धाम तथा श्री बदरीनाथ धाम यात्रा निर्बाध गति से चल रही है। बड़ी संख्या में तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच रहे है।तीर्थयात्रियों की मंदिरों में सरल सुगम दर्शन, सुरक्षा,स्वास्थ्य परिवहन‌, संचार तथा मौसम, आपदा प्रबंधन यात्रा व्यवस्थाये चाक-चौबंद की गयी है। मंदिर समिति तथा प्रशासन के तालमेल से यात्रा सरल सुगम गति से चल रही है।

बीकेटीसी पदाधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करते समय पूर्व‌ विधायक राजीव शुक्ला, मुख्य मंत्री के चारधाम यात्रा सलाहकार डा. बी.डी. सिंह, पूर्व दायित्व धारी मजहर नईम नवाब, बदरीनाथ धाम के पूर्व रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, श्रेयांस द्विवेदी, अजय जी,बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी निजी सचिव प्रमोद नौटियाल, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, पुजारी वीरेंद्र सेमवाल सहित बड़ी संख्या में मंदिर समिति कर्मचारी तथा पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने धनवीर सिंह नेगी के परिवार को ₹1.50 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा

मंत्री जोशी ने कहा – कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में उत्तरकाशी जनपद के पुरोला ब्लॉक के ग्राम हुडोली निवासी धनवीर सिंह नेगी के परिजनों को ₹1.50 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा।

विदित हो कि धनवीर सिंह नेगी यूपीसीएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत थे और अप्रैल माह में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से उनका दुखद निधन हो गया था। मंत्री जोशी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके पिता बलबीर सिंह नेगी को चेक प्रदान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपनल के माध्यम से शीघ्र ही दुर्घटना बीमा के अंतर्गत 50 लाख रुपये की एकमुश्त राशि भी परिजनों को दी जाएगी। इस दौरान मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर उपनल एमडी बिग्रेडियर (सेनि) जेएनएस बिष्ट, पिता बलबीर सिंह नेगी, प्रकाश रावत, हेमराज रावत आदि उपस्थित रहे।


मौसम विभाग के एलर्ट पर एक्शन में आपदा प्रबंधन विभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपदों के साथ की बैठक

एलर्ट को देखते हुए सभी प्रभावी सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश

कहा-बारिश अधिक हो तो चारधाम यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया जाए

देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा उत्तरकाशी जनपद के लिए 07 और 08 मई को भारी से बहुत भारी वर्षा, बर्फबारी, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि के रेड अलर्ट तथा शेष अन्य जनपदों के लिए 06, 07 एवं 08 मई को ऑरेंज तथा येलो अलर्ट के पूर्वानुमान जारी किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग विनोद कुमार सुमन से जानकारी ली तथा जनपदों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश पर उपाध्यक्ष, राज्य सलाहकार समिति, आपदा प्रबंधन विभाग विनय कुमार रुहेला तथा सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग विनोद कुमार सुमन ने सोमवार को सभी जनपदों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर एलर्ट को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस संबंध में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भी भेजा है।

विनय कुमार रुहेला ने कहा कि मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को सभी जनपद गंभीरता से लें और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित गति से रिस्पांस किया जाए। यदि अत्यधिक बारिश हो रही हो तो चारधाम यात्रियों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया जाए और बारिश रुकने के बाद ही उन्हें आगे रवाना किया जाए।

बैठक के दौरान सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग विनोद कुमार सुमन ने कहा कि  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आपदाओं का प्रभावी तरीके से सामना करने के लिए समुदायों को जोड़ने की पहल प्रारंभ कर दी गई है। इस दिशा में शुरुआत टिहरी जनपद द्वारा की गई है। टिहरी के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रत्येक गांव में पांच लोगों का एक समूह बनाया है, जो किसी भी प्रकार की आपदा घटित होने पर इसकी सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देंगे। इनके नंबर डीईओसी में उपलब्ध रहेंगे। यदि इस ग्रुप के एक सदस्य का फोन नहीं लगेगा तो दूसरे के फोन पर संपर्क किया जा सकेगा। आपदा संबंधी किसी भी प्रकार की सूचनाओं के आदान-प्रदान में इस समूह की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और उनके द्वारा दी जाने वाली सूचनाओं पर तीव्र गति से एक्शन लिया जाएगा। इससे सूचना मिलने पर प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत ही राहत और बचाव कार्य संचालित करने तथा आवश्यक राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो0 ओबैदुल्लाह अंसारी, रोहित कुमार, डॉ. वेदिका पन्त, डॉ. पूजा राणा, हेमंत बिष्ट, सुश्री तंद्रिला सरकार आदि मौजूद थे।

भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात करें आवश्यक उपकरण

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यात्रा मार्ग में जो भी भूस्खलन संभावित क्षेत्र हैं, वहां जेसीबी तथा अन्य उपकरणों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि कैप यानी कॉमन एलर्ट प्रोटोकॉल के माध्यम से लोगों को मौसम संबंधी एलर्ट को लेकर एसएमएस भेजा जाता है। यह अलर्ट आम लोगों को समय पर मिल रहे हैं या नहीं इसकी भी जांच की जाए और इस संबंध में शीघ्र ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को अवगत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार के अलर्ट प्रत्येक नागरिक तक पहुंचें, इसके लिए ग्रामीणों को जोड़ते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए तथा व्हाट्सएप के माध्यम से अलर्ट तथा आवश्यक जानकारियां प्रेषित करना सुनिश्चित किया जाए।

लोग सूचना दे रहे हैं तो उन्हें गंभीरता से लें
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यदि लोग किसी भी प्रकार की आपदा से संबंधित सूचना दे रहे हैं तो उसे गंभीरता से लिया जाए और उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि कोई लोग भ्रामक सूचनाएं देते हैं तो ऐसे लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।

यात्रियों को रोक रहे हैं तो जलपान की व्यवस्था भी करें
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यदि यात्रियों को मौसम खराब होने के कारण ऐसे स्थान पर रोका जा रहा है, जहां पर दुकानें नहीं हैं, तो वहां यात्रियों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही दूसरे जनपदों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए और यदि यह महसूस हो कि किसी जनपद में बारिश के कारण यात्रियों को रोकने की स्थिति में यात्रियों की संख्या अधिक हो गई है, अथवा जाम लगने की संभावना हो तो यात्रियों को दूसरे जनपद में ही रोक लिया जाए।

नालों की सफाई अभी से करें
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मानसून से आने से पहले नालों की सफाई कर ली जाए ताकि जब मानसून आए तो उस समय जलभराव की दिक्कत ना हो। उन्होंने कहा कि अभी जो बारिश हो रही है, उसमें यह पता भी लग जाएगा कि किन क्षेत्रों में जल भराव हो रहा है और उसके कारण क्या हैं।


राज्य में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ होगा जल्द लागू- सीएम धामी

प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी

हल्द्वानी में उत्तराखंड का प्रथम खेल विश्वविद्यालय एवं लोहाघाट में एक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज खुलेगा

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तराखंड पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन” द्वारा आयोजित “एशियन सब जूनियर-जूनियर मैन एवं वूमेन कप एवं एशियन यूनिवर्सिटी कप पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता 2025” का शुभारंभ किया।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में स्थापित करने उद्देश्य से हमारी सरकार राज्य में शीघ्र ही एक ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू करने जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में प्रत्येक वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। हमारी सरकार हल्द्वानी में उत्तराखंड का प्रथम खेल विश्वविद्यालय एवं लोहाघाट में एक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। प्रदेश में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हमारी सरकार ने एक नवीन खेल नीति लागू की है | इस नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल हयात सेंट्रिक देहरादून में उत्तराखंड पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन” द्वारा आयोजित “एशियन सब जूनियर-जूनियर मैन एवं वूमेन कप एवं एशियन यूनिवर्सिटी कप पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता 2025” का शुभारंभ किया | 5 मई से 12 मई तक आयोजित हो रही इस पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत सहित एशिया महाद्वीप के 16 देशों के करीब 300 से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार ‘मुख्यमंत्री खेल विकास निधि’, ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’, ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना’ तथा ‘खेल किट योजना’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का काम कर रही है।हम ‘उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार’ और ‘हिमालय खेल रत्न पुरस्कार’ प्रदान कर खिलाड़ियों की योग्यता को भी सम्मानित कर रहे हैं। इसके साथ ही हमने राज्य की राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू कर दिया है, जिससे हमारे खिलाड़ियों के परिश्रम और उत्कृष्टता को उचित अवसर और सम्मान मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राचीन भारतीय इतिहास में शारीरिक शक्ति और कौशल का विशेष स्थान रहा है। प्राचीन समय में जहां हमारे पूर्वज मुगदर, गदा और हल जैसे पारंपरिक उपकरणों से अपने बल और परिश्रम का प्रदर्शन करते थे, वहीं आज उनकी जगह वेट लिफ्टिंग और पावरलिफ्टिंग जैसे आधुनिक खेलों ने ले ली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक पावरलिफ्टिंग में वजन उठाने के जो तरीके हैं, वो इन पारंपरिक भारतीय खेलों से ही प्रेरित हैं। पावर लिफ्टिंग जैसी प्रतिस्पर्धाएं न केवल युवाओं में आत्मविश्वास और अनुशासन को बढ़ावा देती हैं, बल्कि उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने में भी अपनी अहम भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकाल के प्रारंभ से ही “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है तथा वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।

उनके मार्गदर्शन में हमारी सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसी वर्ष हमारे राज्य में आयोजित हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य एवं सफल आयोजन ने उत्तराखंड को “देवभूमि” के साथ ही “खेलभूमि” के रूप में भी स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है| इस बार के राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर इतिहास रचते हुए राज्य का गौरव बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।हमने उत्तराखंड में, 517 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्टेडियम बनाने के साथ ही लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण लाकर उत्तराखंड में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है, इसी का परिणाम है कि आज उत्तराखंड केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान बन रहा है।जिसका एक उदाहरण ये “पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता” भी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज यह विश्व स्तरीय स्टेडियम और खेल सुविधाएँ प्रदेश के खिलाड़ियों की ट्रेनिंग का एक मजबूत आधार बन चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल में हार-जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण ‘खेल भावना’ होती है, क्योंकि ये हमें अनुशासन, धैर्य, सहनशीलता और परस्पर सम्मान सिखाती है, जो केवल खेल परिसर तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जीवन के हर पहलू में हमारे लिए मार्गदर्शक बनते हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर सचिव प्रशांत आर्य एवं बड़ी संख्या में विभिन्न देशो के पावर लिफ्टर मौजूद रहे |


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp