Friday, November 20, 2026
2:37 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

“ग्रामीणों के लिए एक और पहल, चकराता में आयोजित किया जाएगा बहुउद्देशीय शिविर”

Category Archives: राष्ट्रीय

“ग्रामीणों के लिए एक और पहल, चकराता में आयोजित किया जाएगा बहुउद्देशीय शिविर”

“आयुष्मान कार्ड से लेकर रोजगारपरक प्रशिक्षण तक, सभी योजनाएं एक छत के नीचे उपलब्ध”

देहरादून। जनपद देहरादून के ग्रामीण क्षेत्रों और सुदूरवर्ती गांवों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 14 मई 2025 को प्रातः 11 बजे, जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज, लाखामण्डल में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर में पूरी तैयारी के साथ भाग लें और मौके पर ही जनमानस को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन फार्म और योजनाओं के विवरण के साथ शिविर में मौजूद रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि 24 विभाग एक ही छत के नीचे अपनी सेवाएं प्रदान करें, जिससे जनसमस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके।

दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान और सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाना डीएम का मुख्य उद्देश्य है। इस शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, प्रमाणपत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, और रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए धरातल पर काम करें और प्रशासन जनता के द्वार जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री धामी ने पूर्णागिरी मंदिर निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री के साथ कई जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित, विकास कार्यों को लेकर जताई प्रतिबद्धता

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई, खटीमा में 254 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन मां पूर्णागिरी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने मंदिर परिसर में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जो कार्यदायी संस्थाएं या ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरतेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने लोहिया हेड कैम्प कार्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर काशीपुर दीपक बाली, अनिल कपूर डब्बू, नगर पालिका खटीमा अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, बीजेपी जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने किया भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में निर्माणाधीन नेपाली सूखा बंदरगाह (ड्रायपोर्ट) तक पहुँचने वाले फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थल पर अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण की गुणवत्ता एवं समयसीमा के अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बनबसा से नेपाल सीमा तक बनने वाला यह मार्ग रणनीतिक, व्यापारिक और सामरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसका निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किया जा रहा है।

इस परियोजना के लिए NHAI को 7.28 हेक्टेयर भूमि विधिवत रूप से हस्तांतरित की जा चुकी है। कुल 3.06 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन मार्ग के निर्माण हेतु प्रारंभिक रूप से 177 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। लेकिन भौगोलिक एवं तकनीकी कारणों से अनुमानित लागत में 80 करोड़ रुपये की वृद्धि संभावित है, जिससे कुल बजट 250 करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है।

निर्माण कार्य मार्च 2023 में प्रारंभ हुआ था और पहले इसे 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य था। किंतु बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण अब यह परियोजना 2027 तक पूर्ण की जाएगी। इस मार्ग में एक फ्लाईओवर, एक बड़ा पुल और दो छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आवागमन की दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।


भारत की सामरिक शक्ति को नई उड़ान, यूपी में शुरू हुई ब्रह्मोस टेस्टिंग फैसिलिटी, राजनाथ सिंह ने वर्चुअली किया शुभारंभ

राजनाथ सिंह बोले – “दिल्ली में रहना जरूरी था, लेकिन यह क्षण मेरे लिए गर्व का विषय है”

लखनऊ। भारत की सामरिक शक्ति को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वर्चुअली ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन और टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में मौजूद रहे। यह परियोजना न केवल प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी, बल्कि देश की सुरक्षा क्षमताओं को भी और अधिक प्रभावी बनाएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सुविधा के लोकार्पण पर आपसे जुड़कर मुझे अत्यंत गर्व महसूस हो रहा है। मैं स्वयं उपस्थित होना चाहता था, लेकिन वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए मेरा दिल्ली में रहना आवश्यक था। इसके बावजूद, इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने का अवसर मेरे लिए अत्यंत विशेष है।”

इस नई फैसिलिटी के शुरू होने से न केवल मिसाइलों के निर्माण और परीक्षण की प्रक्रिया में गति आएगी, बल्कि देश की रक्षा तैयारी और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मौके पर अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा, “ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत देश ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखी है। अगर किसी को इसकी ताकत पर संदेह है, तो पाकिस्तान से पूछ लीजिए।” उन्होंने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ब्रह्मोस प्रोजेक्ट के लिए 200 एकड़ भूमि आवंटित की है, और अब राज्य में मिसाइल निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है।

इस इंटीग्रेशन और टेस्टिंग फैसिलिटी से मिसाइलों की गुणवत्ता नियंत्रण और परीक्षण में अहम योगदान मिलेगा। यह केंद्र उत्तर प्रदेश को रक्षा क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इस परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। वर्ष 2018 में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को रक्षा निर्माण के हब के रूप में विकसित करना है। लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और चित्रकूट जैसे जिले इस कॉरिडोर के प्रमुख केंद्र बनाए जा रहे हैं।

इस कॉरिडोर में हो रहे निवेश से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी, साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ब्रह्मोस निर्माण सुविधा का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जिससे राज्य देश की सामरिक तैयारी में एक अहम स्तंभ के रूप में उभरेगा।


बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने एसएसबी जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की, कहा—”सीमाएं अभेद्य, जवान देश की शान”

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 57 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बनबसा का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने सशस्त्र सुरक्षा बल (एसएसबी.) के अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एस.एस.बी. जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हमारे जवान देश की शान हैं। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सीमाएं, हमारे सुरक्षाबलों की सहायता से पूरी तरह अभेद्य हैं और इनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने सीमा चौकियों की अवस्थापना सुविधाओं, संचार व्यवस्था और जवानों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधारों हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माणा जैसे सीमावर्ती गांवों को “प्रथम गांव” की संज्ञा दी है, जो राष्ट्र की सीमाओं और संस्कृति की पहली पहचान हैं। इन गांवों और सीमाओं की रक्षा में जुटे सभी जवानों को उन्होंने धन्यवाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों से वार्ता भी की, उनकी समस्याओं, अनुभवों और ज़मीनी परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा करते हुए हाल ही में हुए पहलगाम हमले को कायरतापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका मुँहतोड़ जवाब हमारी सेना और सुरक्षाबलों ने दिया है। उन्होंने कहा कि इस समय देशवासियों ने सामूहिक एकता और राष्ट्रवाद का परिचय दिया है—जो किसी भी हथियार से अधिक शक्तिशाली है। मुख्यमंत्री ने सभी सशस्त्र बलों और सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए राष्ट्र सेवा में उनके समर्पण को नमन किया।

इस दौरान डीआईजी एसएसबी अमित शर्मा, जिलाधिकारी चंपावत नवनीत पांडे, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन भदोरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति सहित एसएसबी के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का किया उद्घाटन

एमडीडीए को भवन के संचालन के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ीकैंट स्थित छावनी परिषद कार्यालय के निकट 12.51 करोड़ रुपये की लागत से बने हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है और सामाजिक आयोजनों के लिए क्षेत्रवासियों को सुलभ रहेगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह भवन उनकी जनसेवा की स्मृति को जीवित रखेगा। एमडीडीए को भवन के संचालन के लिए एसओपी तैयार करने और आम लोगों को यह सुविधा उचित दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सेना के पराक्रम, राज्य में रोजगार सृजन, समान नागरिक संहिता, देहरादून में एलिवेटेड रोड योजना, चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं सहित कई विकास कार्यों का उल्लेख किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, एमडीडीए वीसी बंशीधर तिवारी समेत कई गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।


मलिन बस्तियों के पुनर्वास को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की मलिन बस्तियों, विशेषकर बिंदाल और रिस्पना नदी किनारे बसी बस्तियों के पुनर्वास और विस्थापन को लेकर गहन चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नगर निगम और एमडीडीए को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2016 से पहले और बाद बसी बस्तियों की पहचान कर 5 दिन के भीतर अद्यतन सूची प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण जीवन मिले और राजधानी को स्लम मुक्त बनाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर वहां निवास कर रहे परिवारों को सुरक्षित और गरिमामय जीवन देने के लिए पुनर्वास की ठोस योजना तैयार की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुनर्वास स्थलों की भूमि की पहचान शीघ्र की जाए।

डीएम बंसल ने कहा कि स्लम हमारी संवेदनहीनता और लापरवाही का परिणाम हैं, और इन्हें सुधारने की जिम्मेदारी हमारी ही है। उन्होंने सभी विभागों को चेताया कि अब बहानों का समय नहीं है – जमीन, अधिकार क्षेत्र या कानूनी जटिलताओं को लेकर कोई देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रिस्पना और बिंदाल नदियों के किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के लिए सीवर, हाईटेंशन लाइन आदि का विस्थापन और नदी सौंदर्यीकरण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, नगर आयुक्त हेमंत कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


IAS, PCS और सचिवालय सेवा में फेरबदल, राज्य सरकार ने जारी किए आदेश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शनिवार देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के कुल 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में बदलाव करते हुए नए दायित्व सौंपे हैं। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कुछ को नई ज़िम्मेदारियाँ दी गई हैं।

जारी आदेशों के अनुसार, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को वित्त, कार्मिक और सतर्कता विभाग तथा कृषि उत्पादन आयुक्त के पदों से हटाकर उन्हें मुख्य स्थानिक आयुक्त, मुख्य निवेश आयुक्त दिल्ली और तीनों ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।

वहीं, अभिषेक रूहेला को शिक्षा महानिदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि झरना कमठान को इस पद से मुक्त कर वित्त विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।

प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु को अतिरिक्त रूप से वित्त विभाग, कृषि उत्पादन आयुक्त और उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम का निदेशक एवं अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रमुख सचिव एल. फैनई को अवस्थापना विकास आयुक्त की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री के सचिव शैलेश बगौली अब गृह विभाग के साथ-साथ कार्मिक एवं सतर्कता विभाग भी देखेंगे। सचिव दीपेंद्र चौधरी को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग का अतिरिक्त कार्यभार मिला है, जो पहले रविनाथ रमन के पास था।

इसी क्रम में कई अन्य अधिकारियों जैसे सचिव वी. षणमुगम, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान, सी. रविशंकर, सोनिका, रंजना राजगुरू, देव कृष्ण तिवारी, डॉ. अहमद इकबाल, और कई जिलाधिकारियों और CDOs के दायित्वों में बदलाव किया गया है।

PCS अधिकारियों में बंशीलाल राणा, रामदत्त पालीवाल, चंद्रसिंह धर्मशक्तू, अशोक पांडेय, विप्रा त्रिवेदी सहित अन्य को नए दायित्वों के साथ तैनात किया गया है। सचिवालय सेवा के सुरेंद्र सिंह रावत से सचिव पद हटाकर उनकी जगह विप्रा त्रिवेदी को नियुक्त किया गया है।

इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में गति और दक्षता लाना बताया गया है। इस फेरबदल को आगामी नीतिगत चुनौतियों के लिए सरकार की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।


सीजफायर के बावजूद पाकिस्तान की नापाक हरकत, शशि थरूर ने शायरी में सुनाई खरी-खोटी

रॉकेट हमले से कुछ घंटे पहले भारत-पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच संघर्ष विराम पर बनी थी सहमति

नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच हाल ही में शांति वार्ता की कोशिशों के बीच पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया गया है, जिससे देशभर में गुस्से का माहौल है। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान की दोहरी नीतियों पर शायराना अंदाज में तीखा तंज किया है।

पाकिस्तान की नापाक हरकतों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “उसकी फितरत है मुकर जाने की, उसके वादे पे यकीन कैसे करूं?” — इस शेर के जरिए उन्होंने पाकिस्तान की अविश्वसनीयता को उजागर किया।

शनिवार रात नियंत्रण रेखा (LoC) के पार से पाकिस्तान की ओर से रॉकेट दागे गए। इससे कुछ समय पहले ही शशि थरूर ने एक समाचार एजेंसी से कहा था कि, “शांति की जरूरत है और यह प्रयास सराहनीय है, पर हमें पूरी जानकारी मिलना आवश्यक है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत कभी युद्ध को बढ़ावा नहीं देता, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ कठोर संदेश देना भी जरूरी है। उनके अनुसार, भारत ने अपनी कार्रवाई से यह संदेश दे दिया है।

सीजफायर उल्लंघन के पीछे पाकिस्तान का असली चेहरा

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि हाल ही में भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच एक समझौता हुआ था, जिसमें दोनों देशों ने गोलीबारी रोकने पर सहमति जताई थी। लेकिन इस समझौते के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी। भारतीय सेना ने इस उकसावे का सख्त जवाब दिया और सीमा पर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

सीजफायर की आधिकारिक घोषणा

विदेश सचिव के मुताबिक, शनिवार दोपहर 3:35 बजे पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय समकक्ष को फोन कर संघर्ष विराम की पुष्टि की थी। दोनों देशों ने शाम 5 बजे से ज़मीनी, हवाई और समुद्री सीमाओं पर सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया था।

ऑपरेशन ‘सिंदूर’: आतंक के अड्डों पर करारा वार

6-7 मई की रात भारतीय सशस्त्र बलों ने “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया। यह कार्रवाई रात 1:05 बजे शुरू होकर 1:30 बजे तक चली। 25 मिनट की इस सटीक ऑपरेशन में 24 मिसाइलें दागी गईं, जिससे नौ आतंकी शिविरों को तबाह कर दिया गया — जिनमें से पांच पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में और चार पाकिस्तान के अंदर थे। इन शिविरों में आतंकी भर्ती, प्रशिक्षण और रणनीतिक योजना बनाई जाती थी। इस कार्रवाई में आतंकी सरगना मसूद अजहर के परिवार के दस सदस्य भी मारे गए।


राजभवन में सर्वधर्म गोष्ठी, धर्मों की सीमाओं से ऊपर उठकर एकता का संदेश

राज्यपाल ने कहा – गोष्ठी राष्ट्र के प्रति साझा उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति

देहरादून। वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए  राजभवन में सर्वधर्म गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी एवं सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्र के प्रति हमारे साझा उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति है।

राज्यपाल ने कहा कि आज हम सब यहां धर्म, जाति और मत की सीमाओं से दूर एक साथ खड़े है और सीमाओं पर खड़ी हमारी सेना व भारत की आत्मा की तरह जीवंत दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक पूर्व सैनिक होने के नाते मैं जानता हूं कि एक सैनिक की सबसे बड़ी ताकत उसका परिवार, उसका देश और उसका मनोबल होता है और आज की यह हमारी गोष्ठी सैनिकों के मनोबल को सशक्त करने का प्रतीक है।

राज्यपाल ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश एक ही है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म सर्वे भवंतु सुखिनः की शिक्षा देता है वहीं सिख धर्म एकम की भावना से सभी को देखता है। बुद्ध कहते हैं कि अपने दीपक खुद बनो, वहीं जैन धर्म का सिद्धांत है कि अहिंसा ही परम धर्म है। उन्होंने कहा इस्लाम हमें सिखाता है कि विभाजन मत करो वहीं ईसाई धर्म में कहा गया है कि शांति फैलाने वाले ईश्वर की संतान होते हैं, इस प्रकार सभी शिक्षाओं में हमें एकता, करुणा और शांति का ही संदेश देता है।

राज्यपाल ने कहा कि हमारी सेना ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद और आतंकवाद फैलाने वालों पर कड़ा प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी लगातार हम तक पहुंचा रही हैं और वे दोनों सशक्त भारत की सशक्त मातृशक्ति का प्रदर्शन भी कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब भी हमारे राष्ट्र को युद्ध जैसे हालातों का सामना करना पड़ा, ऐसे समय में समाज के सभी मत, पंथ, समुदायों और संप्रदायों के लोगों ने मिलकर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और शांति का संदेश देना है। जब-जब देश पर संकट आया है, भारतवासियों ने धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर देशहित में एकजुट होकर उसका सामना किया है। हमारे वेदों में भी कहा है “संगच्छ ध्वं संवदद ध्वं सं वो मनांसि जानताम्।” अर्थात्, “हम सभी साथ चलें, एक मन से विचार करें, और एक लक्ष्य की ओर अग्रसर हो।” धर्म का मूल उद्देश्य समाज में सत्य, प्रेम, करूणा और समरसता की स्थापना करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रेता में भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की। द्वापरयुग में भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अधर्म के विरुद्ध अर्जुन को धर्म युद्ध के लिए प्रेरित किया|गुरु गोविंद सिंह जी ने धर्म और देश की रक्षा हेतु अपने पूरे परिवार का बलिदान दिया। ईसा मसीह ने प्रेम और क्षमा का संदेश दिया और पैगम्बर मोहम्मद साहब ने समरसता का मार्ग दिखाया। हमारे सभी धर्मों द्वारा सदैव यही शिक्षाएं दी गई कि जब अधर्म सिर उठाए, तो चुप रहना भी अधर्म को बढ़ावा देना होता है। हमारा राष्ट्र सदैव ही धर्म, सत्य और न्याय के पक्ष में खड़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीर भूमि ने सदैव राष्ट्रभक्ति, बलिदान और त्याग का उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमारे वीर सैनिकों ने प्रत्येक संघर्ष में राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है आज हमें भी उनके साथ मजबूती से खड़ा होना है।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि हम सब की पूजा पद्धति भले ही अलग हो परंतु हमारी भक्ति सिर्फ राष्ट्र भक्ति है। वहीं उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष  शादाब शम्स ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत से सुंदर मुल्क कोई नहीं है और हम सब भारत माता की संतान है।

इस अवसर पर बौद्ध धर्मावली सोनम चोग्याल, ब्रदर जोसेफ एम. जोसेफ एवं सरदार गुरबक्श सिंह राजन ने भी अपने विचार रखते हुए भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न पंथों के अनुयायी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp