Friday, November 20, 2026
11:28 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल शहीद राजेश गुरुंग को दी श्रद्धांजलि

Category Archives: राष्ट्रीय

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल शहीद राजेश गुरुंग को दी श्रद्धांजलि

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून स्थित घंघोड़ा चांदमारी पहुंचकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सपूत राजेश गुरुंग को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंत्री जोशी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके परिजनों से भी मुलाकात की।

अपने संबोधन में सैनिक मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर राष्ट्र की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में अपने अद्वितीय साहस, शौर्य और समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध इसका जीता-जागता उदाहरण है, जिसमें हमारे वीर जवानों ने दुर्गम पहाड़ियों पर अत्यधिक विषम परिस्थितियों में भी विजय प्राप्त कर पूरे विश्व को भारत की सैन्य शक्ति और देशभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह हम सबका नैतिक दायित्व है कि हम उन वीर सैनिकों और उनके परिवारजनों के सम्मान और कल्याण हेतु हरसंभव प्रयास करें, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और वीर नारियों के लिए निरंतर नीतिगत एवं सामाजिक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। मंत्री जोशी ने कहा कि वीर सपूत भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, परंतु उनकी वीरता, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की गाथा हमें हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहीदों की स्मृति को जीवित रखने, उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके परिवारों को सशक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

इस दौरान शहीद की माता बसंती गुरुंग, कर्नल (सेनि) रघुवीर सिंह भंडारी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, नैन सिंह पंवार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


सैनिकों और उनके परिवारों की हितैषी राज्य सरकार

विगत वर्षों में लिए कई अहम फैसले
देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण
शहीद सैनिक के एक परिजन को दी जा रही सरकारी नौकरी
पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को कराई जा रही निःशुल्क बदरीनाथ धाम की यात्रा
अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण की तैयारी
परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए की गई 
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। अमर बलिदानियों की स्मृति में देहरादून में भव्य शौर्य स्थल (सैन्य धाम) का निर्माण कार्य अंतिम चरण है। इस सैन्य धाम में प्रदेश भर की 28 नदियों का जल और शहीद सैनिकों के घरों से लाई गई मिट्टी को समाहित किया गया है।
राज्य सरकार ने शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को ₹दस लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दिया है। वीरता पुरस्कारों से अंलकृत सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त तथा वार्षिक धनराशि को भी बढ़ाया गया है। परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि अब पचास लाख से बढाकर  डेढ़ करोड़ रुपए कर दी गई है। पूर्व सैनिक वीरांगनाओं और पुत्री को ड्रोन दीदी के रूप में ड्रोन संचालन का रोजगारपरक प्रशिक्षण देने का फैसला किया गया है। सरकार के द्वारा 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पूर्व सैनिकों, सैनिक वीरांगनाओं और वीर नारियों को बद्रीनाथ धाम की निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की गई है।
राज्य सरकार द्वारा शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में लिए जाने की व्यवस्था की गई है। अब तक शहीदों के 37 आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है। इस योजना के तहत सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने की अवधि को भी दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दिया गया है।
अग्निवीरों को पुलिस, परिवहन, वन और अन्य विभागों की भर्तियों में 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण देने की धामी सरकार तैयारी कर रही है। इस संबंध में प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए लाया जाएगा। अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को इसका लाभ मिलेगा।
वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को उत्तराखण्ड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा के साथ ही सेवारत और पूर्व सैनिकों को ₹25 लाख तक के मूल्य की स्थायी सम्पत्ति की खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। पुत्री विवाह अनुदान जैसी अनेक योजनाएं संचालित कर राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के कल्याण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश भर में शहीद स्मारकों का निर्माण किया जा रहा है। स्कूल और सड़कों का शहीदों के नाम पर नामकरण किया गया है। खटीमा में सैनिक मिलन केंद्र एवं सीएसडी कैंटीन का निर्माण और टनकपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य सैनिक विश्राम गृह का निर्माण किया जा रहा है।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में स्टेज-3 एडवांस कोलन कैंसर की सफल सर्जरी

एक ही सर्जरी में आंत, अंडाशय, बच्चेदानी और मूत्राशय से कैंसर ग्रसित भागों को सफलतापूर्वक हटाया गया

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दी टीम को बधाई

देहरादून। चिकित्सा जगत में एक नई मिसाल कायम करते हुए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अजीत तिवारी और उनकी टीम ने एक महिला मरीज की स्टेज-3 एडवांस कोलन कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक कर उसे नया जीवन प्रदान किया है। महिला को आंतों के कैंसर की गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था, जहां अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों द्वारा सर्जरी को असंभव करार दिया जा चुका था। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने पूरी सर्जरी टीम को इस अद्भुत सफलता पर बधाई दी और कहा कि अस्पताल भविष्य में भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु उन्नत तकनीक व सेवा के साथ समर्पित रहेगा।

पीजीआई चण्डीगढ़ और हिमालयन अस्पताल में नहीं हो पाई थी सर्जरी
महिला ने बताया कि उन्हें डेढ़ वर्ष पूर्व कैंसर की जानकारी मिली थी। इस दौरान उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ और हिमालयन अस्पताल, देहरादून में उपचार कराया। पीजीआई चण्डीगढ में उनकी 12 कीमोथैरेपी हुई और हिमालयन अस्पताल में 6 कीमोथैरेपी सत्र दिए इस प्रकार उन्हें कुल 18 कीमोथैरेपी सत्र दिए गए। हालांकि, कैंसर की जटिल स्थिति को देखते हुए पीजीआई चण्डीगढ और हिमालयन अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञों ने कैंसर सर्जरी होने की सम्भावना से इनकार कर दिया था। उसके बाद श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में महिला की सफल कैंसर सर्जरी हुई।

कैंसर शिविर में मिली नई आशा
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित एक कैंसर जागरूकता शिविर में महिला की भेंट श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अजीत तिवारी से हुई। डॉ. तिवारी ने केस की गंभीरता का गहन अध्ययन कर सर्जरी की संभावनाएं तलाशी और महिला को ऑपरेशन की सलाह दी। मरीज की सहमति के बाद श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में लगभग 8 घंटे लंबा ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ. अजीत तिवारी के अनुसार, यह एडवांस स्टेज कोलन कैंसर का मामला था, जिसमें कैंसर आंतों के अलावा पेशाब की थैली, बच्चेदानी, अंडाशय और पेट की दीवार तक फैल चुका था।

आमतौर पर इस स्थिति में उपचार की संभावना बेहद कम हो जाती है, लेकिन टीमवर्क और तकनीकी दक्षता के बल पर यह कठिन सर्जरी संभव हो सकी। पूरी टीम ने सूक्ष्मता से सभी कैंसर ग्रस्त अंगों को हटाकर महिला को कैंसर-मुक्त किया। मरीज का सम्पूर्ण उपचार ‘आयुष्मान भारत योजना’ के अंतर्गत निःशुल्क किया गया। यदि यही उपचार निजी (कैश) आधार पर किया जाता, तो मरीज को लगभग 13 से 14 लाख रुपये तक का खर्च उठाना पड़ता। आयुष्मान योजना के कारण मरीज़ को आर्थिक बोझ से भी भारी राहत मिली।

ऑपरेशन के कुछ सप्ताह बाद महिला की स्थिति सामान्य है और डॉक्टरों की राय में अब उन्हें कैंसर के किसी और उपचार की आवश्यकता नहीं है। महिला और उनके परिजनों ने इलाज और सहानुभूति भरे व्यवहार के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया। डॉ. अजीत तिवारी ने जानकारी दी कि आंतों का कैंसर देश में तेजी से बढ़ रहा है और अब इसके मामले 8 से 12 प्रतिशत तक देखे जा रहे हैं। चिंता की बात यह है कि अब 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों में भी यह रोग तेजी से फैल रहा है। बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और देर से निदान इसके प्रमुख कारण हैं।

यह सर्जरी न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि कैंसर पीड़ितों के लिए आशा की किरण भी है। यह उदाहरण साबित करता है कि समय रहते सही परामर्श, विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख और भरोसेमंद चिकित्सा संस्थान का चुनाव जीवन बदल सकता है। सर्जरी टीम में डॉ. अजीत तिवारी के साथ डॉ. निशीथ गोविल और डॉ. कनिका कपूर शामिल रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने कारगिल युद्ध के शहीदों को किया नमन

देवभूमि से वीरभूमि तक- उत्तराखंड के सैनिकों के शौर्य को मुख्यमंत्री ने बताया देश की ताकत

देहरादून। देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक में आज शौर्य दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के साथ मिलकर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर सपूतों ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा।

शौर्य दिवस पर इस भावपूर्ण कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड के वीर सपूतों के योगदान को याद किया, जिन्होंने कारगिल युद्ध में अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन शहीदों का बलिदान नई पीढ़ी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों को एक बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने घोषणा की कि सैनिकों के बलिदानियों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़कर 30 लाख कर दी गई है, परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि भी अब ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, उन्हें वार्षिक अनुदान राशि के रूप में ₹3 लाख मिलते रहेंगे। चमोली में ई सी एच एस सेंटर व नैनीताल में सैनिक विश्राम ग्रह की स्थापना की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सैनिकों ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का मान बढ़ाया है, जिस पर हमें गर्व है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी बताया और कहा कि एक छोटा राज्य होने के बावजूद, देश की रक्षा में उत्तराखंड का योगदान उल्लेखनीय रहा है। सैनिक परंपरा वाले उत्तराखंड में पीढ़ियों से लगभग हर परिवार से वीर और वीरांगनाएं देश की रक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस सैनिक परंपरा और देशभक्ति की विरासत पर गर्व व्यक्त किया। ऑपरेशन सिंदूर से मेड इन इंडिया की ताकत को पूरे विश्व में देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में सिर्फ चार दिन में भारत ने पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया यह हमारी सेवा की वीरता को दर्शाता है।

उन्होंने अंत में कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के सम्मान व कल्याण के लिए वचनबद्ध है। इस कार्यक्रम ने न केवल कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी, बल्कि हमारे वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करने का भी एक मंच प्रदान किया।


राज्यपाल गुरमीत सिंह ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर देहरादून में गूंजा शौर्य का जयघोष

एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्रों ने मार्च पास्ट कर दिखाया राष्ट्र के प्रति समर्पण

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वीएसएम ने चीडबाग स्थित शौर्य स्थल में वीरगति प्राप्त सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन 26वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सब एरिया द्वारा आयोजित किया गया था।

26 जुलाई को प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला कारगिल विजय दिवस, 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को समर्पित होता है।

समारोह में मेजर जनरल एमपीएस गिल (वीएसएम), रियर एडमिरल पियूष पॉसी, ब्रिगेडियर आरएस थापा, कैप्टन याशिका हटवाल त्यागी (से. नि.), वीर नारियां, उनके परिवारजन, तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिक, नौसेना और वायुसेना के अधिकारी, जेसीओ और सैन्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मार्च पास्ट से हुई, जिसमें केंद्रीय विद्यालय, आर्मी पब्लिक स्कूल और एनसीसी कैडेट्स सहित 120 से अधिक छात्र शामिल हुए। यह भागीदारी देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के प्रति युवाओं की जागरूकता का प्रतीक बनी।

राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में कारगिल युद्ध के वीरों को नमन करते हुए कहा, “राष्ट्र सदैव वीर सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों के साथ खड़ा है। हमें इनसे प्रेरणा लेकर देश सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाना चाहिए।”

समापन के दौरान उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे कारगिल के वीरों के साहस, समर्पण और देशभक्ति की भावना को आत्मसात कर राष्ट्र के गौरव की रक्षा में सदैव तत्पर रहेंगे।

उत्तराखंड सब एरिया और भारतीय सेना की अन्य इकाइयों द्वारा राज्यभर में इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना का प्रसार और वीर शहीदों के बलिदान को सम्मान देना है।


चकबंदी लेखपाल रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पीड़ित से भूमि सीमा संशोधन के नाम पर मांगी थी 20 हजार की घूस, विजिलेंस ने दबोचा

हरिद्वार। लक्सर में चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला उजागर हुआ है। विजिलेंस टीम ने एक चकबंदी लेखपाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी, पीड़ित से भूमि सीमा संशोधन के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

विजिलेंस टीम ने बताया कि पकड़े गए लेखपाल सुभाष कुमार, फिलहाल कानूनगो का कार्यभार भी संभाल रहे थे। लक्सर निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की सीमा में संशोधन के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था।

दो दिन पहले जब पीड़ित की सुभाष कुमार से मुलाकात हुई, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से काम के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में यह राशि घटाकर 20 हजार रुपये तय की गई।

रिश्वत देने के बजाय पीड़ित ने विजिलेंस विभाग से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। योजना के तहत जब पीड़ित पैसे लेकर कार्यालय पहुंचा, तब पहले से तैनात ट्रैप टीम ने सुभाष कुमार को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने जानकारी दी कि आरोपी के घर और कार्यालय पर छापेमारी की जा रही है, जहां से कुछ अहम दस्तावेज और सामग्री बरामद हुई है। आरोपी को विशेष विजिलेंस अदालत में पेश किया जाएगा।


“भाजपा वोटर लिस्ट में कर रही हेराफेरी”- सीएम सिद्धारमैया का बड़ा आरोप

महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक के बाद अब बिहार में भी चुनावी साजिश की आशंका जताई

नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक बार फिर भारतीय लोकतंत्र की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनावी गड़बड़ियों और वोटर लिस्ट में हेराफेरी के आरोप लगाए गए थे। सिद्धारमैया ने कहा कि यह सिर्फ आरोप नहीं बल्कि एक गंभीर सच्चाई है, जिससे लोकतंत्र की जड़ें हिल रही हैं।

भाजपा पर चुनावी धांधली का आरोप
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में वोटर लिस्ट में संगठित तरीके से हेरफेर की जा रही है। असली मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और फर्जी नाम शामिल किए जा रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में ऐसी घटनाएं होने की बात कही और आरोप लगाया कि अब बिहार में भी ऐसी ही साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने इसे एक सुनियोजित राष्ट्रव्यापी योजना करार दिया।

चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
सिद्धारमैया ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लगाए। उन्होंने कहा कि अब यह संस्था स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं कर रही है और केंद्र सरकार के दबाव में फैसले ले रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया और मांग की कि चुनाव आयोग को अपनी निष्पक्षता और स्वायत्तता बहाल करनी चाहिए।

कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी अभियान
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि कांग्रेस जल्द ही एक देशव्यापी अभियान शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को उजागर करना और सुधार की मांग करना होगा। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है और इसे बचाने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना पड़ेगा।

जातिगत जनगणना की जरूरत दोहराई
सिद्धारमैया ने एक बार फिर जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल जाति नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक असमानताओं की सच्चाई उजागर करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस जनगणना से यह स्पष्ट होगा कि आजादी के बाद किन वर्गों को फायदा मिला और किन्हें अभी भी बराबरी का अवसर नहीं मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ओबीसी सलाहकार समिति के संयोजक नहीं, बल्कि सदस्य हैं।

विवादों और स्टेडियम हादसे पर दी सफाई
मायसूर अर्बन डेवेलपमेंट अथॉरिटी से जुड़े कथित भूमि आवंटन घोटाले को लेकर सिद्धारमैया ने सफाई दी कि यह मामला पूरी तरह झूठा और राजनीतिक प्रतिशोध की उपज है। उन्होंने कहा कि न तो उनके परिवार ने कोई अनुचित लाभ लिया और न ही यह मामला पीएमएलए के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया गया।
वहीं, हाल ही में हुए स्टेडियम हादसे पर उन्होंने कहा कि कैबिनेट द्वारा जांच रिपोर्ट स्वीकार कर ली गई है और दोषियों पर केस दर्ज किया जा चुका है। इसमें आरसीबी, केएससीए, इवेंट कंपनी और पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


उत्तराखंड में सभी बांध परियोजनाओं को जल छोड़ने से पहले अनिवार्य सूचना देने के निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन का आदेश – बांध परियोजनाएं समय से करें जनपद प्रशासन और ईओसी को सतर्क

देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने उत्तराखण्ड में संचालित समस्त बांध परियोजनाओं को निर्देशित किया है कि वे जब भी जल छोड़ें, तो उसकी पूर्व सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के साथ-साथ संबंधित जनपद प्रशासन को अनिवार्य रूप से साझा करें। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि छोड़ा गया पानी कितने समय में किन क्षेत्रों तक पहुंचेगा और वहां क्या प्रभाव हो सकता है, ताकि आमजन को समय से सतर्क किया जा सके।

सचिव ने सचिवालय में राज्य की सभी प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं, सिंचाई विभाग, यू.जे.वी.एन.एल. तथा केन्द्रीय जल आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मानसून के दृष्टिगत तैयारियों तथा सुरक्षा हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी परियोजनाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे पूर्व चेतावनी तंत्र के अंतर्गत लगे सेंसरों द्वारा प्राप्त नदी जलस्तर और डिस्चार्ज डेटा को एपीआई के माध्यम से रियल टाइम में यूएसडीएमए के साथ साझा करें, जिससे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जलस्तर की निगरानी की जा सके।

बैठक में स्पष्ट रूप से सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी-अपनी परियोजनाओं के लिए आपातकालीन कार्य योजना तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) शीघ्र तैयार कर यूएसडीएमए के साथ साझा करें तथा उसे अपनी वेबसाइट पर भी प्रदर्शित करें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगस्त-सितम्बर, 2025 के मध्य समस्त बांध परियोजनाओं के साथ राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से वास्तविक आपदा स्थिति में विभागीय तैयारियों को परखा जाएगा।
इसके साथ ही सिंचाई विभाग को बाढ़ प्रबंधन पर एक समग्र एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिसमें भारत सरकार द्वारा जारी एस0ओ0पी तथा आपदा प्रबन्धन विभाग द्वारा निर्गत शासनादेशों को सम्मिलित किया जाएगा। साथ ही सभी विभागों/एजेंसियों को एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं, जो आपदा की स्थिति में सूचनाओं का आदान-प्रदान एवं आपसी समन्वय स्थापित करेंगे।

सचिव ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी तकनीकी प्रणालियां सुचारू रूप से कार्य कर रही हों तथा सूचनाएं समयबद्ध रूप से साझा हों। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो0 ओबैदुल्लाह अंसारी, डॉ. पूजा राणा, डॉ. वेदिका पन्त, रोहित कुमार, हेमंत बिष्ट के साथ ही सिंचाई विभाग, यू.जे.वी.एन.एल., केन्द्रीय जल आयोग, टिहरी हाइड्रो पावर कॉरपोरेशन, एनटीपीसी जोशीमठ, एनएचपीसी टनकपुर एवं धौलीगंगा, जीवीके अलकनंदा परियोजना, जेपी ग्रुप विष्णुप्रयाग तथा मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


परमवीर चक्र विजेताओं की अनुदान राशि अब डेढ़ करोड़

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सीएम ने दिया सैनिकों को तोहफा

अभी तक दिया जा रहा था 50 लाख का एकमुश्त अनुदान

तीन लाख रूपये वार्षिक अनुदान की सुविधा मिलती रहेगी

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सैनिकों को बड़ा तोहफा दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि अब डेढ़ करोड़ दी जायेगी। अभी तक यह राशि 50 लाख रूपये थी। इसके अलावा उन्हें वार्षिक अनुदान राशि के रूप में तीन लाख रूपये मिलते रहेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाने की घोषणा की थी। सीएम के पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के मौके पर यह समारोह आयोजित किया गया था। सैनिक कल्याण विभाग के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दे दिया है।

परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि में सीधे एक करोड़ रूपये की वृद्धि मुख्यमंत्री की सैनिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर गंभीरता को दर्शाता है। जून 2022 से पहले परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली अनुग्रह राशि 30 लाख रूपये थी। कैबिनेट ने 10 जून 2022 को इस राशि को बढ़ाकर 50 लाख करने का निर्णय लिया। इसके बाद, 14 जुलाई 2022 को इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया। अब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एकमुश्त धनराशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रूपये कर दिया है।

“हमारे देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सैनिकों की वीरता, समर्पण और बलिदान का सम्मान करे। उत्तराखंड न केवल देवभूमि है, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन अनुशासन, त्याग और सेवा की मिसाल होता है। राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर ठोस और प्रभावी निर्णय ले रही है।“
पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री, उत्तराखंड


कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश के लिये अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों को अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य को नमन करते हुए देश के लिये अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिये बलिदान देने की उत्तराखण्ड की परम्परा रही है। कारगिल युद्ध में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड के वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुती दी। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिये वचनबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। छोटा राज्य होने के बावजूद देश की रक्षा में हमारा योगदान उल्लेखनीय रहा है। सैनिक परम्परा वाले वीरभूमि उत्तराखण्ड में पीढ़ियों से लगभग हर परिवार से वीर व वीरांगनाएं देश की रक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं। हमें अपनी सैनिक परम्परा और देशभक्ति की विरासत पर गर्व हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का मान बढ़ाया है। हमें अपने जवानों की वीरता पर गर्व है। भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य का लोहा पूरी दुनिया मानती है। कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए वीर सैनिकों के बलिदान को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp