Saturday, November 21, 2026
2:21 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सारकोट ग्राम प्रधान ने सीएम धामी से की भेंट

Category Archives: राष्ट्रीय

सारकोट ग्राम प्रधान ने सीएम धामी से की भेंट

गांव के विकास कार्यों और नई मांगों पर रखी बात, सीएम ने समाधान का दिया आश्वासन

गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने भेंट की। उन्होंने भराड़ीसैंण से सारकोट के लिए सड़क की स्वीकृति और कार्य शुरू होने और विगत में सारकोट में हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सारकोट की ग्राम प्रधान ने इस अवसर पर गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग की व्यवस्था, गांव से जुड़ने वाले आंतरिक मार्गों की अच्छी व्यवस्था, गांव की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार से जोड़ने, गांव के रास्तों में सोलर लाइट की व्यवस्था करने और गांव से सबसे निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करने का उन्होंने अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने सारकोट की ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि अवगत कराई गई सभी समस्यायों का उचित समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को इन सभी समस्याओं के समाधान के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी सारकोट आदर्श बनेगा।

इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मैनाली मौजूद थे।


उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने भरा नामांकन

पीएम मोदी, राजनाथ सिंह और अमित शाह बने प्रस्तावक

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी ने नामांकन पत्र के चार सेट रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपे, जिनमें वे स्वयं, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जदयू नेता राजीव रंजन सिंह प्रस्तावक बने।

सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से आने वाले ओबीसी समुदाय (गाउंडर-कोंगु वेल्लालर) से ताल्लुक रखते हैं। वे 1998 में पहली बार सांसद बने और 2023 में झारखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और इससे पहले तेलंगाना व पुडुचेरी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं।

नामांकन से पहले गांधीजी को दी श्रद्धांजलि
नामांकन दाखिल करने से पहले सीपी राधाकृष्णन ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, राम मोहन नायडू और भाजपा नेता विनोद तावड़े भी उपस्थित रहे।

विपक्ष कल दाखिल करेगा नामांकन
वहीं, विपक्ष की ओर से उम्मीदवार बनाए गए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। 21 अगस्त नामांकन की अंतिम तिथि है।

9 सितंबर को होगा चुनाव
उपराष्ट्रपति पद का चुनाव 9 सितंबर को आयोजित होगा और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 788 सांसद मतदान करेंगे।


लक्ष्मणझूला: रिजॉर्ट में चल रही रेव पार्टी पर छापा, 37 युवक-युवतियां गिरफ्तार

ऋषिकेश: थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत गंगा भोगपुर तल्ला स्थित एक रिजॉर्ट में सोमवार देर रात चल रही रेव पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान 28 पुरुष और नौ महिलाएं पकड़ी गईं। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, रिजॉर्ट स्वामी पर भी एसडीएम यमकेश्वर के निर्देशों का उल्लंघन करने पर केस दर्ज हुआ है।

देर रात मिली सूचना

थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगा भोगपुर तल्ला स्थित इवाना रिजॉर्ट में दूसरे राज्यों से आए युवक-युवतियों द्वारा रेव पार्टी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की।

एसडीएम आदेश का उल्लंघन

जांच में पाया गया कि रिजॉर्ट में पार्टी चल रही थी, जबकि एसडीएम यमकेश्वर ने मानसून को देखते हुए 1 जुलाई से सभी रिजॉर्ट और कैंपिंग स्थलों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे। इसके बावजूद रिजॉर्ट स्वामी प्रशांत द्वारा संचालन किया जा रहा था।

पूछताछ में सामने आया नाम

पकड़े गए लोगों में मेरठ जिले के मवाना निवासी मनोज कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह एक कृषि कंपनी में पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र का एरिया मैनेजर है और मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर जिलों में कार्य देखता है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


रामनगर: पांच माह की गर्भवती को पीटकर घर से निकाला, पति पर मुकदमा दर्ज

रामनगर: मालधन ग्राम में एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसडीएम कोर्ट के आदेश पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता को नारी निकेतन भेज दिया गया है।

शादी के बाद से हो रहा था उत्पीड़न

मालधन निवासी गुनगुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में मालधन निवासी अभिषेक कुमार से हुई थी। वर्तमान में वह पांच माह की गर्भवती है। आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है।

रविवार को बढ़ा विवाद

गुनगुन का कहना है कि रविवार को भी उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।

कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि महिला को पुलिस द्वारा एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट के आदेश पर महिला के पति के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को सुरक्षा की दृष्टि से नारी निकेतन भेजा गया है।


अंबाला हत्याकांड पर मुख्यमंत्री धामी ने हरियाणा के सीएम से की बात

दोषियों की गिरफ्तारी व कठोर सज़ा की मांग, सैनी बोले– अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा

देहरादून। अंबाला में उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की हत्या की घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर वार्ता की। मुख्यमंत्री धामी ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोरतम दंड सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया ।

इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इस पूरे मामले में हर संभव कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ है तथा परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी गिरफ्तार

सीएम पर हमले की BJP-Congress दोनों ने की कड़ी निंदा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और थाने ले गई। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक में नाराज़गी देखी जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, ऐसे में मुख्यमंत्री पर हमला अस्वीकार्य है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश खिमजी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जनसुनवाई के दौरान उसने पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज़ सौंपे और इसके बाद अचानक उन पर हमला कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू में ले लिया।

घटना को लेकर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर राजधानी की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता और महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।”

चश्मदीद अंजलि, जो उस समय जनसुनवाई में मौजूद थीं, ने बताया कि आरोपी ने अचानक सीएम गुप्ता को थप्पड़ मारा जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं एक अन्य शख्स शैलेंद्र कुमार ने कहा कि वे शिकायत लेकर आए थे, तभी उन्होंने देखा कि सीएम पर हमला हुआ है।


साहिल बिष्ट हत्याकांड- उत्तराखंड का उबाल, राज्यमंत्री सेमवाल ने हरियाणा के सीएम से की मुलाकात, न्याय और मुआवजे की मांग

देहरादून/चंडीगढ़। उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की अंबाला में हुई निर्मम हत्या ने राज्य में आक्रोश पैदा कर दिया है। इसी क्रम में उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर पीड़ित परिवार के लिए न्याय और मुआवजे की मांग की। इस दौरान उनके साथ राज्यमंत्री सुरेश भट्ट भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान राज्यमंत्री सेमवाल ने मुख्यमंत्री सैनी को घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए साहिल के हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाने का औपचारिक अनुरोध किया। सेमवाल ने दृढ़ता से कहा, “पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना मेरी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता है। मैं न्याय की पूरी प्रक्रिया तक इस प्रकरण की स्वयं निगरानी करूंगा।”

उन्होंने जोर दिया कि साहिल जैसे परिश्रमी युवा उत्तराखंड की पहचान हैं, और ऐसी घटनाएं प्रवासी कामगारों की सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं बढ़ाती हैं। सेमवाल ने हरियाणा सरकार से आरोपियों की शीघ्र पहचान व गिरफ्तारी, उपयुक्त मुआवजे का निर्णय, केस की तेज जांच के लिए विशेष टीम (SIT) का गठन और समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट की मांग की। उन्होंने फास्ट-ट्रैक ट्रायल और पीड़ित/साक्षी सुरक्षा पर भी बल दिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने संवेदना व्यक्त करते हुए कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने जांच एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आरोपियों को कानूनी दायरे में लाएगी तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देगी। अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र के माध्यम से त्वरित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे केवल एक हत्या नहीं, बल्कि प्रवासी युवाओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर प्रश्न बताया। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को हरियाणा सरकार से निरंतर संपर्क में रहने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार इस मामले पर पैनी नजर रखे हुए है और न्याय दिलाने की हर पहल में साथ खड़ी रहेगी।

अंबाला के शहजादपुर में साहिल बिष्ट पर रात के समय बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया था। छीनाझपटी के दौरान उन्हें चाकू से घातक वार किए गए, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस जघन्य घटना के बाद दोनों राज्यों में आक्रोश है। उत्तराखंड के लिए यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि साहिल जैसे लाखों युवा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य राज्यों में काम करते हैं, और उनकी सुरक्षा राज्य के जन-विश्वास से जुड़ा एक गंभीर मसला है।


डीएम सविन बंसल ने एसएनसीयू व टीकाकरण केंद्र का किया निरीक्षण

6 अतिरिक्त बैड, एक्स-रे मशीन व समर्पित स्टाफ की स्वीकृति

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गांधी शताब्दी चिकित्सालय स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) और आधुनिक टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएनसीयू में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 6 अतिरिक्त बैड, एक्स-रे मशीन, आवश्यक उपकरण व समर्पित स्टाफ की स्वीकृति दी। साथ ही अस्पताल की लिफ्ट को दुरुस्त कराने और नर्सिंग स्टाफ की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

डीएम को जानकारी दी गई कि नवंबर 2024 से अब तक एसएनसीयू में 286 बच्चों को भर्ती किया जा चुका है, जिनमें अगस्त माह में 9 बच्चे शामिल हैं। वर्तमान में भी 9 बच्चे उपचाराधीन हैं। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी के प्रयासों से ही पिछले वर्ष बंद पड़े एसएनसीयू को पुनः सक्रिय किया गया था।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधुनिक टीकाकरण केंद्र की व्यवस्थाएं भी परखी। यहां प्रतिदिन 35 से 40 बच्चे और माताएं टीकाकरण के लिए आते हैं। यह केंद्र सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक और अवकाश के दिनों में भी खुला रहता है, जिससे नौकरीपेशा परिवारों को सुविधा मिल रही है।

निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


आपदा प्रभावित स्कूलों का होगा पुनर्निर्माण, सरकार ने जारी किए 20 करोड़

शिक्षा विभाग ने जिलावार बजट जारी कर अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश 

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राकृतिक आपदाओं की वजह से क्षतिग्रस्त होने वाले स्कूलों का जल्द पुनर्निर्माण किया जायेगा। इसके लिये राज्य मोचन निधि से स्वीकृत बजट में से जनपदवार 20 करोड़ की धनराशि जारी कर दी है। साथ ही सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों एवं अन्य परिसम्पत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर मार्च 2026 तक उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किये गये हैं।

प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त शिक्षा विभाग की विभिन्न परिसम्पत्तियों एवं विद्यालय भवनों का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जायेगा। राज्य सरकार ने राज्य मोचन निधि से विद्यालयी शिक्षा विभाग के लिये करीब 30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। जिसमें से पुनर्निर्माण कार्यों के लिये प्रथम चरण में जनपदवार 20 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। इस सम्बंध में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि को योजनांतर्गत शीघ्र व्यय करने के निर्देश दिये हैं। आपदा मद के अंतर्गत टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपद को 2-2 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चंपावत एवं बागेश्वर जिले को 1-1 करोड़ की धनराशि जारी की गई है। आवंटित धनराशि से प्राकृतिक आपदा से वास्तविक रुप से क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय एवं अन्य क्षतिग्रस्त परिसम्पत्ति का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य किया जायेगा। इसके लिये मुख्य शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किये गये हैं, साथ ही उन्हें निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी खास ध्यान रखने को कहा गया है। इसके अलावा अधिकारियों को योजना के अंतर्गत हुये निर्माण कार्यों की उपयोगिता प्रमाण पर मार्च 2026 तक विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।

बयान
आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों के पुनर्निर्माण को जनपदवार विद्यालयों को 20 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। सभी जनपदों के सीईओ को अपने-अपने जनपदों में आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों में शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि आपदा से ध्वस्त हुये स्कूलों का पुनर्निर्माण समय पर किया जा सके। – डॉ धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड


सीएम धामी ने भराड़ीसैंण में सुरक्षाकर्मियों से की मुलाकात

कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मी प्रेरणास्रोत- धामी

गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में विधानसभा सत्र के दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

सीएम धामी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच कर्तव्य निभा रहे पुलिस बल का अदम्य साहस और प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि धराली जैसी दुर्गम परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता और सेवाभावना सराहनीय रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों ने पूरे पुलिस बल की कार्यदक्षता और विश्वसनीयता को नई पहचान दी है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp