Saturday, November 21, 2026
2:45 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सरकारी विद्यालय की भूमि पर बना अवैध मजार ध्वस्त, जिला प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई

Category Archives: राष्ट्रीय

सरकारी विद्यालय की भूमि पर बना अवैध मजार ध्वस्त, जिला प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई

देहरादून: देहरादून जिले के नवादा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में बने अवैध मजार को शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से एक मजार का निर्माण किया गया था, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा था। इसको लेकर विद्यालय प्रशासन और कई सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी।

शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन ने मजार के संरचकों को नोटिस जारी किया था। नियत प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात शनिवार को जेसीबी मशीन की मदद से उक्त अवैध निर्माण को हटा दिया गया।

इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शैक्षिक संस्थानों और अन्य सरकारी परिसरों में अवैध निर्माण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


थराली आपदा- प्रभावितों को मिलेगी पांच लाख की सहायता राशि

मुख्यमंत्री धामी ने राहत कार्यों की समीक्षा कर पुनर्वास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए

देहरादून। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में आई आपदा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा परिचालन केंद्र में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी चमोली को आदेश दिए कि आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों और मृतकों के परिजनों को तत्काल पाँच-पाँच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि थराली में बेघर हुए लोगों के लिए अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की जाए और पुनर्वास कार्य को तेजी से पूरा किया जाए।

सीएम ने बिजली, पानी, सड़क नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल करने पर जोर देते हुए प्रभावितों को मिलने वाली राहत सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि राहत सामग्री और आवश्यक सामान एक साथ उपलब्ध कराया जाए ताकि प्रभावितों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और प्रशासनिक टीम की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की और कहा कि आपदा प्रभावित अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार समन्वित ढंग से राहत व बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की तत्परता की भी प्रशंसा की।

धामी ने राज्य में अगले दो दिनों तक जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने, आवश्यक उपकरण और आपदा प्रबंधन सामग्री संवेदनशील इलाकों में पहले से ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चमोली (थराली), पौड़ी (सैजी) और उत्तरकाशी (धराली) में हाल ही में आई आपदाओं के पैटर्न का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की एक समिति गठित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया। बैठक में मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


अंकिता भंडारी से जितेंद्र नेगी तक, कांग्रेस बोली– “भाजपा शासन में जंगल राज”

कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा -अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी को बचाया अब हिमांशु चमोली को बचाने में जुटी भाजपा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस तरह अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकारी मशीनरी ने मुख्य आरोपी को बचाने का काम किया, उसी तरह जितेंद्र नेगी आत्महत्या मामले में भी भाजपा नेताओं को संरक्षण दिया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मृतक जितेंद्र नेगी ने अपने वीडियो संदेश में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। इसके बावजूद पुलिस ने एक ही घटना की दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, जिससे केस कमजोर करने की कोशिश साफ दिखाई देती है।

माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि थाना स्तर पर दर्ज की गई दूसरी एफआईआर को तत्काल रद्द किया जाए और दोहरी एफआईआर दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए हैरानी की बात है कि मृतक के पिता की ओर से 21 अगस्त को दर्ज की गई रिपोर्ट में आरोपी का स्पष्ट उल्लेख होने के बावजूद, कुछ देर बाद उसी घटना की एक और रिपोर्ट अवैध हथियार की धारा में दर्ज कर ली गई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के दबाव में पुलिस मुख्य आरोपी को बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से फोन पर संवेदना जताने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि उनकी पुलिस ही मामले को कमजोर कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा शासन में “जंगल राज” कायम है। अंकिता भंडारी हत्याकांड, चंपावत-काशीपुर की घटनाएं, हरिद्वार की नाबालिग से दुष्कर्म और पंचायत चुनावों में हुई धांधलियां इसका प्रमाण हैं। यहां तक कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान भी डकैतियां हुईं, जो प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती हैं।

माहरा ने चेतावनी दी कि कांग्रेस आने वाले दिनों में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं पर बढ़ते अपराध के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता शीशपाल सिंह, सुजाता पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, महामंत्री नवीन जोशी और आईटी विभाग अध्यक्ष विकास नेगी भी मौजूद रहे।


उत्तराखंड में भाजपा संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाना हमारा उदेश्य: त्रिवेन्द्र

भाजपा उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम से दिल्ली में मिले सांसद त्रिवेन्द्र

नई दिल्ली। सांसद हरिद्वार एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी आदरणीय दुष्यंत कुमार गौतम जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख श्री अनिल बलूनी जी भी उपस्थित रहे।

भेंट के दौरान उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर सारगर्भित चर्चा हुई। इस संवाद में राज्य के विकास, संगठन की मजबूती तथा आने वाले समय की रणनीति को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि आदरणीय श्री गौतम जी का मार्गदर्शन उत्तराखंड में भाजपा संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा।


नाबालिग युवती को भगाकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये घटना के बाद से ही अभियुक्त लगातार चल रहा था फरार
देहरादून- कोतवाली  विकासनगर निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली विकासनगर पर एक लिखित तहरीर दी कि उनकी नाबालिग पुत्री उम्र 15 वर्ष को उनका एक रिश्तेदार अपने साथ बहला फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर थाना विकासनगर पर धारा 137(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा नाबालिग की बरामदगी एंव अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये, जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अपहर्ता नाबालिग को बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान अपहर्ता नाबालिग द्वारा अपने बयानों में बताया गया कि अभियुक्त कान सिंह पुत्र सरदार सिंह निवासी शास्त्रीपुरम प्राक्सी टावर चौकी के सामने थाना सिकन्दरा आगरा उ0प्र0 उम्र 50 वर्ष,  उसे बहला फुसलाकर आगरा ले गया, जहाँ उसके द्वारा पीड़िता के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाये गये। पीडिता के बयानों के आधार पर अभियोग में धारा -65(1)बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो एक्ट की बढोतरी की गयी।
अपहर्ता की बरामदगी के बाद से ही अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये लगातार फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी करते हुए उसके सभी सम्भावित स्थानों पर लगातार दबिशें दी जा रही थी।  इलेक्ट्रानिक सर्विलांस तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्त के आगरा के सिकन्दरा क्षेत्र में होने की सूचना मिली,  जिस पर पुलिस टीम द्वारा दिनांक: 22/08/2025 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अभियुक्त को शास्त्रीपुरम आगरा के पास से गिरफ्तार किया गया।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:-
कान सिंह पुत्र श्री सरदार सिंह निवासी शास्त्रीपुरम प्राक्सी टावर चौकी के सामने, थाना सिकन्दरा, आगरा, उ0प्र0, उम्र – 50 वर्ष
पुलिस टीम :-
1- उ0नि0 सनोज कुमार, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर
2- म0उ0नि0 दीपा शाह
3- का0 बृजपाल
4- का0 नवीन कोहली

महाराज ने थराली की घटना पर जताया दु:ख

देहरादून। चमोली जिले के थराली में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बादल फटने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दुख जताया है।

उन्होंने कहा कि जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 20 से 25 भवनों को मलबे से नुकसान पहुंचा है, जिनमें दो मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। इस हादसे में एक महिला का शव बरामद हुआ है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। आपदा में पाँच लोग घायल हुए हैं। जिन्हें एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजने की कोशिश की जा रही है, लेकिन खराब मौसम राहत-बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन रहा है। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार थराली क्षेत्र में आपदा राहत कार्य तेज से चल रहे हैं। जिला प्रशासन के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और एसएसबी द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घायलों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।


भ्रष्टाचार का ट्रक अब भी दौड़ रहा है, फर्क सिर्फ ड्राइवर-यात्रियों का है- तीरथ सिंह रावत

मसूरी कार्यक्रम में तीरथ सिंह रावत का तीखा बयान, भ्रष्टाचार पर साधा निशाना

देहरादून। मसूरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश की नौकरशाही और व्यवस्था पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बावजूद भ्रष्टाचार की रफ्तार नहीं थमी, फर्क सिर्फ इतना है कि अब “ड्राइवर और यात्री दोनों यहीं के हो गए हैं।” रावत ने तंज कसते हुए कहा कि पहले जब उत्तराखंड उत्तर प्रदेश का हिस्सा था, तब अफसर यहां से “ट्रक भरकर” ले जाते थे, लेकिन अब भरने वाले भी यहीं के हैं और खाने-खिलाने वाले भी। कार्यक्रम में उनकी यह टिप्पणी सुनकर लोग भले चौंके, लेकिन तालियों से समर्थन भी जताया।

रावत ने उत्तराखंड आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि कभी लोग “कोदा-झंगोरा खाएंगे, उत्तराखंड बनाएंगे” का जज्बा रखते थे, मगर आज उस पर कोई बात नहीं करता। उन्होंने साफ कहा कि जिन सपनों के लिए राज्य बना था, वह अब भी अधूरा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की भूमिका पर भी सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जैसे कुछ नेता ईमानदार होते हैं और कुछ भ्रष्ट, वैसे ही अफसर भी दो तरह के होते हैं। जब तक सरकार योजनाबद्ध ढंग से काम नहीं करेगी, जनता का भला संभव नहीं।

उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के विकास के लिए नेताओं, अफसरों, कलाकारों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे आना होगा। ईमानदारी और जनसेवा का भाव ही उत्तराखंड को प्रगति की राह पर ले जाएगा, वरना आंदोलनकारियों की कुर्बानियां व्यर्थ चली जाएंगी।


राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस- पीएम मोदी ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों को किया उजागर

भविष्य में अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा भारत- पीएम मोदी  

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर भारत मंडपम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्षयात्री शुभांशु शुक्ला सहित गगनयान मिशन के अन्य अंतरिक्षयात्री और इसरो के प्रमुख वी. नारायणन मौजूद रहे। केंद्रीय विज्ञान एवं तकनीक मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए देशवासियों को दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अंतरिक्ष में भारत की लगातार उपलब्धियां
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष का अंतरिक्ष दिवस “आर्यभट्ट से गगनयान तक” की थीम पर आधारित है, जो भारत के अतीत और भविष्य दोनों की उपलब्धियों को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि भारत ने कम समय में अंतरिक्ष क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल मिशन और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर डॉकिंग–अनडॉकिंग जैसी उपलब्धियां शामिल हैं।

भारत का भविष्य: स्पेस स्टेशन और गगनयान मिशन
प्रधानमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर तिरंगा फहराकर हर भारतीय को गर्व महसूस कराया। उन्होंने जोर दिया कि भारत सेमी क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन जैसी उन्नत तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भविष्य में भारत न केवल गगनयान मिशन में सफलता हासिल करेगा, बल्कि अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन भी बनाएगा।


पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और टेम्पो की हुई सीधी टक्कर, 10 लोगों की मौत

गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम किया, ट्रक चालक फरार, फैक्ट्री प्रबंधन से मांगी जवाबदेही

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा स्टेशन के पास हिलसा-दनियावां मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और टेम्पो की सीधी टक्कर में 10 लोगों की जान चली गई। मृतकों में नौ महिलाएं और टेम्पो चालक शामिल हैं। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि टेम्पो पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सवार यात्री बुरी तरह फंस गए।

टक्कर के बाद सड़क पर खून फैल गया और कई शव इधर-उधर बिखरे पड़े थे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान तीन घायलों की मौत हो गई, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया
हादसे की खबर फैलते ही लोगों का आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और फैक्ट्री प्रबंधन को मौके पर बुलाने की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर सीधे पास की सीमेंट फैक्ट्री के अंदर चला गया। पुलिस हालात को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी रही।

गंगा स्नान के लिए निकले थे यात्री
पुलिस जांच में पता चला है कि सभी मृतक नालंदा जिले के मलावा गांव के निवासी थे। वे टेम्पो से फतुहा के त्रिवेणी घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान हुई
हादसे में मरने वालों की पहचान संजू देवी, उदेशा देवी, कंचन देवी, बबीता देवी, रेणु कुमारी, दीपिका पासवान, गंगा देवी, कुसुम देवी, काजल कुमारी और चालक चंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।


थराली आपदा- सीएम धामी ने जताया दुःख

सीएम ने जनप्रतिनिधियों से ली आपदा की जानकारी

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने के कारण मलबे में दबने से एक युवती के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना पर उनके सुरक्षित व सकुशल होने की कामना की है। इस बीच मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य में जुट गई हैं।

बता दें कि थराली तहसील क्षेत्र के टूनरी गदेरे में शुक्रवार देर रात बादल फटने से थराली बाजार और आसपास के क्षेत्र में भारी मलबा आ गया। मलबे की चपेट में आने से एसडीएम आवास सहित कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानों में मलबा भर गया। कई वाहन भी मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य के लिए डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। वहीं एसडीआरएफ और एनडीआरफ की टीम आपदा क्षेत्र के लिए रवाना हो गई है। कर्णप्रयाग ग्वालदम सड़क भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसे सुचारू करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों से भी सीएम धामी ने ली जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन पर वार्ता कर बादल फटने से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आपदा पर गहरा दुःख जताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से राहत और बचाव कार्यों में जिला प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है। इसके साथ उन्होंने स्थानीय विधायक से वार्ता कर उनसे मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यो का भौतिक निरीक्षण करने की अपेक्षी की है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp