Saturday, November 21, 2026
3:09 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

देहरादून में नशा तस्कर गिरफ्तार, 2400 कैप्सूल बरामद

Category Archives: राष्ट्रीय

देहरादून में नशा तस्कर गिरफ्तार, 2400 कैप्सूल बरामद

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” विजन के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने कड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देशों के अनुसार सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इसी क्रम में क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने 01 नशा तस्कर को 2,400 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल Acetaminophen, Tramadol HCI & Dicyclomine HCI के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ थाना क्लेमेंटटाउन में मु0अ0सं0-66/2025, धारा 8/22/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी आशीष कुमार (25) पुत्र सुखपाल, निवासी ग्राम शेरपुर, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश ने पुलिस को बताया कि उसने यह कैप्सूल सहारनपुर के व्यक्ति फिरोज से खरीदे थे और इन्हें शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों तथा नशे के आदि व्यक्तियों को बेचने की योजना बना रहा था।

बरामदगी विवरण:

2,400 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (Spas med Acetaminophen, Tramadol HCI & Dicyclomine HCI Capsules)

वाहन संख्या UK 07 FY 8490 (स्कूटी)

पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही, 2 घंटे में अतिक्रमण ध्वस्त

जनता दर्शन में शिकायत मिलते ही डीएम सविन बसंल ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही का उदाहरण पेश करते हुए जनता दर्शन में प्राप्त अतिक्रमण शिकायत पर मात्र दो घंटे के भीतर ही कार्रवाई कर दी।

जनता दर्शन में कुल्हाल निवासी शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी सविन बसंल को बताया कि शक्ति नहर किनारे सिंचाई विभाग की कॉलोनी, जिसे एनएचएआई द्वारा बल्लूपुर–पोंटा हाईवे निर्माण हेतु अधिग्रहित किया गया है, उसकी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायत दोपहर 12 बजे प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार विकासनगर को कार्यवाही के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मात्र दो घंटे के भीतर, दोपहर 2 बजे ही अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया।

जिलाधिकारी सविन बसंल ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना सुनिश्चित करें।


मुख्यमंत्री ने किया विधानसभा स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा देहरादून में स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा सचिवालय, मंत्रीगणों के कक्षों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यालयों का अवलोकन करते हुए कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, त्वरित कार्य निष्पादन और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेख प्रबंधन, डिजिटलीकरण की स्थिति तथा आमजन व जनप्रतिनिधियों के कार्यों से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता को सुगम, पारदर्शी और त्वरित सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में विधानसभा के कार्यकलापों को भी तकनीकी दृष्टि से और अधिक सक्षम तथा आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य किए गए हैं।

निरीक्षण के अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अहमदाबाद में पीएम मोदी ने किया हाइब्रिड बैटरी उत्पादन का शुभारंभ

टीडीएस प्लांट से भारत बनेगा वैश्विक ईवी हब, 100 देशों को होंगे एक्सपोर्ट

अहमदाबाद। गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत की। यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशीहिरो सुजुकी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत में बने इलेक्ट्रिक वाहन दुनिया के दर्जनों देशों में ‘मेड इन इंडिया’ की पहचान के साथ दौड़ेंगे। उन्होंने इसे “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” अभियान की दिशा में एक बड़ी छलांग बताया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत से बने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स अब 100 देशों को निर्यात किए जाएंगे और साथ ही हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड मैन्युफैक्चरिंग की शुरुआत भारत की तकनीकी प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने इस अवसर को भारत-जापान दोस्ती के नए आयाम से भी जोड़ा और सुजुकी कंपनी सहित दोनों देशों के नागरिकों को बधाई दी।

मोदी ने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब मारुति सुजुकी को हंसलपुर में जमीन आवंटित की गई थी। उसी विजन का परिणाम आज आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया’ के बड़े संकल्प के रूप में सामने आ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ताकत उसके लोकतंत्र, सकारात्मक जनसांख्यिकीय लाभ और कुशल कार्यबल में निहित है। यही कारण है कि भारत निवेश और उत्पादन के लिए दुनिया का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि आज जब जापानी कंपनी सुजुकी भारत में गाड़ियां बना रही है और उन्हें वापस जापान एक्सपोर्ट कर रही है, तो यह दोनों देशों की गहरी साझेदारी और भारत पर वैश्विक भरोसे का प्रतीक है।


मुख्यमंत्री ने दिए ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान को बृहद स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और अधिक सशक्त बनाया जाए। आवश्यकता अनुसार इसमें नए पदों का सृजन भी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’ – 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन इस पर शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग मिलकर कार्यशालाओं का आयोजन करें तथा ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर उस पर अमल करें।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाहरी राज्यों से ड्रग्स की सप्लाई राज्य में न हो पाए। ड्रग्स की तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया है। इस दिशा में प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए शहरी विकास विभाग को नोडल विभाग के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते तथा अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।


श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उमड़े ग्रामीण

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने मरीज़ों को बांटी मुफ्त दवाईयां

 ईसीजी जाॅच, ब्लड शुगर एवम् ब्लड प्रेशर की जाॅचें भी निःशुल्क की गईं

देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से सोमवार को इकबालपुर निकट अमरपुर मोड़, पुहाना रोड पर एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 852 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से मरीजों को निःशुल्क दवाईयां बांटी गई। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर ईसीजी जाॅच, ब्लड शुगर एवम् ब्लड प्रेशर की जाॅचें भी निःशुल्क की गईं। ग्रामीणों ने अस्पताल की इस पहल पर अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया।


सोमवार को शिविर का शुभारंभ समाजसेवी आदिल फरीदी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल सिर्फ एक स्वास्थ्य संस्थान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक उज्ज्वल उदाहरण है। अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का जीवन दर्शन ‘सेवा ही धर्म है’ पर आधारित है। उन्हीं की प्रेरणा से आज यहाँ ग्रामीण अंचल के सैकड़ों लोग निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ ले पा रहे हैं। जिस भाव से अस्पताल समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवाएँ पहुँचा रहा है, वह सचमुच सराहनीय और अनुकरणीय है। यह शिविर केवल इलाज का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विश्वास और आशा की नई किरण जगाने वाला अभियान है।”

शिविर में इकबालपुर, खाताखेड़ी, माजरा, सबरपुर, सोहनपुर, रसूलपुर, अमरपुर, ननहेड़ा, थथेडी, भगवानपुर और रुड़की आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुँचे। शिविर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉ. शुभम चैधरी व डॉ. तरनदीप, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुश, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चिराग अग्रवाल, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षित, सर्जन डॉ. मोहित तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. परीक्षा और डॉ. गुरमीत सिंह ने ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श दिया।

इस अवसर पर सभी मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और दवाइयाँ वितरित की गईं। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के उप वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी सुहेब खान ने बताया कि अस्पताल आमजन की सेवा के मानवीय लक्ष्य के प्रति संकल्पबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क शिविर आयोजित करता रहेगा। शिविर को सफल बनाने में समाजसेवी आदिल फरीदी व अस्पताल के एम्बेसडर सुमित प्रजापति का विशेष योगदान रहा।


जागड़ा पर्व: देवभूमि की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर

देहरादून: उत्तराखंड की वादियों में जब सावन-भाद्रपद के महीने में भक्ति और उल्लास का संगम होता है, तब उत्तराखंड की वादियों में बसे हनोल में जागड़ा पर्व का आयोजन देव-धर्म और लोकसंस्कृति को जीवंत कर देता है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामूहिकता, लोक-नृत्य, लोक-संगीत और सांस्कृतिक धरोहर का भी अद्भुत उत्सव है। आइये जानते है इस पर्व की महत्ता और इससे जुडी कहानिया।

जागड़ा पर्व क्या है?

सबसे पहले यह जानना जरूरी है की है क्या। और इसे क्यों मनाया जाता है । बता दें की जागड़ा पर्व जौनसार-भाबर और उत्तरकाशी क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव है। यह भगवान महासू देवता की पूजा-अर्चना और उनके ऐतिहासिक ‘जागर’ अनुष्ठान से जुड़ा हुआ है। “जागर” शब्द का अर्थ है देवताओं का आह्वान करना और इस दौरान लोकगायक ढोल-दमाऊं और रणसिंघे की गूंज के साथ देवी-देवताओं की कथाएं गाते हैं।

हनोल स्थित महासू देवता का मंदिर इस पर्व का मुख्य केंद्र है। मान्यता है कि देवभूमि के चार भाइयों – महासू देवताओं – में प्रमुख महासू देवता का मंदिर यहीं स्थापित हुआ। जागड़ा पर्व इन्हीं देवताओं की स्मृति और शक्ति के सम्मान में मनाया जाता है।

महासू देवता की कथा

महासू देवता की कथा हिमालयी लोकजीवन और आस्था से गहराई से जुड़ी है।लोकमान्यता है कि प्राचीन काल में मलिन नामक राक्षस हनोल क्षेत्र में अत्याचार करता था। लोगों ने देवी-देवताओं से रक्षा की प्रार्थना की। इस पर महादेव की कृपा से महासू देवता का जन्म हुआ। वे चार भाई माने जाते हैं – बासिक, पाबसिक, छल्देव और बुठासू। चारों भाईयों को मिलाकर “महासू” कहा जाता है। कथा के अनुसार महासू देवताओं ने राक्षस मलिन का वध कर जनमानस को आतंक से मुक्त कराया। उसी घटना की स्मृति में हनोल में उनका मंदिर स्थापित किया गया और तभी से यह क्षेत्र उनकी भूमि माना जाता है।

महासू देवता को न्याय के देवता भी कहा जाता है। स्थानीय मान्यता है कि जो भक्त सच्चे मन से उनकी शरण में आता है, उसकी हर कठिनाई दूर होती है और उसे न्याय मिलता है। आज भी लोग अपनी समस्याएं और विवाद उनके दरबार में रखते हैं।

जागड़ा पर्व पर हजारों श्रद्धालु हनोल मंदिर पहुंचकर महासू देवता का आशीर्वाद लेते हैं। इस दौरान विशेष पूजा, भंडारे और जागर अनुष्ठान होते हैं, जिसमें देवता से जुड़ी कथाओं का गान किया जाता है। मान्यता है कि इस अवसर पर की गई पूजा-अर्चना से घर-परिवार की समृद्धि, स्वास्थ्य और सुरक्षा बनी रहती है। आसपास के हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यह पर्व अंतर्राज्यीय धार्मिक एकता का प्रतीक बन जाता है।

सांस्कृतिक धरोहर

जागड़ा पर्व धार्मिक आयोजन के साथ-साथ एक सांस्कृतिक महाकुंभ भी है। यहां परंपरागत लोकनृत्य, गीत और संगीत प्रस्तुत किए जाते हैं। ढोल-दमाऊं, रणसिंघा और हुड़का जैसे वाद्ययंत्रों की थाप पर पूरा वातावरण गूंज उठता है। पुरुष और महिलाएं पारंपरिक पोशाकों में सामूहिक नृत्य करते हैं, जो जौनसारी संस्कृति की झलक पेश करता है। मेलों के रूप में यहां हस्तशिल्प, पारंपरिक आभूषण, लोकभोजन और ग्रामीण जीवन से जुड़े उत्पाद भी देखने को मिलते हैं।

सामाजिक और सामूहिक महत्व

जागड़ा पर्व केवल धार्मिक आस्था का उत्सव नहीं, बल्कि सामूहिकता और लोकजीवन का उत्सव भी है। यह पर्व गांव-गांव के लोगों को एक मंच पर लाता है। अलग अलग गाँव के लोग हर साल इस पर्व का इंतज़ार करते है। इसमें सामाजिक समरसता, भाईचारा और सहयोग की भावना प्रकट होती है। यह अवसर युवाओं को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ता है।

सरकार और प्रशासन की तैयारी

हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्तराखंड सरकार और प्रशासन इस पर्व की तैयारियों में जुटा है। आज यानि 26-27 अगस्त को हनोल में आयोजित होने वाले जागड़ा पर्व में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिलेगी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन और भीड़ प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। साथ ही हिमाचल सरकार से भी अनुरोध किया गया है कि श्रद्धालुओं को बस सेवाओं की सुविधा मिलती रहे।

जागड़ा पर्व केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि देवभूमि की जीवित संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह पर्व बताता है कि किस तरह लोक-परंपराएं, संगीत, नृत्य और आस्था मिलकर समाज को एक धागे में पिरोते हैं। हनोल का यह उत्सव उत्तराखंड और हिमाचल की साझा धरोहर है, जो आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाता है।


ऑपरेशन कालनेमि- अब तक 4000 सत्यापन, एक बांग्लादेशी समेत 300 से अधिक गिरफ्तार

सनातन की आड़ में ठगी पर सीएम धामी का प्रहार

देवभूमि में चल रहा अब तक का सबसे बड़ा अभियान

देवभूमि की पवित्रता को चुनौती देने वालों पर सीएम धामी की सर्जिकल स्ट्राइक

पहचान छिपाकर भावनाओं से खेलोगे तो जेल जाओगे- सीएम धामी

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ऑपरेशन कालनेमि प्रदेशभर में बड़ी सफलता हासिल कर रहा है। यह व्यापक अभियान उन असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कस रहा है, जो अपनी पहचान छिपाकर सनातन संस्कृति की आड़ में ठगी और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का कार्य कर रहे थे। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन ने अब तक प्रदेश में 4000 से अधिक लोगों का सत्यापन किया है, जिनमें से 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई साबित करती है कि धामी सरकार देवभूमि के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप से कोई समझौता नहीं करेगी।

इस अभियान का असर सबसे अधिक उन जिलों में देखा जा रहा है, जहां बाहरी तत्वों की सक्रियता की सूचना मिली थी। हरिद्वार जिले में 2301 लोगों का सत्यापन और 162 गिरफ्तारियां, देहरादून में 865 सत्यापन और 113 गिरफ्तारियां, जबकि उधम सिंह नगर में 167 सत्यापन और 17 गिरफ्तारियां की गई हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री धामी की इस सख्त कार्यशैली ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देवभूमि में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, पहचान छिपाकर ठगी या धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देहरादून में इस अभियान के तहत एक बांग्लादेशी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जो यहां पर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

ऑपरेशन कालनेमि को लेकर धामी सरकार की यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, बल्कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पवित्रता को बनाए रखने का भी एक ठोस संदेश है। सीएम धामी का यह निर्णयात्मक नेतृत्व राज्यवासियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत कर रहा है।


कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व सांसद अनिल बलूनी ने कुलसारी राहत शिविर में पीड़ितों से की मुलाकात

आपदा पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा, प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

चमोली/देहरादून। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी ने कुलसारी (चमोली) में बनाये गये आपदा राहत शिविर का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आपदा प्रभावितों से मिलकर उनकी समस्याएं जानी और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुये पीड़ितों से फीडबैक लिया और जिला प्रशासन को राहत कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिये। इसके उपरांत डॉ. रावत व बलूनी ने आपदाग्रस्त क्षेत्र चेपड़ों व राड़ीबगड़ पैदल पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

चमोली जनपद के थराली में आई भीषण आपदा से बेघर हुये लोगों के बीच पहुंचे सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाते हुये कहा कि संकट की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने कुलसारी में बनाये गये आपदा राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और स्थानीय प्रशासन को राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिये सभी सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिये ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।

दोनों नेताओं ने पैदल चलकर आपदाग्रस्त क्षेत्र चेपड़ों व राड़ीबगड़ का भी स्थलीय निरीक्षण किया और क्षेत्र में चल रहे राहत व बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को आपदा प्रभावितों को समय पर राहत सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिये। स्थलीय निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने कहा कि आपदा से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। कई मकान व दुकानें जमींदोज हो गये हैं, क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।

डॉ. रावत ने बताया कि उन्होंने स्थानीय प्रशासन को आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिये ताकि उन्हें फौरीतौर पर कुछ राहत मिल सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों को शीघ्र दुरूस्त करने के निर्देश भी दिये।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण के दौरान उनके साथ क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने थराली चमोली आपदा पीडितों के लिए भेजी राहत सामग्री

एसजीआरआर विश्वविद्यालय की कुलपति व कुलसचिव ने हरी झण्डी दिखाकर वाहनों को रवाना किया

 श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में थराली, चमोली आपदा पीड़ितों को मिलेगा निःशुल्क उपचार

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुछ पाठ्यक्रर्मोंं में आपदा पीड़ित परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने थराली (चमोली) आपदा प्रभावितों के लिए राहत एवम् खा़द्य सामग्री भेजी। सोमवार को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. कुमुद सकलानी और रजिस्ट्रार डॉ. लोकेश गंभीर ने राहत सामग्री से लदे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि हम सभी प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र ही इस कठिनाई से उबरने की शक्ति प्राप्त हो। उन्होंने चमोली जनपद के अन्तर्गत आने वाले एसजीआरआर ग्रुप के संस्थानों के कर्मचारियों का आह्वान किया कि आप सभी थराली आपदा पीड़ितों की हर सम्भव मदद में अपना योगदान दीजिए।

काबिलेगौर है कि थराली (चमोली) की आपदा ने कई परिवारों से उनका घर-आंगन, खेत खलियान, पशु मवेशी, रोजगार और सुख-चैन छीन लिया। कहीं खेत मलबे में दब गए, कहीं आशियाने नष्ट हो गए तो कहीं मासूम बच्चों की शिक्षा और बुजुर्गों की दवा-दरकार अधर में लटक गई। ऐसे कठिन समय में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने इन पीड़ित परिवारों के लिए राहत और खाद्य सामग्री भेजकर न सिर्फ मदद की पहल की है, बल्कि मानवीय संवेदना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने न केवल राहत सामग्री भेजने का बीड़ा उठाया, बल्कि पीड़ितों को निःशुल्क उपचार और उनके बच्चों को कुछ चयनित पाठ्यक्रमों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने का भी वचन दिया। इससे पूर्व धराली उत्तरकाशी के आपदा पीड़ितों के लिए भी अस्पताल एवम् विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह पहल की थी।

चमोली जिले के कर्णप्रयाग एवम् नारायणबगड स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूलों के माध्यम से यह राहत सामग्री जिसमें खाद्यान्न व अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, प्रभावित आपदा क्षेत्र थराली तक पहुंचाई जा रही है। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग के प्रधानाचार्य बुद्धिबल्लभ डोभाल और एसजीआरआर पब्लिक स्कूल नारायण्बगड़ के प्रधानाचार्य शंकर सिंह चैहान स्थानीय विधायक गोपाल राम टम्टा एवम् एसडीएम पंकज कुमार भट्ट के नियमित सम्पर्क में हैं। इनके साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। चमोली जनपद के अन्तर्गत आने वाले एसजीआरआर समूह के सभी संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राहत और बचाव कार्यों में हर संभव योगदान दें। यह पहल केवल औपचारिक मदद नहीं, बल्कि करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का ऐसा जीवंत उदाहरण है, जो आपदा की विभीषिका में पीड़ित परिवारों के लिए आशा की किरण साबित होगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp