Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

“जनता के सवालों का जवाब दें प्रधानमंत्री मोदी” – गणेश गोदियाल

Category Archives: राष्ट्रीय

“जनता के सवालों का जवाब दें प्रधानमंत्री मोदी” – गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दस बिंदुओं पर सीधे जवाब मांगा।

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में भाजपा के दिग्गज नेताओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन 3-4 महीने बीत जाने के बावजूद जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। सीबीआई जांच का आधार अंकिता के माता-पिता की शिकायत को न बनाकर किसी तीसरे व्यक्ति की शिकायत को क्यों बनाया गया?

उन्होंने राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब पहाड़वासी लगातार वन्य जीवों के आतंक का सामना कर रहे हैं, प्रधानमंत्री बताएं कि राज्य की सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है?

गोदियाल ने प्रधानमंत्री के 2017 के उस बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम आएगी।” उन्होंने सवाल किया कि राज्य के युवाओं के लिए सरकार ने अब तक कौन-कौन सी प्रभावी योजनाएं लागू की हैं, जबकि हकीकत यह है कि नशाखोरी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में है, उन्होंने भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उत्तराखंड अब इन मामलों के लिए बदनाम होता जा रहा है।

साथ ही, उपनल कर्मचारियों को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के बावजूद राज्य सरकार उनके नियमितीकरण से बचने के बहाने खोज रही है।

शिक्षा के मुद्दे पर गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 886 स्कूल बंद हो चुके हैं, जो चिंताजनक है।

वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में 55 नई शराब की दुकानों के खुलने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए सिर्फ खनन और शराब ही विकल्प रह गए हैं?

कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड महिला अपराध में नंबर वन राज्य बन गया है , राज्य में महिलाएं, बच्चे, पत्रकार, पूर्व सैनिक—कोई भी सुरक्षित नहीं है। दिनदहाड़े हत्याएं और अपराध हो रहे हैं और सत्ताधारी दल के लोगों पर भी गंभीर आरोप लग रहे हैं।

गोदियाल ने घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराना जरूरी है, अन्यथा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा।

अंत में गोदियाल ने कहा, “मैं केवल एक पोस्टमैन हूं। ये सवाल मेरे नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के हैं। कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्षी दल होने के नाते अपना दायित्व निभा रही है और जनता की आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचा रही है।”

प्रेस वार्ता का संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी प्रवक्ता राजेश चमोली एवं अभिनव थापर मौजूद रहे।


डॉ. अम्बेडकर का जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत- गणेश जोशी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी 

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी स्थित अम्बेडकर चौक में भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती के अवसर पर आयोजित छात्रवृत्ति एवं सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति भी प्रदान की। उन्होंने पर्यावरण मित्रों और समाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले महान विभूतियों को भी सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार आज भी समानता एवं न्याय की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर भारत के संविधान के प्रमुख शिल्पकार रहे, जिन्होंने देश को एक मजबूत और न्यायपूर्ण संवैधानिक ढांचा प्रदान किया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार मानते हुए समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाया। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर एक महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे। उनके प्रयासों से ही आज समाज में समानता, अधिकार और सम्मान की भावना मजबूत हुई है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अकादमी के अध्यक्ष सुनील सोनकर को आयोजन और अपने माता-पिता की स्मृति में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के भविष्य हमारे युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हम सभी को डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना होगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान समिति के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से अम्बेडकर चौक का सौंदर्यीकरण का आग्रह भी किया। जिसपर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने समिति के सदस्यों को सौंदर्यीकरण के कार्यों का सकारात्मक भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, भारतीय दलित साहित्य अकादमी अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक सुनील सोनकर, ओपी उनियाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।


स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दून अस्पताल में 6 नई जन सुविधाओं का किया लोकार्पण

अब हर फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन, लंबी कतारों से मरीजों को छुटकारा

देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में छह नई जन सुविधाओं का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर इलाज, तेज सेवाएं और अस्पताल में अधिक सुगम व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नई व्यवस्थाओं के लागू होने से मरीजों को रजिस्ट्रेशन और जांच के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा, जिससे समय की बचत होगी और इलाज की प्रक्रिया आसान बनेगी।

अस्पताल में शुरू की गई प्रमुख सुविधाओं में ऑक्यूपेशनल थेरेपी यूनिट शामिल है, जो बच्चों के रिहैबिलिटेशन और शारीरिक रिकवरी में मदद करेगी। इसके अलावा हर फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलेगी। खेल से जुड़ी चोटों के इलाज के लिए स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक की शुरुआत की गई है।

पैथोलॉजी विभाग में आधुनिक Sysmex मशीन लगाई गई है, जिससे ब्लड टेस्ट अधिक सटीक और तेजी से हो सकेंगे। आम लोगों के लिए किफायती हेल्थ पैकेज चेकअप भी शुरू किए गए हैं। वहीं, ऑपरेशन थिएटर की क्षमता बढ़ाने के लिए नया एनस्थीसिया वर्क स्टेशन भी स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय आर्य, प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन, एक्जीक्यूटिव मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. के.सी. पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सरकार का कहना है कि यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।


प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

जोनल मजिस्ट्रेट संग डीएम की अहम बैठक, सर्तकता एवं समन्वय पर जोर

प्रोटोकॉल के अनुसार रहे व्यवस्था, सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य -डीएम

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति भली-भांति ब्रीफ करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल पूर्ण कराएं।

लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य मंच के निकट ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को उच्चतम स्तर पर रखते हुए एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम दिवस पर सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, सुगमता एवं शांति व्यवस्थाए सुनिश्चित की जाए। जोलीग्रांट एयरपोर्ट एवं जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी सुचारू रखने को कहा गया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसपी लोक जीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम सदर हरिगिरि, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े जोनल अधिकारी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएँ सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक एवं निर्माता दल को इस आध्यात्मिक प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार उपस्थित रहे।


महिलाओं को सशक्त नेतृत्व की दिशा देगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम- रेखा आर्या

हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

सोमवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पार्टी के तमाम पदाधिकारियों के साथ होटल ग्रैंड पार्क में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।

रेखा आर्या ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने का विचार करीब चार दशक से चर्चा में रहा है। इसके बाद कई बार प्रयास हुए और 2010 में यह विधेयक राज्यसभा से पारित भी हुआ, लेकिन लोकसभा में लंबित रह गया।

मंत्री ने कहा कि वर्षों तक कई राजनीतिक दलों ने अपने घोषणापत्र में महिला आरक्षण का जिक्र किया, लेकिन इसे लागू करने के लिए ठोस इच्छाशक्ति नहीं दिखाई।

रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को संसद के विशेष सत्र में प्राथमिकता देकर पारित कराया, जो मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीयत का उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे महिलाएं न केवल नीति निर्माण में भाग लेंगी, बल्कि निर्णय लेने में भी अग्रणी भूमिका निभाएंगी।

मंत्री ने कहा कि इस कानून से नीतियां अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेंगी, महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी और समाज में उनके प्रति सम्मान बढ़ेगा। साथ ही, यह नई पीढ़ी की बेटियों को नेतृत्व के लिए प्रेरित करेगा। अंत में रेखा आर्या ने कहा कि अब नारी केवल अपेक्षा करने वाली नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली और समाज को दिशा देने वाली सशक्त शक्ति के रूप में उभरेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली, जिला अध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, नपेंद्र चौधरी, नीतीश वालिया, प्रेम शंकर, डॉक्टर चित्रा, विपिन चौधरी आदि उपस्थित रहे।


नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, गाड़ियों में की तोड़फोड़

कंपनी गेट से सड़कों तक हंगामा, पुलिस की गाड़ियों को भी बनाया निशाना

नोएडा। नोएडा में वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। सोमवार को हालात अचानक बिगड़ गए, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

पिछले तीन दिनों से धरने पर बैठे कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार सुबह फूट पड़ा। गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में आग लगा दी गई और पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। कंपनी परिसर के अंदर भी तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं, जिसमें संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हिंसक घटनाओं के चलते शहर के कई हिस्सों में लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सेक्टर-84, नोएडा और फेज-2, नोएडा में सबसे ज्यादा नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जहां कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। भीड़ के उग्र होने पर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद कुछ इलाकों में हालात सामान्य होने लगे हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन वेतन भुगतान में देरी कर रहा है और कामकाजी परिस्थितियां भी संतोषजनक नहीं हैं। बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो रहा है, जिस कारण वे लंबे समय से वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन ने एक दिन पहले ही कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कई मांगों पर सहमति जताई थी। इनमें ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, समय पर वेतन और बोनस का भुगतान, साप्ताहिक अवकाश और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल है। इसके बावजूद कर्मचारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। साथ ही, कर्मचारियों की मांगों पर जल्द समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं, ताकि हालात पूरी तरह सामान्य हो सकें।


मुख्यमंत्री धामी ने जलियांवाला बाग के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने जलियांवाला बाग हत्याकांड को भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक अध्याय बताया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जलियांवाला बाग के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

मुख्यमंत्री ने 13 अप्रैल 1919 की घटना को भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उस दिन निहत्थे और निर्दोष भारतीयों पर हुए अत्याचार ने पूरे देश की चेतना को झकझोर कर रख दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग के शहीदों का साहस, त्याग और अटूट देशभक्ति हमें हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख देती है। उन्होंने सभी से इन वीरों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री धामी से मिले प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर

उत्तराखंड को फिल्म निर्माण का हब बनाने पर हुई अहम चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में राज्य में फिल्म निवेश को बढ़ावा देने, शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुख फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को सब्सिडी, टैक्स में छूट और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए सरल व समयबद्ध अनुमतियां प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल राज्य में निवेश बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं झाडू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

‘स्वेच्छा से स्वच्छता’ जैसे कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए प्रेरित भी करते हैं- मुख्यमंत्री

देहरादून। देहरादून के बल्लूपुर चौक पर आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेकर सभी प्रदेशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई कर लोगों को जागरूक किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के संकल्प को साकार करने के लिए इस तरह के प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने इसे जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना एक स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि ‘स्वेच्छा से स्वच्छता’ जैसे कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए प्रेरित भी करते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक सविता हरबंस कपूर, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार तथा देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp