Saturday, November 21, 2026
8:02 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया पीआरएसआई राष्ट्रीय सम्मेलन-2025 के ब्रोशर का विमोचन

Category Archives: राष्ट्रीय

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया पीआरएसआई राष्ट्रीय सम्मेलन-2025 के ब्रोशर का विमोचन

दिसंबर में देहरादून में होगा जनसंपर्क का महाकुंभ — पीआरएसआई का राष्ट्रीय सम्मेलन

देहरादून। पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया (PRSI) देहरादून चैप्टर द्वारा आयोजित होने वाले 47वें ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन्स कॉन्फ्रेंस – 2025 के ब्रोशर का विमोचन राज्यसभा सांसद नरेश बंसल द्वारा किया गया। यह राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 13 से 15 दिसंबर 2025 तक देहरादून में आयोजित होगा। सम्मेलन का विषय रखा गया है — “विकसित भारत @ 2047 के लिए जनसंपर्क विज़न”।

इस अवसर पर सांसद नरेश बंसल ने कहा कि जनसंपर्क समाज, सरकार और जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क केवल सूचना का प्रसार नहीं, बल्कि संवाद, विश्वास और सकारात्मक सोच के माध्यम से विकास को नई दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं और कार्यक्रमों से जनता को जोड़ने में जनसंपर्क की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। यह सम्मेलन न केवल विचारों के आदान-प्रदान का मंच बनेगा, बल्कि भारत@2047 की दृष्टि को सशक्त बनाने में भी योगदान देगा।

सांसद बंसल ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, ऐसे में देहरादून में इस स्तर का आयोजन होना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन से राज्य के जनसंपर्क क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और युवा पेशेवरों को सीखने-समझने का अवसर प्राप्त होगा।

पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय जनसंपर्क के महाकुंभ के रूप में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन देशभर से जनसंपर्क विशेषज्ञों, मीडिया प्रतिनिधियों, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और शिक्षाविदों की उपस्थिति में आयोजित होगा। सम्मेलन के दौरान जनसंपर्क के बदलते परिदृश्य, डिजिटल मीडिया की भूमिका और लोक-संचार के नए आयामों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस सम्मेलन का उद्देश्य जनसंपर्क के क्षेत्र में नवीन प्रयोगों और सफल पहलों को साझा करना है, ताकि भविष्य के भारत के लिए एक सशक्त और संवेदनशील जनसंपर्क तंत्र तैयार किया जा सके।

विमोचन कार्यक्रम में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनियां, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, सदस्य अनिल वर्मा, वैभव गोयल, संजय पांडे, नवीन कंडारी, दीपक नौटियाल, सुशील सती, सुनील राणा आदि उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने गोवर्धन पूजा पर किया गौ माता का पूजन और सेवा

सीएम धामी ने आम जन से अपील की कि वे भी इस पावन पर्व को भक्ति और पर्यावरण संरक्षण के रूप में मनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर भक्ति, प्रकृति संरक्षण और पशुधन के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन करते हुए गौ माता का पूजन किया और उनकी सेवा की। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा और धारण लीला के माध्यम से यह सन्देश दिया कि प्रकृति की रक्षा ही सच्ची भक्ति है।

सीएम धामी ने आम जन से अपील की कि वे भी इस पावन पर्व को भक्ति और पर्यावरण संरक्षण के रूप में मनाएं। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

गोवर्धन पूजा पर यह संदेश लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाने और पशुधन की सेवा के महत्व को रेखांकित करता है।


शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट

मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव के लिए रवाना, श्रद्धालुओं ने दी भावपूर्ण विदाई

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम में आज ऐतिहासिक और भावपूर्ण पल देखने को मिला। अन्नकूट पर्व के अवसर पर पूर्वाहन 11:36 बजे विधिविधान के साथ गंगोत्री मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष के साथ मां गंगा की उत्सव डोली को मुखबा गांव की ओर रवाना होते देखा। अब अगले छह माह तक मां गंगा के दर्शन यहीं मुखबा गांव में ही होंगे।

बुधवार सुबह से ही धाम में भव्य अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया था। तीर्थपुरोहितों ने घाट पर गंगा जी का अभिषेक और आरती, तथा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। हर्षिल से आए सेना के जवानों ने निशुल्क मेडिकल कैंप और लंगर का आयोजन कर श्रद्धालुओं की सेवा की।

पूर्वाहन 11:36 बजे मुहूर्तानुसार कपाट बंद होने के बाद गंगा जी की भोग मूर्ति डोली यात्रा के साथ मुखबा के लिए रवाना हुई। इस दौरान शीतकाल में भी धाम में साधनारत रहने वाले साधु-संत और मंदिर व आश्रम कर्मी ने मां गंगा को भावपूर्ण विदाई दी।

मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में रात्रि विश्राम और भजन कीर्तन

तीर्थपुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि गंगा जी की उत्सव डोली रात्री विश्राम के लिए मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में रुकेगी। वहां रातभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन डोली शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव जाएगी।

कपाट बंद होने के बाद भी जलता रहेगा अखंड दीपक

गंगोत्री धाम के कपाट भले ही बंद हो गए हों, लेकिन मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि तांबे के बड़े दीपक में अखंड जोत लगातार जलती रहेगी। अगले वर्ष अक्षय तृतीया के दिन जब कपाट खुलेंगे, तीर्थयात्री इसी अखंड जोत के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करेंगे।

भैयादूज के अवसर पर 23 अक्टूबर को यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में विराजमान किया जाएगा।


हमारी सरकार बनते ही जीविका दीदियों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया जाएगा- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा— अब नहीं होगा शोषण, ब्याज मुक्त ऋण और पांच लाख का बीमा भी देंगे

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार के लोगों ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जनता गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश सरकार ने हमारी घोषणाओं की नकल की, लेकिन जनता समझ चुकी है कि असली काम कौन करेगा। उन्होंने नीतीश सरकार की महिलाओं को दी गई 10 हजार रुपये की सहायता योजना पर भी सवाल उठाया और कहा — “यह राशि मदद नहीं, उधार है। चुनाव के बाद सरकार इसे वसूलने की तैयारी में है।”

तेजस्वी ने दोहराया कि उनकी सरकार बनने पर जिन परिवारों में कोई भी सरकारी नौकरी में नहीं है, उनके एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, और यह वादा सरकार बनने के 20 दिन के अंदर पूरा किया जाएगा।

जीविका दीदियों को सरकारी दर्जा, 30 हजार शुरुआती वेतन का वादा

तेजस्वी यादव ने इस दौरान जीविका दीदियों के लिए भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब तक उनके साथ शोषण और अन्याय हुआ है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार बनते ही जीविका दीदियों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया जाएगा। उनका शुरुआती वेतन 30 हजार रुपये होगा, साथ ही 2 हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता भी दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने कहा —

जीविका दीदियों के लिए लिए गए ऋण ब्याज मुक्त किए जाएंगे।

दो साल तक ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा दी जाएगी।

5 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा।

एमएए योजना का एलान – महिला, अन्न और आवास पर फोकस

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बनने पर उनकी टीम ‘एमएए योजना’ (M – महिला, A – अन्न, A – आवास) लागू करेगी। इसके तहत माताओं और बहनों को अन्न और आवास की गारंटी दी जाएगी।

संविदा कर्मियों के लिए भी बड़ी राहत

तेजस्वी ने कहा कि संविदा कर्मियों का शोषण अब बंद होगा।
उन्होंने वादा किया कि उर्मिला और बेल्ट्रॉन जैसी एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे दो लाख से अधिक संविदाकर्मियों को स्थायी किया जाएगा।
उनका कहना था — “हम संविदा कर्मियों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक तनाव से मुक्ति दिलाएंगे।”

चुनावी समीकरण भी साधे राजद ने

इस बार राजद ने 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
तेजस्वी यादव खुद वैशाली की राघोपुर सीट से मैदान में हैं, जो उनका पारंपरिक गढ़ माना जाता है।
पार्टी ने 24 महिलाओं, 50 यादव और 18 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देकर अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश की है।
वहीं, 76 विधायकों में से 31 को इस बार टिकट नहीं दिया गया है ताकि नए चेहरों को मौका मिल सके।


शिक्षकों के तबादलों पर अटका फैसला, शिक्षा विभाग को मिले तीन हजार से अधिक आवेदन

बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों ने धारा 27 के तहत की तबादले की मांग, अनिवार्य तबादले न होने से नाराजगी बढ़ी

देहरादून। प्रदेश में शिक्षकों के तबादले को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। शिक्षा विभाग को धारा 27 के तहत अब तक तीन हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें बेसिक शिक्षा के करीब 1500 और माध्यमिक शिक्षा के लगभग 1800 शिक्षक शामिल हैं।

इस साल शिक्षा विभाग ने अनिवार्य तबादले लागू नहीं किए, जिससे शिक्षकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अन्य विभागों में कर्मचारियों के अनिवार्य तबादले किए गए, लेकिन शिक्षा विभाग में इस प्रक्रिया को टाल दिया गया।

शिक्षकों का स्पष्ट कहना है कि विभाग को भी अन्य विभागों की तरह अनिवार्य तबादले लागू करने चाहिए थे। हालांकि, शिक्षा विभाग ने इस बार धारा 27 के तहत ही तबादलों की प्रक्रिया शुरू की है और इसी आधार पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बेसिक शिक्षा में लगभग 1500 शिक्षकों ने आवेदन किया है, जबकि माध्यमिक शिक्षा में 800 प्रवक्ता और करीब एक हजार एलटी शिक्षक तबादले की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन आवेदनों पर विचार कर जल्द प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति करेगी सिफारिश

शिक्षकों के तबादलों पर अंतिम निर्णय के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित है। यह समिति धारा 27 के तहत प्राप्त आवेदनों पर सिफारिश करती है, जिसके बाद मुख्यमंत्री की मंजूरी से तबादले किए जाते हैं।

क्या है धारा 27

धारा 27, राज्य के तबादला एक्ट का वह प्रावधान है जिसके तहत विशेष परिस्थितियों में कर्मचारियों को तबादले का अवसर दिया जाता है। इसमें वे कर्मचारी शामिल होते हैं जो सामान्य श्रेणी के तबादले के पात्र नहीं हैं — जैसे गंभीर रूप से बीमार या अन्य विशेष परिस्थितियों वाले कर्मचारी।

शिक्षक संघ ने चेताया आंदोलन से

राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि संगठन की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शिक्षकों के तबादले जल्द किए जाएं। लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा — “यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”


दिवाली के बाद दिल्ली की हवा खतरनाक स्तर पर, AQI 531 तक पहुंचा

वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह

नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी में धुंध और धुआं लगातार बढ़ रहा है, जिससे शहर ‘गैस चेंबर’ जैसा नजर आ रहा है। आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार को राजधानी के 38 निगरानी स्टेशनों में से 34 ‘रेड जोन’ में दर्ज किए गए। पूरे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 531 रिकॉर्ड किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम: AQI 317 (‘बहुत खराब’)

आईटीओ: AQI 259 (‘खराब’)

आरके पुरम: AQI 368 (‘बेहद खराब’)

नरेला: AQI 551 (सबसे अधिक)

अशोक विहार: AQI 493

आनंद विहार: AQI 394

नोएडा: AQI 369

गाजियाबाद: AQI 402

इंडिया गेट के आसपास AQI 342, अक्षरधाम 358, INA और AIIMS के पास भी हवा खराब दर्ज की गई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी

डॉ. धीरेंद्र गुप्ता (सर गंगाराम अस्पताल): बच्चों के अंग नाजुक होते हैं और प्रदूषण उनके लिए बेहद हानिकारक है। अत्यधिक प्रदूषित हवा में सामान्य व्यक्ति के फेफड़ों में बदलाव हो सकते हैं।

डॉ. निखिल मोदी (अपोलो अस्पताल): सर्दी के आगमन के साथ AQI बढ़ता है। एलर्जी या श्वसन रोग वाले लोग खांसी, सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन महसूस कर सकते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को बाहर जाने से बचना चाहिए और मास्क पहनना चाहिए।

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-2) लागू

CPCB ने GRAP-2 लागू कर कड़े कदम उठाए हैं। इसके तहत निर्माण, विध्वंस और धूल पैदा करने वाली परियोजनाओं पर रोक है। डीजल जनरेटरों का उपयोग केवल जरूरी सेवाओं तक सीमित रहेगा।

दिल्ली की सड़कों पर धुआं और धुंध

दीवाली की रात राजधानी में जमकर आतिशबाजी हुई। बम-पटाखों के अवशेष और फैला धुआं शहर को घनी धुंध में ढक गया। शादीपुर, मोती नगर और कर्मपुरा के इलाके त्योहार की चमक के साथ प्रदूषण की गंभीर तस्वीर भी दिखा रहे हैं।

AQI रीडिंग का मानक

अच्छा: 0–50

संतोषजनक: 51–100

मध्यम प्रदूषित: 101–200

खराब: 201–300

बहुत खराब: 301–400

गंभीर: 401–500


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सीएम भुवन चंद्र खण्डूरी से भेंट कर दी उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं

पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत और कैन्ट विधायक सविता कपूर को भी दी दीपावली की बधाई

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीपावली के पावन अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूरी (सेनि) और तीरथ सिंह रावत से भेंट कर उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इसके साथ ही कैन्ट विधायक सविता कपूर को भी दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि दीपों का यह पर्व सबके जीवन में खुशहाली, उजाला और नई ऊर्जा लेकर आए।


राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की

केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय : राज्यपाल गुरमीत सिंह

राज्यपाल ने पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रा व्यवस्थाओं एवं प्रशासन की तत्परता की सराहना की

उत्तराखंड के सतत विकास और नागरिकों की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने आज मंगलवार सुबह प्रातः 8:45 बजे बाबा केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए तथा विशेष रुद्राभिषेक पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि एवं उत्तराखंड के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

राज्यपाल के धाम आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत द्वारा वीआईपी हैलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक, पूजन-अर्चना कर क्षेत्र के नागरिकों की खुशहाली और राज्य की उन्नति की कामना की।

तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट एवं श्रद्धालुओं का अभिवादन

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट की, जिनके द्वारा पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ राज्यपाल का स्वागत किया गया। राज्यपाल ने इसे अत्यंत आध्यात्मिक एवं भावनात्मक अनुभव बताते हुए कहा कि “केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”

पूजन उपरांत राज्यपाल ने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया तथा ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

राज्यपाल ने पुनर्निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण द्वारा राज्यपाल को धाम में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि अधिकांश पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, शेष कार्य भी अंतिम चरण में हैं।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, SDRF, NDRF तथा सभी सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि “चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में आप सभी की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।”

तीर्थ पुरोहितों हेतु भवन निर्माण कार्य पूर्ण

राज्यपाल को यह भी अवगत कराया गया कि तीर्थ पुरोहितों के लिए बनाए जा रहे भवनों का निर्माण कार्य अधिकांश पूर्ण हो चुका है तथा भूमि और भवन आवंटन से जुड़े मुद्दों का निराकरण किया जा चुका है। राज्यपाल ने इस समन्वित प्रयास के लिए मंदिर समिति एवं जिला प्रशासन की विशेष रूप से प्रशंसा की।

सेवाभाव और समर्पण के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना

राज्यपाल ने केदारनाथ में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों एवं कर्मचारियों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि प्रशासन, पुलिस एवं सेवा दल सभी श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा अनुभव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि “श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी पूर्ण निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करें।”

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, मुख्य कार्याधिकारी मंदिर समिति विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेन्द्र तिवारी, मंत्री अंकित प्रसाद सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं तीर्थ पुरोहितगण उपस्थित रहे।


सीएम धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर की चार बड़ी घोषणाएं

राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी पुलिस कर्मियों को मिलेगा विशेष रजत जयंती पदक

देहरादून। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन में आयोजित रैतिक परेड के दौरान की।

पुलिस स्मृति दिवस—शहीदों को श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 सीआरपीएफ जवानों की याद में समर्पित है। इस अवसर पर कार्यक्रम में बलिदान हुए पुलिस कर्मियों को याद किया गया और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चार अहम घोषणाएं कीं:

सभी पुलिस कर्मियों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किए जाएंगे।

आवासीय भवन निर्माण के लिए तीन वर्षों में 100 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे।

एसडीआरएफ जवानों के लिए पांच नए बैरिकों का निर्माण किया जाएगा।

पुलिस कल्याण नीति के अंतर्गत 2.5 करोड़ से 4.5 करोड़ रुपये तक की राशि की जाएगी।

सीमा सुरक्षा और पुलिस की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे राज्य की सीमाएं न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से भी जुड़ी हैं। हमारा राज्य भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। इसलिए राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में हमारे पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी राज्य की पुलिस व्यवस्था उसकी सुरक्षा और समृद्धि की रीढ़ होती है।”

पुलिस कर्मियों को सम्मानित करने का अवसर

कार्यक्रम में इस साल विभिन्न ड्यूटी पर बलिदान हुए पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिवारों को सम्मानित किया गया। राज्य सरकार की यह पहल पुलिस के कार्य और समर्पण को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


आयुर्वेद कोर्सों में दाखिले की रफ्तार धीमी, परिषद के सामने सीटें भरने की चुनौती

अब 42 साल तक के अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आयुर्वेद कोर्स में दाखिला

देहरादून। उत्तराखंड में इस साल आयुर्वेद पैरामेडिकल कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही है। भारतीय चिकित्सा परिषद, उत्तराखंड द्वारा संचालित इन कोर्सों में अब तक केवल 600 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है, जबकि प्रदेश के 26 आयुर्वेद कॉलेजों में करीब 3100 सीटें उपलब्ध हैं।

परिषद को उम्मीद थी कि आयु सीमा बढ़ाए जाने के बाद दाखिलों की संख्या में वृद्धि होगी, लेकिन फिलहाल स्थिति विपरीत दिख रही है। अब प्रवेश की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तय की गई है, और नवंबर के पहले सप्ताह में काउंसलिंग की जाएगी।

आयु सीमा में बड़ी राहत — अब 42 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन

इस बार परिषद ने छात्रों को राहत देते हुए प्रवेश के लिए आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 42 वर्ष कर दी है। यह नियम आयुर्वेद फार्मासिस्ट, नर्सिंग, पंचकर्म सहायक, टेक्नीशियन, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक जैसे सभी कोर्सों पर लागू होगा। परिषद का मानना है कि इससे अधिक उम्र के वे अभ्यर्थी भी अवसर पा सकेंगे जो पहले पात्रता से बाहर रह जाते थे।

बीते साल भी खाली रह गईं थीं आधी से अधिक सीटें

पिछले शैक्षणिक सत्र में भी आयुर्वेद पैरामेडिकल कोर्सों की आधे से ज्यादा सीटें खाली रह गई थीं। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं में एलोपैथिक और मॉडर्न हेल्थ एजुकेशन की ओर झुकाव बढ़ने से पारंपरिक चिकित्सा कोर्सों में रुचि कम हो रही है।

परिषद को दाखिला बढ़ाने की उम्मीद

परिषद की रजिस्ट्रार नर्मदा गुसाईं ने बताया कि आवेदन की तिथि बढ़ाने और आयु सीमा में छूट से छात्रों की संख्या में सुधार की संभावना है। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि दिवाली के बाद आवेदनों की संख्या बढ़ेगी। नवंबर के पहले सप्ताह में काउंसलिंग पूरी कर कॉलेजों का आवंटन कर दिया जाएगा।”

प्रदेश में 26 कॉलेज, 3100 सीटें

उत्तराखंड में भारतीय चिकित्सा परिषद से मान्यता प्राप्त 26 आयुर्वेद पैरामेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें कुल 3100 सीटें हैं, लेकिन छात्रों की संख्या में गिरावट से ये सीटें भरना परिषद के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp