Thursday, November 19, 2026
4:55 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बरसात से क्षतिग्रस्त मार्ग का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, तत्काल पुनर्निर्माण के दिए निर्देश

Category Archives: राष्ट्रीय

बरसात से क्षतिग्रस्त मार्ग का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, तत्काल पुनर्निर्माण के दिए निर्देश

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को देहरादून के खालागांव पहुंचकर भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए गांव को जोड़ने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षति की जानकारी लेते हुए पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान को क्षतिग्रस्त सड़क एवं सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का शीघ्र इस्टीमेट तैयार कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए प्रभावित मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी पुश्ता निर्माण के कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए खालागांव के नाले में चेक डैम निर्माण का इस्टीमेट तैयार करने को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चेक डैम बनने से भविष्य में बरसाती पानी के तेज बहाव से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी और शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा कराया जाएगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सुंदर सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत डंपिंग व मानकविहीन प्लांटों पर होगी कड़ी कार्रवाई- डीएम

देहरादून। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निगम, नगर पालिकाओं, जिला पंचायत, छावनी परिषद तथा सभी उप जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त देहरादून के लक्ष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मा० उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्रियान्वयन के लिये एक प्रकोष्ठ का गठन किया जाए। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, छावनी परिषद् द्वारा समस्त निर्वाचित प्रतिनिधियों, पार्षदों, वार्ड मेम्बरों को उपलब्ध करायी जाए। प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सदस्य नामित करें, जो मौका मुआयना कर डम्प साइट व अन्य कूड़ा प्रबन्धन कार्याे के चित्र व प्रमाण सहित आख्या प्रस्तुत करें। एसडब्ल्यूएम का परिहन स्थानीय निकाय से अनाधिकृत वाहनों से न हो, जिससे अनाधिकृत डम्प साईट न बनें।

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित अनधिकृत कचरा डंपिंग स्थलों तथा बल्क वेस्ट जनरेटरों का चिन्हांकन कर विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को वैज्ञानिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने बायो-रिमेडिएशन प्लांटों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो प्लांट निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने ऋषिकेश, विकासनगर, देहरादून सहित जनपद की सभी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग साइटों का निरीक्षण करने तथा नगर निगमों द्वारा किए जा रहे लीगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्यों की दो दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगमों एवं छावनी परिषद क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का फोटोग्राफ सहित विस्तृत प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजयनाथ शुक्ला, विभिन्न नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी एवं छावनी परिषद के अधिकारी उपस्थित रहे।


मसूरी में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा एक्शन, दो भवन किए सील

सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर प्रवर्तन कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन पर प्राधिकरण की सख्ती बरकरार

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान और तेज करते हुए मसूरी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत तथा बिना वैधानिक अनुमति किए जा रहे निर्माणों को सील कर स्पष्ट संदेश दिया कि विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना या स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जाने वाले निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले चम्बा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां विनोद बिष्ट द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य कराया जा रहा था। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्राधिकरण ने भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। संबंधित निर्माण में भवन उपविधियों का उल्लंघन किया गया था, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मसूरी के किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर पहुंचकर सुसमा जैसवाल द्वारा कराए जा रहे अवैध निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य नियमानुसार न पाए जाने पर संबंधित भवन को भी सील कर दिया गया। दोनों कार्रवाइयों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी बिना स्वीकृति निर्माण या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कार्य होने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल निरीक्षण कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुनियोजित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकास को बढ़ावा देना भी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने नियमानुसार पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई संपन्न कराई। प्राधिकरण ने कहा कि प्रवर्तन दल नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रहा है और अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले: कानून से ऊपर कोई नहीं, अवैध निर्माणों पर होगी लगातार कार्रवाई

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित एवं सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जाने वाले निर्माण न केवल भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि भविष्य में जनसुरक्षा और शहरी व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी भवन स्वामी निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। एमडीडीए का प्रवर्तन अभियान आगे भी पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने की नियमों के पालन की अपील

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। नियमों का पालन करने से अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है और क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा।


औचक निरीक्षणः कोरोनेशन अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश

आईसीयू में एसी बंद, रजिस्टर अधूरे, वार्डों में गंदगी; डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

लावारिस मरीज के लिए देवदूत बने जिलाधिकारी, तत्काल मिली इमरजेंसी चिकित्सा

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार की रात ठीक 8ः00 बजे जिला कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लापरवाही, गंदगी और घोर अनियमितताओं की परतें खुलती चली गईं, जिस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ब्डव्) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (ब्डै) की एक संयुक्त समिति गठित कर तत्काल रिपोर्ट तलब की है।

आईसीयू में उमस, रजिस्टर खाली और पीआरओ पर गिरी गाज

जिलाधिकारी जब सबसे पहले आईसीयू वार्ड में पहुंचे, तो वहां की स्थिति बेहद चौंकाने वाली थी। जीवन रक्षक माने जाने वाले आईसीयू में मानक के विपरीत एयर कंडीशन बंद पड़ा था, जिससे मरीज उमस और सफोकेशन (घूटन) से बेहाल थे। हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल के पीआरओ (च्त्व्) को कई बार कहने के बाद भी एसी चालू नहीं कराया गया, जिस पर डीएम ने पीआरओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश देते हुए सीएमएस से जवाब मांगा है। इसके अलावा, आईसीयू के स्टॉक रजिस्टर में 29 जून से दवाओं का कोई विवरण नहीं था और सिस्टर इंचार्ज आकस्मिक अवकाश पर पाई गईं। कार्मिकों के उपस्थिति रजिस्टर में भी भारी खामियां मिलीं।

गंभीर मरीज को अनावश्यक रेफर करने पर जताई नाराजगी

अस्पताल के बाल रोग कक्ष, पुरुष, महिला और सर्जरी वार्डों का हाल भी बदतर मिला। पुरुष वार्ड में लीवर की बीमारी से पीड़ित एक ऐसे मरीज को रेफर करने की तैयारी थी, जो अस्पताल में ही रिकवर हो सकता था। इस अनावश्यक रेफरल पर डीएम ने सख्त आपत्ति जताई। यही नहीं, मरीज को ओढ़ने के लिए फटी हुई कंबल दी गई थी, जिस पर अस्पताल मैटर्न से स्पष्टीकरण मांगते हुए सभी फटे कंबलों को तत्काल कंडम (नष्ट) करने का आदेश दिया गया।

अस्पताल की लिफ्ट में चारों तरफ पान की पीक और गंदगी पसरी थी, जबकि सुरक्षा के लिहाज से लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरा तक नहीं लगा था। महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल लगा देख जिलाधिकारी ने व्यवस्था पर भारी नाराजगी व्यक्त की।

लावारिस मरीज के लिए देवदूत बने जिलाधिकारी

सर्जरी वार्ड में जिलाधिकारी एक लावारिस मरीज के लिए साक्षात देवदूत बनकर पहुंचे। उस वक्त मरीज की हालत बेहद नाजुक थी और उसका शुगर लेवल 40ः से भी कम हो चुका था, लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। मरीज के पास गंदगी का अंबार था और बासी खाने की प्लेटें छूटी हुई थीं। जिलाधिकारी की सक्रियता के चलते मरीज को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रशासनिक अमले के पहुंचने की भनक लगते ही डीएम के आने से महज पांच मिनट पहले वार्ड में आनन-फानन में पोछा लगाया जा रहा था।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सीएमओ और सीएमएस को संयुक्त रूप से अस्पताल की इन सभी परिलक्षित कमियों और व्यवस्थागत खामियों को तत्काल दूर करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं, ताकि आम जनता को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड में मरीजों से बात करते हुए उनका हाल जाना और अस्पताल से मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी मनीष शर्मा सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे।


हरेला महाअभियान की तैयारियों में जुटा प्रशासन

16 जुलाई से जनसहभागिता के साथ शुरू होगा व्यापक पौधरोपण अभियान

04 जुलाई से शुरू होगा सेवा सप्ताह, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़ेंगे पात्र लाभार्थी

पौड़ी-  जनपद में आगामी हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले व्यापक पौधरोपण महाअभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूर्ण करें तथा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकासखंड अपने-अपने क्षेत्र के पौधरोपण लक्ष्य की जानकारी आज सायं 5 बजे तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की समेकित कार्ययोजना समय पर तैयार की जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पौधरोपण स्थलों का चयन एवं उनकी जियो टैगिंग, स्थलवार वृक्षारोपण सूची तैयार करने, पौधों की आवश्यकता एवं ट्रीगार्ड की मांग का आकलन करने तथा जनपद हरित पंजिका तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए जाने वाले पौधों का संरक्षण और उनकी नियमित देखरेख भी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 13 जुलाई तक पौधरोपण के लिए गड्ढों की खुदाई, स्थल तैयार करने तथा प्रजातिवार पौध वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए, ताकि 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाला महाअभियान बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि हरेला दिवस पर आयोजित सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामुदायिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ-साथ आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। पौधरोपण अभियान की प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी, पौड़ी को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे अभियान से संबंधित सभी सूचनाओं का नियमित संकलन एवं मॉनिटरिंग की जा सके।

इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने 04 जुलाई से प्रारम्भ होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखण्डों में सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप विभागीय स्टॉल, जागरूकता कार्यक्रम, लाभार्थी सम्मान एवं लाभ वितरण कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के दौरान आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करे तथा सभी गतिविधियों का प्रभावी समन्वय बनाए रखे, जिससे सेवा सप्ताह का आयोजन जनहितकारी एवं सफल रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भण्डारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: जून में साइबर ठगी के पीड़ितों के 2.63 करोड़ रुपये बचाए

प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतो पर की जा रही है प्रभावी कार्यवाही 

साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खातो को त्वरित कार्यवाही कर किया जा रहा है फ्रीज

देहरादून–  मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के देवभूमि उत्तराखण्ड को अपराध मुक्त बनाये रखने के मिशन के अन्तर्गत पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के दिशा निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड द्वारा साइबर अपराध पीड़ितो को त्वरित न्याय दिलाने तथा अपराधिक घटना में संलिप्त साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश निर्गत किये गये हैं। जिसके क्रम में एसटीएफ के अधीन संचालित राष्ट्रीय वित्तीय हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रुम को साइबर अराध पीड़ितो की धनराशि को होल्ड बचाये जाने हेतु त्वरित कार्यवाही किये जाने के निर्देश किया गया था। फलस्वरुप राष्ट्रीय वित्तीय हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रुम द्वारा वर्ष 2026 माह जून की अवधि में साइबर अपराध में पीड़ितों से विभिन्न माध्यमों से ठगी गयी 2.63 करोड़ रुपये की धनराशि को सुरक्षित वापस कराया गया।

वित्तीय हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रुम की गुणवक्ता मे बढ़ोतरी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड द्वारा follow-up टीम का गठन किया गया । नियुक्त follow-up टीम द्वारा माह जून की अवधि में साइबर अपराध में पीड़ितों से विभिन्न माध्यमों से ठगी गयी 2.68 करोड़ रुपये की धनराशि को होल्ड कराया गया।

1.साईबर हेल्प लाईन 1930 (साईबर) एसटीएफ उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 26.06.2026 को श्री कपिल सुखीजा निवासी पंतनगर जनपद उधमसिंहनगर द्वारा अपने साथ मेल आईडी हैक कर सामान ऑडर करने के नाम पर 420000-/ रूपये की साईबर धोखाधडी की शिकायत कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 420000-/ रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी।

2. साईबर हेल्प लाईन 1930 साईबर ; एसटीएफ उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 24.06.2026 को महेश हलधर निवासी रूद्रपुर जनपद उधमसिंहनगर द्वारा 238985-/ रूपये की अपने साथ ऑन लाईन फ्रॉड की साईबर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा उक्त शिकायत का फॉलोअप कर त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 121130-/ रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी।
3.साईबर हेल्प लाईन 1930 साईबर ; एसटीएफ उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 25.06.2026 को श्री राजा राम निवासी कोतवाली नगर जनपद देहरादून द्वारा 166000-/ रूपये की अपने साथ यूपी आईडी फ्रॉड की साईबर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा उक्त शिकायत का फॉलोअप कर त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 104424-/ रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी।

4.साईबर हेल्प लाईन 1930 साईबर ; एसटीएफ उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 25.06.2026 को कंचन देवी गुप्ता निवासी बहादराबाद जनपद हरिद्वार द्वारा 1800000 रूपये की अपने साथ ( UNAUTHORISED BANKING FRAUD) की साईबर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा उक्त शिकायत का फॉलोअप कर त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 1460094 रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी ।

5.साईबर हेल्प लाईन 1930 साईबर (एसटीएफ) उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 26.06.2026 को श्रीमती रेणू देवी निवासी सिडकुल जनपद हरिद्वार द्वारा 49000-/ रूपये की अपने साथऑन लाईन फ्रॉड की साईबर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा उक्त शिकायत का फॉलोअप कर त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 40000-/ रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी।

6.साईबर हेल्प लाईन 1930 साईबर (एसटीएफ) उत्तराखण्ड देहरादून मे दिनांक 26.06.2026 को श्रीमती रेणू देवी निवासी सिडकुल जनपद हरिद्वार द्वारा 49000-/ रूपये की अपने साथऑन लाईन फ्रॉड की साईबर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी जिसमे साईबर हेल्प लाईन 1930 मे नियुक्त टीम द्वारा उक्त शिकायत का फॉलोअप कर त्वरित कार्यवाही की गयी जिसमे शिकायतकर्ता की 40000-/ रूपये की धनराशि होल्ड कराई गयी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस0टी0एफ0 उत्तराखण्ड ने जनता से अपील की है कि अपना बैंक खाता किसी अन्य को उपयोग हेतु न दें, कमीशन/किराये पर खाता देना अपराध है, ATM कार्ड, OTP, PIN, UPI PIN साझा न करें, अज्ञात धनराशि आने पर तुरंत बैंक/पुलिस को सूचित करें तथा अन्जान नम्बरों से आने वाली वीडियो कॉल से बात न करें, न ही कोई सूचना/दस्तावेज दें । यदि कोई आपको पुलिस, सीबीआई, ईडी आदि का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट करने को डराये धमकाये तो घबरायें नहीं, कोई भी एजेन्सी ऑनलाईन गिरफ्तार नहीं करती है । किसी भी प्रकार के लोक लुभावने अवसरों / फर्जी साईट / धनराशि दोगुना करने के प्रलोभनों में न आयें ।

साथ ही फर्जी निवेश ऑफर जैसे YouTube like सब्सक्राइब, टेलीग्राम आधारित निवेश वेबसाइट ऑफर में निवेश न करें । गूगल से कोई भी कस्टमर केयर नम्बर को सर्च न करें । तेजी से बढ़ रहे इन्वेस्टमेंट स्कैम्स ने लाखों लोगों को अपना शिकार बनाया है। स्कैमर्स वेबसाइट्स और नकली रिव्यू प्रोग्राम्स के माध्यम से लोगों को पहले छोटे-छोटे इनाम देकर भरोसा जीतते हैं तथा फिर धीरे-धीरे उन्हें भारी रकम निवेश करने पर मजबूर कर देते हैं। कम समय में अधिक लाभ के चक्कर में इन्वेस्ट ना करें व शक होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन को सम्पर्क करें । वित्तीय साईबर अपराध घटित होने पर तुरन्त 1930 नम्बर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।


“अन कलेक्टेबल” श्रेणी में दर्ज मतदाताओ की बीएलए के संग पुनः जांच करें बीएलओ- सीईओ

SIR में मतदाता सूची के परिवेक्षण का कार्य करेंगे मंडलायुक्त

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दानों मंडलायुक्तों के साथ बैठक कर SIR पर की समीक्षा

दावे-आपत्तियों के निस्तारण में मतदाता को न हो परेशानी, निस्तारण के लिए न्याय पंचायत और वार्ड स्तर पर लगाए जाएं कैंम्प – सीईओ

14 जुलाई से SIR के अलगे चरण के लिए DEO/ERO बनाएंगे विस्तृत कार्ययोजना – सीईओ

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को कुमांऊ एवं गढ़वाल के मंडल आयुक्तों (रोल ऑब्जर्वर) के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि दोनों मंडल में मंडलायुक्त जनपदों की फील्ड विजिट कर ऐसे पोलिंग बूथ का भ्रमण करें जहां “अन कलेक्टेबल” श्रेणी में मार्क मतदाताओं की संख्या अधिक है। उन्होंने निर्देश दिए मंडलायुक्त, डीईओ/ईआरओ द्वारा जांच की गई एसएसडी सूची की भी समीक्षा करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी ऐब्सेंट,शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची में शामिल मतदाताओं के गणना फार्म पर यथोचित टिप्पणी अवश्य अंकित करें। ऐसी प्रत्येक टिप्पणी पर बीएलओ सहित बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों के हस्ताक्षर प्राप्त करें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 70 ईआरओ के साथ ही 800 एईआरओ की भी तैनाती की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपद इस बात का विशेष ध्यान रखें कि नोटिस फेज में किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी ना हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में दावे आपत्तियों के निस्तारण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कैंम्प लगाने हेतु रोस्टर तैयार किया जाए। मैदानी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील के अतरिक्त नगर निगम,नगर पंचायत और वार्ड लेवल पर कैंप का रोस्टर तैयार किया जाए। बैठक में कुमांऊ कमिश्नर दीपक रावत, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरुप, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास उपस्थित रहे।


मानसून आपदा से निपटने की तैयारियों का होगा व्यापक परीक्षण

2 जुलाई को जनपद के सात स्थानों पर मॉक ड्रिल

देहरादून। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन गुरुवार, 2 जुलाई को जनपद देहरादून के सात संवेदनशील स्थलों पर व्यापक मॉक अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित करेगा। इस अभ्यास के माध्यम से बाढ़, भूस्खलन, जलभराव, सड़क अवरोध, राहत एवं बचाव कार्यों सहित विभिन्न आपदा परिस्थितियों में विभागों की तत्परता, समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा।

मॉक अभ्यास के लिए दूधली क्षेत्र, सुसवा नदी एवं सोंग नदी तटीय गौहरीमाफी (ऋषिकेश), कार्लीगढ़ क्षेत्र, लंबीधार किमाड़ी मोटर मार्ग (मसूरी), चकराता मोरी मोटर मार्ग (तहसील चकराता), सहसपुर जमनीपुर में आसन एवं स्वर्णा नदी तटीय क्षेत्र (विकासनगर) तथा सहस्रधारा क्षेत्र (देहरादून) को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों के अनुरूप राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद एवं तहसील स्तर पर गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) में नामित अधिकारियों तथा सभी रेखीय विभागों को निर्धारित समय पर पूर्ण तैयारी के साथ मॉक ड्रिल में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यास के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारी या कार्मिक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनसामान्य से भी अपील की है कि यह केवल मानसून आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण करने के उद्देश्य से आयोजित मॉक अभ्यास है। इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।


32 वर्ष 6 माह की गौरवपूर्ण सेवा के बाद आईजी करण सिंह नगन्याल सेवानिवृत्त

पुलिस मुख्यालय में दी गई भावभीनी विदाई

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईजी इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी/प्रिजन करण सिंह नगन्याल अधिवर्षता आयु पूर्ण कर 32 वर्ष 6 माह की उत्कृष्ट राजकीय सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय, देहरादून स्थित सभागार में उनके सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

वर्ष 1994 में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले करण सिंह नगन्याल ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कुशल नेतृत्व का परिचय दिया। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न आयामों में उल्लेखनीय योगदान दिया और एक संवेदनशील, सुलभ एवं कर्मठ अधिकारी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए वर्ष 2020 में उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक (PM/MSM) से सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके समर्पण और विभाग के प्रति योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका अनुभव और कार्यशैली पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगी।

समारोह के अंत में उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। उत्तराखंड पुलिस परिवार ने उनके समर्पित सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करण सिंह नगन्याल का योगदान सदैव याद किया जाएगा।


एसएसपी दून के नेतृत्व में भू माफियाओं पर दून पुलिस एक और प्रहार

भूमि धोखाधड़ी में लिप्त 01 महिला सहित 02 अभियुक्तो को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार 
अभियुक्तो द्वारा वृद्ध व्यक्ति की राजपुर रोड स्थित जमीन की फर्जी पॉवर ऑफ़ अटॉर्नी बनाकर करोड़ो रूपये में किया था भूमि का सौदा
देहरादून- दिनांक – 07/06/2026 को वादी बलवंत सिंह निवासी निकट साईं मंदिर राजपुर रोड देहरादून द्वारा थाना राजपुर पर एक लिखित तहरीर दी कि दीपक अग्रवाल व मान देवी ने उनकी भूमि मौजा डाक पटी राजपुर रोड स्थित भूमि की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाते हुए उक्त भूमि में से 120 – 120 गज भूमि के 02 प्लॉट श्री सुंदर अग्रवाल निवासी दिल्ली व श्री अशोक कुमार गुप्ता निवासी दिल्ली को धोखाधड़ी कर बेच दी तथा उसके एवज में उनसे करोड़ों रुपए ले लिए। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर मु0अ0सं0- 108/26 धारा: 318(4)/336(3)/338/340(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की गम्भीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा धोखाधड़ी में लिप्त अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु थाना राजपुर पर टीम गठित कर  आवश्यक निर्देश दिये गये। गठित टीम द्वारा अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु सुरागरसी/पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, साथ ही इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की सहायता से भी अभियुक्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके सभी सम्भावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी गई। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप दिनांक: 30/06/26 को पुलिस टीम द्वारा राजपुर क्षेत्र में चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर राजपुर तिराहे के पास से धोखाधड़ी में लिप्त अभियुक्त दीपक अग्रवाल व मान देवी को गिरफ्तार किया गया।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त 
1- दीपक अग्रवाल पुत्र गोपाल अग्रवाल निवासी 75 देहरा खास, आशीर्वाद एंक्लेव थाना पटेल नगर, देहरादून उम्र- 52 वर्ष।
2- मान देवी पत्नी रतन सिंह निवासी 41 राजपुर रोड, देहरादून, उम्र – 70 वर्ष।
पुलिस टीम:- 
1- उ0नि0 अनित कुमार
2- कां0 अमित
3- कां0 मोहित
4- म०का० प्रीति

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp