Thursday, November 19, 2026
1:20 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कौन्ता–ककोड़–हरीशताल मोटर मार्ग की गुणवत्ता की होगी उच्चस्तरीय जांच- जिलाधिकारी

Category Archives: राष्ट्रीय

कौन्ता–ककोड़–हरीशताल मोटर मार्ग की गुणवत्ता की होगी उच्चस्तरीय जांच- जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की, तीन सप्ताह में मांगी विस्तृत आख्या

नैनीताल: जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने पीएमजीएसवाई, काठगोदाम खंड के अंतर्गत निर्मित कौन्ता–ककोड़–हरीशताल मोटर मार्ग (ओखलकांडा) की गुणवत्ता की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

उल्लेखनीय है कि उक्त मोटर मार्ग की गुणवत्ता को लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष आकलन किया जा सके।

गठित जांच समिति में मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल को अध्यक्ष तथा लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को सदस्य नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने समिति को निर्देशित किया है कि वह कार्यस्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण, निर्माण गुणवत्ता का परीक्षण तथा संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करते हुए तीन सप्ताह के भीतर अपनी स्पष्ट एवं तथ्यपरक जांच आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को भी निर्देश दिए हैं कि जांच समिति के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक अभिलेख एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर अनियमितता अथवा लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक निर्माण कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।


रायवाला में 500 किलो गौमांस के साथ तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 किलोग्राम संदिग्ध गौमांस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन भी कब्जे में ले ली है। आरोपी के दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को रायवाला पुलिस नेपाली फार्म तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हरिद्वार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार वैन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो छिद्दरवाला के पास वैन आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद चालक वाहन में फंस गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। तलाशी के दौरान वैन से 10 कट्टों में करीब 500 किलोग्राम मांस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद अमन (23 वर्ष) निवासी कारगी चौक, देहरादून के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि बरामद मांस गौवंश का है, जिसे वह बिजनौर निवासी एक व्यक्ति से लेकर देहरादून के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि उसके दो साथी मोटरसाइकिल से पीछे-पीछे चल रहे थे, जो पुलिस कार्रवाई देखकर फरार हो गए।

मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्साधिकारी ने मांस का परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में खाल, खुर और अन्य अवशेषों के आधार पर इसे गौवंशीय मांस होने की पुष्टि की गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 500 किलोग्राम गौवंशीय मांस और तस्करी में प्रयुक्त वैन बरामद की है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


उत्तराखंड में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम होगा मजबूत, 112 से जुड़ेंगी सभी हेल्पलाइन

दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत मिलेगी पुलिस, फायर और मेडिकल सहायता

देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति को त्वरित एवं प्रभावी ट्रॉमा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने के दृष्टिगत मा. उच्चतम न्यायालय द्वारा सभी राज्यों को जारी किए गए आदेशों के क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने समन्वित, प्रभावी एवं समयबद्ध आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली स्थापित किए जाने हेतु सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने मा. न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सभी आपातकालीन हेल्पलाईन सेवाओं को एकीकृत आपातकालीन हेल्पलाईन 112 से तकनीकी एवं परिचालानात्मक रूप से जोड़े जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मा. न्यायालय द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए इसका आमजन तक प्रचार-प्रसार किए जाने की बात भी कही। कहा कि सभी आपातकालीन हेल्पलाईनों का एकीकरण हो जाने के बाद हेल्पलाइन 112 पर पुलिस, फायर एवं मेडिकल सुविधा जैसी आपातकालीन सेवाएं तत्काल मिल सकेंगी। उन्होंने इसके लिए बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप वाला ऑटोमैटिक मैकेनिल्म तैयार किया जाने की बात भी कही, ताकि मेडिकल हेल्प, फायर या पुलिस सहायता के लिए 112 पर कॉल करने वाले व्यक्ति को वांछित सहायता तत्काल उपलब्ध करायी जा सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि गुड सेमेरिटन शिकायत निवारण तंत्र के लिए राज्य स्तर पर डीजी हेल्थ को नोडल आधिकारी एवं जनपद स्तर पर सीएमओ को नोडल अधिकारी नामित करते हुए मासिक बैठकें आयोजित की जाएं एवं बैठकों का कार्यवृत्त पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने सभी सार्वजनिक एवं निजी एम्बुलेंसों में एआईएस-125 मानकों का अनुपालन एवं जीपीएस/वीएलटीडी उपकरणों की स्थापना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी प्रभावी निगरानी के लिए हेल्पलाईन 112 से रियल टाईम इंटीग्रेशन किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि ट्रॉमा रजिस्ट्री के लिए नोडल विभाग परिवहन विभाग होगा। उन्होंने परिवहन विभाग को राज्य स्तरीय ट्रॉमा रजिस्ट्री स्थापित करते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों को इससे इंटीग्रेट किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि इसे राष्ट्रीय ट्रॉमा रजिस्ट्री से भी जोड़ा जाए। उन्होंने पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना का शत्-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, रोहित मीणा, श्रीमती तृप्ति भट्ट एवं संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान युवक डूबा, SDRF का सर्च अभियान जारी

ऋषिकेश – आज  प्रातः लगभग 10:00 बजे थाना लक्ष्मणझूला से सूचना प्राप्त हुई कि बजरंग सेतु के समीप घाट पर स्नान के दौरान एक युवक गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया है।

सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक डीप डाइविंग उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबा हुआ युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ लक्ष्मणझूला क्षेत्र घूमने आया था। सभी युवक गंगा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर उतरे थे। स्नान के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया और डूब गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा डीप डाइविंग उपकरणों की सहायता से नदी की गहराइयों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त घटनास्थल से लेकर पशुलोक बैराज तक नदी के सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल सका है तथा सर्च अभियान लगातार जारी है।

डूबे हुए युवक की पहचान शिवांशु राज, पुत्र अनूप पांडे, आयु 22 वर्ष के रूप में हुई है। युवक मूल रूप से जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का निवासी था तथा वर्तमान में चावला हाउस, सेकंड फ्लोर, नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर लक्ष्मणझूला पुलिस, स्थानीय जल पुलिस एवं SDRF की टीम संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई एवं सर्च अभियान में जुटी हुई है।

SDRF की अपील

SDRF सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील करती है कि वर्षा ऋतु के दौरान गंगा नदी का जलस्तर एवं बहाव अत्यधिक बढ़ जाता है। अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, प्रतिबंधित अथवा असुरक्षित स्थानों पर स्नान न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।


ब्रेकिंग : 30 मीटर गहरी खाई में गिरी हरियाणा नंबर की बाइक, कोटद्वार पुलिस ने सुरक्षित निकाली, मालिक की तलाश जारी

कोटद्वार : कोटद्वार के गिवाई स्रोत-पुलिण्डा मार्ग पर जामुन बैण्ड के पास सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में गिरी एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है।

आज गुरुवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई। आसपास के क्षेत्र में गहन तलाश के बावजूद मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला।

जांच में मोटरसाइकिल का नंबर HR26 FA-8962 (स्प्लेंडर) पाया गया। ई-चालान मशीन से जांच करने पर वाहन जुनैद पुत्र मोहम्मद, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा) के नाम पंजीकृत मिला। पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।

इसके बाद पुलिस टीम ने रस्सियों की मदद से बाइक को खाई से बाहर निकालकर सुरक्षा की दृष्टि से थाने पहुंचाया। फिलहाल वाहन स्वामी या संबंधित व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस टीम 

वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी, अपर उपनिरीक्षक वीर बहादुर, हेड कांस्टेबल सुनील मलिक, पारस रतूड़ी, जयेंद्र और कांस्टेबल अमित शामिल रहे।


श्रीनगर में हुड़दंग कर रहे 3 लोग गिरफ्तार, पुलिस ने की चालानी कार्रवाई

श्रीनगर/पौड़ी गढ़वाल: जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को श्रीनगर में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीनों व्यक्ति शांति भंग करते हुए पाए गए। पुलिस ने उन्हें धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया। पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपी:

करन प्रजापति (19 वर्ष), निवासी श्रीराम ज्वैलर्स के निकट, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल।

नितिन (30 वर्ष), निवासी सियोरा, मंडावर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।

तरुण (32 वर्ष), निवासी मंडावली, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।

पौड़ी पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग व संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में मोबाइल नेटवर्क सुधारने के निर्देश, CDO ने टेलीकॉम कंपनियों की लगाई क्लास

भीमताल:  जनपद नैनीताल में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति और शैडो क्षेत्रों की समस्या को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और इंडस टावर्स के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी कंपनियों को संयुक्त सर्वे कर 15 दिनों के भीतर नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ऑनलाइन कार्यों में गंभीर परेशानी हो रही है। एमएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम, विभिन्न सरकारी पोर्टल, मोबाइल एप, मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग और हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग के नेटवर्क प्रभावित हिस्सों का सर्वे कर जहां जरूरत हो वहां टावर क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की कमी से पर्यटकों को असुविधा होती है और जिले की पर्यटन छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने कोटाबाग, पंगोट, धारी, ढिकुली (रामनगर) और ओखलकांडा सहित सभी नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों से आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा के भीतर शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को सुचारु बनाने की अपेक्षा जताई।


कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, जिलाधिकारी ने शेष व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक पूर्ण करने के दिए निर्देश

पौड़ी जिलाधिकारी ने ली कांवड़ यात्रा हेतु तैनात सभी जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक

 

यात्रा क्षेत्र सात जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस

 

पौड़ी:  आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की बिंदुवार समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 25 जुलाई तक सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में किए गए बैठकों तथा निरीक्षण के क्रम में कांवड़ यात्रा की अधिकांश तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं तथा अब केवल कुछ स्थानों पर शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को प्रभावी निगरानी एवं बेहतर प्रबंधन के लिए सात जोन तथा 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें, विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखें तथा व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर स्थायी पिंक टॉयलेट विकसित किए जाएं, जिनमें महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, सैनिटरी वेंडिंग मशीन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर पेयजल कनेक्शन स्थापित कर दिए गए हैं। जिन स्थानों पर पानी की आपूर्ति कम है अथवा अभी उपलब्ध नहीं हो रही है, वहां तत्काल सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी शौचालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान एवं कूड़ा वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए पूरे यात्रा क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

यात्रा मार्गों एवं पार्किंग स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पैदल मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर जहां आवश्यकता हो वहां मरम्मत एवं बजरीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्राकृतिक पेयजल स्रोतों, पार्किंग स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यक साइनेज लगाए जाएं। साथ ही जलभराव एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान कर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं तथा संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मार्गों को तत्काल सुचारु किया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी पार्किंग एवं सेवा स्थलों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा भीड़ की स्थिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा भगदड़ से बचाव के लिए पुलिस विभाग के समन्वय से आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना सभी संबंधित हितधारकों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से क्षेत्रवार सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी भी कुछ कमियां शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर किया जाए। साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनाए रखें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं जनहितकारी व्यवहार सुनिश्चित करें, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर एडीएम एफ आर चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, एसडीएम चतर सिंह चौहान सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।


श्रमिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार- मुख्यमंत्री धामी 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कई योजनाओं का शुभारंभ

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए अनेक नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रमिक और श्रमिक परिवारों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ योजना के अन्तर्गत 02 मेडिकल मोबाइल वैन का भी फ्लैग ऑफ किया।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार श्रमिक कल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज शुरु की जा रही कल्याणकारी योजनाएं भी श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री पोषण योजना” के माध्यम से जहां श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं “मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना” के माध्यम से श्रमिक भाई -बहनों के बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरणा लेकर शुरु की जा रही “मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम” के जरिए श्रमिक परिवारों में हाईजिन किट का वितरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को कौशल प्रदान करने के लिए शुरु की जा रही, मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना, के अंतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत हर साल 210 बच्चों को आवासीय सुविधायुक्त प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को भी प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड पारदर्शी तरीके से कार्य कर रहा है, इसका लाभ वास्तविक श्रमिकों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना” के अंतर्गत शुरु मोबाइल मेडिकल वैंस के जरिए विशेष स्वास्थ्य दल दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचकर श्रमिक भाई-बहनों को उनके कार्य एवं आवास स्थल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएंगे। इस मोबाइल मेडिकल वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जाँचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। साथ ही इस वैन में टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी मिलेगी तथा जाँच के बाद तीन महीने तक उनके स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत जनपद से हो रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

श्रमेव जयते के मंत्र पर चल रही सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में श्रमिकों के मान सम्मान को बढ़ाने के लिए’’श्रमेव जयते’’ का मंत्र दिया था। इसी क्रम में राज्य सरकार भी ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है।

सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि जो हाथ प्रदेश के विकास का निर्माण करते हैं, उनका और उनके परिवार का जीवन भी सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध होना चाहिए। इसी सोच के तहत एक ओर राज्य सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। वहीं महिला श्रमिकों एवं श्रमिक परिवारों को मातृत्व के दौरान बेहतर देखभाल और पोषण के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

बोर्ड में पंजीकरण नवीनीकरण कराते रहें श्रमिक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों को उनके कार्य के लिए आवश्यक औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराकर उन्हें आजीविका की दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास भी कर रही है। इसके अलावा, पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को अपना घर बनाने या घर खरीदने के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, वृद्ध निर्माण श्रमिकों को मासिक पेंशन उपलब्ध कराकर उनके जीवन को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देने का कार्य भी हमारी सरकार द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आग्रह करते हुए कहा कि सभी पात्र श्रमिक उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, जिससे सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच सके। इससे पहले बोर्ड के सचिव पीसी दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करने के साथ ही नई योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर,  दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष श्रीमती गीता रावत, उपाध्यक्ष श्रीमती मोहनी पोखरिया, अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति प्रो. गोविन्द सिंह,सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी , श्रमायुक्त पी. सी. दुम्का उपस्थित हुए।


मुख्यमंत्री धामी ने स्व. मनोज मनराल को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री धामी बोले- दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है सरकार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एलआईयू निरीक्षक मनोज मनराल के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन देहरादून में स्व. मनोज मनराल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp