Thursday, November 19, 2026
12:38 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर शहीद राइफलमैन मनोज राणा की 13वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

Category Archives: राष्ट्रीय

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर शहीद राइफलमैन मनोज राणा की 13वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज राजपुर निवासी अमर शहीद राइफलमैन मनोज राणा की 13वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर शहीद राईफलमैन मनोज राणा की स्मृति में ₹ 27.00 लाख की लागत से शहीद द्वार का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अमर शहीद मनोज राणा का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि एमडीडीए के माध्यम से 27 लाख की लागत से शहीद राईफलमैन मनोज राणा की स्मृति में पहाड़ी शैली में भव्य शहीद द्वार का निर्माण किया जायेगा।उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की और हमें गौरवान्वित किया।सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शहीदों की कोई जाति या धर्म नहीं होता, उनका सम्मान करना और उनकी स्मृतियों को संजोकर रखना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात प्रत्येक पाँचवाँ सैनिक उत्तराखंड से है और जब-जब राष्ट्र को आवश्यकता पड़ी, उत्तराखंड के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की है।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारतीय सेना के आधुनिकीकरण को नई दिशा मिली है तथा रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों एवं उनके आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में सैनिकों के सम्मान में भव्य सैन्य धाम का निर्माण कराया जा रहा है, जो पूर्ण होने के बाद राज्य की जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग चारधाम के दर्शन के लिए आते हैं, उसी प्रकार सैन्य धाम भी देशभर के लोगों के लिए प्रेरणा और श्रद्धा का केंद्र बनेगा।

उल्लेखनीय है कि शहीद मनोज राणा भारतीय सेना की 15 आरआर, 2/4 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। वर्ष 2013 में आज ही के दिन जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों से लोहा लेते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री भाजपा नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग शहीद की माता उषा राणा, बहन पिंकी राणा, प्रभा शाह,सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार विकसित उत्तराखंड की आधारशिला- मुख्यमंत्री

देहरादून में बन रही देश की पांचवीं साइंस सिटी का प्रदेशभर के स्कूली बच्चों को कराया जाएगा भ्रमण

पायनियर समाचार पत्र समूह एवं यूकॉस्ट के तत्वावधान में आई.आर.डी.टी. सभागार में आयोजित “Mainstreaming Science, Technology and Innovation for a Prosperous Uttarakhand” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार विकसित उत्तराखंड की आधारशिला हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड को अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीकी विकास का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान को प्रयोगशालाओं और पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय आमजन के जीवन से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को पायनियर समाचार पत्र समूह एवं उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आई.आर.डी.टी. सभागार में आयोजित “Mainstreaming Science, Technology and Innovation for a Prosperous Uttarakhand” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व की प्रगति प्राकृतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की क्षमता से निर्धारित हो रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में परिवर्तनकारी भूमिका निभा रही हैं। इन क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रतिभा, नवाचार और परिश्रम में किसी से कम नहीं है।आवश्यकता उन्हें आधुनिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उपयुक्त अवसर उपलब्ध कराने की है। सरकार, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत एवं वैज्ञानिक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में नवाचार आधारित विकास को नई गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प की आधारशिला विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, नेशनल क्वांटम मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे अभियान भारत को वैश्विक तकनीकी शक्ति बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की है, जिसका उद्देश्य अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बनाना है। उन्होंने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जो उत्तराखंड को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर के स्कूली विद्यार्थियों का नियमित रूप से साइंस सिटी भ्रमण कराया जाए, ताकि उनमें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना भविष्य के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, लैब्स ऑन व्हील्स, जीआईएस आधारित डैशबोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट इन्फॉर्मेशन सेंटर तथा स्टेम लैब्स जैसी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, प्री-इन्क्यूबेशन लैब्स तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में वैश्विक स्तर के अवसर उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि देवभूमि उत्तराखंड को वीरभूमि और खेलभूमि के साथ-साथ विज्ञान और नवाचार की भूमि के रूप में भी वैश्विक पहचान मिले। उन्होंने सभी वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत एवं नीति-निर्माताओं का आह्वान किया कि वे विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पद्मश्री डॉ.बी.के. संजय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, पंतनगर यूनिवर्सिटी से प्रो. जे. पी. जयसवाल, यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डी. पी उनियाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


कारगिल के रणबांकुरों को आइबेक्स ब्रिगेड का शौर्यपूर्ण नमन

देहरादून- कारगिल विजय दिवस पर आइबेक्स ब्रिगेड ने उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर स्मरणीय और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर नायकों की असाधारण वीरता, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करना तथा युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना था।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आइबेक्स ब्रिगेड ने सीमांत क्षेत्रों में 1999 के कारगिल संघर्ष के अमर वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शृंखला भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए। जोशीमठ मिलिटरी स्टेशन में “कारगिल विजय दिवस वॉकाथन” का आयोजन किया गया, जिसमें सैनिकों, पूर्व सैनिकों, बच्चों और सैन्य परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाद में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में रखे युद्ध स्मारकों पर सैन्य परंपराओं के अनुसार शहीदों को भावभीनी एवं श्रद्धापूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रीय ध्वज गर्व के साथ फहराया गया और युद्ध स्मारक पर कारगिल नायकों की श्रद्धांजलि हेतु मोमबत्तियाँ जलाई गईं। इस अवसर पर जवानों ने अनुशासित फ्लैग मार्च निकाला और शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया। पूरा सैन्य क्षेत्र “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से गुंजायमान रहा।


दून पुलिस की मुस्तैदी से चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार

अभियुक्तो के कब्जे से चोरी किये गये 09 मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हुए बरामद

देहरादून। देहरादून पुलिस की सतर्क गश्त ने मसूरी में एक बड़ी चोरी की वारदात को नाकाम कर दिया। माल रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी का प्रयास कर रहे दो युवकों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए नौ मोबाइल फोन, मोबाइल एक्सेसरीज़ और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग और गश्त अभियान के तहत मसूरी पुलिस को अहम सफलता मिली है। गश्त के दौरान कोतवाली मसूरी पुलिस को माल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में एक मोबाइल दुकान के भीतर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दुकान के अंदर चोरी कर रहे दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दुकान से चोरी किए गए नौ मोबाइल फोन, चार्जर, एडॉप्टर, डाटा केबल सहित अन्य मोबाइल उपकरण बरामद हुए। इसके अलावा दुकान का ताला तोड़ने में प्रयुक्त हथौड़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से घूमने के लिए मसूरी आए थे। दो दिन पहले उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई। हालांकि पुलिस की लगातार गश्त और सतर्कता के चलते वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और चोरी करते समय ही पकड़ लिए गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगहीर सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) और तरणप्रीत सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली मसूरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


देहरादून में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बरामद 1.521 किलोग्राम कैटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सेलाकुई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने बताया कि एएनटीएफ को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो आरोपियों को रोककर तलाशी ली। जांच में स्कूटी की डिक्की से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद हुई। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पुष्टि कैटामाइन के रूप में की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस मादक पदार्थ की आपूर्ति खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक व्यक्ति को करने जा रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या एसटीएफ को सूचित करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह

विद्या भारती के संस्कार और शिक्षा मॉडल की मुख्यमंत्री ने की सराहना, कहा— भारत को विश्वगुरु बनाने में युवाओं की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने किया आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण

हरिद्वार। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड द्वारा रुड़की में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सफलता यह सिद्ध करती है कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगा और भविष्य की सभी परीक्षाओं एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा देकर देशभर में शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव रखी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1952 में गोरखपुर से प्रारंभ हुआ सरस्वती शिशु मंदिर आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। वर्तमान में विद्या भारती देशभर में करीब 45 लाख विद्यार्थियों को शिक्षा एवं संस्कार प्रदान कर रही है। विद्या भारती के उत्तराखंड में 562 विद्यालयों में लगभग सवा लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने संगठन के सभी आचार्यों, स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाया है। सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, भारत भ्रमण कार्यक्रम, मॉडल कॉलेजों की स्थापना, आईटी लैब एवं छात्रावास निर्माण जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘कौशलम्’ कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। इसके अलावा यूपीएससी, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आगे की तैयारी के लिए 50 हजार की वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे भारत के वर्तमान और भविष्य हैं। उनके ज्ञान, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व क्षमता के बल पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा और भारत पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर,रुड़की श्रीमती कौशल्या देवी आर्या,केंद्रीय संगठन मंत्री विद्या भारती डोमेशवर साहू, मंत्री भारतीय शिक्षा समिति डॉ रजनीकांत शुक्ला, निर्देशक आई आई टी रुड़की कमल किशोर पंत,जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल,जिलाध्यक्ष भाजपा रुड़की डॉ मधु सिंह, राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी,दिनेश कौशिक, अजीत चौधरी,आदेश सैनी,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ,उप जिलाधिकारी भगवानपुर भगवानपुर देवेंद्र नेगी सहित विभिन्न जिलों से आये अभिभावक छात्र छात्राएं मौजूद रहे।


शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक अधिकार- सुप्रीम कोर्ट

नीट विरोध प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में हो रहे छात्र प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और केवल विरोध प्रदर्शन के आधार पर बल प्रयोग को उचित नहीं ठहराया जा सकता। मामले की विस्तृत सुनवाई मंगलवार को होगी।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने नीट पेपर लीक और अन्य परीक्षा विवादों को लेकर दायर याचिकाओं की सुनवाई के दौरान कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का मौलिक अधिकार है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी प्रदर्शन के दौरान केवल भीड़ जुटने या विरोध होने के कारण पुलिस द्वारा लाठीचार्ज या अत्यधिक बल प्रयोग को सामान्य नहीं माना जा सकता।

सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा। इस पर कोर्ट ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी दोनों की सुरक्षा समान रूप से महत्वपूर्ण है। किसी भी पक्ष के साथ हिंसा स्वीकार्य नहीं हो सकती।

सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए एक समान दिशा-निर्देश तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अदालत ने कहा कि प्रदर्शन के लिए उपयुक्त स्थान तय किए जाएं और यदि किसी प्रदर्शन में असामाजिक तत्व शामिल हो जाएं, तो उनके खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाए, लेकिन इसका असर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि लोकतंत्र अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों और अनुशासन की भी मांग करता है। उन्होंने सभी पक्षों से निष्पक्ष ढंग से अदालत की सहायता करने की अपील की। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को भरोसा दिलाया कि सरकार मामले में निष्पक्ष सहयोग करेगी।

गौरतलब है कि नीट पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में 20 जुलाई को निकाले गए एक विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। छात्रों का आरोप है कि उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी घटना को लेकर दायर याचिकाओं पर अब सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को विस्तृत सुनवाई करेगा।


कांवड़ यात्रा के लिए देहरादून में विशेष ट्रैफिक प्लान, धर्मावाला से डायवर्ट होंगे कांवड़ वाहन

शहर में नहीं मिलेगा कांवड़ वाहनों को प्रवेश

देहरादून। कांवड़ यात्रा को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने शहर को जाम की समस्या से बचाने के लिए व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है। स्कूलों के संचालन, बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

यातायात पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रियों के वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पांवटा साहिब की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को धर्मावाला क्षेत्र से ही वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे के जरिए आने वाले वाहनों को भी शहर की सीमा से पहले ही डायवर्ट करने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम रहे।

पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे और विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों, चेक पोस्टों और सीमा क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कांवड़ वाहन निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।

यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर पूरे ट्रैफिक प्रबंधन की मॉनिटरिंग की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है, साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय कर्मियों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को भी सुचारु बनाए रखना है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि नागरिकों को जाम से राहत देने और शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष योजना तैयार की गई है।


अगले तीन घंटे उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अगले 3 घंटों (सुबह 10:01 बजे से दोपहर 1:01 बजे तक) के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान केदारनाथ, सोनप्रयाग, बालगंगा रेंज, सहिया-विकासनगर, धनोल्टी, चंबा, लच्छीवाला, नरेंद्र नगर, भगवानपुर, कोटद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर, थराली, कर्णप्रयाग, कौसानी, डीडीहाट, गंगोलीहाट और लोहाघाट समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों तथा इनके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


‘भ्रमण से भ्रम मिटते हैं, सीमांत गांव देश के प्रहरी भी हैं और पहला पड़ाव भी’-प्रधानमंत्री मोदी

माइ भारत प्लेटफॉर्म के तहत 74 सीमावर्ती गांवों का अनुभव साझा करने जुटे 400 युवा, देहरादून के 6 प्रतिभागी भी शामिल

प्रधानमंत्री ने युवाओं से सीमांत क्षेत्रों की संस्कृति, प्रकृति और देशभक्ति के जज्बे को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का किया आह्वान

देहरादून- देश की सीमाओं पर बसे गांवों को विकास की मुख्यधारा में लाने और उनकी सामरिक व सांस्कृतिक महत्ता से नई पीढ़ी को रूबरू कराने के उद्देश्य से संचालित ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026’ के तहत एक ऐतिहासिक संवाद संपन्न हुआ। विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर लौटे 400 से अधिक उत्साही युवाओं से सीधा संवाद किया और उनके जमीनी अनुभवों को आत्मीयता से सुना।

‘माइ भारत’ प्लेटफॉर्म के जरिए आयोजित इस राष्ट्रव्यापी पहल में 3 लाख से अधिक युवाओं ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिसमें से देश भर के 403 उत्कृष्ट युवाओं का चयन हुआ। इस यात्रा में उत्तराखंड के 15 और अकेले देहरादून जिले के 06 युवाओं-शिवांग रमोला, नेहा रेवंकर, पलक पांथरी, आकांक्षा बिष्ट, संदीप नेगी एवं वरदान’ ने सीमांत जीवन की जीवंत झलक को आत्मसात किया।

‘अंतिम नहीं, देश का पहला गांव हैं सीमावर्ती क्षेत्र’
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि सरकार की सोच में अब बदलाव आ चुका है। सीमावर्ती गांव देश के अंतिम छोर नहीं, बल्कि भारत के ‘पहले गांव’ हैं।

प्रधानमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, ‘भ्रमण से ही मन के भ्रम मिटते हैं। हमारे सीमांत गांव भले ही दूरस्थ हों, लेकिन वहां रचने-बसने वाली देशभक्ति, अनूठी संस्कृति और समृद्ध परंपराएं पूरे देश को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सूत्र में पिरोती हैं। इन क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बावजूद राष्ट्रनिष्ठा का जो जज्बा है, वह हर भारतवासी के लिए वंदनीय है।’ उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने अनुभवों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और सीमांत पर्यटन को बढ़ावा दें।

30 दिनों का अविस्मरणीय सफर, विकास और संवेदना का संगम
विगत 3 से 30 जून तक चले दो चरणों के इस विस्तृत भ्रमण के दौरान युवाओं ने सीमांत गांवों में पहुंच रही मूलभूत सुविधाओं ‘पक्की सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी, सोलर लाइट, इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल बैंकिंग’ की जमीनी हकीकत को करीब से देखा।

युवाओं ने प्रधानमंत्री के समक्ष अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र के निवासियों का आतिथ्य और देशभक्ति का भाव मन को छू लेने वाला था। यह यात्रा महज एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं, बल्कि जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने का एक भावुक और संवेदनात्मक अनुभव साबित हुई।

एनआईसी देहरादून में दिखा युवाओं का उत्साह
इस वर्चुअल संवाद के दौरान राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र देहरादून परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, राज्य निदेशक राहुल डबराल, उप निदेशक मोनिका नांदल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पांडेय सहित माइ भारत संगठन से जुड़े अनेक युवा और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री की इस दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने वाला अभूतपूर्व कदम बताया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp