Tuesday, November 17, 2026
10:45 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कांवड़ मेले के चलते हरिपुरकलां क्षेत्र के स्कूल 11 अगस्त तक बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई- जिलाधिकारी

Category Archives: राष्ट्रीय

कांवड़ मेले के चलते हरिपुरकलां क्षेत्र के स्कूल 11 अगस्त तक बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई- जिलाधिकारी

देहरादून :देहरादून जनपद के हरिपुरकलां क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी कर ऋषिकेश तहसील के हरिपुरकलां क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।

आदेश के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर अत्यधिक भीड़ और यातायात डायवर्जन के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि इस अवधि में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

 


कुमाऊं आयुक्त ने आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागियों को समझाए कमिश्नरी के कार्य

नैनीताल:  डॉ रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में चल रहे 16 वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव माननीय मुख्यमंत्री दीपक रावत द्वारा प्रशिक्षण ले रहे राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से चयनित 58 प्रतिभागियों को संबोधित किया ।

अपने संबोधन में कुमाऊं आयुक्त ने कमिश्नरी की कार्यप्रणाली, ढांचे और उसके मुख्य कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राजस्व प्रशासन, कानून व्यवस्था की निगरानी और विकास कार्यों के समन्वय में कमिश्नरी स्तर पर किस प्रकार कार्य किया जाता है।

सत्र के दौरान प्रशिक्षण पा रहे प्रतिभागियों ने सुशासन (Good Governance) और प्रशासनिक सुधारों से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। कुमाऊं आयुक्त ने सभी जिज्ञासु प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रश्नों का अत्यंत व्यावहारिक और तार्किक उत्तर देकर प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया।

प्रशासनिक बारीकियों और सुशासन के व्यावहारिक पहलुओं को समझने के लिहाज से यह सत्र सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यन्त ज्ञानवर्धक और उत्कृष्ट रहा। प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों ने इस संवाद को अपने भविष्य के प्रशासनिक करियर के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

संयुक्त निदेशक डा० महेश कुमार द्वारा कुमाऊं आयुक्त को प्रशिक्षण कार्यक्रम की विषय-वस्तु एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में अवगत कराया गया। उक्त कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम निदेशक / संयुक्त निदेशक, उप निदेशक-सह कार्यक्रम निदेशक एवं कन्सलटेन्ट सी०जी०जी० आदि उपस्थित रहे।


गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजस्थानी लोकगीत-संगीत की विराट व्यक्तित्व मरु कोकिला सीमा मिश्रा पर विशेष

माँ की परिकल्पना,लता की एकलव्य सीमा मिश्रा की साधना और लोकसंगीत की अमर गाथा।

लता की एकलव्य,मरु कोकिला सीमा मिश्रा का व्यक्तित्व और कृतित्व

जयपुर। राजस्थान की प्रख्यात लोकगायिका मरु कोकिला सीमा सीमा मिश्रा को उनकी सुमधुर,भावपूर्ण और लोकसंस्कृति से जुड़ी गायकी के कारण राजस्थान के लोगों द्वारा इन्हें प्रेमपूर्वक “राजस्थान की लता” के रूप में संबोधित किया जाता है। यह अपने आप में सबसे बड़ा सम्मान है राजस्थान के सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता पुस्तकों में उन्हें पढ़ाया और बताया जाता है। राजस्थानी भाषा,संस्कृति,लोकगीत- संगीत के संरक्षण,संवर्धन एवं सृजन के लिए कृत संकल्पित सीमा मिश्रा ने सीमा मिश्रा राजस्थान लोक संगीत कला अकादमी के माध्यम से समय-समय पर राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता तथा प्रशिक्षण शिविर देशभर में अलग-अलग स्थान पर आयोजित कर नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर करती आ रही है,राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए तथा उसे सम्मान प्रदान करने के लिए विगत 25 वर्षों से निरंतर लोगों को प्रेरित करने वाली सीमा मिश्रा अपनी सुरीली आवाज़ से राजस्थानी लोकगीतों और भजनों को देश-विदेश तक नई पहचान दिलाई है। इनका कहना है जब तक हम अपनी बोलचाल की भाषा में अपनी मायड़ भाषा राजस्थानी को प्राथमिकता नहीं देंगे तब तक कोई दूसरा हमारी भाषा को सम्मान नहीं देगा वर्तमान दौर में राजस्थानी लोकगीत,नृत्य में बढ़ रहे हैं अश्लीलता को लेकर काफी संवेदनशील और चिंतित है,लोकगीत और संगीत में रीमिक्स और रेप को लेकर इनका कहना है कि यह लोकगीत-संगीत की हत्या करने जैसा अपराध है। सीमा मिश्रा का कहना है कुछ रीमिक्स और तथाकथित “रेप म्यूजिक” शैली से प्रेरित वीडियो लोकगीतों को अश्लीलता और भड़काऊ प्रस्तुति की ओर ले जा रहे हैं। इससे न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो रही है, बल्कि नई पीढ़ी तक लोकसंगीत का विकृत स्वरूप पहुँच रहा है।

हमें आधुनिकता का विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नवाचार हमारी संस्कृति की गरिमा और लोकमूल्यों के अनुरूप हो। कलाकारों, निर्माताओं, समाज और श्रोताओं,सभी की जिम्मेदारी है कि वे राजस्थानी लोकसंगीत की पवित्रता, मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखें।

सीमा मिश्रा का जन्म शेखावाटी झुंझुनू जिले के बिसाऊ कस्बे में हुआ तथा बचपन से ही संगीत के प्रति उनका गहरा लगाव रहा। सीमा मिश्रा का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, विनम्र और सांस्कृतिक मूल्यों से ओत-प्रोत है। उनकी गायकी में राजस्थान की मिट्टी की सौंधी महक, लोकजीवन की संवेदनाएँ और भक्ति का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। विगत 4 दशकों से लोक संगीत के संरक्षण,सृजन एवं संवर्धन की यात्रा के दौरान राजस्थान सहित देश-विदेश की सैकड़ो सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक संगठनों प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान द्वारा विभिन्न नाम,अलंकरण एवं उपाधियों से सम्मानित,अलंकृत किया जा चुका है। भारत की सर्वाधिक लोकप्रिय,सुपरहिट लोकगीत गाने वाली गायिका के रूप में सीमा मिश्रा को द फोक क्वीन ऑफ़ इंडिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है इसके साथ ही इन्हें प्रमुख रूप से भारत लोक संगीत विभूषण सम्मान, स्वर कलानिधि सम्मान,लता मंगेशकर स्वर कोकिला सम्मान, राजस्थान रत्न सम्मान,राजस्थान स्वर कोकिला सम्मान, राष्ट्र स्तरीय मास्टर मदन अवार्ड, भरत व्यास सम्मान,मरु कोकिला अलंकरण सम्मान,

रूपरामका सम्मान,राजस्थान रत्न शिरोमणि सम्मान, राजस्थान गौरव सम्मान, कुरजां बेटी सृष्टि रत्न सम्मान, स्वयं सिद्धा सम्मान,लंदन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत स्वर कोकिल,दूरदर्शन मोस्ट फेमस आर्टिस्ट अवार्ड, जी मीडिया द्वारा वुमन एंपावरमेंट अवार्ड, शेखावाटी रत्न सम्मान, रिफा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, रेडियो सिटी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड,सृजन द स्पार्क खेमचंद प्रकाश सम्मान, पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग राजस्थान द्वारा अल्लाह जिलाई बाई लोक गायन सम्मान,स्वामी विवेकानंद मानद उपाधि, घूमर प्लैटिनम डिस्क अवार्ड, नमनश्री सम्मान, दुनिया के 10 बेहतरीन डांसिंग गायन घूमर लोक गीत के सिंगर के रूप में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा बेस्ट सिंगर अवार्ड है।सीमा मिश्रा ने अब तक लगभग पांच हजार (5000) के आसपास राजस्थानी लोकगीत, विवाह गीत और भजन गाकर लोकसंगीत की अमूल्य धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

आज सीमा मिश्रा केवल एक लोकप्रिय गायिका ही नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपरा की सशक्त प्रतिनिधि भी हैं। उनकी संगीत साधना,सादगी और लोकसंस्कृति के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मां का सपना बेटी की साधना
हर महान व्यक्तित्व के पीछे किसी न किसी प्रेरक शक्ति का मौन तप छिपा होता है। यह प्रेरक शक्ति कभी गुरु के रूप में, कभी परिवार के रूप में और प्रायः माँ के रूप में सामने आती है। राजस्थान की लोकसंगीत परम्परा को अपने मधुर स्वरों से नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाली मरु कोकिला, राजस्थान की लता सीमा मिश्रा की सफलता भी ऐसी ही एक माँ के त्याग, दूरदृष्टि और संकल्प की अनुपम कथा है।

सीमा मिश्रा की माताश्री लक्ष्मी मिश्रा स्वयं संगीत-प्रेमी थीं। उनके अंतर्मन में भी सुरों की साधना का एक सुंदर संसार बसता था, किन्तु उस समय की सामाजिक परिस्थितियाँ, रूढ़िवादी परम्पराएँ और पारिवारिक मर्यादाएँ उन्हें अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच देने का अवसर नहीं दे सकीं। उन्होंने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया, बल्कि उन्हें अपनी बेटी के भविष्य में रोप दिया। यही वह परिकल्पना थी, जिसने आगे चलकर राजस्थानी लोकसंगीत को उसकी एक अमूल्य धरोहर प्रदान की।

माँ ने बेटी के भीतर छिपी स्वर-साधना को बचपन में ही पहचान लिया। उन्होंने केवल संगीत का संस्कार ही नहीं दिया, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का भाव भी जगाया। उस समय जब बेटियों का सार्वजनिक मंचों पर गाना सहज स्वीकार्य नहीं माना जाता था, तब लक्ष्मी मिश्रा ने समाज की संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर अपनी बेटी का हाथ थामा। यह निर्णय केवल एक माँ का नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी नारी का साहसिक संकल्प था।
सीमा मिश्रा ने भी अपनी माँ के विश्वास को साधना का आधार बनाया।

उनकी सुरीली, भावपूर्ण और आत्मीय गायकी ने राजस्थानी लोकगीतों को नई पहचान दी। घूमर, कुरजा, पिपली,गोरबंद, चिरमी, मिश्री को बाग, कुएं पर एकली,चांद चढ्यौ गिगनार, ओल्यू, मांड, केसरिया बालम,सुपनो, मोरिया,विवाह गीत,भजन, तीज-गणगौर और लोकजीवन से जुड़े असंख्य गीतों को उन्होंने जिस आत्मीयता से स्वर दिया, उसने राजस्थान की सांस्कृतिक आत्मा को जन-जन तक पहुँचा दिया। उनके स्वरों में मरुभूमि की माटी की सोंधी महक, लोकजीवन की सहजता और राजस्थानी संस्कृति का गौरव एक साथ झलकता है।

आज सीमा मिश्रा केवल एक लोकप्रिय लोकगायिका नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी हैं। उनकी गायकी ने लोकसंगीत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। देश-विदेश में बसे लाखों राजस्थानी परिवारों के लिए उनकी आवाज़ अपनी मिट्टी की स्मृतियों का मधुर स्पर्श है।

सीमा मिश्रा की उपलब्धियाँ यह सिद्ध करती हैं कि जब किसी माँ का सपना बेटी की साधना से जुड़ जाता है, तब इतिहास बनता है। यह केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि नारी-शक्ति, मातृत्व और सांस्कृतिक चेतना की विजय है। स्वर्गीय लक्ष्मी मिश्रा ने जो स्वप्न देखा था, सीमा मिश्रा ने उसे अपने स्वर से साकार कर दिया। यही कारण है कि उनकी सफलता के पीछे एक माँ की तपस्या, विश्वास और त्याग का उज्ज्वल प्रकाश सदैव दिखाई देता है।

यह गाथा प्रत्येक माँ और प्रत्येक बेटी के लिए प्रेरणा है। यह बताती है कि सपने कभी समाप्त नहीं होते; वे पीढ़ियों के माध्यम से साकार होते हैं। माँ का विश्वास, बेटी की साधना और संस्कृति के प्रति समर्पण जब एक सूत्र में बंध जाते हैं, तब समाज को सीमा मिश्रा जैसी विभूतियाँ प्राप्त होती हैं।

लता की एकलव्य,लोक संस्कृति की स्वरदूत

सीमा मिश्रा को”मरू कोकिला” कहना किसी सम्मान का अलंकरण नहीं, बल्कि मरुभूमि की आत्मा का उद्घोष है। जिस प्रकार कोयल वसंत की दूत होती है, उसी प्रकार सीमा मिश्रा राजस्थान की लोकसंस्कृति की स्वरदूत हैं। उनके कंठ से निकला प्रत्येक गीत रेत के कण-कण को जीवन देता है, थार की हवाओं को मधुरता देता है और लोकजीवन के हर रंग को अमरता प्रदान करता है।
यदि साधना की प्रतिमूर्ति का नाम पूछा जाए,तो उत्तर होगा “लता की एकलव्य सीमा मिश्रा।”

एकलव्य ने प्रत्यक्ष शिक्षा से नहीं,अपितु समर्पण, तपस्या और अटूट विश्वास से श्रेष्ठता प्राप्त की थी। मरू कोकिला सीमा मिश्रा ने बताया कि उनकी प्रथम गुरु उनकी मां लक्ष्मी मिश्रा तथा दूसरी गुरु भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी हैं। सीमा मिश्रा ने संगीत को केवल सीखा नहीं, उसे जिया है; केवल गाया नहीं,उसे साधा है; केवल प्रस्तुत नहीं किया, उसे अपने प्राणों में प्रतिष्ठित किया है। यही साधना उनके स्वरों को असाधारण बनाती है।
उनके गीतों में राजस्थान का इतिहास साँस लेता है। कहीं पनघट की खिलखिलाहट है, कहीं माँ की लोरी की कोमलता,कहीं नववधू की लाज,कहीं वीरभूमि का गौरव और कहीं लोकदेवताओं की आराधना। ऐसा प्रतीत होता है मानो सम्पूर्ण मरुधरा उनके कंठ में विराजमान हो और प्रत्येक स्वर के साथ अपनी सांस्कृतिक धरोहर संसार को सौंप रही हो।

सीमा मिश्रा ने यह सिद्ध किया है कि लोकसंगीत किसी संग्रहालय की धरोहर नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति की धड़कन है। उन्होंने आधुनिकता के प्रचंड प्रवाह में भी लोकधुनों की अखंड ज्योति को बुझने नहीं दिया। वे केवल गीत नहीं गातीं, वे पीढ़ियों को अपनी भाषा, अपनी संस्कृति और अपनी पहचान से प्रेम करना सिखाती हैं।

उनका व्यक्तित्व विनम्रता का वटवृक्ष है और उनकी साधना तपस्या का हिमालय। लोकप्रियता उनके चरण चूमती है, पर अहंकार उनके द्वार तक नहीं पहुँच पाता। यही महान कलाकार की पहचान है—जितनी ऊँचाई, उतनी ही गहराई; जितनी प्रसिद्धि, उतनी ही सरलता।

आज जब बाज़ारवाद संगीत की आत्मा को चुनौती दे रहा है, तब सीमा मिश्रा का स्वर एक सांस्कृतिक संकल्प की तरह सुनाई देता है। वह कहता है—”जिस राष्ट्र की लोकधुनें जीवित हैं, उसकी आत्मा कभी पराजित नहीं हो सकती।”
सीमा मिश्रा केवल एक गायिका नहीं हैं; वे राजस्थान की सांस्कृतिक चेतना की स्वरसरस्वती हैं। वे मरुधरा की वह गूँज हैं, जो समय के पार भी सुनाई देती रहेगी। वे माँ की ममता का संगीत हैं, साधना की तपश्चर्या हैं और लोकसंस्कृति के आकाश का वह ध्रुवतारा हैं, जिसकी आभा आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी जड़ों से जोड़ती रहेगी।सीमा मिश्रा एक ऐसी सुर-साधिका है,जिनके कंठ में सरस्वती का वरदहस्त, माँ का वात्सल्य,मरुभूमि का स्वाभिमान और भारतीय लोकसंस्कृति की अमर ध्वनि एक साथ स्पंदित होती है।


सेवा सप्ताह के तहत कालसी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 150 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

कालसी: सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी (देहरादून ) में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर के तीसरे दिन 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।

शिविर के दौरान टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, गर्भवती महिलाओं की जांच, हीमोग्लोबिन, एलएफटी, आरएफटी तथा लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें की गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है।


समग्र शिक्षा का बजट खर्च न होने पर शिक्षा मंत्री ने लगाई फटकार, समीक्षा बैठक में अधिकारियों के कसे पेंच

शिक्षकों की पदोन्नति व स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के दिये निर्देश

देहरादून:  राज्य में समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं के लिये केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत बजट समय पर व्यय न करने पर विभागीय मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुये भविष्य में नियत समय पर स्वीकृत धनराशि खर्च करने को कहा। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के लिये निर्धारित राज्यांश भी व्यय करने के निर्देश दिये। विभाग के अंतर्गत शिक्षकों की पदोन्नति के साथ ही स्थानांतरण प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा।

सूबे के शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने भारत सरकार द्वारा समग्र शिक्षा की विभिन्न परियोजनाओं के लिये स्वीकृत धनराशि को नियत समय पर व्यय न करने के लिये वित्त नियंत्रक के साथ ही विभागीय अधिकारियों को भी खरी-खोटी सुनाई।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि भविष्य में बजट व्यय संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी तथा अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करते हुये कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के पदोन्नति प्रक्रिया के साथ ही वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये ताकि लम्बे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को न्याय मिल सके। इसी प्रकार स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों को भी अनुरोध एवं अनिवार्य स्थानांतरण का लाभ मिल सके।

बैठक में पिछले दिनों भारत सरकार द्वारा पीएम-पोषण एवं समग्र शिक्षा अभियान की दो दिवसीय बैठक में लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। विभागीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी 8 एव 9 अगस्त को देहरादून में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा डायट के प्राचार्य प्रतिभाग करेंगे। कार्यशाला में प्रत्येक जनपद द्वारा समग्र शिक्षा के तहत किये गये नवाचार एवं अन्य योजनाओं के तहत किये गये बेहतर कार्यों का प्रस्तुतिकरण भी दिया जायेगा। इसके लिये उन्होंने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को तैयारी के साथ बैठक में प्रतिभाग करने को कहा।

डाॅ. रावत ने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित आईसीटी लैब, वर्चुअल क्लासेज, स्मार्ट क्लासेज सहित तमाम योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने के भी निर्देश दिये ताकि पूर्ण हो चुकी सभी योजनाओं का विधिवत शुभारम्भ किया जा सके। विभागीय मंत्री ने राज्य के 200 विद्यालयों में पूर्व से संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को सुचारू रखने के लिये नई संस्था का चयन होने तक पूर्व की संस्था से ही कार्य लिये जाने के निर्देश भी दिये ताकि बोर्ड परीक्षा के संबंधित पाठ्यक्रमों की पढाई निरंतर चलती रहे।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद कुमार सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा के.एस. रावत, वित्त नियंत्रक विरेन्द्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


मंत्री राम सिंह कैड़ा का सख्त रुख, चाफी–पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर सोलिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

भीमताल:  कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को चाफी से पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर सोलिंग और टाइल निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वीकृत बजट के बावजूद कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि चाफी से पदमपुरी-धारी तक का मोटर मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनता की मांग पर इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 9 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई है।

उन्होंने कहा कि बरसात के कारण फिलहाल डामरीकरण संभव नहीं है, लेकिन सोलिंग और जलभराव वाले स्थानों पर टाइल लगाने का कार्य किया जा सकता है। वर्तमान में कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने धारी ब्लॉक के सुनकिया, लेटीबुगा, दिनी तल्ली, मानाघेर, मटियाल और पदमपुरी क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों सहित प्रदेश के कई क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। बारिश समाप्त होने के बाद इन मार्गों पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।


भगवानपुर से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया कलश यात्रा का नेतृत्व

संत रविदास के समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, भगवानपुर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख

हरिद्वार: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को हरिद्वार के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा की शुरुआत की और स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की महानता जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से तय होती है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य, 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय, 8 करोड़ रुपये से नवीन तहसील भवन का निर्माण तथा स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश सौंपकर राज्यभर में समरसता संकल्प यात्रा संचालित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) बनी उत्तराखंड समेत देश के गरीब के लिए संजीवनी:डा. नरेश बंसल

दिल्ली देहरादून:  भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) उत्तराखंड सहित पूरे देश के करोड़ों गरीब परिवारों के लिए संजीवनी साबित हुई है। उन्होंने राज्यसभा में अतारांकित प्रश्न के माध्यम से योजना के तहत खाद्यान्न आवंटन, केंद्रीय सहायता, अपात्र लाभार्थियों की पहचान और डिजिटल सत्यापन व्यवस्था को लेकर सरकार से जानकारी मांगी थी।

केंद्र सरकार की ओर से दिए गए उत्तर के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में उत्तराखंड को पीएमजीकेएवाई के तहत 401.459 हजार टन खाद्यान्न प्रति वर्ष आवंटित किया गया। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के अंतर्गत खाद्यान्न परिवहन और उचित दर विक्रेताओं के मार्जिन के लिए राज्य को लगभग 250 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता प्रदान की गई।

सरकार ने बताया कि उत्तराखंड में राइटफुल टारगेटिंग अभियान के तहत करीब 8.5 लाख लाभार्थियों का सत्यापन किया गया, जिसमें 80,355 अपात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड सूची से हटाया गया। देशभर में लगभग 60 लाख लाभार्थियों की जांच के बाद 23.5 लाख अपात्र लाभार्थियों को हटाया गया।

सरकार के अनुसार, लाभार्थियों के सत्यापन के लिए निर्मल रियल-टाइम सत्यापन आर्किटेक्चर के तहत कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, सीबीडीटी, पीएफएमएस, जीएसटीएन, परिवहन मंत्रालय, कृषि मंत्रालय, ईपीएफओ, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय और डाक विभाग सहित विभिन्न विभागों के डेटाबेस को एकीकृत किया गया है।

इस डिजिटल व्यवस्था से स्वचालित सत्यापन और रिकॉर्ड के क्रॉस-वैलिडेशन के माध्यम से अपात्र लाभार्थियों की पहचान आसान हुई है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में पारदर्शिता बढ़ी है, लाभार्थियों का डेटा अधिक सटीक हुआ है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी राशन का लाभ केवल पात्र लोगों तक ही पहुंचे।


देहरादून में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, 5.47 लाख मतदाताओं को नोटिस

03 अगस्त से लगेंगे विशेष सुनवाई शिविर, 11 सितंबर तक आपत्तियों का निस्तारण

हर बूथ पर पारदर्शी होगी मतदाता सूची की जांच, 10 ईआरओ और 222 एईआरओ तैनात

15 सितंबर को प्रकाशित होगी फाइनल निर्वाचक नामावली

देहरादून: जनपद में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान की प्रगति साझा की और सभी दलों से इसमें सक्रिय सहयोग की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। हालांकि, वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान में विसंगतियां, अपूर्ण विवरण या डेटा का सही मिलान न हो पाने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर नोटिस तामील करवा रहे हैं और निर्वाचन आयोग के निर्धारित ऐप पर फोटो अपलोड कर रहे हैं। 30 जुलाई तक 74 हजार नोटिस बांटे जा चुके हैं, जबकि आगामी दो से तीन दिनों में शेष सभी नोटिस वितरित कर दिए जाएंगे।

03 से 29 अगस्त तक लगेंगे बूथवार शिविर

प्राप्त नोटिसों के आधार पर विवरण सुधारने और आपत्तियों के निस्तारण के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में 03 अगस्त से 29 अगस्त तक बूथवार सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पात्र नए मतदाताओं से फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विवरण सुधार के लिए नागरिकों को 11 सितंबर तक पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। इसी दिन सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निस्तारण कर मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया जाएगा। तत्पश्चात, 15 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

10 विधानसभा क्षेत्रों में 2045 मतदेय स्थल गठित

जिले की 10 विधानसभाओं में कुल 2045 बूथ बनाए गए हैं। प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए 10 मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।

राजनीतिक दलों से बीएलए-2 तैनात करने की अपील

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से हर बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट-2 तैनात करने का अनुरोध किया, ताकि प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नोटिस प्राप्त नागरिकों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर विचार का आश्वासन दिया गया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली समेत कांग्रेस से डॉ. जसविंदर सिंह व सुनील जायसवाल, भाजपा से महेश गुप्ता, बसपा से सत्येंद्र चोपड़ा और आप पार्टी से कमल राणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री धामी का संकल्प बना 232 परिवारों की मुस्कान, प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सपनों का आशियाना

ईंटों से नहीं, उम्मीदों से बने आशियाने, धौलास आवासीय योजना में 232 परिवारों के सपनों को मिला नया पता

दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए दिखाई संवेदनशीलता, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आधुनिक और सुरक्षित आवास।

मुख्य बिंदु :-
232 ईडब्ल्यूएस लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित।
पूर्ण डिजिटल और पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से भवन संख्या आवंटन।
4 दिव्यांग और 2 वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर भूतल पर फ्लैट।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में “हर पात्र परिवार को अपना घर” संकल्प को मिला नया विस्तार।

देहरादून- हर परिवार का एक सपना होता है- अपना घर, ऐसा घर, जहां बच्चों की हंसी गूंजे, बुजुर्ग निश्चिंत होकर जीवन बिताएं और भविष्य सुरक्षित महसूस हो। गुरुवार को देहरादून में ऐसे ही 232 परिवारों के वर्षों पुराने इस सपने को नया पता मिल गया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने धौलास आवासीय योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के चयनित लाभार्थियों को पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से फ्लैट आवंटित किए। यह केवल भवन संख्या का आवंटन नहीं था, बल्कि उन परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व का नया अध्याय था, जो अब तक अपने आशियाने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

हर पात्र परिवार तक घर पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार “हर पात्र परिवार को अपना घर” उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर लगातार आगे बढ़ रही है। इसी संकल्प को साकार करते हुए आईएसबीटी स्थित सिटी जंक्शन मॉल में आयोजित कार्यक्रम में 232 ईडब्ल्यूएस लाभार्थियों को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भवन संख्या आवंटित की गई। लॉटरी प्रक्रिया लाभार्थियों और अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई, जिससे प्रत्येक आवंटन पर विश्वास और पारदर्शिता की मुहर लगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक योग्य एवं पात्र नागरिक को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी आमजन के हित में ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं निरंतर लाई जाती रहेंगी, ताकि कोई भी पात्र परिवार अपने घर के सपने से वंचित न रहे।

संवेदनशील शासन की झलक, जरूरतमंदों को मिली प्राथमिकता
इस कार्यक्रम की सबसे भावुक तस्वीर तब सामने आई, जब एमडीडीए ने सामाजिक सरोकार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चार दिव्यांग लाभार्थियों और दो वरिष्ठ नागरिकों को भूतल पर फ्लैट आवंटित किए। यह निर्णय केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण बना। इससे स्पष्ट संदेश गया कि विकास तभी सार्थक है, जब उसमें समाज के सबसे जरूरतमंद वर्ग की सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता मिले।

घर के साथ बेहतर जीवन का भरोसा
धौलास आवासीय योजना केवल चार दीवारों का निर्माण नहीं है। यह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित, आधुनिक और व्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने की व्यापक पहल है। बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त यह परियोजना लाभार्थियों को जीवन की नई शुरुआत का अवसर दे रही है। फ्लैट आवंटन के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी, संतोष और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। वर्षों का इंतजार खत्म होने की खुशी कई परिवारों की आंखों में झलक रही थी।

हर आवंटन में पारदर्शिता, हर निर्णय में संवेदनशीलता
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि फ्लैट आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। सभी 232 लाभार्थियों को कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से भवन संख्या आवंटित की गई। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 4 दिव्यांग और 2 वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों को भूतल पर फ्लैट दिए गए।

पारदर्शिता और विश्वास बना एमडीडीए की पहचान
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूरी लॉटरी प्रक्रिया डिजिटल, निष्पक्ष और सभी लाभार्थियों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई, जिससे प्रत्येक आवंटन पूरी तरह विश्वसनीय रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में एमडीडीए भविष्य में भी जनकल्याण, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।

‘घर’ बना विकास की सबसे बड़ी पहचान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। धौलास आवासीय योजना के तहत 232 परिवारों को फ्लैट आवंटन राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और समावेशी विकास नीति का सशक्त उदाहरण है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp