Tuesday, November 17, 2026
10:03 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

11 अगस्त को देहरादून में रोजगार मेला, 559 पदों पर होगा चयन

Category Archives: राष्ट्रीय

11 अगस्त को देहरादून में रोजगार मेला, 559 पदों पर होगा चयन

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शुरू हुआ पंजीकरण, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी साक्षात्कार

देहरादून। जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा आगामी 11 अगस्त, 2026 को प्रातः 9.30 बजे से कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया संपन्न करेंगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण 04 अगस्त, 2026 से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी साक्षात्कार में सम्मिलित होने से पूर्व किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण के समय अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र तथा उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो एवं वैध पहचान-पत्र (आईडी प्रूफ) साथ लाना अनिवार्य होगा।

रोजगार मेले में सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सॉन, एक्सिस बैंक, आईजोन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बारबेक्यू नेशन, आईपीसीए, मोचिको तथा टीआई मेडिकोज सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों द्वारा कुल 559 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों एवं उपलब्ध रिक्तियों की संख्या परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक शिक्षित एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराकर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की।


8 से 16 अगस्त तक जनपद नैनीताल में “विशेष स्वच्छता अभियान”

ग्रामीण, नगरीय एवं वन क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को सफल बनाए जाने हेतु विभिन्न टीमों का किया गठन

नैनीताल:  जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में “विशेष स्वच्छता अभियान” चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि इस अभियान के तहत नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, जिला मार्गों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, वन क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई की जाएगी। राजमार्गों एवं सड़कों के दोनों ओर फैले कचरे एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का चिन्हीकरण कर सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा।

अभियान के तहत शहरी क्षेत्रान्तर्गत नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी,अधिशासी अधिकारी अपने-अपने नगर क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाएंगे। इसी प्रकार वन एवं पर्यटन क्षेत्रों में विशेष रूप से रामनगर मार्ग, चोरगलिया रोड सहित अन्य वन क्षेत्रों में कचरे के वल्नरेबल प्वाइंट्स की सफाई की जाएगी। पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत, पंचायतीराज विभाग,ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में सघन सफाई की जाएगी। विशेष रूप से जिन स्थानों में अधिक पर्यटन गतिविधियां व आवागमन अधिक रहता है जिसमें रामनगर का रिजॉर्ट क्षेत्र, बैलपड़ाव, धानाचूली, मुक्तेश्वर, धारी,रामगढ़ जैसे क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने हेतु तीनों क्षेत्रों हेतु विभिन्न टीमों का गठन कर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने हेतु जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस के साथ-साथ आमजन से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस विशेष स्वच्छता अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं तथा प्रत्येक दिन की फोटोग्राफ जियोटैग के साथ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।


भू-कानून उल्लंघन पर 250 वर्ग मीटर भूमि राज्य सरकार में निहित

जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ने जारी किए आदेश

नैनीताल। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ललित मोहन रयाल ने भू-कानून के उल्लंघन के एक मामले में ग्राम सतबूंगा की 250 वर्ग मीटर भूमि राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने के आदेश दिए हैं।

उक्त मामले में उपजिलाधिकारी नैनीताल की जांच में पाया गया कि श्रीमती पूनम त्रिखा, निवासी बल्लभगढ़ (हरियाणा), के नाम ग्राम खपराड़ में श्रेणी-1(ग) की 500 वर्ग मीटर भूमि पहले से दर्ज है। इसके बावजूद उनके पति राकेश त्रिखा ने ग्राम सतबूंगा में 250 वर्ग मीटर भूमि क्रय की।

प्रतिवादियों ने दंपति के अलग-अलग रहने का दावा किया, जबकि जिला शासकीय अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि दोनों का विधिक रूप से विवाह-विच्छेद नहीं हुआ है और 500 वर्ग मीटर भूमि आज भी राजस्व अभिलेखों में श्रीमती पूनम त्रिखा के नाम दर्ज है। ऐसे में अतिरिक्त भूमि का क्रय भू-कानून के तहत निर्धारित सीमा का उल्लंघन है।

अभिलेखों एवं पक्षों की सुनवाई के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने सतबूंगा स्थित 250 वर्ग मीटर भूमि राज्य सरकार में निहित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उपजिलाधिकारी नैनीताल को राजस्व अभिलेखों में प्रविष्टि कराकर भूमि का कब्जा राज्य सरकार के पक्ष में लेने के निर्देश दिए गए हैं।


कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सेवा और जनजागरण का भी महापर्व है- विजया रहाटकर

कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर ऋषिकेश में महिला जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का भव्य शुभारंभ

महिला सशक्तिकरण का वास्तविक आधार जागरूकता है”: ‘सम्मान सेतु शिविर’ के उद्घाटन पर राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग का ऐतिहासिक साझा संदेश

कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर सेवा, सुरक्षा और जागरूकता का भव्य महासंगम, महिला आयोग ने लगाया सम्मान सेतु मंडप

ऋषिकेश। तीर्थ नगरी ऋषिकेश में एम्स रोड, निकट सीमा डेंटल कॉलेज के प्रांगण में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 5 दिवसीय “सम्मान सेतु अभियान” महिला जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का भव्य व गरिमामयी शुभारंभ संपन्न हुआ। पवित्र कांवड़ मेले (04 से 08 अगस्त 2026) के अवसर पर संचालित इस शिविर का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाली लाखों महिला श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों एवं स्थानीय आमजन को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम , मनोसामाजिक परामर्श तथा चिकित्सा सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।

शिविर का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि विजया रहाटकर, अध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला आयोग एवं विशिष्ट अतिथि कुसुम कंडवाल, अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव उर्वशी चौहान तथा गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर नारी सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक चेतना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सेवा और जनजागरण का भी महापर्व है। यात्राएँ केवल मंजिल तक नहीं पहुँचातीं, वे हमारे विचारों और संस्कारों की भी पहचान बनाती हैं। इस कांवड़ यात्रा को नारी सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश बनाएँ। राष्ट्रीय महिला आयोग का यह प्रयास महिलाओं तक उनके अधिकारों, सुरक्षा और न्याय से जुड़ी जानकारी को सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाने का माध्यम बनेगा।

“वह शक्ति है, वह सशक्त है, वह भारत की नारी है। ना कम में, ना ज्यादा में, वह सब में बराबरी की अधिकारी है।”

उन्होंने पुनः आश्वस्त किया कि जब भी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का विषय आएगा, राष्ट्रीय महिला आयोग सदैव ढाल बनकर उनके साथ खड़ा रहेगा।

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने राष्ट्रीय महिला आयोग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में महिला सुरक्षा, जागरूकता और स्वास्थ्य सेवा को जोड़ना एक ऐतिहासिक और दूरगामी पहल है। “महिला सशक्तिकरण का वास्तविक आधार जागरूकता है। जब तक हमारी बहनें और बेटियाँ अपने कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तंत्र, साइबर सुरक्षा और स्वावलंबन की नीतियों के प्रति स्वयं सजग नहीं होंगी, तब तक पूर्ण सशक्तिकरण संभव नहीं है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति मुखर होना पड़ेगा। यह प्रयास कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन में महिला सुरक्षा और जागरूकता को नई दिशा देगा और हज़ारों परिवारों को सशक्त बनाएगा।”

एम्स डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं DLSA द्वारा विधिक व परामर्श सेवाएँ
शिविर के पहले ही दिन एम्स ऋषिकेश के वरिष्ठ डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम द्वारा शिविर में आई सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाएँ वितरित की गईं। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिवक्ताओं एवं काउंसेलर द्वारा विधिक जागरूकता, साइबर क्राइम सुरक्षा, POSH अधिनियम तथा निःशुल्क लीगल एड एवं मनोसामाजिक परामर्श सेवाएँ प्रदान की गईं।

इस अवसर पर ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग की सदस्यगण सदस्य सचिव उर्वशी चौहान, रुचि भट्ट, DLSA के अधिवक्तागण, काउंसलर, मातृशक्ति, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा राज्य महिला आयोग की पूरी टीम उपस्थित रही।

यह बहुआयामी जागरूकता शिविर 04 से 08 अगस्त 2026 तक एम्स रोड, सीमा डेंटल कॉलेज, के सामने, वीरभद्र ऋषिकेश में निरंतर संचालित रहेगा, जहाँ स्वास्थ्य सेवाएँ, प्राथमिक उपचार, कानूनी परामर्श, साइबर सुरक्षा सहायता तथा वूमेन हेल्प डेस्क की सेवाएँ निर्बाध रूप से उपलब्ध रहेंगी।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं राज्य अध्यक्षा ने उपस्थित समस्त कांवड़ श्रद्धालुओं और आगंतुकों का स्वागत व धन्यवाद किया, जिसके उपरांत संपूर्ण परिसर “भारत माता की जय” एवं “गंगा मैया की जय” के भक्तिमय जयकारों से गूँज उठा।


सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी जरूरी, सभी विभाग करें समन्वित प्रयास- डीएम

सड़क सुरक्षा पर डीएम का सख्त एक्शन, ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, हर माह होगी प्रगति समीक्षा

संवेदनशील स्थलों का लार्ज स्केल पर होगा सर्वे, अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तुरंत बंद करने के निर्देश

ओवरलोडिंग, अनफिट वाहन और ड्रंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस, डीएम ने दिए कड़े प्रर्वतन के निर्देश

देहरादून। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऋषिपर्णा सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं ठोस कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जनपद के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत सर्वे कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों के सुधार के लिए तत्काल डीपीआर तैयार कर सड़क सुधारीकरण कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही सभी संवेदनशील स्थलों का सर्वे कर प्रकाश व्यवस्था की कमी, बाधक बने बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर अथवा अन्य संरचनाओं को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा शहरी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने तथा बरसात के बाद सड़कों का रिपेयर वर्क तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मोड़ एवं चौराहों पर सड़क चौड़ीकरण, रम्बल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद कराने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि चकराता और कालसी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, वाहनों की खराब फिटनेस, नियमित मेंटेनेंस का अभाव तथा ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण रहते हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को इन मामलों में विशेष अभियान चलाकर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना का सोशल एवं इकोनॉमिकल सर्वे भी कराया जाए। दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण कर कारणों का तकनीकी विश्लेषण करे तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए, ताकि नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने सभी स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट का उपयोग न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने सड़कों के किनारे एवं प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड और चेतावनी संकेतों को दुरुस्त करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे, डिवाइडर, येलो लाइन, स्पीड डिस्प्ले बोर्ड तथा टोल बैरियर से पूर्व स्पीड ब्रेकर सहित सभी सड़क सुरक्षा मानकों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जितेन्द्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओम पाल सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला, एएई-पीआईयू विशाल, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग सुरेश तोमर, अधिशासी अभियंता नगर निगम रजित कोठियाल, प्रबंधक एनएचएआई सालू चौहान, ईओ रजनीश, एआरटीओ रश्मि पंत, अनिल सिंह, रत्नाकर सिंह सहित वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने एमडीडीए की 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

शहीद के सम्मान के साथ विकास की नई इबारत : एमडीडीए की योजनाओं से बदलेगी मसूरी विधानसभा की तस्वीर

पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन राष्ट्रसेवा को नमन, सड़क, नाली और सामुदायिक भवनों से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

देहरादून।  मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों को मंगलवार को नई गति मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में एमडीडीए की लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और एमडीडीए मिलकर केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ही नहीं कर रहे, बल्कि जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास का नया मॉडल तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से एमडीडीए द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्राधिकरण की चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सालावाला में लगभग 86 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण, विजय कॉलोनी में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण तथा सालावाला में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नए सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।

एमडीडीए के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को मिल रही नई मजबूती
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार और एमडीडीए के समन्वित प्रयासों से सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, शहरी सुविधाओं और पर्यटन से जुड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन क्षेत्र का विकास राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। इसी सोच के साथ पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।

सड़क, सुरक्षा और पर्यटन विकास पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी परियोजनाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य मसूरी विधानसभा क्षेत्र को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाना है।

‘बिना रुके, बिना थके’ विकास के संकल्प पर सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए हर वादे को बिना रुके और बिना थके पूरा कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सुशासन और पारदर्शिता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे और मेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की जा रही हैं।

गणेश जोशी बोले— एमडीडीए के कार्यों से जनता को मिलेगा सीधा लाभ
कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में एमडीडीए द्वारा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मसूरी विधानसभा का संतुलित एवं नियोजित विकास सुनिश्चित होगा।

योजनाबद्ध विकास से बदलेगी मसूरी विधानसभा की तस्वीर
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाबद्ध विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं स्थानीय नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम बनाएंगी। एमडीडीए का उद्देश्य प्रत्येक विकास कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कर क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में शहीद दीपक पुण्डीर के परिजन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों के साथ एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया, एस0 डी0एम0 मुसूरी राहुल आनंद , अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अवर अभियंता सचिन तोमर, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुण्डीर एवं लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए- डीएम

तहसील न्यायालय में अभिलेखों के उचित रखरखाव तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने पर दिया ज़ोर

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को श्रीनगर तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तहसील दिवस के उपरांत उन्होंने पौड़ी से पहुंचे सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को श्रीनगर स्थित अपने-अपने विभागीय कार्यालयों तथा अधिष्ठानों का निरीक्षण कर ही मुख्यालय लौटने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं तहसील कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम प्रधान बछेली कुलदीप गुसाईं ने सुमाड़ी में निर्माणाधीन डंपिंग जोन से अमधार तल्ली के पेयजल स्रोत की गुणवत्ता प्रभावित होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान, निर्माणदायी संस्था एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बलडी तोक में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की शिकायत पर उन्होंने दो दिवस के भीतर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण कर पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, पार्षद संदीप सिंह रावत द्वारा वार्ड-40 में प्रस्तावित खेल मैदान एवं विद्युत उपसंस्थान के लिए चिन्हित भूमि के लंबित हस्तांतरण का मामला उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने यूपीपीसीएल से उप-संस्थान की प्रशासनिक स्वीकृति उपलब्ध कराने तथा उपजिलाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आख्या पूर्ण करने के निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय में लंबित राजस्व एवं फौजदारी वादों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में बार-बार सुनवाई के बावजूद प्रगति नहीं हो रही है, उन्हें अंतिम अवसर प्रदान कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारित किया जाए। उन्होंने कुछ प्रकरणों में एक ही कार्य के लिए 15-15 तिथियां देने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से वाद लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही उन्होंने अधिक दिनों से लंबित पत्रावलियों की नियमित समीक्षा स्वयं करने तथा न्यायिक कार्यों में समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तहसील कार्यालय के सभी अनुभागों का विस्तृत निरीक्षण कर कमियों सहित समग्र निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नजारत अनुभाग में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रखरखाव संतोषजनक न पाए जाने पर नायब नजीर से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

संग्रह अनुभाग में राजस्व लेखाकार के पटल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कम वसूली करने वाले अमीनों का वेतन रोकने तथा लंबित वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, कार्मिक उपस्थिति पंजिका तथा भूलेख अनुभाग के मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। खतौनी रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो को निर्देश दिए कि अभिलेखों का रखरखाव पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यशीलता परखने के लिए स्वयं दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर संचार व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण में उपलब्ध उपकरणों एवं संचार संसाधनों की स्थिति का अवलोकन करते हुए सभी उपकरणों को पूर्णतः क्रियाशील एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, 24×7 सतर्कता बनाए रखने, आवश्यक संपर्क सूची नियमित रूप से अपडेट करने तथा संचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित तहसील के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।


पुष्पवर्षा और चरण प्रक्षालन के साथ देवभूमि ने किया शिवभक्त कांवड़ियों का अभिनंदन

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवा शिविर का किया शुभारंभ, श्रद्धालुओं को अपने हाथों से परोसा भोजन

पाँच पुलिसकर्मियों एवं पाँच पर्यावरण मित्रों को सराहनीय सेवाओं के लिए किया सम्मानित

हरिद्वार-  धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड ने देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्त कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। राज्य सरकार की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के सम्मान के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार आगमन पर हरकीपैड़ी से लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने पाँच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों की स्वास्थ्य सहायता एवं सुविधाओं के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्त कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनका स्वागत किया और अपने हाथों से भोजन परोसा।

काँवड़ यात्रियों के अभिनदंन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट पर्व है। इसके सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार सभी संबंधित विभागों के समन्वय से निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों से उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के बीच आने और उनकी सेवा करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का नाम करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आस्था, ऊर्जा और विश्वास का आधार है। कठिन परिस्थितियों में भी शिवभक्त सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हैं और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। कांवड़ यात्रा अनुशासन, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर सफलतापूर्वक अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास का व्यापक कार्य हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाएं भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने केदारनाथ आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कर इसे भव्य और दिव्य स्वरूप दिया गया है। वहां आस्था पथ, सरस्वती घाट, आदि शंकराचार्य की प्रतिमा, तीर्थ पुरोहित आवास सहित अनेक सुविधाओं का विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी योजनाएं राज्य के विकास और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा प्रदान करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस सेवाएं, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान अनुशासन, मर्यादा और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की अपील की।

उन्होंने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण मित्रों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य सेवा कार्यों में जुटे कर्मयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी का सामूहिक सहयोग ही इस विशाल आयोजन को सफल बनाता है।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पाँच पुलिसकर्मियों तथा पाँच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल कुछ व्यक्तियों का नहीं, बल्कि उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर महामण्डलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा एवं राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनिता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, दिनेश कौशिक, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, नितिन गौतम, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी (कुंभ मेला) योगेन्द्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह तथा उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया।


सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर करें निस्तारण- सीईओ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से लिया फीडबैक

अनमैप्ड मतदाताओं को विशेष फोकस करते हुए ईआरओ/एईआरओ स्तर पर हो नियमानुसार सुनवाई

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को जनपद देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर एसआईआर प्रकिया के तहत चल रही नोटिसों की सुनवाई के सम्बंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं से उनका फीडबैक भी लिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को जनपद देहरादून के राजपुर विधानसभा स्थित बूथ संख्या 65 प्राथमिक विद्यालय दिलाराम बाजार और रायपुर विधानसभा स्थित बूथ संख्या 10 प्राथमिक विद्यालय डांडा खुदानेवाला का निरीक्षण किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस फील्ड विजिट का उ‌द्देश्य धरातल पर आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझने का है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में सभी मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों, ईआरओ को फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने हरिद्वार जनपद का भ्रमण कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया था। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली उपस्थित रहे।

सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर करें निस्तारण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम् ने निर्देश देते हुए कहा कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ दस्तावेज लेकर सत्यापित करते हुए अपने स्तर पर निस्तारण करें ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है उनपर विशेष फोकस करते हुए ईआरओ/एईआरओ स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्यवाही करें।

जनपद भ्रमण पर सीईओ कार्यालय के अधिकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर सीईओ कार्यालय के अधिकारियों को भी जनपदों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करने के आदेश जारी किए हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को देहरादून, हरिद्वार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास को जनपद ऊधमसिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


मुख्यमंत्री धामी ने मसूरी विधानसभा में विभिन्न विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

बिना रुके, बिना थके अपने हर वादे को पूरा कर रही सरकार- सीएम

‘कुछ लोग झूठ और अफवाहें फैलाकर कर रहे गुमराह’

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपयों की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएँ मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देने वाली साबित होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। आज जहां प्रदेश में करोड़ों रुपये की लागत से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, प्रदेश को खेल, पर्यटन और एडवेंचर एक्टिविटीज हब के रूप में भी स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ या पर्यटन की बात आती है, तो पहाड़ों की रानी ‘मसूरी’ का नाम सबसे पहले आता है। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। मसूरी में आने वाले पयर्टक यहां की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इसलिए प्रदेश सरकार भी मसूरी के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किमी मुख्य सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। इसी तरह जल जीवन मिशन के अंतर्गत गंगोल- पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से अनेक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला- मोलधार होते हुए सुआखोली तक के मार्ग का सीआरएफ योजना के अंतर्गत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकार ने ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर 1.5 किमी और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने हर वादे को बिना रुके, बिना थके धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है। लेकिन कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता की बातें कर रहे हैं। ऐसे लोगों के पास गिनाने के लिए अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, तो इसलिए वे अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकी बदलाव रोकने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। इसी तरह सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ ही दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दंगाइयों से ही नुकसान की भरपाई करने के लिए सख्त कानून बनाकर कानून का राज स्थापित किया है।

इसी तरह प्रदेश सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में सक्रिय नकल माफिया का कुचक्र तोड़ने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके बाद प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे योजना’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलें शुरू की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आज हजारों-लाखों युवा अपने ही गाँव और शहर में रोजगारदाता बन रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। इतना ही नहीं, नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में भी उत्तराखंड ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एक ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां किसी भी युवा को रोजगार के लिए पलायन ना करना पड़े। साथ ही मातृशक्ति पूरी तरह सशक्त और आत्मनिर्भर हो।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ रहा है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुडे कार्य तेजी से सम्पन्न किए जा रहे हैं।

इस मौके पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष एम.डी.डी .ए बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, सुनीता विद्यार्थी, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत उपस्थित थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp