Tuesday, November 17, 2026
9:31 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दिल्ली में दो हत्याओं से सनसनी: नरेला में लाठी-डंडों से हमला, शालीमार बाग में चाकूबाजी में युवक की मौत

Category Archives: क्राइम

दिल्ली में दो हत्याओं से सनसनी: नरेला में लाठी-डंडों से हमला, शालीमार बाग में चाकूबाजी में युवक की मौत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार रात दो अलग-अलग इलाकों में हुई हत्या की वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नरेला के होलंबी खुर्द गांव में एक सैलून संचालक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि शालीमार बाग में मामूली विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर जान ले ली गई।

नरेला औद्योगिक क्षेत्र के होलंबी खुर्द गांव निवासी 36 वर्षीय विकास रोज की तरह अपना काम खत्म कर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे तीन-चार हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विकास किसी तरह घर के पास पहुंचे, जहां वह खून से लथपथ हालत में गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यूईआर-2 मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।

उधर, शालीमार बाग इलाके में एक शराब की दुकान के बाहर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय सुमित कुमार झा की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक दोबारा लौटे और झगड़े के दौरान सुमित के सीने में चाकू घोंप दिया।

घायल सुमित अपने दोस्त की मदद से अस्पताल पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में देरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।


अजय भटेजा हत्याकांड का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे

जिला न्यायालय के बाहर से पकड़ा गया इनामी आरोपी अमित भटेजा

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी एवं 50 हजार रुपये के इनामी अमित भटेजा को देहरादून पुलिस ने जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने हत्या की साजिश से जुड़े पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है।

गौरतलब है कि 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार निवासी अजय भटेजा की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के रिश्तेदार जतिन कुमार की शिकायत पर थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले मुजफ्फरनगर निवासी शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपनी साथी हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने रची थी। आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर अमित अपने भाई अजय से नाराज था। उसने राजन उर्फ जैकी को संपत्ति में हिस्सा देने और अन्य मामलों में मदद का लालच देकर हत्या के लिए तैयार किया।

पुलिस के अनुसार, पूर्व नियोजित योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा का तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। अगले दिन अमित भटेजा कथित रूप से मौके पर पहुंचा और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले गया।

घटना का खुलासा होने और सहआरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अमित लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार गुरुवार को उसे जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुछ संपत्ति संबंधी दस्तावेज और वाहनों के कागजात भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


फायरिंग की झूठी सूचना देना पड़ा भारी, कंट्रोल रूम को गुमराह करने वाले दो युवक गिरफ्तार

आपसी विवाद के दौरान अभियुक्त द्वारा कंट्रोल रूम को दी थी फायरिंग की झूठी सूचना
मौके से पुलिस द्वारा आपस मे लडाई झगडा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे 02 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार 
देहरादून- देर रात्रि थाना नेहरू कॉलोनी पर सिटी कन्ट्रोल रूम 112 के माध्यम से डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में दो पक्षो के मध्य झगड़ा तथा फायरिंग होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां 02 व्यक्ति किसी बात को लेकर आपस में झगडा कर रहे थे। अभियुक्तों द्वारा ही कंट्रोल रूम 112 पर फायरिंग की सूचना दी गई थी। फायरिंग की घटना के सम्बन्ध में आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर इस प्रकार की किसी घटना का होना प्रकाश में नहीं आया। दोनो व्यक्यिों को समझाने का प्रयास किया गया किंतु वो और अधिक उग्र होकर आपस में झगडा करते हुए एक दूसरे को मरने-मारने पर उतारू हो गये, जिस पर पुलिस टीम द्वारा दोनो अभियुक्तों 01: गिरीश सिंह व 02: हिमांशु भट्ट को धारा 170 बीएनएसएस के अन्तर्गत मौके से गिरफ्तार किया गया।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:- 
1- गिरीश सिंह डियोडी पुत्र उत्तम सिंह डियोडी निवासी- डियोडी खोला मालता बागेश्वर, हाल पावर हाउस केदारपुरम, नेहरू कालोनी, देहरादून, उम्र- 42 वर्ष
2- हिमांशु भट्ट पुत्र ब्रज मोहन भट्ट निवासी पावर हाउस एमडीडीए केदारपुरम, नेहरू कॉलोनी, उम्र- 31 वर्ष
पुलिस टीम :-
1- उ0नि0 ओम प्रकाश
2- का0 सुरेंद्र सिंह
3- का0 रविन्द्र राम

सचिन मर्डर केस में एक्शन मोड में पुलिस, पांच आरोपी गिरफ्तार, अधिकारियों पर भी कार्रवाई

टोहाना- फतेहाबाद के भूना में युवक सचिन कुमार की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निकिता खट्टर ने टोहाना CIA प्रभारी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया है, जबकि भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह बिजेंद्र हुड्डा को भूना थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं CIA की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर कुलदीप मोर को सौंपी गई है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात भूना निवासी सचिन कुमार की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि बाइक पर जा रहे सचिन का पहले अपहरण किया गया और बाद में उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात के पीछे भांभू गैंग का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों और मृतक के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही थी।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवेश उर्फ मिचू, कार्तिक उर्फ कारु, दीपक उर्फ बिल्ला, संजय उर्फ चिड़ीमार और अमन शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि हत्या की साजिश और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

मृतक सचिन कुमार भूना के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला था और पहले कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। पिछले वर्ष हुए एक विवाद के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा था। वह परिवार के एक समारोह में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटा था और अगले दिन वापस गुरुग्राम जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना घट गई।


जालंधर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए हत्या के आरोप

जालंधर। शहर में एक 29 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है। घटना को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार नीतू ने करीब डेढ़ वर्ष पहले अवतार नगर निवासी मनी नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत खराब होने की सूचना पर आसपास के लोग सक्रिय हुए। पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि नीतू के गले पर चोट और दबाव के निशान दिखाई दिए हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाना चाहिए। वहीं घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ सदस्यों के घर से अनुपस्थित होने की भी चर्चा है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। दूसरी ओर, मृतका के परिजन इंसाफ की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


काशीपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, फर्जी शस्त्र लाइसेंस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंह नगर पुलिस के संयुक्त अभियान में काशीपुर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 65 कारतूस (.30 और .32 बोर) तथा तीन कूटरचित (फर्जी) शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक माह से इस मामले में गोपनीय जांच और सूचना संकलन का कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद से जारी दर्शाए गए फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर स्थित एक गन हाउस से हथियार खरीदे गए थे। इसके बाद कार्रवाई करते हुए काशीपुर कोतवाली में ऐसे 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।

जांच एजेंसियों का कहना है कि बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस बनवाकर उत्तराखंड में हथियार खरीदने और बाद में इन लाइसेंसों को वैध दिखाकर इस्तेमाल करने का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। एसटीएफ इस पूरे गिरोह की तह तक पहुंचने के लिए लगातार छानबीन कर रही है।

गौरतलब है कि एसटीएफ इससे पहले भी फर्जी शस्त्र लाइसेंस के दो अलग-अलग मामलों में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस और एसटीएफ की जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


अमृतसर पुलिस ने ड्रग्स-हथियार तस्करी नेटवर्क का किया पर्दाफाश, 6 आरोपी हिरासत में

अमृतसर – कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार, मादक पदार्थ और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के कब्जे से 1.035 किलोग्राम हेरोइन, पांच अत्याधुनिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित लगभग पांच लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने सहयोगियों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध हथियारों तथा ड्रग्स की खेप मंगवाते थे। इसके बाद विदेशी संचालकों के निर्देश पर इनकी सप्लाई विभिन्न स्थानों पर की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक अफगान नागरिक भी शामिल है, जिससे मामले के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पुष्टि हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के तार किन-किन देशों और राज्यों तक फैले हुए हैं। मामले में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाना में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है।


कार निकालने को लेकर हुआ विवाद, सड़क पर भिड़े दो पक्ष; पुलिस जांच में जुटी

जालंधर- जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक पर गुरुवार देर रात कार निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में एक राहगीर और उसके बेटे के साथ कथित तौर पर कुछ युवकों की झड़प हो गई। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

पीड़ित सतिंदर पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी कार से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और रास्ता बदलने का संकेत भी दे रहे थे। इसी दौरान सामने से आई एक कार के सवारों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार में मौजूद युवकों ने उनके साथ मारपीट की।

सतिंदर पाल के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को मौके पर बुलाया तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। पीड़ित का दावा है कि कुछ आरोपियों के पास धारदार हथियार भी थे। घटना का वीडियो उन्होंने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घायल पिता-पुत्र बाद में उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस को दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


होटल में फंदे से लटका मिला युवती का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 गाजियाबाद- विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित भूड़ रेलवे रोड के एक होटल में युवती का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका होटल के समीप ही अपने परिवार के साथ रहती थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवती रात करीब एक बजे अकेले होटल में प्रवेश करती दिखाई दी है। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

वहीं, परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि एक युवक ने युवती को होटल में बुलाया था और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए होटल का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


नौकरी का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से 22 लाख की ठगी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर – विजय नगर थाना क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि युवक ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर आधा दर्जन लोगों से करीब 22 लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलवाई और न ही रकम वापस की।

पुलिस के मुताबिक चंद्रमोहन कॉलोनी, रांझी निवासी अरविंद कुमार सेन ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने उनसे नौकरी लगवाने के नाम पर 4.12 लाख रुपये लिए थे। इसी तरह अन्य पीड़ितों से भी अलग-अलग रकम वसूली गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने जुलाई 2024 से अब तक कुल छह लोगों से लगभग 21.74 लाख रुपये हासिल किए।

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली और आरोपी लगातार बहाने बनाने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी केवल आश्वासन देता रहा। इसके बाद सभी पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली। विजय नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp