Tuesday, November 17, 2026
9:07 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: 72 घंटे में बच्चा चोरी और मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: 72 घंटे में बच्चा चोरी और मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड की हरिद्वार पुलिस और सीआईयू (CIU) टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महज 72 घंटों के भीतर अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी और मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के तहत कनखल क्षेत्र से अपहृत की गई तीन वर्षीय मासूम बच्ची राधिका को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बच्चों की चोरी कर उन्हें 2 से 5 लाख रुपये में निसंतान दंपतियों को बेच देता था।

मासूम राधिका के साथ एक और बच्चा बरामद

 सुबह मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि 6 जून को बैरागी कैंप निवासी विनोद सोलंकी ने अपनी तीन वर्षीय बेटी राधिका के अपहरण की रिपोर्ट कनखल कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीमों का गठन किया।

चूंकि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए फिरौती की संभावना न के बराबर थी। पुलिस ने बच्चा चोरी और मानव तस्करी के एंगल पर काम शुरू किया। सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिरों को सक्रिय करने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर दबाव बनाया। पुलिस की घेराबंदी से घबराकर आरोपी बच्ची राधिका को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग निकले, जहाँ से पुलिस ने उसे सकुशल रिकवर किया।

पूछताछ में खुला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चोरी हुए बच्चे का राज

पकड़े गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। गिरोह ने स्वीकार किया कि उन्होंने बीते 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से भी एक डेढ़ वर्षीय बच्चे (कार्तिक) का अपहरण किया था और उसे उत्तर प्रदेश के बदायूं में डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। हरिद्वार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदायूं से मासूम कार्तिक को भी सकुशल बरामद कर लिया है और इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दे दी है।

कॉरपोरेट स्टाइल में बंटी थी गिरोह की जिम्मेदारियां

एसएसपी भुल्लर ने बताया कि इस गिरोह में सभी सदस्यों का काम तय था। कुछ सदस्य गरीब बस्तियों और रेलवे स्टेशनों पर रेकी करके बच्चों को चुराते थे, तो कुछ उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर निसंतान दंपतियों को अपना या अनाथ बताकर बेचते थे। मोहम्मद आकिल और प्रीति शर्मा नाम के आरोपी बच्चों की कीमत तय करने और डील फाइनल करने का मुख्य काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  1. मो. आकिल (निवासी अमरोहा/मुरादाबाद, यूपी)

  2. नसीमा (आकिल की पत्नी)

  3. जुल्फेकार (निवासी अमरोहा, यूपी)

  4. धर्मेंद्र कुमार (निवासी मुजफ्फरनगर/लक्सर, यूपी)

  5. प्रीति शर्मा (निवासी जालौन/मुजफ्फरनगर, यूपी)

  6. शिवा सिंह उर्फ गौरव (निवासी सिवान, बिहार/ज्वालापुर)


काशीपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद

काशीपुर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में एसटीएफ और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में अवैध हथियारों का जखीरा मौजूद है। सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर वाहन को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान कार से एक 12 बोर पम्प एक्शन गन, एक .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर रिवॉल्वर, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन तथा सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

एसटीएफ के अनुसार बरामद हथियार, कारतूस और फर्जी लाइसेंस काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल से संबंधित पाए गए हैं। मामले में काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान अब तक तीन अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही पांच अवैध हथियार और कई फर्जी लाइसेंस भी बरामद किए गए हैं।

एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की सूचना तत्काल एसटीएफ को दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बरामदगी में शामिल:

01 पम्प एक्शन गन (12 बोर)
01 सेमी ऑटोमैटिक राइफल (.22 बोर)
01 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर)
01 रिवॉल्वर (.32 बोर)
237 जिंदा कारतूस
04 मैगजीन
07 फर्जी शस्त्र लाइसेंस
01 स्विफ्ट कार (UK18P-5046)

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस या अवैध हथियार की जानकारी मिलने पर तत्काल एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबर 9412029536 पर संपर्क करें।


केदारनाथ में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, खुद को IRCTC एजेंट बताने वाला आरोपी गिरफ्तार

 न्यायालय के समक्ष पेश करने के उपरान्त भेजा गया पुरसाड़ी जेल

​रुद्रप्रयाग– श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम दर्शन हेतु रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा व्यवस्थाओं में खलल डालने तथा यात्रियों से धोखाधड़ी करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा निरन्तर सख्त कार्यवाही की जा रही है।

​इसी क्रम में गत दिवस को चौकी केदारनाथ पर सूचना दी गई कि चिराग नाम के व्यक्ति द्वारा किसी स्थानीय व्यक्ति एवं होटल मालिक के साथ मिलकर यात्रियों को वीआईपी दर्शन कराने का झांसा दे रहा है। उक्त व्यक्ति द्वारा एक ग्रुप के 10 लोगों से 3,000-3,000 हजार रुपये (कुल 30,000 रुपये) की धोखाधड़ी की गई है। इस गंभीर शिकायत पर चौकी केदारनाथ पुलिस द्वारा तत्काल त्वरित कार्यवाही की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त चिराग को श्री केदारनाथ धाम परिसर से हिरासत में लेकर उसके कब्जे से धोखाधड़ी के 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। ​पूछताछ के दौरान उसने द्वारा स्वीकार किया गया कि वह इस अवैध और धोखाधड़ी के कार्य को एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर अंजाम दे रहा था।

इस मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग पर मुकदमा अपराध संख्या 26/2026, धारा 318(4), 319(2) व 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को वैधानिक कार्यवाही के उपरान्त माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार चमोली भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपी के विरुद्ध विवेचनात्मक कार्यवाही जारी है।

अभियुक्त का विवरण – चिराग पुत्र चुन्नी लाल, निवासी- ग्राम बतल, पोस्ट भामला, थाना बल्दवाड़ा, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश।

​रुद्रप्रयाग पुलिस समस्त श्रद्धालुओं से अपील करती है कि वे केदारनाथ धाम में किसी भी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में न आएं और दर्शन व अन्य व्यवस्थाओं के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें। यदि कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की धोखाधड़ी का प्रयास करता है, तो तुरन्त नजदीकी पुलिस चौकी या आपातकालीन नम्बर 112 पर सूचित करें।


शिमला के सरकारी स्कूल में चोरों का अनोखा कारनामा, पहले खिचड़ी खाई फिर बर्तन लेकर फरार

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सरकारी स्कूलों में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शिमला के शिवपुरी स्थित एक सरकारी स्कूल से चोरी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ चोरों ने न केवल स्कूल के भीतर घुसपैठ की, बल्कि बच्चों के मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) के राशन से आराम से पतीले में खिचड़ी पकाई, उसे खाया और उसके बाद स्कूल रसोई के कीमती बर्तन और अन्य सामान समेटकर फरार हो गए।

छुट्टी का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सरकारी अवकाश के दौरान हुई जब स्कूल परिसर पूरी तरह बंद था। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया। स्कूल के भीतर दाखिल होकर चोरों ने बच्चों के राशन का इस्तेमाल किया। पेट पूजा करने के बाद चोरों ने स्कूल की रसोई से तीन थालियां, दो पतीले, एक डिनर सेट, गैस बर्नर और एक कढ़ाई पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब स्कूल स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा, तब बिखरा सामान देखकर इस अजीबोगरीब चोरी का खुलासा हुआ। इसके तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचित किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

इस घटना के बाद खलीनी स्कूल के प्रिंसिपल और क्लस्टर हेड अजय वशिष्ठ ने भी मौके का मुआयना किया और पुलिस को जरूरी जानकारी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवपुरी क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। स्कूल में चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) न होने के कारण सुरक्षा में बड़ी चूक हो रही है, जिससे असामाजिक तत्वों को आसानी से अंदर आने का मौका मिल जाता है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


सुनाम की अनाज मंडी में व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर की खुदकुशी, सुसाइड नोट से खुले कई राज

सुनाम (पंजाब): संगरूर जिले के सुनाम के पास चीमा कस्बे से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ की अनाज मंडी में एक 58 वर्षीय व्यक्ति ने एक पीटर रेहड़े (जुगाड़ वाहन) के अंदर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की भयावहता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अंतिम संस्कार की सामग्री लेकर घर से निकला था मृतक सुनाम के डीएसपी हरविंदर सिंह खैरा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सुबह चीमा अनाज मंडी में एक रेहड़े में भीषण आग लगने की सूचना मिली थी। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक वाहन में सवार व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान गुरुद्वारा जन्म स्थान चीमा के पास रहने वाले गुरनैब सिंह उर्फ नैब सिंह (58) के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि नैब सिंह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और गुरुघर की सेवा से जुड़े थे। उन्होंने आत्महत्या की तैयारी पहले ही कर ली थी। वारदात से एक दिन पहले ही उन्होंने अपने रेहड़े में सूखी लकड़ियां इकट्ठा की थीं। सुबह तड़के वह साइकिल से घर से निकले, निहंग छावनी के पास साइकिल खड़ी की और वहां से लकड़ियों से लदा रेहड़ा लेकर अनाज मंडी पहुंचे, जहाँ सुबह करीब 4:30 से 4:45 बजे के बीच उन्होंने खुद को आग के हवाले कर दिया।

सुसाइड नोट में मिला पैसों का हिसाब-किताब पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पत्र में गुरनैब सिंह ने लिखा कि वह अपने अंतिम संस्कार के लिए जरूरी सामग्री—जैसे लकड़ियां, तेल, डीजल, पेट्रोल और घी आदि अपने साथ ही लेकर जा रहा है। इसके साथ ही, सुसाइड नोट में उन्होंने अपने एक रिश्तेदार के साथ पैसों के लेनदेन का पूरा ब्योरा भी लिखा है, जिसे सुसाइड की मुख्य वजह माना जा रहा है।

डीएसपी खैरा के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गया है। शिनाख्त की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम और डीएनए टेस्ट के लिए सिविल अस्पताल सुनाम के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर लेनदेन के विवाद और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।


काला जठेड़ी गैंग बनकर मांगी 3 करोड़ की रंगदारी, दिल्ली पुलिस ने दो कारोबारियों को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी के एक अनोखे मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक कारोबारी से कुख्यात गैंगस्टर ‘काला जठेड़ी गैंग’ का नाम लेकर 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में दो व्यवसायियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के यमुनानगर निवासी साहिल गर्ग और राजन कालरा के रूप में हुई है।

बिज़नेस विवाद में रची ‘कैलिफोर्निया’ वाली साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मेडिकल उपकरणों का कारोबार करने वाले साहिल गर्ग का पीड़ित कारोबारी रोहित जैन के साथ 2.95 करोड़ रुपये का व्यावसायिक विवाद चल रहा था। अपने पैसे वसूलने के लिए साहिल ने अपने दोस्त राजन कालरा के साथ मिलकर एक खतरनाक साजिश रची। राजन का भाई अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहता है। आरोपियों ने दिल्ली में बैठकर काला जठेड़ी गैंग के नाम से एक धमकी भरा वॉयस मैसेज तैयार किया और उसे कैलिफोर्निया भेजा। वहां से राजन के भाई ने इंटरनेशनल व्हाट्सएप नंबर के जरिए यह मैसेज पीड़ित रोहित जैन को फॉरवर्ड कर दिया, ताकि पीड़ित को लगे कि उसे सीधे विदेश में बैठे गैंगस्टर्स से धमकी मिल रही है।

डीसीपी ने दी मामले की विस्तृत जानकारी

उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) आकांक्षा यादव ने बताया कि राणा प्रताप रोड निवासी रोहित जैन ने आदर्श नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रहे हैं, जिसमें खुद को काला जठेड़ी गैंग का बदमाश बताते हुए साहिल गर्ग का बकाया पैसा चुकाने को कहा जा रहा है। धमकी देने वाले ने यह भी दावा किया था कि इस वसूली के लिए उसने साहिल से 50 लाख रुपये की टोकन राशि एडवांस ली है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी।

लगातार लोकेशन बदल रहे थे आरोपी

शिकायत मिलने के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली। पुलिस ने पाया कि धमकी के लिए एक भारतीय और एक इंटरनेशनल नंबर का इस्तेमाल हुआ था। जब पुलिस ने नामजद आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू किया, तो वे लगातार हरियाणा के करनाल, जगाधरी, यमुनानगर और चंडीगढ़ में अपनी लोकेशन बदल रहे थे। आखिरकार पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पहले राजन कालरा को दबोचा और फिर उसकी निशानदेही पर मुख्य साजिशकर्ता साहिल गर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास AATS ने 17 मामलों के वांटेड अपराधी सोनू को किया ढेर, पैर में लगी गोली

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) टीम को बीती रात एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास, लेडी श्री राम कॉलेज के पीछे स्थित एक गली में पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस क्रॉस-फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अपराधी की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो गोविंदपुरी थाने का एक घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ (कुख्यात अपराधी) है। मुठभेड़ के वक्त जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो सोनू ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी गोलीबारी की, जिसमें सोनू घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

17 संगीन मामलों में था वांछित

पुलिस के अनुसार, सोनू पर चोरी, डकैती और लूटपाट जैसे कुल 17 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से दिल्ली पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि सोनू की गिरफ्तारी से इलाके में चोरी और झपटमारी की वारदातों पर लगाम लगेगी। फिलहाल पुलिस अस्पताल में उसकी सेहत सुधरने का इंतजार कर रही है, ताकि पूछताछ के जरिए उसके पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाया जा सके। मामले की आगे की तफ्तीश जारी है।


दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र निकला ड्रग्स सप्लायर, 20 लाख का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की उत्तर पश्चिम जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के भीतर चल रहे एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सत्यवती कॉलेज के स्नातक (Graduation) अंतिम वर्ष के एक छात्र को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ₹20 लाख की कीमत का 195 ग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद हुआ है। आरोपी छात्र की पहचान मूल रूप से केरल के रहने वाले जसीम सियादुल फरसान एम पी (22) के रूप में हुई है।

विजय नगर के पार्क के पास से हुई गिरफ्तारी

उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) आकांक्षा यादव ने बताया कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक विजय नगर डबल स्टोरी स्थित एक पार्क के पास महंगी और हाईटेक ड्रग्स की डील होने वाली थी। इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तुरंत जाल बिछाया और मौके से आरोपी छात्र जसीम को दबोच लिया, जो इसी इलाके में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था।

ऐशो-आराम और शॉर्टकट से अमीर बनने की चाहत

पुलिस पूछताछ में आरोपी छात्र ने कबूल किया कि वह सत्यवती कॉलेज में 8वें सेमेस्टर (अंतिम वर्ष) का छात्र है। महंगे शौक पूरे करने, ऐशो-आराम की जिंदगी जीने और जल्द पैसा कमाने के चक्कर में वह कुछ महीने पहले ही एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट के संपर्क में आया था। वह इस गैंग के लिए मुख्य रूप से ‘डिलीवरी बॉय’ का काम कर रहा था।

कैंपस के छात्रों को बनाता था निशाना

जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों, विशेषकर सत्यवती कॉलेज के छात्रों को इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ (हाइड्रोपोनिक वीड) की सप्लाई करता था। आरोपी गैंग के मुख्य सरगना से ड्रग्स की खेप लेता था और फिर उसे ऊंचे दामों पर स्टूडेंट्स को बेच देता था। पुलिस ने इस संबंध में मॉडल टाउन थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मुख्य सप्लायर की तलाश जारी

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि पुलिस अब उस मुख्य सरगना और सप्लायर की पहचान करने में जुटी है जो केरल के इस छात्र को गांजे की यह महंगी खेप पहुंचाता था। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस और उसके आसपास सक्रिय पूरे ड्रग सिंडिकेट का पूरी तरह से पर्दाफाश हो पाएगा।


जमीन विवाद में वृद्ध महिला की हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार

कनीना (नारनौल): हरियाणा के नारनौल अंतर्गत कनीना उपमंडल के गांव चेलावास में हुए सनसनीखेज ओमपति हत्याकांड में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जमीन विवाद की रंजिश में एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या करने के मामले में कनीना थाना पुलिस ने तीन और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋतुराज (निवासी बुडौली, रेवाड़ी) तथा विनोद और संदीप (निवासी चेलावास) के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन और बुडौली से हुई गिरफ्तारी

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी संदीप को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से भागते समय दबोचा गया, जबकि ऋतुराज और विनोद को बुडौली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से संदीप और ऋतुराज को गहन पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है, वहीं विनोद को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।

घातक हथियारों से लैस होकर घर में घुसे थे आरोपी

जांच में सामने आया है कि चेलावास गांव के इस परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर खूनी विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते बृहस्पतिवार की देर रात आरोपियों ने कुल्हाड़ी, फरसा, बरछी और लाठियों जैसे जानलेवा हथियारों से लैस होकर ओमपति के घर पर धावा बोल दिया था। आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर बुजुर्ग महिला पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर गईं।

जेठ ने बयां किया खौफनाक मंजर, ‘डायल-112’ ने बचाई जान

मृतका के जेठ सुरेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात करीब 12 बजे ओमपति के बेटे जयभगवान ने फोन कर घर पर हमले की सूचना दी थी। जब सुरेंद्र मौके पर पहुंचे, तो घर के बाहर कविता और बिमला लाठियां लेकर पहरा दे रही थीं और अंदर से चीख-पुकार मच रही थी। थोड़ी देर बाद जब दरवाजा खुला, तो आरोपी लखीराम हाथ में फरसा और विनोद व संदीप बरछी लहराते हुए बाहर निकले। आरोपियों ने सुरेंद्र पर भी हमला करना चाहा, लेकिन उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत ‘डायल-112’ को सूचित किया।

इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

सूचना मिलते ही कनीना शहर थाना पुलिस महज कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ओमपति को नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआईएमएस (PGIMS) रोहतक रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 7 लोगों पर मामला दर्ज किया है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


नाबालिग को अगवा कर पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर कर रहे थे ब्लैकमेल

तावड़ू –  तावड़ू सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा कर पांच आरोपियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) करने और उसकी अश्लील वीडियो-फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का संगीन अपराध हुआ है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर नूंह महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

किराने की दुकान चलाने वाले ने रची साजिश

पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 6 जून की सुबह करीब 5 बजे जब वह उठे तो उनकी नाबालिग बेटी घर से गायब थी। काफी खोजबीन करने के बाद उन्होंने देखा कि एक बाइक सवार दंपति उनकी बेटी को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। जब डरी-सहमी बेटी से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथ हुई इस भयानक आपबीती का खुलासा किया।

पीड़िता ने बताया कि उनके घर के पास पहले किराने की दुकान चलाने वाले शौकीन नाम के युवक ने उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए थे। इन्हीं फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी शौकीन ने अपने साथी हसीन, अजरू, अरमान और साद के साथ मिलकर पहले भी पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया था।

जंगल में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। 5 और 6 जून की दरमियानी रात को आरोपियों ने फिर से पीड़िता को डरा-धमकाकर अगवा किया और उसे गांव बावला के जंगलों में ले गए। वहां पांचों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और दोबारा अश्लील वीडियो बनाकर किसी को भी बताने पर जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

एक आरोपी नाबालिग, पुलिस की छापेमारी जारी

नूंह महिला थाना पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी साद, अजरू, हसीन, शौकीन और अरमान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी मंजू ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस घिनौने अपराध में शामिल आरोपियों में से एक आरोपी नाबालिग (कानूनी रूप से किशोर) है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp