Thursday, November 12, 2026
12:12 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दरभंगा के 62 किलो चांदी लूटकांड में दो और गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल के आरोपियों से डस्टर कार जब्त

दरभंगा के 62 किलो चांदी लूटकांड में दो और गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल के आरोपियों से डस्टर कार जब्त

दरभंगा के 62 किलो चांदी लूटकांड में दो और गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल के आरोपियों से डस्टर कार जब्त

सिंहवाड़ा । दरभंगा में सराफा कारोबारी से हुई 62 किलो चांदी की लूट के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और कथित तौर पर अलग-अलग जिलों से चांदी एकत्र कर वहां पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस ने एक आरोपी को सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली से डस्टर कार सहित पकड़ा है। इस कार्रवाई के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ गई है।

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर की रात शोभन-एकमी बाईपास पर दरभंगा एम्स के नजदीक पश्चिम बंगाल के सराफा कारोबारियों की गाड़ी को बदमाशों ने निशाना बनाया था। मामले की जांच के दौरान सिमरी थाना पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें से दो की भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य दो को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदयचौक निवासी मैदुल मलिक (39) और गरबेता थाना क्षेत्र के अवुसाबंदी निवासी कौशिक पालुई (22) के रूप में हुई है। मैदुल को थाने से गिरफ्तार किया गया, जबकि कौशिक को बिठौली से डस्टर कार के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने पश्चिम बंगाल नंबर की डस्टर कार (WB08C8118) भी जब्त की है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के मुताबिक, घटना के दिन दोनों आरोपी डस्टर कार से दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधुबनी और मधेपुर सहित कई क्षेत्रों से चांदी एकत्र कर पश्चिम बंगाल लौट रहे थे। वे लंबे समय से शिव शंकर मन्ना के लिए काम कर रहे थे। पश्चिम बंगाल के दासपुर थाना क्षेत्र के बैकठपुर में मन्ना की सराफा निर्माण की दुकान है, जहां कच्ची चांदी से आभूषण तैयार किए जाते हैं।

पुलिस ने बताया कि बरामद चांदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अब तक प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद मोहम्मद महफूजुल्लाह मलिक और शिव शंकर मन्ना को छोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि लूट की साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि सात नवंबर की रात करीब नौ से दस बजे के बीच दो बाइक सवार बदमाशों ने शोभन-एकमी बाईपास पर पश्चिम बंगाल नंबर की सिल्वर रंग की डस्टर कार को घेर लिया था। इसके बाद बदमाशों ने गोलीबारी कर चांदी से भरा बैग और बोरा तथा नकदी लूट ली थी। घटना में कार चला रहे चालक सह कारोबारी के साथी कौशिक के हाथ में गोली लगी थी।

इससे पहले पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए भाजपा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 62 किलो 40 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और दो कारें बरामद की गई थीं। अब दो और गिरफ्तारियों के बाद पुलिस लूटकांड के बाकी आरोपियों और पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp