Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बिजली तार लूट की निकली फर्जी कहानी, कर्मचारी समेत 7 गिरफ्तार; 9.80 क्विंटल तार बरामद

बिजली तार लूट की निकली फर्जी कहानी, कर्मचारी समेत 7 गिरफ्तार; 9.80 क्विंटल तार बरामद

बिजली तार लूट की निकली फर्जी कहानी, कर्मचारी समेत 7 गिरफ्तार; 9.80 क्विंटल तार बरामद

बहजोई । कैलादेवी क्षेत्र में बिजली के तार की कथित लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए कर्मचारी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जिस कर्मचारी ने खुद को बंधक बनाकर गोदाम से करीब 30 क्विंटल तार लूटे जाने की सूचना दी थी, वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। सौदे में हिस्सा नहीं मिलने पर उसने अपने साथियों को फंसाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी रची।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 9.80 क्विंटल कटा हुआ एल्युमिनियम तार, तार काटने के उपकरण और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में छह अन्य वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही है।

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, गोरखपुर निवासी आनंद शुक्ला शकरपुर गांव के पास सड़क चौड़ीकरण और बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम कर रही एक निजी कंपनी के गोदाम में कर्मचारी था। आनंद ने 28 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी कि 27 अगस्त की रात बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर गोदाम से करीब 30 क्विंटल बिजली का तार लूट लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित कीं। जांच के दौरान आनंद के बयानों में कई विरोधाभास मिले। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराने लगा। पूछताछ में कथित तौर पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच के अनुसार, आनंद ने आठ अगस्त को संभल निवासी गौतम सिंह से संपर्क कर तार बेचने की योजना बनाई थी। गौतम ने दिल्ली के खरीदारों से सौदा तय कराया। 27 अगस्त की रात आनंद ने कथित तौर पर गोदाम से तार कटवाकर वाहनों के जरिए दिल्ली भिजवा दिया।

हालांकि, दिल्ली में माल की एंट्री नहीं मिलने के कारण सौदा रद्द हो गया और साथी तार लेकर वापस लौटने लगे। पुलिस के मुताबिक, सौदे में तय हिस्सा नहीं मिलने पर आनंद ने अपने साथियों को फंसाने के लिए खुद को बंधक बनाए जाने और तार लूटे जाने की कहानी गढ़ दी।

पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक सितंबर को भटौला अंडरपास के पास से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें अली खान, शमशुल, खुशनूद अली, गौतम सिंह, पुष्पेंद्र, अरशद और आनंद शुक्ला शामिल हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आनंद इससे पहले 24 जुलाई को अरशद को 27 हजार रुपये में दो क्विंटल तार बेच चुका था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 9.80 क्विंटल कटा हुआ एल्युमिनियम तार, कटाई के उपकरण और नकदी बरामद की है।

पुलिस अब मामले में शामिल शेरे पठान समेत छह अन्य वांछित आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp