Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु मजिस्ट्रेट को भेजी रिपोर्ट

ऋषिकेश। ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले जाया गया था, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को पीड़िता के परिजनों की ओर से कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

हरिद्वार में दबोचा गया मुख्य आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान 31 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच के दौरान घटना के समय पीड़िता की बनाई गई फोटो और वीडियो भी मिले हैं।

होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच में आई सामने

जांच और आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को होटल प्रबंधन की भूमिका से जुड़े कई अहम तथ्य मिले। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान और सत्यापन के प्रवेश दिया गया था। आवश्यक रजिस्टर में भी उसकी एंट्री नहीं की गई थी।

पुलिस का कहना है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद संबंधित पुलिस या सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी गई। इसके अलावा, पीड़िता को होटल से बाहर ले जाते समय होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

होटल मैनेजर और संचालक भी गिरफ्तार

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान दोनों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराओं के साथ बीएनएस की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं। इस कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

होटल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि संबंधित होटल के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेज दी गई है। मामले में पुलिस आगे भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

सोफियान (21) — निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
वैभव गुप्ता (34) — होटल मैनेजर, ऋषिकेश
राहुल अग्रवाल (36) — होटल संचालक, ऋषिकेश

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी समेत उपनिरीक्षक विकसित पंवार, राजकुमार, निखलेश बिष्ट, महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp