Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भागवत प्रवक्ताओं पर अखिलेश यादव का बयान निंदनीय, संत हुए नाराज

Category Archives: मथुरा

भागवत प्रवक्ताओं पर अखिलेश यादव का बयान निंदनीय, संत हुए नाराज

सतीश मुखिया मथुरा। श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर मस्जिद केस के मुख्य याचिका कर्ता पंडित दिनेश फलाहारी ने कहा कि अखिलेश यादव ने भागवत प्रवक्ताओं पर रुपए लेकर भागवत करने का जो आरोप लगाया है।यह बयान बहुत ही निंदनीय है, दिनेश फलाहारी ने कहा कि उनकी सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई है। वह हमेशा सनातन के खिलाफ रहे हैं।स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज ने कहा कि अखिलेश यादव ने कहा जो होटल और बिल्डिंग खरीदी है वह पैसा कहां से आया यह ग़लत है।

महामंडलेश्वर रामदास महाराज ने अखिलेश यादव के बयान की निंदा की और कहा कि अखिलेश यादव को ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण बयान नहीं देने चाहिए जिससे भागवत आचायों को ठेस पहुंचे। आचार्य राजेश शास्त्री ने भी अखिलेश यादव के बयान की निंदा की और कहा कि सनातन धर्म के विरोध में बोलने वालों को हम अपनी वोट बैंक की ताकत से सबक सिखाएंगे। डॉ जमुना शर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव ने इतनी प्रॉपर्टी इकट्ठी की है वह कहां से आई इसकी जांच होनी चाहिए।


मंत्री सुरेश खन्ना पहुंचे मथुरा,एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत किया वृक्षारोपण

सतीश मुखिया, मथुरा। प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का मथुरा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मंत्री के सम्मान में वेटनरी विश्वविद्यालय परिसर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में विधायक मेघश्याम सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने सुरेश कुमार खन्ना को पारंपरिक दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन किया। मंत्री  खन्ना ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों और संस्कृति के प्रतीक हैं।यदि प्रत्येक नागरिक एक वृक्ष अपनी माँ के नाम लगाए, तो यह न केवल मातृशक्ति के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को हरित और स्वस्थ भविष्य की सौगात भी मिलेगी।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसा अभियान सामाजिक चेतना और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। मंत्री ने वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर मनौती मांगीं।

 

इस दौरान जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, पूर्व विधायक सरदार सिंह, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, हरिओम शर्मा, अंकुर अग्रवाल ,पवन हिंडोल ,भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ,पार्षद अंकुर गुर्जर ,पार्षद हनुमान पहलवान, ललित गौतम, पार्षद प्रतिनिधि बृजेश अहेरिया, धर्मेश नौहवार, लोकेश निषाद ,अमित पाठक, सुधांशु खंडेलवाल ,विक्रम आदि मौजूद थे।


मथुरा रिफाइनरी में हुआ आपातकालीन पूर्वाभ्यास

सतीश मुखिया, मथुरा। मथुरा रिफाइनरी अपने कर्मियों, प्लांट और रिफाइनरी परिधि मे आने वाले सभी गांवों की सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहती है| रिफाइनरी में संभावित खतरों से निपटने के लिए समय- समय पर आपातकालीन पूर्वाभ्यास किए जाते हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में गत दिवस रात्रि में ऑन साइट डिजास्टर पूर्वाभ्यास किया गया, जो टैंक में आग लगने से उत्पन्न आपदा से संबन्धित था।टैंक में आग की सूचना मिलते ही रिफाइनरी का अग्नि शमन दस्ता तुरंत घटना स्थल पर पहुंचा और फायर टेंडर से आग बुझाने का काम शुरू किया, घटना की गंभीरता को देखते हुए इसे डिजास्टर घोषित किया गया।

ड्रिल के दौरान सभी पर्यवेक्षकों ने अपनी भूमिका निभाई और इसे सफलतापूर्वक पूरा किया।आपातकाल पूर्वाभ्यास के पश्चात हुई बैठक के दौरान पूर्वाभ्यास की गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया। इस पूर्वाभ्यास के दौरान की गई विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा उच्च स्तरीय प्रबंधमंडल द्वारा की गईl बैठक की अध्यक्षता श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख ने की। इस अवसर पर रिफाइनरी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान पर्यवेक्षकों ने पूर्वाभ्यास के समय की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रबंधमंडल को दी।


बाबूलाल महाविद्यालय में छात्रों को मिले टैबलेट

सतीश मुखिया, मथुरा। उत्तर प्रदेश तकनीकी सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत वितरित किए जा रहे टैबलेट वितरण समारोह के अंतर्गत गोवर्धन के श्री बाबू लाल महाविद्यालय में गोवर्धन के विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह के द्वारा विद्यार्थियों कोटेबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री बाबू लाल शिक्षण संस्थान समूह के निदेशक नंदकिशोर शर्मा , मुख्य अतिथि ठाकुर मेघश्याम सिंह, श्री बाबू लाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ लीविस कुलश्रेष्ठ ,उपप्राचार्य डॉ उम्मेद सिंह ने संयुक्त रूप से मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में एम.ए. एम.एससी. एम.कॉम. के कुल 39 विद्यार्थियों कोटेबलेट वितरित किए गए । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहा है यह कार्यक्रम बहुत ही प्रशंसनीय है इससे विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता उत्पन्न हो रही है ।

विद्यार्थी आत्मनिर्भर हो रहे हैं।धन्यवाद ज्ञापित करते हुए एस बी एल ग्रुप के निर्देशक एडवोकेट नंदकिशोर शर्मा ने कहा कि आज के विद्यार्थी कल का भविष्य हैं और इस भविष्य का निर्माण करने की जिम्मेदारी हम सभी की है जिसे हमें पूरी तरह से निभाना होगा । कार्यक्रम का संचालन मुख्य अनुशासन अधिकारी डॉ धीरज कौशिक द्वारा किया गया । कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपप्राचार्य डॉ उम्मेद सिंह,डॉ लक्ष्मी नारायण शर्मा , डॉ योगेंद्र प्रसाद गोयल, डॉ आर के वर्मा डॉ रेखा शर्मा,डॉ अनूप कुमार अग्रवाल , राहुल शर्मा , मनीष उपाध्याय, शुभम महेश्वरी मुक्ति दोहन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


ब्रज की मूलभूत समस्याओं एवं विकास को लेकर जयवीर सिंह, पर्यटन मंत्री को दिया ज्ञापन

सतीश मुखिया

मथुरा: धर्म रक्षा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष एवं श्रीहरिदास पीठ चतुर्थ संप्रदाय विरक्त वैष्णव परिषद् के महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से एक प्रतिनिधिमंडल के साथ उनके सिरसागंज शिकोहाबाद स्थित निवास पर भेंट की।

वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बांके बिहारी मंदिर का न्यास के माध्यम से सरकारीकरण एवं अधिग्रहण की योजना का विरोध करते हुए ब्रज की मूलभूत समस्याओं एवं पर्यटन विकास को लेकर चर्चा की और एक ज्ञापन सौंपा।

महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मथुरा वृन्दावन एवं संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में जिस प्रकार की विकास गंगा बहाने का संकल्प लिया गया है वह एक स्वागत योग्य कदम है इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संपूर्ण सरकार बधाई की पात्र है,आने वाले समय में मथुरा वृन्दावन एवं बृज क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक नई पहचान स्थापित करेगा।

धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आचार्य ज्ञानेश महाराज ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर वृन्दावन का न्यास के माध्यम से सरकारीकरण या अधिग्रहण नहीं होना चाहिए मंदिर की मर्यादा परंपरा एवं संस्कृति की रक्षा करना सरकार का दायित्व है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या और काशी के बाद मुख्यमंत्री का ध्यान अब मथुरा वृन्दावन एवं बृज क्षेत्र के विकास पर केन्द्रित है, उन्होंने आश्वासन दिया कि बांके बिहारी मंदिर के विषय में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्तालाप कर संत समाज एवं बृजवासियों की चिताओं से अवगत कराएंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर, प्रदेश संयोजक विक्की धाकड़, महानगर अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़, शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के छोटे भाई युवराज सिंह चौहान आदि मौजूद रहे ।


मथुरा में खाट चौपाल लगाकर सुनी गई” मन की बात”, महापौर ने विकास कार्यों का किया उद्घाटन

सतीश मुखिया

मथुरा: नगर निगम मथुरा वृंदावन के महापौर विनोद अग्रवाल ने आज वार्ड नंबर :16 बाकलपुर की इंद्रपुरी कॉलोनी में लगभग 15 लाख की लागत से बननेे वाली सी.सी.रोड का उद्घाटन किया। इस दौरान मधुवन मण्डल अध्यक्ष टीटू राघव , सतोहा मण्डल पूर्व अध्यक्ष यशपाल सिंह राजावत और कॉलोनी के अन्य गणमान्य लोग साथ रहे वहीं दूसरी तरफ डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आम जनता से आज 123 वी मन की बात की गई। इस कार्यक्रम को महापौर विनोद अग्रवाल ने कृष्णा नगर मंडल, बूथ स0 83 आवास पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के कार्यक्रम में पूज्यनीय डॉ. साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना और वृक्षारोपण कर भारतीय जनता पार्टी के हरित अभियान में सहभागिता की। भाजपा बृज क्षेत्र विधि प्रकोष्ठ संयोजक रामकिशन पाठक , राधा ऑर्चिड कॉलोनी के अध्यक्ष ठा0 अरविंद प्रताप सिंह , कृष्णा नगर मण्डल पूर्व अध्यक्ष अनीश वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि धर्मेश तिवारी , वरिष्ठ नेता प्रमोद बंसल,अंकुर अग्रवाल, बूथ अध्यक्ष बबलू अग्रवाल एवं अन्य कार्यकर्ता साथ रहे। इसी क्रम में उन्होंने नगर निगम मथुरा वृंदावन क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए के आप यथाशीघ्र इन कामों को मानसून से पहले निपटाए। उन्होंने मसानी, हनुमानजी मंदिर के सामने मोड़ पर जलभराव की समस्या समाधान के लिए नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्य का निरीक्षण करके आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिये।

“खाट चौपाल लगाकर सुनी मन की बात”
आज भाजपा मथुरा महानगर के यशस्वी जिलाध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के साथ  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” के 123वे एपिसोड को भाजपा मथुरा महानगर (कृष्णा नगर मण्डल) के गावं आजमाबाद शक्तिकेन्द्र के अपने बूथ सं. 86 पर अंकुर गुर्जर, पार्षद, वार्ड: 24 सराय आजमाबाद व जनता के साथ सामूहिक रूप से सुना।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री कुन्ज बिहारी चतुर्वेदी , मण्डल अभियान संयोजक अनीश वर्मा पार्षद प्रतिनिधि , बृजेश अहेरिया पार्षद प्रतिनिधि , भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज ठाकुर, शक्तिकेन्द्र संयोजक नमन पाडेय , बूथ अध्यक्ष अंकित प्रजापति रोहित रावल विकाश सोनी एवं कार्यकता व स्थानीय जन उपस्थित रहे।


भाजपा संवैधानिक अधिकारों को समाप्त करने में लगी- मुकेश धनगर

सतीश मुखिया

मथुरा: भारतीय संविधान की प्रस्तावना संविधान की आत्मा एवं सबसे कीमती है, भाजपा के कतिपय चाटुकार नेता निरंतर संविधान की समीक्षा करने की बात करते हैं ।लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे ,भाजपा चुपके से संवैधानिक अधिकारों को समाप्त करने में लगी हुई है इसका ज्वलंत उदाहरण है की निशुल्क एवं बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2010 को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार समाप्त करने में लगी हुई है ।प्रदेश के 27000 बेसिक प्राथमिक स्कूलों को बंद किया जा चुका है, लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा की दलित, गरीब, किसान ,मजदूर पिछड़े वर्ग की विरोधी नीतियों को समाप्त नहीं होने देगी। सड़क से संसद तक पार्टी भाजपा की संविधान विरोधी नीतियों का पर्दाफाश करेगी!

उक्त बयान आज जिला कांग्रेस कमेटी के सेठ वाड़ा स्थित कार्यालय पर आयोजित साप्ताहिक बैठक में जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर ने पार्टी की बैठक में देते हुए कहा कि आज भाजपा में यह प्रचलन हो गया है कि जो चाटुकार दंगाई ,नफरत फैलाने में माहिर है वह अपने को उच्च श्रेणी का चाटुकार सिद्ध करने के लिए संविधान विरुद्ध बयान देकर सुर्खियों में रहना चाहते हैं ।अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा का अधिकार कानून को किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी!

बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी से आए फ्रंटल संगठनों के कोऑर्डिनेटर राकेश भाटी ने भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी द्वारा संघर्ष का बिगुल फूटने का ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज बलात्कार हत्या आदि की घटनाएं चरम सीमा पर हैं प्रदेश सरकार हर मोड़ पर विफल हो चुकी है इसलिए अपने नंबर बनाने के लिए बाबा अपने संविधान विरोधी बातें कर रहे हैं! बैठक की अध्यक्षता प्रेम शंकर शर्मा ने की एवं संचालन महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया!

जिला कांग्रेस प्रवक्ता उमाशंकर शर्मा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए अपने चाटुकार नेताओं से संविधान विरोधी बयान दिलाए जाते हैं नरेंद्र मोदी की विश्व स्तर पर विदेश नीति बुरी तरह फेल हो गई है इसलिए नेपथ्य से बयान जारी कराए जाते हैं!

बैठक में मुख्य रूप से विनोद उपाध्याय, महेश चौबे, आदित्य तिवारी, रूपा लवानिया ,सविता विद्यार्थी , अप्रितम सक्सेना,शैलेंद्र चौधरी, करण निषाद ,सत्यम चतुर्वेदी एडवोकेट, सुरेश शर्मा, गौरीशंकर यादव, मनीष कुमार ,शैलेश यादव एडवोकेट ,गिर्राज सिंह, दिनेश पाल, मोनू निषाद, योगेश निषाद, मुकेश शर्मा ,योगेश सिंह, ऋषिपाल सिंह, अनवर फारुकी, गिर्राज सिंह ,मोहम्मद आबाद अब्बास एडवोकेट ,आदि की उपस्थिति रहे।


देश के प्रधानमंत्री ने जनता से 123 वीं बार की मन की बात

आपातकाल से लेकर अमरनाथ यात्रा तक खुलकर बोले

एक पेड़ मां के नाम पर जनता को दिया खास संदेश

सतीश मुखिया

मथुरा: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 123 वीं बार एक बार फिर देश की जनता और आम जनमानस से मन की बात की। इस कार्यक्रम का 22 भाषा और 29 बोलियां में प्रसारण हुआ और देश, विदेश व ग्रामीण अंचल में विभिन्न जगह पर करोड़ों लोगों ने इस बात को सुना। जिसमें वार्ड संख्या: 24, सराय आजमाबाद, जनपद: मथुरा में अंकुर गुर्जर पार्षद और कैबिनेट सदस्य नगर निगम मथुरा वृंदावन के कार्यालय पर हरिशंकर राजू यादव, जिला अध्यक्ष, मथुरा भाजपा की मौजूदगी में भारी संख्या में आम जनमानस और स्थानीय नागरिकों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पेड़ों की शीतल छांव के तले खाट बैठकर सुना। उन्होंने इस मन की बात में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल से लेकर के अमरनाथ यात्रा और देश के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से लेकर के आज अंतरिक्ष स्टेशन पर गए शुभांशु शुक्ला के ऊपर खुलकर अपने विचार रखें। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर और उनके द्वारा रचित भारतीय संविधान का हमेशा दुरुपयोग और उल्लंघन किया है। यह लोग हम लोगों पर आरोप लगाते हैं कि हमारी सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है लेकिन इन लोगों ने देश में पिछले 45 साल के शासन के दौरान कई बार संविधान का और बाबा साहब का खुलेआम अपमान किया, राजनीति में आप प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है लेकिन जिस तरह से इन्होंने देश के अंदर इमरजेंसी लगाई और देश के माथे पर कलंक लगाने का काम किया उसको देश की आम जनता और राजनीतिक पार्टिया भूल नहीं सकती। इस दौरान कैसे निर्दोष लोगों को पुलिस द्वारा पकड़ कर जेलो में बंद कर दिया गया। उनके खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज किए गए जिसमें कई लोग उसमें मृत्यु का भी शिकार हो गए और प्रेस पर पाबंदी लगा दी गई।

मैं इनसे पूछना चाहता हूं वह काला अध्याय था कि अब काला अध्याय है। आज भारत देश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है और देश के अधिकतर राज्यों में डबल इंजन की सरकार है। जिसके द्वारा आम जनता और नागरिक अपने आप को खुशहाल, सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हम लोग समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े हुए व्यक्ति के विकास के हेतु कृत संकल्प हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंतोदय की विचारधारा पर चलते हुए हम लोगों ने वंचित, दलित और शोषित समाज के लोगों का विकास करने का बीड़ा उठा रखा है। हम लोग देश के नागरिकों को निराश नहीं करेंगे और समाज में दबे, कुचले, पिछड़े लोगों को समाज में उचित स्थान दिलाएंगे। कांग्रेस पार्टी कहती है कि देश की आजादी में इनका बड़ा हाथ है लेकिन हमारे आदर्श और जनसंघ के रचयिता डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिन्होंने एक देश, एक संविधान के लिए जम्मू कश्मीर में अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया उनके बलिदान को भी भूल नहीं जा सकता। यह कांग्रेस के लोग अपने बलिदानों को गिनाते हैं लेकिन हमारे महापुरुषों के बलिदानों को याद नहीं करते। आज डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की परिकल्पना एक देश, एक संविधान मूर्त रूप में साकार हुई है यह लोग कहते थे कि यह संभव नहीं है लेकिन आज आप देखिए की जम्मू कश्मीर में हमारा संविधान पूर्ण रूप से लागू है। जिस जम्मू कश्मीर में जाने के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता पड़ती थी उस प्रदेश में आज देश के अन्य भागों का कोई भी आम नागरिक खुले आम रूप से आ जा सकता है और वहां पर जमीन खरीद सकता है जो कि कांग्रेस के राज में संभव नहीं था।

यह लोग हमेशा से हीन भावना के तहत भारतीय लोगों को कमतर आंकते रहे है लेकिन आज देश से लोग अंतरिक्ष जा रहे हैं और देश के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा को कौन भूल सकता है जिन्होंने भारत का डंका पूरे विश्व में बजाया। स्वामी विवेकानंद द्वारा स्वर्णिम भारत की परिकल्पना आज साकार हो रही है और हमारे ऋषियों मुनियों द्वारा दिए गए योग को पूरे विश्व में बड़े जोर शोर से मनाया जा रहा है। हम सभी लोगों को प्रकृति को बचाना है, जल संरक्षण करना है और पर्यावरण को बचाने हेतु सभी भारतीय लोगों को एक पेड़ मां के नाम से लगाकर अपने कर्तव्यों का पालन करना है,अगर आज हम लोग पेड़ नहीं लगाएंगे तब जीवन जीने के लिए ऑक्सीजन कहां से मिलेगी इसलिए मैं सभी लोगों से निवेदन करता हूं कि सभी लोग मानसून के दौरान अपने घरों के आगे एक पेड़ अवश्य लगाए। इस कार्यक्रम के दौरान हरिशंकर राजू यादव ,भाजपा जिला अध्यक्ष ने एक पेड़ लगाकर विधिवत इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया और क्षेत्रीय पार्षद अंकुर गुर्जर ने कहा कि हम सबको प्रकृति को बचाना है, अगर प्रकृति का संतुलन बिगड़ जाएगा तो हम लोगों के जीवन का संतुलन बिगड़ने से भी कोई नहीं रोक सकता इसलिए सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि सभी लोग इस कार्यक्रम के बाद अपने घर जाकर एक पेड़ अवश्य लगाए और अपने पड़ोसियों,रिश्तेदार और नातेदारों से भी कहे कि आप भी लोग आप लोग भी पेड़ लगाइए। मुझे आपने पार्षद चुना है और क्षेत्र में निगम से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपको आती है। आप कभी भी मेरे कार्यालय पर आकर मुझे अपनी समस्या बता सकते हैं और समय रहते निदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान बृजेश अहेरिया, पार्षद प्रतिनिधि,वार्ड संख्या: 12 ,राधेश्याम कॉलोनी , संजय रावत, आदेश कलोसीया, सुपरवाइजर ,अनिल राणा, नेचर ग्रीन और अन्य गण मान्य लोग मौके पर मौजूद रहे।


एक देश ,एक कानून फिर आम और खास में अंतर क्यों…?

क्या आजादी के 75 वर्ष बाद भी मिट पाएगा गरीब और अमीर का अंतर

मोहनी नगर खादर, वृंदावन में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही जोरो पर

सतीश मुखिया

मथुरा: नगर निगम मथुरा वृंदावन में नगर आयुक्त जग प्रवेश के दिशा निर्देशन में अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही लगातार की जा रही है और उनके यह प्रयास सराहनीय है। इसी कड़ी में आज नगर निगम के नवागत अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और अपर नगर आयुक्त सी पी पाठक के नेतृत्व में वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित, पानी गांव खादर के मोहनी नगर खादर में गाटा संख्या 487 पर परवर्तन दल और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से अवैध अतिक्रमण के अभियान चलाया गया।

इस गाटा संख्या की जमीन पशु चरागाह के रूप में राजस्व विभाग के अभिलेखों में अंकित है। नगर निगम की टीम ने अस्थाई और स्थाई ,अर्ध निर्मित और निर्मित निर्माण को गिराया गया और इस खसरे की जमीनों में अवैध रूप से हो रही चारदिवारी को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। इस पर आम जनता ने विरोध करने का प्रयास किया और स्थानीय नागरिकों ने अपने जमीन के कागजात अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किये लेकिन प्रशासन ने उनको बताया कि यह जमीन सरकारी है और पशु चरागाह में निगम की रिकॉर्ड में अंकित है यह आपने गलत तरीके से खरीदी है।हम लोग आपका नुकसान नहीं चाहते लेकिन जब आप अवैध तरीके से जमीनों की खरीद फरोख्त करेंगे तब हमको मजबूरन आपके खिलाफ कार्यवाही करनी पड़ेगी। अब मूल सवाल यह उठता है जब यह जमीन सरकार के रिकॉर्ड रूप में अंकित हैं तब किस प्रकार राजस्व विभाग इन जमीनों की रजिस्ट्री और बैनामा खरीदारो के नाम कर दे रहा है, क्या इन जमीनों की खरीद बिक्री के काम में कोई भू माफिया संलग्न है और वह राजस्व विभाग में सामजस्य बिठाकर इन जमीनों को खुर्द बुर्ध कर रहा है जिससे उत्तर प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपए की राजस्व हानि हो रही है और आम जनता अपनी गाड़ी कमाई इन लोगों के हाथ लुटाने को मजबूर है यह सब जांच का विषय है।

नजूल जमीनों की मथुरा वृंदावन में खरीद बिक्री होना आम बात है यह कारोबार यहां पर खुलेआम और धड़ल्ले से चल रहा है , कुछ दिन पहले मथुरा शहर स्थित माया टीला पर एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें कई अनगिनत लोगों को अपने जीवन से असमय हाथ धोना पड़ा और यह हादसा अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया। जिसकी जांच मथुरा पुलिस द्वारा अभी जारी है। ऐसा नहीं है कि सरकार और सरकार के नुमाइंदों को इन सब के बारे में मालूम नहीं है लेकिन आपसी तालमेल और भ्रष्टाचार के कॉकटेल के कारण सरकारी जमीनों का खरीद बिक्री होना आम बात है, जिम्मेदार अपने आप को बचाने हेतु एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहते हैं और अपना मुंह मोड़ लेते हैं मथुरा वृंदावन के अंदर कई कालोनियां सरकारी जमीनों पर बसी हुई है और इन जमीनों को नगर निगम द्वारा पीपी एक्ट 115 के तहत खाली कराया जाना है लेकिन आम और खास में अंतर करते हुए विभाग गरीब, दलित वर्ग के लोगों से इन जमीनों को कब्जा मुक्त कर रहा है वहीं दूसरी तरफ खास पूंजी पति वर्ग के लोगों से जिलाधिकारी मथुरा द्वारा आदेश होने के बावजूद उन जमीनो पर कब्जा लेने में हिचकिचा रहा है। मथुरा शहर में नजूल की जमीनों पर खुलेआम और धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहे हैं।

जब कोई जागरूक नागरिक इनकी शिकायत विभाग को करता है तब विभाग के कुछ कट्टर ईमानदार कर्मचारी उस नागरिक का फोन नंबर और पता उस निर्माण करने वाले पूंजी पति को दे देते हैं इसके बाद वह उस देश प्रेमी को विभिन्न तरीकों से प्रताड़ित करवाता है और उसका जीवन खतरों में पड़ जाता है। जब देश एक है , कानून एक है फिर नगर निगम द्वारा आम और खास पर कार्यवाही करने में भेदभाव क्यों, क्या आम व्यक्ति इस देश का निवासी नहीं है ,क्या वह उत्तर प्रदेश सरकार को आयकर, बिजली, पानी, सीवर आदि के रूप में कर जमा नहीं करता है। क्या सिर्फ खास वर्ग के लोग ही सरकार को राजस्व प्रदान करते हैं ।जब सभी इस देश के निवासी हैं और उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को सभी लोग मत देकर चुनते हैं फिर दलित, वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों पर कार्यवाही और सरमायदार लोगों को छोड़ना समझ नहीं आता। एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास का वादा करते हैं लेकिन जमीनी धरातल पर आम और खास में अंतर यह दिखाता है कि सरकार कोई भी हो, किसी पार्टी की हो पूंजीपति और गरीब में अंतर हमेशा बना रहेगा। क्या प्रशासन उन लोगों के ऊपर कोई कार्यवाही करने की हिम्मत जुटा पाएगा जिन लोगों ने इन लोगों को घर बनाने का सपना दिखाकर नजूल की जमीनों को दामों पर इन लोगों को बेच दिया। यह सवाल लगातार बना रहेगा। इस कार्यवाही पर अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने कहा कि हम लोगों से अपील करते हैं कि आप कोई भी जमीन खरीद फरोख्त करने से पहले उन जमीनों के कागजातो की सही तरीके से जांच करें ।जिससे कि भविष्य में आप लोगों का अहित न हो और इस तरह की कार्यवाहिया आगे भी लगातार चलती रहेगी।


नए कानून के तहत चार अपराधियों को मृत्युदंड की सजा

सतीश मुखिया

बदांयू, हाथरस और कानुपर देहात में दर्ज 03 मामले में फैसला

मथुरा/लखनऊ: योगी सरकार की जीरो टाॅलरेंस नीति की देश ही नहीं दुनिया भर में सराहना हो रही है। पिछली सरकारों में गुंडा राज और ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश को आज सुशासन और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के लिए दुनिया में नई पहचान मिली है। इस दिशा में योगी सरकार द्वारा चलाए जा रहे आॅपरेशन कनविक्शन की अहम भूमिका है। योगी सरकार के ऑपरेशन कनविक्शन के जरिये पिछले एक साल में 97 हजाार से अधिक अपराधियों को सजा दिलायी गयी है जबकि पिछले करीब एक साल में तीन नये आपराधिक कानूनों के तहत चिन्हित कुल 457 मामलों में त्वरित सुनवाई के बाद दोषियों को सजा दिलाई गई है। इसकी हाल ही में बनारस में मध्य क्षेत्रीय परिषद की मीटिंग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी काफी सराहना की।

425 अपराधियों को 20 वर्ष से कम कारावास की सजा दिलायी गयी
अभियोजन एडीजी दीपेश जुनेजा ने बताया कि सीएम योगी के नेतृत्व में ऑपरेशन कनविक्शन के तहत तीन नए आपराधिक कानूनों का सफल और प्रभावी अनुपालन प्रदेश को न केवल अपराधमुक्त बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है, बल्कि यह पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल भी प्रस्तुत कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ नेतृत्व में चल रही यह पहल उत्तर प्रदेश को “सुरक्षित और सशक्त राज्य” बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक साल में तीन नये आपराधिक कानूनों के तहत अब तक 457 मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। इनमें 4 अपराधियों को मृत्युदंड (फांसी की सजा), 10 अपराधियों को आजीवन कारावास, 425 अपराधियों को 20 वर्ष से कम कारावास की सजा और 19 अपराधियों को 20 वर्ष से अधिक कारावास की सजा दिलायी गयी है।

इन मामलों में अदालतों में अभियोजन पक्ष ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर मजबूत और तथ्यात्मक तर्क रखे। इसमें विशेष रूप से बीएनएसएस के प्रावधानों का सही उपयोग कर न्याय प्रक्रिया को सशक्त और तेज़ बनाया गया। इसके अलावा योगी सरकार ने सुनिश्चित किया कि गवाहों की सुरक्षा, साक्ष्य संग्रहण और अदालतों में समय पर उपस्थिति की सभी आवश्यकताएं पूरी हों।

बदांयू, हाथरस और कानपुर देहात में दर्ज मामलों में आपराधियाें को मृत्युदंड की सजा दिलायी गयी
एडीजी ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 1 जुलाई 2024 से पूरे प्रदेश के 25,000 वादों की सुनवाई में प्रभावी डिजिटल दस्तावेज और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिससे पुलिस और सरकारी गवाहों को बार-बार अदालत आने की आवश्यकता कम हुई और योगी सरकार को लगभग 25 करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने बताया कि बदांयू के बिल्सी थाने में दर्ज केस (394/2024) में आरोपी जाने आलम को बीएनएस की धाराओं में मृत्युदंड और 2 लाख 30 हजार रुपये के आर्थिक दंड से दंडित कराया गया है।

इसी तरह हाथरस के कोतवाली थाने में केस (26/2025) में आरोपी विकास और लालू पाल को मृत्युदंड के साथ 80 हजार रुपये का अर्थदंड दिलाया गया है। इसके अलावा कानपुर देहात के भीमगंज थाने में दर्ज केस (224/2024) में आरोपी दीपू को बीएनएस की धाराओं के तहत मृत्युदंड और 10 लाख रुपये के आर्थिक दंड से दंडित कराया गया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp