Saturday, November 21, 2026
10:39 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

गोरखपुर के किया शोरूम में ग्राहकों से 12.23 लाख रुपये की ठगी का आरोप, सेल्स एग्जीक्यूटिव समेत दो पर केस

गोरखपुर के किया शोरूम में ग्राहकों से 12.23 लाख रुपये की ठगी का आरोप, सेल्स एग्जीक्यूटिव समेत दो पर केस

सहजनवा । उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कार खरीदने पहुंचे ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नौसढ़ स्थित सिंह साहिब मोटर्स के किया शोरूम में अतिरिक्त छूट, दिवाली ऑफर, रिफंड और पसंदीदा नंबर दिलाने का झांसा देकर ग्राहकों से लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। मामले में कुल 12.23 लाख रुपये की कथित हेराफेरी सामने आने के बाद गीडा पुलिस ने सेल्स एग्जीक्यूटिव राकेश गजेंद्र सिंह और उसके सहयोगी कमरुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में शोरूम के जनरल मैनेजर अमरेंद्र प्रताप चंद और दो ग्राहकों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। शोरूम प्रबंधन की आंतरिक जांच में पांच ग्राहकों से कुल 12.23 लाख रुपये लिए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि कर्मचारियों ने ग्राहकों से रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से अपने स्तर पर प्राप्त की, लेकिन उसका हिसाब शोरूम में जमा नहीं कराया।

जांच के दौरान डॉ. अभिषेक दुबे से 25 हजार रुपये, अश्वनी सिंह से 17,500 रुपये, राम श्रृंगार से 1.81 लाख रुपये और आशुतोष सिंह से 50 हजार रुपये लेने की बात सामने आई है।

राजगढ़ निवासी ग्राहक संत कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 2 से 7 नवंबर के बीच किया सोनेट कार खरीदने के लिए छह अलग-अलग किस्तों में सेल्स एग्जीक्यूटिव राकेश सिंह को कुल 9.50 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद 8 नवंबर को जब वह कार की डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचे तो संबंधित कर्मचारी वहां मौजूद नहीं मिला।

पीड़ित के अनुसार, बाद में शोरूम प्रबंधन ने उनके नाम से किसी भी बुकिंग की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

गोला बाजार निवासी अभिषेक यादव ने भी पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पिता राम सिंगार ने किया सेल्टोस कार बुक कराई थी। इस दौरान कर्मचारी ने मनपसंद वाहन नंबर उपलब्ध कराने के नाम पर 11 हजार रुपये और दिवाली ऑफर के तहत एक लाख रुपये नकद लिए। बाद में शोरूम प्रबंधन ने इन भुगतानों का रिकॉर्ड होने से इनकार कर दिया।

पीड़ित ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है।

गीडा थाने के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय के मुताबिक, शोरूम के जनरल मैनेजर और दो ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर राकेश गजेंद्र सिंह और कमरुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब ग्राहकों से लिए गए पैसों के लेनदेन, बुकिंग रिकॉर्ड और अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp