Tuesday, November 17, 2026
5:41 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 

Category Archives: खेल

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज कटक में खेला जाना है। भारत इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा।  भारत ने नागपुर में खेले गए पहले वनडे में चार विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज में शुरुआती बढ़त हासिल की है और उसका लक्ष्य अपना विजय अभियान जारी रखकर सीरीज जीतना होगा। टीम इंडिया ने अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पिछली छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती है। रोहित की टीम आज जीतकर लगातार सातवीं सीरीज पर कब्जा जमाने उतरेगी।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे फॉर्मेट में कुल 108 वनडे मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें 59 मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 44 मैचों में इंग्लैंड को जीत मिली। दो मैच टाई रहे हैं और 3 मैच बिना किसी परिणाम के रहे।

यशस्वी को किया जा सकता है बाहर
पिछले मैच में कोहली की जगह श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने 36 गेंद पर 59 रन बनाकर टीम में अपनी जगह सुरक्षित कर ली थी। अगर पहले की बात होती तो कोहली को अय्यर की जगह टीम में शामिल किया जाता, लेकिन अब पूरी संभावना है कि उन्हें पहले मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की जगह टीम में लिया जाएगा। ऐसे में रोहित के साथ गिल पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

कोहली 14000 रन से 94 रन दूर
कोहली अगर फिट होकर टीम में वापसी करते हैं तो उनकी फॉर्म पर नजर रहेगी क्योंकि वह पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के दौर में खराब प्रदर्शन के बाद कोहली ने दिल्ली की तरफ से एक रणजी मैच भी खेला लेकिन इस मैच में भी वह केवल छह रन ही बना पाए थे, लेकिन कोहली ने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और वह इस प्रारूप में 14000 रन पूरे करने से केवल 94 रन दूर हैं। अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो फिर वह सचिन तेंदुलकर (18,426) और कुमार संगकारा (14,234) के बाद इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

रोहित का बल्ला भी है खामोश
कोहली की तरह कप्तान रोहित भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह पहले वनडे में केवल दो रन बना पाए थे। मुंबई के इस बल्लेबाज ने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में 64 रन बनाने के बाद किसी भी प्रारूप में अर्धशतक नहीं लगाया है। अगर रोहित दूसरे वनडे में भी रन नहीं बना पाते हैं तो उनकी फॉर्म और भविष्य को लेकर आशंकाएं पैदा हो जाएंगी।

भारत का गेंदबाजी आक्रमण शानदार
भारत का गेंदबाजी आक्रमण अच्छा नजर आ रहा है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने वापसी के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है और चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए यह भारत के लिए अच्छा संकेत है। पिछले मैच में पदार्पण करने वाले हर्षित राणा को इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने कड़ा सबक सिखाया था और वह काफी महंगे साबित हुए थे लेकिन उन्होंने बेन डकेट और हैरी ब्रुक के कीमती विकेट लेकर अच्छी वापसी की थी।

इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ीं
अगर जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं तो फिर राणा के पास चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में जगह बनाने का मौका होगा। जहां तक जोस बटलर की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम का सवाल है तो उसे सीरीज जीवंत बनाए रखने के लिए इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। उसके बल्लेबाजों को भी आक्रामक रवैया कम करके सधी क्रिकेट खेलने होगी। उसके बल्लेबाजों को भारतीय स्पिन गेंदबाजों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि यहां की पिच से धीमी गति के गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है।

मैच कब और कंहा खेला जाएगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच कटक के बाराबती स्टेडियम में 9 फरवरी को खेला जाएगा।

मैच कितने बजे से खेला जाएगा?

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। इससे आधे घंटे पहले टॉस का सिक्का उछाला जाएगा।

किस चैनल पर देख सकते हैं भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज लाइव?
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के लाइव मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क में टेलीकास्ट किए जाएंगे, जबकि डिज्नी प्लस हॉटस्टर ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, बेन डकेट, जो रूट, फिलिप साल्ट, जेमी स्मिथ, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, लियाम लिविंगस्टोन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और मार्क वुड।


भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला जाएगा। भारत इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा। वहीं इंग्लैंड यह मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। भारत ने कोलकाता और चेन्नई में खेले गए शुरुआती दो टी20 मुकाबले जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, तीसरे मैच में इंग्लैंड ने वापसी की और भारत को 26 रन से हराकर सीरीज में वापसी की। अब यह सीरीज 2-1 पर पहुंच गई है। अगर टीम इंडिया चौथा टी20 जीत जाती है तो 3-1 से सीरीज अपने नाम कर लेगी।

संजू का फॉर्म बना सिरदर्द
केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन ने टी-20 सत्र की शुरुआत बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध तीन शतक के साथ की थी, लेकिन मौजूदा सीरीज में वह केवल 34 रन ही बना सके हैं। संजू पहले मैच में 26, दूसरे में पांच और तीसरे में तीन रन बनाए हैं। चिंता की बात यह है कि वह 145 किमी की रफ्तार से अधिक वाली गेंदों का सामना नहीं कर पा रहे।

बांग्लादेश के विरुद्ध उन्होंने तसकीन अहमद, तंजीम हसन शाकिब की गेंदें खेलीं थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका के एंडिले साइमलेन और लुथो सिपाम्ला की गेंदों का उन्होंने सामना किया। ये बहुत खतरनाक तेज गेंदबाज नहीं हैं और सैमसन ने उन्हें बखूबी खेला, लेकिन जब सामने जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड आए, जो 145 से 155 किमी की रफ्तार से गेंद डालते हैं तो सैमसन को उनके सामने खेलने में परेशानी हो रही है।

भारत का इंग्लैंड पर दबदबा
भारतीय टीम 2017 से इंग्लैंड पर टी-20 सीरीज में श्रेष्ठता दर्ज करती आ रही है। 2017 में भारत ने इंग्लैंड को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2018 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2021 में पांच मैचों की सीरीज में 3-2 से और 2022 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था।

रिंकू सिंह की हो सकती है वापसी
रिंकू सिंह की कमर की तकलीफ के कारण सातवें नंबर पर ध्रुव जुरेल को उतारा गया लेकिन वह इस प्रारूप में फिट नहीं हो पा रहे। रिंकू को पहले दो मैचों में आराम दिया गया और वह चौथे मैच तक फिट हो सकते हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होगा।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के प्रसारण का अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और मैच को ऑनलाइन डिज्नी हॉटस्टार एप (Disney+ Hostar) पर देखा जा सकता है।

टीमें :

भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, ध्रुव जुरैल, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा।

इंग्लैंड : जोस बटलर (कप्तान), फिल सॉल्ट, बेन डकेट, हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्‍टन, जैमी स्मिथ, आदिल रशीद, ब्रायडन कार्स, जैमी ओवर्टन, गस एटकिंसन, रेहान अहमद, मार्क वुड, जोफ्रा आर्चर, जैकब बेथेल, साकिब महमूद।


भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। भारत इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा।  2-0 की बढ़त लिए भारतीय टीम राजकोट में जीतती है तो 3-0 की बढ़त के साथ पांच मैचों की सीरीज पर भी कब्जा जमा लेगी। ऐसा होता है तो भारत टी-20 में इंग्लैंड से लगातार पांचवीं सीरीज जीतेगा। भारतीय टीम 2017 से इंग्लैंड पर टी-20 सीरीज में श्रेष्ठता दर्ज करती आ रही है। 2017 में भारत ने इंग्लैंड को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2018 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से, 2021 में पांच मैचों की सीरीज में 3-2 से और 2022 में तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव (SKY) और ओपनर संजू सैमसन की बल्ले से फॉर्म जरूर चिंता का विषय है, लेकिन तिलक वर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन ने इंग्लैंड को अब तक चारों खाने चित किया है। सूर्यकुमार ने पिछले छह टी20 से कोई अर्धशतक नहीं लगाया है। बल्लेबाजी के लिए उपयुक्त राजकोट के विकेट पर उनके बल्ले से रनों की उम्मीद की जा रही है। वहीं, जोस बटलर की टीम सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में इस मैच को जीतना चाहेगी।

सूर्यकुमार ने बीते वर्ष कोई शतक नहीं लगाया
सूर्यकुमार ने पिछले दो मैच में 0 और 12 रन बनाए हैं। पिछले 20 मैचों से उन्होंने टी-20 में कोई शतक भी नहीं लगाया है। 2024 उनके लिए खास नहीं रहा है। उन्होंने अपना अंतिम शतक 14 दिसंबर, 2023 को द. अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में लगाया था। 2024 में उन्होंने सिर्फ चार अर्धशतक लगाए। बीते वर्ष भारतीय टीम की कप्तानी संभालने के बाद उनकी अगुवाई में टीम ने तो सफलताएं हासिल की हैं, लेकिन उनकी खुद की बल्लेबाजी खास नहीं रही है। पिछली 17 पारियों में उन्होंने 26.81 की औसत से 429 रन बनाए हैं। 360 डिग्री के नाम से मशहूर सूर्य सीरीज के पहले मैच में अपना पसंदीदा विकेट के पीछे शॉट लगाने के प्रयास में धीमी गेंद पर आउट हुए थे।

तिलक की फॉर्म मजबूत पक्ष
भारतीय टीम का मजबूत पक्ष तिलक वर्मा की फॉर्म है। चेन्नई में तिलक की नाबाद 72 रन की पारी भारत की रोमांचक जीत का कारण बनी। तिलक पिछली चार पारियों से आउट नहीं हुए हैं। उन्होंने पिछली चार पारियों में नाबाद 107, 120, 19 और 72 रन बनाए हैं। उन्होंने चेन्नई में तेज गेंदबाज जोफरा आर्चर पर जमकर हमला बोला। उनका आर्चर पर पलटवार टीम की जीत का कारण बना। जहां संजू सैमसन आर्चर की पटकी हुई गेंदों से तारतम्य नहीं बिठा पा रहे हैं, वहीं तिलक उनके खिलाफ आसानी से रन बना रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में शानदार बल्लेबाजी करने वाले सैमसन को इस सीरीज में शॉर्ट पिच गेंदों पर दिक्कत हुई है।

वरुण पर फिर रहेगा दारोमदार
राजकोट में भी मोहम्मद शमी के खेलने की उम्मीद नहीं है। सूर्यकुमार ने यहां भी एक अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरने के संकेत दिए हैं। अर्शदीप सिंह ने इकलौते तेज गेंदबाज की भूमिका से न्याय किया है। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या उनके साथी की भूमिका निभा रहे हैं। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती शानदार रहे हैं और रवि बिश्नोई ने भी प्रभावित किया। इसी गेंदबाजी आक्रमण के राजकोट में उतरने की उम्मीद है। रिंकू सिंह और नीतीश रेड्डी के चोटिल होने पर टीम में शिवम दुबे या फिर रमनदीप सिंह में से एक को जगह दी जा सकती है। शिवम बीच के ओवर में लंबी हिट लगाने के लिए जाने जाते हैं। उनके टीम में आने से भारतीय टीम को लेग स्पिनर आदिल रशीद की लय बिगाड़ने का भी मौका मिलेगा।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने किया है निराश
इंग्लैंड का कमजोर पक्ष उसकी बल्लेबाजी रही है। बटलर को छोड़कर अन्य किसी ने प्रभावित नहीं किया है। खासतौर पर खतरनाक हैरी ब्रुक मिस्ट्री स्पिनर वरुण को अब तक समझ नहीं पाए हैं। फिल साल्ट भी नहीं चले हैं। जेमी स्मिथ और ब्राइडन कार्स ने पिछले मैच में कुछ रंग दिखाया है, लेकिन इंग्लैंड को सीरीज में बने रहने के लिए राजकोट में अपने बल्लेबाजी से बड़ी पारी चाहिए। आर्चर ने पहले मैच में प्रभावित किया, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने 60 रन दिए। आर्चर और मार्क वुड की जोड़ी को भी अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होगा।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के प्रसारण का अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और मैच को ऑनलाइन डिज्नी हॉटस्टार एप (Disney+ Hostar) पर देखा जा सकता है।


ऑस्ट्रेलिया ने भारत को आखिरी टेस्ट मैच में छह विकेट से हराया, 3-1 से सीरीज की अपने नाम 

ऑस्ट्रेलिया ने 10 साल बाद अपने नाम की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 

नई दिल्ली। भारत को आखिरी टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट से हरा दिया है। भारतीय टीम सिडनी में 46 साल के सूखे को खत्म नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। मैच के तीसरे दिन ही नतीजा आ गया और इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज 3-1 से अपने नाम की। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की है। उसे जीत के लिए 162 रनों की जरूरत थी जो उसने रविवार को चार विकेट खोकर बना लिए।

भारत ने पर्थ में खेले गए इस सीरीज के पहले मैच में जीत हासिल की थी, लेकिन इसके बाद एडिलेड में उसे हार मिली और ब्रिस्बेन में भी उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने मेलबर्न टेस्ट मैच ड्रॉ करा सीरीज में जान फूंकी और उम्मीद जगाई की सीरीज ड्रॉ कराई जा सकती है, लेकिन सिडनी में ऐसा नहीं हो सका और भारत को हार मिली।

टीम इंडिया की बल्लेबाज सिडनी टेस्ट मैच में पूरी तरह से फेल रही। पहली पारी में भारत 185 रनों पर ढेर हो गया। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया को उसकी पहली पारी में 181 रनों पर समेट दिया। दूसरी पारी में भारत चार रनों की बढ़त के साथ उतरा था, लेकिन महज 157 रनों पर ढेर होकर ऑस्ट्रेलिया के सामने आसान सा लक्ष्य ही रख पाया।

पंत ने भारत की दूसरी पारी में 61 रन बनाए लेकिन कोई और बल्लेबाज चल नहीं सका। टीम इंडिया ने दूसरे दिन का अंत दूसरी पारी में छह विकेट के नुकसान पर 141 रनों के साथ किया था। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर से एक मजबूत साझेदारी की उम्मीद थी जो पूरी नहीं हो सकी। कमिंस ने जडेजा को आउट कर भारत को तीसरे दिन का पहला झटका दिया। जडेजा 13 रन ही बना पाए। कमिंस ने ही सुंदर की 12 रनों की पारी का अंत कर दिया।

यहां से तय हो गया था कि भारत मजबूत स्कोर तक नहीं जा पाएगा। मोहम्मद सिराज चार रन बनाकर बोलैंड का शिकार हो गए। स्कॉट बोलैंड ने कप्तान बुमराह को बोल्ड कर भारतीय पारी समेट दी।

ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 161 रन बनाने थे। उसे पारी की शुरुआत से पहले एक बड़ी राहत मिली। बुमराह मैदान पर नहीं उतरे। बुमराह को पीठ में जकड़न है और इसी कारण वह दूसरे दिन दूसरे सेशन में एक ओवर फेंकने के बाद बाहर चले गए थे। सैम कोनस्टास ने इसका फायदा उठाया और तेज शुरुआत की। पहले ही ओवर में उन्होंने 13 रन बटोरे। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा ने उनकी पारी का अंत कर भारत को पहली सफलता दिलाई। कृष्णा ने ही मार्नस लाबुशेन (6) और स्टीव स्मिथ (4) को आउट किया। ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर टीम को जीत की तरफ ले गए। 46 के निजी स्कोर पर ख्वाजा को मोहम्मद सिराज ने आउट कर दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने कोई विकेट नहीं खोया। हेड ने बेयू वेबस्टर के साथ मिलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। हेड ने नाबाद 34 रन बनाए। वेबस्टर ने नाबाद 39 रनों की पारी खेली।

WTC Final की रेस से बाहर

इस हार ने भारत से 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी छीनी है तो वहीं आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने के सपने को भी तोड़ा है। भारत को फाइनल में जाने के लिए इस मैच में जीत की सख्त जरूरत थी जो उसे मीली नहीं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ ही फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है जहां उसका सामना साउथ अफ्रीका से होगा।


बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी के दोनों मुकाबले नहीं खेलेंगे मोहम्मद शमी

बीसीसीआई ने किया अनफिट घोषित

नई दिल्ली। बीसीसीआई ने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर जानकारी दी। मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले दो टेस्ट के लिए अनफिट घोषित किया है। हाल ही में तीसरे टेस्ट मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के अधिकारियों से शमी की फिटनेस पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था, और अब भारतीय बोर्ड ने उन्हें अनफिट करार दिया है।

शमी को घुटने की चोट के कारण बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। शमी पिछले साल वनडे विश्व फाइनल के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और उन्होंने रणजी ट्रॉफी के जरिये मैदान पर वापसी की थी। शमी घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार उन पर नजरें रखी हुई थी।

मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में कर रहे थे लगातार बॉलिंग

34 साल के मोहम्मद शमी ने मध्य प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के एक मुकाबले में 43 ओवर गेंदबाजी की थी। इसके बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के भी सभी 9 मुकाबलों में हिस्सा लिया था। इतना नहीं बल्कि शमी ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी एक्सट्रा गेंदबाजी की थी। इतनी बॉलिंग के चलते ही उनके घुटने में फिर से थोड़ी सूजन देखी गई है।

विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने पर संशय
शमी पिछले सप्ताह दिल्ली के खिलाफ बंगाल के विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मुकाबले में नहीं खेले थे। बीसीसीआई ने इस बात की पुष्टि की है कि मेडिकल टीम शमी के वर्कलोड पर लगातार निगरानी रख रही है और उनका विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट में खेलना इस बात पर निर्भर करेगा कि वह कितनी जल्द ठीक हो रहे हैं। बीसीसीआई ने कहा, शमी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रहेंगे और अपनी गेंदबाजी कार्यभार पर काम करेंगे जिससे वह लंबे प्रारूप के खेल के लिए फिट हो सकें। उनका विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना इस बात पर निर्भर करेगा कि उनका घुटना कितनी जल्दी ठीक हो रहा है।

मोहम्मद शमी का करियर

मोहम्मद शमी ने अब तक भारतीय टीम के लिए 64 टेस्ट, 101 वनडे और 23 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम टेस्ट में 229 विकेट, वनडे में 195 विकेट और टी20 में 24 विकेट झटके हैं।


चोटिल हुए भारतीय टीम के कप्तान, 26 दिसंबर से शुरु होने वाले चौथे सीरीज के मुकाबले पर छाया संकट 

नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर प्रैक्टिस करते हुए चोटिल हो गए। उनकी इस चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। बैटिंग करने के दौरान गेंद उनके बाएं पैर के घुटने में लगी जिसके बाद वह बाहर चले गए और आइस पैक लगाकर बैठ गए।

भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी इस समय 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का चौथा मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 26 दिसंबर से शुरू हो रहा है। रोहित के तब तक फिट होनी की पूरी उम्मीद है।

रोहित शर्मा पहले टेस्ट मैच में नहीं खेले थे। वह उस समय भारत में ही थे और अपने बेटे के जन्म के बाद अपनी पत्नी के साथ समय बिता रहे थे। एडिलेड टेस्ट मैच में उन्होंने वापसी की थी। हालांकि, रोहित इस मैच में बतौर कप्तान और बल्लेबाज फेल रहे थे। उनके बल्ले से रन नहीं निकले थे और उनकी कप्तानी में टीम इंडिया जीत नहीं पाई थी। पहले टेस्ट मैच में रोहित की गैरमौजूदगी में जसप्रीत बुमराह ने कप्तानी की थी और टीम को जीत दिलाई थी। अगर रोहित नहीं खेलते हैं तो बुमराह ही कप्तानी करेंगे। हालांकि, रोहित की स्थिति इतनी गंभीर नहीं है कि वह मैच से बाहर हो जाएं। वैसे भी चौथे टेस्ट मैच में अभी चार दिन का समय है।

इस सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है जितना उम्मीद थी। पहले टेस्ट मैच में भारत ने शानदार खेल दिखाया था, लेकिन रोहित के आने के बाद से टीम अपनी लय में नहीं दिखी है। दूसरे टेस्ट मैच में तो टीम का बुरा हाल हुआ था। इसके बाद तीसरे टेस्ट मैच में भी टीम लचर प्रदर्शन की शिकार हुई थी। जसप्रीत बुमराह, आकाशदीप और रवींद्र जडेजा की पारियों ने किसी तरह भारत पर से फॉलोऑन का खतरा टाला था और मैच ड्रॉ कराने में अहम रोल निभाया था।

 

 

 

 


भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में सातवें स्थान पर हैं रविचंद्रन अश्विन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में की घोषणा

नई दिल्ली। भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने रिटायरमेंट का एलान कर दिया है। उन्होंने गाबा टेस्ट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। अश्विन कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे थे और वहां इसकी घोषणा की। संन्यास से पहले अश्विन ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली के साथ बैठे नजर आए थे। इस दौरान कोहली ने उन्हें गले भी लगाया था। अश्विन एडिलेड डे नाइट टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे।

38 साल का यह स्पिनर भारत के लिए कई रिकॉर्ड बना चुका है। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में सातवें स्थान पर हैं। अश्विन के नाम 106 टेस्ट में 537 विकेट हैं। 59 रन देकर सात विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इस दौरान उनका औसत 24.00 का और स्ट्राइक रेट 50.73 का रहा है। अश्विन टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय में अनिल कुंबले के बाद दूसरे नंबर पर हैं। कुंबले के नाम 619 टेस्ट विकेट थे। अश्विन का एलान चौंकाने वाला है, क्योंकि वह भारतीय सरजमीं पर भारतीय स्पिन अटैक की धार थे। ऑस्ट्रेलिया आकर अचानक से रिटायरमेंट का फैसला लेना चौंकाने वाला है।

अश्विन के नाम टेस्ट में 37 फाइव विकेट हॉल है, जो कि किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। उनके बाद कुंबले का नंबर आता है। कुंबले ने टेस्ट में 35 बार पारी में पांच विकेट लिए थे। ओवरऑल सबसे ज्यादा पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम है। उन्होंने 67 बार ऐसा किया था। अश्विन शेन वॉर्न के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।

अश्विन 106 टेस्ट खेलने के अलावा 116 वनडे और 65 टी20 में भी टीम इंडिया का हिस्सा रहे। उन्होंने वनडे में 156 विकेट और टी20 में 72 विकेट लिए थे। वनडे में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 25 रन देकर चार विकेट और टी20 में आठ रन देकर चार विकेट है। वनडे में उनकी इकोनॉमी 4.93 की और टी20 में 6.90 की रही है। हालांकि, इन दोनों में वह एक बार भी पारी में पांच विकेट नहीं ले पाए। इसके अलावा अश्विन ने टेस्ट में काफी रन भी बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 3503 रन हैं। इस दौरान उनका औसत 25.75 का रहा है। अश्विन के नाम टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 124 रन का रहा है। उन्होंने छह शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा वनडे में उन्होंने 16.44 की औसत से 707 रन और टी20 में 114.99 के स्ट्राइक रेट से 184 रन बनाए हैं।

अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू पांच जून 2010 को हरारे में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में किया था। वहीं, टी20 डेब्यू उन्होंने 12 जून 2010 को ही हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था। अश्विन का टेस्ट डेब्यू 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में हुआ था। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने टेस्ट में 11 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता है। इस मामले में वह मुरलीधरन की बराबरी पर हैं।


राष्ट्रीय ‘इब्सा’ इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स में उत्तराखंड ने जीते कई मेडल

नादियाड,गुजरात। राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ की ओर से एक पांच सदस्यीय टीम ने 23वीं राष्ट्रीय ‘इब्सा’ इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोशिएशन द्वारा नादियाड गुजरात में आयोजित खेल प्रतियोगिता में कई पदक जीते। आशीष सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम ने उत्तराखण्ड राज्य की झोली में 12 पदक डाले।

खिलाड़ियों ने उत्तराखण्ड राज्य और राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ का नाम रोशन किया । संघ के महासचिव पीताम्बर सिंह चौहान और अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह भंडारी ने खिलाड़ियों को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी। साथ ही राज्य सरकार से इन दृष्टिहीन खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित करने की मांग की।

Narendra Singh Bhandari T13 – 800mtr gold 1500mtr gold 5000mtr gold

Arab Singh T13- 800mtr silver 1500mtr silver 5000mtr silver

Shefali Rawat T12 girl
800mtr gold 1500mtr gold

Ashish Singh Negi F12
Shotput silver
Discus Bronze

Devender Singh Rana F12
Long Jump Bronze
Javline Throw Bronze


ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे टेस्ट मुकाबले में 10 विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-1 से की बराबरी 

नई दिल्ली। बॉर्डर गावस्कर सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में वापसी की है और पांच मैचों की सीरीज को फिलहाल 1-1 से बराबर कर दिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की। भारत की दूसरी पारी 175 रन पर समाप्त हुई और रोहित एंड कंपनी ने 18 रन की बढ़त हासिल की। 19 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। उस्मान ख्वाजा नौ रन और मैकस्वीनी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन में 14 दिसंबर से खेला जाएगा। पहला टेस्ट भारतीय टीम ने 295 रन से अपने नाम किया था।

रोहित की कप्तानी में लगातार चौथी हार
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया की यह टेस्ट में लगातार चौथी हार है। इस सीरीज के पहले टेस्ट में बुमराह ने कप्तानी की थी। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ व पिछली सीरीज में कप्तानी की थी। कीवियों ने भारत को उसके घर में 3-0 से हराया था। इसी के साथ रोहित पहली बार लगातार चार टेस्ट हारे हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली और धोनी की बराबरी कर ली। इन दोनों ने भी लगातार चार टेस्ट गंवाए थे।

भारत की दूसरी पारी
टीम इंडिया ने रविवार को पांच विकेट पर 128 रन से आगे खेलना शुरू किया और 47 रन बनाने में बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। टीम इंडिया को रविवार को ऋषभ पंत के रूप में पहला और ओवरऑल छठा झटका लगा। वह 28 रन बना सके। पंत तीसरे दिन के पहले ओवर में स्टार्क का शिकार बने। इसके बाद अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और सात रन बनाकर पवेलियन चलते बने। हर्षित राणा खाता नहीं खोल सके और कमिंस का शिकार बने। नीतीश रेड्डी ने छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। वह एक बार फिर अर्धशतक से चूक गए और 47 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वह टीम इंडिया की ओर से हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं, बोलैंड ने सिराज को हेड के हाथों कैच करा कर भारतीय पारी को 175 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान कमिंस ने पांच विकेट लिए, जबकि बोलैंड को तीन विकेट मिले। वहीं, स्टार्क ने दो विकेट लिए। इससे पहले शनिवार को टीम इंडिया ने पांच विकेट गंवाए थे। यशस्वी जायसवाल 24 रन, केएल राहुल सात रन, शुभमन गिल 28 रन, विराट कोहली 11 रन और कप्तान रोहित शर्मा छह रन बनाकर आउट हुए थे।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा को शुक्रवार को बुमराह ने आउट किया था। शनिवार को कंगारुओं ने एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 251 रन बनाने में आखिरी के नौ विकेट गंवा दिए। शनिवार को पहले सत्र में मैकस्वीनी (39), स्टीव स्मिथ (2) और मार्नस लाबुशेन के रूप में तीन विकेट गंवाए। लाबुशेन ने 64 रन बनाए। मैकस्वीनी और स्मिथ को बुमराह ने आउट किया, जबकि लाबुशेन को नीतीश रेड्डी ने आउट किया। इसके बाद दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने खूब रन बनाए और टेस्ट करियर का आठवां शतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ उनका तीसरा टेस्ट रहा। उन्होंने 141 गेंद में 17 चौके और चार छक्के की मदद से 140 रन की पारी खेली। मिचेल मार्श नौ रन, एलेक्स कैरी 15 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका पैट कमिंस के रूप में लगा। बुमराह ने पैट कमिंस को क्लीन बोल्ड किया। कमिंस 12 रन बना सके। डिनर ब्रेक के बाद मिचेल स्टार्क भी 18 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, सिराज ने बोलैंड (0) कर ऑस्ट्रेलिया की पारी को खत्म किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने चार-चार विकेट लिए। बुमराह और सिराज के अलावा नीतीश रेड्डी और अश्विन को एक-एक विकेट मिला।

भारत की पहली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी मैच की पहली ही गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए थे। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को स्टार्क ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को पवेलियन भेजा। राहुल 37 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। विराट कोहली सात रन, शुभमन गिल 31 रन और कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत ने टिकने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। पंत ने 21 रन बनाए। जहां भारत का स्कोर एक वक्त एक विकेट पर 69 रन था, वो कुछ देर बाद पांच विकेट पर 87 रन हो चुका था। यानी 18 रन बनाने में भारत ने चार और विकेट गंवा दिए थे।

अश्विन ने नीतीश रेड्डी के साथ पारी संभालने की कोशिश की और सातवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी निभाई। स्टार्क ने फिर एकबार खलल डाला और अश्विन को चलता किया। वह 22 रन बना सके। हर्षित राणा और जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। नीतीश आखिरी विकेट के रूप में 54 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 42 रन बनाकर स्टार्क के छठे शिकार बने। स्टार्क के अलावा पैट कमिंस और बोलैंड को दो-दो विकेट मिले। स्टार्क ने 48 रन देकर छह विकेट लिए जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े हैं। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा।


कल होगा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला

एडिलेड के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा मैच 

भारत की ओर से ओपनिंग पर बना सस्पेंस 

नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला अब 24 घंटे से भी कम की दूरी पर है। मुकाबला 6 दिसंबर को एडिलेड के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। ये एक पिंक बॉल टेस्ट होगा और डे नाइट में खेला जाएगा। इस बीच मैच से पहले तक इस बात को लेकर सस्पेंस बना हुआ था कि भारत के लिए इस मैच में ओपनिंग कौन करेगा। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने मैच से ठीक एक दिन पहले आकर इस बात का करीब करीब खुलासा कर दिया है। उन्होंने केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी को लेकर बड़ी बात कही है।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में रोहित शर्मा गैरहाजिर थे। उस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह ने निभाई थी। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए ओपनिंग की। ये जोड़ी मैच की पहली पारी में तो कुछ खास नहीं कर पाई, लेकिन दूसरी पारी में इन दोनों ने मिलकर 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर नए नए कीर्तिमान बनाने का काम किया है। अब जबकि दूसरे मैच में रोहित शर्मा की बतौर कप्तान वापसी हो गई है। ऐसे में पिछले कई दिन से यही सवाल सभी के जेहन में था कि अब ओपनिंग कौन करेगा। एक ओपनर तो यशस्वी जायसवाल रहेंगे ही, लेकिन उनके साथ कौन उतरेगा।

मैच से एक दिन पहले यानी गुरुवार को जब कप्तान रोहित शर्मा मीडिया से रूबरू हुए तो सबसे बड़ा सवाल यही था। इस पर रोहित शर्मा ने साफ साफ जवाब दिया। रोहित शर्मा ने कहा है कि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने हमारे लिए मैच जिताने वाली साझेदारी की है। ऐसे में नहीं लगता कि इसमें बदलाव की कोई भी जरूरत है। टीम के हित में यही है और ये बहुत आसान फैसला है। यानी इसका मतलब यही है कि अगले मैच में भी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे, रोहित शर्मा मिडल आर्डर में बल्लेबाजी के लिए आएंगे। नंबर 5 या फिर 6 पर।

रोहित शर्मा ने आखिरी बार साल 2018 में टीम इंडिया के लिए टेस्ट में मीडिल आर्डर में खेले थे। इसके बाद साल 2019 में जब साउथ अफ्रीका की टीम भारत के दौरे पर आई तो रोहित शर्मा ने वहां से ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली और तब से लेकर अब तक वे ओपन ही करते आए हैं। यानी अगर इसे दिनों में बदला जाए तो 2172 दिन बाद रोहित शर्मा अब टेस्ट में मिडल आर्डर में बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। ये एक पिंक बॉल टेस्ट होगा और जब तक रोहित बैटिंग के लिए आएंगे तो उम्मीद है कि बॉल की चमक यानी शाइन कुछ कम हो चुकी होगी।

टीम की तारीख करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, शुभमन गिल नई पीढ़ी के खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा ने याद दिलाया कि जब वे खुद पहली बार ऑस्ट्रेलिया आए थे, तब उनकी सोच यही होती थी कि स्कोर कैसे करना है, लेकिन अब जो नए खिलाड़ी हैं, वो मैच जीतने के बाद में सोच रहे हैं। नए प्लेयर्स के लिए जीत काफी ज्यादा अहम है। अगला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा अहम रहने वाला है। देखना होगा कि टीमें और खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करने में कामयाब होते हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp