Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे टेस्ट मुकाबले में 10 विकेट से हराया

Category Archives: खेल

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे टेस्ट मुकाबले में 10 विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-1 से की बराबरी 

नई दिल्ली। बॉर्डर गावस्कर सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में वापसी की है और पांच मैचों की सीरीज को फिलहाल 1-1 से बराबर कर दिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की। भारत की दूसरी पारी 175 रन पर समाप्त हुई और रोहित एंड कंपनी ने 18 रन की बढ़त हासिल की। 19 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। उस्मान ख्वाजा नौ रन और मैकस्वीनी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन में 14 दिसंबर से खेला जाएगा। पहला टेस्ट भारतीय टीम ने 295 रन से अपने नाम किया था।

रोहित की कप्तानी में लगातार चौथी हार
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया की यह टेस्ट में लगातार चौथी हार है। इस सीरीज के पहले टेस्ट में बुमराह ने कप्तानी की थी। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ व पिछली सीरीज में कप्तानी की थी। कीवियों ने भारत को उसके घर में 3-0 से हराया था। इसी के साथ रोहित पहली बार लगातार चार टेस्ट हारे हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली और धोनी की बराबरी कर ली। इन दोनों ने भी लगातार चार टेस्ट गंवाए थे।

भारत की दूसरी पारी
टीम इंडिया ने रविवार को पांच विकेट पर 128 रन से आगे खेलना शुरू किया और 47 रन बनाने में बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। टीम इंडिया को रविवार को ऋषभ पंत के रूप में पहला और ओवरऑल छठा झटका लगा। वह 28 रन बना सके। पंत तीसरे दिन के पहले ओवर में स्टार्क का शिकार बने। इसके बाद अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और सात रन बनाकर पवेलियन चलते बने। हर्षित राणा खाता नहीं खोल सके और कमिंस का शिकार बने। नीतीश रेड्डी ने छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। वह एक बार फिर अर्धशतक से चूक गए और 47 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वह टीम इंडिया की ओर से हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं, बोलैंड ने सिराज को हेड के हाथों कैच करा कर भारतीय पारी को 175 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान कमिंस ने पांच विकेट लिए, जबकि बोलैंड को तीन विकेट मिले। वहीं, स्टार्क ने दो विकेट लिए। इससे पहले शनिवार को टीम इंडिया ने पांच विकेट गंवाए थे। यशस्वी जायसवाल 24 रन, केएल राहुल सात रन, शुभमन गिल 28 रन, विराट कोहली 11 रन और कप्तान रोहित शर्मा छह रन बनाकर आउट हुए थे।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा को शुक्रवार को बुमराह ने आउट किया था। शनिवार को कंगारुओं ने एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 251 रन बनाने में आखिरी के नौ विकेट गंवा दिए। शनिवार को पहले सत्र में मैकस्वीनी (39), स्टीव स्मिथ (2) और मार्नस लाबुशेन के रूप में तीन विकेट गंवाए। लाबुशेन ने 64 रन बनाए। मैकस्वीनी और स्मिथ को बुमराह ने आउट किया, जबकि लाबुशेन को नीतीश रेड्डी ने आउट किया। इसके बाद दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने खूब रन बनाए और टेस्ट करियर का आठवां शतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ उनका तीसरा टेस्ट रहा। उन्होंने 141 गेंद में 17 चौके और चार छक्के की मदद से 140 रन की पारी खेली। मिचेल मार्श नौ रन, एलेक्स कैरी 15 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका पैट कमिंस के रूप में लगा। बुमराह ने पैट कमिंस को क्लीन बोल्ड किया। कमिंस 12 रन बना सके। डिनर ब्रेक के बाद मिचेल स्टार्क भी 18 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, सिराज ने बोलैंड (0) कर ऑस्ट्रेलिया की पारी को खत्म किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने चार-चार विकेट लिए। बुमराह और सिराज के अलावा नीतीश रेड्डी और अश्विन को एक-एक विकेट मिला।

भारत की पहली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी मैच की पहली ही गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए थे। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को स्टार्क ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को पवेलियन भेजा। राहुल 37 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। विराट कोहली सात रन, शुभमन गिल 31 रन और कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत ने टिकने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। पंत ने 21 रन बनाए। जहां भारत का स्कोर एक वक्त एक विकेट पर 69 रन था, वो कुछ देर बाद पांच विकेट पर 87 रन हो चुका था। यानी 18 रन बनाने में भारत ने चार और विकेट गंवा दिए थे।

अश्विन ने नीतीश रेड्डी के साथ पारी संभालने की कोशिश की और सातवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी निभाई। स्टार्क ने फिर एकबार खलल डाला और अश्विन को चलता किया। वह 22 रन बना सके। हर्षित राणा और जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। नीतीश आखिरी विकेट के रूप में 54 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 42 रन बनाकर स्टार्क के छठे शिकार बने। स्टार्क के अलावा पैट कमिंस और बोलैंड को दो-दो विकेट मिले। स्टार्क ने 48 रन देकर छह विकेट लिए जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े हैं। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा।


कल होगा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला

एडिलेड के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा मैच 

भारत की ओर से ओपनिंग पर बना सस्पेंस 

नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला अब 24 घंटे से भी कम की दूरी पर है। मुकाबला 6 दिसंबर को एडिलेड के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। ये एक पिंक बॉल टेस्ट होगा और डे नाइट में खेला जाएगा। इस बीच मैच से पहले तक इस बात को लेकर सस्पेंस बना हुआ था कि भारत के लिए इस मैच में ओपनिंग कौन करेगा। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने मैच से ठीक एक दिन पहले आकर इस बात का करीब करीब खुलासा कर दिया है। उन्होंने केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी को लेकर बड़ी बात कही है।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में रोहित शर्मा गैरहाजिर थे। उस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह ने निभाई थी। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए ओपनिंग की। ये जोड़ी मैच की पहली पारी में तो कुछ खास नहीं कर पाई, लेकिन दूसरी पारी में इन दोनों ने मिलकर 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर नए नए कीर्तिमान बनाने का काम किया है। अब जबकि दूसरे मैच में रोहित शर्मा की बतौर कप्तान वापसी हो गई है। ऐसे में पिछले कई दिन से यही सवाल सभी के जेहन में था कि अब ओपनिंग कौन करेगा। एक ओपनर तो यशस्वी जायसवाल रहेंगे ही, लेकिन उनके साथ कौन उतरेगा।

मैच से एक दिन पहले यानी गुरुवार को जब कप्तान रोहित शर्मा मीडिया से रूबरू हुए तो सबसे बड़ा सवाल यही था। इस पर रोहित शर्मा ने साफ साफ जवाब दिया। रोहित शर्मा ने कहा है कि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने हमारे लिए मैच जिताने वाली साझेदारी की है। ऐसे में नहीं लगता कि इसमें बदलाव की कोई भी जरूरत है। टीम के हित में यही है और ये बहुत आसान फैसला है। यानी इसका मतलब यही है कि अगले मैच में भी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे, रोहित शर्मा मिडल आर्डर में बल्लेबाजी के लिए आएंगे। नंबर 5 या फिर 6 पर।

रोहित शर्मा ने आखिरी बार साल 2018 में टीम इंडिया के लिए टेस्ट में मीडिल आर्डर में खेले थे। इसके बाद साल 2019 में जब साउथ अफ्रीका की टीम भारत के दौरे पर आई तो रोहित शर्मा ने वहां से ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली और तब से लेकर अब तक वे ओपन ही करते आए हैं। यानी अगर इसे दिनों में बदला जाए तो 2172 दिन बाद रोहित शर्मा अब टेस्ट में मिडल आर्डर में बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। ये एक पिंक बॉल टेस्ट होगा और जब तक रोहित बैटिंग के लिए आएंगे तो उम्मीद है कि बॉल की चमक यानी शाइन कुछ कम हो चुकी होगी।

टीम की तारीख करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, शुभमन गिल नई पीढ़ी के खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा ने याद दिलाया कि जब वे खुद पहली बार ऑस्ट्रेलिया आए थे, तब उनकी सोच यही होती थी कि स्कोर कैसे करना है, लेकिन अब जो नए खिलाड़ी हैं, वो मैच जीतने के बाद में सोच रहे हैं। नए प्लेयर्स के लिए जीत काफी ज्यादा अहम है। अगला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा अहम रहने वाला है। देखना होगा कि टीमें और खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करने में कामयाब होते हैं।


भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट मैच में 295 रनों से हराया

नई दिल्ली। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट मैच में 295 रनों से मात देकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पर्थ में 16 साल बाद पहला टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले भारत ने साल 2008 में कुंबले की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। हालांकि, यह मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला गया। बुमराह की कप्तानी में भारतीय टीम ने उम्दा प्रदर्शन किया। भारतीय टीम पहली विजटिंग टीम भी बनी जिसने ऑस्ट्रेलिया को पर्थ में धूल चटाई है।

टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में कंगारू टीम 238 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 104 रन पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी भारत ने छह विकेट पर 487 रन बनाकर घोषित कर दी थी और कुछ बढ़त 533 रन की हासिल की थी।

चौथे दिन के पहले सत्र में भारतीय स्टैंड-इन कप्तान जसप्रीत बुमराह ने भारत को पहली सफलता दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक बल्लेबाज ट्रेविस हेड को 89 के स्कोर पर आउट कर बड़ा झटका दिया। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने 47 के स्कोर पर मिचेल मार्श को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की रही सही उम्मीद खत्म कर दी। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर काम तमाम कर दिया। इसके बाद हर्षित राणा ने एलेक्स कैरी को आउट कर आखिरी कील ठोक दी।

बल्ले और गेंद से चमके खिलाड़ी
भारतीय टीम ने तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी की। दूसरे दिन नाबाद लौटे यशस्वी जायसवाल ने शतक जमाया। वह 161 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल ने भी 77 रन की पारी खेली। इसके बाद विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में अपना छठा शतक पूरा किया। कोहली ने 143 गेंद पर नाबाद 100 रन की पारी खेली। भारत ने कुल 533 की बढ़त हासिल करते ही दूसरी पारी 487/6 रन पर घोषित कर दी और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 534 रन का टारेगट दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट चटका दिए थे। बुमराह ने दो तो सिराज ने एक विकेट निकाल कर जीत की नींव रख दी थी। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 238 रन बनाकर सिमट गई।

शीर्ष पर पहुंचा भारत

पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। उनका अंक प्रतिशत भी 58.33 से सुधरकर 61.11 का हो गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 13 मैचों में चौथी शिकस्त के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गया। उनका अंक प्रतिशत 57.69 का हो गया। यह भारत की  बता दें कि, इस मैच से पहले भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने के लिए 4-0 से सीरीज जीतनी थी। पहला मैच जीतने के बाद अब टीम को तीन और मुकाबले अपने नाम करने होंगे। यह भारत की 15 मैचों में नौवीं जीत है। अब उनके खाते में 110 अंक हो गए। तीसरे स्थान पर 55.56 अंक प्रतिशत के साथ श्रीलंका है, जबकि चौथे और पांचवें पायदान पर क्रमश: न्यूजीलैंड (54.55) और दक्षिण अफ्रीका (54.17) है।


कल से शुरू होगा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट, जाने मैच से जुडी बातें

नई दिल्ली।  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत शुक्रवार से होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। भारतीय टीम की नजरें ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीसरी टेस्ट सीरीज जीतने पर लगी होंगी, जबकि पैट कमिंस की अगुआई वाली कंगारू टीम भी पलटवार के लिए तैयार होगी। भारत ने 2018-19 और 2020-21 दौरों पर ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस बहुप्रतिक्षित टेस्ट  सीरीज का इंतजार दोनों टीमों के प्रशंसकों को रहता है। 2018 से पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती थी, लेकिन पिछले दो दौरों पर वह कंगारू टीम पर हावी रही है। नियमित भारतीय कप्तान रोहित शर्मा शुरुआती मैच के लिए भले ही उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन वह सीरीज के शेष चार मैचों में टीम की कमान संभालेंगे। भारत को हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत का मनोबल इससे जरूर गिरा होगा, लेकिन वह अतीत में किए गए प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर इस सीरीज में उतरेगी।

रोहित की अनुपस्थिति और गिल की चोट ने बढ़ाई चिंता
कप्तान रोहित पहले ही इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे, लेकिन इसके बाद शुभमन गिल भी चोटिल हो गए जिससे भारत की चिंता बढ़ गई। गिल कुछ दिन पहले इंट्रा स्क्वाड मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उनका इस मुकाबले में नहीं खेलना लगभग तय है। हालांकि, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बुधवार को कहा था कि गिल के बारे में कोई भी फैसला शुक्रवार की सुबह मैच शुरू होने से पहले लिया जाएगा। गिल तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं, ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन उनकी अनुपस्थिति में किस खिलाड़ी को लेगा यह देखना दिलचस्प होगा। माना जा रहा है कि गिल की जगह देवदत्त पडिक्कल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।

केएल राहुल करेंगे ओपनिंग?
रोहित की अनुपस्थिति में केएल राहुल यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज करने उतर सकते हैं। राहुल ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में ओपनिंग की थी। राहुल भारत ए के लिए भी प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सके थे और उन्होंने पहली पारी में चार रन और दूसरी पारी में 10 रन बनाए थे। राहुल हालांकि पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं जिस कारण उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले दो टेस्ट मैच से बाहर रखा गया था। ऑस्ट्रेलिया में ओपनर के तौर पर राहुल का रिकॉर्ड बेहतर नहीं है। उन्होंने चार मैचों की सात पारियों में 26.14 के औसत और 45.29 के स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक शामिल है। राहुल हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास सत्र के दौरान जमकर पसीना बहाते नजर आए थे।

नीतीश को मिल सकता है डेब्यू का मौका
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले के लिए 21 वर्षीय ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को प्लेइंग-11 में शामिल होने मौका मिल सकता है। मोर्कल ने नीतीश को अवसर मिलने के संकेत दिए थे। अगर नीतीश प्लेइंग-11 में जगह बनाने में सफल रहे तो वह इस मैच से लाल गेंद के प्रारूप में डेब्यू करेंगे। नीतीश ने आईपीएल 2024 सीजन से प्रभाव छोड़ना शुरू किया था जिस कारण उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने का मौका मिला। नीतीश ने 23 प्रथम श्रेणी मैच ही खेले हैं, लेकिन मध्यम गति से गेंदबाजी करना और निचले क्रम में महत्वपूर्ण रन बनाने की उनकी क्षमता भारत के लिए विदेशी परिस्थिति में अहम साबित हो सकती है।

डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिहाज से अहम है दौरा
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए रिकॉर्ड तीसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में प्रवेश लगभग तय लग रहा था, लेकिन अब मंजिल काफी दूर नजर आ रही है। भारत को इसके लिए ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में 4-0 से हराना होगा। भारतीय खिलाड़ियों को भी पता है कि यह इतना आसान नहीं होने वाला है इसलिए वे इस सीरीज में अपनी पूरी ताकत के साथ उतरेंगे।

कोच गंभीर के लिए बड़ी चुनौती
न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर मिली करारी हार के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर सबसे ज्यादा निशाने पर आए थे और उनके लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। विराट कोहली और रोहित के साथ ही गंभीर के लिए यह सीरीज काफी मायने रखती है क्योंकि एक और हार उनके लिए आगे का सफर काफी मुश्किल बना सकती है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच शुक्रवार यानी 22 नवंबर से खेला जाएगा। पहला मैच पर्थ के पर्थ स्टेडियम पर खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 7:50 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी सुबह 7:20 बजे होगा। टेस्ट सीरीज के प्रसारण का अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है। मैच को ऑनलाइन डिज्नी हॉटस्टार एप पर देखा जा सकता है।


चौथे टी20 मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 135 रनों से हराया, 3-1 से सीरीज की अपने नाम 

नई दिल्ली।  भारत ने दक्षिण अफ्रीका को चौथे टी20 मैच में 135 रनों से हरा दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने 3-1 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया। जोहान्सबर्ग में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन और तिलक वर्मा की शतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में एक विकेट पर 283 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 18.2 ओवर में 10 विकेट पर 148 रन ही बना सकी।

भारत ने दर्ज की तीसरी सबसे बड़ी जीत

रनों के हिसाब से यह दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी शिकस्त है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें 2023 में 111 रन से हराया। वहीं, यह भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। पिछले साल भारतीय टीम ने अपने घर में न्यूजीलैंड को 168 रन से हराया था। इससे पहले 2018 में आयरलैंड को 143 रन से मात दी थी। अब टीम ने 135 रनों से हराकर टी20 की अपनी तीसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 18वीं जीत दर्ज की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 25 मैचों में इस टीम को 17 बार हराया था।

सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे। मेजबान टीम के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने सधी हुई पारी खेल टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम वापसी नहीं कर सकी और विशाल स्कोर के सामने घुटने टेक दिए। दक्षिण अफ्रीका के लिए स्टब्स ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि मिलर ने 36 रनों की पारी खेली। मार्को यानसेन 12 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत के लिए अर्शदीप ने तीन विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। हार्दिक पांड्या, रमनदीप सिंह और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

संजू-तिलक के बीच हुई 210* रन की साझेदारी
इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी हुई, जिसे लुथो सिपामला ने तोड़ा। उन्होंने छठे ओवर में अभिषेक को निशाना बनाया और क्लासेन के हाथों कैच कराया। वह 200 के स्ट्राइक रेट से 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा तिलक वर्मा ने संभाला। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू के साथ दूसरे विकेट के लिए 210* रनों की साझेदारी की। दोनों की शतकीय पारियों की बदौलत भारत का स्कोर 280 के पार पहुंचा। संजू ने 56 गेंदों में छह चौके और नौ छक्के की मदद से 109 रन बनाए जबकि तिलक वर्मा ने 47 गेंदों का सामना किया और 120 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 255.31 का रहा। उनके बल्ले से नौ चौके और 10 छक्के निकले। इस मैच में संजू ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और तिलक ने दूसरा शतक जड़ा। दोनों ने इस सीरीज में दो-दो शतक लगाए।


तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 11 रनों से हराया, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त

नई दिल्ली।  भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 11 रनों से हराकर चार मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। भारत ने तिलक वर्मा के शतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 219 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 208 रन ही बना सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसेन ने शानदार बल्लेबाजी की और 17 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 54 रन की पारी खेली।

यानसेन ने महज 16 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जो उनके टी20 करियर का पहला पचासा है। यानसेन ने टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंतिम ओवर में अर्शदीप ने उन्हें आउट कर दक्षिण अफ्रीका की अंतिम उम्मीद भी तोड़ दी। दक्षिण अफ्रीका के लिए हेनरिच क्लासेन ने 22 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। क्लासेन को भी अर्शदीप ने अपना शिकार बनाया। भारत की ओर से अर्शदीप ने तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती को दो और हार्दिक पांड्या तथा अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।

अर्शदीप सिंह इसके साथ ही भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप ने क्लासेन को आउट करने के साथ ही भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया था। अर्शदीप के नाम 92 विकेट हो गए हैं और उन्होंने जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया है। उनके आगे अब स्पिनर युजवेंद्र चहल हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 96 विकेट लिए हैं।

इससे पहले, भारतीय टीम ने तिलक वर्मा के 107 रनों की शतकीय पारी और अभिषेक शर्मा के अर्धशतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका के सामने तीसरे टी20 मैच में 220 रनों का लक्ष्य रखा। भारत के लिए तिलक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अपना पहला शतक जड़ा जिससे भारतीय टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। इस साल यह आठवीं बार है जब भारत ने टी20 में 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया है।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज 

नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मुकाबला सेंचुरियन में खेला जाएगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। रविवार यानी 10 नवंबर को खेले गए मैच में मेजबानों ने सूर्यकुमार यादव की टीम को तीन विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी की थी। अब भारतीय टीम इस मैच में वापसी करना चाहेगी।

मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 8:30 बजे शुरू होगा। वहीं टॉस शाम 8 बजे होगा। मैच को  स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क पर लाइव देख सकते है और ऑनलाइन जिओ सिनेमा एप पर देखा जा सकता है।

बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
तीसरे टी20 मैच में फैंस को भारतीय बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। पिछले मैच में पूरी टीम नाकाम रही थी। भारत की चिंता का सबब उसके बल्लेबाजों का खराब फॉर्म भी है। सुपरस्पोर्ट पार्क की पिच भी गकेबरहा की पिच की ही तरह तेज और उछाल भरी है।

अभिषेक को हर हाल में करना होगा सुधार
दूसरे टी20 में भारतीय बल्लेबाजों को दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने काफी परेशान किया था और भारतीय टीम छह विकेट पर 124 रन ही बना सकी थी। शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा लगातार नाकाम रहे हैं और इससे पहले कि टीम प्रबंधन संयोजन में बदलाव की सोचे, उन्हें अच्छी पारी खेलनी होगी।

सैमसन को करनी होगी वापसी
सीनियर बल्लेबाज कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सूर्यकुमार और रिंकू लय में नहीं है जबकि पांड्या ने दूसरे मैच में 39 रन बनाने के लिए 45 गेंदें खेल डाली। उन्हें पहला चौका जड़ने के लिए 28 गेंद तक इंतजार करना पड़ा। इन तीनों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा जबकि सैमसन को पिछले मैच की नाकामी भुलाकर बड़ी पारी खेलनी होगी।

वरुण और रवि से घातक गेंदबाजी की उम्मीद
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने डरबन में 25 रन देकर एक विकेट लिया लेकिन दूसरे मैच में 41 रन दे डाले और एक ही विकेट मिला। उन्होंने तीसरे और चौथे ओवर में 28 रन दे डाले जिसमें ट्रिस्टन स्टब्स ने चार चौके लगाए। उन्हें भी अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा वरना यश दयाल या विशक विजयकुमार को मौका मिल सकता है। पिछले मैच में पांच विकेट लेने वाले वरूण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई ने स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा बखूबी संभाला है। वे इस प्रवाह को कायम रखना चाहेंगे।

अनुभवियों को संभालनी होगी जिम्मेदारी
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम, डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन अपनी ख्याति के अनुरूप नहीं खेल पाए हैं ।स्टब्स और गेराल्ड कोएत्जी ने दूसरे मैच में टीम को जीत दिलाई। अब अनुभवी बल्लेबाजों को जिम्मेदारी संभालनी होगी।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक, आवेश खान, यश दयाल।

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम

एडेन मार्कराम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, जेराल्ड कोएत्जी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसन, हेनरिक क्लासेन, पैट्रिक क्रूगर, केशव महाराज, डेविड मिलर, मिहलाली मपोंगवाना, नकाबा पीटर, रयान रिकेल्टन, एंडिले सिमलेन, लूथो सिपाम्ला, ट्रिस्टन स्टब्स।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 

नई दिल्ली।  पहला टी20 मुकाबला जीत चुकी भारतीय टीम दूसरे मैच में अपने विजय अभियान को जारी रखना चाहेगी। रविवार को दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का दूसरा मुकाबला गकेबरहा में खेला जाएगा। पहले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले संजू सैमसन एक बार फिर बल्ले से चमकने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे। वहीं, शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मैच सेंट जॉर्ज पार्क, गकेबरहा में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। वहीं टॉस शाम 7 बजे होगा। मैच को  स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क पर लाइव देख सकते है और ऑनलाइन जिओ सिनेमा एप पर देखा जा सकता है।

लगातार दूसरे टी20 में सैमसन ने जड़ा शतक
सैमसन ने डरबन में खेले गए पहले मैच में 50 गेंद पर 107 रन की शानदार पारी खेली थी जिससे भारत ने यह मैच 61 रन से जीता। भारत के अन्य बल्लेबाज पर्याप्त योगदान नहीं दे पाए थे, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय होगा। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा कई मौके मिलने के बावजूद उनका फायदा नहीं उठा पाए जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

अभिषेक के खेल में नहीं हो रहा सुधार
अभिषेक इस साल के शुरू में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक बनाने के बाद रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन टीम प्रबंधन अभिषेक के प्रदर्शन में निरंतरता के अभाव को देखकर निराश होगा। विशेषकर तब जबकि वह रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इस छोटे प्रारूप में सलामी बल्लेबाज के अन्य विकल्पों की तलाश कर रहा है।

पहले मैच में नहीं चले सीनियर खिलाड़ी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पहले मैच में अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए जबकि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी उम्मीद पर खरे नहीं उतरे। भारतीय मध्यक्रम कागजों पर मजबूत नजर आता है लेकिन पहले मैच में वे साझेदारी निभाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए। भारत ने 36 रन के अंदर छह विकेट गवाएं जिससे एक समय बेहद मजबूत स्थिति में होने के बावजूद वह आठ विकेट पर 202 रन तक ही पहुंच पाया। इससे भारत के मध्य और निचले क्रम की कमजोरी भी उजागर हुई। भारत को दूसरे मैच में इस क्षेत्र में सुधार करना होगा।

पिच रिपोर्ट

सेंट जॉर्ज पार्क की पिच संतुलित है। यहां की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के अनुकूल होती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है स्पिनर को मदद मिलनी शुरू हो जाती है। टॉस जीतने वाली टीमें आमतौर पर यहां पहले बल्लेबाजी करना चुनती हैं। गकेबेहरा में साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड अच्छा है। टीम 4 में से 3 मैच जीती है। पिछले साल भारत को भी हराया था। ऐसे में टीम इंडिया को सावधान रहने की जरूरत है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक, आवेश खान, यश दयाल।

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम

एडेन मार्कराम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, जेराल्ड कोएत्जी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसन, हेनरिक क्लासेन, पैट्रिक क्रूगर, केशव महाराज, डेविड मिलर, मिहलाली मपोंगवाना, नकाबा पीटर, रयान रिकेल्टन, एंडिले सिमलेन, लूथो सिपाम्ला, ट्रिस्टन स्टब्स।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज 

नई दिल्ली।  भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी20 सीरीज का आज से आगाज होने जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया की नजर दक्षिण अफ्रीका में एक और टी20 सीरीज जीतने पर होगी। भारत अब तक दक्षिण अफ्रीका में कभी दो या इससे ज्यादा मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं हारा है। पहली बार दोनों टीमों के बीच दक्षिण अफ्रीका में 2018 में तीन मैचों की सीरीज खेली गई थी। तब भारत ने उस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था। वहीं, 2023 में दो मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। टीम इंडिया करीब एक साल बाद दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर रही है। सूर्यकुमार की अगुआई में युवा टीम खेलती दिखेगी। विजयकुमार वैशाक और यश दयाल इस सीरीज में डेब्यू कर सकते हैं।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 27 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 15 और दक्षिण अफ्रीका ने 11 मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। पिछली बार दोनों इसी साल केनसिंगटन ओवल में टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल के दौरान आमने-सामने आए थे। उस मैच को टीम इंडिया ने सात रन से अपने नाम किया था। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के मन में अभी भी वह हार चुभती होगी। ऐसे में वह भारतीय टीम से बदला लेने को आतुर होंगे। ऐसे में यह सीरीज और भी दिलचस्प होगी।

कैसा खेलेगी डरबन की पिच?
साउथ अफ्रीका के पास डरबन में अच्छा अनुभव नहीं है। इसी मैदान पर पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें तीन मैचों की टी20 सीरीज में हराया था। अगर बात करें डरबन की पिच की तो यहां पर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलता है। यहां पिछले सात टी20 मैचों में औसत पहली पारी का 184 रहा है।

अब तक डरबन के किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड की पिच पर कुल 22 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम को 11 मैचों में जीत मिली है, जबकि 9 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को जीत मिली। 2 मैच बेनतीजा रहे।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी20 मैच डरबन के किंग्समीड स्टेडियम पर खेला जाएगा।  मुकाबला रात 8:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी रात 8 बजे होगा। मैच को  स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क पर लाइव देख सकते है।  मैच को ऑनलाइन जिओ सिनेमा एप पर देखा जा सकता है।


न्यूजीलैंड ने भारत को आखिरी टेस्ट मैच में 25 रनों से हराया, 3-0 से सीरीज की अपने नाम

मुंबई।  न्यूजीलैंड ने मुंबई के वानखेड़े में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में 25 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ कर दिया। भारत अपने घर में दो या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में दूसरी बार क्लीन स्वीप हुआ है। इससे पहले फरवरी 2000 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दो मैचों की सीरीज में 2-0 से हराया था। वहीं, भारत अपने घर में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में पहली बार क्लीन स्वीप हुआ है। न्यूजीलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। न सिर्फ उन्होंने पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीती, बल्कि टीम इंडिया को क्लीन स्वीप भी किया।

न्यूजीलैंड ने भारत को 12 साल बाद अपने घर में टेस्ट सीरीज हारने पर मजबूर किया और साथ ही घर में लगातार 18 सीरीज जीतने का सिलसिला भी तोड़ा। खास बात तो यह रही कि न्यूजीलैंड की केन विलियम्सन के बिना यह टेस्ट सीरीज खेली है। साथ ही टॉम लाथम पहली बार टीम की कमान संभाल रहे थे। इन सबके बावजूद उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं, दूसरी तरफ यह भारतीय टीम का नए कोच गौतम गंभीर के अंदर बेहद खराब प्रदर्शन है। टीम उनके कोच बनने के बाद लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन टीम ने शर्मनाक प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर खत्म हुई और उन्होंने 146 रन की कुल बढ़त हासिल की। भारत के सामने 147 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय टीम 121 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने छह विकेट लिए।

न्यूजीलैंड भारत को तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करने वाली चौथी टीम है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत को चार बार, ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार और वेस्टइंडीज ने एक बार क्लीन स्वीप किया है। न्यूजीलैंड ने 146 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक बचाया। यह भारतीय सरजमीं पर डिफेंड किया गया दूसरा सबसे कम स्कोर है। इससे पहले सिर्फ एक बार किसी टीम ने 150 से कम के लक्ष्य को बचाया था। 2004 में भारत ने ही वानखेड़े में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 107 का बचाव किया था।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp