Tuesday, November 17, 2026
7:53 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जो रूट ने रचा इतिहास- टेस्ट क्रिकेट में 41 शतक लगाकर रिकी पोंटिंग की बराबरी की

Category Archives: खेल

जो रूट ने रचा इतिहास- टेस्ट क्रिकेट में 41 शतक लगाकर रिकी पोंटिंग की बराबरी की

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से चौथा स्थान किया हासिल

नई दिल्ली। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे एशेज 2025-26 के निर्णायक पांचवें टेस्ट में जो रूट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें मौजूदा दौर के महानतम टेस्ट बल्लेबाजों में गिना जाता है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज ने दबाव भरे मुकाबले में शतक जमाकर न सिर्फ टीम को मजबूती दी, बल्कि अपने नाम कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी दर्ज कर लीं। रूट की यह पारी आंकड़ों से कहीं आगे जाकर उनके अनुभव, संयम और निरंतरता की कहानी बयां करती है।

रिकॉर्ड बुक में रूट का नाम और गाढ़ा

इस शतक के साथ जो रूट ने टेस्ट करियर का 41वां शतक पूरा किया और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली। इसके साथ ही उन्होंने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल कर लिया। रूट अब उस एलीट क्लब में शामिल हैं, जहां उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और जैक कैलिस मौजूद हैं।

2021 के बाद शुरू हुआ रूट का स्वर्णिम दौर

जो रूट के करियर में 2021 के बाद एक नया अध्याय शुरू हुआ। इस अवधि में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 24 शतक जड़े हैं। मौजूदा पीढ़ी के कई दिग्गज बल्लेबाज इस दौरान रूट के आसपास भी नहीं पहुंच पाए। यह आंकड़े रूट की फिटनेस, तकनीकी मजबूती और मानसिक संतुलन को दर्शाते हैं, जिसने उन्हें लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर बनाए रखा।

विदेशी एशेज में खास कारनामा

ऑस्ट्रेलिया की धरती पर शतक लगाना हमेशा इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए कठिन चुनौती रहा है। जो रूट अब 1994/95 के बाद ऐसे चुनिंदा इंग्लिश बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने एक ही अवे एशेज सीरीज में दो शतक लगाए हैं। यह उपलब्धि उन्हें माइकल वॉन, एलिस्टेयर कुक और जोनाथन ट्रॉट जैसे दिग्गजों की श्रेणी में खड़ा करती है।

50 को 100 में बदलने की बेहतर होती क्षमता

जो रूट के खेल में सबसे बड़ा बदलाव उनकी कन्वर्जन रेट में देखने को मिला है। शुरुआती वर्षों में जहां अर्धशतकों को शतकों में बदलने में वह संघर्ष करते नजर आए, वहीं 2021 के बाद उनकी यह क्षमता दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है। यह बदलाव उनके मैच टेम्परामेंट और रणनीतिक सोच की परिपक्वता को दर्शाता है।

150+ स्कोर में भी महान खिलाड़ियों की कतार में

टेस्ट क्रिकेट में 150 से अधिक रन की पारियां खेलना किसी भी बल्लेबाज की महानता की पहचान मानी जाती है। जो रूट अब 17 बार यह कारनामा कर चुके हैं और इस मामले में वह डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। यह उपलब्धि उन्हें सर्वकालिक महान बल्लेबाजों की सूची में और मजबूत करती है।


एशियाई खेलों के लिए एथलेटिक्स चयन नीति घोषित, 100 मीटर और पोल वॉल्ट में रिकॉर्ड प्रदर्शन जरूरी

नई दिल्ली- भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने जापान में 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए खिलाड़ियों के चयन से जुड़े मानदंड जारी कर दिए हैं। इस बार चयन प्रक्रिया को पहले से अधिक सख्त बनाया गया है, खासतौर पर पुरुषों की 100 मीटर स्प्रिंट और पोल वॉल्ट स्पर्धा में।

एएफआई चयन समिति के अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला के अनुसार, इन दोनों स्पर्धाओं में एशियाड टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ना अनिवार्य होगा। महासंघ का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि मिश्रित 4×100 मीटर रिले और मैराथन वॉक जैसे नए शामिल किए गए इवेंट्स के लिए क्वालिफाइंग मानक फिलहाल तय नहीं किए गए हैं। इन स्पर्धाओं के मानदंड एशियाई रिले चैंपियनशिप और वर्ल्ड रिले प्रतियोगिता के बाद घोषित किए जाएंगे।

नई चयन नीति के तहत एथलीटों को राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में भाग लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, चयन के लिए कम से कम तीन प्रतियोगिताओं—दो अंतर-राज्य प्रतियोगिताएं और एक राष्ट्रीय ओपन प्रतियोगिता—में हिस्सा लेना जरूरी होगा। खिलाड़ियों को शुरुआती दो स्पर्धाओं में मानक के करीब प्रदर्शन करना होगा, जबकि अंतिम प्रतियोगिता में निर्धारित मानक हासिल करना अनिवार्य रहेगा।

भाला फेंक के ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा को लेकर भी महासंघ ने स्थिति स्पष्ट की है। चयन समिति ने बताया कि नीरज और उनके कोच जैन जेलेज्नी 2026 के लिए प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम तैयार कर चुके हैं। चोट से उबर रहे नीरज ने हालिया विश्व चैंपियनशिप में चोट के बावजूद हिस्सा लिया था।

एएफआई ने यह भी स्पष्ट किया कि एशियाई खेलों की तैयारी के लिए तीन घरेलू टूर्नामेंटों में भाग लेना सभी खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य है, हालांकि विशेष परिस्थितियों में छूट दी जा सकती है। नीरज चोपड़ा को पहले भी डायमंड लीग जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण ऐसी छूट मिल चुकी है। अंतिम फैसला चयन समिति के विवेक पर निर्भर करेगा।


विश्व ब्लिट्ज शतरंज में अर्जुन एरिगेसी ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया मान

सेमीफाइनल में हार के बावजूद अर्जुन एरिगेसी का दमदार प्रदर्शन

नई दिल्ली। भारतीय शतरंज के उभरते सितारे अर्जुन एरिगेसी ने विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें उज्बेकिस्तान के मजबूत खिलाड़ी नोदिरबेक अब्दुसातोरोव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद अर्जुन ने वैश्विक मंच पर भारत का परचम लहराया। वहीं, नॉर्वे के दिग्गज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए एक बार फिर खिताब जीत लिया।

सेमीफाइनल में अर्जुन एरिगेसी और नोदिरबेक अब्दुसातोरोव के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें उज्बेक खिलाड़ी ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर, गत चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने अमेरिका के फाबियानो कारुआना को 3-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। खिताबी मुकाबले में कार्लसन ने अब्दुसातोरोव को मात देकर आठवीं बार विश्व ब्लिट्ज चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अर्जुन एरिगेसी के इस प्रदर्शन की देशभर में सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शतरंज में भारत की प्रगति निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि फिडे वर्ल्ड ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के साथ-साथ रैपिड चैंपियनशिप में भी पदक हासिल करना अर्जुन के कौशल, धैर्य और समर्पण का प्रमाण है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

22 वर्षीय अर्जुन एरिगेसी के लिए यह टूर्नामेंट यादगार रहा। उन्होंने रैपिड और ब्लिट्ज दोनों प्रारूपों में विश्व स्तर पर कांस्य पदक जीतकर एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। क्वालिफाइंग राउंड में अर्जुन ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाया और कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरे दिन के मुकाबलों में उन्होंने दमदार रणनीति और आत्मविश्वास के साथ जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण में जगह बनाई।

हालांकि सेमीफाइनल की बाधा वह पार नहीं कर सके, लेकिन दो विश्व पदकों के साथ अर्जुन एरिगेसी का यह प्रदर्शन भारतीय शतरंज के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।


भारत–श्रीलंका महिला टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज, क्लीन स्वीप की तैयारी में टीम इंडिया

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में इतिहास रचने उतरेगी भारतीय महिला टीम

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का निर्णायक और अंतिम मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त बना चुकी है और अब उसकी नजरें श्रीलंका के खिलाफ ऐतिहासिक क्लीन स्वीप दर्ज करने पर टिकी हैं। भारत को अब तक कभी भी श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में सभी मुकाबले जीतने का मौका नहीं मिला है, ऐसे में आज का मैच खास माना जा रहा है।

ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में यह सीरीज का लगातार तीसरा मैच होगा। इससे पहले खेले गए दोनों मुकाबलों में दर्शकों को हाई-स्कोरिंग क्रिकेट देखने को मिला है। पिछले मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 400 से ज्यादा रन बनाए थे, जिससे यह साफ संकेत मिलते हैं कि आज भी बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है।

अब तक भारत का रहा दबदबा
इस मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 112 रन पर समेट दिया था। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 13 ओवर से पहले ही मुकाबला अपने नाम कर लिया था, जिसमें शैफाली वर्मा की विस्फोटक पारी ने अहम भूमिका निभाई।

दूसरे मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने टी20 क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए श्रीलंका के सामने 222 रनों की चुनौती रखी। जवाब में श्रीलंकाई टीम संघर्ष करती नजर आई और 191 रन पर सिमट गई। इन दोनों मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में टीम का दबदबा साफ दिखाई दिया।

पिच रिपोर्ट और टॉस की भूमिका
ग्रीनफील्ड स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही है। अच्छी उछाल और तेज आउटफील्ड के चलते बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है, ताकि लक्ष्य का पीछा करते हुए परिस्थितियों का फायदा उठाया जा सके।

भारतीय महिला टीम में स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसे अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिलेगा। वहीं श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु पर एक बार फिर टीम को सम्मानजनक प्रदर्शन दिलाने की जिम्मेदारी होगी।

आज का मुकाबला न सिर्फ सीरीज के नतीजे का फैसला करेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि क्या भारतीय महिला टीम इतिहास रचते हुए श्रीलंका के खिलाफ पहली बार पांच मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर पाएगी या नहीं।

तीसरे टी20 का पूरा शेड्यूल

भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा टी20 मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे होगी, जबकि 6:30 बजे टॉस होगा।

लाइव प्रसारण की जानकारी

इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक इसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में देख सकेंगे। इसके अलावा जियोहॉटस्टार पर भी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।


विजय हजारे ट्रॉफी में कोहली का एक और मुकाबला, 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ उतरेंगे मैदान पर

शानदार फॉर्म में नजर आए कोहली, सबसे तेज 16 हजार रन पूरे

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली घरेलू क्रिकेट में अपना सफर आगे भी जारी रखेंगे। विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद कोहली एक और मुकाबले में दिल्ली की ओर से मैदान में उतरते नजर आएंगे। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने पुष्टि की है कि कोहली 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में दिल्ली टीम का हिस्सा होंगे।

बीसीसीआई के निर्देशों के तहत घरेलू क्रिकेट में सक्रिय
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों के लिए घरेलू टूर्नामेंट में न्यूनतम भागीदारी को अनिवार्य किया है। इसी क्रम में विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार मैच खेल रहे हैं। हालांकि वह टूर्नामेंट के दो मुकाबले पहले ही खेल चुके हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले उन्होंने एक और मैच खेलने की इच्छा जताई थी।

शानदार फॉर्म में नजर आए कोहली
डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली के अनुसार, विराट कोहली ने दिल्ली के लिए तीन मैच खेलने की उपलब्धता दी है। शुरुआती दो मुकाबलों में कोहली ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा। उन्होंने पहले मैच में 131 रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में 77 रनों की उपयोगी पारी खेली।

रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन को छोड़ा पीछे
विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान कोहली ने लिस्ट-ए क्रिकेट में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। उन्होंने सबसे कम पारियों में 16,000 रन पूरे कर लिए। कोहली ने यह उपलब्धि अपनी 330वीं पारी में हासिल की, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 391 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।

न्यूजीलैंड सीरीज की तैयारी तेज
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 11 जनवरी से वडोदरा में होगी। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, भारतीय वनडे टीम 8 जनवरी तक वडोदरा पहुंच सकती है, जबकि विराट कोहली अभ्यास के लिए एक दिन पहले पहुंच सकते हैं। फिलहाल टीम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि जनवरी के पहले सप्ताह में चयनकर्ताओं द्वारा टीम का ऐलान कर दिया जाएगा।

घरेलू क्रिकेट में निरंतर भागीदारी और शानदार फॉर्म के दम पर विराट कोहली एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।


अंडर-19 विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, ये खिलाडी करेगा कप्तानी

विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगी भारतीय अंडर-19 टीम

नई दिल्ली। अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। जारी की गई सूची के अनुसार, टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने इस बार आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह देकर संतुलित और मजबूत संयोजन तैयार किया है।

विश्व कप से पहले टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। बीसीसीआई ने साफ किया है कि अंडर-19 विश्व कप के लिए चुनी गई यही टीम इस दौरे पर भी मैदान में उतरेगी, जिससे खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट से पहले अहम अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल सके।

ग्रुप बी में भारत, 15 जनवरी से होगा आगाज

अंडर-19 विश्व कप का आयोजन 15 जनवरी से 6 फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड, अमेरिका और बांग्लादेश से होगा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 जनवरी को बांग्लादेश और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ंत होगी। खिताबी मुकाबला हरारे में खेला जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका सीरीज में वैभव को सौंपी कप्तानी

विश्व कप से पहले होने वाली दक्षिण अफ्रीका की वनडे सीरीज को भारत के लिए अहम तैयारी माना जा रहा है। हालांकि, बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा कलाई की चोट के चलते इस सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। ऐसे में चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को कप्तान और आरोन जॉर्ज को उपकप्तान नियुक्त किया है। यह तीनों मुकाबले 3, 5 और 7 जनवरी को विलोमोर पार्क में खेले जाएंगे।

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम

वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार।

अंडर-19 वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम

आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन।


एशेज में इंग्लैंड की ऐतिहासिक वापसी, ऑस्ट्रेलिया को चौथे टेस्ट में छह विकेट से हराया

लगभग 14 साल बाद कंगारुओं की धरती पर टेस्ट जीत, सीरीज में ऑस्ट्रेलिया अब भी 3-1 से आगे

एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर छह विकेट से मात दी। महज दूसरे दिन मुकाबला समाप्त हो गया और इंग्लिश टीम ने वर्षों से चला आ रहा हार का सिलसिला तोड़ते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की। हालांकि, सीरीज का परिणाम पहले ही तय हो चुका है, क्योंकि शुरुआती तीन टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया अजेय बढ़त बना चुका है। फिलहाल एशेज सीरीज का स्कोर 3-1 हो गया है।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में लगभग 15 साल बाद टेस्ट मैच जीतने का कारनामा किया। इससे पहले इंग्लिश टीम को ऑस्ट्रेलियाई धरती पर जनवरी 2011 में आखिरी टेस्ट जीत नसीब हुई थी। इसके बाद खेले गए तीन एशेज दौरों में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा था। इंग्लैंड की यह जीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार 18 टेस्ट मैचों की हार की कड़ी को भी खत्म करती है।

कप्तान बेन स्टोक्स और सीनियर बल्लेबाज जो रूट के लिए यह जीत खास रही, क्योंकि दोनों की ऑस्ट्रेलिया में यह पहली टेस्ट जीत है। इससे पहले उनके सभी दौरे हार या ड्रॉ पर समाप्त हुए थे। चौथे टेस्ट में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे गेंदबाजों ने सही साबित किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में केवल 152 रन पर सिमट गई।

जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी भी संघर्षपूर्ण रही और पूरी टीम 110 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को मामूली बढ़त मिली, लेकिन दूसरी पारी में कंगारू बल्लेबाज एक बार फिर दबाव में नजर आए और 132 रन पर ढेर हो गए। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट झटकते हुए मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली।

175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने संयमित बल्लेबाजी की। हालांकि कुछ विकेट जल्दी गिरे, लेकिन मध्यक्रम ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और लंबे समय बाद ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर जीत का जश्न मनाया।

मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन निर्णायक रहा, जिन्होंने दोनों पारियों में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं बल्लेबाजी में टीम ने धैर्य और समझदारी दिखाते हुए लक्ष्य हासिल किया। इस जीत से इंग्लैंड को भले ही सीरीज में बराबरी न मिली हो, लेकिन आत्मविश्वास और मनोबल के लिहाज से यह जीत बेहद अहम मानी जा रही है।


IND-W vs SL-W 3rd T20I- भारत की नजर सीरीज पर, श्रीलंका के लिए करो या मरो का मुकाबला

भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज 

शुरुआती दो मैच जीतकर आत्मविश्वास से भरी टीम इंडिया

तिरुवनंतपुरम। शानदार लय में चल रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज यानि शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में उतरने जा रही है। पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त ले चुकी टीम इंडिया का लक्ष्य इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करना है। शुरुआती दोनों मैचों में भारत ने हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को आठ और सात विकेट से मात दी है।

भारतीय टीम का आत्मविश्वास चरम पर

हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो भारतीय टीम जबरदस्त फॉर्म में है। यह उसकी पिछले 11 टी20 मुकाबलों में नौवीं जीत रही है, जो टीम के संतुलन और आत्मविश्वास को दर्शाती है। बल्लेबाजी में जहां निरंतरता दिखी है, वहीं गेंदबाजों ने भी विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा है।

बल्लेबाजी और गेंदबाजी भारत की सबसे बड़ी ताकत

भारतीय बल्लेबाजी क्रम गहराई और आक्रामकता दोनों का बेहतरीन संयोजन नजर आ रहा है। पहले टी20 में जेमिमा रोड्रिग्स ने अहम योगदान दिया, जबकि दूसरे मुकाबले में शेफाली वर्मा की तेजतर्रार पारी ने जीत आसान बना दी।

गेंदबाजी में स्पिन आक्रमण ने श्रीलंका की कमर तोड़ दी। श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा और क्रांति गौड़ की कसी हुई गेंदबाजी के चलते श्रीलंका पहले मैच में 121/6 और दूसरे में 128/9 तक ही पहुंच सकी। बुखार के कारण दीप्ति शर्मा के बाहर रहने पर स्नेह राणा ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए किफायती गेंदबाजी की।

फील्डिंग पर करना होगा और काम

हालांकि टीम इंडिया के लिए क्षेत्ररक्षण चिंता का विषय बना हुआ है। पहले मैच में कई आसान कैच छोड़े गए थे, हालांकि दूसरे मुकाबले में तीन शानदार रन आउट के जरिए टीम ने सुधार के संकेत जरूर दिए। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इन कमियों को दूर करना चाहेगी।

संघर्ष में दिखी श्रीलंकाई टीम

दूसरी ओर, श्रीलंका की बल्लेबाजी अब तक लय में नजर नहीं आई है। पहले मैच में विष्मी गुणरत्ने को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। दूसरे टी20 में कप्तान चामरी अटापट्टू के आउट होते ही टीम लड़खड़ा गई और महज 26 रन के भीतर छह विकेट गंवा बैठी। स्थान परिवर्तन से श्रीलंका को वापसी की उम्मीद जरूर होगी, लेकिन आंकड़े भारत के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

तीसरे टी20 का पूरा शेड्यूल

भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा टी20 मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे होगी, जबकि 6:30 बजे टॉस होगा।

लाइव प्रसारण की जानकारी

इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक इसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में देख सकेंगे। इसके अलावा जियोहॉटस्टार पर भी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

 


IND W vs SL W- दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया

भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को सात विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। पहले गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन कर श्रीलंका को 128 रन पर समेटा, फिर शेफाली वर्मा की आक्रामक नाबाद पारी की बदौलत टीम इंडिया ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। क्रांति गौड़ ने पहले ओवर में ही विष्मी गुणारत्ने को आउट कर श्रीलंका को शुरुआती झटका दिया। इसके बाद स्नेह राणा ने कप्तान चामरी अट्टापट्टू को पवेलियन भेजकर भारत को दूसरी बड़ी सफलता दिलाई। हालांकि, हसिनी परेरा और हर्षिता समरविक्रमा ने तीसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन श्री चरणी ने हसिनी को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ दिया। हर्षिता ने संघर्षपूर्ण 33 रन बनाए, लेकिन उन्हें भी रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। श्रीलंका की टीम आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 128 रन ही बना सकी।

भारत की ओर से गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने दो-दो विकेट झटके, जबकि क्रांति गौड़ और स्नेह राणा को एक-एक सफलता मिली। वैष्णवी शर्मा ने अपने टी20 करियर का पहला विकेट हासिल कर खास उपलब्धि भी दर्ज की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई, हालांकि मंधाना जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए तेज साझेदारी हुई, जिससे रन गति काफी तेज रही। जेमिमा के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं, लेकिन शेफाली ने एक छोर संभाले रखा।

शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। अंत में ऋचा घोष ने उनका साथ दिया और भारत ने 11.5 ओवर में ही तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस मुकाबले में भारत ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया था। दीप्ति शर्मा की तबीयत खराब होने के कारण उनकी जगह स्नेह राणा को मौका दिया गया, जिन्होंने गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं श्रीलंका की टीम ने अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया।


68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप- 10 मीटर एयर राइफल में अंकुश जाधव ने जीता स्वर्ण पदक

अर्जुन बबूता को रजत, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने जीता कांस्य

नई दिल्ली। 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस रोमांचक प्रतियोगिता में नौसेना के किरण अंकुश जाधव ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने ओलंपियन अर्जुन बबूता को मामूली अंतर से पीछे छोड़ते हुए खिताब जीता।

फाइनल में जाधव ने 252.1 अंक अर्जित कर पहला स्थान पाया, जबकि अर्जुन बबूता 251.4 अंकों के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 229.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

इस स्पर्धा में रेलवे के शाहू तुषार माने चौथे स्थान पर रहे। इसके अलावा हिमांशु, रामायण तोमर, ओंकार विकास वाघमारे और प्रदीप सिंह ने भी फाइनल में जगह बनाकर अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल जूनियर फाइनल में भी मुकाबला बेहद रोचक रहा। गुजरात के मोहम्मद मुर्तजा वानिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 254.3 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम बंगाल के अभिनव साव ने 251.6 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि ओंकार विकास वाघमारे ने 230.1 अंक जुटाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp