Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल में बनाई जगह, ज्यूरिख में होगा खिताबी मुकाबला

Category Archives: खेल

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल में बनाई जगह, ज्यूरिख में होगा खिताबी मुकाबला

नई दिल्ली: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह प्रतिष्ठित मुकाबला स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 27 और 28 अगस्त को होगा।

तीसरे स्थान पर नीरज

सिलेसिया चरण में भाग न लेने और 22 अगस्त को होने वाले ब्रसेल्स चरण में हिस्सा लेने को लेकर अनिश्चितता के बावजूद नीरज की फाइनल में जगह पक्की हो चुकी है। नीरज ने अब तक दो डायमंड लीग मीट में हिस्सा लिया और 15 अंक जुटाए। वह तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे 17 अंकों के साथ केशोर्न वालकॉट और बराबर 15 अंकों के साथ जूलियन वेबर हैं। ब्रसेल्स के बाद तालिका में शीर्ष 6 में रहने वाले खिलाड़ी फाइनल में उतरेंगे।

शानदार रहा सीजन

यह सीजन नीरज के लिए अब तक शानदार रहा है। दोहा डायमंड लीग (मई 2025) में उन्होंने लंबे इंतजार के बाद 90 मीटर का आंकड़ा पार किया और 90.23 मीटर का अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया। पेरिस डायमंड लीग (जून 2025) में नीरज ने 88.16 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले 5 जुलाई को बेंगलुरु में आयोजित नीरज चोपड़ा क्लासिक में उन्होंने 86.18 मीटर का थ्रो कर खिताब जीता था।

अगला बड़ा लक्ष्य – वर्ल्ड चैंपियनशिप

डायमंड लीग फाइनल के बाद नीरज चोपड़ा 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।


डूरंड कप- शिलांग लाजोंग एफसी ने भारतीय नौसेना को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

सेमीफाइनल मुकाबले में अब नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से भिड़ेगी शिलांग लाजोंग एफसी

शिलांग। डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में शिलांग लाजोंग एफसी ने रोमांचक मुकाबले में भारतीय नौसेना को 2-1 से हराकर लगातार दूसरे साल सेमीफाइनल में जगह बना ली। एक गोल से पिछड़ने के बावजूद घरेलू टीम ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और अब उसका सामना गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से होगा।

भारतीय नौसेना की ओर से विजय मरांडी ने पहले हाफ में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई थी। हालांकि, दूसरे हाफ में शिलांग लाजोंग एफसी ने दामाइटफांग लिंगदोह और एवरब्राइटसन सना मायलिएमपाड के गोल की बदौलत मैच पलट दिया। दोनों टीमों के गोलकीपरों ने बेहतरीन बचाव किए, लेकिन 79वें मिनट में बढ़त लेने के बाद शिलांग लाजोंग ने अपनी डिफेंस को मजबूत कर नौसेना को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अब 19 अगस्त को सेमीफाइनल में शिलांग लाजोंग का मुकाबला नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से होगा।


इस्राइल में चमकी ओलंपियन अंकिता ध्यानी, राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2000 मीटर स्टीपलचेज़ में जीता स्वर्ण

अंकिता ने पारुल चौधरी का रिकॉर्ड तोड़कर बढ़ाया भारत का मान

नई दिल्ली। भारतीय धाविका और ओलंपियन अंकिता ध्यानी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। इस्राइल में आयोजित ग्रैंड स्लैम जेरूसलम एथलेटिक्स मीट में उन्होंने महिलाओं की 2000 मीटर स्टीपलचेज़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 23 वर्षीय अंकिता ने 6 मिनट 13.92 सेकंड का समय निकालकर पारुल चौधरी के 6:14.38 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

इस शानदार प्रदर्शन से अंकिता ने न केवल भारत का नाम रोशन किया, बल्कि महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक भी अर्जित किए हैं, जो उन्हें अगले महीने टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप (3000 मीटर स्टीपलचेज़) में क्वालिफाई करने में मदद करेंगे।

भारतीय एथलेटिक्स के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर के अनुसार, “2000 मीटर स्टीपलचेज़ में हासिल अंक 3000 मीटर स्टीपलचेज़ की विश्व रैंकिंग में भी जोड़े जाएंगे, जिससे अंकिता की राह आसान होगी।”

यह प्रतियोगिता विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर लेवल (श्रेणी बी) का हिस्सा थी। इसमें इस्राइल की एडवा कोहेन (6:15.20) दूसरे और डेनमार्क की जूलियन ह्विद (6:17.80) तीसरे स्थान पर रहीं।

अंकिता इससे पहले भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने पिछले महीने विश्व विश्वविद्यालय खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में रजत पदक जीता था और 9:31.99 मिनट का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था। इसके अलावा वह पिछले साल ओलंपिक में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भी हिस्सा ले चुकी हैं। वहीं, इस साल की शुरुआत में हुए राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज़ दोनों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे।


यूरोप में पहली ट्रैक रेस, गुलवीर ने तोड़ा अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड

सात मिनट 34.49 सेकंड में पूरी की दौड़, पिछला रिकॉर्ड 7:38.26 सेकंड

नई दिल्ली। अलीगढ़ के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सात मिनट 34.49 सेकंड का समय लेकर अपने ही पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड (7:38.26 सेकंड) को तोड़ दिया, जो इस साल फरवरी में बोस्टन विश्वविद्यालय में आयोजित डेविड हेमरी वैलेंटाइन आमंत्रण प्रतियोगिता में बना था। यह शानदार प्रदर्शन उन्होंने यूरोप में अपनी पहली ट्रैक रेस के दौरान किया, जो विश्व एथलेटिक्स की कॉन्टिनेंटल टूर स्वर्ण स्तर की प्रतियोगिता थी।

प्रतियोगिता में कीनिया के किपसांग मैथ्यू किपचुम्बा ने 7:33.23 मिनट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मैक्सिको के एडुआर्डो हेरेरा (7:33.58), युगांडा के ऑस्कर चेलिमो (7:33.93) और उरुग्वे के वैलेन्टिन सोका (7:34.28) क्रमशः दूसरे से चौथे स्थान पर रहे। गुलवीर पांचवें स्थान पर रहे, लेकिन उन्होंने एक बार फिर भारत का नाम ऊँचा कर दिया।

रिकॉर्ड्स के बादशाह
गुलवीर पुरुषों की 5000 मीटर (12:59.77) और 10,000 मीटर (27:00.22) में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। वे इन दोनों इवेंट्स में मौजूदा एशियाई चैंपियन भी हैं। मई में उन्होंने महाद्वीपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था और वे 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 5000 मीटर वर्ग में पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।

कौन हैं गुलवीर सिंह
अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा के रहने वाले गुलवीर ने अमेरिका के पोर्टलैंड में 5000 मीटर दौड़ में भी कीर्तिमान स्थापित किया था। 19वें एशियन गेम्स (हांगझाऊ, चीन) में उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में 28.17 मिनट का समय लेकर कांस्य पदक जीता था। भारतीय सेना में हवलदार पद पर तैनात गुलवीर अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 30 से ज्यादा पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें 75 लाख रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया था।


सेंट लुई शतरंज में डी. गुकेश की धमाकेदार वापसी, पहले दिन तीसरे स्थान पर

ग्रैंड शतरंज टूर में संभावित छह में से चार अंक किए अपने नाम 

नई दिल्ली। मौजूदा विश्व चैम्पियन डी. गुकेश ने ग्रैंड शतरंज टूर के तहत खेले जा रहे सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट के पहले दिन धीमी शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी की। पहले दौर में अमेरिका के लेवोन अरोनियन से हार झेलने के बाद गुकेश ने ग्रिगोरी ओपेरिन और लिएम ले क्वांग को मात देकर संभावित छह में से चार अंक जुटाए और संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंचे।

पहले दौर में कैरो-कान डिफेंस के चलते पैदा हुई जटिलताओं में फंसकर अरोनियन से हारने वाले गुकेश ने दूसरे दौर में सफेद मोहरों से खेलते हुए ओपेरिन को मात देने के लिए अपनी रानी की बलि दे दी—जो जीत का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। दिन के अंतिम मुकाबले में लिएम के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए भी उन्होंने दबाव बनाए रखा और अंततः बाजी अपने नाम की।

टूर्नामेंट में अरोनियन अब तक अजेय रहे हैं और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव व फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को हराकर छह अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके हमवतन फैबियानो कारुआना पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। गुकेश और अमेरिकी वेस्ली सो चार-चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर, जबकि वाचियर-लाग्रेव और लीनियर डोमिन्गुएज पेरेज तीन-तीन अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

लिएम और ओपेरिन दो-दो अंकों पर हैं, नोडिरबेक के पास एक अंक है, जबकि सैम शैंकलैंड अपने सभी मुकाबले हारकर अंतिम स्थान पर हैं।


भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का अंतिम मुकाबला आज से, ओवल में भिड़ेंगी दोनों टीमें

इंग्लैंड सीरीज में  2-1 से आगे

लंदन। भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई है। दोनों टीमों के बीच सीरीज़ का पांचवां और अंतिम टेस्ट मुकाबला गुरुवार से ओवल के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज़ में 2-1 से आगे चल रही इंग्लैंड की टीम जहां जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्जा करना चाहेगी, वहीं भारत की नज़र बराबरी करने पर होगी।

प्रतिद्वंद्विता से भरी सीरीज़, खिलाड़ियों की तीखी टकराहट ने बढ़ाया रोमांच
इस सीरीज़ ने टेस्ट क्रिकेट को एक नई ऊर्जा दी है। हर मुकाबला अंतिम सत्र तक रोमांच से भरपूर रहा और दोनों टीमों ने ज़बरदस्त खेल दिखाया। खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी झड़पों ने भी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया। लॉर्ड्स टेस्ट में जैक क्रॉली के समय बर्बाद करने पर शुभमन गिल की प्रतिक्रिया हो या ओल्ड ट्रैफर्ड में रविंद्र जडेजा का आक्रामक रवैया—दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर दबाव बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

मौसम बन सकता है बड़ा फैक्टर
हालांकि रोमांचक मुकाबले की उम्मीदों के बीच मौसम खलल डाल सकता है। एक्यूवेदर के अनुसार, पहले दिन 65 प्रतिशत बारिश की संभावना है और पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना 93 प्रतिशत तक है। गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी दी गई है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाज़ी का विकल्प चुन सकती है।

मुकाबले से जुडी जानकारी-

मैच कहां खेला जाएगा?
मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा।

मैच कितने बजे से सुरु होगा?
पहला सत्र दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 3:00 बजे होगा।

कहां देखें लाइव?
टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के सभी प्रमुख चैनलों (Sony Sports 1, 3, 4, 5) पर और
लाइव स्ट्रीमिंग जिओ सिनेमा और जिओहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।


भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला आज से, जानिए मैच से जुडी सारी जानकारी 

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर आ पहुंची है। सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही टीम इंडिया को अब हर हाल में चौथा टेस्ट जीतना होगा, जो बुधवार से शुरू हो रहा है। लेकिन भारत की राह आसान नहीं है — प्रमुख खिलाड़ी चोट से जूझ रहे हैं और प्लेइंग इलेवन को लेकर असमंजस बना हुआ है।

चोटों से जूझती टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती

भारतीय टीम फिलहाल चोट की मार से परेशान है। अर्शदीप सिंह चौथे टेस्ट से बाहर हो चुके हैं, जबकि आकाश दीप, ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी की फिटनेस पर सवाल बने हुए हैं। नीतीश रेड्डी तो पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में टीम को संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।

जीत के बिना सीरीज खतरे में

भारत ने दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाया था, लेकिन तीसरे टेस्ट में मामूली लक्ष्य चूक जाने के चलते टीम पिछड़ गई। अब चौथे टेस्ट को जीतना भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है। इस मैच में हार सीरीज गंवाने का रास्ता खोल सकती है।

पंत की वापसी की उम्मीदें जगीं

प्रशंसकों के लिए राहत की खबर यह है कि ऋषभ पंत ने अभ्यास सत्र में पूरी तरह फिट नजर आए और उम्मीद है कि वह बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज उतर सकते हैं। हालांकि, अगर वह केवल बल्लेबाजी करते हैं, तो ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। आकाश दीप की स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि अभ्यास के दौरान वह असहज दिखे और फिजियो ने उन्हें गेंदबाजी से रोका।

डेब्यू की ओर कंबोज या मौका मिलेगा प्रसिद्ध को?

अगर आकाश दीप बाहर होते हैं, तो तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को मौका मिल सकता है। कंबोज को इंग्लैंड की परिस्थितियों का थोड़ा अनुभव है, जिससे उन्हें बढ़त मिल सकती है।

बुमराह की मौजूदगी राहत की बात

जसप्रीत बुमराह की वापसी तय मानी जा रही है। सिराज के साथ मिलकर वे गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। तीसरे पेसर के तौर पर आकाश, प्रसिद्ध या कंबोज में से किसी एक को चुना जाएगा। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव भी एक मजबूत दावेदार हैं, लेकिन यह देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट वाशिंगटन सुंदर और जडेजा के साथ उन्हें मौका देता है या नहीं।

नीतीश की गैरमौजूदगी में शार्दुल या नया विकल्प?

नीतीश रेड्डी की जगह शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि उनका पिछला प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्हें गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देना होगा, क्योंकि रेड्डी ने तीसरे टेस्ट में अहम मौकों पर विकेट लिए थे।

बैटिंग लाइनअप पर फिर से दबाव

तीसरे टेस्ट में पहली बार भारत की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली बल्लेबाजी इकाई पर फिर से जिम्मेदारी बढ़ गई है। अगर भारत को वापसी करनी है, तो टॉप ऑर्डर को बड़ी पारियां खेलनी होंगी।

मैच का वेन्यू क्या है?
मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा।

मैच कितने बजे से शुरू होगा?
मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। टॉस 3:00 बजे होगा।

मैच का प्रसारण कहां देखा जा सकता है?
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट मिलेगा:

Sony Sports 1 (English)

Sony Sports 3 (Hindi)

Sony Sports 4 (Tamil & Telugu)

लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioHotstar पर देखी जा सकती है।


भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच आज से, जानिए कब और कहां देखें मुकाबला

साई सुदर्शन को मिल सकता है डेब्यू का मौका

बुमराह-सिराज की आक्रामक जोड़ी के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाजों की परीक्षा

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की बहुप्रतीक्षित सीरीज़ का आगाज़ आज यानि शुक्रवार से हेडिंग्ले के ऐतिहासिक मैदान पर हो रहा है। नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम एक नए युग की शुरुआत कर रही है। बदलावों से गुजर रही टीम इंडिया के सामने इंग्लैंड की आक्रामक ‘बज़बॉल’ चुनौती है, जिसने टेस्ट क्रिकेट के खेल को नए सांचे में ढाल दिया है।

टीम इंडिया इस सीरीज़ में नए संयोजन और ताज़ा नेतृत्व के साथ उतर रही है। गिल कप्तान, ऋषभ पंत उपकप्तान होंगे, साई सुदर्शन को डेब्यू का मौका मिल सकता है। मुख्य कोच गौतम गंभीर का युवा खिलाड़ियों के साथ व्यवहार और रणनीति पर सबकी नजरें हैं।

करुण नायर की वापसी के संकेत मिले हैं और गेंदबाजी में बुमराह, सिराज व प्रसिद्ध की तिकड़ी तय मानी जा रही है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के बीच चयन टेढ़ा सवाल है। इंग्लैंड की टीम पहले ही अपनी अंतिम एकादश घोषित कर चुकी है जिसमें वोक्स और शोएब बशीर जैसे ऑलराउंडर शामिल हैं।

इस सीरीज में गिल के नेतृत्व की परख होगी, खासकर तब जब विराट, रोहित और अश्विन जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में नहीं हैं। वहीं इंग्लैंड का आक्रामक खेल भारतीय गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा करेगा।

लीड्स की हरी-घास भरी पिच और अनुकूल मौसम में यह मुकाबला पूरी तरह से बल्लेबाजी के कौशल और गेंदबाजी के अनुशासन पर निर्भर होगा। आंकड़ों की बात करें तो भारत अब तक इंग्लैंड के खिलाफ 136 टेस्ट में से 35 ही जीत सका है, जबकि इंग्लैंड 51 में विजयी रहा है।

लाइव स्ट्रीमिंग जानकारी:

  • मैच तारीख: 20 जून से

  • स्थान: हेडिंग्ले स्टेडियम, लीड्स

  • समय: दोपहर 3:30 बजे (IST), टॉस: 3 बजे

  • टीवी: Sony Sports Network

  • मोबाइल: JioHotstar

  • भारत टीम
    शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा।
  • इंग्लैंड टीम
    हैरी ब्रूक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, बेन स्टोक्स, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, जेमी ओवरटन, क्रिस वोक्स, सैम कुक, शोएब बशीर, जोश टंग।

आईपीएल 2025- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर खिताब किया अपने नाम 

विराट कोहली की टीम ने 18 साल बाद उठाई ट्रॉफी, फाइनल में पंजाब को 6 रन से हराया

नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का फाइनल क्रिकेट इतिहास में यादगार बन गया, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी पहली ट्रॉफी जीतकर 18 साल की लंबी प्रतीक्षा को समाप्त कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में बैंगलोर ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब की टीम 184 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ बैंगलोर आईपीएल खिताब जीतने वाली आठवीं टीम बन गई।

बेंगलुरु की चुनौतीपूर्ण बल्लेबाज़ी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ओपनर फिल सॉल्ट ने 16 रन बनाए और जल्दी पवेलियन लौटे। इसके बाद विराट कोहली और मयंक अग्रवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की, मगर मयंक 24 रन बनाकर आउट हो गए। रजत पाटीदार ने तेज़ 26 रन जोड़े, जबकि विराट ने 43 रन की अहम पारी खेली। अंत में जितेश शर्मा ने तेजी से 24 रन बनाकर स्कोर को 190 तक पहुंचाया। पंजाब के लिए अर्शदीप और जेमीसन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि ओमरजई, चहल और विजयकुमार को एक-एक सफलता मिली।

पंजाब की संघर्षपूर्ण पारी

191 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने तेज़ शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरते रहे। जोश इंग्लिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 39 रन बनाए, वहीं शशांक सिंह ने 61 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज साथ नहीं दे सके। अंत में पंजाब छह रन से पीछे रह गई। बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।


आईपीएल 2025- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर खिताब किया अपने नाम 

विराट कोहली की टीम ने 18 साल बाद उठाई ट्रॉफी, फाइनल में पंजाब को 6 रन से हराया

नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का फाइनल क्रिकेट इतिहास में यादगार बन गया, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी पहली ट्रॉफी जीतकर 18 साल की लंबी प्रतीक्षा को समाप्त कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में बैंगलोर ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब की टीम 184 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ बैंगलोर आईपीएल खिताब जीतने वाली आठवीं टीम बन गई।

बेंगलुरु की चुनौतीपूर्ण बल्लेबाज़ी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ओपनर फिल सॉल्ट ने 16 रन बनाए और जल्दी पवेलियन लौटे। इसके बाद विराट कोहली और मयंक अग्रवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की, मगर मयंक 24 रन बनाकर आउट हो गए। रजत पाटीदार ने तेज़ 26 रन जोड़े, जबकि विराट ने 43 रन की अहम पारी खेली। अंत में जितेश शर्मा ने तेजी से 24 रन बनाकर स्कोर को 190 तक पहुंचाया। पंजाब के लिए अर्शदीप और जेमीसन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि ओमरजई, चहल और विजयकुमार को एक-एक सफलता मिली।

पंजाब की संघर्षपूर्ण पारी

191 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने तेज़ शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरते रहे। जोश इंग्लिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 39 रन बनाए, वहीं शशांक सिंह ने 61 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज साथ नहीं दे सके। अंत में पंजाब छह रन से पीछे रह गई। बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp