Tuesday, November 17, 2026
7:07 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आईपीएल 2026- चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब के बीच मुकाबला आज

Category Archives: खेल

आईपीएल 2026- चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब के बीच मुकाबला आज

जीत की तलाश में CSK, लय बरकरार रखना चाहेगी PBKS

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स का सामना करेगी। पिछली हार के बाद चेन्नई की नजर जीत का खाता खोलने पर होगी, जबकि पंजाब अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम घरेलू मैदान पर वापसी की पूरी कोशिश करेगी। वहीं अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी भले ही चोट के चलते मैदान पर न उतरें, लेकिन उनके डगआउट में मौजूद रहने से टीम को रणनीतिक मजबूती मिलेगी।

दूसरी ओर पंजाब किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की थी और टीम का मनोबल ऊंचा है। कप्तान श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर जरूर नजर रहेगी, हालांकि टीम को उम्मीद है कि वह इस मैच में उपलब्ध रहेंगे। युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन कर टीम को मजबूती दी है।

दोनों टीमों के बीच हाल के मुकाबलों की बात करें तो पंजाब का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन चेन्नई का घरेलू मैदान हमेशा से उसके लिए मजबूत किला साबित हुआ है। ऐसे में यह मुकाबला बेहद कांटे की टक्कर का होने की उम्मीद है।

मैच एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेला जाएगा, जहां दर्शकों को हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी:

तारीख: 03 अप्रैल 2026 (शुक्रवार)
समय: शाम 7:30 बजे (टॉस 7:00 बजे)
स्थान: चेन्नई
प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार


आईपीएल 2026- दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला आज

मजबूत बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ की नजर जीत पर

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है, टूर्नामेंट का पांचवा मुकाबला बुधवार को यानी आज खेला जाएगा, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मैच से दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी।

आईपीएल 2026 में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यह उनका पहला मैच है और हर टीम जीत के साथ शुरुआत करना चाहती है। लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी इस बार ऋषभ पंत के हाथों में है, जिन पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। पिछले सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद पंत इस बार वापसी के इरादे से उतरेंगे।

लखनऊ की टीम इस सीजन संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी में मिचेल मार्श और एडेन मार्करम जैसी मजबूत सलामी जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत दे सकती है, जबकि मध्यक्रम में निकोलस पूरन जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और एनरिच नॉर्त्जे जैसे अनुभवी गेंदबाज टीम को मजबूती देते हैं।

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती ओपनिंग संयोजन को लेकर है। पिछले सीजन में टीम को इसमें स्थिरता नहीं मिल सकी थी। इस बार केएल राहुल के साथ कौन पारी की शुरुआत करेगा, इस पर सभी की नजर रहेगी।

मध्यक्रम में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स टीम को मजबूती देते हैं, जबकि कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी भी टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी:

तारीख: 1 अप्रैल 2026 (बुधवार)
स्थान: अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम
समय: शाम 7:30 बजे (टॉस 7:00 बजे)

कहां देखें मैच?
मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी।


आईपीएल 2026- चेन्नई और राजस्थान के बीच मुकाबला आज

रियान पराग की कप्तानी में नई शुरुआत करेगी राजस्थान रॉयल्स

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला सोमवार को यानी आज गुवाहाटी में खेला जाएगा, जहां पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। दोनों टीमें पिछले सीजन की निराशा को पीछे छोड़ते हुए जीत के साथ अपने अभियान को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगी।

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला कई मायनों में खास रहने वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स दोनों ही नई रणनीति और बदले हुए संयोजन के साथ मैदान में उतरेंगी।

इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण संजू सैमसन होंगे, जो अपनी पूर्व टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई की ओर से खेलते नजर आएंगे। लंबे समय तक राजस्थान की कप्तानी कर चुके सैमसन के लिए यह मुकाबला भावनात्मक भी होगा। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद वे आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे।

वहीं चेन्नई को इस मैच में अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की कमी खलेगी, जो चोट के चलते शुरुआती मुकाबलों से बाहर हैं। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस भी फिटनेस कारणों से इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में टीम के युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका होगा।

दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में नए कप्तान रियान पराग के नेतृत्व में उतर रही है। टीम में रवींद्र जडेजा की मौजूदगी अनुभव जोड़ती है, जबकि बल्लेबाजी की जिम्मेदारी यशस्वी जायसवाल पर होगी। उनके साथ शिमरॉन हेटमायर और अन्य युवा खिलाड़ी टीम को मजबूत शुरुआत देने की कोशिश करेंगे।

हालांकि राजस्थान की गेंदबाजी अब भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है, जिसे इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पिछले सीजन में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, ऐसे में यह मैच दोनों के लिए नई शुरुआत का अहम अवसर है।

यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। दर्शक मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी।


आज से हो रहा आईपीएल 2026 का आगाज, पहले मुकाबले में आरसीबी और हैदराबाद होंगी आमने-सामने

कमिंस के बिना उतरेगी हैदराबाद, ईशान किशन संभालेंगे टीम की कमान

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का आगाज शनिवार यानि आज से होने जा रहा है। सीजन के पहले मुकाबले में गत चैंपियन Royal Challengers Bengaluru (आरसीबी) का सामना Sunrisers Hyderabad (एसआरएच) से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु केएम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताब जीतने के बाद आरसीबी की नजरें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत पर होंगी, वहीं हैदराबाद टीम भी नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेगी।

आरसीबी की बल्लेबाजी दमदार, गेंदबाजी में चुनौती
आरसीबी इस सीजन मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के साथ उतर रही है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। हालांकि गेंदबाजी में टीम को जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी खल सकती है। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

कमिंस के बिना उतरेगी हैदराबाद, किशन करेंगे कप्तानी
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद को शुरुआती मुकाबलों में अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस की कमी खलेगी। उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे। बल्लेबाजी में ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन पर टीम की उम्मीदें टिकी होंगी, जबकि लियाम लिविंगस्टोन निचले क्रम में आक्रामक भूमिका निभा सकते हैं।

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए मुफीद
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच टी20 क्रिकेट के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और सपाट विकेट के कारण यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। ऐसे में गेंदबाजों को रणनीति के साथ प्रदर्शन करना होगा।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

तारीख: शनिवार
स्थान: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
समय: शाम 7:30 बजे (टॉस 7:00 बजे)
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप

सीजन के पहले मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करने के इरादे से उतरेंगी, जिससे फैंस को एक रोमांचक मैच की उम्मीद है।


सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप- भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

अपने अगले मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगा भारत 

नई दिल्ली। सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश कर दी।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक नजर आई। तीसरे ही मिनट में गुरनाज सिंह के बेहतरीन पास पर विशाल यादव ने शानदार गोल दागकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहले हाफ में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर सूरज अहेइबम ने कोई मौका नहीं दिया।

दूसरे हाफ में ओमांग डोडुम ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। उन्होंने 64वें मिनट में हेडर के जरिए दूसरा गोल दागा, जबकि मैच के अंतिम क्षणों में पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत की जीत को 3-0 पर पक्का कर दिया।

अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ओमांग डोडुम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में बांग्लादेश का सामना करेगी, जहां टीम की नजरें जीत की लय बरकरार रखने पर होंगी।


दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान

हरमनप्रीत कौर संभालेंगी कमान, स्मृति मंधाना बनीं उपकप्तान

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। इस दौरे में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा चेहरों को मौका देकर टीम को संतुलित बनाने की कोशिश की गई है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली इस टी20 सीरीज की शुरुआत 17 अप्रैल से होगी और 27 अप्रैल तक मुकाबले खेले जाएंगे। चयनकर्ताओं ने टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा तालमेल रखने पर जोर दिया है, ताकि विदेशी जमीन पर मजबूत प्रदर्शन किया जा सके।

इस बार टीम में सबसे ज्यादा चर्चा युवा खिलाड़ी अनुष्का शर्मा को लेकर है, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने हाल ही में महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिला है।

बल्लेबाजी की बात करें तो शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम की मजबूती होंगे। वहीं विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋचा घोष और उमा छेत्री संभालेंगी।

गेंदबाजी आक्रमण में भी संतुलन देखने को मिलता है। स्पिन विभाग में श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी के साथ दीप्ति शर्मा की भूमिका अहम होगी, जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ के कंधों पर होगी।

सीरीज के मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। पहले दो मैच 17 और 19 अप्रैल को डरबन में होंगे, जबकि तीसरा और चौथा मैच 22 और 25 अप्रैल को जोहानिसबर्ग में खेले जाएंगे। आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को बेनोनी में आयोजित होगा।

भारतीय टीम इस दौरे पर जीत के इरादे से उतरेगी और खासतौर पर युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी।

भारतीय महिला टीम: 

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।


केकेआर को लगा एक और झटका, आकाश दीप आईपीएल 2026 के पूरे सीजन से हुए बाहर

चोटों से जूझ रही KKR, हर्षित राणा के बाद आकाश दीप भी बाहर

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं, जिससे टूर्नामेंट से पहले ही उसकी तैयारियों पर असर पड़ता दिख रहा है। तेज गेंदबाजी आक्रमण में लगातार हो रही कमी ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है।

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। पहले हर्षित राणा चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए थे, और अब आकाश दीप भी चोट के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। लगातार चोटों ने टीम की गेंदबाजी लाइनअप को कमजोर कर दिया है।

इसके अलावा, श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को अभी तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिला है, जिससे उनके शुरुआती मैचों में खेलने पर भी संशय बना हुआ है। ऐसे में टीम को सीजन के शुरुआती मुकाबलों में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है, जबकि केकेआर अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी। इस अहम मुकाबले से पहले टीम की तैयारियां खिलाड़ियों की कमी से प्रभावित हो रही हैं।

गेंदबाजी विभाग की बात करें तो फिलहाल केकेआर के पास भारतीय तेज गेंदबाजों के तौर पर वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी ही उपलब्ध हैं। इसके अलावा, ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन कुछ ओवरों की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों की कमी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

अगर आकाश दीप के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 2022 में डेब्यू किया था और अब तक 14 मुकाबलों में 10 विकेट हासिल किए हैं। पिछले सीजन वह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे, लेकिन बाद में रिलीज कर दिए गए। इसके बाद केकेआर ने उन्हें मिनी ऑक्शन में उनके बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया था, लेकिन चोट के चलते अब वह इस सीजन में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।


भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज का ऐलान, BCCI ने जारी किया शेड्यूल

बेलफास्ट में भिड़ेंगे भारत-आयरलैंड, 26 और 28 जून को होंगे मुकाबले

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम जून में आयरलैंड दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को इस सीरीज के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

सीरीज के दोनों मुकाबले उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट में आयोजित होंगे। खास बात यह है कि 2007 के बाद पहली बार भारतीय टीम बेलफास्ट में कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी। पहला टी20 मैच 26 जून को जबकि दूसरा मुकाबला 28 जून 2026 को खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार दोनों मैच शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।

भारत और आयरलैंड के बीच यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है, खासकर आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स को देखते हुए। इससे पहले भारतीय टीम 2018, 2022 और 2023 में भी आयरलैंड का दौरा कर चुकी है।

वहीं, आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार टीम में नेतृत्व को लेकर बदलाव भी देखने को मिल सकता है। पूर्व कप्तान पॉल स्टर्लिंग के पद छोड़ने के बाद नई कप्तानी में टीम भारत के खिलाफ अपनी तैयारियों को परखेगी।

गौरतलब है कि आयरलैंड दौरे से पहले भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाने हैं। इस तरह जून-जुलाई का महीना भारतीय टीम के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है।


भारत को मिली 2028 वर्ल्ड इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी

नई दिल्ली। भारत को खेल जगत में एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी मिली है। वर्ल्ड एथलेटिक्स ने वर्ष 2028 की वर्ल्ड इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी भारत को सौंपी है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित की जाएगी।

यह निर्णय पोलैंड के टोरून में आयोजित विश्व एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया। इस उपलब्धि के साथ भारत वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी के क्षेत्र में एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरा है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने इस साल की शुरुआत में इसके लिए औपचारिक दावेदारी पेश की थी, जिसके बाद निरीक्षण टीम ने भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम के अत्याधुनिक इंडोर सुविधाओं का दौरा किया था।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि 2028 में पूरी दुनिया की नजरें भुवनेश्वर पर होंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह आयोजन देश के खेल बुनियादी ढांचे और वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


लियोनल मेसी ने रचा इतिहास- 900 गोल करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने 

रोनाल्डो के क्लब में हुए शामिल

नई दिल्ली। विश्व फुटबॉल के दिग्गज लियोनल मेसी ने एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। उन्होंने आधिकारिक मुकाबलों में 900 गोल पूरे कर फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद यह आंकड़ा छूने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

लियोनल मेसी ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अमेरिका के क्लब इंटर मियामी के लिए खेलते हुए हासिल की। कॉनकाकाफ चैंपियंस कप में नैशविल के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होंने अपना 900वां गोल दागकर इतिहास रच दिया।

इस उपलब्धि के साथ मेसी अपने करियर के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के विशेष समूह में शामिल हो गए हैं। रोनाल्डो पहले ही 900 से अधिक गोल कर चुके हैं और फिलहाल 1000 गोल के आंकड़े की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि, मेसी ने यह मुकाम कम मुकाबलों में हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

आंकड़ों के अनुसार, मेसी ने 1142 मैचों में 900 गोल पूरे किए, जबकि रोनाल्डो को इस आंकड़े तक पहुंचने में अधिक मुकाबले खेलने पड़े। इससे मेसी की निरंतरता और गोल करने की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अगर करियर पर नजर डालें तो मेसी ने सबसे ज्यादा गोल स्पेन के क्लब बार्सिलोना के लिए किए, जहां उन्होंने 672 गोल दागे। इसके बाद पेरिस सेंट जर्मेन के लिए भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। वर्तमान में वह इंटर मियामी के लिए लगातार गोल कर रहे हैं और टीम के प्रमुख खिलाड़ी बने हुए हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मेसी का रिकॉर्ड शानदार है। अर्जेंटीना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने 100 से अधिक गोल किए हैं और टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है।

मेसी के करियर का सबसे यादगार साल 2012 रहा, जब उन्होंने क्लब और देश के लिए मिलाकर 91 गोल दागे थे। यह रिकॉर्ड आज भी फुटबॉल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज है।

हालांकि, इस ऐतिहासिक गोल के बावजूद उनकी टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इंटर मियामी और नैशविल के बीच मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ, लेकिन नियमों के चलते टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। ऐसे में मेसी की उपलब्धि के बावजूद टीम आगे नहीं बढ़ पाई।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp