Saturday, November 28, 2026
8:50 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर के 53 व एसोसिएट प्रोफेसर के 103 रिक्त पद जल्द भरे जायेंगे

Category Archives: उत्तराखंड

मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर के 53 व एसोसिएट प्रोफेसर के 103 रिक्त पद जल्द भरे जायेंगे

मेडिकल कॉलेजों को मिलेगी 156 नई फैकल्टी

देहरादून। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर तथा प्रोफेसरों के रिक्त 156 पदों पर शीघ्र ही फैकल्टी तैनात कर दी जायेगी। जिससे राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों को फैकल्टी की कमी से काफी राहत मिलेगी।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज बजट सत्र के बीच अपने कार्यालय कक्ष में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न संवर्ग के रिक्त पदों की समीक्षा की। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा निदेशालय की ओर राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को मार्च 2024 में प्रोफेसरों एवं एसोसिएट प्रोफेसरों के रिक्त 153 पदों का अधियाचन भेजा था। जिस पर चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस दौरान विभागीय मंत्री ने सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष से वार्ता कर शीघ्र मेडिकल फैकल्टी उपलब्ध कराने को कहा। जिस पर बोर्ड के अध्यक्ष द्वारा एक माह के भीतर फैकल्टी के चयन की सूची जारी करने की बात कही। डॉ. रावत ने बताया कि सेवा चयन बोर्ड से चयनित फैकल्टी की सूची मिलते ही शीघ्र विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में तैनाती कर दी जायेगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से बोर्ड को भेजे गये अधियाचन में प्रोफेसरों के 53 तथा एसोसिएट प्रोफेसर के 103 पद शामिल है जिनमें एनेस्थीसिया, एनाटॉमी, बायोकैमिस्ट्री, बल्ड बैंक, कम्युनिटी मेडिसिन, डेंटिस्ट्री , डर्मेटोलॉजी, इमरजेन्सी मेडिसिन, फोरेन्सिक मेडिसिन, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, ऑब्स्टेट्रीक एंड गायनी, ऑप्थैलमोलॉजी, आर्थापेडिक्स, ओटो-राइनो-लेरिंगोलॉजी, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, फार्माकोलॉजी, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, फिजियोलॉजी, साईकाइट्री, रेडियोडायग्नोसिस, रेडियोथेरपी तथा रेस्पीरेट्री मेडिसिन विभाग के पद हैं। बैठक में मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत हल्द्वानी, देहरादून और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में न्यूरो फिजिशियन तथा गैस्ट्रोलॉजिस्ट के पद सृजित करने, पीजी की सीट बढ़ाने के लिये प्रस्ताव शासन को भेजन के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पैरामेडिकल, टैक्नीशियन व अन्य नॉन मेडिकल पदों को भी शीघ्र भरने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं।

बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुराधा पाल, अपर सचिव वित्त अमिता जोशी, अपर निदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. आर.एस. बिष्ट, प्राचार्य दून मेडिकल कॉलेज प्रो गीता जैन, प्राचार्य हरिद्वार मेडिकल कॉलेज प्रो. रंगील सिंह रैना सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


राष्ट्रीय खेलों पर देश ने सुनी पीएम के ‘मन की बात’

उत्तराखंड की पीठ थपथपाई, स्ट्राॅंग स्पोर्टिंग फोर्स के रूप में उभरने का जिक्र किया

प्रधानमंत्री ने ही 28 जनवरी को किया था राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार

देहरादून। 38 वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य और विराट आयोजन पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश से अपने ‘मन की बात’ कही। उत्तराखंड की पीठ थपथपाते हुए उन्होंने कहा-उत्तराखंड स्ट्राॅंग स्पोर्टिंग फोर्स के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री ने 28 जनवरी को देहरादून में 38 वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया था। तब उन्होंने ये उम्मीद जताई थी कि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन करेगा। उत्तराखंड ने न सिर्फ खेलों का भव्य आयोजन किया, बल्कि खेल मैदान में भी उसका प्रदर्शन शानदार साबित हुआ।

अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 119 वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने इन सारी बातों का जिक्र किया। उनके कार्यक्रम का काफी हिस्सा उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेेलों पर केंद्रित रखा।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ये कहा-
-मेरे प्यारे देशवासियों, आप में से बहुत सारे लोग ऐसे होंगे, जिन्होंने उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेलों के रोमांच का आनंद उठाया होगा। देशभर के 11,000 से अधिक एथलीट ने इसमें शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने देवभूमि के नए स्वरुप को पेश किया। उत्तराखंड अब देश में स्ट्राॅंग स्पोर्टिंग फोर्स के रूप में उभर रहा है। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस बार उत्तराखंड 7वें स्थान पर रहा। यही तो पाॅवर ऑफ स्पोर्ट्स है, जो इंडिविजुअल और कम्युनिटीज के साथ-साथ पूरे राज्य का कायाकल्प कर देती है। इससे जहां भावी पीढ़ियां प्रेरित होती हैं, वहीं कल्चरल एक्सीलेंस को भी बढ़ावा मिलता है। उत्तराखंड में हुए नेशनल गेम्स ने ये भी दिखाया कि कभी हार न मानने वाले जीतते जरूर है। कम्फर्ट के साथ कोई चैंपियन नहीं बनता। आज देश-भर में इन खेलों के कुछ यादगार प्रदर्शनों की खूब चर्चा है। इन खेलों में सबसे ज्यादा गोल्ड मैडल जीतने वाली सर्विस की टीम को मेरी बहुत-बहुत बधाई। राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी की भी मैं सराहना करता हूँ।

आज मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की भव्यता और सफल आयोजन की सराहना की। यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। देवभूमि से विशेष लगाव रखने वाले प्रधानमंत्री का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हृदय तल से आभार! इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को खेलों का हब बनाने और खिलाड़ियों के समग्र उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूरे देश वासियों को एक नई प्रेरणा देता है – सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जगतगुरू आश्रम , हरिद्वार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 119वां संस्करण सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम पूरे देश वासियों को एक नई प्रेरणा देता है। मन की बात से सभी में नया प्रोत्साहन एवं उत्साहवर्धन होता है। देश के सामूहिक प्रयासों, युवा सपनों और नागरिकों की आकांक्षाओं की बात को प्रधानमंत्री सबसे साझा कर, बेहतर कार्यों के लिए देशवासियों को प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बारे में देश व दुनिया को मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के भिन्न-भिन्न स्थानों पर आयोजित किए गए। उत्तराखंड के 11 स्थान पर इन खेलों का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। जिसमें राफ्टिंग की प्रतियोगिता शारदा और काली नदी में दिन के बजाय रात्रि में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि 38 वें राष्ट्रीय खेल राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि, वीर भूमि के साथ अब खेल भूमि के रूप में स्थापित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जहां 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का स्थान 25वे नंबर पर था वहीं 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का स्थान सातवें नंबर पर होना गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में देश भर से आए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम में उत्तराखंड में हुए 38वे राष्ट्रीय खेलों की बात करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।


यूसीसी को लेकर भ्रामक तथ्यों के प्रचार पर स्पष्टीकरण एवं कानूनी चेतावनी

देहरादून।  सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर समान नागरिक संहिता (UCC) के कुछ प्रावधानों को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा भ्रामक और गलत जानकारी फैलाई जा रही है, जैसे कि उत्तराखंड में UCC में विवाह पंजीकरण कराने से बाहरी लोगों को राज्य का निवास प्रमाणपत्र (डोमिसाइल) मिल जायेगा। यह गलत और भ्रामक तथ्य है। UCC के तहत विवाह या अन्य पंजीकरण का राज्य के निवास प्रमाणपत्र (डोमिसाइल) से कोई संबंध नहीं है और न ही किसी व्यक्ति को विवाह या अन्य पंजीकरण के आधार पर उत्तराखंड का निवास प्रमाणपत्र प्रदान किये जाने का समान नागरिक संहिता (UCC) में कोई प्रावधान है।

UCC को लेकर अफवाह फैलाना, भ्रामक या झूठी जानकारी प्रसारित करना एक कानूनन अपराध है, ऐसा कोई व्यक्ति या समूह जो भ्रामक सूचना प्रचारित/प्रसारित करेगा उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से अनुरोध है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें।

यदि किसी को UCC से संबंधित किसी भी प्रावधान पर संदेह या स्पष्टीकरण की आवश्यकता हो, तो वे गृह विभाग, उत्तराखंड सरकार से आधिकारिक माध्यमों पर संपर्क कर सकते हैं।


 मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साइकिल रैली से दिया मतदाता जागरुकता का संदेश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साइकिल चला बढ़ाया उत्साह

18 से लेकर 69 वर्ष तक के साइकिल प्रेमी हुए रैली में शामिल

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर पुलिस लाइन्स देहरादून में मतदाता जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं 20 किलोमीटर दूरी पूरी करते हुए मतदाता जनजागरुकता का संदेश दिया। साइकिल रैली में 250 से अधिक साइकिल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता शपथ के साथ शुरु हुई जिसके बाद साइकिल रैली पुलिस लाइन्स से होते हुए आराघर चैक, ईसी रोड होते हुए राजपुर रोड से कैनाल रोड पार करते हुए काटबंग्ला पुल पंहुची। यहां से साइकिल रैली वापस उसी मार्ग से पुलिस लाइन्स ग्राउंड पंहुची। रैली की समापन के बाद प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मतदाताओं को उनके स्वास्थ्य एवं मताधिकारों के प्रति जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाताओं को जागरुक करने के उद्देश्य से हर माह थीमवार गतिविधियों का कैलेंडर भी तैयार किया गया है।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अब वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने हेतु साल भर में 4 अर्हता तिथियां नियत की गई हैं, जिसमें 1 जनवरी,1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की तिथियों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज करने की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

इस अवसर पर रैली में प्रतिभाग करने वाले महिला एवं पुरुषों में सबसे अधिक आयुवर्ग्र, सबसे कम आयुवर्ग के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। रैली में एसपी ट्रैफिक मुकेश ठाकुर, एडीएम जयभारत सिंह,उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,मुक्ता मिश्र सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास, पहाड़ी पैडलर से गजेंद्र रमोला,समीर नरुला सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।


राज्य आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा और विकास के नए आयाम गढ़ रहा – मुख्यमंत्री धामी 

विधानसभा में सीएम धामी ने कहा, जनता से किया वादा पूरा करके ही दम लेता हूँ

सीएम धामी ने कांग्रेसियों को याद दिलाए उनके भ्रष्टाचार के खेल

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन न केवल सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का एक सार्थक परिचय था बल्कि यह विपक्ष के भ्रष्टाचार और विफलताओं पर एक सटीक प्रहार भी साबित हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य की प्रगति और भविष्य के लिए तय किए गए लक्ष्यों का स्पष्ट खाका प्रस्तुत किया, वहीं कांग्रेस की पिछली सरकारों की असफलताओं और भ्रष्टाचार के काले अध्याय को सदन के समक्ष बेनकाब किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष में बजट का आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह दर्शाता है कि राज्य आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है और विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। पिछले बजट की तुलना में इस वर्ष के बजट में 13% की वृद्धि हुई है, जो उत्तराखंड के समावेशी और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने बजट को “नमो” (नवाचार, आत्मनिर्भर उत्तराखंड, महान विरासत और ओजस्वी मानव संसाधन) की थीम पर आधारित बताया। साथ ही, उन्होंने “ज्ञान” (गरीब कल्याण, युवा, अन्नदाता एवं नारी कल्याण) के सिद्धांतों को भी इस बजट का मूल आधार बताया। सरकार की यह पहल राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास के नए मार्ग प्रशस्त करने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री धामी का भाषण विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस, के भ्रष्टाचार के काले इतिहास को उजागर करने वाला भी था। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हर पद की बोली लगती थी और नकल माफिया को खुला संरक्षण दिया गया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस ने नकल के काले खेल को बढ़ावा दिया और युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।

धामी सरकार ने इस कुप्रथा पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिससे युवाओं का विश्वास बहाल हुआ है। इसके अलावा, समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सरकार का ऐतिहासिक निर्णय राज्य में समानता और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कांग्रेस की स्वार्थपूर्ण राजनीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह दल हमेशा समाज को बांटने की नीति पर काम करता रहा है, जबकि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को अपनाकर समाज को एकजुट करने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस, पर उत्तराखंड में हुए विभिन्न घोटालों को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने केदारघाटी आपदा घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला, दरोगा भर्ती घोटाला, शराब घोटाला, एनएच-74 भूमि घोटाला, विधायकों की खरीद-फरोख्त का स्टिंग ऑपरेशन, विधानसभा भर्ती घोटाला, बीडीओ भर्ती घोटाला और सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार जैसे मामलों को गिनाते हुए विपक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था और हर स्तर पर घोटाले होते रहे, लेकिन भाजपा सरकार में पारदर्शिता और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

अपने भाषण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को गिनाते हुए यह स्पष्ट किया कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिससे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। धामी सरकार ने आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला भारत का पहला राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया, जो सामाजिक समरसता और न्याय को सुनिश्चित करता है।

प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का ऐतिहासिक आयोजन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही, जिसमें उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 103 पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही, SDG इंडेक्स की रिपोर्ट में उत्तराखंड ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जो राज्य में सतत विकास की दिशा में किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।

राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत संचालित Single Window System को देश में Top Achievers श्रेणी का पुरस्कार प्राप्त हुआ, जिससे यह साबित हुआ कि उत्तराखंड निवेश और उद्योगों के लिए एक आदर्श गंतव्य बन रहा है।

सरकार ने भर्ती परीक्षाओं के अपने वादे को पूरा करने के करीब पहुंचते हुए 20,000 से अधिक भर्तियां की हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। यह सरकार की पारदर्शिता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि उसने अपने वादों को जमीन पर उतारने का कार्य किया है।


टिहरी के थत्यूड़ में दो भाईयों की कार हुई हादसे का शिकार, एक की मौके पर ही मौत 

टिहरी। थत्यूड़ में देर रात एक कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार में सवार दो भाइयों में से एक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, देर रात कार में सवार लोग ग्राम ललोटना में एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने निवास नौघर गांव लौट रहे थे। थत्यूड-मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर थत्यूड़ से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर पावर हाउस के पास एक कार (UK09A2651) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिसमें कार चालक गंभीर सिंह(53) पुत्र सबल सिंह व उनके साथ उनका भाई महावीर सिंह(48) पुत्र सबल सिंह सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना थत्यूड पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय बस्ती के लोगों के साथ घायलों को खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल महावीर सिंह को मृतक घोषित कर दिया और दूसरे गंभीर घायल उनके भाई को देर रात को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया। शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृतक का पंचनामा की कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया गया।


अपने बयान के लिए वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रकट किया खेद

मैंने कहा था कि सारे उत्तराखंड में देश के सभी हिस्सों के लोग रहते हैं – प्रेमचंद

मेरे बयान को कुछ लोग गलत तरीके से तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे हैं- प्रेमचंद

देहरादून। बीते रोज सदन के भीतर दिए गए बयान पर वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने खेद प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि उत्तराखंड में रह रहे सभी लोग उनके परिवार है और परिवार के लोगों के समक्ष अनजाने में कही गई बात के लिए खेद प्रकट करने में उन्हें संकोच नहीं है। सदन के भीतर उनके द्वारा कही गई बात को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मेरे बयान को कुछ लोग ग़लत तरीक़े से तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। मैंने कहा था कि सारे उत्तराखंड में देश के सभी हिस्सों के लोग रहते हैं। हम सभी उत्तराखंड के हैं और उत्तराखंड हमारा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमारे हृदय में समाया है। मैंने सारे उत्तराखंड की बात की थी। कहा कि मेरा उद्देश्य और कथन का आशय यह था कि उत्तराखंड एक गुलदस्ता है जिसमें हर तरह के रंग बिरंगे फूल इसकी खूबसूरती हैं। मेरे बयान को ग़लत तरीक़े से पेश किया गया।

उन्होंने कहा कि मेरी बात से कई लोगों की भावनाएँ आहत हो गई हैं, ऐसा मुझे महसूस हो रहा है। मेरी वजह से किसी को पीड़ा पहुँचे यह मेरा स्वभाव नहीं है। इसलिए जाने अनजाने जिस किसी को भी पीड़ा पहुंचीं हैं,उसके लिए मैं हृदय से खेद व्यक्त करता हूँ।उन्होंने कहा कि हम सब एक परिवार हैं और परिवार में छोटों का स्नेह और बड़ों का आशीर्वाद मेरे ऊपर बने रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार के सदस्यों के सामने खेद प्रकट करने में उन्हें कोई संकोच नहीं है।


मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने 7वें काॅमन रिव्यू मिशन की बैठक में किया प्रतिभाग 

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत 7वें काॅमन रिव्यू मिशन का नेतृत्व कर रहे संजय अग्रवाल (सेनानिवृत आईएएस, पूर्व सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण ) ने राज्य में काॅमन रिव्यू मिशन से अपेक्षाओं के सम्बन्ध में आज विधानसभा भवन में बैठक ली।

सीआरएम (काॅमन रिव्यू मिशन) द्वारा 7वें काॅमन रिव्यू मिशन के तहत मुख्य सचिव एवं ग्रामीण विकास, जलागम, पंचायती राज सहित सभी सम्बन्धित विभागों से राज्य की विशेष परिस्थितियों के अनुरूप वर्तमान में संचालित योजनाओं में आवश्यक बदलावों के सम्बन्ध में सुझाव मांगे गए हैं। सीआरएम द्वारा ग्राम्य विकास से सम्बन्धित विभिन्न योजनाओं से बेहतर परिणाम प्राप्त करने हेतु प्रत्येक योजना में कम से कम 5 इनोवेटिव सुझाव मांगे गए हैं। इसके साथ ही सीआरएम सदस्यों ने राज्य में योजनाओं के क्रियान्वयन दौरान अपनायी जा रही बेस्ट प्रैक्टिसेज का विवरण भी सीआरएम को देने के निर्देश दिए हैं। सीआरएम द्वारा राज्य में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आ रही समस्याओं, बाधाओं एव कमियों से भी अवगत कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनमें आवश्यक सुधार किया जा सके।

मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने राज्य के विशेष परिस्थितियों के अनुरूप कुछ योजनाओं में नीतिगत स्तर पर आवश्यक सुधारों की बात कही। उन्होंने मनेरगा के तहत सेवा क्षेत्र को सम्मिलित करने तथा वाॅटर शेड प्रोग्राम में राज्य के विशेष परिस्थितियों के अनुकूल सुधार के सुझाव दिए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार का 7वां कॉमन रिव्यू मिशन (सी०आर०एम०) 18 फरवरी से 02 मार्च तक प्रस्तावित है। सी०आर०एम० को ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के प्रकरणों को समझने एवं बेहतर सार्वजनिक सेवा वितरण हेतु सुझाव देने का कार्य सौंपा गया है। 7वां सी०आर०एम० श्री संजय अग्रवाल, पूर्व सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय द्वारा लीड किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, वरिष्ठ शिक्षाविदों सहित कुल 36 सदस्यों द्वारा उत्तराखंड सहित 09 राज्यों का दौरा किया जायेगा। सी०आर०एम० के सदस्यों द्वारा 21 फरवरी को राज्य के अधिकारियों के साथ मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में ब्रीफिंग सेशन किया गया, तत्पश्चात् सदस्य दो समूहों में गठित होकर 22 फरवरी से दिनांक 24 फरवरी तक दो जनपदों का दौरा करेंगे, जिसके उपरान्त सचिवालय में 25 फरवरी को सभी सदस्य पुनर्गठित होकर सचिव, ग्राम्य विकास विभाग की अध्यक्षता में डीब्रीफिंग सत्र में प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में सचिव श्रीमती राधिका झा, चन्द्रेश कुमार, अपर सचिव मनुज गोयल सहित सभी सम्बन्धित विभागों के अपर सचिव एवं अधिकारी मौजूद रहे।


विधानसभा में भू-कानून को अधिक सशक्त करते हुए ऐतिहासिक संशोधन विधेयक किया पास

सशक्त भू कानून विधेयक प्रदेश के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखेगा- सीएम धामी

देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा में भू-कानून को अधिक सशक्त करते हुए ऐतिहासिक संशोधन विधेयक पास किया गया। सदन में बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संतुलन और आमजन के अधिकारों की रक्षा हेतु सख्त भू-कानून नितांत आवश्यक था। यह कानून प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अनियंत्रित भूमि खरीद-बिक्री पर रोक लगाएगा और राज्य के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखेगा।

यह महत्वपूर्ण निर्णय उत्तराखण्ड की जनता की भावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हमारी सरकार देवभूमि के सम्मान, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि बजट सत्र में नया भू कानून विधेयक सदन के पटल पर रखा गया था।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp