Saturday, November 28, 2026
10:16 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने महिला किसान बहनों को “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” से किया सम्मानित

Category Archives: उत्तराखंड

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने महिला किसान बहनों को “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” से किया सम्मानित

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून हाथी बड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में कृषि विभाग द्वारा आयोजित “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कृषि मंत्री और माता मंगला ने प्रदेशभर से आईं महिला किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माता मंगला ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी समाज की रीढ़ है और उनके बिना किसी भी समाज की उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए मंत्री गणेश जोशी को बधाई दी और कहा कि महिलाएं केवल परिवार और समाज को संवारने वाली नहीं, बल्कि सशक्त नेतृत्व और प्रगति की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा, “हर नारी के भीतर असीम शक्ति छिपी होती है, जरूरत है उसे पहचानने और आगे बढ़ाने की।” उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें और समाज में नई ऊंचाइयों को छू सकें।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और कृषि विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला किसान जैविक खेती, आधुनिक तकनीकों और नवाचार को अपनाकर उत्तराखंड की खेती को नई दिशा दे रही हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है और आज भी वे प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 03 करोड़ “लखपति दीदी” बनाने की परिकल्पना की है। इसे उत्तराखंड में सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इस रजत जयंती वर्ष में नवंबर 2025 तक 1.50 लाख “लखपति दीदी” बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि समाज की पूरी धुरी महिलाओं के आसपास घूमती है और सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न योजनाओं और नीतियों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

महिला किसानों के अनुभव:कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से आईं महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि धामी सरकार को वे अपने मायके की तरह देखती हैं, जहां हर जरूरत का ध्यान रखा जाता है। महिलाओं ने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए पिता समान भूमिका निभा रहे हैं, जो हर कदम पर सहयोग और समर्थन दे रहे हैं। इस अवसर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इन महिला किसान बहिनों का किया गया सम्मान- जनपद अल्मोड़ा सुमित्रा देवी, जनपद बागेश्वर कविता मेहता, जनपद रुद्रप्रयाग अंजू देवी, जनपद चमोली महेश्वरीदेवी, जनपद चंपावत इंदिरा कुल्याण, जनपद हरिद्वार कृष्णा रावत, जनपद पौड़ी अंजलि देवी, जनपद पिथौरागढ़ रेखा भट्ट, जनपद टिहरी सरिता कोठियाल, जनपद उधम सिंह नगर कविता तिवारी, जनपद देहरादून रजनी देवी, जनपद नैनीताल सावित्री गारजोला, जनपद उत्तरकाशी उर्मिला देवी, जनपद उधम सिंह नगर रिंकू राणा, जनपद नैनीताल रजनी रावत, जनपद उत्तरकाशी श्रुति रावत और दीपिका कैंतुरा, जनपद अल्मोड़ा कमला भंडारी, जनपद बागेश्वर धना कोरंगा, जनपद पिथौरागढ़ बबीता सिंह, जनपद चंपावत दीपा नैथानी, जनपद हरिद्वार सुनीता चौधरी, जनपद देहरादून विमला देवी, जनपद टिहरी लक्ष्मी सकलानी, जनपद पौड़ी लक्ष्मी देवी, जनपद रुद्रप्रयाग निधि राणा, जनपद चमोली शोभा देवी, जनपद उत्तरकाशी उर्मिला देवी, जनपद पिथौरागढ़ रेखा भट्ट आदि।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैंट विधायक सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, नगर पालिका परिषद मीरा सकलानी, सचिव कृषि एसएन पांडे, कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, डायरेक्टर दीप्ति सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से महिला किसान उपस्थित रहीं।


हेमकुंड साहिब जाने वाले अस्थायी पुल का निर्माण सफलतापूर्वक हुआ पूरा

ग्रामीणों की आवाजाही हुई शुरू 

जोशीमठ। गोविंदघाट में लोनिवि ने पुलना के ग्रामीणों की आवाजाही के लिए अस्थाई पुल तैयार कर दिया है। अस्थाई पुल से आवाजाही शुरू हो गई है। बीते मंगलवार को गोविंदघाट में चट्टान टूटने से मोटर पुल ध्वस्त होकर अलकनंदा नदी में समा गया था। जिसके कारण पुलना गांव, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी का संपर्क पूरी तरह से कट गया था। वहीं मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

तब से ग्रामीण नदी पर टिन डालकर आवाजाही कर रहे थे। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने घटना के दिन ही लोनिवि को अस्थाई पुल तैयार करने के निर्देश दिए थे। लोनिवि ने अलकनंदा नदी पर शुक्रवार को अस्थाई पुल बना दिया है। जिससे लोगों को पैदल आवाजाही में दिक्कत नहीं होगी। 


विद्या समीक्षा केन्द्र से जुड़ेंगे सभी आवासीय विद्यालय- डॉ. धन सिंह रावत

आईआईएम काशीपुर से प्रबंधन के गुर सीखेंगे प्रधानाचार्य व वार्डन

कहा, प्रत्येक माह आवासीय विद्यालयों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

देहरादून।  विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेशभर में संचालित आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों को विद्या समीक्षा केन्द्र से जोड़ा जायेगा। इन विद्यालयों में उच्च स्तरीय प्रबंधन एवं शैक्षणिक गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने के लिये प्रधानाचार्य एवं वार्डन को आईआईएम काशीपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जायेगा साथ ही सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का शैक्षिक भ्रमण भी कराया जायेगा। आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य देखभाल के दृष्टिगत प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर लगाये जायेंगे, जिसमें निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक व स्टॉफ शामिल होंगे। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विद्यालयी शिक्षा महानिदेशलय स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद सभागर में गढ़वाल मण्डल के आवासीय विद्यालयों की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने आवासीय विद्यालयों राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय तथा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावासों को विद्या समीक्षा केन्द्र से जोड़ने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि विद्या समीक्षा केन्द्र से जुड़ने पर आवासीय विद्यालय ऑनलाइन मोड़ में आ जायेंगे, जिससे उनकी मॉनिटिरिंग के साथ ही समस्याओं का भी शीघ्र निस्तारण किया जा सकेगा।

डा. रावत ने कहा कि इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं वार्डन को प्रबंधन कौशल विकास के लिये आईआईएम काशीपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जायेगा, इसके साथ ही इन्हें चरणबद्ध तरीके से सैनिक स्कूल घोड़ाखाल, नैनीताल का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया जायेगा। ताकि आवासीय विद्यालयों में प्रबंधन एवं शैक्षणिक गतिविधियों को और सुदृढ़ किया जा सके। बैठक में विभागीय मंत्री ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिये आवासीय विद्यालय एवं छात्रावासों में प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा सप्ताह में फार्मासिस्ट अथवा नर्सिंग अधिकारी की रूटीन ड्यूटी लगाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

बैठक में विभागीय मंत्री ने आवासीय विद्यालयों का पृथक कैडर बनाने, प्रधानाचार्य के रिक्त पदों को भरने के लिये भर्ती विज्ञापन जारी करने, पांच वर्ष से अधिक समय से प्रतिनियुक्ति पर तैनात प्रधानाचार्य व वार्डन को वापस मूल पद पर भेजने तथा नई तैनाती करने के निर्देश दिये। उन्होंने छात्र नामांकन को बढ़ाने तथा कक्षा-7,8 व 11 में रिक्त सीटों को भरने के लिये लिटरल इंट्री के माध्यम से प्रवेश देने, चार नये नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास का प्रस्ताव भेजने तथा समय-समय पर जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित कर विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

बैठक में प्रभारी निदेशक बेसिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला, उप राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा पल्लवी, स्टॉफ ऑफिसर समग्र शिक्षा बी.पी मंदोली सहित गढ़वाल मंडल के आवासयी विद्यालयों के प्राचार्य व वार्डन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सूबे में आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों की स्थिति

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 75 आवासीय विद्यालय व छात्रावास संचालित किये जा रहे हैं। जिसमें गढ़वाल मंडल में 29 व कुमाऊं मण्डल में 10 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय स्थापित हैं। इसी प्रकार गढ़वाल मंडल में 13 व कुमाऊं मण्डल में 6 नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावास है। जबकि प्रत्येक जनपद में एक-एक राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं। इसके अलावा गढ़वाल व कुमाऊं दो-दो राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कस्तूरब गांधी बालिका विद्यालयों में वर्तमान में 4015 छात्राएं अध्ययनरत हैं। जबकि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में कुल 2740, राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय 229 तथा नेताजी सुभाषचंद्र बोस छात्रावासों में 1203 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

शिक्षा मंत्री ने दिये नवनियुक्त उपशिक्षा अधिकारियों को गुरूमंत्र

कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय स्थित राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) में नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचकर प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित होकर आये 25 उपशिक्षा अधिकारियों से वार्तालाप की। जिसमें प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा अपने प्रशिक्षण काल के अनुभवों को साझा किया। विभागीय मंत्री डा. रावत ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुये पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर शिक्षा व्यस्था को उच्च आयाम तक पहुंचाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था में प्र्रबंधन कौशल की बारीकियां बताई।


मुख्यमंत्री धामी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मातृशक्ति को दी शुभकामनायें

प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए सजग- मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों विशेष रूप से मातृशक्ति को शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज अथवा राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। भारतीय संस्कृति में शक्ति की पूजा की जाती रही है, महिला समाज की मार्ग दर्शक के साथ ही प्रेरणा का स्त्रोत भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के बेहतर भविष्य के लिए उनका वर्तमान संवारने के लिए राज्य सरकार द्वारा कारगर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत तथा उत्तराखण्ड सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्राविधान किया गया है। प्रदेश में अब तक 1 लाख लखपति दीदी बनाई जा चुकी है। अगले वर्ष तक यह लक्ष्य 2.50 लाख करने का रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने समान नागरिक संहिता लागू कर राज्य की जनता से किया वादा पूरा किया है। यह महिलाओं के सम्मान से जुड़ा कानून भी है। कौशल विकास के माध्यम से महिलाओं की आर्थिकी को मजबूती प्रदान की जा रही है।


राज्यपाल ने राजभवन में ‘वसंतोत्सव-2025’ का किया शुभारंभ 

उत्तराखण्ड के पुष्प राज्य को ‘पुष्प प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की असीम संभावनाएं भी रखते हैं- राज्यपाल

तीन दिवसीय वसंतोत्सव में लोगों का अपार उत्साह देखने को मिल रहा है- राज्यपाल

वसंतोत्सव में 15 विभिन्न श्रेणियों में कुल 2231 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, विभिन्न संस्थाओं/व्यक्तियों ने कुल 214 स्टॉल लगाए

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन में ‘वसंतोत्सव-2025’ का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न फूलों की भव्य प्रदर्शनी के साथ ही राजभवन के बहुप्रतीक्षित आयोजन वसंतोत्सव की शुरुआत हो गई। राज्यपाल ने इस अवसर पर डाक विभाग द्वारा इस वर्ष के लिए विशेष डाक आवरण के लिए चयनित औषधीय गुणों से भरपूर पौधे ‘’जटामांसी’’ का विमोचन किया, साथ ही डाक विभाग देहरादून द्वारा लगायी गयी भव्य डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही आईएमए, पीएसी और होमगार्ड के जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से समां बांध दिया। जौनसार से आए कलाकारों ने पारंपरिक हारूल नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोरखा राइफल्स के जवानों ने खुखरी नृत्य के माध्यम से अपनी अद्भुत शारीरिक और मानसिक शक्ति का प्रदर्शन किया।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार की छात्राओं ने योग प्रदर्शन के दौरान अद्भुत करतब दिखाए, निरामया योगम रिसर्च फाउंडेशन, हरिद्वार एवं उत्तरांचल आयुर्वेदिक कॉलेज, देहरादून द्वारा भरत नाट्यम आधारित योग नृत्य तथा शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति की गई, जिसका निर्देशन योगाचार्य डॉ. उर्मिला पाण्डे द्वारा किया गया और उत्तरांचल आयुर्वेदिक कॉलेज, देहरादून के रोहित कुमार 38वें राष्ट्रीय खेल के गोल्ड मेडलिस्ट द्वारा एकल आर्टिस्टिक योगा का भव्य प्रदर्शन किया गया। वहीं आईटीबीपी के जवानों ने कराटे का शानदार प्रदर्शन कर रोमांच पैदा किया। राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।

राज्यपाल ने पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों के बच्चों से मुलाकात की और उनके द्वारा बनाई जा रही पेंटिंग की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने वसंतोत्सव में लगी फूलों की भव्य प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उनके बारे में जानकारी ली। फूलों से सजे सेल्फी प्वाइंट को देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया और वहां फोटो खिंचवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

राजभवन में ‘वसंतोत्सव-2025’ के भव्य शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि उत्तराखण्ड को प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत का अनमोल उपहार प्राप्त है। यहां के पुष्प न केवल सौंदर्य और विशिष्टता में अद्वितीय हैं, बल्कि राज्य को ‘पुष्प प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की असीम संभावनाएं भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में शहद, सुगंधित पौधों और फूलों के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जो राज्य की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण विकास में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती हैं।

राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव-2025 में इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आगंतुक गणना और क्यूआर कोड फीडबैक सिस्टम जैसी नई पहल की गई हैं। उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय और आईटीडीए के सहयोग से ये नवाचार उत्सव को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाएंगे। यह आयोजन न केवल पुष्प प्रेमियों के लिए बल्कि तकनीकी विकास के लिए भी एक नया आयाम स्थापित करेगा।

राज्यपाल ने कहा कि इस बार वसंतोत्सव में लोगों का अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। यह महोत्सव उन सभी के लिए एक विशेष अवसर है, जो फूलों की सुंदरता से प्रेम करते हैं और प्रकृति से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लें, उत्तराखण्ड के पुष्पों की विलक्षणता का अनुभव करें और प्रकृति के इस अद्भुत उत्सव का आनंद लें।

वसंतोत्सव के आयोजन में कट फ्लावर(पारंपरिक) प्रतियोगिता में 621 प्रतिभागी, कट फ्लावर (गैर पारंपरिक) श्रेणी में 145 प्रतिभागी, कट फ्लावर (दिव्यांग श्रेणी) में 05 प्रतिभागी, महिला पुष्प उत्पादक 76 प्रतिभागी, पॉटेड प्लांट श्रेणी(प्राइवेट नर्सरी) में 18, लूज फ्लावर श्रेणी में 44, पॉटेड प्लांट(गैर पुष्प) श्रेणी में 19 प्रतिभागी, सब्जी उत्पादन 42, कैक्टस एवं सेकुलेंट श्रेणी में 22, बोनसाई श्रेणी में 17, टेरारियम श्रेणी में 02, हैंगिंग पॉट श्रेणी में 12, हाइड्रोपोनिक्स कल्टीवेशन श्रेणी में 05, पॉट्स फॉर गार्डनिंग 18, ऑन स्पॉट फोटोग्राफी में 42, शहद की श्रेणी में 53, फ्रेश पेटल रंगोली में 20 और पेंटिंग प्रतियोगिता में 1070 प्रतिभागियों द्वारा हिस्सा लिया गया है। आज के आयोजन में कुल 15 श्रेणियों की 55 उप श्रेणियों में कुल 2231 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार निर्णायक मण्डल के निर्णय के बाद 9 मार्च, 2024 को प्रदान किए जाएंगे।

वसंतोत्सव में विभिन्न संस्थानों/व्यक्तियों द्वारा कुल 214 स्टॉल लगाए गए। इस दौरान राज्य के 26 विभिन्न राजकीय संस्थानों द्वारा स्टॉल पर अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। जिसमंे औद्यानिक यन्त्र, बायो फर्टिलाइजर एवं औद्यानिक गतिविधियों से जुड़े गैर सरकारी संस्थाओं/स्वयं सहायता समूहों/स्थानीय उत्पादक संगठनों द्वारा अपने कार्यक्रमों/उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। वसंतोत्सव में आमजन के खान-पान की सुविधा के लिए विभाग द्वारा गतवर्षों की भांति आई0एच0एम0 एवं जी0आई0एच0एम0 और विभिन्न संस्थाओं के द्वारा फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट, पौष्टिक पैक्ड फूड की व्यवस्था की गई। देवभूमि विश्वविद्यालय द्वारा मिलेट पर आधारित स्टॉल लगाए है।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज, माता मंगला, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण डॉ. एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान रणवीर चौहान, अपर सचिव राज्यपाल स्वाति एस. भदौरिया, निदेशक उद्यान दीप्ति सिंह सहित उद्यान विभाग के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


महिला आयोग की अध्यक्ष ने देवभूमि की मातृशक्ति को दी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं

हमारे देवभूमि की मातृशक्ति बहुत ही मेहनती, देवभूमि की मातृशक्ति हर क्षेत्र में राज्य का नाम रौशन कर रही

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने देवभूमि की समस्त मातृशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा की हमारे देवभूमि की मातृशक्ति बहुत ही मेहनती है साथ ही वो हर कार्य को करने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि आज हमे गर्व होता है कि उत्तराखण्ड की बेटियाँ व बहने सर्वोच्च पदों में विराजमान है। चाहे वो कोई भी क्षेत्र हो चाहे राजनैतिक क्षेत्र में देखें या सरकारी पदों में, चाहे वो खेल की बात करे या सेना की…

देवभूमि की मातृशक्ति हर क्षेत्र में राज्य का नाम रौशन कर रही है। क्योंकि हमारे राज्य की अनेकों महिलाएं जो कि हमारे लिए ही नही अपितु समस्त विश्व के लिए एक मिसाल एक उदाहरण के रूप में प्रसिद्ध है, गौरा देवी, रानी कर्णावती, बछेंद्री पाल, तीलू रौतेली, कैप्टन भवानी गुरुनानी ऐसी अनेकों अनेक महिलाएं जो समाज मे प्रेरणा का स्त्रोत है। आज हमारे देश की महामहिम राष्ट्रपति एक पिछड़े व आदिवासी क्षेत्र की महिला है राज्य की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी भी अपने आप मे श्रेष्ठतम उदाहरण है।

उन्होंने पुनः कहा मैं इस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च 2025 के शुभ अवसर पर समस्त मातृशक्ति को शुभकामनाएं देती हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारी महिला शक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अपनी प्रगति की नई मिसाल कायम करेंगीं।


ग्रास रूट लेवल पर काम करके निकलेंगे चैंपियन- रेखा आर्या

तेलंगाना के हैदराबाद में चिंतन शिविर में बोली खेल मंत्री

38 वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन पर उत्तराखंड की वाहवाही

हैदराबाद/देहरादून। तेलंगाना के हैदराबाद में शुरू हुए चिंतन शिविर में उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देश को अगर खेलों में चैंपियन पैदा करने हैं तो ग्रास रूट लेवल पर बड़ा काम करना होगा। शिविर में सभी राज्यों से आए खेल मंत्रियों ने ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन सुधारने पर विचार विमर्श किया।

हैदराबाद के कन्हा शांति वनम के भवन में कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने किया।डॉ. मंडाविया ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी करने की कल्पना की है और राज्यों से इस महत्वाकांक्षा को साकार करने में सक्रिय रूप से योगदान देने का आग्रह किया है।

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ी के जीतने पर तो उसे हर जगह पूछा जाता है लेकिन जिस दौर में वह तैयारी कर रहा होता है उस वक्त खिलाड़ी के साथ खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें प्रतिभा को हर गांव, कस्बे, शहर में स्कूल लेवल पर ही पहचानना होगा और उन्हें विशेष संरक्षण देकर निखारने का काम करना होगा।

रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड में इसी तरह की दो योजनाएं उदीयमान खिलाड़ियों को लेकर चलाई जा रही है और अब इन योजनाओं का नतीजा भी सामने आने लगा है। रेखा आर्या ने कहा कि ओलंपिक जैसे इवेंट के लिए संभावित खिलाड़ियों का चयन समय रहते करके उन्हें खेल आयोजन स्थल जैसी वास्तविक परिस्थितियों में 6 महीने कोचिंग कराई जाए तो प्रदर्शन सुधारने में मदद मिलेगी। चिंतन शिविर के दौरान अन्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से आए खेल मंत्रियों ने भी अपने विचार रखें।

खेल मंत्री रेखा आर्या के संबोधन के दौरान 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन की चर्चा होने पर पूरे सभागार ने तालियां बजाकर खेल मंत्री और उत्तराखंड की जनता को बधाई दी।

रेखा आर्या ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखंड में कई खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल सुविधाएं तैयार की गई है और इसका फायदा दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य को अगर ऐसी आवश्यकता है तो उत्तराखंड सरकार इसमें सहयोग के लिए हमेशा तैयार है।


प्रधानमंत्री के “फिट इण्डिया’ अभियान में योग की अहम भूमिका- महाराज

पर्यटन मंत्री बोले गंगा के साथ-साथ योग का भी उद्गम स्थल है उत्तराखंड

सात दिवसीय योग महोत्सव का हुआ समापन

ऋषिकेश। ऋषिकेश न केवल चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है वरन विश्व योग व आध्यात्म की अन्तर्राष्ट्रीय राजधानी भी है। इस देव भूमि में ऋषि-मुनियों ने कठिन साधना कर स्वास्थ्य रक्षण के लिए योग और प्रणायाम के ऐसे सूत्र तलाशे हैं जो मानव सभ्यता के लिए वरदान साबित हुए हैं।

उक्त बात अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को शीशम झाड़ी, मुनि की रेती स्थित “गंगा रिजॉर्ट” में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देश-विदेश से आए योग साधकों, योगाचार्यों, योग गुरूओं, कथावाचक, समस्त प्रतिभागियों, गणमान्य अतिथियों और व्यवस्था में लगे पर्यटन विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज एवं जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पावन पवित्र गंगा का ही नहीं वरन योग का भी उदगम स्थल है, योग व गंगा भारत के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री महाराज ने कहा कि ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। दुनिया भर के संत, महात्मा व साधक की यह साधना भूमि रही हैं। उत्तराखण्ड को योग की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस बार भी अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 01 मार्च से 07 मार्च तक गंगा जी के पवित्र तट पर आयोजित किया गया। इस आयोजन में देश-विदेश के लगभग 410 प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योगाभ्यास किया। योग महोत्सव में विभिन्न देशों से आए 38 विदेशी साधकों ने भी भाग लिया जो कि स्पेन, कनाडा, इजराईल, जर्मन, फ्रांस, नीदरलैंड, जापान, रोमानिया, सिंगापुर, यू०एस०ए०, मैक्सिको, इण्डोनेशिया, एर्जेटिना आदि देशों से आए हैं।

उन्होंने बताया कि सात दिन की इस अवधि में ख्याति प्राप्त योगाचार्यों व योग गुरूओं द्वारा योग प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग क्रियाओं का अभ्यास कराने वाले प्रमुख योग गुरूओं में स्वामी आत्मस्वरूपानंद सरस्वती, योगिनी उषा माता, ग्रैण्ड मास्टर अक्षर, डा० लक्ष्मीनारायण जोशी, योगिनी उर्मिला पाण्डे, योगी अभिषेक सोती, डा० अर्पिता नेगी, कपिल संधी, डा० नवदीप जोशी, स्वामी बोद्धी वर्धमान, डा० अमित राज, स्वामी जितानंद, योगी जयदेवन, डा० विपिन जोशी आदि प्रमुख हैं। सात दिवसीय इस अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, भोजपुरी लोक गायक विमल बावरा और इण्डियन ओशन द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गयी। इसके अलावा कथावाचक सुश्री जया किशोरी जी व सुविख्यात लेखक अक्षत गुप्ता भी योग महोत्सव के आकर्षण रहे हैं।

महाराज ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन विश्व भर में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने की दिशा में निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा ऐसा मुझे विश्वास है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “फिट इण्डिया’ अभियान में भी योग की अहम भूमिका रही है। आज पूरी दुनिया के लोग बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग की ओर भाग रहे हैं जब स्वास्थ्य विज्ञानियों ने भी यह साबित कर दिया कि स्वस्थ शरीर के लिए योग व प्रणायाम जरूरी है तब योग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के समापन पर पर्यटन मंत्री महाराज ने सभी से अपील की कि हम योग के महत्व को और अधिक फैलाने का संकल्प लें और अपने जीवन में योग को एक महत्वपूर्ण स्थान दें।


महिलाओं के प्रति भेदभाव पर उठाएं आवाज

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सचिवालय में कार्यक्रम

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सचिवालय संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

सचिवालय के सभी कार्मिकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि मेरा सभी से आग्रह है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम महिलाओ को समानता का अधिकार देने का संकल्प लें ।
हम सभी को प्रतिज्ञा करनी होगी कि यदि हम अपने आसपास, परिवार या समाज में कहीं भी महिलाओं के प्रति किसी प्रकार का भेदभाव देखे तो उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। हमें महिलाओ की शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। इससे हम पूरे समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं ।  विकसित भारत, सशक्त उत्तराखंड विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमें अपनी आधी आबादी को बराबरी का अधिकार देते हुए कार्यबल में शामिल करना होगा। यदि हमे जीएसडीपी को दुगना करने का लक्ष्य जल्द पूरा करना है तो अधिक से अधिक महिलाओं को भी वर्कफोर्स से जोड़ना होगा।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों तथा होमगार्ड को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सचिवालय के सभी अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।


चीन फ्रांस कनाडा समेत सभी देशों ने ट्रंप की धमकियों का दिया जवाब तो मोदी खामोश क्यों ? 

ट्रंप की धमकियों का जवाब क्यों नहीं दे रहे प्रधानमंत्री

देहरादून। अमेरिका लगातार जिस प्रकार से भारत का नाम लेकर भारत का अपमान कर रहे है यह हैरानी वाली बात है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अपमान जनक भाषा का जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। यह बात आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। धस्माना ने कहा कि विश्वगुरु होने का दावा करते नहीं थकते आरएसएस व भाजपा के नेताओं को देश के प्रधानमंत्री से सवाल करना चाहिए कि जब चीन फ्रांस और कैनेडा ने ट्रंप के असभ्य आचरण का जवाब उन्हीं की भाषा में दिया और चीन ने तो यहां तक कह दिया कि वह ट्रंप की धमकियों के आगे नहीं झुकेगा और अमरीका चाहे कैसा भी युद्ध करने चाहे ट्रेड वार या कैसा भी वार वो हर तरह के युद्ध के लिए तैयार है।

तो फिर विश्वगुरु भारत के प्रधानमंत्री खामोशी से अपमान क्यों सह रहे हैं वे बेशक ट्रंप को ट्रंप की भाषा में जवाब न दे पाए परन्तु उनको कुछ तो जवाब देना ही चाहिए।  धस्माना ने कहा कि अपने घर में शेर के बच्चों के साथ व दो मुन्हें सांप के साथ खेलने वाले हमारे बहादुर ५६ इंची सीने वाले विश्वगुरु प्रधानमंत्री की ट्रंप के द्वारा भारत के लिए असम्मान जनक टिप्पणियां और व्यवहार के सामने उनकी चुप्पी पूरे भारत वासियों को हैरान कर रही है। और देश चाहता है कि हमारे प्रधानमंत्री चाहे चीन फ्रांस कैनेडा के राष्ट्रध्यक्षों की तरह दो टूक जैसे को तैसा जवाब न दें किंतु उनको कुछ न कुछ जवाब देना चाहिए।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp