Saturday, November 28, 2026
10:52 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री धामी ने सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले का किया शुभारंभ 

Category Archives: उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले का किया शुभारंभ 

पूर्णागिरि मेले को वर्ष भर चलाने के लिए संकल्पित है राज्य सरकार – मुख्यमंत्री

जनपद चंपावत संस्कृति,आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का है संगम

नीतियों और निर्णयों के माध्यम से पर्यटन व रोजगार को बढ़ाने हेतु किए जा रहे ठोस कार्य- मुख्यमंत्री

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ठूलीगाड़, टनकपुर (चम्पावत) में प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मेला – 2025 का शुभारंभ किया। उन्होंने मां पूर्णागिरी को नमन करते हुए प्रदेश में समृद्धि, तरक्की और शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान संपूर्ण पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में भीड़ व आपदा प्रबंधन की दृष्टि से स्मार्ट कंट्रोल रूम व सीसीटीवी निगरानी तंत्र ठुलीगाड़ में स्थापित किए जाने। पूर्णागिरि मेले हेतु सेलागाढ़ में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन बनाए जाने (जिसमें मेला मजिस्ट्रेट, मेला अधिकारी व पुलिस के साथ ही चिकित्सकों को एक साथ एक स्थान पर कार्य करने की सुविधा मिलेगी)। पूर्णागिरि क्षेत्र में लादीगाड़ में पूर्णागिरि पंपिंग पेयजल योजना बनाई जाने एवं पूर्णागिरि क्षेत्र में ठुलीगाड़, बाबलीगाड़ पंपिंग परियोजना बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा इन घोषणाओं के माध्यम में इस क्षेत्र में विकास की यात्रा को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की भूमि को देवी- देवताओं का भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश के कण-कण में दिव्यता समाई हुई है। उन्होंने कहा माँ पूर्णागिरि धाम, उत्तराखंड का प्रमुख आध्यात्मिक स्थल है। उन्होंने कहा वो हमेशा अन्य लोगों को भी धार्मिक यात्रा के लिए माँ पूर्णागिरि आने हेतु आग्रह करते हैं। कुंभ और कांवड़ यात्रा के बाद सबसे अधिक श्रद्धालु माँ पूर्णागिरि के धाम पर आते हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार मेले को वर्षभर संचालित करने के लिए संकल्पित है। जिसके लिए पूर्णागिरि धाम में स्थायी बुनियादी ढांचों का विकास किया जा रहा है। आगामी वर्षों में यह स्थान और भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप लेगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से चम्पावत के अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का आग्रह करते हुए कहा कि हमने भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखने के साथ यात्रा का आध्यात्मिक अनुभव भी लेना चाहिए। राज्य सरकार माँ पूर्णागिरि धाम के विकास के लिए सतत प्रयासरत है और आने वाले समय में इसे एक विशाल आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगी। चम्पावत में 11 से बढ़ाकर 13 मल्टी-लेवल पार्किंग को स्वीकृति दी गई है, जिससे यातायात प्रबंधन सुगम होगा।टनकपुर में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आईएसबीटी को विकसित किया जा रहा है।मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊँ के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और उनके रास्तों का चौड़ीकरण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरि क्षेत्र में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। माँ पूर्णागिरि धाम में रोपवे निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित सभी प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर एक विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार इस सर्किट को सफल बनाने के लिए जिले में बेहतर सड़क संपर्क, संचार व्यवस्था, पर्यटक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इस पहल का उद्देश्य माँ पूर्णागिरि धाम की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना एवं चम्पावत जिले में पर्यटन को नया आयाम देना है। जिसके निर्माण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सालभर आकर्षित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सर्किट उत्तराखंड को धार्मिक एवं पर्यटन के नए वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। सरकार इसके लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और शीघ्र ही इस पर अमल शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा चंपावत को प्रत्येक क्षेत्र में विकसित व अग्रणी जिला बनाने का कार्य किया जा रहा है। कनेक्टिविटी तथा शिक्षा के क्षेत्र में अनेक कार्य किया जा रहे हैं। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कैंपस का संचालन चंपावत में शुरू हो गया है। जिले के सभी विद्यालयों व महाविद्यालय का जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में 55 करोड़ की धनराशि से साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। जिससे सभी विद्यार्थियों को ज्ञान, विज्ञान व तकनीकी और नवाचार हेतु प्रेरणा मिलेगी। चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का कार्य प्रगति पर है। 16 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक कॉलेज का नया भवन बनकर तैयार हो गया है।जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा टनकपुर में 15 करोड़ की लागत से 50 बेड वाले आयुष अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। 28 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान के भवन निर्माण कार्य पूरा हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार चंपावत में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ ही अपनी नीतियों और निर्णय के माध्यम से पर्यटन को प्रोत्साहित करने व रोजगार के अवसरों को बढ़ाने हेतु ठोस कार्य कर रही है। उन्होंने कहा आने वाले 25 सालों बाद मां पूर्णागिरि धाम में आज की अपेक्षा कई गुना ज्यादा श्रद्धालु पहुंचेंगे। उस समय को ध्यान में रखते हुए सभी से इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 का संकल्प रखा है। टनकपुर में राष्ट्रीय खेलों की प्रतियोगिताओं से राफ्टिंग को निश्चित तौर पर पंख लगेंगे। बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग यहां राफ्टिंग के लिए आएंगे। उन्होंने कहा श्यामलाताल झील के विकास के लिए 5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मेला समिति को आश्वास्थ करते हुए कहा कि यह मेला हमारी प्राथमिकता में है। मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालुओं को आतिथ्य प्रदान करना ,अच्छी सुविधा व स्वच्छ वातावरण प्राप्त हो यह हमारा कर्तव्य है। ताकि प्रत्येक वर्ष मेले में आने वाले श्रद्धालु अपना अच्छा अनुभव लेकर जाएं और मेले के अच्छे अनुभव लोगों को साझा कर अन्य लोगों को भी मेले में आने के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, प्र० जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


युवक ने वॉशरूम में मोबाइल रखकर बनायी किराएदार युवती की अश्लील वीडियो, मुकदमा दर्ज 

ऊधम सिंह नगर । ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक मकान में किराए पर रहने वाले युवक ने दूसरी किरायदार युवतियों के वॉशरूम में मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिए। एक युवती ने रोशनदान में रखा मोबाइल देखा तो उसके होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

आवास विकास में एक मकान में मध्यप्रदेश की एक युवती अल्मोड़ा जिले की एक युवती के साथ किराए पर रहती है। दोनों सिडकुल की एक कंपनी में काम करते हैं। मध्यप्रदेश के मंदसोर जिले की युवती ने ट्रांजिट कैंप थाने में दी तहरीर में कहा कि 12 मार्च की रात वह कंपनी से ड्यूटी करने के बाद कमरे में पहुंची थी।

वह कमरे में बने वॉशरूम में गई ते रोशनदान पर एक मोबाइल फोन रखा था। मोबाइल का पिछला कैमरा वॉशरूम की ओर था। इस पर उन्होंने मकान मालिक को फोन करके मौके पर बुलाया और रोशनदान पर रखे माेबाइल का फोटो खींच लिया। इसके बाद वे मकान मालिक के साथ ही बिल्डिंग की छत पर गये तो वहां हरीश चमोली मौजूद था।

हरीश बिल्डिंग में किराए पर रहता था। उसके साथ पर वहीं मोबाइल था, जो वॉशरूम के रोशनदान में रखा था। उन्होंने हरीश चमोली के हाथ से मोबाइल लेकर देखा तो उसमें उनकी और साथी की वीडियो मौजूद थी। कुछ वीडियो हरीश चमोली के मोबाइल में डिलीट फोल्डर में थी। उन्होंने हरीश चमोली का मोबाइल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी हरीश के खिलाफ केस दर्ज किया है।


नैनीताल में एंट्री करने वाले वाहनों को चुकाना होगा इको टैक्स, नगर पालिका की बैठक में प्रस्ताव को मिली मंजूरी 

पर्यावरण सुधार संबंधी गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। उत्तराखंड के नैनीताल को झीलों का शहर कहा जाता है, यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं, लेकिन पर्यटन सीजन में यहां ट्रैफिक जाम एक बड़ी समस्या बन जाती है, ऐसे में अगर आप भी नैनीताल में गर्मियों की छुट्टियों में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण पर नियंत्रण पर रोक लगाने के लिए मसूरी की तर्ज पर नैनीताल नगर पालिका ने टैक्स को लगाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है, ऐसे में जल्द ही नैनीताल में एंट्री करने वाले निजी वाहनों को इको टैक्स चुकाना पड़ सकता है।

नैनीताल में प्रवेश करने वाले वाहनों से अभी तक तल्लीताल क्षेत्र से टोल टैक्स वसूला जाता था, अब नए प्रस्ताव के तहत भवाली और कालाढूंगी से आने वाली गाड़ियों पर भी टैक्स लागू होगा। नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है और इसे लागू करने से पहले कानूनी राय लेने का निर्णय लिया गया है।

निजी वाहनों की संख्या अधिक होने से नैनीताल में पार्किंग और प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है, ऐसे में स्थानीय प्रशासन को इस भीड़ को नियंत्रित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिसकी वजह से ये फैसला लिया गया है। नैनीताल नगर पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने कहा कि इस इको टैक्स से पर्यावरण सुधार संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नगर पालिका की आय भी बढ़ेगी।

नगर पालिका ने कानूनी राय लेने के बाद टैक्स लागू करने का निर्णय लिया है, अगर इसे मंजूरी मिलती है, तो आने वाले दिनों में नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को इको टैक्स देना पड़ेगा। पालिका द्वारा इको टैक्स लगाने के फैसले को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि नैनीताल में ट्रैफिक और पर्यावरण की स्थिति में सुधार आएगा।


उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर क्रांति जारी, सीएम धामी के खटीमा आवास पर लगा स्मार्ट मीटर

राज्य के 15.87 लाख विद्युत उपभोक्ताओं के घरों में लगना है स्मार्ट मीटर, सरकारी प्रतिष्ठानों में भी तेजी से लगेगा स्मार्ट मीटर

देहरादून। उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर क्रांति को आगे बढ़ाते हुए, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खटीमा स्थित निजी आवास, तराई नगला परिसर में स्मार्ट मीटर स्थापित किया गया। यह कदम प्रदेश के 15.87 लाख विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है, जिससे उत्तराखंड में अत्याधुनिक बिजली प्रबंधन की नई शुरुआत होगी।

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेंगे कई फायदे

UPCL द्वारा भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत पूरे राज्य में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यह अत्याधुनिक तकनीक उपभोक्ताओं को रियल-टाइम बिजली खपत की जानकारी, सही बिलिंग, बिजली चोरी में कमी, और निर्बाध आपूर्ति जैसी कई सुविधाएँ प्रदान करेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने UPCL के अधीक्षण अभियंता शेखर त्रिपाठी से स्मार्ट मीटर की तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने स्मार्ट मीटर की पारदर्शिता और उपभोक्ता हितैषी तकनीक की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि जनता को इस योजना के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इस नई तकनीक को अपनाने के लिए प्रेरित हों।

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को क्या लाभ मिलेगा?

✅ सही और पारदर्शी बिलिंग – अनुमानित बिलिंग की समस्या समाप्त, गलत बिलिंग से राहत
✅ रियल-टाइम बिजली खपत की जानकारी – मोबाइल ऐप के माध्यम से हर पल की जानकारी
✅ बिजली चोरी में कमी – प्रदेश में अनधिकृत बिजली उपयोग पर लगाम
✅ बिजली आपूर्ति में सुधार – फॉल्ट और सप्लाई बाधित होने की तुरंत जानकारी
✅ सोलर नेट मीटरिंग की सुविधा – सौर ऊर्जा उपभोक्ताओं को अतिरिक्त लाभ
✅ कोई इंस्टॉलेशन शुल्क नहीं – पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं

सरकारी प्रतिष्ठानों में भी तेजी से लगेगा स्मार्ट मीटर

उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव द्वारा सभी विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों और सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इस योजना को गति देने के लिए UPCL के प्रबंध निदेशक ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

ऊर्जा प्रबंधन का भविष्य – स्मार्ट मीटर

UPCL का यह प्रयास राज्य में ऊर्जा दक्षता और आधुनिक बिजली प्रबंधन की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा। यह पहल उपभोक्ताओं को न केवल अपने बिजली उपयोग को समझने में मदद करेगी, बल्कि ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगी।

प्रदेश के नागरिकों से अनुरोध किया जाता है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगवाकर इस अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाएँ और उत्तराखंड को स्मार्ट ऊर्जा राज्य बनाने में सहयोग दें।


प्रदेश में अब कोई भी सॉफ्टवेयर और ऐप बनाने से पहले आईटीडीए की अनुमति लेना अनिवार्य

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी सरकारी विभाग यदि कोई नया सॉफ्टवेयर या मोबाइल ऐप विकसित कराना चाहते हैं, तो उन्हें पहले आईटीडीए की तकनीकी टीम से अनुमोदन लेना होगा इसके बाद ही वे इसे बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। उत्तराखंड में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं, अब प्रदेश के किसी भी सरकारी विभाग का सॉफ्टवेयर या मोबाइल ऐप बनाने से पहले सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) की अनुमति अनिवार्य होगी। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी विभागाध्यक्षों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।

पिछले साल उत्तराखंड में हुए बड़े साइबर हमले के बाद सरकार ने विभिन्न विभागों की वेबसाइटों, मोबाइल ऐप और सॉफ्टवेयर का विस्तृत विश्लेषण किया। इस दौरान आईटीडीए की टीम ने पाया कि कई विभागों ने एप्लीकेशन विकसित करने के दौरान सिक्योर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट गाइडलाइंस (Secure Software Development Guidelines) और जीआईजीडब्ल्यू (GIGW) गाइडलाइंस का पालन नहीं किया। इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश एप्लीकेशन बनाने वाली फर्में अब अस्तित्व में नहीं हैं और विभागों के पास उनके सोर्स कोड (Source Code) की कोई जानकारी नहीं है, इस वजह से इन एप्लीकेशनों का सिक्योरिटी ऑडिट भी संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि आईटीडीए की मंजूरी के बिना कोई भी सॉफ्टवेयर या एप्लीकेशन न तो बनाया जाएगा और न ही उसे किसी सर्वर पर होस्ट किया जा सकेगा। यह कदम प्रदेश में साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने और भविष्य में किसी भी संभावित साइबर हमले से बचाव के लिए उठाया गया है। पिछले साल साइबर हमले के बाद से प्रदेश में कई सरकारी वेबसाइटें अब भी ठप पड़ी हुई हैं, इन वेबसाइटों को बनाने वाली कंपनियों का कोई पता नहीं है और न ही उनके सोर्स कोड उपलब्ध हैं, इससे इनका सिक्योरिटी ऑडिट कर पाना भी मुश्किल हो गया है।

आईटीडीए ने स्पष्ट किया है कि जब तक इन वेबसाइटों की सुरक्षा की पूरी जांच नहीं हो जाती तब तक इन्हें होस्टिंग सेवा प्रदान नहीं की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि भविष्य में कोई भी साइबर हमला विभागों की कार्यप्रणाली को बाधित न कर सके।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने यह भी कहा कि कई विभाग कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड का उपयोग करके बैंकों या अन्य संस्थानों से मुफ्त में सॉफ्टवेयर विकसित करवाते हैं, लेकिन यह प्रक्रिया साइबर सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। ऐसे में सरकार ने निर्देश दिया है कि इस प्रकार विकसित किए गए सभी सॉफ्टवेयर के सोर्स कोड (Source Code) और अन्य तकनीकी जानकारी विभागों के पास सुरक्षित रखी जाए। इसके अलावा भविष्य में यदि कोई विभाग बाहरी एजेंसी से सॉफ्टवेयर बनवाता है, तो उसे पहले आईटीडीए की मंजूरी लेनी होगी।

सूचीबद्ध क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर पर ही होस्ट करें

सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि प्रदेश के सभी सरकारी सॉफ्टवेयर और एप्लीकेशन केवल स्टेट डाटा सेंटर (State Data Center) या सरकार द्वारा सूचीबद्ध क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर पर ही होस्ट किए जाएं। यदि कोई विभाग किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर अपने डेटा को होस्ट करता है, तो उसे पहले आईटीडीए से अनुमति लेनी होगी, यदि बिना अनुमति के कोई विभाग ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और विभाग स्वयं किसी भी डेटा लीक या साइबर हमले की स्थिति में जिम्मेदार होगा।

आईटीडीए की इस सख्त नीति से प्रदेश की साइबर सुरक्षा मजबूत होगी और सरकारी डेटा को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। अब किसी भी सरकारी सॉफ्टवेयर या एप्लीकेशन को विकसित करने से पहले सिक्योरिटी ऑडिट और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा, साथ ही विभागों को अपने सॉफ्टवेयर को विकसित करने वाली एजेंसियों की पूरी जानकारी भी रखनी होगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए। प्रदेश सरकार का यह निर्णय साइबर अपराधों को रोकने और सरकारी सिस्टम को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।


उत्तराखंड के पर्यटन को दें नई पहचान, बनाएं प्रमोशन फिल्म और जीतें लाखों का इनाम

सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सुनहरा मौका, उत्तराखण्ड फिल्म परिषद ने बनाई खास योजना

देहरादून।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरकाशी के हर्षिल में राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के जो सुझाव दिए थे, उन पर धामी सरकार तेजी से काम कर रही है। उत्तराखंड फिल्म परिषद ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक विशेष प्रतियोगिता शुरू करने की योजना बनाई है, जहां विजेताओं को लाखों रुपये का इनाम मिलेगा।

प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को उत्तराखंड की विभिन्न थीम्स पर प्रमोशनल फिल्म बनानी होगी। जो फिल्म चयनित होगी, उसे सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
—

इन थीम्स पर बनानी होगी फिल्म

1️⃣ उत्तराखंड की संस्कृति – लोकसंस्कृति, लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक विरासत
2️⃣ होम स्टे पर्यटन – उत्तराखंड के अनूठे होम स्टे और स्थानीय आतिथ्य
3️⃣ बारहमासी पर्यटन – हर मौसम में घूमने लायक पर्यटन स्थल
4️⃣ पौराणिक मंदिर – देवभूमि के ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर
5️⃣ आयुष एवं वेलनेस – योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र
6️⃣ अनछुए पर्यटन स्थल – कम प्रसिद्ध लेकिन अद्भुत प्राकृतिक स्थान
7️⃣ साहसिक पर्यटन – ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग जैसी रोमांचक गतिविधियाँ
8️⃣ वेडिंग डेस्टिनेशन – उत्तराखंड को शादी और प्री-वेडिंग शूट के लिए प्रमोट करना

पांच लाख तक का इनाम, ऑनलाइन होगी एंट्री

▶ फिल्म की अवधि: 1 मिनट से लेकर अधिकतम 5 मिनट तक
▶ पुरस्कार राशि: हर श्रेणी में सर्वोत्तम फिल्म को 3 से 5 लाख रुपये तक का इनाम
▶ एंट्री प्रक्रिया: प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे
▶ फिल्म अपलोडिंग: प्रतिभागी अपनी फिल्म को ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे और इसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित करने का भी अधिकार होगा।

उत्तराखंड के अनछुए पर्यटन स्थलों को दिलाएं पहचान

उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम है। कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जो अभी तक लोगों की निगाहों में नहीं आए हैं। इस प्रतियोगिता के जरिए इन स्थानों को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

“उत्तराखंड फिल्म परिषद जल्द ही इस योजना को लॉन्च करेगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसका स्वरूप तैयार कर लिया गया है। यह राज्य के पर्यटन और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का महत्वपूर्ण कदम होगा।” – बंशीधर तिवारी, सूचना महानिदेशक 


अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, दो लोगो की मौके पर मौत, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान 

लोखंडी के पास नौ सौ मी. नीचे खाई में गिरी कार

दो घायल व्यक्तियों को भेजा अस्पताल 

चकराता। देहरादून विकासनगर के चकराता क्षेत्रांतर्गत लोखंडी के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार में सवार चार व्यक्तियों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। शनिवार को लोखंडी के पास लगभग नौ सौ मी. नीचे खाई में कार के सूचना मिली। एसडीआरएफ टीम मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

चकराता क्षेत्रांतर्गत लोखंडी के पास अनियंत्रित होकर कार खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें चार लोग सवार थे। एसडीआरएप टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर खाई में उतरकर जिला पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीम द्वारा वाहन में सवार दो व्यक्तियों को घायल अवस्था में खाई से निकालकर अस्पताल भेजा गया । जबिक अन्य दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों के शव खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक लाकर आवश्यक कार्यवाही के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।


पर्वतीय होली को लेकर प्रदेशभर में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया है। पर्वतीय होली को लेकर 15 मार्च यानी आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 15 मार्च को पर्वतीय होली को लेकर प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों औरविद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। लेकिन बैंक खुले रहेंगे।


उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, बद्रीनाथ व औली सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी 

एक बार फिर होने लगा ठंड का अहसास 

पहाड़ों में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड 

देहरादून। उत्तराखंड में औली-बद्रीनाथ यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी हुई। पहाड़ों में बफर्बारी जारी है तो वहीं मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। अचानक मौसम के करवट बदलने से एक बार फिर लोगों को ठंड का अहसास हुआ। खासतौर पर पहाड़ों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी।

मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी। जबकि देहरादून समेत हरिद्वार और नैनीताल जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया था। वहीं आने वाले दिनों की बात करें तो 17 मार्च तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।

यमुनोत्री धाम सहित आसपास मध्य रात्रि से बर्फबारी तो निचले इलाकों में रुक रुक कर बारिश हो रही है। बारिश बर्फबारी के चलते ठंड लौट रही है। बारिश बर्फबारी के चलते अभी तक यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है।

बर्फबारी के चलते पहाड़ों में ठंड लौट आई है। बीते कुछ दिनों से मैदानी इलाकों में चटक धूप खिलने से दिन के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। रात का न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री बढ़ाेतरी के साथ 16.1 डिग्री रहा था। ऐसा ही हाल प्रदेशभर के सभी जिलों का रहा था।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च तक प्रदेशभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। औली में बर्फबारी के चलते सड़कों पर बर्फ जमी है, जिस वजह से वाहनों को निकलने में भी दिक्कत हो रही है।


उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने रद्द किया इस परीक्षा का पेपर, यहां जानिए पूरा मामला 

देहरादून। राज्य में पीसीएस मुख्य परीक्षा का एक पेपर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने रद्द कर दिया है। यह पेपर अब दोबारा 14 मई को  कराएगा। इसके लिए 30 अप्रैल को प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे।आयोग ने दो से पांच फरवरी के बीच पीसीएस मुख्य परीक्षा कराई थी।

इनमें से तृतीय प्रश्न पत्र सामान्य अध्ययन-1(भारतीय विरासत और संस्कृति, विश्व का इतिहास एवं भूगोल और समाज) का पेपर आयोग ने रद्द कर दिया है। आयोग के सचिव जीएस रावत के मुताबिक, अभ्यर्थियों ने बड़े पैमाने पर ये शिकायत की थी कि पेपर में सिलेबस से बाहर के प्रश्न आए थे।

विषय विशेषज्ञों के समक्ष सभी प्रत्यावेदन रखे गए। इस आधार पर आयोग ने पेपर रद्द किया है। उन्होंने बताया कि अब यह पेपर 14 मई को सुबह 10 से दोपहर एक बजे की पाली में होगा। परीक्षा केंद्र में बदलाव संभव नहीं होगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp