Wednesday, November 18, 2026
5:07 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

योग बदरी पांडुकेश्वर व श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजाएं शुरू

Category Archives: राष्ट्रीय

योग बदरी पांडुकेश्वर व श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजाएं शुरू

आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंची

मां भुवनेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना में शामिल हुए रावल , धर्माधिकारी, वेदपाठी

पांडुकेश्वर/ जोशीमठ । विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बीते रविवार 17 नवंबर रात्रि को शीतकाल हेतु बंद होने के बाद आज मंगलवार प्रात: सेना के बैंड के भक्तिमय धुनों तथा बदरी विशाल के उदघोष के साथ आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी आज दोपहर बाद योग बदरी पांडुकेश्वर से समारोह पूर्वक गद्दीस्थल श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ मंदिर पहुंच गयी है।इस अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ को भब्य रूप से फूलों से सजाया गया था। इसी के साथ इस यात्रा वर्ष की श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन हो गया है।

देव डोली का ग्रीफ केंप सहित स्थान -स्थान पर श्रद्धालुओं द्वारा भब्य स्वागत हुआ।ज्ञातब्य उद्धव जी एवं कुबेर जी शीतकाल में पांडुकेश्वर प्रवास करेंगे तथा बीते सोमवार 18 नवंबर को पांडुकेश्वर प्रवास के बाद आज मंगलवार 19 नवंबर को आदि गुरू शंकराचार्य की गद्दी रावल, धर्माधिकारी वेदपाठी सहित श्रद्धालुजन श्री नृसिह मंदिर जोशीमठ पहुंच गये ।

आज प्रात: दस बजे आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी को बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने योग बदरी पांडुकेश्वर से श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ के लिए रवाना किया। इस अवसर पर पुजारी राजेंद्र डिमरी, परमेश्वर डिमरी, थाना प्रभारी विनोद रावत,प्रबंधक नवीन भंडारी, राजदीप सनवाल भी मौजूद रहे।

आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ रावल अमरनाथ नंबूदरी, स्वामी मुकुंदानंद महाराज,सहित बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान वेदपाठी रविंद्र भट्ट, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी , स्वामी आत्मानंद,मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़, पूर्व दफेदार कृपाल सनवाल प्रभारी दफेदार कुलानंद पंत, देवेन्द्र पंवार,विकास सनवाल हर्षमणि सती, रघुवीर पुंडीर श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंचे।

श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/ प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान ने आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी तथा आगंतुक अतिथियों की अगवानी की।
इसके बाद श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ परिसर में रावल, धर्माधिकारी वेदपाठी ब्राह्मणों संतों ने श्री गणेश भगवान श्री नृसिंह का आव्हान कर यात्रा समापन पूजा संपन्न की

इससे पहले सीमा सड़क संगठन ( बीआरओ) केंप में प्रभारी सेनानायक सीआर मीना सहित सभी जवानों अधिकारियों ने आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी के दर्शन किये तथा रावल को पालकी में बिठाकर केंप तक ले गये तथा भब्य स्वागत किया इस अवसर पर रावल, धर्माधिकारी, वेदपाठी ने बीआरओ के योगदान को सराहा एवं साधुवाद दिया।इसके अलावा स्वामी धरनीधर महाराज आश्रम मारवाड़ी तथा श्रद्धालुओं ने अपने प्रतिष्ठान में देव डोली का पुष्प वर्षा से स्वागत किया।

इसके पश्चात रावल अमरनाथ नंबूदरी सहित धर्माधिकारी वेदपाठी, मंदिर समिति के अधिकारी गढ़वाल स्काट जोशीमठ स्थिति मां भुवनेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना में शामिल हुए तथा रेजीमेंट को भगवान बदरीविशाल का आशीष प्रदान किया इस अवसर पर सेनानायक कर्नल शांतनु वौरी, सुबेदार मेजर नारायण सेना पंडित वीके दुबे सहित गढ़वाल स्काट के अधिकारी एवं समस्त जवान मां भुवनेश्वरी तथा भगवान बदरीविशाल की पूजा में शामिल हुए।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी शीतकाल में योगबदरी पांडुकेश्वर प्रवास करेंगे तथा आदि गुरु शंकराचार्य जी की पावन गद्दी आज मंगलवार 19 नवंबर को योग बदरी पांडुकेश्वर से प्रस्थान कर दोपहर बाद श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ स्थित गद्दी स्थल पहुंची इसी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर तथा श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजायें भी शुरू हो गयी ।

आज श्री नृसिंह मंदिर में आदि गुरु शंकराचार्य जी की डोली के स्वागत अवसर पर मंदिर समिति सदस्य भास्कर डिमरी,भाजपा नेता सुभाष डिमरी,वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजेंद्र बिष्ट, अवर अभियंता गिरीश रावत प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट एवं विवेक थपलियाल, राजेंद्र सेमवाल श्री नृसिंह मंदिर प्रभारी संदीप कपरवाण,जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, लेखाकार भूपेंद्र रावत,प्रबंधक भूपेंद्र राणा, पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी,प्रबंधक अजय सती, अनसुया नौटियाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा देव पुजाई समिति के सदस्य मंदिर समिति अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव- 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, पोलिंग पार्टियां हुई रवाना 

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को केदारनाथ विधानसभा का उपचुनाव होना है। इसे लेकर पुलिस की तरफ से तैयारियां भी तेज हो गई हैं। एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि 1200 से भी अधिक पुलिसकर्मी इसमें लगे हैं। होमगार्ड और सीएपीएफ की भी तैनाती की गई है। कहा कि शांतिप्रिय तरीके से प्रचार हुआ है। पोलिंग पार्टियां आज रवाना हो गई हैं।

केदारनाथ उपचुनाव को लेकर पुलिस की तरफ से तैयारियां जोरों-शोरों से हुई हैं। 1200 से भी अधिक पुलिसकर्मी इसमें लगे हैं। होमगार्ड, CAPF की भी तैनाती की गई है। शांतिप्रिय तरीके से प्रचार हुआ है। पोलिंग पार्टियां आज रवाना हो गई हैं: अक्षय प्रह्लाद कोंडे, एसपी रुद्रप्रयाग


दिल्ली- एनसीआर में वायु प्रदूषण चरम पर, एयर क्वालिटी इंडेक्स ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की हवा अब ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की जा रही है। इससे पहले यह ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में थी, लेकिन अब दिल्ली ने पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

बढ़ते प्रदूषण से लोग परेशान
दिल्ली की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि लोगों को घर से बाहर निकलने में भी कठिनाई हो रही है। कई लोग सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, और डॉक्टरों का कहना है कि वायु प्रदूषण का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है।

दिल्ली का AQI 500 के पार
दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) हर शाम 4 बजे मापा जाता है। सोमवार को यह 418 दर्ज किया गया, लेकिन शाम तक यह 500 से अधिक हो गया। यह आंकड़ा ‘गंभीर’ श्रेणी का है, जो हवा की खतरनाक स्थिति को दर्शाता है।

एयर क्वालिटी इंडेक्स को समझें
AQI 100 से कम होने पर हवा को ‘संतोषजनक’ माना जाता है। 200 तक का AQI ‘खराब’ और 400-500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। यदि AQI 1000 से ऊपर पहुंच जाए, तो यह ‘खतरनाक’ श्रेणी में होता है।

एयर प्यूरीफायर और मास्क की बिक्री में उछाल
वायु प्रदूषण के बढ़ने के साथ ही एयर प्यूरीफायर और मास्क की बिक्री में तेजी आई है। व्यापारियों का कहना है कि अब लोग बड़ी संख्या में इन उत्पादों को खरीद रहे हैं। इंदिरापुरम स्थित एक डीलर ने बताया कि पहले जहां वे रोज़ाना 20 एयर प्यूरीफायर बेचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 40 हो गई है।

फ्लाइट्स और ट्रेनों पर असर
प्रदूषण के कारण विजिबिलिटी में भारी गिरावट आई है। इसका असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं, और कुछ के रूट्स बदल दिए गए हैं। ट्रेनों के शेड्यूल में भी गड़बड़ी हो रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार और जनता से अपील
सरकार और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। साथ ही प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कार पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और अन्य उपायों को अपनाने का सुझाव दिया गया है।


महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले एनसीपी नेता अनिल देशमुख पर हमला, गंभीर रूप से घायल

मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच, राज्य के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अनिल देशमुख पर हमला हुआ है। नागपुर में उनकी गाड़ी पर अज्ञात व्यक्तियों ने पथराव किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत कटोल सिविल अस्पताल ले जाया गया।

घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, यह घटना नागपुर के समीप जलालखेडा रोड पर बेलफाटा के पास हुई। अनिल देशमुख नारखेड गांव में एक जनसभा में शामिल होने के बाद रात करीब 8 बजे कटोल लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया।

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने घटना की पुष्टि की और बताया कि हमले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है, और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधानसभा चुनाव के प्रचार का अंतिम दिन
यह हमला विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन हुआ है। अनिल देशमुख के बेटे सलिल देशमुख कटोल विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार चरणसिंह ठाकुर से है। घटना ने चुनाव प्रचार के आखिरी पलों को और तनावपूर्ण बना दिया है।

एक दिन पहले नवनीत राणा पर हुआ था हमला
अनिल देशमुख पर हुए हमले से पहले, अमरावती जिले में भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा पर भी हमला हुआ था। राणा जब अपने समर्थकों के साथ रात करीब 10 बजे एक जनसभा में पहुंचीं, तो वहां मौजूद भीड़ ने उन पर कुर्सियां फेंकीं और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस घटना में पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और तीन को हिरासत में लिया है।

चुनाव के माहौल में बढ़ते तनाव
चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में हुई इन घटनाओं ने माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है। राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले से सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वे हर संभव कदम उठाएंगे ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


चारधामों के कपाट विधि- विधान से बंद होने के साथ ही छह माह के लिए चारधाम यात्रा का पूर्ण रूप से हुआ समापन

श्रद्धालु गद्दीस्थलों पर कर सकेंगे चारधामों के दर्शन व पूजा अर्चना

देहरादून। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट विधि विधान से बंद होने के साथ ही छह माह के लिए चारधाम यात्रा का पूर्ण रूप समापन हो गया है, लेकिन श्रद्धालुओं को शीतकाल में गद्दीस्थलों पर चारधामों के दर्शन व पूजा अर्चना की सुविधा होगी।

साथ ही जो श्रद्धालु यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित धामों में जाने में असमर्थ हैं, वह गद्दीस्थलों पर दर्शन कर सकते हैं। प्रदेश सरकार भी शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दे रही, जिससे राज्य में पूरे साल पर्यटन गतिविधियां चलती रहे। केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को खुले और तीन नवंबर को बंद हुए।

ओंकारेश्वर मंदिर में विराजे बाबा केदार
बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान है। अगले साल अप्रैल-मई में कपाट खुलने से पहले पंचमुखी डोली ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। शीतकाल में बाबा केदार की पूजा अर्चना ऊखीमठ में होती है। यहां पर श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन व पूजा अर्चना कर सकते हैं।

पांडुकेश्वर में विराजमान हुई उद्धव व कुबेर की डोली
बदरीनाथ धाम के कपाट 12 मई को खुले थे और 17 नवंबर को बंद हो गए। धाम से उद्धव व कुबेर की डोली पांडुकेश्वर योग बदरी में विराजमान हो गईं हैं, जबकि 19 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में पहुंचेगी। पांडुकेश्वर व जोशीमठ में शीतकाल में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना व दर्शन कर सकेंगे।

मां यमुना की डोली खरशाली में विराजमान
यमुनोत्री धाम के कपाट हर साल अक्षय तृतीय पर खुलते हैं। इस साल 10 मई को कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई। तीन नवंबर को मंदिर के कपाट बंद हुए। अगले साल कपाट खुलने तक मां यमुना डोली खरशाली स्थित यमुना मंदिर में विराजमान है। जहां पर नियमित पूजा अर्चना की जाती है।

मुखवा में गंगोत्री धाम के दर्शन
गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को खुले थे। दो नवंबर को विधि विधान से बंद किए गए। शीतकाल में मां गंगोत्री मुखवा में विराजमान होती है। जहां पर श्रद्धालु अगले साल कपाट खुलने तक पूजा अर्चना व दर्शन कर सकते हैं।

इस बार चारधाम में इतने यात्री पहुंचे

धाम तीर्थयात्रियों की संख्या
केदारनाथ 16,52,070
बदरीनाथ 14,35,401
गंगोत्री 8,18,273
यमुनोत्री 7,14,779
हेमकुंड साहिब 1,83,692

केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के शीतकाल गद्दी स्थलों पर श्रद्धालुओं को दर्शन करने के साथ पूजा अर्चना की सुविधा है। बीकेटीसी शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए गद्दी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं व अवस्थापना विकास के कार्य कर रही है।
– अजेंद्र अजय, अध्यक्ष, बदरी-केदार मंदिर समिति


अयोध्या की हार का छलका दर्द- सीएम योगी ने झारखंड में दिया बड़ा संदेश

रांची। अयोध्या लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मिली हार का दर्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया भाषणों में साफ झलक रहा है। झारखंड के राजमहल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने न केवल अयोध्या की हार पर अपना दुख प्रकट किया, बल्कि जनता को एकजुटता का संदेश भी दिया।

अयोध्या की हार पर छलका दर्द
सीएम योगी ने कहा, “अगर अयोध्या में हिंदू नहीं बंटा होता, तो हमें अपमान नहीं झेलना पड़ता।” उन्होंने लोगों से जाति और धर्म के नाम पर बंटने से बचने का आग्रह करते हुए कहा, “हमें बंटना नहीं है, क्योंकि बंटेंगे तो कटेंगे, लेकिन अगर एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।”

योगी ने आगे कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। जाति के आधार पर लोगों को बांटने वाले नेताओं को समाज और देश का दुश्मन बताया।

झारखंड में घुसपैठ पर सख्त चेतावनी
सीएम योगी ने झारखंड में घुसपैठ के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “भाजपा की सरकार बनते ही संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को बाहर निकाला जाएगा।” योगी ने कहा कि जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है, वहां घुसपैठियों की कोई जगह नहीं है।

झामुमो और कांग्रेस पर हमला
योगी आदित्यनाथ ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड की जनता गरीब है, लेकिन इनके नेताओं के घरों से नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं। उन्होंने झामुमो सरकार के मंत्री आलमगीर आलम और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा, “क्या यह पैसा झारखंड के विकास के लिए मोदी सरकार द्वारा भेजा गया नहीं था? इस पैसे पर कांग्रेस, राजद और झामुमो के नेताओं ने डकैती डाली है।”

झारखंड में एनडीए की जीत का दावा
झारखंड विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा, “43 सीटों पर चुनाव हो चुका है और अब तक के रुझान बता रहे हैं कि झारखंड में दो-तिहाई बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।” उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार का मतलब है सुशासन और अराजकता का अंत।

सीएम योगी का आह्वान
सीएम योगी ने अपने भाषण में जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा, “जहां डबल इंजन सरकार होती है, वहां सुशासन होता है। झारखंड को भी सुशासन की जरूरत है।”

झारखंड में योगी के इस भाषण को भाजपा के लिए जनसमर्थन जुटाने का एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


डीटीसी के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से धुंध के बीच बसों का इंतजार कर रहे यात्री 

बसों के सड़क पर न उतरने से यात्री हुए परेशान 

कर्मियों की मांग- सामान काम, सामान वेतन व्यवस्था हो लागू 

दिल्ली- एनसीआर। बेहद गंभीर हवाओं के बीच दिल्ली सरकार बेशक लोगों से अपील कर रही है कि वह सार्वजनिक परिवहन सेवा का उपयोग करें, लेकिन मुसाफिरों को यह सहारा भी नसीब नहीं हुआ। डीटीसी के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से धुंध के बीच यात्री बसों का इंतजार करते दिखे। डीटीसी व क्लस्टर बसों के बेड़े का करीब 50 फीसदी सड़क पर न आने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

मौजूदा समय में डीटीसी में 28 हजार के करीब संविदा कर्मी हैं। इसमें चालक, कंडक्टर और स्वीपर शामिल हैं। विभाग में संविदा पर कर्मियों की भर्ती बीते 20 वर्ष पहले से शुरू की गई थी। कर्मियों की मांग है कि उन्होंने अपने जीवन के कई साल डीटीसी को दिए हैं। ऐसे में उन्हें पक्की नौकरी दी जाए। और सामान काम-सामान वेतन व्यवस्था लागू की जाए। इस मांग को लेकर कर्मी बीते कई साल से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को सरोजनी नगर बस डिपो को महिला बस डिपो के तौर पर शुरू किया है। तत्कालीन परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इसका उद्घाटन किया। इस दौरान दर्जनों महिला बस चालकों ने पक्की नौकरी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसमें कई संविदा कर्मियों के यूनियन ने भी समर्थन दिया। सोमवार को राजधानी के कई बस डिपो के कर्मियों ने हड़ताल किया। इससे 50 फीसदी से कम बसें ही सड़कों पर उतर सकी।

डीटीसी ने गठित की कमेटी
दो दिन पूर्व शुरू हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर तत्कालीन परिवहन मंत्री ने संविदा कर्मियों की मांगों पर डीटीसी को कमेटी गठित करने का कहा था। इस संबंध में सोमवार को डीटीसी की प्रबंध निदेशक की ओर से कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी संविदा कर्मियों की मांगों पर विचार कर रिपोर्ट तैयार करेगी।

यात्री और कर्मी बोले
नांगलोई जाने के लिए बस का इंतजार करते हुए 30 मिनट से ज्यादा हो गया है। बसें नहीं आ रही हैं। जरूरी काम के लिए जाना था। ऐसे में अब ऑटो या मेट्रो का सफर करना पड़ेगा।
-भगत सिंह, यात्री शिवाजी स्टेडियम

शादी में शामिल होने के लिए इंद्रपुरी जाना है। काफी देर हो चुकी है बस नहीं आ रही है। बस में यात्रा निशुल्क है। अब मेट्रो या फिर ऑटो से जाना पड़ेगा।
-सुनीता, यात्री शिवाजी स्टेडियम

पुरानी बसों को हटा कर नई ई-बसें लाई जा रही हैं। इनका संचालन निजी कंपनी की ओर से किया जा रहा है। कंपनी ही चालकों को रख रही है। वहां पर वेतन कम है। पुरानी बसों को हटाने के बाद इन बसों में काम करने वालों की नौकरी खतरे में आ जाएगी।
-संजय मिश्रा, संविदा पर काम करने वाले बस चालक

जब हमसे काम पक्की नौकरी वालों की तरह ली जाती है तो हमें समान वेतन क्यों नहीं दिया जाता है। हमारी मांग है कि समान काम- समान वेतन दिया जाए और हमारी नौकरी पक्की की जाए।
-बृजबाला, संविदा पर काम करने वाली कंडक्टर


शासन के सचिवों की गैर मौजूदगी पर सीएस राधा रतूड़ी सख्त

सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में सचिव स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे

मुख्य सचिव ने अधीनस्थ अधिकारियों को भेजने पर उठाया सख्त कदम

मुख्य सचिव ने ली सशक्त उत्तराखण्ड @25 की बैठक

देहरादून। मुख्य सचिव ने सशक्त उत्तराखण्ड @25 से सम्बन्धित व सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में सचिव स्तर के अधिकारियों की गैर मौजूदगी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश जारी किए। व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बैठकों में सचिवों की अनिवार्यतः उपस्थिति हेतु निर्देश जारी किए हैं। सीएस राधा रतूड़ी ने भविष्य में सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सचिवों के अनुपस्थिति पर उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

सचिवालय में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सचिवों द्वारा अपने स्थान पर अपर सचिव या अन्य अधीनस्थ अधिकारियों को भेजने की प्रवृति व गैर जिम्मेदाराना रवैये पर मुख्य सचिव ने आज सचिवालय में सशक्त उत्तराखण्ड @25 से सम्बन्धित तकनीकी समीक्षा समिति की बैठक में अनुपस्थित रहे सभी सचिवों को अपने कार्यालय में तलब कर कड़ी फटकार लगाई तथा भविष्य हेतु अपेक्षित बैठकों में अनिवार्य उपस्थिति के लिए निर्देश जारी किए।

सभी विभागों को सशक्त उत्तराखण्ड @25 के लक्ष्यों को शीर्ष प्राथमिकता व अत्यन्त गम्भीरता से पूरा करने की हिदायत देते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश दिए कि सशक्त उत्तराखण्ड @25 के तहत राज्य के सम्पूर्ण विकास के लिए प्रत्येक विभाग को दिए गए लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने विभागवार बनाई गई कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए धरातल पर कार्य करने के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागाध्यक्ष अवशेष समय में विकास के सभी लक्ष्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्ययोजनाओं को पूरे मनोयोग के साथ धरातल पर उतारा जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री धामी को अचानक अपने बीच देखकर चौंक गए व्यापारी

मुख्यमंत्री धामी ने गुप्तकाशी बाजार में की खरीदारी

देखें वीडियो, मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकान से खरीदी जैकेट

कालीमठ दर्शन कर लौटते वक्त अचानक रास्ते में रोक दी फ्लीट

देहरादून। चुनावी प्रचार के बाद सीएम धामी गुप्तकाशी के बाजार में निकल गए, और ठंड से बचने के लिए एक जैकेट भी खरीदी।
मुख्यमंत्री को खरीदारी करते देख हर कोई हैरान रह गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहाड़ के बाजार हमारे गांव और कस्बों की आर्थिकी की रीढ़ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ उप चुनाव को लेकर गुप्तकाशी पहुंचे थे। यहां राजनीतिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी कालीमठ मंदिर में दर्शन को गए। यहां से दर्शन कर लौटते वक्त अचानक मुख्यमंत्री ने गुप्तकाशी बाजार में अपनी फ्लीट रोकी और सीधे कपड़ों की दुकान में पहुंच गए। मुख्यमंत्री को आते देख दुकानदार अपने काउंटर से मुख्यमंत्री का स्वागत-सत्कार करने लगे। मुख्यमंत्री ने दुकानदार की कुशलक्षेम पूछी और एक जैकेट दिखाने को कहा। कुछ देर तक दुकानदार हैरान रह गया। लेकिन जब मुख्यमंत्री के स्टाफ भी पीछे से दुकान पहुंचे तो मुख्यमंत्री ने जैकेट देखनी शुरू कर दी।

इस दौरान दुकानदार ने मुख्यमंत्री से चाय पीने का अनुरोध किया तो मुख्यमंत्री ने सहज स्वीकार किया। बाद में मुख्यमंत्री धामी ने जैकेट खरीदकर दुकानदार को जैकेट के दाम चुकाए और धन्यवाद दिया। इस दौरान दुकानदार प्रदीप कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि 31 साल की दुकानदारी में इतने सरल, सौम्य और सादगी वाले नेता नहीं देखे।


शिक्षा विभाग को विज्ञान वर्ग में मिले 157 अतिथि प्रवक्ता

विद्यालयों में दूर होगी विज्ञान वर्ग के शिक्षकों की कमी

शिक्षा मंत्री डा. रावत के निर्देश, अतिथि शिक्षकों को शीघ्र दें तैनाती

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग में 157 और अतिथि शिक्षकों की शीघ्र तैनाती की जायेगी। इन शिक्षकों को प्रदेश के पर्वतीय व दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित तथा अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों के सापेक्ष नियुक्त किया जायेगा। इस संबंध में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को अतिथि शिक्षकों को जनपदवार शीघ्र नियुक्ति देने के निर्देश दे दिये हैं।

राज्य सरकार ने प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में विज्ञान वर्ग के विभिन्न विषयों एवं अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती करने का निर्णय लिया था। जिसके तहत विद्यालयी शिक्षा विभाग ने समय-समय पर प्रदेशभर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की तैनाती की। इसी क्रम में एक बार फिर प्रवक्ता संवर्ग में जनपदवार 157 और अतिथि शिक्षकों की नियुक्त की जायेगी। इन सभी अतिथि शिक्षकों को गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं अंग्रजी विषय के रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती दी जायेगी। जिसमें चमोली जनपद में 14 अतिथि प्रवक्ताओं को तैनात किया जायेगा, जिसमें गणित विषय में 3, भौतिक विज्ञान 5, रसायन विज्ञान 2 तथा जीव विज्ञान में 4 शामिल है।

इस प्रकार पिथौरागढ़ में 9 अतिथि प्रवक्ता को तैनाती दी जायेगी है जिसमें गणित में 4 तथा अंग्रेजी विषय में 5 शामिल हैं। पौड़ी में 41 अतिथि शिक्षक दिये गये है जिसमें गणित में 2, भौतिकी 9, रसायन 13, जीव विज्ञान 7 तथा अंग्रेजी में 10 शिक्षक शामिल है। अल्मोड़ा में 55 अतिथि शिक्षकों को तैनाती दी जायेगी। जिसमें गणित में 4, भौतिकी 24, रसायन 7, जीव विज्ञान 2 तथा अंग्रेजी में 18 शिक्षक शामिल है। उत्तरकाशी में जीव विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय में 1-1 अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति दी जायेगी। जबकि टिहरी में 8 अतिथि प्रवक्ता को नियुक्त किया जायेगा। जिसमें गणित में 3, रसायन 4 व अंग्रेजी में 1 शिक्षक शामिल है। इसी प्रकार नैनीताल में भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान विषय में 1-1 अतिथि शिक्षक शामिल है।

चम्पावत में 16 अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति दी जायेगी, जिसमें गणित में 3, भैतिकी 2, जीव विज्ञान में 1 तथा अंग्रेजी में 10 शिक्षक शामिल है। जबकि रूद्रप्रयाग जनपद में 9 अतिथि शिक्षकों को तैनाती दी है जिसमें जीव विज्ञान में 6 तथा अंग्रेजी विषय में 3 अतिथि शिक्षक शामिल हैं। इन सभी अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में की गई है। विज्ञान वर्ग एवं अंग्रेजी विषय में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी साथ ही उन्हें विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिये किसी अन्य विद्यालय में नहीं जाना पडेगा।

प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रवक्ता संवर्ग में 157 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति सरकार के उस प्रयास का हिस्सा है, जो विज्ञान वर्ग एवं अंग्रेजी विषय की शिक्षा को सुलभ बनाने के लिये किया जा रहा है। इस कदम से स्थानीय स्तर पर छात्रों को विज्ञान वर्ग में भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। – डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp