Wednesday, November 18, 2026
9:47 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

राष्ट्रीय खेल- राज्य खेल संघों को दो जनवरी तक देनी होगी चयन ट्रायल रिपोर्ट

Category Archives: राष्ट्रीय

राष्ट्रीय खेल- राज्य खेल संघों को दो जनवरी तक देनी होगी चयन ट्रायल रिपोर्ट

खिलाड़ी चयन के लिए दिशा निर्देश जारी

उत्तराखंड ओलंपिक संघ ने भेजा राज्य खेल संघों को पत्र, रिपोर्ट के साथ वीडियो फुटेज व फोटो भी देना आवश्यक

देहरादून। राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड के खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तराखंड ओलंपिक संघ ने चयन प्रक्रिया के संबंध में राज्य खेल संघों के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही, चयन ट्रायल रिपोर्ट के लिए भी समय सीमा तय कर दी गई है। राज्य खेल संघों को दो जनवरी 2025 तक चयन ट्रायल रिपोर्ट जमा करनी होगी। उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डा डीके सिंह की ओर से सभी राज्य खेल संघों को पत्र भेजा गया है। इस पत्र में कहा गया है कि चयन ट्रायल रिपोर्ट के साथ वीडियो फुटेज व फोटो उपलब्ध कराए जाने भी आवश्यक होंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी चयन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का खास ध्यान रखा जाएगा और राष्ट्रीय खेलों में राज्य के प्रतिनिधित्व के लिए योग्य खिलाड़ियों को चयनित किया जाएगा। उन्होंने राज्य खेल संघों से अपेक्षा की कि वे चयन प्रक्रिया के लिए जारी दिशा निर्देशों का खास ख्याल रखेंगे। उन्होंने कहा है कि दिशा निर्देशों का पालन न किए जाने की स्थिति में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

चयन प्रकिया के दिशा निर्देश

01-सभी चयन ट्रायल निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने होंगे और प्रत्येक पात्र एथलीट को समान अवसर प्रदान किए जाएंगे।

02 -एथलीटों को 28 जनवरी 2025 को उद्घाटन समारोह से कम से कम छह महीने पहले उस राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए या उस राज्य में निवास करना चाहिए या कार्यरत होना चाहिए, जहां की राज्य टीम के लिए वह दावेदारी प्रस्तुत कर रहा है। (भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा जारी दिशा- निर्देशों के अनुसार)।

03 -प्रत्येक राज्य खेल संघ को यह सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित खेल में विशेषज्ञता के लिए मान्यता प्राप्त एक योग्य प्रशिक्षक या चयनकर्ता उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों का आंकलन करने के लिए ट्रायल के दौरान मौजूद रहे।

04 -पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी चयन परीक्षणों की वीडियो रिकॉर्डिंग करनी होगी। इसके अतिरिक्त, परीक्षणों की तस्वीरें भी लेनी होगी।


नगर निकाय चुनाव- नामांकन का आखिरी दिन आज, अब प्रत्याशी एसबीआई ही नहीं, बल्कि किसी भी बैंक में खुलवा सकते है खाता 

बिना खाता खोले भी नामांकन जमा कराने का मिलेगा मौका 

तीन दिन में बड़ी संख्या में किए गए नामांकन 

देहरादून।  नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन है। और इसी अंतिम दिन के साथ निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्याशियों को राहत प्रदान की गई है। आयोग ने प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर नियम आसान कर दिया है । दरअसल अब प्रत्याशियों को बिना खाता खोले भी नामांकन जमा कराने का मौका मिलेगा, लेकिन उन्हें नामांकन के अंतिम समय तक बैंक की जानकारी देनी होगी।

प्रत्याशियों को नामांकन के लिए अलग से बैंक खाता खोलने का प्रावधान है। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को एसबीआई की विभिन्न शाखाएं, कोषागार, उप कोषागार खुलवाए। इसके बावजूद बैंक खाता खोलने में परेशानी आ रही थी।

आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने रविवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को बैंक संबंधी पत्र भेजा। इसमें कहा गया कि प्रत्याशियों को बैंक खाता खुलने में देरी होने के मद्देनजर ये तय किया गया कि अधिकारी उनका नामांकन बिना बैंक जानकारी भी जमा करा लें।

उन्हें नामांकन के आखिरी तिथि को आखिरी समय तक खाते की जानकारी देनी होगी। आयोग ने ये भी स्पष्ट किया कि प्रत्याशी केवल एसबीआई ही नहीं, किसी भी बैंक में अपना खाता खुलवा सकते हैं। नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन है। तीन दिन में बड़ी संख्या में नामांकन हुए हैं।


भाजपा व कांग्रेस ने दून मेयर सीट के प्रत्याशी किए घोषित

दून में भाजपा के सौरभ थपलियाल का मुकाबला कांग्रेस के वीरेंद्र पोखरियाल से 

कोटद्वार में कांग्रेस ने रंजना रावत पर जताया भरोसा

देखें सूची, भाजपा ने हल्द्वानी नगर निगम सीट पर गजराज को उतारा

देहरादून। दून नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी पद पर कांग्रेस व भाजपा ने छात्र नेताओं पर दांव खेला। कांग्रेस ने पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल व भाजपा ने डीएवी छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ थपलियाल को टिकट दिया। उधर, कांग्रेस ने कोटद्वार से रंजना रावत को टिकट दे भाजपा शिविर में हलचल मचा दी। रंजना रावत लंबे समय से सक्रिय नजर आ रही थी।  रंजना के मैदान में आने से भाजपा प्रत्याशी शैलेन्द्र रावत को कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद जताई ज रही है।

गौरतलब है कि भाजपा ने निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा को दूसरी बार मौका नहीं दिया। गामा अपने कार्यकाल के दौरान कुछ मसलों को लेकर विवादों में घिर गए थे। तमाम पहलुओं पर गौर फरमाने के बाद भाजपा ने सौरभ थपलियाल पर दांव खेला। इस फैसले के बाद कांग्रेस के उम्मीदवार  वीरेंद्र पोखरियाल व सौरभ के बीच होने वाली चुनावी टक्कर काफी दिलचस्प मानी जा रही है।भाजपा ने ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी व काशीपुर नगर निगम के प्रत्याशी भी घोषित किये। हल्द्वानी से गजराज सिंह बिष्ट को टिकट दिया।


पूर्व विधायक शैलेन्द्र को प्रत्याशी बनाने पर भाजपा के अन्य दावेदारों के कैम्प में मची हलचल

पूर्व विधायक शैलेन्द्र भाजपा के टिकट पर कोटद्वार मेयर का लड़ेंगे चुनाव 

कांग्रेस के टिकट पर टिकी निगाहें

देहरादून। बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक शैलेन्द्र रावत कोटद्वार नगर निगम मेयर उम्मीदवार घोषित किये गए हैं।

रविवार को यहां जारी सूची में छह नगर निगम कोटद्वार, हरिद्वार, श्रीनगर,पिथौरागढ़, अल्मोड़ा व रुद्रपुर के टिकट फाइनल किये गए।

शैलेन्द्र का टिकट घोषित होते ही भाजपा के अन्य दावेदारों के कैम्प में मायूसी छा गई है।

गौरतलब है कि शैलेन्द्र रावत 2007 में भाजपा के टिकट पर कोटद्वार से चुनाव जीते थे। 2012 में तत्कालीन सीएम बीसी खंडूड़ी कोटद्वार से चुनाव हार गए थे।

2017 व 2022 में शैलेन्द्र रावत ने यमकेश्वर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। और चुनाव हार गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान शैलेन्द्र रावत ने भाजपा में वापसी की।

शैलेन्द्र के टिकट को लेकर स्पीकर व कोटद्वार की विधायक ऋतु खंडूडी कैम्प में विशेष हलचल देखी जा रही है।

कोटद्वार सीट पर कांग्रेस का टिकट पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की हां पर टिका है। कांग्रेस की ओर से निवर्तमान मेयर हेमलता नेगी के अलावा चंद्रमोहन खर्कवाल, रंजना रावत, विजय रावत व गीता नेगी को मुख्य दावेदार माना जा रहा है।

भाजपा का टिकट फाइनल होने के बाद कोटद्वार से कांग्रेस के टिकट पर निगाहें लगी है।


राज्य विश्वविद्यालय तैयार करेंगे भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित करिकुलम

द्वितीय कुलपति गोलमेज सम्मेलन-2024 में लिये गये कई अहम निर्णय

पायलट प्रोजेक्ट के तहत ऑनलाइन होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन

देहरादून। प्रदेश के राज्यकीय विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों में एनईपी-2020 के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित करिकुलम लागू करना होगा। इसके लिये विश्वविद्यालयों को समितियों का गठन कर पाठ्यक्रम तैयार करना होगा। राज्य विश्वविद्यालयों में समय पर परीक्षा परिणाम घोषित हो इसके लिये परीक्षा मूल्यांकन प्रकिया को डिजिटलाइज़ किया जायेगा। प्रथम चरण में प्रत्येक विश्वविद्यालय को उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतु पायलट प्रोजेक्ट के रूप में डिजिटल प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके साथ ही मानक पूर्ण करने वाले शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों को स्थाई सम्बद्धता प्रदान की जायेगी। इसके लिये एफिलिऐटिंग विश्वविद्यालय परीक्षण के उपरांत स्थाई मान्यता प्रदान करेगा।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आज दून विश्वविद्यालय परिसर में द्वितीय कुलपति गोलमेज सम्मेलन-2024 का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में एनईपी-2020 के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित पाठ्यक्रम तैयार किये जाने पर सहमति बनी। जिसे राज्य विश्वविद्यालय व उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों में लागू किया जायेगा। इसके लिये विश्वविद्यालय अपने स्तर से पाठ्यक्रम समितियों का गठन कर अलग-अलग विषयों का करिकुलम तैयार करेंगे। राज्य विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किये जाने के दृष्टिगत प्रत्येक विश्वविद्यालय प्रथम चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसी एक संकाय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल माध्यम से करायेगा।

उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटली मूल्यांकन के बेहतर रिजल्ट के दृष्टिगत इसे भविष्य में पूरी तरह से डिजिटलीकरण कर दिया जायेगा। सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि पांच साल पूरे कर चुके राजकीय महाविद्यालयों को सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने पर स्थाई मान्यता दे दी जायेगी जबकि निजी शिक्षण संस्थानों को सभी संसाधनों की उपलब्धता पर तीन वर्ष में स्थाई मान्यता दे दी जायेगी। जिसका समय-समय पर विश्वविद्यालय द्वारा भौतिक परीक्षण भी किया जायेगा। इसके अलावा सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति अपनी टीम के साथ देश के दो-दो नामी विश्वविद्यालयों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभागीय की पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी दो देशों का शैक्षणिक भ्रमण करेगी।

प्रत्येक वर्ष अन्तर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक एवं खेलकूल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा, राज्य में एनसीसी को बढ़ावा देने के लिये हाल ही में भारत सरकार से स्वीकृत 7500 सीटों का शीघ्र आवंटन किया जायेगा। जिसके लिये सभी महाविद्यालय प्रस्ताव भेजेंगे। उच्च शिक्षा विभाग एवं राज्य विश्वविद्यालय अपना-अपना सोशल मीडिया पेज बनाकर शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध करायेंगी। जिसकी समय-समय पर शासन स्तर पर समीक्षा की जायेगी। विकसित भारत-2047 के तहत सभी विश्वविद्यालय नई थीम को लेकर कार्यशाला आयोजित करेंगे। जिसमें पद्म पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्तियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों के साथ ही शोध छात्रों व जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जायेगा। जिसके लिये प्रत्येक विश्वविद्यालय को नोडल अधिकारी नामित करना होगा।

सम्मेलन में उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रणजीत सिन्हा, कुलपति कुमाऊं विवि प्रो. डी.एस. रावत, कुलपति श्रीदेव सुमन विवि प्रो. एन.के. जोशी, कुलपति तकनीकी विवि प्रो. ओंकार सिंह, कुलपति जीबी. पंत विवि प्रो. एम.एस. चौहान, कुलपति भरसार विवि प्रो. परविन्दर कौशल, कुलपति आयुर्वेदिक विवि प्रो. ए.के. त्रिपाठी, कुलपति दून विवि प्रो. सुरेखा डंगवाल, सलाहकार उच्च शिक्षा प्रो. एम.एस.एम. रावत, निदेशक उच्च शिक्षा प्रो अंजू अग्रवाल के साथ ही सभी राज्य विवि के कुलसचिव व शासन के अधिकारी उपस्थित रहे।


‘गंगा की अविरल धारा, न बंटे समाज हमारा – प्रधानमंत्री मोदी 

जब हम कुंभ में भाग लेंगे, तो समाज में विभाजन और नफरत की भावना को खत्म करने का लेंगे संकल्प – प्रधानमंत्री 

श्रद्धालुओं को डिजिटल खोया-पाया केंद्र की सुविधा भी मिलेगी – प्रधानमंत्री मोदी 

नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब हम कुंभ में भाग लें तो समाज में विभाजन और नफरत की भावना को खत्म करने का संकल्प लेकर लौटें। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। इस समय संगम तट पर भव्य तैयारियां चल रही हैं। कुछ दिन पहले प्रयागराज गया था तो हेलीकॉप्टर से वहां चल रहीं तैयारियां देखकर खुश हो गया था। इतना विशाल, इतना सुंदर, इतनी भव्यता। महाकुंभ की विशेषता इसकी विशालता में ही नहीं है। कुंभ की विशेषता इसकी विविधता में है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में करोड़ों लोग एक साथ एकत्रित होते हैं। लाखों संत, हजारों परंपराएं, सैकड़ों संप्रदाय, अनेकों अखाड़े, हर कोई इस आयोजन का हिस्सा बनता है। कहीं कोई भेदभाव नहीं दिखता। कोई बड़ा नहीं होता, कोई छोटा नहीं होता। अनेकता में एकता का ऐसा दृश्य, विश्व में कहीं और देखने को नहीं मिलता है। इसलिए ये हमारा कुंभ एकता का महाकुंभ भी होता है। इस बार का महाकुंभ भी एकता के महाकुंभ के मंत्र को सशक्त करेगा। जब हम इसमें शामिल हों तो एकता के मंत्र को साथ लेकर वापस आएं।

पीएम ने कहा कि जब हम कुंभ में भाग लेंगे, तो समाज में विभाजन और नफरत की भावना को खत्म करने का संकल्प लेंगे। कम शब्दों में कहूंगा कि ‘महाकुंभ का संदेश, एक हो पूरा देश, महाकुंभ का संदेश, एक हो पूरा देश।’ दूसरे शब्दों में कहें तो ‘गंगा की अविरल धारा, न बंटे समाज हमारा। गंगा की अविरल धारा, न बंटे समाज हमारा।’

पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल नेविगेशन की मदद से श्रद्धालु महाकुंभ 2025 में विभिन्न घाटों, मंदिरों और साधुओं के अखाड़ों तक पहुंच सकेंगे। यही नेविगेशन सिस्टम पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में भी मदद करेगा। कुंभ आयोजन में पहली बार एआई चैटबॉट का इस्तेमाल किया जाएगा। एआई चैटबॉट के जरिये कुंभ से जुड़ी सभी तरह की जानकारी 11 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। इस चैटबॉट से संदेश भेजकर कोई भी कैसी भी मदद मांग सकता है। पूरे मेला क्षेत्र को एआई संचालित कैमरों से कवर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान अगर कोई अपने परिजनों से बिछड़ जाता है तो ये कैमरे उसे ढूंढने में मदद करेंगे। श्रद्धालुओं को डिजिटल खोया-पाया केंद्र की सुविधा भी मिलेगी। श्रद्धालुओं को उनके मोबाइल फोन पर सरकार द्वारा स्वीकृत टूर पैकेज, आवास और होमस्टे की जानकारी दी जाएगी। आप भी महाकुंभ में जाएं तो इन सुविधाओं का लाभ उठाएं। साथ ही #एकताकामहाकुंभ के साथ अपनी सेल्फी जरूर अपलोड करें।


सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर पुलिस ने जारी किया यातायात प्लान

हरिद्वार। सोमवार को सोमवती अमावस्या का स्नान पर्व मनाया जाएगा, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई है। साथ ही पुलिस द्वारा यातायात प्लान भी जारी कर दिया है। यदि आप लोग भी सोमवती स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार आने का प्लान बना रहे है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरुरी है। सभी लोग घर से बाहर निकलने से पहले यातायात प्लान जरुर देखें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोवाल ने यातायात प्लान का पालन कराने के निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि चंडी चौक से वाल्मीकि चौक और शिवमूर्ति चौक तक और शिवमूर्ति चौक से हरकी पौड़ी तक, भीमगोडा बैरियर से हरकी पौड़ी तक जीरो जोन रहेगा। रविवार की रात 12 बजे से स्नान संपन्न होने तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में प्रतिबंधित रहेंगे।

हरिद्वार में ऐसे रहेगी यातायात की व्यवस्था, कई रुट डायवर्ट

देहरादून, ऋषिकेश से आने वाले नेपाली फार्म, रायवाला, दूधाधारी तिराहा से होते हुए मोतीचूर पार्किंग में भेजे जाएंगे।

दूसरे रूट नेपाली फार्म, पुलिस चौकी श्यामपुर, आईडीपीएल, ऋषिकेश बैराज, चीलामार्ग होते हुए भीमगोड़ा बैराज से वीआईपी घाट बैराज साइड होकर चंडी चौक अंडरपास से होते हुए हरिद्वार आएंगे। पंतद्वीप, दीनदयाल पार्किंग में पार्क होंगे।

नजीबाबाद से देहरादून जाने वाले हल्के वाहन व बस 4.2, गौरीशंकर, हनुमान चौक, दक्षिण काली तिराहा, भीमगोड़ा बैराज, हाईवे चंडी चौक अंडरपास से यू टर्न लेकर देहरादून को प्रस्थान करेंगे।

हरिद्वार आने के लिए 4.2 गौरीशंकर, हनुमान चौक, दक्षिण काली तिराहा, भीमगोडा बैराज हाईवे में बाएं होते हुए फ्लाईओवर के ऊपर हरिद्वार शहर की तरफ जाएंगे। दिल्ली की तरफ़ से आने वाली सभी पर्यटक बसें, ट्रैक्टर ट्रॉली को ऋषिकुल मैदान व हरिराम इंटर कॉलेज में पार्क किया जाएगा।


निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी 

देखें सूची

देहरादून। कांग्रेस ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी एक और सूची जारी की।  इस सूची में 16 नगर पालिका और 12 नगर पंचायत के उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।


भाजपा की नगर पालिका/ पंचायत उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी

देखें, भाजपा निकाय उम्मीदवारों की दूसरी सूची

देहरादून। भाजपा ने नगर पालिका और नगर पंचायत प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि हरिद्वार जिले की नगर पालिका मंगलौर एवं उधम सिंह नगर की महुवा खेड़ागंज व हरिद्वार जिले की नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर , लंडोरा, पीरान कलियर एवं उधम सिंह नगर की केला खेड़ा तथा महुवा डाबरा आदि सीटों पर सहयोगी दलों या ऐसे उम्मीदवार जो कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों को मात दे सके, उनका समर्थन किया जायेगा।

इसके अलावा नरेंद्र नगर मे परसीमन पूरा ना होने के कारण चुनाव नहीं हो रहे हैं । किच्छा नगरपालिका में अंतिम आरक्षण जारी होने के बाद प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।


सैलानियों के लिए सातों दिन और चौबीसों घंटे खुले रहेंगे रेस्टोरेंट व होटल 

बर्फबारी के मौसम में उत्तराखंड की ओर बढ़ रहे सैलानियों के कदम

पर्यटकों को मिलेगी रियायत

देहरादून। बारिश-बर्फबारी से उत्तराखंड में उमड़ रही सैलानियों की भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड सरकार भी सैलानियों के जश्न को लेकर मैदान में डट गयी है। यही वजह है कि 31 दिसंबर की देर रात तक सैलानियों को जश्न मनाने के लिए विशेष छूट प्रदान करने की तैयारी की जा रही है। 31 दिसंबर और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ जुट चुकी है। पांच दिन पहले ही नैनीताल, मसूरी, धनौल्टी, चकराता, चोपता, कौसानी और औली जैसे स्थलों पर होटल और होम स्टे पैक हो चुके हैं।

हिमाचल के मनाली और शिमला में जाम के कारण पर्यटक उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों की तरफ रुख कर रहे हैं। यूं भी बीते पखवाड़े भर में दो तीन बार उत्तराखंड के विभिन्न हिल स्टेशनों पर बर्फबारी के कारण पर्यटकों का उत्साह दोगुना है। अब जबकि नए साल में महज कुछ दिन रह गए हैं तो तमाम होटल, होम स्टे की बुकिंग हो चुकी है। होटल-रेस्टोरेंट की ओर से भी पर्यटकों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। नए साल के अवसर पर पर्यटन से जुड़े लोग जैसे होटल मालिक, गाइड, ट्रैवल एजेंसियां, कैब ड्राइवर, और हस्तशिल्प विक्रेता उम्मीद कर रहे हैं कि नए साल का अवसर पर पर्यटकों के बड़ी संख्या में आगमन से उनकी आय में अच्छी खासी वृद्धि होगी।

पर्यटकों के भारी उत्साह और स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों की उम्मीदों को देखते हुए राज्य सरकार भी इस खास मौके को भुनाने में जुट गई है। तमाम शहरों में जहां जाम से पर्यटकों को बचाने के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं तो पर्यटकों के आनंद को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा के भी तमाम कदम उठाए गए हैं। पर्यटक निर्बाध रूप से नए साल का स्वागत कर सकें इसके लिए सरकार 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पर्यटकों को देर रात तक जश्न मनाने के लिए छूट देने पर भी काम कर रही है।

पर्यटकों की सुविधा के लिए होटल, रेस्टोरेंट खुले रहेंगे पूरा समय

नववर्ष पर उत्तराखंड में पर्यटकों के उमड़ने की संभावना के बीच सरकार की तरफ से कहा गया है कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे पूरे समय खुले रहेंगे। नववर्ष और उत्तराखंड के कई स्थानों में बर्फबारी को देखते हुए माना जा रहा है कि पर्यटक काफी संख्या में उत्तराखंड का रुख करेंगे। जिस हिसाब से होटल और होम स्टे की बुकिंग हो रही है, वो भी उत्तराखंड के पर्यटकों से गुलजार रहने का इशारा कर रहा है।

उत्तराखंड के श्रम विभाग के उप सचिव शिव विभूति रंजन की ओर से एक आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार, विनियमन एवं सेवा शर्त) अधिनियम 2017 के प्राविधानों के अनुसार उत्तराखंड राज्य में रेस्टोरेंट, होटल और ढाबा आदि को सप्ताह में सातों दिन और चौबीसों घंटे खुले रखने की अनुमति प्रदान की गई है।

इसके साथ ही उक्त प्रतिष्ठानो में दिन व रात्रि में दोनों पालियों में सभी कर्मकारों को कतिपय शर्तों के अधीन कार्य करनेकी भी अनुमति दी गई है। कहा गया है कि नववर्ष के मौके पर भारी मात्रा में पर्यटक उतराखंड आ रहे हैं। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों से अपील की गई है कि वह पर्यटकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए पूरे समय अपने प्रतिष्ठान खुले रखें।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp