Wednesday, November 18, 2026
11:52 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न पदों की भर्ती के लिए प्रवेश पत्र किया जारी

Category Archives: राष्ट्रीय

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न पदों की भर्ती के लिए प्रवेश पत्र किया जारी

एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड

19 जनवरी से आयोजित होगी परीक्षा 

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने यूकेएसएसएससी जूनियर असिस्टेंट, डीईओ, एमईटी और अन्य विभिन्न पदों की भर्ती के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान का उद्देश्य ग्रुप सी के 751 पदों को भरना है, जिसमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के 3,  कंप्यूटर सहायक सह रिसेप्शनिस्ट के 3, जूनियर, असिस्टेंट के 465, रिसेप्शनिस्ट के 5, हाउसिंग इंस्पेक्टर के 1, मेट के 268 और सुपरवाइजर के 6 पर शामिल है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अक्तूबर, 2024 से चालू हुई और 1 नवंबर, 2024 तक चली। इसके लिए सुधार विंडो 5 नवंबर से 8 नवंबर तक खुली थी।

इन पदों के लिए परीक्षा 19 जनवरी, 2025 को आयोजित होगी। अभ्यर्थियों का मूल्यांकन लिखित प्रतियोगी परीक्षा में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा में अर्हता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को योग्यता टाइपिंग परीक्षा देनी होगी। टाइपिंग टेस्ट के समापन के बाद सभी उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा और फिर लिखित परीक्षा में व्यक्ति के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। यूकेएसएसएससी जूनियर असिस्टेंट परीक्षा 2025 में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल हैं, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक की नकारात्मक अंकन है। परीक्षा की अवधि 2 घंटे है और इसमें सामान्य हिंदी, सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन के विषय शामिल हैं। परीक्षा के लिए कुल अंक 100 हैं।

एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड
सबसे पहले उम्मीदवार यूकेएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाएं।
लॉग इन करने के लिए अपना आवेदन संख्या और जन्म तिथि दर्ज करें।
कैप्चा सत्यापन पूरा करें और अपने यूकेएसएसएससी एडमिट कार्ड 2025 तक पहुंचने के लिए आगे बढ़ें।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करें और उसका स्पष्ट प्रिंटआउट ले लें।


मंत्री रेखा आर्या ने अपने हाथों से बनाकर बच्चों को खिलाई खिचड़ी

खेल मंत्री ने शिशु सदन के अनाथ बच्चों संग मनाया मकर सक्रांति और घुघुति त्यौहार

मंत्री ने बच्चों संग पिट्टू खेला और पतंगबाजी भी की

देहरादून। राजकीय शिशु सदन में रहने वाले अनाथ बच्चों के लिए 14 जनवरी का दिन बहुत खास रहा । मकर संक्रांति और घुघुति त्यौहार के अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुद अपने हाथों से खिचडी बनाकर इन बच्चों को परोसी । साथ ही खेल मंत्री ने इन बच्चों के साथ करीब 2 घंटे तक पिट्ठू खेला और पतंगबाजी भी की ।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने इन बच्चों को मंगलवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमंत्रित किया था। खेल मंत्री रेखा आर्य बताया कि विभागीय मंत्री होने के नाते वे खुद ही इन बच्चों की अभिभावक भी हैं इसलिए उन्होंने इन बच्चों के अपने परिवार संघ यह त्यौहार मनाने का फैसला किया था। मंत्री ने बच्चों संग घुघुति की विशेष माला तैयार कर सभी बालिकाओं को माला पहनाई और उनका तिलक किया। इसके बाद मंत्री रेखा आर्या ने मकर संक्रांति की खिचड़ी अपने हाथों से तैयार कर खुद ही बच्चों को परोसी और मंत्री ने खुद भी उनके बीच पंगत में बैठकर खिचड़ी और हलवे का लुत्फ लिया।

इसके बाद बारी थी पतंगबाजी की । मंत्री ने काफी देर तक बालिकाओं के साथ पतंगबाजी में हाथ आजमाए। उनके साथ करीब दो घंटे तक परंपरागत खेल पिट्ठू भी खेला। उसके बाद खेल मंत्री ने सभी बच्चों को खेल सचिवालय में अपना कार्यालय में बुलाया और वहां उनसे एक-एक कर बातचीत की। इस मौके पर खेल निदेशक प्रशांत आर्य, मोहित चौधरी, उप जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट आदि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय खेल उद्घाटन समारोह के लिए किया आमंत्रित

खेल मंत्री रेखा आर्या ने शिशु सदन के सभी बच्चों को 28 जनवरी को होने वाले राष्ट्रीय खेल उद्घाटन समारोह के लिए भी विशेष रूप से आमंत्रित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि उस दिन वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नजदीक से देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा खेल मंत्री ने खुद ही बच्चों को पूरे खेल परिसर में घुमाया और उन्हे एक-एक चीज के बारे में जानकारी दी। खेल मंत्री ने बताया कि इन बच्चों में से जिनकी खेलों में रुचि होगी उन्हें बालक और बालिका खेल छात्रावास में एडमिट कराया जाएगा।


उत्तराखंड निकाय चुनाव- 23 जनवरी को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को भी मिलेगा सवेतन अवकाश

देहरादून। उत्तराखंड में 23 जनवरी को निकाय चुनाव होने हैं। जिसके चलते प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दौरान निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को भी सवेतन अवकाश मिलेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया। सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, राज्य में 23 जनवरी को निकाय चुनाव होंगे।

जिन निकायों में मतदान होगा, उनके अंतर्गत आने वाले सभी राजकीय कार्यालय, शिक्षण संस्थानों, अर्द्ध निकायों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मियों, कारीगरों, मजदूरों के लिए सवेतन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन निर्वाचन क्षेत्र में पड़ने वाले कोषागार व उपकोषागार भी बंद रहेंगे।


पौड़ी अस्पताल में कतिपय समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने तलब की रिपोर्ट

जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल में तत्काल सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

पौड़ी। बस हादसे के बाद, पौड़ी अस्पताल में सामने आई अव्यवस्थाओं की शिकायत का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने पौड़ी के जिलाधिकारी से मामले में रिपोर्ट तलब करने के साथ ही, अस्पताल में सभी बुनियादी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बस हादसे में मृतक परिजन को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अतिरिक्त 3 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।

बस हादसे के घायलों को पौड़ी अस्पताल में समुचित इलाज देने में अव्यवस्था, संबंधित शिकायत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कैम्प कार्यालय में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होने इस मामले में पौड़ी के डीएम से रिपोर्ट तलब की है, साथ ही कहा है कि लापरवाह अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाई करते हुए, अस्पताल में आपात स्थिति के लिए हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तराखंड में दूर दराज तक स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क उपलब्ध है। ऐसे में अस्पतालों में गंभीर बीमार या घायलों के उपचार में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए प्रदेश भर के अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के साथ ही, आवश्यक दवाई ओर मेडिकल स्टॉफ की उपलब्धता हर वक्त सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने बस हादसे के कारणों की जांच कर परिवहन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही पाए जाने पर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।


हरबर्टपुर में सीएम धामी के रोड-शो और जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

मातृशक्ति, युवाओं एवं बुजुर्गों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से किया सीएम धामी का स्वागत

देश में विभाजनकारी शक्तियों को बढ़ावा देती है कांग्रेस- सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र में रोड-शो कर पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी नीरू देवी एवं अन्य सभासदों के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्ति, बुजुर्गों और युवाओं ने सीएम धामी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के अंदर जनता-जनार्दन की ओर से मिल रहा अपार जनसमर्थन और स्नेह इस बात का प्रतीक है कि इस बार निकाय चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है। यह अपार समर्थन प्रदेश के विकास, समृद्धि और जनहित के प्रति जनता के विश्वास का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा जनता की भलाई के लिए कार्य किया है और भविष्य में भी हम प्रदेश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। देहरादून रोड से शुरू हुआ मुख्यमंत्री धामी का रोड शो सहारनपुर रोड, पांवटा रोड, विकासनगर रोड पर पहुंच संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी उपस्थित रहे।


मौसम विज्ञान विभाग के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मिशन मौसम की शुरुआत की

प्रधानमंत्री ने आईएमडी विजन-2047 दस्तावेज भी किया जारी 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘मिशन मौसम’ की शुरुआत की। यह मिशन भारत को मौसम और जलवायु परिवर्तन के अनुकूल और स्मार्ट राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी किया।

इस मिशन का लक्ष्य अत्याधुनिक मौसम निगरानी तकनीक और सिस्टम विकसित करके, उच्च-रिज़ॉल्यूशन वायुमंडलीय अवलोकन, अगली पीढ़ी के रडार और उपग्रहों एवं उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटरों को कार्यान्वित करते हुए उच्च स्तरीय क्षमता को हासिल करना है। यह मौसम और जलवायु प्रक्रियाओं की समझ को बेहतर बनाने, वायु गुणवत्ता डेटा प्रदान करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा जो लंबे समय में मौसम प्रबंधन और हस्तक्षेप की रणनीति बनाने में सहायता प्रदान करेगा।  प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में मौसम संबंधी अनुकूलता और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन के लिए आईएमडी विजन-2047 दस्तावेज भी जारी किया।

इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन शमन की योजनाएं शामिल हैं। आईएमडी के 150वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में, पिछले 150 वर्षों के दौरान आईएमडी की उपलब्धियों, भारत को जलवायु-अनुकूल बनाने में इसकी भूमिका तथा विभिन्न मौसम और जलवायु सेवाएं प्रदान करने में सरकारी संस्थानों द्वारा निभाई गई भूमिका को प्रदर्शित करने के लिए कार्यक्रमों, गतिविधियों और कार्यशालाओं की एक श्रृंखला आयोजित की गई है।


श्रद्धालुओं के लिए खोले गए आदिबदरी मंदिर के कपाट

मंदिर में शीतकालीन दर्शन हुए शुरू

मंदिरों और बाजार को भव्य रूप से सजाया गया 

कर्णप्रयाग। मकर संक्रांति के पवन अवसर पर भगवान आदिबदरी मंदिर के कपाट ब्रह्ममुहूर्त में सुबह चार बजे खोल दिए गए हैं। मंदिर में शीतकालीन दर्शन शुरू हो गए हैं। इस अवसर पर आदिबदरी मंदिर परिसर के साथ ही नगर के सभी मंदिरों और बाजार को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया है। मंदिर के मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने बताया कि कपाट ब्रह्ममुहूर्त में सुबह चार बजे खोले गए।

जबकि श्रद्धालुओं को सुबह छह बजे से दर्शन शुरू किए। साथ ही मंदिर में वेद ऋचाओं के स्वरों के साथ कड़कड़ाती ठंड में भी माहौल भक्तिमय हो गया। बता दें कि कपाट उदघाटन की शुभ बेला पर और भगवान आदिबदरी के माघ मास के पहले श्रृंगार के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में लोग आदिबदरी मंदिर पहुचंते है।


मकर सक्रांति के पावन पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने पूरी की तैयारियां, 8 जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र

पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी 

भारी पुलिस बल किया गया तैनात 

देहरादून। धर्मनगरी हरिद्वार में मकर सक्रांति के पावन पर्व पर होने वाले स्नान को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर की है। पुलिस ने पूरे मेला क्षेत्र को 8 जॉन और 48 सेक्टर में बांटा गया है। साथ ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी सिटी को स्नान को संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। सोमवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस बल को ब्रीफ किया। इसके बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर वी मुरुगेशन ने अधिकारियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये डी ब्रीफिंग की। एसएसपी ने कहा कि लोहड़ी, मकर संक्रांति स्नान पर अचानक से भीड़ बढ़ती है।

इसलिए पहले से ही सभी छोटी-बड़ी तैयारी करके रखें। स्नान के दौरान प्रत्येक कर्मी को सही समय पर अपने ड्यूटी पॉइंट पर आकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। स्नान के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं के डूबने की संभावनाएं बनी रहती है, घाटों पर नियुक्त जल पुलिस की टीमें लगातार मौजूद व सतर्क रहें। यातायात प्लान का पूर्ण रूप से पालन कराया जाए। एसएसपी ने कहा कि हर जोनल अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में वैकल्पिक मार्गों का भीड़ बढ़ने की दशा में उपयोग कर जनसंख्या के दबाव को नियंत्रित करें।

प्रत्येक पॉइंट पर नियुक्त पुलिसकर्मी का अपना विशेष महत्व है। थोड़ी सी भी लापरवाही से कोई भी समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का दृढ़ता व संयम के साथ निर्वहन करेंगे। मेला ड्यूटी में तैनात कोई भी कर्मी अनावश्यक मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेंगे। इस दौरान एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसपी देहात शेखर सुयाल, सीओ सिटी जूही मनराल, सीओ सदर नताशा सिंह आदि मौजूद रहे।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि नौ पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षक, 87 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक/महिला उपनिरीक्षक, 152 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल/महिला कांस्टेबल, 344 हेड कांस्टेबल प्रशिक्षु, पांच कंपनी, एक प्लाटून, एक सेक्शन पीएसी/आईआरबी, तीन टीम बम निरोधक दस्ता, एक टीम एटीएस, 16 कर्मी जल पुलिस/गोताखोर, 16 कर्मी अभिसूचना इकाई, सात यातायात उप निरीक्षक, 37 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल बांटा गया है।


राष्ट्रीय खेलों का लोगो अपनी डीपी में लगाएं- सीएम धामी 

राष्ट्रीय खेलों को लेकर मुख्यमंत्री की पहल

राज्य की जनता सामूहिक तौर पर सभी खिलाड़ियों का करेगी स्वागत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों को लेकर चल रही तैयारी के बीच राज्य में प्रदेशवासियों से सामूहिक रूप से देवभूमि आ रहे खिलाड़ियों के स्वागत में विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स की DP पर राष्ट्रीय खेलों का लोगो लगाए जाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने का जो गौरव प्राप्त हुआ है, वो ऐतिहासिक है। आगामी राष्ट्रीय खलों में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 10,000 खिलाड़ी देवभूमि आ रहे हैं।

उन्होंने जनता से निवेदन करते हुए कहा कि हमारी ‘अतिथि देवो भवः’ की संस्कृति का पालन करते हुए, सभी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत करना है। और उनके उत्साहवर्धन हेतु अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की DP पर राष्ट्रीय खेलों का लोगो लगाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता सामूहिक तौर पर सभी खिलाड़ियों का स्वागत करेगी। सभी ने मिलकर आगामी राष्ट्रीय खेलों को विशेष और ऐतिहासिक बनाना है। हमारा यह कर्तव्य है कि देवभूमि आ रहे खिलाड़ी, हमारे राज्य से बेहतर यादें और अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाए जाने के संकल्प में राष्ट्रीय खेल भी सहायक सिद्ध होंगे।


मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर ब्रह्ममुहूर्त में सुबह चार बजे खुलेंगे आदिबदरी मंदिर के कपाट

सुबह छह बजे से दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु 

मंदिर समूह सहित पूरे बाजार को भव्य रूप से सजाया गया

देहरादून। कल यानि मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर आदिबदरी मंदिर के कपाट खोले दिए जाएंगे। कपाट खोलने की सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, साथ ही आदिबदरी मंदिर परिसर और नगर के सभी मंदिरों व बाजार को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया है। बता दें कि कपाट उदघाटन की शुभ बेला पर और भगवान आदिबदरी के माघ मास के पहले श्रृंगार के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में लोग आदिबदरी मंदिर पहुचंते है।

मंदिर के मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने बताया कि कपाट ब्रह्ममुहूर्त में सुबह चार बजे खुलेंगे। जबकि श्रद्धालु सुबह छह बजे से दर्शन कर सकेंगे। भगवान आदिबदरी नाथ मंदिर के कपाट वर्ष में एक माह (पौष)के लिए बंद होते हैं। कपाटोद्घाटन के लिए मंदिर समूह सहित पूरे बाजार को भव्य रूप से सजाया गया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp