Thursday, November 19, 2026
12:18 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कांग्रेस शासनकाल में ठप हुआ कोटद्वार नगर का विकास- सीएम धामी

Category Archives: राष्ट्रीय

कांग्रेस शासनकाल में ठप हुआ कोटद्वार नगर का विकास- सीएम धामी

सीएम धामी ने कोटद्वार में किया जनसभा को संबोधित

कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटद्वार में आयोजित विजय संकल्प जनसभा में नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए शैलेंद्र सिंह रावत एवं पार्षद पदों पर भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत के साथ विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सीएम धामी को सुनने के लिए पहुंचे।

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कोटद्वार क्षेत्र का विकास पूरी तरह से ठप हो गया था। लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। कांग्रेस शासनकाल में कोटद्वार नगर निगम में क्या खेल चलता था इससे सभी लोग भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा का बोर्ड बनने पर क्षेत्रीय विकास में तेजी आएगी। लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोभी पार्टी है। अपने व्यक्तिगत हितों और स्वार्थ के लिए वह सत्ता में आना चाहती है। ये लोग अपने स्वार्थ के लिए राष्ट्रहितों की भी तिलांजली देने से पीछे नहीं हटते।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार बिना रुके, बिना थके प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हम जो संकल्प लेते हैं उनको सिद्धि तक भी पहुंचाते हैं। हमने कोटद्वार में जिस सतपुली झील का शिलान्यास किया है उसका हम लोकार्पण भी अवश्य करेंगे। उन्होंने क्षेत्र विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, लैंसडाउन क्षेत्र के विधायक महंत दिलिप रावत, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट,जिला प्रभारी राकेश नैनवाल, चुनाव प्रभारी राकेश, विपिन कैंथोला, ऋषि कंडवाल, सुमवंत कोटनाला, आशा बनियाल, मोहन नेगी, शांतुन रावत, सुरेंद्र आर्य,  पवन वर्मा, संजय रावत, हरिश सिंह, सिमरन, उमेश त्रिपाठी, राजगौरव नौटियाल, जंगबहादुर, जगमोहन रावत समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


जिला चिकित्सालय पौड़ी की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद- डॉ. धन सिंह रावत

कहा, 7 विशेषज्ञ चिकित्सक सहित 18 डॉक्टरों को किया गया तैनात

34 नर्सिंग ऑफिसर और पैरामेडिकल स्टॉफ ने भी सम्भाला मोर्चा

पौड़ी/देहरादून। पीपीपी मोड़ (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) से हटने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग के पास आते ही जिला चिकित्सालय पौड़ी की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई है। जिला अस्पताल में प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों, डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती कर दी गई है। जिससे अस्पताल में सभी चिकित्सकीय सुविधाएं सुचारू हो गई है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार रोटेशन के आधार पर चिकित्सकों की तैनाती भी अस्पताल में की गई है ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सुविधा मुहैया की जा सके।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि जिला चिकित्सालय पौड़ी में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आमजन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर जिला अस्पताल को पब्लिक प्राइवेट पार्टनशिप (पीपीपी मोड़) से हटा कर स्वास्थ्य विभाग ने अपने हाथों में ले लिया है और इसका संचालन अब स्वास्थ्य विभाग खुद करेगा। उन्होंने कहा कि अंडर टेकिंग प्रक्रिया के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिकता के तहत 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही 18 चिकित्सकों की तैनाती जिला अस्पताल में कर दी है। जिसमें सर्जन, पेडियाट्रिशन, गायनेकोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट और ऑप्थलमोलॉजिस्ट शामिल है। इन सभी चिकित्सकों ने अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

इसके अलावा 34 नर्सिंग ऑफिसर्स सहित लैबटेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन सहित अन्य मेडिकल स्टॉफ ने जिला अस्पताल में मोर्चा सम्भाल लिया है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू कर दी गई है। जिसके साथ ही अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हो गई है। विभागीय मंत्री ने बताया कि पीजी कर चुके चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती अस्पताल में की जायेगी जिसकी प्रक्रिया शासनस्तर पर गतिमान है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार रोटेशन के आधार पर आस-पास के चिकित्सालयों से चिकित्सकों की ड्यूटी जिला अस्पताल में लगाई जायेगी। अगर जरूरत पड़ी तो एनएचएम के तहत वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती अस्पताल की जायेगी, जिसके लिये स्वास्थ्य महानिदेशक को निर्देश दे दिये गये हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार मजबूत करने में जुटी है, जिला अस्पताल पौड़ी सहित प्रदेश के किसी भी अस्पताल में कोई कमी नहीं होने देंगे। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार चिकित्सकों सहित मेडिकल स्टॉफ की कमी को दूर करने में जुटा है। इसके लिये विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सकों की भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत विभिन्न अस्पतालों में लम्बे समय से रिक्त चल रहे चिकित्सकों, नर्सिंग स्टॉफ व एएनएम के पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्ति की है। जिसका फायदा प्रदेश के आम लोगों को मिल रहा है।


प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में प्रदर्शनी का किया अवलोकन

प्रधानमंत्री ने ऑटो एक्सपो का किया उद्घाटन 

भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था – प्रधानमंत्री मोदी 

नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के प्रमुख ऑटोमोटिव इवेंट भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया है। इसके बाद उन्होंने भारत मंडपम में लगी ऑटोमोबाइल उत्पादों की लगी प्रदर्शिनियों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की ऑटोमोटिव इंडस्ट्री जबरदस्त भी है और भविष्य के लिए तैयार भी है। भारत की ऑटो इंडस्ट्री पिछले साल में लगभग 12% की दर से आगे बढ़ी है। इतनी कई देशों की आबादी नहीं है, जितनी भारत में हर साल गाड़ियां बिक रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आप कल्पना करें को जब भारत विश्व की सबसे बड़ी तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा, तब भारत का ऑटो मार्केट कहां होगा। विकसित भारत की यात्रा मोबिलिटी सेक्टर की भी अभूतपूर्व विस्तार की यात्रा होने वाली है।’


चुनाव अपराधों में हो सकती है छः वर्ष तक की सजा

काशीपुर। चुनावों में विभिन्न उम्मीदवार तथा उनके समर्थक विभिन्न गंभीर अपराध करते हैं। इसमें न केवल जेल की सजा हो सकती हैं बल्कि उन्हें चुनाव लड़ने तथा वोट डालने तक के लिये अयोग्य घोषित किया जा सकता है। ऐसे अपराधों का मुकदमा चुनावों में मतदान, यहां तक परिणाम घोषित होने के बाद भी दर्ज कराया जा सकता है।

चुनाव सम्बन्धी कानून, नगर निगम चुनाव कानून तथा नगर पालिका चुनाव कानून सम्बन्धी पुस्तकों सहित 45 कानूनी पुस्तकों के लेखक नदीम उद्दीन एडवोकेट ने उक्त जानकारी चुनाव सम्बन्धी अपराधों की जानकारी देते हुए दी।

01 जुलाई 2024 में लागू भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के अन्तर्गत धर्म, जाति, क्षेत्र भाषा आदि के आधार पर नफरत फैलाने पर तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है। यह अपराध पूजा के स्थान या धर्म स्थल में करने पर पांच वर्ष तक की सजा हो सकती है। चुनाव में प्रभाव डालने के लिये यह अपराध करने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 के अन्तर्गत तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है। इस प्रकार चुनाव के समय यह अपराध करने पर छः वर्ष तक की सजा हो सकती है।

भारतीय न्याय संहिता 2023 के अन्तर्गत दण्डनीय चुनाव अपराधों में धारा 173 के अन्तर्गत एक वर्ष तक की सजा से दण्डनीय चुनाव में वोट डालने, न डालने आदि के लिये धन, इगम, वस्तु, स्वागत सत्कार लेना या देना, धारा 174 में दण्डनीय फर्जी मतदान करना, धारा 175 के अन्तर्गत नुकसान पहुंचाने की धमकी या धार्मिक पाप या अप्रसाद का विश्वास दिलाकर किसी के मत मे वोट डालने या न डालने आदि के लिये शामिल है। धारा 176 के अन्तर्गत चुनाव के परिणाम को प्रभावित करने के लिये किसी उम्मीदवार के सम्बन्ध में झूठा कथन करने पर जुर्माने की सजा हो सकती है। वहीं धारा 176 के अन्तर्गत चुनाव के सिलसिले में बिना खाते में दर्शाये अवैध भुगतान करने पर भी दस वर्ष तक के जुमार्न तथा 177 के अन्तर्गत चुनाव के खर्च धन का हिसाब रखने पर असफल होने पर पांच हजार के जुर्माने की सजा हो सकती है।इसके अतिरिक्त भारतीय न्याय संहिता की 356 के अन्तर्गत मानहानि करने पर भी दो वर्ष तक की सजा हो सकती है।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अन्तर्गत दण्डनीय चुनाव अपराध नगर निकाय चुनाव सहित सभी चुनावों में लागू होते हैं। इन अपराधों में धारा 135क के अन्तर्गत दण्डनीय बूथ कैप्चरिंग पर तीन साल तक की सजा, मतदान समाप्ति से 48 घंटे के समय में सार्वजनिक सभा आदि करने पर दो वर्ष तक की सजा धारा 126 के अन्तर्गत तथा  मतदान केन्द्र में या निकट हथियार लेकर जाने पर धारा 134(ख) के अन्तर्गत हो सकती है। मतदान केन्द्र से मतपत्रों को हटाने पर धारा 135 के अन्तर्गत एक वर्ष तक की सजा हो सकती है।

6 माह तक की जेल की सजा से दण्डनीय अपराधों में चुनाव के सम्बन्ध में झूठा शपथपत्र या सूचना देना (धारा 125क), चुनाव सभा में उपद्रव (धारा 127), चुनाव सामग्री व पोस्टर आदि छापने के नियमों का उल्लंघन (धारा 127क), चुनाव ड्यूटी पर लगे लोगों का उम्मीदवारों के पक्ष में कार्य करने पर  (धारा 129) , मतदान के दिन कर्मचारियों को छुट्टी न देना (धारा 135ड), मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पूर्व से मतदान तक शराब का वितरण या विक्रय (135ग), मतपत्र सम्बन्धी अन्य अपराध-छः माह  (धारा 136) अपराध शामिल है।

नदीम ने बताया कि तीन माह तक की सजा से दण्डनीय अपराधों में मतदान की गोपनीय न रखना (धारा 128), सजा, ) मतदान केन्द्रों में या उसके निकट खराब आचरण (धारा 131),  मतदान केन्द्र में अवैध प्रवेश करना या बने रहना (धारा 132), चुनाव में वोटरों के लिये परिवहन सेवा में उपलब्ध कराना (धारा 133),  सरकारी सेवकों का एजेन्ट बनना (धारा 134क) अपराध शामिल हैं।

चुनाव में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा कर्तव्य भंग (धारा 134), मतदान केन्द्रों या उसके निकट वोट मांगना (धारा 130)पर जुर्माने की सजा हो सकती है।


गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल आज से शुरु, कई रास्तों पर यातायात रहेगा प्रभावित

यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी 

यातायात व्यवस्था 17, 18, 20 और 21 जनवरी तक लागू रहेगी

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां जोरों- शोरों पर चल रही है, अब कुछ ही दिन शेष बचे हुए, जिसके चलते आज से गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल कर्तव्य पथ पर शुरू कर दिया गया है। इसे लेकर आज से कई रास्तों पर यातायात भी प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने इसको लेकर एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से 17 जनवरी से लेकर 21 जनवरी तक कुछ रास्तों पर नहीं जाने की सलाह दी है।

चार दिन बंद रहेंगे ये रास्ते
दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी में बताया कि कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था 17, 18, 20 और 21 जनवरी तक लागू रहेगी। सुबह 10.15 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कुछ मार्ग पर जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। जिसमें कर्तव्यपथ-रफी मार्ग क्रासिंग, कर्तव्यपथ-जनपथ क्रासिंग, कर्तव्यपथ मानसिंह रोड क्रासिंग और कर्तव्यपथ सी हेक्सागन शामिल है।

इन रास्तों का करें इस्तेमाल
यातायात पुलिस ने उत्तर दिल्ली से दक्षिण दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से जाने वाले वाहन चालको को रिंग रोड, सराय काले खां, आइपी फ्लाईओवर, राजघाट, लाजपत राय मार्ग, मथुरा रोड, भैरों रोड, रिंग रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अत्तातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को रिंग रोड से वंदे मातरम मार्ग से जाने की अपील की है। इसी तरह विनय मार्ग, शांति पथ या नई दिल्ली और उससे आगे जाने वाले वाहन चालकों को सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, राउंड अबाउट आरएमएल, बाबा खड़क सिंह मार्ग या पार्क स्ट्रीट-मंदिर मार्ग से होते हुए उत्तर दिल्ली या नई दिल्ली की ओर से जाने की सलाह दी है।


योगनगरी ऋषिकेश की धर्मधाद ने भाजपा- कांग्रेस की उड़ाई नींद

ऋषिकेश के आकाश में कड़की बिजली, दूर तक सुनी गई गड़गड़ाहट

देखें वीडियो 

 नेगी के गीतों के संदेश से मास्टर जी को मिली संजीवनी

गीतों से सजी महफ़िल में उमड़े जनसैलाब ने साफ की चुनावी तस्वीर

ऋषिकेश। योग नगरी, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी.. मास्टर जी..हजारों की भीड़ और उत्तराखंडियों के लिए योगनगरी ऋषिकेश की धर्मधाद ने भाजपा-कांग्रेस की नींद उड़ा दी । नेगीदा के पहाड़ी गानों के बीच थिरकता जनसैलाब..और हाथ में कुल्हाड़ी लिए निर्दलीय मास्टर दिनेश चंद्र। आरक्षित सीट ऋषिकेश नगर निगम के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मास्टर जी के पक्ष में गीत संगीत से भरपूर राजनीतिक-सांस्कृतिक व सामाजिक उद्घोष की सुरताल का गवाह बना प्रसिद्ध आईडीपीएल का मैदान।

बीते दिन संचालक गणेश खुगशाल गणी ने धर्मदाद की व्याख्या कर मौजूद जनसमूह को एक नयी राजनीतिक इबारत लिखने की अपील की।

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी की मंच पर प्रभावी मौजूदगी से गंगा के वेग समान बह रहे विभिन्न संदेशों को दर्शकों व मतदाताओं ने बखूबी कैच कर भाजपा व कांग्रेस के कैम्प में हलचल मचा दी।

नेगी दा के लोकगीत की धुन के बीच कांग्रेस के बागी व निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश चन्द्र मास्टर जी अपने चुनाव चिह्न कुल्हाड़ी के साथ मंच से जनता का अभिवादन करते रहे।

कई घण्टे तक चले कार्यक्रम में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने जनता की फरमाइश पर कई गढ़वाली गीत सुनाते हुए योगनगरी ऋषिकेश के साथ कई अन्य निकाय क्षेत्रों के चुनावी तापमान को एकाएक बढ़ा दिया।

इस सांस्कृतिक व राजनीतिक समागम से ऋषिकेश के आकाश में उमड़ घुमड़ रहे बादलों के बीच उत्तराखण्ड के स्वाभिमान की बिजली अवश्य कौंध गयी।

योगनगरी के आसमान में गीत संगीत की तरंगों के बीच कौंधी बिजली की यह चमक दूर दराज के शहरों के आसमान में भी दिखाई दी। चमक के कुछ समय बाद सुनाई देने वाली बिजली की कड़क किस- किस दल के तम्बुओं को राख करेगी? ऋषिकेश में उमड़े जनसैलाब के उठे हाथों ने बहुत कुछ साफ भी कर दिया है।


राष्ट्रीय खेल – राफ्टिंग को शामिल कर साहसिक खेलों को मिलेगा बढ़ावा

एवरेस्ट विजेता शीतल ने कहा, उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मौका

शीतल पहली भारतीय महिला, जिसने माउंट चो ओयू फतह किया है

देहरादून। पहाड़ के पास हौसला है। जज्बा है। क्षमता है। हम और बेहतर करेंगे। साहसिक खेलों का सर्वोच्च पुरस्कार जीत चुकीं शीतल की राष्ट्रीय खेलों पर यह पहली प्रतिक्रिया है। उनके दावे में दम दिखता है। हौसला, जज्बा और क्षमता की बात को उन्होेंने खुद भी साबित करके दिखाया है। तेनजिंग नोर्गें नेशनल अवार्ड के रूप में उनके पास साहसिक खेलों का देश का सबसे बड़ा पुरस्कार है। 8188 मीटर ऊंचाई पर स्थित माउंट चो ओयू पर्वत चोटी को फतह करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी हैं। शीतल का मानना है-38 वें राष्ट्रीय खेलोें के आयोजन से उत्तराखंड में खेल विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

शीतल वर्ष 2018 में एवरेस्ट फतह कर चुकी हैं। पिथौरागढ़ जिले के सल्लोड़ा गांव की निवासी हैं। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन पर उनका मानना है कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिलेगा। अभी तक हमारे खिलाड़ी खेलने के लिए दूसरी जगह जाते थे। अब उन्हें अपने घर में ही तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एक बातचीत में शीतल ने कहा-पहाड़ के खिलाड़ियों ने संसाधनों के अभाव में भी अपनी प्रतिभा को साबित किया है। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से सुविधाओं का जिस हिसाब से विस्तार हो रहा है, वह संभावनाएं जगाता है।

राफ्टिंग को शामिल करने से उम्मीद
-राष्ट्रीय खेलों के 38 वें संस्करण में राफ्टिंग को शामिल किया गया है। हालांकि, यह डेमो गेम है और इसे मेडल गेम में शामिल नहीं किया गया है। टनकपुर में राफ्टिंग गेम प्रस्तावित हैं।
राफ्टिंग को राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए जाने से शीतल उत्साहित हैं। शीतल का कहना है कि भले ही राफ्टिंग डेमो गेम है, लेकिन इससे साहसिक खेलों को लेकर संभावनाएं जगी हैं।
शीतल का अपना खेल पर्वतारोहण राष्ट्रीय खेलों का हिस्सा नहीं है। हालांकि ओलंपिक व एशियाई खेलों में पर्वतारोहण के कुछ प्रारूपों की स्पर्धाएं आयोजित की जाती हैं।


रुद्रपुर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सीएम धामी ने किया रोड शो

सीएम धामी की अपील से पार्टी की जीत तय- भाजपा

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा के पक्ष में आयोजित भव्य रोड शो में सम्मिलित हुए। इस दौरान सड़कों पर उमड़े भारी जनसैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया कि नगर निगम चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। रोड शो में शामिल हजारों की संख्या में लोग सीएम धामी का अभिवादन करते हुए उनके साथ चल रहे थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोड शो के दौरान रुद्रपुर की जनता से भाजपा के उम्मीदवार विकास शर्मा के समर्थन में प्रचंड मतों से जीत सुनिश्चित करने की अपील की। भाजपा प्रवक्ता मनवीर चौहान ने कहा कि इस रोड शो में जनता ने न केवल बढ़-चढ़कर भाग लिया बल्कि भाजपा और उसके नेताओं को लेकर जो उत्साह दिखाई दिया, उसने आगामी चुनाव में भाजपा की जीत को लगभग सुनिश्चित कर दिया है।

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लोकप्रियता के नए कीर्तिमान स्थापित होते दिख रहे हैं और यह रोड शो उनके नेतृत्व में भाजपा के लगातार बढ़ते जनसमर्थन का प्रतीक है। रुद्रपुर की जनता ने जो समर्थन दिया है, वह भाजपा के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए निर्णायक साबित होगा।


सीएम धामी ने हल्द्वानी में रोड शो कर जनता का मांगा आशीर्वाद

हल्द्वानी में भाजपा को जिताने की अपील की

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में रोड शो कर मेयर पद पर गजराज सिंह बिष्ट एवं पार्षद पदों पर भाजपा के सभी प्रत्याशियों को प्रचंड मत से जिताने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सीएम धामी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। जिस सड़क से भी सीएम धामी का रोड-शो गुजरा वहां लोग उनके पक्ष में नारे लगाते नजर आए।

सीएम धामी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान हर दिशा से मिल रहा अभूतपूर्व समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जन-जन का साथ भाजपा के साथ है और हम प्रचंड बहुमत से प्रदेश के सभी निकाय क्षेत्रों में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने जा रहे हैं।

रोड शो में सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट समेत भाजपा के कई बड़े नेता एवं कार्यकर्ता गण शामिल रहे।


केंद्रीय कर्मचारियों को मोदी सरकार का तोहफा, आठवें वेतन आयोग का गठन प्रस्ताव स्वीकार 

नई दिल्‍ली। मोदी सरकार ने नए साल में केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र ने आठवें वेतन आयोग के गठन के प्रस्‍ताव को स्‍वीकार कर लिया है। सरकार के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को फायदा होगा। बता दें कि सातवें वेतन आयोग का टर्म साल 2026 में समाप्‍त हो रहा है ।  इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग को गठित करने का फैसला लिया है। इसके अलावा केंद्रीय कैबिनेट ने 3,985 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीसरे लॉन्‍च पैड को भी मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले से स्‍पेस रिसर्च की मुहिम को और रफ्तार मिलने की संभावना है।

कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन को अपनी मंजूरी दे दी है। इसके लिए राज्य सरकारें, PSU आदि से विचार-विमर्श किया जाएगा।

आठवें वेतन आयोग के अध्यक्ष और दो सदस्यों के नाम का भी जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा। बता दें कि 7वां पे कमीशन 2016 में गठित हुआ था। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि आठवां वेतन आयोग 2026 से लागू होगा, ऐसे में समय रहते सुझाव, सिफारिशें आदि के लिए इसका गठन जल्द करने का फैसला लिया गया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp