Thursday, November 19, 2026
2:48 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए राष्ट्रीय खेल मील का पत्थर होगा साबित – सीएम धामी

Category Archives: राष्ट्रीय

हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए राष्ट्रीय खेल मील का पत्थर होगा साबित – सीएम धामी

राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन समारोह आयोजित होगा- सीएम

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हो रहे 38 वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में उत्तराखंड एवं दिल्ली के मध्य खेले गए फुटबॉल का सेमीफाइनल मैच भी देखा।

मुख्यमंत्री ने 14 फरवरी को हल्द्वानी में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह की पूर्व तैयारियां का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों के साथ बैठक कर समापन समारोह की तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा राज्य के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है इस समापन कार्यक्रम को भव्यता से सम्पन्न करना है। ताकि लोग हमेशा इसे अपने दिलों में याद रखे। उन्होंने कहा,इस कार्यक्रम को आमजन की सहभागिता से सफल बनाया जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, दर्शक दीर्घा, और अन्य सभी सुविधाओं के विशेष ध्यान रखा जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है जिस तरीके से खेलों का भव्य शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है, उसी प्रकार भव्य समापन समारोह भी आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त कर चुके महानुभाओं, साहित्यकारों, समाजसेवियों, मीडिया जगत से जुड़े बुद्धिजीवियों आदि को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या न हो इस हेतु सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हों। उन्होंने कहा हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए भी राष्ट्रीय खेल मील का पत्थर साबित होने वाली है। उन्होंने कहा राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी प्रतिभागी खिलाड़ी व खेलों से जुड़े हर एक व्यक्ति देवभूमि उत्तराखंड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। सभी आयोजन स्थलों में खिलाड़ियों और आगंतुकों को हर संभव सुविधा प्रदान करने के प्रयास किए गए हैं।

बैठक में निदेशक खेल प्रशांत कुमार आर्या द्वारा खेल विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह हेतु की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं व कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री डॉ अनिल कुमार डब्बू, दिनेश आर्या विधायक लालकुआं डॉ मोहन सिंह बिष्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी डॉ योगेन्द्र सिंह रावत,जिलाधिकारी वंदना, पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा सहित विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक,दर्शक जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे।


सीएम धामी ने नैनीताल रोड काठगोदाम से नरीमन चौराहे तक सड़क का किया निरीक्षण

सीएम ने हल्द्वानी की दीवार पर बने भित्ति चित्रों को सराहा

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल रोड काठगोदाम से नरीमन चौराहे तक सड़क का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने बनाए गए भित्तिचित्र व पेंटिंग को देखा व किए गए सौंदर्यीकरण की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने स्वयं भी पेंटिंग की। जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्र का प्रवेश द्वार होने के कारण यहॉं से बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। जिससे जाम की स्थिति रहती थी। इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण को हटाते हुए सड़क को 9 मीटर से 24 मीटर चौड़ा कर इस क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी कर दिया गया है। जिससे पर्यटक कुमाऊं की संस्कृति से लेकर पर्यटन,वाइल्डलाइफ यहॉं के रहन सहन से रूबरू हो सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ अनिल कुमार डब्बू, आयुक्त कुमाऊँ व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी डॉ योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।


देवभूमि के हीरो हैं पदक विजेता – रेखा आर्या

देहरादून। नेशनल गेम्स में लॉन्ग बाल और रोइंग प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को खेल मंत्री रेखा आर्या ने बधाई दी है।खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज का दिन भी हमारे खिलाड़ियों के हुनर के चलते बहुत शानदार रहा है उत्तराखंड ने लॉन बॉल्स स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है।उत्तराखंड ने नेशनल गेम्स में पहली बार लॉन बॉल्स में हिस्सा लिया और पहली बार में ही गोल्ड पर कब्जा जमाया है। यह गोल्ड उत्कृष्ट द्विवेदी ने दिलाया है।

खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को लॉन बॉल्स में 1 गोल्ड मेडल ही नहीं, बल्कि 2 ब्रॉन्ज मेडल भी मिले हैं। उत्तराखंड की ओर से लॉन बॉल टीम इवेंट पुरुष में देहरादून के उत्सव और अभिषेक की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके अलावा महिला अंडर 25 सिंगल में चंद्र योगिता ने भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। गोल्ड मेडल जीतने वाले उत्कृष्ट द्विवेदी रुद्रपुर से ताल्लुक रखते हैं। वो चमोली जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेंद्र नाथ द्विवेदी के बेटे हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उधर टिहरी में चल रही रोइंग में नवदीप सिंह ने पुरुषों की सिंगल स्कल इवेंट में सिल्वर जीता है, जबकि रवि, सौरव कुमार,नीरज और आशीष गोलियान ने पुरुषों की कॉक्सलेस फोर टीम इवेंट में सिल्वर हासिल किया है। जसवीर सिंह और हरिंदर सिंह पुरुषों की कॉक्सलेस पेयर इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ियों का आने वाले इवेंट्स में प्रदर्शन और बेहतर होगा। पदक तालिका में अपनी देवभूमि बहुत सम्मानजनक स्थान हासिल करेगी।


प्रदेश को मिली पहली शॉटगन शूटिंग रेंज

खेल मंत्री रेखा आर्य ने शूटिंग की, व्यवस्थाओं का जायजा लिया

7 फरवरी से नेशनल गेम की शॉटगन इवेंट होगी

रुद्रपुर। प्रदेश में जुटाई जा रही नई खेल सुविधाओं की माला में बुधवार को एक मोती और जुड़ गया। खेल मंत्री रेखा आर्या ने 46वी वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में नवनिर्मित शूटिंग रेंज का निरीक्षण करके बताया कि रेंज एकदम तैयार हो गई है। नेशनल गेम की शॉटगन और स्कीट स्पर्धा के लिए रुद्रपुर की 46 पीएससी वाहिनी का चयन किया गया था। इसके लिए शूटिंग रेंज बनने में तकरीबन तीन से चार महीने का समय लगता है। लेकिन रुद्रपुर में दिन रात काम करके शूटिंग रेंज को 40 दिन के भीतर तैयार कर दिया गया है। इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या को बताया गया कि यहां यूपीएस और जैनरेटर सेट की आवश्यकता है। खेल मंत्री ने इसके लिए डीएम और विभागीय अधिकारियों को 1 घंटे के अंदर इसकी स्वीकृति देकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए ।

इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस शूटिंग रेंज में हमारे नेशनल गेम की शॉट गन और स्कीट इवेंट का आयोजन होना है। रुद्रपुर के साइकलिंग वैलोड्रोम की तरह यह खेल अवस्थापना भी बेहद खास है, क्योंकि इसके पहले शायद उत्तराखंड में इस तरह का इवेंट पहले नहीं आयोजित हुआ है।

खेल मंत्री ने कहा कि बहुत शॉर्ट नोटिस पर जिस तरह हमने दिन-रात काम करके रिकॉर्ड 40 दिन के अंदर इस शूटिंग रेंज को तैयार किया है, उसकी सराहना इस इवेंट के डीओसी महोदय ने भी मुक्त कंठ से की। रेखा आर्या ने बताया कि तकनीकी तौर पर काफी जटिल इस शूटिंग रेंज का निर्माण इतना अहम काम था कि उन्होंने निर्माण के दौरान कुल मिलाकर तीन बार निरीक्षण करके काम की प्रगति पर लगातार नजर रखी इंटरनेशनल और अर्जुन अवार्डी शूटर्स समेत खिलाड़ियों ने इस रेंज में अभ्यास बुधवार को ही शुरू कर दिया है। उनके साथ खेल मंत्री ने भी शूटिंग करने का रोमांचक अनुभव लिया। इस मौके पर डीओसी अशोक मित्तल, उपनिदेशक शक्ति सिंह, जिला खेल अधिकारी उधमसिंहनगर जानकी कार्की आदि मौजूद रहे।

 

जीतोगे तो पदक पहनाने आऊंगी

बुधवार को खेल मंत्री रेखा आर्य ने खटीमा और चकरपुर में मलखंब आयोजन स्थलों का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे उत्तराखंड के मलखंब खिलाड़ियों से कहा कि अगर वे मलखंब में अच्छा प्रदर्शन करके पदक जीतते है तो वें खुद उन्हें मेडल पहनाने के लिए आएंगी।


महाराज ने की महाकुंभ में योगी के कुशल प्रबंधन की तारीफ

कहा भगदड़ की साजिश कर्ताओं का जल्द हो पर्दाफाश

देहरादून। प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ के तीसरा अमृत स्नान के निर्विघ्न संपन्न होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ में पवित्र संगम में डुबकी लगाने पर प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल प्रबंधन की तारीफ करते हुए उनसे मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के दौरान हुई भगदड़ की घटना की जांच कर साजिश का पर्दाफाश करने की बात कही है।

प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने महाकुंभ के अंतिम अमृत स्नान पर्व बसंत पंचमी पर सकुशल स्नान संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज संगम पर स्नान-पूजन करके पूरे विश्व को गंगा के प्रति समर्पण और अटूट निष्ठा का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि गंगा, यमुना और सरस्वती हमारे जीवन का आधार हैं, ये धाराएं हमारी लाइफ लाइन हैं। इसलिए इनका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे विशाल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का प्रबंधन करना हर किसी के बस की बात नहीं है, ऐसा कार्य योगी जैसे योजनाकार कुशल राजनीतिज्ञ ही कर सकते हैं।

महाराज ने कहा कि प्रयागराज कुम्भ में देश-दुनिया से आये करोड़ों की संख्या में लोगों ने गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम में डुबकी लगाई दिव्य धाराओं में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रयागराज कुम्भ में जल की पर्याप्त उपलब्धता के लिए उत्तराखंड सरकार ने भी टिहरी जलाशय से 150 क्यूमेक्स स्वच्छ एवं निर्मल जल की आपूर्ति कर अतिरिक्त जल उपलब्ध करवाया।


देहरादून में 18 से 24 फरवरी के बीच आयोजित होगा बजट सत्र

वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दी जानकारी

देहरादून। वित्त मंत्री उत्तराखंड डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बजट सत्र 2025-26 देहरादून में 18 से 24 फरवरी की अवधि के बीच आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न वर्गों जैसे व्यापारी, किसान, लघु उद्योग, शिक्षा आदि क्षेत्र से जुड़े लोगों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण सुझावों को उत्तराखंड के बजट में शामिल किया गया है। जनहित की भावनाओं को ध्यान में रखकर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल करने की दिशा में बजट लाया जाएगा।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश भर से लगभग 200 से अधिक हित धारकों से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास की परिकल्पना को यह बजट साकार करेगा।


देश के पहले जोड़े को विवाह के बाहर एक साथ रहने के लिए मिला कानूनी संरक्षण 

लिव-इन रिश्ते का पंजीकरण न कराने पर छह महीने तक की जेल और ₹25,000 का लग सकता है जुर्माना 

विभिन्न श्रेणियों में कुल 198 व्यक्तियों ने पोर्टल पर जमा किए आवेदन 

देहरादून। उत्तराखंड ने हाल ही में लागू यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के तहत लिव-इन रिश्तों के पंजीकरण के लिए तीन में से एक आवेदन को आधिकारिक मान्यता दी है। यह ऐतिहासिक निर्णय 27 जनवरी से प्रभावी है और यह देश में पहला उदाहरण है जब एक जोड़े को विवाह के बाहर एक साथ रहने के लिए कानूनी संरक्षण प्राप्त हुआ है। राज्य के एक अधिकारी ने कहा, “यह हमारे कानूनी ढांचे को आधुनिक बनाने और विभिन्न रिश्तों की गतिशीलता को स्वीकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” इस मान्यता की उम्मीद है कि भविष्य में अधिक जोड़े इसी तरह की कानूनी मान्यता के लिए आवेदन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि देहरादून से दो आवेदनों के अलावा, एक अन्य जिले से एक आवेदन अभी भी निर्णय की प्रतीक्षा कर रहा है।रिपोर्टों के अनुसार, तीन जोड़ों ने यूसीसी पोर्टल पर अपने लिव-इन रिश्तों के पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। देहरादून पुलिस वर्तमान में आवेदनों की समीक्षा कर रही है। एक बार जब दस्तावेज़ और दावे वैध पाए जाते हैं, तो शेष जोड़ों को भी प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें एक साथ रहने की अनुमति मिलेगी। इस वर्ष 27 जनवरी को उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने के बाद, देहरादून में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक, विभिन्न श्रेणियों में कुल 198 व्यक्तियों ने पोर्टल पर आवेदन जमा किए हैं।

यूसीसी पंजीकरण के लिए जिला नोडल अधिकारी, अभिनव शाह ने बताया, “लिव-इन पंजीकरण के लिए आवेदन सीधे रजिस्ट्रार द्वारा समीक्षा किए जाएंगे। रजिस्ट्रार स्तर पर आवेदनों की जांच के बाद, उन्हें पुलिस द्वारा अलग से सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा।” यूसीसी ड्राफ्टिंग समिति के सूत्रधार और नियम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने कहा, “यूसीसी लागू होने से पहले स्थापित लिव-इन रिश्तों के लिए, पंजीकरण को कोड लागू होने की तारीख से एक महीने के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। इसके विपरीत, यूसीसी लागू होने के बाद स्थापित लिव-इन रिश्तों के लिए, पंजीकरण उस रिश्ते में प्रवेश करने की तारीख से एक महीने के भीतर होना चाहिए।”

उन्होंने समाप्ति प्रक्रिया पर भी विस्तार से बताया, “जोड़े अपने लिव-इन रिश्तों को ऑनलाइन या ऑफलाइन समाप्त करने का विकल्प चुन सकते हैं। यदि किसी साथी से समाप्ति का अनुरोध प्राप्त होता है, तो रजिस्ट्रार दूसरे पक्ष से पुष्टि मांगेगा। इसके अतिरिक्त, यदि लिव-इन रिश्ते में एक महिला गर्भवती होती है, तो रजिस्ट्रार को सूचित करना अनिवार्य होगा। बच्चे के जन्म के 30 दिनों के भीतर स्थिति को अपडेट करना होगा।”

नई विनियमों के तहत, लिव-इन रिश्ते का पंजीकरण न कराने पर छह महीने तक की जेल, ₹25,000 का जुर्माना या दोनों का सामना करना पड़ सकता है। लिव-इन व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को यूसीसी वेब पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा, जिसके बाद उन्हें रजिस्ट्रार से एक रसीद प्राप्त होगी। यह रसीद उन्हें घर, हॉस्टल या पीजी आवास किराए पर लेने की अनुमति देगी। इसके अतिरिक्त, रजिस्ट्रार जोड़े के माता-पिता या अभिभावकों को पंजीकरण के बारे में सूचित करेगा। लिव-इन रिश्ते में जन्मे बच्चों को जोड़े की संतान माना जाएगा, जिन्हें जैविक बच्चों को मिलने वाले सभी अधिकार प्राप्त होंगे।


भारतीय वित्त मंत्रालय ने एआई टूल्स और एप्लिकेशन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश किया जारी 

सरकारी डेटा की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम

नई दिल्ली। भारतीय वित्त मंत्रालय ने ChatGPT और DeepSeek जैसे एआई टूल्स और एप्लिकेशन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया है। इस सर्कुलर का उद्देश्य संवेदनशील सरकारी डेटा की सुरक्षा को सुनिश्चित करना और संभावित साइबर खतरों को रोकना है।

संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में कहा गया है कि सरकारी कंप्यूटरों पर एआई-सक्षम एप्लिकेशन का उपयोग गोपनीय सरकारी जानकारी को खतरे में डाल सकता है। इसके मद्देनजर, मंत्रालय ने सभी कर्मचारियों को आधिकारिक उपकरणों पर ऐसे टूल्स के उपयोग से बचने की सलाह दी है। यह आदेश वित्त सचिव की मंजूरी के बाद जारी किया गया है और इसे राजस्व, आर्थिक मामलों, व्यय, सार्वजनिक उपक्रम, DIPAM और वित्तीय सेवाओं सहित प्रमुख सरकारी विभागों को भेजा गया है।

यह प्रतिबंध वैश्विक स्तर पर एआई टूल्स को लेकर बढ़ती चिंताओं का हिस्सा है। कई एआई मॉडल, जिनमें ChatGPT भी शामिल है, उपयोगकर्ता इनपुट को बाहरी सर्वरों पर प्रोसेस करते हैं, जिससे डेटा लीक या अनधिकृत पहुंच की आशंका बनी रहती है। इससे पहले, कई निजी कंपनियों और वैश्विक संगठनों ने भी एआई टूल्स के उपयोग को सीमित कर दिया है ताकि संवेदनशील डेटा के गलत इस्तेमाल से बचा जा सके। इससे पहले इटली और ऑस्ट्रेलिया ने भी चाइनीज एआई टूल डीपसीक को बैन किया है।

सरकार ने यह प्रतिबंध क्यों लगाया?

1. ChatGPT और DeepSeek जैसे एआई मॉडल उपयोगकर्ता द्वारा डाले गए डेटा को बाहरी सर्वरों पर प्रोसेस करते हैं। इसका मतलब है कि यदि सरकारी कर्मचारी गोपनीय जानकारी इन टूल्स में दर्ज करते हैं, तो वह डेटा संग्रहीत, एक्सेस या दुरुपयोग हो सकता है। सरकारी विभागों में वित्तीय डेटा, नीतिगत मसौदे और आंतरिक संचार जैसे संवेदनशील डेटा होते हैं। यदि यह डेटा लीक होता है, तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक नीति के लिए गंभीर खतरा हो सकता है।

2. सरकारी कार्यालयों में उपयोग किए जाने वाले पारंपरिक सॉफ्टवेयर के विपरीत, एआई टूल्स क्लाउड-आधारित होते हैं और निजी कंपनियों के स्वामित्व में होते हैं। उदाहरण के लिए, ChatGPT का स्वामित्व OpenAI के पास है, और सरकार के पास यह नियंत्रित करने का कोई तरीका नहीं है कि ये टूल्स जानकारी को कैसे संग्रहीत या प्रोसेस करते हैं। यह विदेशी हस्तक्षेप और साइबर हमलों के लिए एक संभावित खतरा बन सकता है।

3. भारत डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम, 2023 जैसे कड़े डेटा सुरक्षा कानूनों पर काम कर रहा है। यदि सरकारी कर्मचारियों को बिना स्पष्ट नियमों के एआई टूल्स का उपयोग करने की अनुमति दी जाती है, तो इससे डेटा सुरक्षा नीतियों का उल्लंघन हो सकता है और सरकारी सिस्टम को साइबर हमलों के प्रति असुरक्षित बना सकता है।


देवभूमि के पदक वीरों को नमन – रेखा आर्या

देहरादून। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड के लिए पदक जीतने वाले ​खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से कहा अपने उत्तराखंड को मेडल दिए है, आपने उत्तराखण्ड का परचम देश के नक़्शे पर लेहराया है, खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38 में राष्ट्रीय खेलों में आज उत्तराखंड की झोली पदकों से भरने के लिए सभी होनहार पदक वीरों को हार्दिक बधाई देती हूं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजित करना, हमारे राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए सौभाग्य की बात है। हमारा राज्य अब देवभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में भी जाना जाएगा। उन्होंने कहा राष्ट्रीय खेलों को लेकर राज्य भर में खेलों की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिये महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। कई खेल मैदानों को विकसित किया गया है। इससे भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

खेल मंत्री ने राज्यवासियों से राष्ट्रीय खेलों का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा हमें युवाओ को अधिक से अधिक खेलों की ओर आगे बढ़ना है। कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पारम्परिक लोक संस्कृति, खानपान से भी देश भर के खिलाड़ी परिचित हो रहे हैं।

1- रीना सेन गोल्ड, कैनो सालालम
2- धीरज सिंह कीर, सिल्वर, कैनो सालालम

3- आन्या बिष्ट & एंजेल पुनेरा
सिल्वर बैडमिंटन विमेंस डबल

4- गायत्री रावत & मनसा रावत
ब्राउंज, बैडमिंटन विमेंस डबल

5- अजय वर्मा, हर्षित भाटी, रोहित यादव, शशांक शर्मा व प्रियांशु

ग्रुप योगासना मे गोल्ड

6:- दीपक व विशाल पारम्परिक योगा मे दोनों के सिल्वर

7:- अजय वर्मा व हर्षित भाटी, आर्टिस्टिक पेयर मे रजत, योगासना

8- शशांक व प्रियांशु, रीदमिक पेयर योगसाना मे काँस्य पदक


योगासन का रंगारंग समापन, खेल मंत्री ने विजेताओं को पहनाए पदक

अल्मोड़ा। 38वे राष्ट्रीय खेलों की योगासन प्रतियोगिता का अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में रंगारंग समापन हुआ। इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को पदक पहनाए। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अल्मोड़ा के लिए नेशनल गेम्स में योगासन प्रतियोगिता का आयोजन करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इन खेलों के जरिए अल्मोड़ा को देश भर में पहचान मिली है। खेल मंत्री ने कहा कि 2 महीने से भी कम समय के अंदर योगासन के एशियन गेम्स होने वाले है, इसलिए योग के खिलाड़ियों को समझ लेना चाहिए कि दुनिया अब उनको फॉलो करने जा रही है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने उम्मीद जताई के 2036 में भारत को ओलंपिक की मेजबानी मिले तो उसमें योगासन भी एक मेडल गेम के तौर पर शामिल हो। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, जयदीप आर्य, चंद्रकांत आर्य, भुवन जोशी, अशोक जलाल आदि उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp