Thursday, November 19, 2026
5:15 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सीएम धामी ने खटीमा में ₹ 337.17 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

Category Archives: राष्ट्रीय

सीएम धामी ने खटीमा में ₹ 337.17 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थारू इंटर कॉलेज खटीमा में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹337.17 लाख के तीन कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई योजनाओं में ₹ 183.77 लाख कि लागत से ग्राम कल्याणपुर, रुद्रपुर के प्रशासनिक क्षेत्र में लगभग 1.5 किमी में सड़क के दोनों ओर पाथ-वे निर्माण कार्य। ₹ 67.50 लाख की लागत से ग्राम कल्याणपुर, रुद्रपुर के प्रशासनिक क्षेत्र में लगभग 1.5 किमी स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य एवं ₹84.90 लाख की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग निर्माण कार्य का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि खटीमा मेरी कर्मभूमि रही है और यहां के लोग मेरे परिवार के ही सदस्य हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से राज्य सरकार अपने “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जहां एक ओर शहरों से लेकर सुदूर सीमावर्ती पर्वतीय गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दुग्ध उत्पादन, मधु उत्पादन, कृषि, बागवानी, सुगन्धित पौधों एवं फूलों की खेती आदि को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
राज्य के होम स्टे योजना, लखपति दीदी योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी अनेकों योजनाएं लागू कर स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में वो कोई भाषण देने नहीं अपितु सभी परिवारजनों के बीच अपने हृदय की बात रखने आए हैं। उन्होंने कहा वर्ष 2012 में खटीमा के लोगों ने ही उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर पहली बार विधायक के रूप में विधानसभा भेजा था, तब से लेकर अब तक उन्होंने हमेशा खटीमा के विकास के बारे में सोचा है। उन्होंने कहा वो खटीमा के लोगों को कभी भूलेंगे नहीं, क्योंकि खटीमा के लोगों के उनके प्रति जो आपसी प्रेम और अपनत्व की भावना है, वो कभी बदल नहीं सकती है। उन्होंने कहा वो सदैव खटीमा के चहुंमुखी विकास और जन-जन के कल्याण हेतु प्रयासरत रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खटीमा में नए बस स्टैंड का निर्माण, नई सड़कों और पुलों का निर्माण, 100 बेड के अस्पताल के नए परिसर का संचालन, जनजातीय समुदाय के बच्चों के लिए आधुनिक एकलव्य विद्यालय का निर्माण जैसे अनेको कार्यों से क्षेत्र को को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने अपनी यादों को साझा करते हुए कहा उन्हें अपनी युवावस्था में वो दिन याद है जब वो इसी खटीमा की धरती से पढ़ने के लिए लखनऊ जा रहे थे। उन्होंने कहा खटीमा में शिक्षा के क्षेत्र से संबंधित नए-नए कार्य भी प्रारंभ हुए हैं। आईटीआई और पॉलीटैक्निक कॉलेजों हेतु नए भवनों का निर्माण करने के साथ राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं भी प्रारंभ करवाई गई हैं। राज्य सरकार ने 16 करोड़ रुपए की लागत से चकरपुर में खेल स्टेडियम का निर्माण किया है। जहां हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों की कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

उन्होंने कहा अब स्टेडियम में हमारे क्षेत्र के युवाओं को अभ्यास करने हेतु उच्च स्तरीय सुविधाएँ मिलेगी एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी हॉस्टल में रहने की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खटीमा के साथ ही, हम पूरे उधमसिंह नगर जनपद में कई ऐतिहासिक विकास परियोजनाएँ संचालित कर रहे हैं। जनपद के किच्छा में करोड़ों की लागत से एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार द्वारा खुरपिया में एक स्मार्ट औद्योगिक नगर विकसित करने की प्रक्रिया भी गतिमान है। उन्होंने कहा इस औद्योगिक नगर के स्थापित होने से उधम सिंह नगर के साथ पूरे उत्तराखंड के हज़ारों लोगों को रोज़गार मिलेगा। पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रूद्रपुर के बागवाला गाँव में 1872 ई.डब्ल्यू.एस. आवासों का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जनपद के टनकपुर और काशीपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य भी प्रगति पर है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश का साथ ही खटीमा का चहुँमुखी विकास किया व निरंतर आगे भी विकास कि गंगा बहा रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष खटीमा के विकास हेतु 13 मांगो का प्रस्ताव रखा।

इस दौरान कार्यक्रम में विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, अध्यक्ष नगर पंचायत नानकमत्ता प्रेम सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, महामंत्री अमित नारंग,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


महाशिवरात्रि पर अमृत स्नान के साथ ही आज महाकुंभ 2025 का हो जाएगा समापन 

प्रयागराज जंक्शन पर श्रद्धालुओं का आना जारी

सीएम योगी ने श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के दिए निर्देश 

प्रयागराज। महाशिवरात्रि पर अमृत स्नान के साथ ही बुधवार को महाकुंभ 2025 का समापन हो जाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी ने महाशिवरात्रि स्नान पर्व के इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के संदर्भ में पूरी स्थिति का जायजा लिया। गोरखपुर में वह सुबह से ही गोरखनाथ मंदिर स्थित कंट्रोल रूम में पहुंच गए और टीवी पर स्नान पर्व की लाइव फीड पर मॉनीटरिंग करते रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई भी परेशानी न हो। साथ ही सीएम योगी ने सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। वह टीवी पर महाकुंभ नगर के साथ ही पूरे प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुविधाओं की लाइव फीड देखते रहे।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेला आज 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन समाप्त होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकुंभ मेले के दौरान पवित्र स्नान के लिए प्रयागराज जंक्शन पर श्रद्धालुओं का आना जारी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी घाटों पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करें। साथ ही, उन्होंने आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।  मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को बिना किसी समस्या के त्रिवेणी संगम में स्नान का लाभ मिल सके।


मानकों पर खरे विद्यालयों का होगा उच्चीकरण – डॉ. धन सिंह रावत

जनपदों से मांगे जाय विद्यालयों के उच्चीकरण के प्रस्ताव

मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत मानकों को पूरा करने वाले विद्यालयों का उच्चीकरण किया जायेगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को उच्चीकरण संबंधी प्रस्तावों पर कार्रवाई के निर्देश दे दिये गये हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों से उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रस्ताव भी महानिदेशालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषण के संबंधित उच्चीकरण के प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाही के निर्देश अधिकारियों को दे दिये गये हैं।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने विद्यालयों के उच्चीकरण के संबंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी हासिल करते हुये उच्चीकरण में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेशभर के ऐसे राजकीय विद्यालय जो उच्चीकरण के मानकों को पूरा करते हो, शीघ्र उच्चीकरण किया जाय। इस संबंध में उन्होंने जनपद स्तर से मुख्य शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जूनियर हाईस्कूल और हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों के उच्चीकरण प्रस्ताव शीघ्र मांगे जाने के निर्देश दिये। ताकि समय पर विद्यालयों का उच्चीकरण कर स्थानीय छात्र-छात्राओं को शिक्षा ग्रहण करने में और अधिक सुगमता हो सके।

विभागीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में हाईस्कूल से इंटर स्तर पर उच्चीकरण हेतु मानक पूर्ण करने वाले नौ विद्यालय हैं। जिनमें चम्पावत जनपद का राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुॅगर, सल्ली और पल्सों शामिल है। इसी प्रकार रूद्रप्रयाग जनपद में स्व0 शहीद फते सिंह राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाडव, टिहरी में रा0उ0मा0 वि0 मेड़, चामासारी, हरिद्वार में रा0उ0मा0 विद्यालय बेलड़ी, अल्मोड़ा में रा0उ0मा0 विद्यालय कांटली और नैनीताल में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैड़ागांव शामिल है जिनका शीघ्र ही उच्चीकरण कर आदेश जारी कर दिये जायेंगे। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल विभिन्न विद्यालयों के उच्चीकरण संबंधी प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई की जाय तथा उच्चीकरण के मानक पूर्ण न करने की स्थिति में शिथिलीकरण हेतु प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजे जाय।

बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा रंजना राजगुरू, महानिदेशक बंशीधर तिवारी, अपर सचिव एमएम सेमवाल, प्रभारी निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, अपर परियोजना निदेशक कुलदीप गैरोला, उप सचिव अनिल पाण्डेय, अनु सचिव विकास श्रीवास्तव, स्टॉफ ऑफिसर समग्र शिक्षा बी.पी.मंदोली सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


भोलेनाथ के जयकारों के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं ने किए महादेव के दर्शन

देर रात से ही श्रद्धालु शिवालयों के बाहर लंबी कतार में लगे हुए हैं

देहरादून। भोलेनाथ के भक्तों के लिए आज का दिन बेहद खास है। महाशिवरात्रि पर महादेव के जलाभिषेक के लिए देर रात से ही श्रद्धालु शिवालयों के बाहर लंबी कतार लगाए हुए हैं। बड़े,बजुर्ग, युवा-बच्चे सभी भोलेनाथ के जयकारों के साथ मंदिर में महादेव के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। महाशिवरात्रि का पर्व हर वर्ष फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। हिंदू धर्म के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। महाशिवरात्रि के दिन देवाधिदेव महादेव ने गृहस्थ जीवन को अपनाया।

इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधिपूर्वक पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हालांकि, महाशिवरात्रि का पूरा दिन शिव पूजा के लिए समर्पित होता है, लेकिन शुभ मुहूर्त में की गई पूजा विशेष फल देती है। शिव कालों के काल महाकाल हैं, इसलिए उनकी पूजा पर भद्रा और पंचक जैसे अशुभ काल का कोई असर नहीं पड़ता। इसीलिए, महाशिवरात्रि के दिन भद्रा होने के बावजूद, पूरे दिन निर्बाध रूप से शिव पूजा की जा सकेगी। महाशिवरात्रि शब्द का अर्थ है भगवान शिव की रात्रि।

महा का अर्थ है महान और शिवरात्रि का अर्थ है भगवान शिव की रात्रि। धार्मिक मान्यता है की शिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ का माता पार्वती के साथ विवाह हुआ था। इसीलिए महाशिवरात्रि के दिन  रात भर जागकर शिव और उनकी शक्ति माता पार्वती की आराधना करने से भक्तों पर शिव और मां पार्वती की विशेष कृपा होती है।महाशिवरात्रि का रात्रि जागरण से जीवन के तमाम कष्ट दूर हो जाते हैं, इसलिए महाशिवरात्रि की रात सोना नहीं चाहिए।


महिला प्रीमियर लीग के दसवें मुकाबले में आज गुजरात जाएंट्स से भिड़ेगी दिल्ली कैपिटल्स

नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दसवें मुकाबले में आज यानि मंगलवार को गुजरात जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स होगी आमने- सामने। दोनों ही टीमों को अपने पिछले मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। डब्ल्यूपीएल का रोमांच अब चरम पर पहुंच रहा है। सोमवार को आरसीबी और यूपी वारियर्स के बीच मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकला। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास का पहला सुपर ओवर था। गुजरात और दिल्ली की टीमें बल्लेबाजों के कमजोर प्रदर्शन से जूझ रही हैं, लेकिन इस मैच में भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

गुजरात-दिल्ली दोनों को पिछले मैच में मिली थी हार
गुजरात और दिल्ली को अपने पिछले मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा है। पिछले दो सत्र में अंतिम स्थान पर रही गुजरात की टीम तीन मैच में सिर्फ एक जीत के साथ अंतिम स्थान पर है। इस बीच दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी पिछले मैच में यूपी वारियर्स के खिलाफ 33 रन की हार के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गई है। टीम की पांच मैच में यह तीसरी हार थी।

मौजूदा सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है दिल्ली
लीग की शुरुआत के बाद से ही सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल रही दिल्ली की टीम मौजूदा सत्र में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले प्रबल दावेदारों में शामिल दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक कमजोर प्रदर्शन किया है। टीम का बल्लेबाजी क्रम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और मेग लेनिंग ने अच्छी शुरुआत की है लेकिन उसका फायदा उठाने में नाकाम रही हैं। लेनिंग अब तक सिर्फ अच्छी पारी खेल पाई हैं जिससे संकेत मिलते हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का उनके खेल पर असर पड़ा है। शेफाली, जेमिमा रोड्रिग्स और अनाबेल सदरलैंड ने कुछ मौकों पर प्रभाव छोड़ा है लेकिन वे अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाई हैं।

गार्डनर पर निर्भर गुजरात की टीम
दूसरी ओर गुजरात जाएंट्स की टीम ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर पर बहुत अधिक निर्भर है जो उनके लिए सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रही हैं। गार्डनर टूर्नामेंट में तीसरी सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन पारियों में 141 रन बनाए हैं। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उनकी विफलता ने टीम की बल्लेबाजी में गहराई की कमी को उजागर कर दिया क्योंकि टीम सिर्फ 120 रन पर ढेर हो गई।

भारतीय बल्लेबाजों, विशेषकर तीसरे नंबर पर खेल रहीं डी हेमलता पर दबाव बढ़ रहा है। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट भी बड़ी पारी खेलने की उम्मीद कर रही हैं। गेंद के साथ गार्डनर ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा का अच्छा साथ मिला है। हालांकि अगर गुजरात को आगामी मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करना है तो उसे अपनी ऑलराउंडर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

मुकाबला कितने बजे से शुरू होगा?
मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का टॉस सात बजे होगा।

कहां देख सकते हैं मुकाबला?

महिला प्रीमियर लीग 2025 के प्रसारण का अधिकार स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क के पास है। आप स्पोर्ट्स 18 के अलग-अलग भाषाओं के चैनल पर इस टूर्नामेंट के मुकाबले देख सकते हैं। और मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा ऐप पर होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार है:

गुजरात जाएंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), भारती फुलमाली, लॉरा वोलवार्ट, फोएबे लिचफील्ड, सिमरन शेख, डेनिएल गिब्सन, डी हेमलता, डिएंड्रा डॉटिन, हरलीन देओल, सयाली सतघरे, तनुजा कंवर, बेथ मूनी, केशवी गौतम, मन्नत कश्यप, मेघना सिंह, प्रकाशिका नाइक, प्रिया मिश्रा और शबनम शकील।

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, स्नेह दीप्ति, एलिस कैप्सी, अनाबेल सदरलैंड, अरुंधति रेड्डी, जेस जोनासेन, मारिजेन कैप, मीनु मणि, एन चरणी, निकी प्रसाद, राधा यादव, शिखा पांडे, नंदिनी कश्यप, तानिया भाटिया, सारा ब्राइस, टिटास साधु।


भारत-नेपाल के बीच हवाई सेवाओं का विस्तार जरूरी- महाराज

पर्यटन मंत्री ने महेंद्रनगर में “16वें सुदूर पश्चिम प्रदेश स्तरीय औद्योगिक व्यापार मेला तथा कंचनपुर पर्यटन महोत्सव” में किया प्रतिभाग

देहरादून। नेपाली यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश करने की प्रक्रिया को यदि सरल बना दिया जाये तो इससे दोनों देशों के बीच सदभाव बढ़ने के साथ-साथ पर्यटन में वृद्धि हो सकती है।

उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, जलागम एवं ग्रामीण निर्माण, मंत्री सतपाल महाराज ने नेपाल के महेंद्रनगर में “16वें सुदूर पश्चिम प्रदेश स्तरीय औद्योगिक व्यापार मेला तथा कंचनपुर पर्यटन महोत्सव” में प्रतिभाग के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और भारत के श्री केदारनाथ धाम, वाराणसी, हरिद्वार, और देहरादून जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले धार्मिक पर्यटन सर्किट की स्थापना से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन में भी वृद्धि हो सकती है।

महाराज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश में कृषि और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा हवाई सेवाओं की स्थापना से दोनों देशों के बीच यात्रा में काफी सुविधा हो सकती होगी। भारत और नेपाल के बीच पर्यटन आर्थिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए जरूरी है कि नेपाली यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

महेंद्रनगर में “16वें सुदूर पश्चिम प्रदेश स्तरीय औद्योगिक व्यापार मेला तथा कंचनपुर पर्यटन महोत्सव” नेपाल की विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ-साथ उत्तराखंड पर्यटन का स्टाल भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

इस मौके पर नेपाल के उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्री दामोदर भंडारी, पूर्व मुख्यमंत्री राजेंद्र सिंह रावल, पूर्व उद्योग तथा वाणिज्य मंत्री अब्दुल खान, नेपाल प्रदेश सरकार के मंत्री बहादुर सिंह थापा, हीरा सार्की, कृषि एवं सहकारिता मंत्री वीर बहादुर थापा, पूर्व मंत्री ओम विक्रम, उद्योग वाणिज्य संघ नेपाल के अध्यक्ष पीतांबर जोशी, दुर्गा दत्त वोहरा आदि उपस्थित थे।


राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ‘श्री केदारनाथ जी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन पर एक और प्रयास’ बुक का किया विमोचन

यह पुस्तक भविष्य के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य करेगी- राज्यपाल 

इस बार कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तैयारियां की जा रही – मुख्यमंत्री धामी 

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजभवन में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा बनाई गई कॉफी टेबल बुक ‘श्री केदारनाथ जी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन पर एक और प्रयास’ का विमोचन और यूएसडीएमए के डैशबोर्ड का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत एक संवेदनशील राज्य है। भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों के कारण यहां भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, भूकंप जैसी आपदाएं समय-समय पर आती रहती हैं। इन आपदाओं से निपटना हमारे लिए एक बड़ी चुनौती रहती है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 2024 को श्री केदारनाथ क्षेत्र में आई आपदा एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई थी। इस कठिन परिस्थिति में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने सभी रेखीय विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से समन्वय बनाते हुए इस आपदा की घड़ी में त्वरित निर्णय लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए, जो कि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने एवं यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए। उनकी निगरानी में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किए गए। राज्यपाल ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए भारत सरकार द्वारा भी भरपूर सहयोग प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आपदा के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इतने फिक्रमंद थे कि वे स्वयं इस रेस्क्यू अभियान की अपडेट लेते रहे।

राज्यपाल ने कहा कि इन सभी महत्वपूर्ण प्रयासों को एक पुस्तक के रूप में संकलित किया गया है, जो भविष्य के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य करेगी। ‘‘श्री केदारनाथ जी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन पर एक और प्रयास’’ कॉफी टेबल बुक में उन सभी बहादुर व्यक्तियों और संगठनों के योगदान को संजोया गया है, जिन्होंने अपनी निस्वार्थ सेवा से इस आपदा का प्रभाव कम करने में सहायता की।

राज्यपाल ने कहा कि आज हम यू.एस.डी.एम.ए. डैशबोर्ड का भी लोकार्पण कर रहे हैं, जो आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक सटीक, त्वरित और पारदर्शी बनाएगा। यह डिजिटल प्रणाली न केवल आपदाओं से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण और विश्लेषण में सहायता करेगी, बल्कि नीति-निर्माण और त्वरित निर्णय लेने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस डैशबोर्ड से उत्तराखण्ड को आपदा प्रबंधन में एक नई तकनीकी शक्ति मिलेगी, जिससे न केवल त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी, बल्कि भविष्य में बेहतर आपदा पूर्वानुमान और योजनाएं भी बनाई जा सकेंगी।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड एक ऐसा राज्य है, जो न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि अपने नागरिकों की सेवा-भावना और साहस के लिए भी जाना जाता है। राज्यपाल ने उन सभी व्यक्तियों और संगठनों का धन्यवाद किया जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपना कर्तव्य निभाया और लोगों की रक्षा के लिए दिन-रात कार्य किया। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक सशक्त, सतर्क और आपदा-प्रतिरोधी उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में कार्य करें, ताकि हम अपनी प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्री केदारनाथ क्षेत्र में 31 जुलाई 2024 को आई आपदा के दौरान किए गए राहत एवं बचाव कार्यों के प्रयासों को दर्शाने वाली “कॉफी टेबल बुक“ का विमोचन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने वाले यूएसडीएमए के डैशबोर्ड का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष केदारनाथ क्षेत्र में आई आपदा के दौरान चारधाम यात्रा भी चल रही थी। शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन से मुख्यमंत्री रातभर प्रभावित क्षे़त्र की हर अपडेट लेते रहे। अगले दिन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए स्वयं मोर्चा संभाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा से बचाव के लिए सामाजिक, धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों का सरकार को पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा भर नहीं थी बल्कि हमारे धैर्य, समर्पण और आपदा प्रबंधन की क्षमताओं की एक कठिन परीक्षा भी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे केदारनाथ क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे तो उनके मन में शंका थी कि देशभर से आये श्रद्धालुओं के मन में आक्रोश का भाव होगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रभावित क्षेत्र में जाते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का भाव दिखा। श्रद्धालुओं ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि हम सभी देवभूमि से सुरक्षित अपने घर जायेंगे। सभी श्रद्धालुओं को भोजन, दवाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया। आपदा प्रभावित क्षेत्र में 29 स्थानों पर सड़क मार्ग ध्वस्त हो गये थे, उन सभी को जल्द प्रारंभ किया। व्यावसायिक संगठनों के लोगों से बात कर उनके सुझावों को आगे बढ़ाया। इस आपदा में हमारे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस बल, भारतीय वायु सेना के जवानों तथा जिला प्रशासन की टीमों के साथ ही स्थानीय लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसी भी आपदा की चुनौती से पार पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) का सहयोग हमें निरंतर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस बार कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तैयारियां की जा रही है। प्रदेश में 08 दिसम्बर 2024 से शुरू हुई शीतकालीन यात्रा के भी अच्छे अनुभव सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री का शीतकालीन यात्रा में कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुखवा में उनके लिए भी एक अलग प्रकार का अनुभव था। शीतकाल में उत्तराखण्ड का नैसर्गिक सौन्दर्य और भी अद्भुत होता है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री और रूद्रप्रयाग जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि 31 जुलाई 2024 का दिन केदारघाटी के लिए बहुत दुखद दिन था। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा के दौरान सबसे आगे खड़े होकर लोगों के अंदर का डर दूर कर यात्रा फिर शुरु करवाने में सफलता हासिल की। केदारनाथ और सिलक्यारा आपदा प्रबंधन इसका उदाहरण है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर बार सरकार अपनी कार्यकुशलता से आपदा से निपटने में कामयाब रही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री आपदा के दौरान काम करते हैं, एक कॉफी टेबल बुक तो मुख्यमंत्री पर भी बनाई जा सकती है।

यूएसडीएमए द्वारा विकसित किए गए डैशबोर्ड की विशेषताएं

इस डैशबोर्ड से उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक सटीक, त्वरित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा एक्शन टेकन रिपोर्ट को डिजिटल बनाया जाएगा। आपदा की घटनाओं का त्वरित विश्लेषण करने एवं उचित निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। आपदा संबंधी डेटा को किसी भी स्थान से ऑनलाइन एक्सेस किया जा सकेगा। सभी जिलों से डिजिटल माध्यम से सूचनाओं का संकलन होगा, आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी एवं डेटा संचालित बनाने में मदद मिलेगी। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब तथा शीतकाल के दौरान पांडुकेश्वर, ऊखीमठ, मुखवा, खरसाली में प्रतिदिन आगमन कर रहे तीर्थयात्रियों एवं वाहनों की सूचनाएं नियमित अपडेट की जाएंगी। आपदाओं के कारण होने वाली जनहानि, पशुहानि तथा परिसंपत्तियों की क्षति, सड़क दुर्घटनाओं का विवरण, आगामी दस दिवस का मौसम पूर्वानुमान, उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में तैनात आपदा मित्रों की जीआईएस लोकेशन के साथ फोन नंबर, सेटेलाइट फोन की सूचनाएं तथा सड़कों के बाधित होने व खुलने की जानकारी समाहित होगी।

इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिला, मंडी परिषद् के अध्यक्ष अनिल डब्बू, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव राज्यपाल स्वाति एस भदौरिया, एडीजी ए.पी. अंशुमान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार नेगी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग डॉ. सौरभ गहरवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


परिवहन निगम प्रबंधन अब जीपीएस व ऑनलाइन कैमरों से करेगा रोडवेज बसों की निगरानी

जीपीएस और सीसीटीवी को एक ही कंट्रोल रूम से किया जा सकेगा ट्रैक 

देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज की बसों की निगरानी अब परिवहन निगम प्रबंधन जीपीएस व ऑनलाइन कैमरों से करेगा। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। जल्द ही सभी बसों में जीपीएस डिवाइस व ऑनलाइन कैमरे लगाए जाएंगे। रोडवेज बसों के संचालन, माइलेज, सवारियों की शिकायतों के मद्देनजर परिवहन निगम प्रबंधन नए बदलाव लागू करने की तैयारी कर रहा है। निगम की एमडी रीना जोशी ने इसके लिए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सबसे पहले उन कंपनियों को बुलाया जाएगा जो बसों में जीपीएस और ऑनलाइन सीसीटीवी की सुविधा उपलब्ध करा सकें।

जीपीएस लगाने से एक फायदा ये भी होगा कि रोडवेज की बसें निर्धारित से अलग मार्गों से नहीं चलेंगी। इससे उनका माइलेज भी दुरुस्त होगा। रीना जोशी ने बताया कि जीपीएस को एक ही कंट्रोल रूम से ट्रैक किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार, सीसीटीवी कैमरे को भी कंट्रोल रूम से देखा जा सकेगा। इससे बस में सवारियों की शिकायतें आने का सिलसिला कम हो जाएगा। ड्राइवर, कंडक्टर भी और अधिक अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी को अंजाम दे सकेंगे।

अभी कुछ बसों में कैमरे तो लगे हैं लेकिन उनकी लाइव फुटेज देखने की व्यवस्था नहीं है। किसी बस में सवारियों या चालक-परिचालक के साथ अभद्रता के मामले की जांच के दौरान फुटेज उस बस में रखी हार्ड डिस्क से ली जाती है। लेकिन लाइव फुटेज की व्यवस्था होने के बाद निगरानी आसान और रियल टाइम होगी। एमडी रीना जोशी ने बताया कि अभी इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। पहले कंपनियों से आरएफपी लिए जाएंगे। इसके बाद ही आगे कदम बढ़ाए जाएंगे।


उपराज्यपाल के अभिभाषण से शुरु हुआ दिल्ली विधानसभा सत्र का दूसरा दिन, दिल्ली को भ्रष्टाचार मुफ्त करने पर दिया गया जोर 

आम आदमी पार्टी के विधायकों ने किया हंगामा 

जानिए दिल्ली सरकार किन प्रमुख चीजों पर करेगी काम 

दिल्ली। आज विधानसभा सत्र का दूसरा दिन है। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण से हुई। इस दौरान बीच में आम आदमी पार्टी के विधायकों ने हंगामा भी किया। उपराज्यपाल ने अपने भाषण में बताया कि दिल्ली सरकार किन प्रमुख चीजों पर काम करेगी। इसमें यमुना की सफाई प्राथमिक है। वहीं दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त, अनाधिकृत कॉलोनियों का नियमितकरण और प्रदूषण मुफ्त आदि शामिल है।

‘मेरी सरकार इन 10 क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देगी’
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अपने अभिभाषण के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास, सबका सम्मान’ मेरी सरकार की दिशा तय करेगा। मेरी सरकार लोगों की बढ़ती उम्मीदों और आकांक्षाओं के प्रति पूरी तरह सचेत है। मेरी सरकार इन 10 क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देगी। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, महिला सशक्तिकरण, गरीबों का कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, अच्छा शिक्षा मॉडल, विश्व स्तरीय सड़कें, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त दिल्ली, स्वच्छ यमुना, स्वच्छ जल और अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण।


केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि कल महाशिवरात्रि के पर्व पर की जाएगी तय 

मंदिर समिति ने तैयारियां की पूरी 

रुद्रप्रयाग। कल महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की जाएगी। साथ ही द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में यात्राकाल के लिए पुजारियों की तैनाती तय की जाएगी। मंदिर समिति ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर दी हैं।

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में दो वर्ष से अधिक समय से पुजारी का एक पद रिक्त चल रहा है। 31 मई 2023 को पुजारी शशिधर लिंग का (56) आकस्मिक निधन हो गया था। तब से चार पुजारी ही काम कर रहे हैं जिनकी तैनाती यात्राकाल में मंदिर समिति केदारनाथ, मद्महेश्वर, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में करती आ रही है। मगर बीते दो वर्ष से पुजारी का पद खाली है।

इस संबंध में बीकेटीसी के सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि पुजारी के रिक्त पद की पूर्ति के लिए केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग से वार्ता हुई है। महाशिवरात्रि पर्व पर ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि तय होने के दौरान ही अतिरिक्त पुजारी की तैनाती का निर्णय भी लिया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp