Thursday, November 19, 2026
6:41 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

प्रधानमंत्री के “फिट इण्डिया’ अभियान में योग की अहम भूमिका- महाराज

Category Archives: राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री के “फिट इण्डिया’ अभियान में योग की अहम भूमिका- महाराज

पर्यटन मंत्री बोले गंगा के साथ-साथ योग का भी उद्गम स्थल है उत्तराखंड

सात दिवसीय योग महोत्सव का हुआ समापन

ऋषिकेश। ऋषिकेश न केवल चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है वरन विश्व योग व आध्यात्म की अन्तर्राष्ट्रीय राजधानी भी है। इस देव भूमि में ऋषि-मुनियों ने कठिन साधना कर स्वास्थ्य रक्षण के लिए योग और प्रणायाम के ऐसे सूत्र तलाशे हैं जो मानव सभ्यता के लिए वरदान साबित हुए हैं।

उक्त बात अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को शीशम झाड़ी, मुनि की रेती स्थित “गंगा रिजॉर्ट” में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देश-विदेश से आए योग साधकों, योगाचार्यों, योग गुरूओं, कथावाचक, समस्त प्रतिभागियों, गणमान्य अतिथियों और व्यवस्था में लगे पर्यटन विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज एवं जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पावन पवित्र गंगा का ही नहीं वरन योग का भी उदगम स्थल है, योग व गंगा भारत के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री महाराज ने कहा कि ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। दुनिया भर के संत, महात्मा व साधक की यह साधना भूमि रही हैं। उत्तराखण्ड को योग की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस बार भी अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 01 मार्च से 07 मार्च तक गंगा जी के पवित्र तट पर आयोजित किया गया। इस आयोजन में देश-विदेश के लगभग 410 प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योगाभ्यास किया। योग महोत्सव में विभिन्न देशों से आए 38 विदेशी साधकों ने भी भाग लिया जो कि स्पेन, कनाडा, इजराईल, जर्मन, फ्रांस, नीदरलैंड, जापान, रोमानिया, सिंगापुर, यू०एस०ए०, मैक्सिको, इण्डोनेशिया, एर्जेटिना आदि देशों से आए हैं।

उन्होंने बताया कि सात दिन की इस अवधि में ख्याति प्राप्त योगाचार्यों व योग गुरूओं द्वारा योग प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग क्रियाओं का अभ्यास कराने वाले प्रमुख योग गुरूओं में स्वामी आत्मस्वरूपानंद सरस्वती, योगिनी उषा माता, ग्रैण्ड मास्टर अक्षर, डा० लक्ष्मीनारायण जोशी, योगिनी उर्मिला पाण्डे, योगी अभिषेक सोती, डा० अर्पिता नेगी, कपिल संधी, डा० नवदीप जोशी, स्वामी बोद्धी वर्धमान, डा० अमित राज, स्वामी जितानंद, योगी जयदेवन, डा० विपिन जोशी आदि प्रमुख हैं। सात दिवसीय इस अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, भोजपुरी लोक गायक विमल बावरा और इण्डियन ओशन द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गयी। इसके अलावा कथावाचक सुश्री जया किशोरी जी व सुविख्यात लेखक अक्षत गुप्ता भी योग महोत्सव के आकर्षण रहे हैं।

महाराज ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन विश्व भर में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने की दिशा में निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा ऐसा मुझे विश्वास है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “फिट इण्डिया’ अभियान में भी योग की अहम भूमिका रही है। आज पूरी दुनिया के लोग बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग की ओर भाग रहे हैं जब स्वास्थ्य विज्ञानियों ने भी यह साबित कर दिया कि स्वस्थ शरीर के लिए योग व प्रणायाम जरूरी है तब योग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के समापन पर पर्यटन मंत्री महाराज ने सभी से अपील की कि हम योग के महत्व को और अधिक फैलाने का संकल्प लें और अपने जीवन में योग को एक महत्वपूर्ण स्थान दें।


महिलाओं के प्रति भेदभाव पर उठाएं आवाज

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सचिवालय में कार्यक्रम

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सचिवालय संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

सचिवालय के सभी कार्मिकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि मेरा सभी से आग्रह है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम महिलाओ को समानता का अधिकार देने का संकल्प लें ।
हम सभी को प्रतिज्ञा करनी होगी कि यदि हम अपने आसपास, परिवार या समाज में कहीं भी महिलाओं के प्रति किसी प्रकार का भेदभाव देखे तो उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। हमें महिलाओ की शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। इससे हम पूरे समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं ।  विकसित भारत, सशक्त उत्तराखंड विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमें अपनी आधी आबादी को बराबरी का अधिकार देते हुए कार्यबल में शामिल करना होगा। यदि हमे जीएसडीपी को दुगना करने का लक्ष्य जल्द पूरा करना है तो अधिक से अधिक महिलाओं को भी वर्कफोर्स से जोड़ना होगा।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों तथा होमगार्ड को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सचिवालय के सभी अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।


चीन फ्रांस कनाडा समेत सभी देशों ने ट्रंप की धमकियों का दिया जवाब तो मोदी खामोश क्यों ? 

ट्रंप की धमकियों का जवाब क्यों नहीं दे रहे प्रधानमंत्री

देहरादून। अमेरिका लगातार जिस प्रकार से भारत का नाम लेकर भारत का अपमान कर रहे है यह हैरानी वाली बात है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अपमान जनक भाषा का जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। यह बात आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। धस्माना ने कहा कि विश्वगुरु होने का दावा करते नहीं थकते आरएसएस व भाजपा के नेताओं को देश के प्रधानमंत्री से सवाल करना चाहिए कि जब चीन फ्रांस और कैनेडा ने ट्रंप के असभ्य आचरण का जवाब उन्हीं की भाषा में दिया और चीन ने तो यहां तक कह दिया कि वह ट्रंप की धमकियों के आगे नहीं झुकेगा और अमरीका चाहे कैसा भी युद्ध करने चाहे ट्रेड वार या कैसा भी वार वो हर तरह के युद्ध के लिए तैयार है।

तो फिर विश्वगुरु भारत के प्रधानमंत्री खामोशी से अपमान क्यों सह रहे हैं वे बेशक ट्रंप को ट्रंप की भाषा में जवाब न दे पाए परन्तु उनको कुछ तो जवाब देना ही चाहिए।  धस्माना ने कहा कि अपने घर में शेर के बच्चों के साथ व दो मुन्हें सांप के साथ खेलने वाले हमारे बहादुर ५६ इंची सीने वाले विश्वगुरु प्रधानमंत्री की ट्रंप के द्वारा भारत के लिए असम्मान जनक टिप्पणियां और व्यवहार के सामने उनकी चुप्पी पूरे भारत वासियों को हैरान कर रही है। और देश चाहता है कि हमारे प्रधानमंत्री चाहे चीन फ्रांस कैनेडा के राष्ट्रध्यक्षों की तरह दो टूक जैसे को तैसा जवाब न दें किंतु उनको कुछ न कुछ जवाब देना चाहिए।


आंगनबाड़ियों के माध्यम से सैनेटरी नैपकिन के वितरण की कार्ययोजना

महिला सशक्तिकरण योजनाओं का परफार्मेंस ऑडिट होगा

योजनाओं के प्रभाव मूल्यांकन (Impact Evaluation) की हिदायत 

देहरादून। महिला सशक्तिकरण की विभिन्न योजनाओं की शुरूआत से अभी तक कितनी महिलाओं को लाभ पंहुचा हैं, इस सम्बन्ध में सटीक जानकारी तलब करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सभी योजनाओं के Performance Audit करने के निर्देश दिए हैं।

सीएस ने योजनाओं के लक्षित वर्ग पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर योजनाओं के गुणवत्ता में सुधार करते हुए रिमाॅडयूलेशन के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने सचिव स्तर पर इन योजनाओं के रिमाॅडयूलेशन के ड्राफ्ट  पर कार्य करने की जिम्मेदारी तय की है। लक्षित वर्ग को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने को लेकर मुख्य सचिव श्रीमती रतूड़ी ने योजनाओं के प्रभाव मूल्यांकन की हिदायत दी है।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी आज सचिवालय में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तहत उत्तराखण्ड महिला एवं बाल विकास समिति की महासभा की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास को मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका योजना के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिलाओं की आजीविका से जुड़ी सभी योजनाओं को जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बालिका शिक्षा प्रोत्साहन के तहत मेधावी छात्राओं हेतु देशभर में शैक्षिक भ्रमण करवाने की योजना पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में भी महिलाओं एवं बालिकाओं में मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता को प्रोत्साहित करने को लेकर मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ियों के माध्यम से सैनेटरी नैपकिन के वितरण की कार्ययोजना पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिलाओं हेतु एनिमिया उन्मूलन अभियान को जन अभियान बनाते हुए गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के दौरान  मुख्य सचिव को बाल कल्याण निधि, किशोरियों, बालिकाओं एवं महिलाओं हेतु सैनेटरी नैपकिन येाजना, मुख्यमंत्री सतत् आजीविका योजना एवं उत्तराखण्ड महिला समेकित विकास योजना की वर्ष 2019 से 2024 तक की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति से अवगत कराया गया।

बैठक में सचिव चंद्रेश यादव,  विनय शंकर पाण्डेय, नीरज खैरवाल सहित शिक्षा, वित्त, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


राजभवन में लगा रंग-बिरंगे फूलों का मेला, पहले दिन जनता को मिलेगा निशुल्क प्रवेश 

राज्यपाल ने किया तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ 

पुष्प प्रदर्शनी को लेकर पुलिस ने किया यातायात प्लान लागू

देहरादून। राजभवन में आज यानि शुक्रवार से रंग-बिरंगे फूलों का मेला लग गया है। तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2025 (पुष्प प्रदर्शनी) का शुभारंभ राज्यपाल ने किया। पहले दिन दोपहर एक से शाम छह बजे और आठ व नौ मार्च को सुबह नौ से शाम छह बजे तक जनसामान्य को राजभवन में निशुल्क प्रवेश मिलेगा।

इस आयोजन में 15 मुख्य प्रतियोगिताओं की कुल 55 उप-श्रेणियां शामिल हैं, जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। निर्णायक मंडल की ओर से चयनित विजेताओं को नौ मार्च को कुल 165 पुरस्कार दिए जाएंगे।

वेबसाइट पर कर सकते हैं पंजीकरण
राज्यपाल के निर्देशन में इस वर्ष वसंतोत्सव में कई नवीन पहल शुरू की गई हैं। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय ने इस आयोजन में आने वाले लोगों की गणना के लिए एआई एप्लिकेशन तैयार किया है। जिसके लिए राजभवन के मुख्य द्वार पर एआई इनेबल कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा वसंतोत्सव में आने वाले आगंतुक वेबसाइट www.vmsbutu.it.com पर भी पंजीकरण कर सकते हैं, जहां रजिस्ट्रेशन करने पर आगंतुक की सुविधा के लिए एक आई-कार्ड जनरेट होगा, यह रजिस्ट्रेशन ऐच्छिक होगा।

आईटीडीए की ओर से फीडबैक सिस्टम के लिए क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिससे आगंतुक अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य वसंतोत्सव को और अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाना है। वसंतोत्सव-2025 न केवल पुष्प प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा, बल्कि यह नवाचार और तकनीकी विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगा।

राजभवन में वसंतोत्सव के दौरान छावनी क्षेत्र में मार्ग रहेंगे परिवर्तित

न्यू कैंट रोड स्थित राजभवन में वसंतोत्सव के तहत आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी को लेकर पुलिस ने यातायात प्लान लागू किया है। कैंट क्षेत्र में कई मार्ग परिवर्तित रहेंगे। पुष्प प्रदर्शनी में आने वाले अधिकारियों के वाहन शौर्य स्थल के पास खाली मैदान में खड़े कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी में आने वाले लोगों के निजी वाहन एनेक्सी तिराहा से आठवीं गढ़वाल राइफल के फुटबाल ग्राउंड में खड़े कराए जाएंगे। वहीं, बिंदाल और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले लोगों के वाहन महिंद्रा पार्क में खड़े कराए जाएंगे। एनेक्सी तिराहा से बीजापुर गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले वाहनों को एनेक्सी तिराहा से सीएसडी तिराहा की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान एनेक्सी तिराहा से बीजापुर गेस्ट हाउस की ओर वन-वे रहेगा। राजभवन के बाहर यातायात का दबाव होने पर प्लान के अनुसार वाहन भेजे जाएंगे। इस दौरान महिंद्रा ग्राउंड और आरटी ग्राउंड से शटल सेवा भी मिलेगी।


महाकुंभ 2025- नई पीढ़ी सनातन संस्कृति और अध्यात्म की ओर हुई आकर्षित

महाकुंभ में युवाओं की रही रिकॉर्ड भागीदारी

रील लाइफ में जी रहे युवाओं ने सांस्कृतिक दूत बनकर महाकुंभ के आयोजन को देश-दुनिया तक पहुंचाया

महाकुंभ ने युवाओं को सनातन परंपरा से जोड़ने में निभाई अहम भूमिका

उत्तर प्रदेश। प्रयागराज में 45 दिन तक चले महाकुंभ में युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी रही। महाकुंभ ने रील लाइफ में जी रहे युवाओं को सनातन परंपरा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। महाकुंभ के 45 दिनों में 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं में करीब आधे 25 वर्ष या इससे कम उम्र के थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सनातन धर्म, वेद-पुराण और गीता से जुड़े विषयों की खोज 300 गुना तक बढ़ गई। साफ है कि नई पीढ़ी सनातन संस्कृति और अध्यात्म की ओर आकर्षित हुई है।

महाकुंभ के विराट आयोजन का असर बहुत गहराई तक पड़ा है। देश की स्वतंत्रता के बाद से हुए सभी कुंभ धर्मपरायण अधेड़ और वृद्ध श्रद्धालुओं के समागम का केंद्र रहे हैं। ‘कुंभ नहा लिए’ कहावत का मतलब ही था कि अपनी जिम्मेदारियों को निभा चुके लोग ही कुंभ स्नान को जाते थे।

महाकुंभ 2025 इस मामले में एकदम अलग रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डिजिटल महाकुंभ को युवाओं ने हाथों हाथ लिया। एआई आधारित कुंभ सहायक ऐप और गूगल नेविगेशन से युवाओं को जोड़ने में सफलता मिली। तकनीक और संस्कृति के संगम में युवाओं ने श्रद्धा की डुबकी लगाने के रिकॉर्ड बनाए।

कुंभ ने ये झलक भी दिखा दी कि युवा पारंपरिक धर्म और आधुनिक राष्ट्रवाद के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इनमें लाखों-करोड़ों की संख्या में डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रबंधक, टीचर, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, पत्रकार, खिलाड़ी, अभिनेता, मैन्यूफैक्चरर, ट्रेडर, सर्विस सेक्टर उद्यमी और कॉलेज की छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

33 करोड़ से ज्यादा युवाओं ने फोटो और वीडियो गर्व के साथ सोशल मीडिया पर साझा किए। महाकुंभ आकर उन्होंने देखा कि डिजिटल क्रांति केवल कागजों पर नहीं बल्कि हकीकत बन चुकी है।

कुंभ सहायक चैटबॉट, क्यूआर कोड आधारित जानकारियां, शौचालयों की साफ-सफाई के लिए सीआर कोड आधारित व्यवस्था, गूगल मैप पर महाकुंभ नगरी और वहां होने वाले आयोजनों की जानकारियां, इंटरनेट के बेहतरीन सिग्नल, ऑनलाइन बुकिंग्स, फ्लाइट कनेक्टिविटी, रेल और रोड नेटवर्क ने युवाओं को महाकुंभ से जोड़ दिया।

महाकुंभ में रामकथा, भागवत कथा और प्रवचनों में युवाओं की भीड़ उमड़ी। सत्संग और कीर्तन में करोड़ों युवा शामिल हुए। साफ है कि आधुनिक पीढ़ी जड़ों की ओर लौट रही है। यही युवा महाकुंभ से लौटते हुए दुनिया भर में संगम की मिट्टी और संगम का जल साथ ले गए।


देहरादून राष्ट्रपति आशियाना परिसर में बनेगा विश्व स्तरीय सार्वजनिक पार्क

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून 2025 को रखेंगी आधारशिला

20 जून को ही देहरादून स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना आमजन के लिये खुलेगा

देहरादून। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून 2025 को राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर की 132 एकड़ भूमि में अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में उत्तराखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुरूवार को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह जानकारी साझा की गई। इस पार्क की डी.पी.आर. तैयार की जा रही है। पार्क का पूर्ण विकास होने के बाद राष्ट्रपति द्वारा 2026 में यह पार्क उत्तराखंड की जनता को समर्पित किया जाएगा।

अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि उत्तराखण्ड की जनता के लिए खोला जाने वाला यह पार्क एक ऐतिहासिक परियोजना के रूप में काम करेगा, जिसमें विश्व स्तरीय सुविधाएँ, नवीन डिज़ाइन, टिकाऊ विशेषताएँ होंगी और यह हरियाली, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक केंद्र के रूप में काम करेगा। यह पहल उत्तराखंड के लोगों के साथ नागरिकों के जुड़ाव को बढ़ाने के माननीय राष्ट्रपति के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि ये पहल भागीदारीपूर्ण शासन और समुदाय-संचालित विकास के प्रति राष्ट्रपति की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव डा.राकेश गुप्ता ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की कि पार्क की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ सड़क, बिजली, पानी, यातायात, पार्किंग, संचार, सुरक्षा, शान्ति व्यवस्था आदि से संबंधित व्यवस्थायें समय पर पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने बैठक में सभी अधिकारियों से पार्क के विकास तथा इसे और अधिक जनोपयोगी बनाये जाने के लिये अपने सुझाव भी देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों द्वारा दिये गये सुझावों को तैयार की जाने वाली डी.पी.आर. में सम्मिलित किये जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।

उन्होंने बताया कि देहरादून के हृदय स्थल, राजपुर रोड पर स्थित इस विशाल हरित क्षेत्र में अनेक आकर्षण युक्त सुविधाएं शामिल होंगी, जिसमें बहु-गतिविधि क्षेत्र, साइकिलिंग ट्रैक, विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं, बच्चों के खेल क्षेत्र, पिकनिक लॉन, पैदल और जॉगिंग ट्रैक, वन प्रकृति पथ, जल सुविधाओं के साथ और कई अन्य आकर्षण भी यहां देखने को मिलेंगे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि पार्क का विकास वास्तव में देहरादून के लोगों की इच्छाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप हो इसके लिये जनता को पार्क के विकास में शामिल किए जाने वाले आकर्षणों और सुविधाओं पर अपने इनपुट साझा करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। इसमें सभी प्रबुद्धजनों के भी सुझाव आमंत्रित किये जा रहे हैं। आधिकारिक राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर एक सार्वजनिक फीडबैक फॉर्म नागरिकों को सुझाव और विचार प्रदान करने की अनुमति देगा जो अंतिम डिजाइन को आकार देने में सहायक होंगे। फॉर्म को इस लिंक https://rb.nic.in/ashiana पर 6 अप्रैल तक भरना है। इसके अतिरिक्त, क्यूआर कोड को स्कैन करके भी पेज तक पहुंचा जा सकेगा।

बैठक में अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता द्वारा देहरादून में 21 एकड़ के राष्ट्रपति भवन राष्ट्रपति आशियाना की प्रगति की भी समीक्षा की, जिसे इस साल 20 जून, 2025 को राष्ट्रपति द्वारा जनता के लिए खोला जाएगा। भवन के अलावा, परिसर में आगंतुक सुविधा केंद्र, घुड़सवारी, एम्फीथिएटर, कला प्रदर्शन, कैफेटेरिया, स्मारिका स्टोर अन्य काफी कुछ जनता को देखने को मिलेगा। उन्होंने राष्ट्रपति अशियाना में किये जाने वाले कार्यों को समय से पूर्ण करने के भी निर्देश सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिये।

बैठक में स्वाति शाही, निदेशक राष्ट्रपति सचिवालय, पीआरओ राष्ट्रपति सचिवालय कुमार समरेश, सचिव राज्यपाल रविनाथ रमन, जिलाधिकारी देहरादून  सविन बंसल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला,  रीना जोशी, विनीत कुमार,  अपूर्णा पाण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के साथ वन लोक निर्माण, पेयजल, परिवहन, विद्युत आदि विभागों के साथ केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।


आखिरी छोर तक की महिलाओं को भी हर प्रकार से सशक्त करेगी महिला नीति- कुसुम कण्डवाल

उत्तराखण्ड की महिलाओं को हर क्षेत्र में मजबूत बनाएगी राज्य महिला नीति

महिला आयोग ने हर मुद्दे पर बारीकी से तैयार किया है मसौदा

देहरादून। आईआरडीटी सभागार में सेतु आयोग के एम्पॉवर वूमेन विकसित और सशक्त उत्तराखण्ड विषय को लेकर आयोजित सेमिनार में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने बतौर अतिथि प्रतिभाग किया।

उन्होंने कहा की देश की महिलाओं को सशक्त करने के लिए हमें एक बेहतर व बहुत ही उत्कृष्ट नेतृत्व हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिला है, साथ ही देवभूमि में महिलाओं के प्रति सदैव संवेदनशील रहने वाले मुखिया के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी है।

इसी कड़ी में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग ने भी देवभूमि की महिलाओं को सशक्त करने व उन्हें हर क्षेत्र में मजबूती दिलाने के लिए उत्तराखण्ड राज्य महिला नीति को तैयार किया है, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र की अंतिम महिला को भी सशक्त किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जबसे उन्होंने आयोग में अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है तभी से इस नीति को बनाने के लिए राज्य महिला आयोग ने हर विषय के एक्सपर्ट को लेकर महिला सशक्तिकरण व बाल विकास विभाग के अनेक पदाधिकारियों के साथ अनेकों दिन तक रात रात तक बैठके की है और महिला संबंधी हर मुद्दे पर बारीकी से मसौदा तैयार किया है।

उन्होंने कहा की यह बहुत ही अच्छा विषय है कि सेतु आयोग ने यह सेमिनार आयोजित की है। विकसित उत्तराखण्ड की दशा और दिशा तय करने में आज महिलाओं की भूमिका बहुत अहम है क्योंकि इस राज्य के निर्माण में महिलाओं का योगदान बहुत ही सराहनीय रहा है और देवभूमि की आधी आबादी बहुत ही संघर्षशील है और मेहनती होने के साथ साथ दृढ़ निश्चय वाली है।

उन्होंने समस्त प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस नीति की घोषणा कर दी है जल्द ही इस नीति को राज्य की महिलाओं के हितों की रक्षा सहित उन्हें सशक्त करने हेतु लागू कर दिया जाएगा।

उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी, सलाहकार डॉ भावना शिंदे व समस्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने का काम करते है, और ऐसे में राज्य महिला आयोग उनके सहयोग के लिए सदैव उनके साथ है।


उत्तराखंड में पीएम मोदी के विकास और जन आक्रोश की हुई बुलंद जंग

हर्षिल-मुखवा में बजा विकास का शंख तो गैरसैंण में जनाक्रोश की रणभेरी

गैरसैंण से उठी आवाज,मंत्री प्रेम को बर्खास्त करो

गैरसैंण/चमोली। इधर हर्षिल में पीएम मोदी ने शीतकालीन पर्यटन का शंख बजाया तो गैरसैंण में जनाक्रोश की रणभेरी से घाटियां-चोटियां गूंजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर्षिल आगमन के दौरान ही ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की धरती पर नारों की आवाज घाटियों में गूंज रही थी। महिला शक्ति हर्षिल-मुखवा में भी थी और गैरसैंण में भी।

मोदी के दून आगमन के साथ ही मंत्री प्रेम के बिगड़े बोल के बाद आंदोलित जनता का हुजूम गैरसैंण की ओर बढ़ रहा था। इधर, पीएम मोदी हर्षिल में अपना जलवा। बिखेर दिल्ली के आकाश को टच कर रहे थे। उधर, गैरसैंण में उमड़े जनसैलाब ने पहाड़ के आकाश को नारों से गुंजा दिया था।

राज्य आंदोलन के बाद गैरसैंण में हुए अब तक जुटान में यह सबसे अलग माना जा रहा है। शार्ट नोटिस पर पहाड़ का सारा गुस्सा गैरसैंण में इकठ्ठा हो गया। यह जुटान एक नये व स्वाभिमान-अस्मिता से जुड़े आंदोलन की इबारत लिख गया।

बीते दिनों की बदली को नकारते हुए हर्षिल से लेकर गैरसैंण में चटख धूप ने खुशनुमा मौसम की कहानी लिख दी। एक तरफ हर्षिल-मुखवा में पीएम मोदी ने शीतकालीन पर्यटन का शंख बजाया तो दूसरी तरफ गैरसैंण में जनता आक्रोश की रणभेरी बजा रही थी। रैली स्थल पर बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे। गढ़वाल के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने भी गैरसैंण कूच का आह्वान कर आंदोलन को ऑक्सीजन दी।

गैरसैंण में कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट ने सदन में प्रेमचन्द के साथ हुई झड़प को याद करते हुए अपशब्दों पर खुलकर प्रहार किए। उक्रांद नेता व पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने भी प्रहार किए।

रामलीला मैदान से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली और प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की। तहसील में ज्ञापन देने के बाद वापस लौटते हुए गैरसैंण तिराहे पर मंत्री का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।

मूल निवास और भू कानून संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी, लुशुन टोडरिया ने कहा कि पहाडिय़ों को सदन में अपशब्द कहे गए। स्वाभिमान की लड़ाई को अंत तक लड़ेंगे। सत्ता पक्ष के विधायको की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई गई।

बहरहाल, गैरसैंण में मंत्री प्रेम के बिगड़े बोल के खिलाफ उमड़े जनसमूह का आक्रोश देख भाजपा के अंदर हलचल का माहौल है। जल्द ही धामी कैबिनेट में फेरबदल नहीं हुआ तो भाजपा की दिक्कतें बढ़नी तय है।

हर्षिल में पीएम मोदी और गैरसैंण में हुए विरोध मार्च ने विकास व आक्रोश की जंग को एक नये मुकाम पर खड़ा कर दिया।

समाज के हर वर्ग का समर्थन

रैली में मौजूद विभिन्न सामाजिक संगठनों के नेताओं ने भी मंत्री के खिलाफ आवाज उठाई। द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि जब मंत्री विधानसभा में पहाडिय़ों को गाली दे रहे थे, मैंने सबसे पहले विरोध किया था। अब यह लड़ाई आखिरी निर्णय तक सड़कों पर लड़ी जाएगी। रैली के संयोजक सुरेश बिष्ट ने कहा, अगर मंत्री की बर्खास्तगी नहीं होती तो विरोध तेज किया जाएगा।

रैली को मिला महिलाओं का समर्थन

गैरसैंण क्षेत्र की महिला मंगल दलों ने भी रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भराडीसैंण, फरकंडे, पंचाली, रोहिडा, कुनीगाड माईथान, मेहलचोरी और घुनारघाट क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं बैनरों के साथ रैली में शामिल हुईं। इसके अलावा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी और कुमाऊं के जिलों से भी बड़ी संख्या में आंदोलनकारी रैली में पहुंचे।

बेरोजगार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राम कंडवाल, प्रमुख चौखुटिया किरन बिष्ट, सयन कोटनाला, राजधानी निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, जन लोक कल्याण समिति गोचर के अध्यक्ष सुनील पंवार, बार संघ के अध्यक्ष कुंवर सिंह बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष गैरसैंण सुरेंद्र बिष्ट, सिमली संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी मुन्ना, गौरव सेनानी संगठन गोचर के अध्यक्ष वीरपाल नेगी,कर्णप्रयाग व्यापार संघ अध्यक्ष वीरेंद्र मिंगवाल, सुरेश बिष्ट, जसवंत बिष्ट, नारायण सिंह बिष्ट, वीरेंद्र आर्य, रंजीत शाह, दान सिंह नेगी, सुनील पंवार, इंदु पंवार, जगदीश ढौंडियाल, डिग्री कॉलेज अध्यक्ष प्रकाश खत्री, व्यापार संघ जिला चमोली अध्यक्ष ईश्वरी मैखुरी, व्यापार संघ अध्यक्ष मेहलचौरी मोहन नेगी, हरेंद्र कंडारी,राकेश नेगी, राकेश वर्मा, जगदीश ढोंडियाल, विक्रम सिंह रावत, पूर्व सैनिक सेन सिंह नेगी, दयाल सिंह बिष्ट, कैप्टन सुरेंद्र देवली, हीरा सिंह बिष्ट, प्रकाश रावत, सुरेंद्र संगेला, भुवन कठैत, प्रधान गुड्डू नेगी, दीपक किरोला, राकेश बिष्ट, अनिल चौधरी प्रमुख द्वाराहाट, वीरेंद्र बजेठा, नारायण सिंह आदि शामिल रहे।


मोदी के प्रयासों से प्रदेश में बारहमासी पर्यटन का श्रीगणेश- महाराज

प्रधानमंत्री के संदेश के बाद अब उत्तराखंड टूरिज्म को लगेंगे पंख

भूमि संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए “भूमि बंदोबस्त” के भी दिये निर्देश

देहरादून। पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज एवं जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तरकाशी जनपद स्थित गंगोत्री धाम के शीतकालीन पूजा स्थल हर्षिल-मुखबा में शीतकालीन यात्रा का श्रीगणेश करने पर उत्तराखंड की जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज एवं जलागम, मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तरकाशी जनपद स्थित गंगोत्री धाम के शीतकालीन पूजा स्थल हर्षिल-मुखबा में शीतकालीन यात्रा का श्रीगणेश करने पर उत्तराखंड की जनता की ओर से उनका हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर प्रधानमंत्री के हर्षिल-मुखबा में आने के पश्चात अब निश्चित रूप से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ उत्तराखंड में बारहमासी पर्यटन को भी पंख लगेंगे। इससे जहां स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखबा में दिये संदेश के बाद दुनिया के पर्यटक बड़ी संख्या में उत्तराखंड का रुख करेंगे वर्ष भर पर्यटन के विस्तार को नया आयाम मिलेगा।

महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखंड को रोपवे की बड़ी सौगात देने पर उनका आभार व्यक्त करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे केदारनाथ एवं हेमकुंड यात्रा पर आने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की बड़ी राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री के हर्षिल-मुखबा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और उनकी धर्मपत्नी पूर्व पर्यटन मंत्री श्रीमती अमृता रावत ने मुखबा में गंगा माता की पूजा अर्चना करने के बाद बताया कि हमारी सरकार शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दे रही है। महाराज ने कहा कि हमने इस क्षेत्र के तीर्थ पुरोहितों की समस्यायों के निराकरण हेतु भूमि संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए भूमि बंदोबस्त के भी निर्देश दिए हैं। निश्चित रूप से इस क्षेत्र के लिए भूमि बंदोबस्त एक वरदान साबित होगा।

उन्होंने कहा कि कहा कि “बाईब्रेंट विलेज योजना” के अंतर्गत उत्तरकाशी के जांदुग गांव का डेस्टिनेशन मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसमें गांव के जीर्ण-क्षीर्ण भवनों को पुननिर्मित करते हुए होम स्टे के रूप में विकसित किए जाने का अभिनव प्रयास किया गया। भारत सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत यमुनौत्री तथा गंगोत्री धाम में रू0 993.00 लाख (नौ करोड़ तिरानवे लाख) के विभिन्न कार्य सम्पादित कराए गए। गंगोत्री-यमुनोत्री का मास्टर प्लान में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यमुनोत्री में यात्रियों की सुविधाओं के लिए हैलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा जानकीचट्टी से यमुनोत्री मंदिर तक रोपवे का निर्माण पीपीपी मोड में किया जाना भी प्रस्तावित है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp