Friday, November 20, 2026
1:47 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बाणगंगा तट पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चलाया स्वच्छता अभियान, जनता को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Category Archives: राष्ट्रीय

बाणगंगा तट पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चलाया स्वच्छता अभियान, जनता को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बच्चों से बुज़ुर्गों तक सभी ने निभाई जिम्मेदारी, स्वच्छता अभियान बना जनांदोलन

हरिद्वार। सांसद एवं पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक बार फिर पंचलेश्वर मंदिर घाट पर गंगा की सहायक नदी बाणगंगा के तट पर स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का संदेश दिया। इस अभियान में न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बल्कि स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

सवेरे से ही घाट पर लोगों की भीड़ जुटी रही, हाथों में झाड़ू, बैनर और स्वच्छता के संकल्प लिए हुए। त्रिवेंद्र सिंह रावत स्वयं भी सफाई कार्य में जुटे रहे, जिससे जनता को प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, “गंगा और उसकी सहायक नदियाँ हमारी आस्था और जीवन का आधार हैं, इन्हें स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है। यह अभियान केवल सफाई का नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण सौंपने का संकल्प है।”

 

स्थानीय निवासियों ने सांसद के इस प्रयास की सराहना की और इसे एक सकारात्मक पहल बताया जो सामाजिक चेतना को जागृत करती है। बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी कर यह सिद्ध किया कि स्वच्छता एक साझा जिम्मेदारी है।

यह अभियान एक उदाहरण बनकर उभरा है कि जब नेता और जनता एक साथ मिलकर किसी नेक कार्य में जुट जाएँ, तो समाज में एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है।

स्वच्छ बाणगंगा, स्वच्छ हरिद्वार – यही है अगला कदम स्वच्छ भारत की ओर।


कल खुलेंगे बाबा केदारनाथ धाम के कपाट, 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया मंदिर परिसर

रुद्रप्रयाग।  विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को विधि-विधान से खोले जाएंगे। इस अवसर पर देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए केदारघाटी पहुंचने लगे हैं। मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में भक्तों की चहल-पहल देखते ही बन रही है। चार धाम यात्रा के प्रमुख केंद्र केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस बार केदारनाथ मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। ऋषिकेश, गुजरात से आई पुष्प समिति द्वारा मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है। मंदिर की इस आकर्षक सजावट को देखने के लिए भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं। रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और भव्यता मंदिर को और भी दिव्य आभा प्रदान कर रही है। जिला प्रशासन ने कपाट खोलने के अवसर पर हर प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में पुलिस बल, आपदा राहत टीमें और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है।

बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। देश के कोने-कोने से लोग यहाँ पहुँचे हैं और बाबा के जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र गूंज रहा है। स्थानीय व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भी उत्साह का माहौल है, क्योंकि यह समय आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसी के साथ आज सायं बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली भी केदारनाथ मंदिर पहुँच जाएगी। डोली के स्वागत के लिए मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है और भक्ति संगीत के साथ समारोह आयोजित किया जाएगा। डोली के पहुँचने के साथ ही केदारनाथ धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव चरम पर पहुंच जाएगा।

बाबा केदारनाथ के कपाटोद्घाटन के साथ ही आधिकारिक रूप से चार धाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी और आने वाले महीनों में लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा करेंगे।


जातीय जनगणना से सामाजिक समरसता को मिलेगा बल- डॉ. नरेश बंसल

हर वर्ग के उत्थान के लिए मोदी सरकार कर रही है सार्थक प्रयास

देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व सासंद राज्यसभा डा.नरेश बंसल ने केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा देश मे जातीय जनगणना को मंजूरी देने पर हर्ष जताया है। उन्होने इस निर्णय को ऐतिहासिक व अति महत्वपूर्ण बताया।

डा. नरेश बंसल ने कहा की 2014 से विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व मे एनडीए सरकार ऐकातम मानववाद के दर्शन पर सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास व सबका विश्वास की निती के साथ आत्मनिर्भर व विकसित भारत संकल्प के साथ काम कर रही है।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम देश के समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा बदलाव लाएगा। जातीय जनगणना से नीतियों को अधिक न्यायसंगत और लक्षित बनाने में मदद मिलेगी। इससे वंचित तबकों को सशक्त करने की दिशा में ठोस जानकारी और आधार मिलेगा।ये निर्णय आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर पिछड़ी हुई जातियों को मुख्यधारा में लाने तथा लंबे समय से अपने हक और अधिकार से अछूते लोगों को उनका सम्मान वापस लौटाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक जातियों के बीच वैमनस्यता बढ़ाने तथा उन्हें वोटबैंक का साधन बनाकर अपने राजनीतिक स्वार्थ को सिद्ध किया है। सरकार में रहते हुए कांग्रेस ने सदैव जाति जनगणना का विरोध किया, जिसका प्रमाण है कि स्वतंत्रता के बाद देश में आजतक जातिगत जनगणना नहीं हुई है।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि मोदी सरकार का ये अभूतपूर्व निर्णय सामाजिक समरसता के विस्तार के साथ ही हर वर्ग के उत्थान एवं पिछड़े तबके के सम्मान को बढ़ाने में मील का पत्थर बनेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा, कि समाज आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से मजबूत होगा और देश की भी प्रगति निर्बाध होती रहेगी।डा. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजनैतिक विषयों की कैबिनेट समिति ने यह निर्णय लिया है, कि जातियों की गणना को आने वाली जनगणना में सम्मिलित किया जाए। यह इस बात को दर्शाता है कि वर्तमान सरकार देश और समाज के sarvangin हितो और मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध है। डा. नरेश बंसल ने कहा कि सर्व समाज के कल्याण हेतु इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मोदी का आभार व्यक्त करता हूँ।


उत्तराखंड में फिर करवट लेगा मौसम, ओलावृष्टि और आंधी की आशंका

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, शुक्रवार तक असर रहने के संकेत

देहरादून।  देहरादून सहित उत्तराखंड के चार जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिसको देखते हुए वहां भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी अधिकांश जिलों में इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। आगामी चार मई तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।


सभी विभागों में जल्द लागू होगा ई-ऑफिस, Digital Uttarakhand Portal से होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

1 मई से सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

देहरादून। सभी अधिकारीगण एक मई से स्वयं एवं अपने अधीनस्थ विभागों में अनिवार्य रूप से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। प्रत्येक विभाग अपने विभाग के 05 से 10 महत्वपूर्ण आउटकम निर्धारित करें एवं योजना के अनुरूप कार्य करें। यह निर्देश मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिव समिति के दौरान सभी अधिकारियों को दिए।

जनहित एवं राज्यहित में 10-10 प्रस्तावों की सूची की जाए तैयार

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनहित एवं राज्यहित में आवश्यक, महत्त्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाले लगभग 10-10 प्रस्तावों/योजनाओं/कार्यों की सूची (Shelf of projects) तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि Plinth Area Rates के आधार पर उनकी अनुमानित लागत का विवरण देते हुए, नियोजन विभाग को तथा उसकी प्रतिलिपि मुख्य सचिव कार्यालय को उपलब्ध करायी जाए।उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव स्तर पर बैठक तभी प्रस्तावित की जाय, जब प्रकरण नीतिगत हों अथवा अन्तर्विभागीय हो अथवा प्रस्ताव As per rules of business हो अथवा कई विभागों से सम्बन्धित हो या इसका प्रभाव कई विभागों पर पड़ने की सम्भावना हो। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रकरणों पर विभाग के स्तर से ही निर्णय लिया जाय। मुख्य सचिव स्तर पर पत्रावली प्रेषित करते समय किन-किन बिन्दुओं पर निर्णय होना है तथा इनके विकल्प क्या-क्या हैं, आदि का भी अनिवार्य रूप से उल्लेख किया जाय। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी विभागीय परिसम्पत्तियों की सूची Government Assets inventory पोर्टल पर अपलोड किये जाने के भी निर्देश दिए।

सचिव, अपर सचिव, विभागाध्यक्ष अनिवार्य रूप से क्षेत्रीय भ्रमण पर जाएं

मुख्य सचिव ने सभी सचिवों, अपर सचिवों तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अनिवार्य रूप से क्षेत्रीय भ्रमण पर जाने एवं अपने भ्रमण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी भ्रमण के दौरान जनपदों में गतिमान विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करें। भ्रमण कार्यक्रम पर जाते समय यह ध्यान रखा जाय कि सचिव एवं अपर सचिव में से तथा सचिव एवं विभागाध्यक्ष में से एक बार में केवल एक ही अधिकारी एक समय पर भ्रमण पर जाए तथा अन्य अधिकारी अपने मुख्यालय में उपस्थित रहे, ताकि राजकीय कार्यों के निर्वहन में असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ विभागों का Annual Work Calendar बनाये जाने के भी निर्देश दिए, ताकि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से बिना विलम्ब किये संपन्न कराया जाना सम्भव हो सके।

सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस किया जाए लागू

मुख्य सचिव ने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि जिन विभागों में ई-ऑफिस के माध्यम से अभी तक कार्य आरम्भ नहीं किया गया है, उन सभी विभागों को शीघ्र ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। सभी सचिव एवं विभागाध्यक्ष स्वयं इसकी समीक्षा करते हुए अपने अधीनस्थ कार्यालयों में शीघ्र ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य लागू कराएं। कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से सक्षम स्तर से किसी भी शासनादेश पर अनुमति के उपरान्त सम्बन्धित पोर्टल पर उस शासनादेश को अपलोड किये जाने हेतु व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

इस अवसर पर सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी द्वारा Digital Uttarakhand Portal के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से अधिकारियों को विभिन्न Portal/Applications के लिए Single Sign-in की सुविधा प्राप्त हो सकेगी तथा नागरिकों को एक ही Portal के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिये Log-in की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। यह पहल राज्य को Digital रूप से सक्षम बनाकर समावेशी एवं प्रभावी सेवा वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

इसके उपरान्त निदेशक, आई0टी0डी0ए0 द्वारा राज्य में डिजिटल परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी हेतु विकसित किये गये पी0एम0 गतिशक्ति पोर्टल की प्रस्तुति की गयी है, जिसमें निदेशक, आई0टी0डी0ए0 द्वारा बताया गया कि वर्तमान में पी0एम0 गतिशक्ति पोर्टल के द्वारा राज्य में 01.00 करोड़ रूपये से अधिक की लागत की सभी परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की वास्तविक समय की मॉनिटिरिंग की जा रही है। भविष्य में आई0टी0डी0ए0 द्वारा पी0एम0 गतिशक्ति, भारत सरकार, ई-डी0पी0आर0, UKGAMS पोर्टल को IFMS एवं ई-ऑफिस के साथ एकीकृत करते हुए राज्य के समस्त परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का अवलोकन किया जा सकता है।

निदेशक, आई0टी0डी0ए0 ने कहा कि इसमें शासकीय कार्यों को मॉनिटिरिंग करने के उद्देश्य से Official Log-in की सुविधा प्रदान की गयी है जिसके द्वारा सचिवगण एवं विभागाध्यक्ष अपने विभाग से सम्बन्धित विभिन्न ई-सेवाओं की रियल टाईम मॉनिटिरिंग कर सकते हैं। वर्तमान में Digital Uttarakhand Portal के अन्तर्गत अपणी सरकार पोर्टल, IFMS, E-Office, मुख्यमंत्री घोषणा, ई-मंत्रिमण्डल, सी0एम0 हैल्पलाईन, पी0एम0 गतिशक्ति, कोर्ट केस, ई-डी0पी0आर0, सी0एम0 डैशबोर्ड(दर्पण) आदि को एकीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि Digital Uttarakhand Portal द्वारा सचिवगaण एवं विभागाध्यक्ष अपने विभाग से सम्बन्धित वित्तीय आय-व्यय का वित्तीय वर्षवार मॉनिटिरिंग, स्वयं तथा अधीनस्थ अधिकारियों के स्तर पर लम्बित ई-ऑफिस फाईलों/निस्तारित फाईलों का विवरण, सी0एम0 हैल्पलाईन पोर्टल के स्वयं के स्तर पर लम्बित शिकायतों/निस्तारित शिकायतों एवं अपने अधीनस्थ कार्यरत अधिकारी/कर्मचारियों की लम्बित/निस्तारित शिकायतों का विवरण रियल टाइम पर मॉनिटर कर सकते है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांश, एल. फैनई, प्रदीप पन्त, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ0 पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ0 रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ0 वी0 षणमुगम, डॉ0 आर0 राजेश कुमार, डॉ0 नीरज खैरवाल, दीपेन्द्र कुमार चौधरी, विनोद कुमार सुमन, दीपक कुमार, सी0 रविशंकर, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे उपस्थित थे।


डिफेंस प्रोडक्शन हब बनेगा उत्तराखंड – सीएम धामी

राज्य को ड्रोन एवं रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने को लेकर सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री ने ड्रोन तकनीक को आपदा राहत कार्यों के लिए वरदान बताया

राज्य अधिक से अधिक युवा बने ड्रोन एक्सपर्ट – सीएम

उत्तराखंड बनेगा ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग हब

देहरादून।  सीएम धामी ने उत्तराखंड को डिफेंस प्रोडक्शन हब के रूप में स्थापित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार युवाओं में टेक्नॉलजी के प्रति रूझान पैदा करने का प्रयास करने के साथ ही युवाओं को इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर उत्तराखण्ड को ड्रोन एवं रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून छावनी के जसवंत ग्राउंड में आयोजित ‘‘सूर्या ड्रोन टेक 2025’’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा ड्रोन प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

भारतीय सेना की सेंट्रल कमांड द्वारा सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एस.आई.डी.एम.) के सहयोग से आयोजित यह दो दिवसीय प्रदर्शनी (29-30 अप्रैल, 2025) देश में विकसित अत्याधुनिक ड्रोन प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित कर रही है, जो बहुआयामी सैन्य आवश्यकताओं के अनुरूप हैं और ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ अभियान से प्रेरित हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य मे ड्रोन तकनीक आपादा राहत कार्यों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। इसलिए हमारी सरकार का प्रयास है कि हमारे युवा न केवल ड्रोन विशेषज्ञ बनें, बल्कि नागरिक उपयोग के लिए भी टेक्नोलाजी आधारित समाधान विकसित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नई औद्योगिक नीतियों में रक्षा उत्पादन और टेक इनोवेशन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सूर्या ड्रोन टेक 2025 विज्ञान, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा का समागम है | इस प्रकार के आयोजन न केवल आधुनिक तकनीकी उपलब्धियों के प्रदर्शन हेतु विशिष्ट मंच प्रदान करते हैं, बल्कि हमारे नौजवानों को ड्रोन और तकनीकी के क्षेत्र में इनोवेशन के लिए प्रेरित भी करते हैं। यह उत्तराखंड को ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक ठोस कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन तकनीक में विविधता भारत की आत्मनिर्भर तकनीकी क्षमताओं का जीवंत प्रमाण है। यह देखकर गर्व होता है कि भारत अब न केवल रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, बल्कि तकनीकी इनोवेशन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ड्रोन तकनीक आज सुरक्षा से लेकर शिक्षा, आपदा प्रबन्धन, कृषि तथा प्रत्येक क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में ड्रोन टेक्नोलॉजी और सैन्य क्षेत्र में नवाचार को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सैन्य क्षेत्र में नवाचार की महत्ता को समझते हुए हमारी सरकार भी उत्तराखंड में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

सूर्या ड्रोन टेक-2025′ के इस कार्यक्रम में मध्य कमान और सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चर्स के सभी सदस्य, ड्रोन विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स, MSME’S, एनसीसी कैडेट्ड और स्कूली छात्र मौजूद रहे |


मोदी सरकार का बड़ा फैसला, आगामी जनगणना में होगी जातिगत गणना

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जातिगत जनगणना को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब आगामी जनगणना में जातिगत जानकारी भी एकत्र की जाएगी। इस निर्णय को लेकर बुधबार को हुई कैबिनेट की बैठक के बाद औपचारिक घोषणा की गई। कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता में बताया, “राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति ने आज निर्णय लिया है कि आगामी जनगणना में जातिगत गणना को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर पूर्ववर्ती सरकारों ने हमेशा से ही जातिगत जनगणना का विरोध किया है। आजादी के बाद से ही जाति को जनगणना की किसी भी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया। 2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री ने लोकसभा में आश्वासन दिया कि जातिगत जनगणना को कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। कई मंत्री साथ बैठे और जातिगत जनगणना का प्रस्ताव रखा गया। इसके बावजूद भी कुछ नहीं किया गया। खानापूर्ति के लिए महज सर्वे कराकर मामले को छोड़ दिया गया।


महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक बन रही बालिका निकेतन की बेटियां – रेखा आर्या

कैबिनेट मंत्री ने बालिका निकेतन और नारी निकेतन में नाम निर्मित हॉल का लोकार्पण किया

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियां सम्मानित

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बालिका निकेतन की बच्चियों अपनी मेधा के बल पर समाज में महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक बन रही है। इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने नारी निकेतन और बालिका निकेतन में दो नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण भी किया।

राजकीय महिला कल्याण एंव पुनर्वास केन्द्र मानसिक/सामान्य केदारपुरम में 164 अनाथ, परित्यक्त, निराश्रित महिलाएं रह रही है। बुधवार को महिला सशक्तिकरण एंव बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने यहां द्वितीय तल पर हॉल एंव अन्य निर्माण कार्य (लागत रू. 57.09 लाख) का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने राजकीय बालिका निकेतन केदारपुरम के प्रथम तल पर हॉल एंव अन्य निर्माण कार्य (लागत रू.65.52 लाख) का लोकार्पण भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिस तरह बीते तीन-चार साल में बालिका निकेतन की लड़कियों ने स्कूल और कॉलेज में शानदार प्रदर्शन किया है, वह उनकी दृढ मानसिकता और संघर्षशीलता को दर्शाता है। मंत्री ने कहा कि कई लड़कियां सरकारी सेवा में सफल हुई है और कई अन्य पीसीएस जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में जुटी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना एंव स्पॉन्सरशिप योजना से लाभान्वित बच्चों एंव उनके परिजनों से बातचीत कर मंत्री ने बच्चों की प्रगति की जानकारी ली।

कार्यक्रम में मुख्य परिवीक्षा अधिकारी मोहित चौधरी, परियोजना प्रबन्धक राकेश चन्द्र तिवारी, सहायक अभियन्ता प्रमोद चन्द कोठियाल, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता, राजीव नयन एंव जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट आदि उपस्थित रहे।


अक्षय तृतीया पर विधि-विधान के साथ खुले यमुनोत्री धाम के कपाट, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

देहरादून। चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही बुधवार को यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हुए इस शुभ आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कपाटोद्घाटन के मौके पर पूरे धाम में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ मां यमुना की डोली यात्रा के स्वागत में शामिल हुए। यमुनोत्री धाम चारधामों में से एक है और यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

अब अगले छह महीनों तक श्रद्धालु यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। कपाट शीतकाल के दौरान बंद किए जाएंगे और मां यमुना की डोली शीतकालीन गद्दी स्थल खरसाली गांव में विराजमान होगी। यमुनोत्री धाम के कपाट भी विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। धाम में कपाटोद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


फाटा पहुंची भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली, आज गौरीकुंड में होगा गौरी माई से पावन मिलन

रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली अपनी परंपरागत यात्रा के दौरान मंगलवार को फाटा पहुंची। डोली के फाटा आगमन पर श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। मंगलवार को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में मंदिर के पुजारी शिव लिंग और केदारनाथ धाम के लिए नियुक्त पुजारी बागेश लिंग ने भगवान केदारनाथ और विश्वनाथ की संयुक्त आरती उतारी और भोग लगाया। इसके बाद सुबह 9 बजे बाबा केदार की चल उत्सव डोली ने धाम के लिए प्रस्थान किया।

बाबा केदार की चल उत्सव डोली ने विश्वनाथ मंदिर से बाजार होते हुए नाला, नारायणकोटी, मैखंडा में भक्तों को दर्शन दिए। भक्तों ने आराध्य को फूल-फल और भेंट अर्पित की। दोपहर बाद डोली फाटा पहुंची जहां स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से बाबा केदार की डोली और मुख्य पुजारी बागेश लिंग का स्वागत किया। बुधवार को डोली फाटा से अपने धाम के लिए प्रस्थान करेगी और रामपुर, नयाल्सू, सीतापुर, सोनप्रयाग होते हुए अपने अंतिम रात्रि प्रवास गौरीकुंड पहुंचेगी।

यहां उनका गौरी माई से मिलन होगा। एक मई को डोली केदारनाथ पहुंचेगी और दो मई को सुबह 7 बजे शुभ लग्न पर केदारनाथ मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इधर, श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डऍ. हरीश गौड़ ने बताया कि केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp