Friday, November 20, 2026
8:28 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

करोल बाग अग्निकांड: यूपीएससी छात्र की लिफ्ट में फंसकर मौत, मदद की गुहार बेअसर

Category Archives: राष्ट्रीय

करोल बाग अग्निकांड: यूपीएससी छात्र की लिफ्ट में फंसकर मौत, मदद की गुहार बेअसर

नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार शाम लगी भीषण आग में यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र कुंवर धीरेंद्र विक्रम सिंह (24) की लिफ्ट में फंसकर दम घुटने से मौत हो गई। धीरेंद्र ने परिवार और दोस्तों को फोन और मैसेज कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन रेस्क्यू में देरी के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। उसका शव शुक्रवार रात लिफ्ट के अंदर मिला। धीरेंद्र सोनभद्र (UP) निवासी था और पिछले 6 साल से दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

आग का कारण शॉर्ट सर्किट, राहत कार्य अभी जारी

करीब 400 गज की चार मंजिला इमारत में लगी आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे के 24 घंटे बाद भी राहत कार्य जारी है।
शनिवार दोपहर एक और जला हुआ शव दूसरी मंजिल से मिला, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है।

आखिरी सांस तक लगाता रहा मदद की गुहार

धीरेंद्र ने फोन, मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए भाई-बहन और दोस्तों से कहा कि वह लिफ्ट में फंसा है और सांस नहीं ले पा रहा। परिजनों का कहना है कि पुलिस को बार-बार सूचना देने के बावजूद कहा गया कि “कोई अंदर नहीं है।”बाद में मोबाइल लोकेशन ट्रेस होने पर सर्च शुरू किया गया और धीरेंद्र का शव बरामद हुआ।

दो दिन पहले ही लौटा था दिल्ली

धीरेंद्र दो दिन पहले ही घर से दिल्ली लौटा था। पढ़ाई में होनहार और आत्मनिर्भर बनने का सपना लिए आए इस छात्र की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। परिजनों ने लापरवाही पर सवाल उठाए हैं और न्याय की मांग की है।


सीमा के सन्नाटे में नेतृत्व की गूंज: रिटायर्ड आईपीएस विमला गुंज्याल बनीं गुंजी गांव की निर्विरोध प्रधान

पिथौरागढ़: भारत-चीन सीमा से सटे उत्तराखंड के गुंजी गांव में एक नई शुरुआत हुई है। देश सेवा के बाद अब ग्रामीण सेवा—यही संदेश लेकर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी विमला गुंज्याल ने गुंजी ग्राम पंचायत की बागडोर संभाली है। उन्हें गांववासियों ने निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना है।

गुंजी जैसे सामरिक और भौगोलिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र में, एक पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (IG) का ग्राम प्रधान बनना केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि ग्राम विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरक कदम है।

सहमति से हुआ निर्विरोध चुनाव, गांव में जश्न जैसा माहौल

गुंजी गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए पहले चार अन्य लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। लेकिन गांव के हित और सामूहिक निर्णय को प्राथमिकता देते हुए सभी ने विमला गुंज्याल के समर्थन में नामांकन नहीं भरा। इस प्रकार वे एकमात्र उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध चुनी गईं।

ग्रामीणों के अनुरोध पर जब विमला गुंज्याल धारचूला पहुंचीं, तो उनका भव्य स्वागत हुआ। गांव में जश्न जैसा माहौल रहा, और ग्रामीणों ने इस दिन को गुंजी के इतिहास में विशेष दिन बताया।

देश सेवा से गांव सेवा की ओर

सेवानिवृत्त आईजी विमला गुंज्याल के अनुभव और प्रशासनिक कौशल को लेकर ग्रामीणों को काफी उम्मीदें हैं। उनका मानना है कि उनके नेतृत्व में गांव को नई दिशा और पहचान मिलेगी।

गांववासियों का कहना है कि, “आईपीएस अधिकारी रहते हुए उन्होंने देश की सुरक्षा और सेवा की, अब गांव के विकास में उनका मार्गदर्शन मिलेगा। उनकी सोच सकारात्मक है और उनका व्यक्तित्व पूरे गांव को जोड़ता है।”

पहले पीएम मोदी की यात्रा, अब ग्राम विकास की बारी

गुंजी गांव को पहले से ही आदि कैलाश, ओम पर्वत और कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग के कारण देशभर में विशेष पहचान मिल चुकी है। 12 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के बाद इस गांव की राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रसिद्धि हुई।अब ग्राम प्रधान के रूप में विमला गुंज्याल की नियुक्ति से स्थानीय विकास, पर्यटन प्रबंधन, बुनियादी ढांचे में सुधार और आजीविका के नए अवसर खुलने की संभावना है।

गुंजी गांव: जहां संस्कृति, सामरिकता और शांति मिलती है साथ

गुंजी, पिथौरागढ़ जिले की व्यास घाटी में स्थित एक खूबसूरत और सामरिक रूप से अहम गांव है। 3500 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस गांव में भोटिया समुदाय निवास करता है, जो अपनी पारंपरिक जीवनशैली, संस्कृति और सरलता के लिए जाना जाता है।

यहां के लोग मुख्यतः खेती, पशुपालन और सीमित व्यापार से अपनी आजीविका चलाते हैं। भारतीय सेना और आईटीबीपी की निगरानी में रहने वाला यह क्षेत्र सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट आवश्यक होता है।


उत्तराखंड में फिर बरसेगा मानसून, 67 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार से प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने छह जुलाई के लिए रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और देहरादून जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

इस बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं। यमुनोत्री हाईवे समेत कुल 67 सड़कें विभिन्न जिलों में बंद हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रदेश में कहां-कहां बंद हुईं सड़कें?
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अन्य पर्वतीय जिलों में मलबा और भूस्खलन की वजह से सड़कों पर आवाजाही बंद है।

जिलेवार स्थिति इस प्रकार है:

रुद्रप्रयाग: 4 ग्रामीण सड़कें

उत्तरकाशी: 1 राष्ट्रीय राजमार्ग और 11 ग्रामीण सड़कें

चमोली: 1 राज्य मार्ग और 21 ग्रामीण सड़कें

पिथौरागढ़: 6 ग्रामीण सड़कें

बागेश्वर: 11 ग्रामीण सड़कें

अल्मोड़ा: 1 राजमार्ग और 1 ग्रामीण सड़क

टिहरी: 3 ग्रामीण सड़कें

देहरादून: 2 ग्रामीण सड़कें

नैनीताल: 2 ग्रामीण सड़कें

पौड़ी: 3 ग्रामीण सड़कें

प्रशासन अलर्ट मोड पर, यात्रा से पहले मार्ग की जानकारी लें
भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। राहत और बचाव दलों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।चारधाम यात्रा पर निकले यात्रियों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मार्गों की स्थिति की जानकारी लें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।

अगले 48 घंटे चुनौतीपूर्ण, भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और भूस्खलन की संभावना बनी हुई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।


भारत के प्रसिद्ध यात्रा लेखक दंपती ह्यू और कोलीन गैंटज़र को पद्म श्री सम्मान

मसूरी: भारत के प्रख्यात यात्रा लेखक दंपती ह्यू गैंटज़र और कोलीन गैंटज़र को वर्ष 2025 का पद्म श्री सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान देश की साहित्यिक, सांस्कृतिक और मीडिया क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए दिया गया है।

विशेष बात यह रही कि कोलीन गैंटज़र को यह पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किया गया, जबकि स्वास्थ्य कारणों से ह्यू गैंटज़र स्वयं पुरस्कार ग्रहण करने दिल्ली नहीं जा सके। इस परिस्थिति को देखते हुए उत्तराखंड सरकार के सचिव श्री शैलेश बगोली विशेष रूप से मसूरी स्थित उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें यह सम्मान उनके घर पर ही सौंपा।

भारत की आत्मा को शब्दों में पिरोया

1950 के दशक से सक्रिय इस लेखक जोड़े ने भारत की संस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, और जनजीवन को जिस संजीवता और संवेदना से प्रस्तुत किया, वह अभूतपूर्व रहा है।

इनका चर्चित कॉलम “The Gantzer’s Travelogue” देशभर के प्रमुख समाचारपत्रों में वर्षों तक प्रकाशित होता रहा, जिसमें भारत के छोटे-बड़े कोनों की दुर्लभ जानकारियाँ, अनुभव और तस्वीरें साझा की जाती थीं। इसके अलावा, दूरदर्शन पर प्रसारित उनके यात्रा वृत्तांतों ने भारत के ग्रामीण अंचलों, तीर्थ स्थलों और ऐतिहासिक स्मारकों को देशवासियों के सामने रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत किया।

यात्रा लेखन का युगांतकारी योगदान

गैंटज़र दंपती को भारत में यात्रा लेखन की आधारशिला रखने वालों में गिना जाता है। उस दौर में जब पर्यटन पत्रकारिता सीमित थी, उन्होंने भारत को भारतीयों की नजर से देखना और दिखाना सिखाया। उनकी लेखनी में केवल पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि उस स्थल की आत्मा, वहाँ के लोग, रीति-रिवाज़ और बोलियों की झलक भी होती थी, जो उन्हें विशिष्ट बनाती है।

सरकार और साहित्य जगत से सराहना
उत्तराखंड सरकार ने गैंटज़र दंपती के योगदान को न केवल राज्य बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए अमूल्य बताया है। साहित्य और मीडिया जगत से जुड़ी कई हस्तियों ने भी उन्हें सम्मान दिए जाने पर प्रसन्नता जताई है।


उत्तराखंड पंचायत चुनाव: ग्राम प्रधान पद पर उमड़ा उत्साह, सदस्य पदों के लिए नामांकन में भारी गिरावट

देहरादून : उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। चुनावी माहौल के बीच जहां ग्राम प्रधान पदों के लिए जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली, वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उम्मीद से काफी कम नामांकन सामने आए हैं। इससे राज्य निर्वाचन आयोग की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बड़ी संख्या में पद रिक्त रह सकते हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, प्रारंभिक तीन दिनों में 66,418 पदों के लिए कुल 32,239 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से ग्राम प्रधान पद के 7499 पदों पर 15,917 नामांकन दर्ज हुए, जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के 55,587 पदों के लिए केवल 7235 नामांकन ही आए। शनिवार को नामांकन का अंतिम दिन था, लेकिन आयोग के अनुसार ग्राम पंचायत सदस्य पदों के प्रति उत्साह अपेक्षाकृत कम ही रहा।

नामांकन के बाद अगला चरण

अब आयोग 7 से 9 जुलाई तक नामांकन पत्रों की जांच करेगा। इसके बाद दोनों चरणों के लिए नाम वापसी की तिथि 10 और 11 जुलाई तय की गई है। पहले चरण का चुनाव चिह्न 14 जुलाई को आवंटित किया जाएगा और मतदान 24 जुलाई को होगा। वहीं, दूसरे चरण के लिए 18 जुलाई को चुनाव चिह्न दिए जाएंगे और 28 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। 31 जुलाई को दोनों चरणों की मतगणना होगी, जिसके साथ ही पंचायत चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सदस्य पदों पर कम नामांकन क्यों?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ग्राम पंचायत सदस्य पद को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी हो सकती है। इसके अलावा, कई स्थानों पर मतदान क्षेत्र छोटे होने के कारण लोग प्रतिस्पर्धा से बचते हैं या फिर बिना नामांकन ही निर्विरोध चुने जाने की रणनीति अपनाते हैं।राज्य निर्वाचन आयोग अब इस विषय पर अध्ययन करेगा कि आखिर इतने बड़े स्तर पर नामांकन कम क्यों हुए और भविष्य में इसे कैसे सुधारा जा सकता है।

चुनावी गणित में महिलाओं और युवाओं की दिलचस्पी

ग्राम प्रधान पदों के नामांकन में इस बार महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पहले की तुलना में बढ़ी है। कई जिलों से सामने आ रही रिपोर्टों के अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और पंचायत में पारदर्शिता को लेकर महिला उम्मीदवारों ने सक्रियता दिखाई है।


मुख्यमंत्री धामी ने बाल संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

खेल संस्कृति को मजबूत करने पर दिया जोर

टनकपुर।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पर्यटक आवास गृह, टनकपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चम्पावत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से बाल संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में खेल गतिविधियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करना तथा खिलाड़ियों से उनकी आवश्यकताओं और सुझावों पर चर्चा करना रहा।

मुख्यमंत्री ने रा.इ.का. चम्पावत के गौरव, रा.इ.का. पाटी की प्रीति, रा.बा.इ.का. टनकपुर की कंचन, रा.इ.का. चौमेल के सागर एवं रा.बा.इ.का. चम्पावत की मोनिका से बातचीत कर खेल सुविधाओं, संसाधनों और प्रशिक्षण संबंधी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना से नियमित लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे उनके खेल कौशल को संवारने में मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ खेलों को भी बराबर महत्व दें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने युवाओं को अमृतकाल का सारथी बताते हुए अनुशासन, समय प्रबंधन और कठिन परिश्रम के महत्व पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को सशक्त मंच देने और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य की खेल नीति और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना जैसे प्रयासों को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर चम्पावत, पाटी, चौमेल, टनकपुर और चमदेवल क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षण स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


समाजवाद की विरासत को मिटा रही है भाजपा- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

जेपीएनआईसी को एलडीए को सौंपने पर अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्र को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को सौंपे जाने के फैसले को जेपी के विचारों और समाजवादी मूल्यों का अपमान बताया।

अखिलेश यादव ने कहा कि जेपीएनआईसी की स्थापना समाजवाद और जयप्रकाश नारायण के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से की गई थी, और इसमें जॉर्ज फर्नांडीज, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और मोहन सिंह जैसे बड़े नेता शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इसे एलडीए को सौंपकर उसकी महत्ता को समाप्त करना चाहती है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल उठाया, “जिन लोगों ने जेपीएनआईसी को बर्बाद कर दिया, वे अब बिहार जाकर जेपी के नाम पर वोट कैसे मांगेंगे?” उन्होंने एलडीए की कार्यप्रणाली पर भी तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के बनवाए बाजार ‘कबूतरखाना’ जैसे लगते हैं।

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सबसे अधिक सुनारों की हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता है।

प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने तेंदुए से संघर्ष कर जान बचाने वाले एक श्रमिक को दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक भी सौंपा। उन्होंने पुनः दोहराया कि समाजवादी पार्टी जेपीएनआईसी को खरीदने को तैयार है।


मुख्यमंत्री ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

देवभूमि से शिवधाम की ओर पहला कदम: मुख्यमंत्री धामी ने किया कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ

टनकपुर।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्मृति चिह्न भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने 11 राज्यों से आए सभी श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता, यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का मार्ग है। उन्होंने कहा श्रद्धालु इस अद्वितीय यात्रा के सहभागी बनकर केवल यात्रा नहीं, बल्कि समर्पण की अनुभूति लेकर जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र धरती के कण-कण में भगवान शिव का वास है। यह यात्रा अब केवल भौगोलिक मार्ग नहीं रही, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से यह सीमाओं को लांघते हुए शिव से साक्षात्कार का सशक्त माध्यम बन गई है। पहले जिस यात्रा में सात दिन या उससे अधिक का समय लगता था, अब वह कुछ ही घंटों में संभव हो सकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। प्रत्येक पड़ाव पर स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुदृढ़ की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की सफल, मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने चम्पावत वासियों के आत्मीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया और यात्रा को स्मरणीय व सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस दौरान आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, आईजी आईटीबीपी और जन सम्पर्क अधिकारी कैलाश मानसरोवर यात्रा संजय गुंजियाल, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं मंडल रिद्धिम अग्रवाल,प्रबंध निदेशक कुमाऊं मंडल विकास निगम विनीत तोमर, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति मौजूद थे।


दलाई लामा बोले— 30-40 साल और जीवित रहने की उम्मीद

90वें जन्मदिन से पहले दीर्घायु प्रार्थना में शामिल हुए दलाई लामा, उत्तराधिकारी की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी

धर्मशाला में अनुयायियों से कहा— भारत में भी मानवता की भलाई के लिए कर रहा हूं कार्य

धर्मशाला। तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्योत्सो ने अपने उत्तराधिकारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि वह आगामी 30 से 40 वर्षों तक जीवित रहने की उम्मीद रखते हैं। उन्होंने यह बात शनिवार को अपने 90वें जन्मदिवस से पहले आयोजित दीर्घायु प्रार्थना सभा में कही।

मैक्लोडगंज स्थित मुख्य त्सुगलागखांग मंदिर में आयोजित समारोह में दलाई लामा ने कहा कि उन्हें लगातार संकेत मिल रहे हैं कि करुणा के देवता अवलोकितेश्वर का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी ओर से सदैव सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है। आपकी प्रार्थनाएं असरदार रही हैं और मुझे विश्वास है कि मैं आगे भी लोगों की सेवा करता रहूंगा।”

उन्होंने निर्वासन की स्थिति पर भी बात की। कहा, “हालांकि हमने अपना देश खोया है और हम भारत में निर्वासित जीवन जी रहे हैं, फिर भी मैं यहां रहकर लोगों की सहायता करने में सक्षम हूं।”

जन्मदिवस समारोह और आगंतुक:
90वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेरे समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए हैं। रविवार को आधिकारिक जन्मदिन के मौके पर केक काटा जाएगा और दलाई लामा अपने अनुयायियों को आशीर्वाद देंगे।

इस आयोजन में शामिल होने के लिए दुनियाभर के 48 देशों से हजारों अनुयायी धर्मशाला पहुंचे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे आयोजन को लेकर सतर्क हैं। हालांकि सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का कार्यक्रम अंतिम क्षणों में रद्द हो गया।


सीएम धामी ने खटीमा में की धान रोपाई, किसानों के श्रम को किया नमन

चम्पावत।  खटीमा के नगरा तराई क्षेत्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर किसानों के परिश्रम, त्याग और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि खेतों में उतरकर पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता न केवल हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक भी हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत “हुड़किया बौल” के माध्यम से भूमि के देवता भूमियां, जल के देवता इंद्र और छाया के देवता मेघ की वंदना भी की। मुख्यमंत्री के इस सांस्कृतिक जुड़ाव और कृषकों के साथ आत्मीय सहभाग ने क्षेत्रीय जनता को गहरे स्तर पर प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री धामी की यह पहल उत्तराखंड की ग्रामीण संस्कृति, कृषकों की अहमियत और पारंपरिक लोककलाओं के संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp