Friday, November 20, 2026
10:36 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

उत्तराखंड में तेज बारिश का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Category Archives: राष्ट्रीय

उत्तराखंड में तेज बारिश का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पौड़ी जिले में  डीएम ने 1 से 12वीं तक के विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को घोषित किया अवकाश

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी और कुछ पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, 26 जुलाई तक राज्यभर में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।

पौड़ी में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

पौड़ी जिले में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को जिले के सभी कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
डीएम ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे संवेदनशील इलाकों और नदी-नालों के पास जाने से बचें।

बारिश से 47 सड़कें प्रभावित, 27 अब भी बंद

लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य में 47 सड़कें मलबा आने से अवरुद्ध हो गई थीं, जिनमें से 20 सड़कों को खोला जा चुका है, जबकि 27 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें से अधिकांश सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार:

  • रुद्रप्रयाग में 4

  • चमोली में 6

  • टिहरी में 1

  • उत्तरकाशी में 4

  • पिथौरागढ़ में 6

  • बागेश्वर में 2

  • देहरादून में 4 ग्रामीण सड़कें अब भी बाधित हैं।

प्रशासन द्वारा इन सड़कों को खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कुछ जिलों में यातायात सामान्य

ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चंपावत और पौड़ी गढ़वाल जिलों में सभी मुख्य मार्ग फिलहाल यातायात के लिए खुले हुए हैं और कोई बड़ी बाधा दर्ज नहीं की गई है।


शिक्षकों के तबादलों के लिए नई नियमावली तैयार, कैबिनेट की मंजूरी जल्द

बोर्ड परिणाम खराब तो शिक्षक होंगे अनिवार्य तबादले के पात्र

देहरादून: प्रदेश में शिक्षकों के तबादलों को लेकर शिक्षा विभाग ने एक नई नियमावली तैयार कर ली है, जिसे अंतिम मंजूरी के लिए जल्द ही कैबिनेट के समक्ष पेश किया जाएगा। इस नियमावली का उद्देश्य तबादला प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगठित बनाना है।

नए नियमों के अनुसार, यदि किसी शिक्षक के द्वारा लगातार दो वर्षों तक 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम खराब रहते हैं, तो ऐसे शिक्षकों का अनिवार्य रूप से दूरस्थ (पर्वतीय) क्षेत्रों में तबादला किया जाएगा।

तबादला एक्ट से अलग विशेष नियमावली

साल 2017 में लागू हुए सामान्य तबादला अधिनियम के अंतर्गत सभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों के तबादले किए जाते रहे हैं। हालांकि, शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की विशिष्ट परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अलग से नियमावली तैयार की है। इसमें राज्य को दो भागों — पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों — में विभाजित किया गया है। शिक्षकों की सेवा के अंकों के आधार पर तबादलों की पात्रता तय की जाएगी।

संवर्ग परिवर्तन और महिला शिक्षकों को राहत

नई नियमावली के तहत शिक्षकों को अपने पूरे सेवा काल में एक बार संवर्ग (कैडर) परिवर्तन की अनुमति दी जाएगी, बशर्ते उन्होंने वर्तमान संवर्ग में कम से कम तीन साल की सेवा की हो। अविवाहित महिला शिक्षकों को विवाह के बाद पति के कार्यस्थल या गृह जनपद में तबादला करवाने की एक बार विशेष छूट दी जाएगी।

SCERT, SIEMAT और DIET से जुड़े शिक्षकों के तबादले भी इसी नियमावली के तहत किए जाएंगे, जब तक इनके लिए अलग कैडर नहीं बनाया जाता।

तबादला प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

अब शिक्षकों के तबादले पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किए जाएंगे। इसके लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है, जो पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में दी गई सेवा के अंक के आधार पर पात्रता सूची तैयार करेगा।

उच्च व निम्न पर्वतीय जिलों का निर्धारण

राज्य के चार जिले — पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और बागेश्वर — उच्च पर्वतीय क्षेत्र माने जाएंगे। जबकि टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी और देहरादून के पर्वतीय क्षेत्र निम्न पर्वतीय क्षेत्र की श्रेणी में आएंगे। तबादले के लिए पात्रता तभी होगी जब शिक्षक के पास कम से कम 16 अंक हों।

समयबद्ध प्रक्रिया और सेवा की अधिकतम सीमा

तबादलों की प्रक्रिया प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी से शुरू होकर 31 मार्च तक पूरी की जाएगी। नियमावली में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी विशेष स्थान पर तैनाती को शिक्षक का अधिकार नहीं माना जाएगा। यदि किसी नियम के क्रियान्वयन में व्यवहारिक कठिनाई आती है, तो विभाग या सरकार स्थिति के अनुसार निर्णय ले सकेगी।

शिक्षकों को पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के अंतर्गत निर्धारित उप क्षेत्रों में अधिकतम पांच-पांच साल तक ही सेवा करनी होगी। इसके अनुसार सेवा अवधि का भी वर्गीकरण किया गया है।


भानियावाला फ्लाईओवर पर हुआ भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई कांवड़ियों की बाइक, दो की मौत

हरिद्वार से लौटते वक्त हुआ हादसा, तीन अन्य घायल

देहरादून। देहरादून के भानियावाला फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब स्प्लेंडर बाइक पर सवार पांच कांवड़िए हरिद्वार से देहरादून की ओर आ रहे थे और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो को दून अस्पताल और एक को सीएचसी डोईवाला भेजा गया है।

डोईवाला कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सभी कांवड़िए देहरादून के रायपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।


सत्ता के सपने देखने वालों को जनता ने दिया जवाब- एकनाथ शिंदे

2.5 करोड़ महिलाओं के लिए बनाई गई योजनाओं को गिनाते हुए बोले उपमुख्यमंत्री, “महायुति को बहनों ने फिर से चुना”

ठाणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा कि “जब रोम जल रहा था, नीरो बांसुरी बजा रहा था” — यानी आत्मनिरीक्षण की जगह कुछ नेता आरोप-प्रत्यारोप में उलझे हुए हैं। उन्होंने यह टिप्पणी ठाणे में चिकित्सा उद्यमियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए की।

नीरो की मिसाल देकर उद्धव पर वार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर तंज कसा कि कुछ लोग अपनी ही पार्टी छोड़कर जाने वालों पर जश्न मनाते हैं, जबकि उन्हें हालात का गंभीरता से आकलन करना चाहिए। “जब रोम जल रहा था, नीरो बांसुरी बजा रहा था” कहकर उन्होंने इशारे में नेतृत्व शैली पर सवाल उठाया।

चुनाव नतीजे और चुनाव आयोग पर सवालों पर टिप्पणी
शिंदे ने विपक्षी दलों के रवैये को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हार मिलने पर वे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं, लेकिन जीतते ही उसी संस्था की प्रशंसा करने लगते हैं। उन्होंने इसे दोहरे मानक करार दिया।

महायुति सरकार की उपलब्धियाँ—विशेषकर महिलाओं के लिए योजनाएँ
उपमुख्यमंत्री ने महायुति सरकार द्वारा लागू व प्रस्तावित कल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख किया, खासतौर पर महिलाओं को लक्षित योजनाओं को “ऐतिहासिक” बताते हुए दावा किया कि 2.5 करोड़ बहनों को लाभ पहुंचाने के लिए पहलें की गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी सत्ता पाने के सपने देखते हुए पहले से ही “फाइव-स्टार होटल और मंत्रालय” बुक कराने की सोच में थे, लेकिन मतदाताओं—विशेषकर महिलाओं—ने उन्हें नकारते हुए महायुति को फिर से सत्ता सौंपी।

मैं पहले कार्यकर्ता, फिर उपमुख्यमंत्री: शिंदे
शिंदे ने अपनी राजनीतिक पहचान पर जोर देते हुए कहा कि वे खुद को 24×7 उपलब्ध रहने वाला पार्टी कार्यकर्ता मानते हैं, पद केवल सेवा का माध्यम है।

चिकित्सा समुदाय को सम्मान, कोविड अनुभव का हवाला
समारोह के मुख्य उद्देश्य पर लौटते हुए शिंदे ने कोविड-19 जैसे संकट काल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में हर प्रयास के बावजूद जान बचाना संभव नहीं हो पाता; ऐसे समय समाज को चिकित्सकों पर हमला करने या दोषारोपण से बचना चाहिए और जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए। चिकित्सा बिरादरी को “समाज का आधार” बताते हुए उन्होंने उन्हें गहरे सम्मान का पात्र कहा।


मुख्यमंत्री धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का किया स्वागत एवं अभिनंदन

समसामयिक मुद्दों और आपसी सहयोग को लेकर हुई गहन बातचीत

देहरादून| मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत एवं अभिनंदन किया | इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें चारधाम का प्रसाद एवं देवभूमि उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड “हाउस आफ हिमालया” के स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए |

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री के मध्य दोनों राज्यों के हितों से संबंधित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई |


भाजपा ने नारों को यथार्थ में बदला : रेखा आर्या

अल्मोड़ा के ताकुला में की चुनावी जनसभा

ताकुला, अल्मोड़ा । रविवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जनपद के ताकुला में सनौली सीट से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की समर्थित उम्मीदवार चंपा देवी के समर्थन में जनसभा एवं चुनाव प्रचार किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की डबल इंजन की सरकार में आम लोगों को रसोई गैस, राशन, मकान, किसान सम्मन निधि जैसी आधारभूत सुविधाएं मिली हैं। अगर क्षेत्र की जनता जिला पंचायत चुनाव में भी इस डबल इंजन सरकार में एक और इंजन जोड़ देती है तो विकास की गति और तेज होगी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा ने देशभर में विकासवादी राजनीति की नींव रखी है और भाजपा सरकारों ने चुनाव के दौरान जो वादे और नारे दिए उन्हें यथार्थ में भी बदला।

रेखा आर्या ने महिलाओं के सशक्तिकरण को भाजपा के सबसे प्रमुख लक्ष्यों में से बताते हुए महिला मतदाताओं से पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को वोट देकर जिताने की अपील की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जगदीश डंगवाल, मंडल महामंत्री भूधर भाकुनी, वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद चौहान, प्रताप सिंह, भूपाल रावत, बालम सुयाल, संदीप भीम, प्रदीप नगरकोटी, मदन बिष्ट, सोहन कुमार, प्रकाश राम आदि उपस्थित रहे।


श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में विशेषज्ञ बोले रूमेटाॅइड रोगी काॅर्नियल अल्सर से आंखों को कैसे बचाएं

श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हेल्थ साइंसेज़ के नेत्र रोग विभाग द्वारा एक दिवसीय सीएमई का आयोजन

पीजी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की डाॅ तन्वी एवम डाॅ श्रेष्ठा अव्वल

देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के नेत्र रोग विभाग द्वारा रविवार को एक दिवसीय उच्चस्तरीय निरंतर चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (सी.एम.ई.) ‘काॅर्निया 360° 2.0’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रूमेटाइड आर्थराइटिस से पीड़ित रोगियों में होने वाली काॅर्निया संबंधी जटिलताओं पर जनजागरुकता फैलाना एवम् बीमारी की रोकथाम पर प्रकाश डालना था।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड स्टेट आॅप्थलमोलॉजिकल सोसाइटी (य.ूके.एस.ओ.एस.) के तत्वावधान में प्रतिष्ठित संस्थानों से आए नेत्र रोग विशेषज्ञों ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने रूमेटाइड रोगियों की आंखों में होने वाली जटिलताओं, विशेष रूप से काॅर्निया की गंभीर बीमारियों के निदान और उपचार पर विस्तार से जानकारी साझा की। साथ ही, रोग से आंखों और काॅर्निया को बचाने हेतु उपयोगी चिकित्सा सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और चिकित्सा शिक्षा के इस प्रयास की सराहना की।

नेत्र रोग विभाग, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित इस सम्मेलन ने विशेषज्ञों को आपस में विचार-विमर्श करने और नई चिकित्सीय प्रगति से परिचित होने का एक उपयोगी मंच प्रदान किया।

श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, देहरादून में आयोजित प्रतिष्ठित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञों और चिकित्सा क्षेत्र के विद्वानों ने नेत्र रोगों विशेषकर रूमेटॉइड आर्थराइटिस से संबंधित जटिलताओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का आयोजन यू.के.एस.ओ.एस. (उत्तराखंड स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी) के तत्वावधान में किया गया। आयोजन समिति में डॉ. राजेश तिवारी (अध्यक्ष, यू.के.एस.ओ.एस.), प्रो. डॉ. तरन्नुम शकील (विभागाध्यक्ष, नेत्र रोग विभाग), प्रो. डॉ. मनोज गुप्ता (निदेशक), प्रो. डॉ. कुमुद सकलानी (कुलपति, एसजीआरआर विश्वविद्यालय), प्रो. डॉ. अशोक नायक (प्राचार्य), प्रो. डॉ. अनिल मलिक (सीएमई कार्यक्रम प्रभारी) एवं डॉ. सतांशु माथुर (सचिव, यू.के.एस.ओ.एस.) जैसे अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. देवेश शर्मा ने कहा कि रूमेटॉइड आर्थराइटिस से ग्रस्त रोगियों में कॉर्नियल अल्सर यानी आंख की पुतली में घाव होने की आशंका सामान्य लोगों की तुलना में अधिक होती है। ऐसे मामलों में समय रहते अल्सर की पहचान और उपचार दृष्टि को बचाने की कुंजी है। चिकित्सकों ने आमजन को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की और रूमेटॉइड रोगियों की नियमित नेत्र जांच करवाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं शोधार्थियों एवं चिकित्सकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। संगोष्ठी का उद्देश्य नेत्र विज्ञान के क्षेत्र में नवीन जानकारियों का आदान-प्रदान और जनजागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में डाॅ. बंदना येन ने कार्निलय छिद्रण के आपातकालीन प्रबंधन में अपने सर्जिकल अनुभवों को साझा किया, जो नेत्र चिकित्सकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुए। संक्रामक किरैटाइटिस जैसे जटिल नेत्र संक्रमणों पर प्रकाश डालते हुए डाॅ. अंकित शर्मा ने गंभीर मामलों के निदान एवं उपचार की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से उन परिस्थितियों पर ध्यान केंद्रित किया, जहां संक्रमण तेजी से दृष्टि को प्रभावित कर सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. डाॅ. तरन्नुम शकील ने संक्रमण रोगों के नैदानिक व सूक्ष्मजैविक पहलुओं पर गहन दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि रूमेटॉइड आर्थराइटिस से ग्रसित रोगियों में सूखी आंखें आम होती हैं, जिससे काॅर्निया की सुरक्षा घट जाती है और संक्रमण या अल्सर की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने रोगियों को नियमित नेत्र परीक्षण कराने और आँखों में जलन, लालिमा अथवा दृष्टि धुंधली होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में चार प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, दून मेडिकल काॅलेज, हिमालयन इंस्टीटयूट (जाॅलीग्रांट), और एम्स ऋषिकेश के मेडिकल पीजी छात्र-छात्राओं के बीच हुई पीजी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने जोश व उत्साह से भाग लिया। इस प्रतियोगिता मंे पहला स्थान श्री गुरु राम राय इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल एंड हेल्थ साईंसेज

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के नाम रहा, एस जी आर मेडिकल कॉलेज से डाॅ तन्वी एवम डाॅ श्रेष्ठा अव्वल रहीं। दूसरे स्थान पर हिमालयन इंस्टीटयूट (जाॅलीग्रांट) की डाॅ मलिका एवम डाॅ ऋतुपर्णां रहीं। तीसरे स्थान पर एम्स ऋषिकेश की डाॅ कीर्ति और डाॅ अमित रहे।

संगोष्ठी का समापन प्रो. डाॅ. तरन्नुम शकील के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों, आयोजन समिति तथा कार्यक्रम के सभी सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डाॅ आर.पी.सिंह, डाॅ तारिख मसूद, डाॅ आशीष गोयल, डाॅ भावना मलिक, डाॅ राना उसमानी आदि भी उपस्थित रहे।


हेमकुंड यात्रा मार्ग पर हादसा: शॉर्टकट रास्ते ने ली 18 वर्षीय श्रद्धालु की जान

जोशीमठ (चमोली): हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे में शामिल 18 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की खाई में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा जंगल चट्टी के समीप हुआ, जब उन्होंने मुख्य मार्ग छोड़कर पुराने और क्षतिग्रस्त शॉर्टकट रास्ते से गुजरने की कोशिश की।

गुरप्रीत सिंह, पुत्र हरदीप सिंह, निवासी ग्राम काले, थाना सिहरटा, जिला अमृतसर (पंजाब), रविवार को 90 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ हेमकुंड साहिब की यात्रा पर निकले थे। जंगल चट्टी से दो किमी आगे उन्होंने मुख्य पैदल मार्ग को छोड़कर रेलिंग पार कर उस शॉर्टकट रास्ते का चयन किया, जिसे सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था।

सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारी

थाना प्रभारी गोविंदघाट विनोद रावत के अनुसार, वर्जित रास्ते पर फिसलने से गुरप्रीत गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। खतरनाक ढलान और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक लाया।

अस्पताल लाने पर मृत घोषित

उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जोशीमठ मोर्चरी भेज दिया।

यात्रा में लापरवाही घातक

हर वर्ष हजारों श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की कठिन यात्रा पर निकलते हैं, लेकिन सुरक्षा दिशानिर्देशों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित होती है। इस घटना ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा और श्रद्धालुओं को जागरूक करने की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है।


‘सख्ती से सेवा तक’— कांवड़ यात्रा में धामी सरकार की नीति पर श्रद्धालुओं ने लगाई मोहर

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा मार्गों पर FDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई

कांवड़ियों व श्रद्धालुओं को मिल रहा शुद्ध ,सुरक्षित भोजन और दवाईयां

देहरादून। कांवड़ यात्रा 2025 के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु उत्तराखंड सरकार द्वारा किए गए ठोस प्रबंधों की यात्रा कर रहे कांवड़ियों ने खुलकर सराहना की है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण का कार्य किया जा रहा है, ताकि कांवड़ियों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

यात्रा मार्गों पर चला निरीक्षण अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीम ने ऋषिकेश, डोईवाला और अन्य कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित होटलों, रेस्टोरेंटों और ढाबों में जाकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की स्वच्छता, भंडारण की स्थिति, किचन की सफाई व्यवस्था एवं कार्यरत कर्मचारियों की स्वच्छता का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल मौके पर भरे गए, जिन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। कई स्थानों पर फूड लाइसेंस न पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की गई।

अब दुकान पर ही दिख रहा है वैधता का प्रमाण
अधिकांश प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस स्पष्ट रूप से दुकान के बाहर डिस्प्ले किए गए पाए गए, जिससे कांवड़ियों को भरोसेमंद स्थानों पर भोजन की सुविधा मिल रही है। अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि विभाग द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए गए थे कि सभी खाद्य विक्रेताओं को अपना वैध फूड लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य है, ताकि कोई भी उपभोक्ता खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और प्रतिष्ठान की वैधता को देखकर निर्णय ले सके।

सरकार की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त एवं विभागीय टीम ने कई स्थानों पर भोजन कर रहे कांवड़ यात्रियों से सीधा संवाद भी किया, जिसमें यात्रियों ने सरकार और प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि इस बार यात्रा मार्ग पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। खाने की गुणवत्ता अधिक बेहतर है और फूड लाइसेंस डिस्प्ले होने से उन्हें अब यह तय करने में आसानी हो रही है कि कहां भोजन करना सुरक्षित रहेगा।

यात्रा मार्ग पर बनी विशेष निगरानी प्रणाली
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर विशेष मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो समय-समय पर निगरानी करती रहेंगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी स्थान पर भोजन की गुणवत्ता या स्वच्छता को लेकर कोई शिकायत मिलती है, तो उस पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि विभाग द्वारा यह जनहित कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि हर कांवड़ यात्री को स्वच्छ, शुद्ध और सुरक्षित भोजन की सुविधा उपलब्ध हो सके। शासन एवं विभाग का उद्देश्य है कि आस्था और स्वास्थ्य दोनों के साथ कोई समझौता न हो।

15 औषधि विक्रय फर्मों का निरीक्षण
विभागीय टीम ने देहरादून जनपद के अंतर्गत ऋषिकेश एवं डोईवाला क्षेत्रों में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण एवं छापेमारी की। इस दौरान कुल 15 औषधि विक्रय फर्मों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिनके आधार पर दो औषधि प्रतिष्ठानों को मौके पर बंद किया गया। इनमें से एक फर्म के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति भी की गई। शेष फर्मों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्हें अपने लाइसेंस की शर्तों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह जग्गी ने स्पष्ट किया कि औषधि एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई भी फर्म निर्धारित मानकों का उल्लंघन करती पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बंद किए गए औषधि प्रतिष्ठानों का विवरण
माही मेडिकोज, दुर्गा चौक, जॉलीग्रांट, देहरादून, निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट मौके पर उपस्थित नहीं था। औषधियों के भंडारण की स्थिति मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति पाई गई। इन गंभीर कमियों के चलते प्रतिष्ठान को मौके पर ही बंद किया गया।

पनवार मेडिकोज, वीरभद्र रोड, निकट एम्स ऋषिकेश, देहरादून, फार्मासिस्ट मौके पर अनुपस्थित पाया गया। औषधियों का भंडारण असंतोषजनक स्थिति में था। फर्म का भौतिक क्षेत्रफल औषधि नियमावली के मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिष्ठान को बंद करते हुए लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि यह छापेमारी अभियान कांवड़ यात्रा के दौरान आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। विभाग द्वारा इस प्रकार की सतत निगरानी और औचक निरीक्षण की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

निरीक्षण में सम्मिलित प्रमुख अधिकारीगण :
ताजबर सिंह जग्गी – अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन
गणेश कंडवाल – उपायुक्त (खाद्य), गढ़वाल मंडल
सुधीर कुमार – सहायक औषधि नियंत्रक
मानेंद्र सिंह राणा, विनोद जगुड़ी, निधि रतूड़ी – औषधि निरीक्षक
मनीष सयाना – अभिहित अधिकारी, देहरादून


कैलाश मानसरोवर यात्रा में हादसा: पूर्व मंत्री मीनाक्षी लेखी घोड़े से गिरकर घायल

पिथौरागढ़: कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान एक गंभीर हादसे में पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी घायल हो गईं। तिब्बत के दारचिन क्षेत्र में घोड़े से गिरने के कारण उनकी कमर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। उनकी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर भारत लाने का निर्णय लिया है।

मीनाक्षी लेखी यात्रा के दूसरे दल के साथ कैलाश मानसरोवर के पवित्र मार्ग पर थीं। यात्रा के दौरान शनिवार को तिब्बत के दारचिन में वह घोड़े से गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। घटना के तुरंत बाद उन्हें पास के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में रीढ़ की हड्डी में चोट की पुष्टि हुई।

रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, मौसम बना चुनौती

सूत्रों के अनुसार, रविवार को उन्हें वाहन के जरिए लिपुलेख तक लाया जाएगा, जहां से पैदल या स्ट्रेचर के माध्यम से नाभीढांग पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मौसम अनुकूल रहने पर उन्हें हेलीकॉप्टर से देहरादून लाने की योजना है।

हालांकि, सीमांत धारचूला क्षेत्र में भारी बारिश के चलते मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। यदि मौसम खराब रहा, तो हेलीकॉप्टर से उड़ान भरना और नाभीढांग तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

यात्रा अधूरी रह गई, लेखी ने जताई थी आस्था

मीनाक्षी लेखी कुछ दिन पहले ही पिथौरागढ़ पहुंची थीं और उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा में शामिल होने को ‘आध्यात्मिक सौभाग्य’ बताया था। लेकिन तिब्बत में दुर्घटना होने के बाद अब उनके लिए यात्रा पूरी करना संभव नहीं है। सूत्रों के अनुसार, चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp