Saturday, November 21, 2026
1:03 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

12 अगस्त को निकलेगी 208 कलशों की शोभायात्रा, उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक झांकियां बनेगी आकर्षण का केंद्र

Category Archives: राष्ट्रीय

12 अगस्त को निकलेगी 208 कलशों की शोभायात्रा, उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक झांकियां बनेगी आकर्षण का केंद्र

देहरादून | सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर धर्मपुर चौक में इस बार का वार्षिक उत्सव भव्य और दिव्य रूप में मनाया जा रहा है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि श्रावण मास की 20 तारीख से प्रारंभ हुआ शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ 31 जुलाई को पूर्ण आहुति के साथ संपन्न हुआ। अब 13 से 19 अगस्त तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आयोजित होगा, जिसमें कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक प्रवाहित होगी।

समिति के अनुसार, 20 अगस्त को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक यज्ञ व पूर्ण आहुति होगी, जिसके बाद विशाल भंडारा प्रभु इच्छा तक चलेगा। भागवत कथा के उपलक्ष्य में 12 अगस्त को प्रातः 10 बजे मंदिर से एक विशाल कलश यात्रा निकलेगी। यह शोभायात्रा आराघर हनुमान मंदिर से यू-टर्न लेकर हरिद्वार रोड, लक्ष्मी रोड चौराहा, हटवाल चौक, फव्वारा चौक, राहुल डेरी, चंचल स्वीट शॉप, एलआईसी बिल्डिंग होते हुए पुनः मंदिर में पहुंचेगी।

इस कलश यात्रा में 208 महिलाएं अपने मस्तक पर पवित्र जल से भरे कलश लेकर चलेंगी। इनमें गंगा सागर, पंच प्रयाग, गंगोत्री, यमुनोत्री और सरस्वती का जल शामिल होगा। यात्रा में धर्म-संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित झांकियां भी दिखाई जाएंगी, जिनमें उत्तराखंड की संस्कृति, शिव बारात, मोर नृत्य और अन्य धार्मिक दृश्य प्रस्तुत होंगे।

समिति ने बताया कि इस बार की भागवत कथा कई कारणों से विशेष है—पंच व्यास भागवत, पंचकुंडीय यज्ञ, 6 आचार्यों द्वारा पूजा, मूल पाठ के साथ दुर्गा सप्तशती, गायत्री जाप, ‘ओम नमो भगवते वासुदेवाय’ जाप, रुद्रिका जाप और विष्णु सहस्रनाम पाठ किया जाएगा। इसके अलावा पंचांग पूजन, नवग्रह पूजन, राधा-कृष्ण पूजन और अन्य वैदिक अनुष्ठान भी होंगे।

इस बार कथा व्यास के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध भागवत प्रभाकर स्वामी मारुतिनंदनाचार्य पूज्य वागीश महाराज (पीठाधीश्वर, आचार्य पीठ, भागवत पीठ, वृंदावन) पधारेंगे। वृंदावन के चार प्रमुख व्यास पीठों में से एक पर उनकी गुरुपरंपरा स्थापित है।

समिति ने उत्तरकाशी आपदा में दिवंगत आत्माओं के लिए शांति और प्रभावित परिवारों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

इस कार्यक्रम में उपस्थित समिति
के प्रधान देवेंद्र अग्रवाल, सीताराम भट्ट, दिनेश चमोली, दीपक शर्मा, मदन हुरला, आत्माराम शर्मा, जयप्रकाश बंसल, शरद शर्मा, प्रमोद शर्मा, सुनील कौशिक, सुचेत मंजू, शर्मिला, अर्चना ठाकुर, अन्नू, संगीता खन्ना, सुदेश आदि मौजूद रहे।


बेली ब्रिज का काम अंतिम चरण में, घंटों में खुलेगा रास्ता

उत्तरकाशी- उत्तराखंड के धराली में आई आपदा के दौरान कनेक्टिविटी की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण लिमचीगाड पुल बह गया था, जिसकी वजह से आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया था। इसके बाद यहाँ बेली ब्रिज बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया गया, जिसके चलते पुल का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होने वाला हैं ।

पुलिस दलों, एसडीआरएफ, इंजीनियरों व अन्य बचाव दलों के अथक परिश्रम के फलस्वरुप अब इस पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कुछ ही घंटों में आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। यह पुल आपदा प्रभावित लोगों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा।


लच्छीवाला टोल प्लाज़ा पर फिर हाथी का आतंक, टोल बैरियर तोड़ा, गाड़ी पलटने की कोशिश

डोईवाला। लच्छीवाला टोल प्लाज़ा पर  एक बार फिर हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। टोल कर्मियों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टोल कर्मी राकेश नोटियाल ने बताया कि आए दिन हाथियों के आने से यहां खतरा बना रहता है। हाथी ने पहले टोल बैरियर पर हमला किया और फिर एक गाड़ी को पलटने की कोशिश भी की। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। पूरी घटना टोल प्लाज़ा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


सीएम धामी ने राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

देहरादून- मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा धराली में राहत एवं पुनर्वास के लिए भेजी जा रही आपदा राहत सामग्री को रवाना किया।

कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा सी.एस.आर के अंतर्गत 10 से 12 दिनों तक के लिए पर्याप्त कच्चा राशन-आटा, चावल, दालें, मसाले, खाद्य तेल-सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ जैसे टूथपेस्ट, नहाने एवं कपड़े धोने का साबुन, आदि सम्मिलित हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटक महिंद्रा बैंक का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा इस दुख की घड़ी में पूरा राज्य आपदा प्रभावितों के साथ खड़ा है।

इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मेंनाली, महिंद्रा बैंक के सर्किल हेड  शोभित अग्रवाल, एरिया हेड अनुज कपूर,  रजत जैन कोटक, महिंद्रा बैंक के इंप्लीमेंटे पार्टनर सेवा इंटरनेशनल के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


बेंगलुरु पहुंचे पीएम मोदी, तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मिलेगी हरी झंडी

बेंगलुरु-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। केएसआर रेलवे स्टेशन पर वे तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन करेंगे और आरवी रोड (रागीगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक मेट्रो यात्रा करेंगे।

पीएम मोदी इस दौरे के दौरान शहरी संपर्क से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के अंत में वे एक बड़े सार्वजनिक समारोह को संबोधित करेंगे, जिसमें विकास योजनाओं और कर्नाटक की प्रगति पर अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे।


धराली आपदा: 1000 से अधिक लोग सुरक्षित, छह महीने का राशन मिलेगा प्रभावितों के परिवारों को

उत्तरकाशी-  उत्तराखंड के धराली, सैंजी और बांकुड़ा गांवों में आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकार अगले छह महीने तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करने की है।

अब तक खराब मौसम के बीच 1000 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ देशभर से आए तीर्थयात्री भी शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल और एम्स में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। राहत सामग्रियों में दवाएं, दूध, कपड़े और राशन प्रभावित इलाकों में पहुंचा दिए गए हैं।

हर्षिल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा का पावर हाउस चालू कर दिया गया है, जबकि यूपीसीएल क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटा है। मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल हो चुकी है और 125 केवी के दो जनरेटर भी क्षेत्र में लगाए गए हैं। सड़कों की मरम्मत तेज़ी से जारी है और मंगलवार तक हर्षिल तक मार्ग पूरी तरह खोलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, राज्य को हरसंभव सहयोग दे रही है और प्रभावित परिवारों को किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।


धराली आपदा: 480 और लोग सुरक्षित, 49 की तलाश जारी

सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने जीपीआर रडार, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड के साथ सर्च ऑपरेशन तेज किया

उत्तरकाशी- धराली आपदा के पांचवें दिन राहत और बचाव कार्य में तेजी आई है। विभिन्न स्थानों पर फंसे 480 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 49 अन्य की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावितों को तुरंत राहत देने की घोषणा की है और पुनर्वास व आजीविका सुधार के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है।

हैदराबाद से भेजा गया जीपीआर रडार अब मलबे में दबे लोगों को खोजने में मदद करेगा। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

सरकार ने धराली, सैंजी और बांकुड़ा गांव में मकान खो चुके परिवारों को पांच लाख रुपये की तत्काल सहायता और मृतकों के परिजनों को समान राशि देने का ऐलान किया है। सचिव राजस्व डॉ. सुरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में बनी समिति भूमि चयन से लेकर भवन निर्माण के मानक तय करने तक की योजना एक सप्ताह में पेश करेगी।

इस बीच, यूपीसीएल की टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से राजनीति से दूर रहकर प्रभावितों की मदद करने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में चार लोगों के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने बाढ़ को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं।


धराली आपदा में फंसी महिला ने मुख्यमंत्री धामी को दुपट्टे की राखी बांधी, सुरक्षित रेस्क्यू के बाद भावुक दृश्य

धराली (उत्तरकाशी)। उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई आपदा के बाद राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने शुक्रवार को एक अत्यंत भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने वहां उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम कर दीं।

गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईशनपुर निवासी श्रीमती धनगौरी बरौलिया अपने परिवार के साथ गंगोत्री दर्शन के लिए उत्तराखंड आई थीं। 5 अगस्त को आई भीषण आपदा के कारण वे धराली में अपने परिवार सहित फंस गईं। मार्ग अवरुद्ध होने और लगातार मलबा व तेज बहाव के कारण स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई थी।

प्रदेश सरकार के निर्देशों पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किए गए। मुख्यमंत्री स्वयं तीन दिनों से लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। रेस्क्यू टीमों के अथक प्रयासों से श्रीमती बरौलिया और उनके परिवार को सुरक्षित निकाला गया।

रक्षाबंधन से पहले दिन जब मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र में मौजूद थे, तब श्रीमती बरौलिया ने भावुक होकर अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर उसे राखी के रूप में मुख्यमंत्री धामी को बांधा। यह दृश्य वहां उपस्थित सभी लोगों को गहराई से छू गया।

मुख्यमंत्री ने भी इस भावनात्मक क्षण को विनम्रता से स्वीकार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में हर प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

धराली जैसे दुर्गम क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं का यह दृश्य विपदा के बीच आशा, विश्वास और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बना।


भाजपा ने जारी की 12 जिलों के ब्लाक प्रमुख उम्मीदवारों की सूची

जानिए सूची में किसके हैं नाम 

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने 12 जिलों के ब्लाक प्रमुख उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

 


भंजराड़ू-शहवा मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, छह लोगों की मौत

पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थर के कारण हुआ दर्दनाक हादसा 

चंबा। हिमाचल प्रदेश के भंजराड़ू-शहवा-भड़कवास मार्ग पर  एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर अचानक पहाड़ी से एक विशाल पत्थर गिरा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर साउआ पधरी के समीप करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य—राजेश कुमार (40), उनकी पत्नी हंसो (36), बेटी आरती (17) और बेटा दीपक (15)—शामिल हैं। इनके साथ रिश्तेदार राकेश कुमार (44) और चालक हेम पाल (37) की भी मौत हो गई। सभी मृतक चंबा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। राहत टीमों और ग्रामीणों ने मिलकर कठिन प्रयासों के बाद शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के अनुसार, सभी शवों का पोस्टमार्टम  सिविल अस्पताल तीसा में किया जाएगा और बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, मृतक राजेश कुमार जेबीटी अध्यापक थे और वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय बुलवास में तैनात थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp