Friday, November 20, 2026
5:40 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

महाअष्टमी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया कन्या पूजन

Category Archives: राष्ट्रीय

महाअष्टमी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया कन्या पूजन

देहरादून। चैत्र नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास पर परिवार सहित विधि-विधान से कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नौदुर्गा स्वरूप कन्याओं का सम्मानपूर्वक पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कैबिनेट मंत्री ने कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई तथा विधिपूर्वक आरती उतारी श्रद्धा भाव से कन्याओं को भोजन भी कराया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कन्याओं को दक्षिणा एवं उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।


मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का किया शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए 42 सीटर विमान सेवा शुरु होने से पिथौरागढ़ – देहरादून का सफर एक घंटे में पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह विमान सेवा सामरिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा करना केवल विशिष्ट और सम्पन्न वर्ग के लोगों के लिए ही संभव माना जाता था। परंतु आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हवाई चप्पल पहनने वाला आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सकता है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2016 में UDAN योजना की शुरुआत कर देश में नागरिक विमानन के क्षेत्र में एक नई क्रांति का सूत्रपात किया था। जिसके माध्यम से छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम नागरिकों को सस्ती दरों पर हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो दिन पूर्व ही उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी प्रदान की है। जिसके अंतर्गत, आगामी 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना का विस्तार विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने तथा दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में सस्ती एवं सुगम हवाई सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।

जीवन रेखा बन चुकी है हवाई सेवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएँ मात्र एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी है। दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में आवश्यक सामग्री पहुँचाने से लेकर गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में हवाई सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए वर्ष 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” प्रारंभ की गई है। वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर उड़ानों का नियमित संचालन किया जा रहा है। बीते चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है। साथ ही, हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” जैसा राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।

एक घंटे में पूरा होगा पिथौरागढ़ का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून- पिथौरागढ़ हवाई सेवा के प्रारंभ होने से, पिथौरागढ़ के लोग एक घंटे में देहरादून तक पहुंच सकते हैं। इस सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले हमारे सीमांत क्षेत्रों को वर्षों तक उपेक्षित रखा, जिस कारण इन क्षेत्रों में विकास की गति सीमित रही। आज केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं। इसी दिशा में चलते हुए पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का काम भी कर रही है। इसी क्रम में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के मध्य नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू भी किया है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र को और भी अधिक फायदा मिलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए देहरादून- पिथौरागढ़ विमान सेवा के लिए अपनी शुभकामानाएं देते हुए राज्य में हवाई सुविधाओं को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया।

समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक श्रीमती चंद्रा पंत, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान, एसीईओ संजय टोलिया मौजूद थे।


आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस में आग लगने से 14 लोगों की मौत

टिपर लॉरी से टक्कर के बाद धधकी बस, कई यात्री गंभीर रूप से घायल

मार्कपुरम। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक निजी ट्रैवल बस और टिपर लॉरी की टक्कर के बाद आग लगने से 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रायवरम के पास उस समय हुआ जब एक निजी बस अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। रास्ते में स्लैब खदानों के नजदीक बस की आमने-सामने से आ रही एक टिपर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गई।

मार्कपुरम के डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। आग लगने के कारण कई लोग बाहर निकल नहीं पाए और जिंदा जल गए। हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेज टक्कर के कारण ही बस में आग लगी, जिससे यह हादसा और भयावह हो गया। पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और शवों को बाहर निकालने का काम किया। कई शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

इस दुखद घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


जनजातीय समाज की परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहर राज्य की पहचान को और मजबूत बनाती है- मुख्यमंत्री

परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सराहा और विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया।

महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध थारू लोक गायिका स्वर्गीय रिंकू देवी राणा (मरणोपरांत) एवं दर्शन लाल को ‘आदि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहर राज्य की पहचान को और मजबूत बनाती हैं।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत ₹142.72 करोड़ की पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनजातीय समाज के शिक्षा, रोजगार और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। जनजातीय महोत्सव जैसे आयोजन उनकी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता हरबंस कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का एक्शन, विभिन्न स्थानों पर की गई सीलिंग की कार्रवाई

प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं- बंशीधर तिवारी

देहरादून। मसूरी- देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई प्राधिकरण के नियमों के उल्लंघन को रोकने और नियोजित विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। एमडीडीए द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य या प्लॉटिंग पूर्णतः अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नफीस पुत्र मोहम्मद जमील द्वारा एलिक नेचर विला, आईकॉन रिसॉर्ट के निकट, ग्राम बागी इठाराना मार्ग, भोगपुर रानीपोखरी, देहरादून में बिना स्वीकृति प्लॉटिंग पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता दीपक नौटियाल, स्वाती कोहली तथा संबंधित सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त, रायवाला ऋषिकेश क्षेत्र में वुड रिसॉर्ट के सामने प्रीत कुमार द्वारा अवैध रूप से निर्मित दुकानों पर भी प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति के किया गया था, जो प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही दिनेश मंगाई द्वारा गली न0 6 हरिपुर कला ऋषिकेश में किये गए अवैध निर्माण पर कार्यवाही की गई इस कार्रवाई में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुपरवाइजर एवं पुलिस बल की उपस्थिति में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

एमडीडीए द्वारा यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में अवैध निर्माणों की पहचान कर उन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों को रोकना ही नहीं, बल्कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुव्यवस्थित और सुरक्षित विकास को बढ़ावा देना भी है। इसके लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भी इस प्रकार की कार्रवाई और तेज की जाएगी तथा अवैध निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जिससे देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुव्यवस्थित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग और निर्माण कार्य से न केवल नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के नियोजित विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्राधिकरण द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अवैध निर्माण की जानकारी मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व मानचित्र की स्वीकृति अवश्य लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्ध निर्माण कार्यों की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी निर्माण कार्य प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृति प्राप्त कर ही करें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।


खाद्य सुरक्षा पर सख़्ती: सैंपलिंग लक्ष्य शीघ्र पूरा करने, मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई व मोबाइल लैब स्थापित करने के निर्देश

सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार पर मंथन: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

पौड़ी–  जनपद मुख्यालय स्थित जिला सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति (सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार) की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गयी।

बैठक के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी द्वारा जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत की गयी विभिन्न प्रवर्तन कार्यवाहियों, सैंपलिंग, निरीक्षण तथा जागरुकता अभियानों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने सैंपलिंग के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में कमी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने रुद्रपुर स्थित राजकीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में हो रही देरी पर भी गंभीरता जतायी और संबंधित प्रयोगशाला को पत्राचार कर रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनपद स्तर पर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि जांच प्रक्रिया को और अधिक त्वरित एवं प्रभावी बनाया जा सके और मिलावटखोरों में कड़ी कार्रवाई का भय उत्पन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख़्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ‘ईट राइट कैंपस’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों एवं अन्य सरकारी संस्थानों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए। उन्होंने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की तत्काल जांच कर शीघ्र परिणाम प्राप्त किए जा सकें तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई संभव हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के पौड़ी, श्रीनगर तथा कोटद्वार क्षेत्र में स्थित स्लॉटर हाउस को एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां स्लॉटर हाउस अभी तक स्थापित नहीं हैं, वहां आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने चिड़ोंवाली शिव मंदिर में किया कन्या पूजन

नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है और बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनकी सेवा करना समाज के लिए प्रेरणादायक है- गणेश जोशी

देहरादून। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने धोरण वार्ड स्थित चिड़ोंवाली शिव मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने 211 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है और बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनकी सेवा करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उन्हें आध्यात्मिक शांति और संतोष की अनुभूति हुई।

उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए माँ दुर्गा से सभी बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल जीवन की कामना की।


खिलाड़ियों के बीच उतरे सीएम धामी, खेल के जरिए दिया फिटनेस का संदेश

सीएम धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह टीम भावना, अनुशासन और एकजुटता की सीख देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियानों को राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है। इसी दिशा में “फिट उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास और विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


खेत में चारा लेने गई युवती पर किया भालू ने हमला, गंभीर रूप से घायल

चमोली। जिले के थराली तहसील अंतर्गत बूंगा गांव में एक महिला पर भालू के हमले से सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब महिला खेतों से चारा लेने गई थी और अचानक घात लगाए बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला गोविंदी (26) अपने मायके आई हुई थी। घर के पास खेतों में काम के दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के चलते उसे हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है।

वन विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़िता के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


डाकपत्थर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरा पिकअप वाहन, SDRF ने किया शव बरामद

देहरादून। जनपद के कालसी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोठी-इछाड़ी रोड पर लालढांग के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ पोस्ट डाकपत्थर से अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में पहुंची रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पाया कि वाहन करीब 200 मीटर नीचे नदी में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। टीम ने रोप की मदद से खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और अंदर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।

हालांकि, रेस्क्यू के दौरान व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अजय भाटी (26 वर्ष) पुत्र दिलेराम भाटी, निवासी अंबाड़ी, विकासनगर के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकालकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp