Friday, November 20, 2026
11:54 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

महाराज ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा 3,67,995 की धनराशि का चैक

Category Archives: राष्ट्रीय

महाराज ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा 3,67,995 की धनराशि का चैक

भगदड़ और दुर्घटना जैसी घटनाओं पर श्रद्धालुओं को मिलेगा बीमा लाभ- सतपाल महाराज

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का अपनी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड से 10 करोड़ की धनराशि का बीमा करवाकर सेवाकर सहित बीमा प्रीमियम की धनराशि 3 लाख 67 हजार 995 का चेक प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ श्री बद्रीनाथ श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी एवं भाजपा युवा नेता सुयश रावत भी मौजूद रहे।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अपनी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से 10 करोड़ की धनराशि का बीमा करवाकर सेवाकर सहित बीमा प्रीमियम की धनराशि 3 लाख 67 हजार 995 का चैक शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ श्री बद्रीनाथ श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी एवं भाजपा युवा नेता सुयश रावत भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि चारों धामों में आने वाले दर्शनार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानव उत्थान सेवा समिति ने पिछले साल की तरह इस बार भी बीमा सुविधा दी है। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से दस करोड़ रुपए का दुर्घटना बीमा दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम का दुर्घटना बीमा 2.50 करोड निर्धारित किया गया है।

पर्यटन मंत्री महाराज ने बताया कि बीमा पॉलिसी के अनुसार मंदिर परिसर में भगदड़, ईश्वरीय जोखिम और आतंकवाद जोखिम पर प्रभावित प्रत्येक श्रृद्धालु को एक लाख की राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दर्शनार्थियों की सुरक्षा बीमा के तहत मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से उनके द्वारा बीमा प्रीमियम की धनराशि सेवाकर सहित 367995 का चेक प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा दिया गया है।

उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि श्रृद्धालु यात्रा में आने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तैयारी करें। कहा कि ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए आवश्यक दवाएं और उपकरण साथ रखें। यात्रा के लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में पहचान पत्र और यात्रा अनुमति साथ रखें। यात्रा के दौरान सरकार की गाईड लाईन और दिशा निर्देशों का पालन अवश्य करें। स्थानीय प्रशासन का सहयोग करते हुए आपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनायें।

इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और भाजपा युवा नेता सुरेश रावत भी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने सीबीएसई 12वीं की टॉपर अरीना रघुवंशी को फोन कर दी बधाई

अरीना की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत- धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली हल्द्वानी की छात्रा अरीना रघुवंशी को फोन कर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अरीना से दूरभाष पर बातचीत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अरीना की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह सफलता निरंतर प्रयास, लगन और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने अरीना को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।


मुख्यमंत्री धामी से ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

ओबीसी वर्ग के कल्याण के लिए विधिक एवं संस्थागत व्यवस्था प्रभावी रूप से कार्य कर रही है- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओबीसी संसदीय समिति सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में ओबीसी वर्ग के कल्याण के लिए विधिक एवं संस्थागत व्यवस्था प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के पॉलिसी रिव्यू, फीडबैक और फॉलोअप के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक ओबीसी परिवार तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 90 जाति एवं उपजातियां ओबीसी सूची में शामिल हैं, जिनके विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य की नीति और बजट को गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी की ओर से अध्यक्ष सांसद गणेश सिंह सहित सांसद विजय बघेल, साक्षी महाराज, विद्युत बरन महतो, रोडमल नागर, रमाशंकर राजभर, अशोक कुमार यादव, गिरधारी यादव, मस्तान राव यादव, राजेंद्र गहलोत, शुभाशीष खूंटिया, मयंक कुमार नायक एवं भीम सिंह मौजूद रहे।

बैठक में लोकसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव अतुल आनंद, उप सचिव पुनीत भाटिया, मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पीएनबी के जोनल मैनेजर अनुपम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


मंत्री गणेश जोशी ने अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का किया निरीक्षण 

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों एवं दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए संभावित जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क किनारे स्थित ऐसे बड़े पेड़ों की लॉपिंग एवं छंटाई तत्काल कराई जाए, जो तेज बारिश या आंधी के दौरान दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क मार्ग के बीच अथवा आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे विद्युत पोलों को प्राथमिकता के आधार पर शिफ्ट किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आमजन की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी अमित कवंर, लोनिवि के ईई राजेश कुमार, यूपीसीएल के ईई एसडीएस बिष्ट, भाजपा के मण्डल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, निर्मला थापा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


अब आकाशवाणी बन रहा है, वाणिज्यिक प्रसारण

देहरादून। आज के समय में जब मीडिया के बड़े घराने अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए ब्रेकिंग न्यूज़ बनाकर शहरी और बड़ी खबरों को चलाते हैँ, उन सब में दूरदर्शन और आकाशवाणी सटीक खबरें प्रस्तुत करते हैँ। आकाशवाणी जो की आम जनो की बात को राष्ट्रीय स्तर पर पहुँचाती हैँ, जो गाँव की झलक और वंहा की स्थलीय रिकॉर्डिंग कर वहां कि समस्याओ को पहुँचाया करती हैँ।

आज भी उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में आँचलिक कार्यक्रमो को सुनने के लिए इंतजार करते हैँ। लेकिन सूत्रों के हवाले मिली जानकारी के अनुसार अब ग्रामीण आँचल के कार्यक्रम और उनसे जुड़ी धरातलीय और स्थलीय मुद्दों और समस्याओ को सुनना कम हों सकता हैँ। आम जन मानस कि आकाशवाणी जिसके माध्यम से उत्तराखंड के लोक रंग जैसे स्थलीय पर्व, त्यौहार, कार्यक्रम, रीति रिवाज, परम्परा, लोक जात्राओं कि रिकॉर्डिंग के लिए अब आकाशवाणी निजी रेडिओ कि तरह व्यवसयिक बनने कि नीति पर काम कर रहा हैँ। कयास लगाये जा रहे हैँ कि आने वाले समय में आकाशवाणी से अब स्थलीय स्तर पर रिकॉर्डिंग किये गए आँचलिक कार्यक्रम सुनने को नहीं मिल पायेगे।
आकाशवाणी देहरादून से प्रस्तुत होने वाले लोक प्रिय कार्यक्रम जिनमें उत्तराखंड के दूरस्थ गाँव की रिकॉर्डिंग हों या उनकी स्थलीय समस्या यँहा कि लोक संस्कृति हों या ग्राम झांकी, किलकारी, या कोई मेले त्यौहार इन सबको श्रोता बहुत ध्यान से सुनता ही नहीं हैँ बल्कि इनको बहुत पसंद भी करता हैँ।

यदि आकाशवाणी भी निजी रेडिओ चैनलों कि तरह कार्यक्रम रिकॉर्डिंग करवाने कि प्रक्रिया शुरू करता हैँ या कोई नीति बनाता हैँ तों फिर ग्रामीण आँचल के कार्यक्रम रिकॉर्डिंग श्रोताओं को सुनने के लिए मिलना मुश्किल हो सकता हैँ।

यदि आम जनमानस का लोकप्रसारक आकाशवाणी यदि व्यावसायिक हो जाता है तों फिर ग्रामीण क्षेत्रों कि स्थलीय रिकॉर्डिंग सुनने से श्रोता वंचित हों जायेगे।


जब अफसर खुद बने मिसाल : साइकिल से दफ्तर पहुंचे बंशीधर तिवारी

सूचना महानिदेशक ने खुद से की “नो व्हीकल डे” की शुरुआत

देहरादून।  सिर्फ आदेश जारी करना आसान होता है, लेकिन खुद उस रास्ते पर चलकर उदाहरण पेश करना अलग बात है। उत्तराखंड शासन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना और एमडीडीए उपाध्यक्ष जैसे अहम दायित्व निभा रहे बंशीधर तिवारी ने आज वही कर दिखाया, जिसकी अपील वे लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों से कर रहे हैं।

शनिवार को बंशीधर तिवारी सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे। यह सिर्फ दफ्तर पहुंचने का तरीका नहीं था, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन का एक मजबूत संदेश भी था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है।

सूचना महानिदेश बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है। एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” शुरू की गई है, जिसके तहत ईंधन बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने इस पहल को केवल बैठकों और फाइलों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि खुद साइकिल चलाकर यह साबित किया कि बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है।

देहरादून जैसे तेजी से बढ़ते शहर में, जहां ट्रैफिक और प्रदूषण बड़ी चुनौती बन चुके हैं, वहां एक वरिष्ठ अधिकारी का यह कदम केवल प्रशासनिक पहल नहीं बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी है। छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव बनते हैं… और बंशीधर तिवारी की यह पहल उसी सोच की एक मजबूत तस्वीर है।


देहरादून में स्कॉर्पियो से 1.55 करोड़ रुपये की नगदी बरामद, सीक्रेट केबिन में छिपाई थी रकम

चेकिंग के दौरान खुला राज, आयकर विभाग ने शुरू की जांच

देहरादून। कैंट थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। पुलिस ने वाहन को सीज कर मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है। बरामद रकम के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।

जानकारी के अनुसार, 15 मई को कैंट पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई। वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। उसके साथ वाहन में जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन और सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात सवार थे।

पुलिस ने जब वाहन के दस्तावेज मांगे तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि रकम को वाहन की बीच और पिछली सीट के बीच बने सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आयकर विभाग को अवगत कराया। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर और आयकर विभाग की टीम पहुंची। उनकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि वह उक्त रकम बनारस से लेकर आया था और इसे अपने साथ बैठे जसवंत को सौंपना था। हालांकि, रकम के स्रोत से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और बरामद धनराशि का आकलन किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। वहीं पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर लिया है।


एमडीडीए की सख्त कार्रवाई, तीन बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

देहरादून।  एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के दिशा निर्देशों के क्रम में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देहरादून क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। एमडीडीए की टीम ने हरभजवाला, निकट फॉरेस्ट चौकी, डीएसपी चौक, शिमला बाईपास क्षेत्र में ताहिर अंसारी द्वारा लगभग तीन बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित किया। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति एवं मानचित्र अनुमति के प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था, जो प्राधिकरण अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।

संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों के अनुपालन में प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क, सीमांकन एवं अन्य निर्माण कार्यों को हटाया गया। स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग, निर्माण अथवा भूमि विकास कार्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड अथवा संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पूर्व उसकी वैधता एवं प्राधिकरण से स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उक्त कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा सहित प्राधिकरण का सुपरवाइजरी स्टाफ मौके पर उपस्थित रहा।


इलेक्ट्रिक स्कूटर से उपनल मुख्यालय पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, किया औचक निरीक्षण

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को दुपहिया इलेक्ट्रिक वाहन से अचानक उपनल मुख्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। मंत्री गणेश जोशी को अचानक अपने बीच देखकर अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यालय के विभिन्न अनुभागों का दौरा कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली, कार्यालय संचालन एवं प्रबंधन व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, ईंधन संरक्षण के दृष्टिगत उपनल मुख्यालय के 50 प्रतिशत कार्य “वर्क फ्रॉम होम” प्रणाली के अंतर्गत संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार को अधिकतम कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने से न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की। मंत्री गणेश जोशी ने उपनल मुख्यालय में डाक एवं अन्य कार्यों के लिए उपयोग में लाए जा रहे दुपहिया इलेक्ट्रिक वाहन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य विभागों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण एवं ईंधन की बचत वर्तमान समय की आवश्यकता है और इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे।

इस दौरान पर उपनल के निदेशक मेजर जनरल शम्मी सभरवाल (सेनि), प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि) तथा उपमहाप्रबंधक मेजर हिमांशु रौतेला (सेनि) उपस्थित रहे।


गांव, गरीब और युवाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता- कैबिनेट मंत्री भरत सिंह

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक,योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

महिलाओं के आर्थिक विकास और सशक्तिकरण पर जोर

उत्तरकाशी।  प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं,नीतियों को धरातल पर उतारने और विकास योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले में चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण अवस्थापना विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी शासन की नीतियों का लाभ मिल सके।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कैबिनेट मंत्री ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम के माध्यम से स्वरोजगार के साधनों से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों से महिलाओं को एक सशक्त ‘वर्क फोर्स’ के रूप में प्रोत्साहित करने का आवाहन किया जिससे वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर परिवार और समाज की उन्नति में सक्रिय योगदान दे सकें।

स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार से जोड़ने के लिए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। जिसके लिए सूक्ष्म, लघु एवं खादी ग्रामोद्योग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये।प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क मार्ग की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने सड़क मार्ग को गड्डा मुक्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने पीएमजीएसवाई के तहत संगमचट्टी-अगोड़ा सड़क मार्ग के कार्यों में 15 दिन के भीतर संतोषजनक प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और भविष्य के लक्ष्यों को साझा किया।

बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान,भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह चौहान,पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सतेंद्र चौहान,ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार,डुंडा राजदीप परमार,पुरोला निशिता शाह,पूर्व प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत सहित मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp